Atul Arora हमारे ब्लॉगिंग के दिनों के साथी हैं। आज से बीस-बाईस साल पहले जब इंटरनेट पर हिंदी की शुरुआत हुई थी। बहुत कम सामग्री थी हिन्दी में। उस समय हिंदुस्तान और विदेश में रहने वाले कुछ लोग हिंदी में ब्लॉगिंग करते थे। उनमें से एक अतुल अरोरा भी थे। अपने रोजनामचा ब्लॉग के माध्यम से आम जीवन से जुड़ी घटनाओं को मनोरंजक और चुटीले अंदाज़ में पेश करने के कारण हिन्दी ब्लॉगरों में सबसे लोकप्रिय ब्लॉगर थे।
दो चार साल बाद उनकी ब्लॉगिंग मध्यम हुई। वे ब्लॉगर कम सक्रिय पाठक ज्यादा रह गए।
हाल के दिनों में अतुल फिर से सक्रिय हुए हैं। नए रूप में। अब अपने यूट्यूब चैनल @Rojnamchaa के माध्यम से अमेरिकी और भारतीय जनजीवन के किस्से रोचक अंदाज़ में पेश करते हैं। कनपुरिया होने के नाते उनके 'झाड़े रहो कलट्टरगंज' उनके चैनल की टैग लाइन है। 'झाड़े रहो कलट्टरगंज' जुमले पर हर कनपुरिया अपना पुश्तैनी हक समझता है। Shambhunath Shukla जी के चैनल का नाम ही 'झाड़े रहो कलट्टरगंज' है। मेरे एक व्यंग्य संग्रह का शीर्षक भी इसी नाम से है।
पिछले सोमवार को अतुल अरोरा ने अपने चैनल पर हिंदुस्तान, अमेरिका और कनाडा में हिंदी से जुड़े साथियों से बातचीत की। इस 'बातचीत कम गप्पोष्ठी ज्यादा' में अतुल अरोरा के अलावा कनाडा से समीरलाल (Udan Tashtari) , अमेरिका से Ghanshyam C. Gupta , Raman Kaul, Indra Awasthi Abhinav Shukla मौजूद रहे। हिंदुस्तान से मैं जुड़ा था बातचीत में। बातचीत के दौरान से ब्लॉगिंग से जुड़े किस्से, कवि सम्मलेनों के संस्मरण और कई यादें साझा हुईं।
समीरलाल जी ने बताया कि वे अपने मोटिवेशनल व्याख्यानों में श्रोताओं को किस तरह झाँसे में लेकर अपनी बात रखते हैं।
इस बातचीत के लिए जाड़े की सुबह-सुबह तैयार होकर अपन कोट पहनकर कुर्सी पर बैठ गए थे। जैसे 'वर्क फ्राम होम' वाले लोग बरमूडा के ऊपर बढ़िया शर्ट पहनकर मीटिंग करते हैं कुछ उसी अंदाज़ में। कल वीडियो देखा तो लगभग पूरे वीडियो में हम हिलते-डुलते ही दिखे। हमने वीडियो देखते हुए कई बार ख़ुद की स्टेच्यू बोला लेकिन फ़ोटो का हिलना बंद नहीं हुआ। लेकिन तय किया अगली बार वीडियो रिकॉर्डिंग में हिलना नहीं है।
करीब घंटे भर हुई बातचीत को अतुल अरोरा ने अपने यूट्यूब चैनल (@Rojnamchaa)पर साझा किया है। आप इस बातचीत को उनके चैनल पर सुन सकते हैं। अतुल अरोरा की पोस्ट https://www.facebook.com/share/p/1ErhECkiP5/ पहुँचकर सीधे सुन सकते हैं या फिर टिप्पणी में दिए यूट्यूब लिंक पर पहुँचकर सुन सकते हैं। वीडियो देखकर आप अपनी राय यूट्यूब चैनल पर देंगे तो अच्छा रहेगा।
https://www.facebook.com/share/p/18BCQDqTwa/

No comments:
Post a Comment