बाली का तैरता हुआ मंदिर।
बाली पहुँचने के दूसरे दिन हम वहाँ के पुरा उलुन दानु बेराटन मंदिर देखने गए। 1633 में निर्मित यह मंदिर मुख्य रूप से झीलों और नदियों की देवी, देवी दानु को समर्पित है। बाली के लोग यहाँ अच्छी फसल और पानी के लिए प्रार्थना करते हैं, क्योंकि यह झील मध्य बाली के खेतों की सिंचाई का मुख्य स्रोत है।
![]() |
| मंदिर प्रवेश के पहले बना सुंदर गेट। Nirupma Ashok और Suman Shukla |
मंदिर बेराटन झील के किनारे स्थित है। जब झील में पानी का स्तर बढ़ जाता है, तो यह मंदिर पानी पर तैरता हुआ दिखाई देता है, इसलिए इसे "बाली का तैरता हुआ मंदिर" (Floating Temple) भी कहा जाता है।
![]() |
| हाथ में 'कृपया प्रवेश करें' का बोर्ड पकड़े हुए खूबसूरत आकृति। |
भगवान शिव और माता पार्वती को समर्पित इस मंदिर में बौद्ध स्तूप भी है। हिंदू और बौद्ध संस्कृतियों के सद्भाव दर्शाता है।
मंदिर के चारों ओर अच्छी तरह से बनाए गए फूलों के बगीचे (Botanical Gardens) और रास्तों (Walking Paths) बने हुए हैं। फोटोग्राफी के लिहाज से बहुत सुंदर जगह है।
मंदिर में प्रवेश द्वार पर बड़ी-बड़ी राक्षस जैसी दिखने वाली आकृतियाँ स्वागत करती हैं।
![]() |
| कैमरा से लैस फोटो सैनिक Kamlesh Pandey के साथ पोज देने के खड़ी हुई सुंदर महिला। |
बाली के मन्दिरों और प्रमुख इमारतों में बाली का पारंपरिक प्रवेश द्वार बना होता है। प्रवेश द्वार में केवल गेट होते हैं। ऊपर कोई छत या बीम नहीं होती। इस प्रकार के विभाजित प्रवेश द्वार को बालिनी वास्तुकला में 'चाँदी बंतार' (Candi Bentar) या स्प्लिट गेट कहा जाता है।
'चाँदी बंतार' या स्प्लिट गेट एक ऊँचे पर्वत की तरह दिखता है जिसे बीच से दो बराबर हिस्सों में काटा गया हो। हिंदू पौराणिक कथाओं के अनुसार, यह ब्रह्मांडीय पर्वत 'मेरु' के दो हिस्सों को दर्शाता है और यह बाहरी दुनिया व आंतरिक आध्यामिक दुनिया (मंदिर परिसर) के बीच की सीमा माना जाता है।
![]() |
| कैमरा से लैस फोटो सैनिक Kamlesh Pandey के साथ पोज देने के खड़ी हुई सुंदर महिला। |
मंदिर का प्रवेश द्वार यहाँ का मुख्य आकर्षण है। यहाँ आने वाले इसके पास खड़े होकर फ़ोटो ज़रूर खिंचवाते हैं।
बाली के अधिकांश मंदिरों की तरह इस मंदिर के अंदर और गर्भगृह में बाली से बाहर के लोगों का प्रवेश वर्जित है। यहाँ बाली के स्थानीय हिंदुओं को ही प्रवेश की अनुमति होती है। बाहर से आए पर्यटकों को केवल मंदिर परिसर में ही प्रवेश करने और घूमने की अनुमति होती है।
![]() |
| मंदिर के गर्भ गृह में प्रवेश का अधिकार केवल बाली निवासी हिंदुओं के लिए सुरक्षित है। |
मंदिर में प्रवेश करते समय शालीन पोशाक पहनना आवश्यक है। कंधे और घुटने ढँके रहने चाहिये। पर्यटकों को सम्मान के तौर पर कमर पर पारंपरिक स्कार्फ या सारोंग (Sarong) हालांकि कोई जांच नहीं हो रही थी कपड़ों की। किसी को हमारे सामने रोका भी नहीं गया। लोग शायद पहले से ही चौकन्ने थे। शालीन पोशाक में आए थे।
मंदिर परिसर में बने बगीचों में ख़ूबसूरत फूल खिले हुए थे। अधिकतर लाल रंग के। लोग उनके आसपास खड़े होकर फोटो खिंचवाते हुए पाए गए। स्प्लिट गेट पर लोग एक के बाद एक करके फोटो खिंचवा रहे थे। तरह-तरह के पोज में। करीब चार सौ पुराने मंदिर का प्रवेश चुपचाप खड़ा लोगों के कैमरों में अपनी फोटो जाते देख रहा था।
![]() |
| फूल की तरह खिले और मुस्कराते पांडेय दंपति (Kamlesh Pandey, सोनी पांडेय) का सुंदर फ़ोटो हमने खींचा। |
मंदिर परिसर में अहाते में भी लोग जगह-जगह फ़ोटो खिंचवा रहे थे। लोग परिसर के हर कोने को अपने कैमरे में क़ैद करके बाद में देखने के लिए छोड़ते जा रहे थे। देख कम रहे थे, फोटो ज़्यादा खींच रहे थे। पर्यटकों का फ़ोटो अनुष्ठान यज्ञ देखकर लगा जैसे कोई जासूस किसी दुश्मन इलाके में घुसते ही सबसे पहले फ़ोटो खींचने लगता है।
![]() |
| मंदिर परिसर में Suman Shukla संग अनूप शुक्ल। फोटो खींचा Kamlesh Pandey जी ने। |
मोबाइल से फोटो खींचने के अलावा कमलेश पांडेय जी के धांसू कैमरे का भी जलवा दिखा वहाँ। जो पोज अच्छा, खूबसूरत दिखा उसे लोगों ने कैमरे में भी कैद कराया।
मंदिर परिसर के बाहर की झील का नजारा भी खूबसूरत लग रहा था।
हम लोग मंदिर परिसर में करीब दो घंटे रहे। जितना देख पाये, देखा। जितने फ़ोटो खींच पाये, खींचे। जो रह गया वह हमारे बाद आने वाले पर्यटकों के लिए छोड़कर बाहर आ गए।
बाली के तैरते हुए मंदिर की यादें अभी भी स्मृति पटल पर तैर रहीं हैं।
इस पोस्ट को फेसबुक पर यहाँ पढ़ सकते हैं।









No comments:
Post a Comment