![]() |
| चंपा के फूलों की माला पहना कर एयरपोर्ट पर स्वागत हुआ |
भाषा के खेल मजेदार होते हैं।
बाली एयरपोर्ट से इमिग्रेशन की तरफ़ जाते हुए कई दरवाज़ों पर नेमप्लेट जैसी लगी दिखी। उनमें लिखा था - ‘ PINTU DHARURAT’ पहला बोर्ड देखकर लगा कि किन्हीं PINTU DHARURAT का ऑफ़िस है। इसके बाद कई दरवाज़ों पर यही लिखा देखा तो लगा यहाँ एक जैसे नाम के अधिकारी होंगे। लेकिन फिर बग़ल में लिखा देखा -Emergency Exit तो समझ में आया कि जिसको हम पिंटू समझ रहें थे वह निकास है। PINTU DHARURAT मतलब आपात निकास द्वार है।
पिंटू धुरन्त भले न हों लेकिन आपात स्थति जगह-जगह हो सकती है। यह भी लगा कि कहीं भी आपात स्थित के पीछे वहाँ के पिंटूओं- चिंटूओं का हाथ होता है। साज़िश होती है।
इम्मीग्रेशन काउंटर पर भीड़ है। लोग जिग-जैग लाइनों में लगे आगे बढ़ते जा रहे हैं। इन लाइनों को देखकर नोटबंदी में बैंको के बाहर लगी लाइनें याद आईं। इन लाइनों में लगे हुए न जाने कितने लोग शांत हो गए। नोटबंदी को बड़ी बहादुरी का कदम बताकर लागू करने वाले अब इसका जिक्र तक नहीं करते।
![]() |
| Feel the harmony at Bali |
लाइन में एक महिला 82 वर्ष की हैं। शायद केरल से हैं। घूमने के लिए। इस उम्र में आम तौर पर निकलना बंद कर देते हैं।
हमारा सामान बेल्ट नम्बर 2 पर आया। बेल्ट पर लिखा है - Feel the hormony (सद्भाव) Bali . न भी लिखा होता तो हम इसे महसूस करते क्योंकि यहाँ ट्राली मुफ्त है। अमेरिका की तरह नहीं कि एक ट्राली के छह डॉलर धरा ले।
![]() |
| बाली का इमोग्रेशन काउंटर। |
होटल पर स्थानीय ड्राइवर आया है लेने। उसने सबको चंपा के फूलों की माला पहना कर बाली में हमारा स्वागत किया। सभी टूरिस्ट का स्वागत यहाँ माला पहना कर करते हैं।
![]() |
| घटोत्कच चौराहे पर घटोत्कच की मूर्ति |
छूटके से घरेलू टाइप के एयरपोर्ट से बाहर निकले। बस में सामान रखा और होटल की तरफ़ चल दिए। एयरपोर्ट से होटल एक घंटे की दूरी पर है।
एयरपोर्ट से निकलते ही पौराणिक कथाओं की झलक वाली मूर्तियां दिखती हैं। पहला चौराहा घटोत्कच चौराहा है।





No comments:
Post a Comment