उलाबातू में केचक डांस देखने के लिए लाइन में लगे थे। कई देशी पर्यटक भी आगे-पीछे थे। एकदम साथ में दो युवा पर्यटक खड़े थे। उनसे बात होने लगी। बात की शुरुआत कहाँ से हैं, कब आए, क्या देखा से हुई। पता चला वो लोग ताइवान से आए थे। दोनों युवा वर्षों से मित्र हैं। बचपन से मित्र हैं। दोस्ती के 16 साल हो गए। बाली साथ घूमने आए हैं। अगले साल कभी शादी करेंगे।
बातचीत शुरू हुई तो फटाफट खूब सारी बातें होती रहीं। एक दूसरे के बारे में सूचनाओं का आदान-प्रदान हुआ। उनके नाम टिंग शी-डियान (丁世典) और शियांग सू (Xiang Hsu) हैं। वहीं खड़े-खड़े फेसबुक मित्र भी बन गए। पता चला कि टिंग शी-डियान Yünlin, Taiwan के रहने वाले हैं। व्यावसायिक स्वास्थ्य और सुरक्षा सेवाएं (Occupational Health and Services) क्षेत्र में काम करते हैं। जबकि शियांग सू Taichung, ताइवान की रहने वाली हैं। Yunlin से क़रीब 70 किलोमीटर दूर स्थित Taichung ताइवान का एक प्रमुख व्यावसायिक शहर है। हाई स्पीड रेल से यह दूरी करीब 20 मिनट में पूरी हो जाती है।
उन दिनों ईरान और अमेरिका में लड़ाई लगभग चरम पर थी। ईरान पर अमेरिकी कब्जे की संभावनाओं की बात चल रही थी। यह भी कयास लगाए जा रहे थे कि अगर अमेरिका ईरान पर कब्जा करता है तो चीन भी ताइवान पर कब्ज़ा कर सकता है। हमने टिंग शी-डियान से में पूछा कि उसका क्या सोचना है? टिंग शी-डियान ने जबाब दिया -' मुझे लगता है कि आपस में बातचीत करके मसले का उचित हल निकाल लिया जाएगा।' एक सामान्य नागरिक का यह कूटनीतिक जैसा जवाब था।
एक सामान्य उत्तर भारतीय मध्यमवर्गीय वरिष्ठ नागरिक के मिजाज से मेरे लिए यह आश्चर्य का तो नहीं लेकिन उत्सुकता का विषय था कि किसी एशियाई देश युवा जिनकी हाईस्कूल से दोस्ती है, साथ घूम रहे हैं। बिना विवाह किए। आपसी रिश्तों के बारे में आपस में कोई भ्रम नहीं है। उनको शादी करने है। शायद अगले साल। अपने यहाँ भी ऐसी दोस्ती और संबंध होते हैं लेकिन कम दिखते हैं। हो सकता है बहुतायत में हों लेकिन हमारी पीढ़ी के लोगों के लिए यह उत्सुकता का विषय है कि दो युवा 16 साल से मित्र हैं और उनका देश-विदेश में साथ घूमना-फिरना है। विवाह करना है लेकिन कोई हड़बड़ी नहीं है।
शी-डियान की फेसबुक फ़ोटो में देखते हुए एक फ़ोटो 9 मार्च 2020 की दिखी। उसमें शी-डियान और शियांग सू ताइवान के लुगाओ कॉफी एस्टेट की सीढ़ियों पर बैठे, पास खड़े हैं। कैप्शन में लिखा है - साथ के 9 साल पूरे होने के मौके पर। दोस्तों ने बधाई देते हुए मजेदार संदेश लिखे हैं। उस समय के छरहरे शी-डियान अब कुछ स्वस्थ युवा में बदल गए हैं।
करीब दस-पंद्रह मिनट की मुलाक़ात में ही ढेर सारी बातें हो गई। आपस में जानकारियों के आदान-प्रदान के अलावा पारिवारिक और शादी,विवाह की बातें। दोनों का भारत आने का मन है। पता नहीं कब आना होगा। हमें भी चीन, ताइवान घूमने जाना है। पता नहीं कब जाना होगा?
निकल बेवजह की थीम सांग में आह्वान -'किसी अनजान शहर में कोई नया दोस्त बना' बाली यात्रा में भी कई मित्र बने। ताइवान के शी-डियान और शियांग सू भी हैं।
आपके भी ऐसे कोई मित्र बनें? बने ही होंगे। बतायें उनके बारे में।
No comments:
Post a Comment