Monday, November 12, 2018

लेखन एक संजीवनी की तरह है

समय को पहचानिये। खराब समय को बदलिए। खराब हालत बहुत दिन तक हम पर हावी न हो सकें हमें यह देखना होगा। उसके लिये मेहनत करनी होगी। वक्त को नजरअंदाज मत कीजिये। नजर अंदाज करेंगे तो वक्त आपको छोड़कर आगे चला जायेगा। उसके बाद वक्त आपका होगा या नहीं , अच्छा होगा या बुरा , यह कहा नहीं जा सकता।
ये बातें कल प्रख्यात साहित्यकार गिरिराज किशोर जी ने कथाकार गीतांजलि श्री Geetanjali Shree के उपन्यास ’रेत समाधि’ पर हुई चर्चा के अवसर पर अध्यक्षीय संबोधन देते हुई कही। चर्चा मर्चेन्ट चेम्बर हाल में हुई।
चर्चा का समय साढे तीन था। हम ठीक समय पर पहुंच गये। वहां अमरीक सिंह दीप, अनीता मिश्रा और अन्य कुछ लोग आ गये थे। कम लोग लगे। लगा कि ज्यादा लोग आयेंगे नहीं। अनीता मिश्रा को संचालन करना था। हमने उनसे किताब के बारे में पूछा तो उन्होंने पर्चा आउट करने से मना किया लेकिन सार संक्षेप बता दिया कि इस उपन्यास में लड़की और उसकी मां की कहानी के जरिये आज के समय पर बात की गई है।
हमने वहीं हाल के मौजूद स्टॉल से किताब खरीद ली। राजकमल की पुस्तक मित्र योजना का हवाला देकर २५% छूट सहित। साथ में गीतांजलि श्री जी की अन्य किताबें माई और प्रतिनिधि कहानियां भी लीं। ३७६ पेज का उपन्यास ’रेत समाधि’ २९९ रुपये का है। ९९ मतलब बाटा प्राइस। छूट मिलाकर २२४ का पड़ा।
कुछ देर में हाल भर गया। सभा के अध्यक्ष गिरिराज किशोर जी आ गये। उनका कस्तूरबा गांधी पर लिखा उपन्यास हाल ही में कानपुर विश्वविद्यालय के पाढ्यक्रम में शामिल किया है। कथाकार राजेन्द्र राव जी भी आ गये। धीरे-धीरे करके हाल भर गया। नीलाम्बर कौशिक जी भी आये। करेंट बुक डिपो के अनिल खेतान जी ने मुझे इस कार्यक्रम की जानकारी दी थी वे भी आ गये। कुछ देर में गीतांजलि श्री जी भी आईं। हमने राजकमल प्रकाशन के अशोक माहेश्वरी जी की कलम उधार लेकर गीतांजलि श्री जी के ऑटोग्राफ़ ले लिये।
कार्यक्रम की शुरुआत करते हुये अनीता मिश्रा ने गीतांजलि श्री के बारे में बताते हुये किताब का संक्षिप्त परिचय देते हुये अशोक माहेश्वरी जी को आमंत्रित किया। अशोक जी ने राजकमल प्रकाशन का परिचय देते हुये बताया कि इसकी स्थापना के ७० साल होने वाले हैं। गीतांजलि श्री जी के लेखन के बारे में भी बात करते हुये उन्होंने कहा – ’उनकी सिग्नेचर टोन एक अजीब तरह का फ़क्कड़पन, एक अजीब तरह की दार्शनिकता, एक अजीब तरह की भाषा और एक अजीब तरह की रवानी। लेकिन ये सारी अजीबियतें ही उनके कलाकार को व्यक्तित्व प्रदान करती हैं। यहां सब परम्परा से हटकर भी है और परम्परा में समाहित भी।’
उपन्यास पर बात करने के लिये सबसे पहले दिनेश प्रियमन जी को बुलाया गया। अपनी साफ़गोई का ठीकरा अपने शहर पर फ़ोड़ते यह कहते शुरुआत की – ’ उन्नाव का आदमी हूं इसलिये साफ़ बात कहता हूं।’
आगे अपनी बात कहते दिनेश प्रियमन जी ने कहा- “यह थोड़ा ऊब का उपन्यास है। आज समय कम है। जिस कथा भूमि को लेकर गीतांजलि जी ने उपन्यास लिखा है उसका फलक बहुत व्यापक है। इसने स्त्री विमर्श की नई खिड़कियां खोलता है। यह उपन्यास एक अफसर परिवार की विधवा की कहानी है। मैंने उनका उपन्यास माई नहीं पढ़ा अतः कह नहीं सकता कि उससे यह कैसे रिलेट करता है। इसमें आज का बाजारवाद, भूमंडलीकरण दार्शनिक तरीके से चित्रित हुआ है।
शुरुआत में मुझे लगा कि क्या निराला की किसी कविता से ली गयी पंक्ति है। उपन्यास का शीर्षक पढ़कर निराला की कविता पंक्ति याद आई:
स्नेह निर्झर झर गया है
रेत ज्यों तन रह गया है।
मुझे प्रो जीडी अग्रवाल भी याद आये। रेत समाधि से उनका निधन भी याद आया। उन्होंने 112 दिन उपवास करके देह त्यागी। अपने समय की बात कहता हुआ आने वाले समय का संकेत देता है ’रेत समाधि’। भविष्योन्मुख है यह उपन्यास।
भाषा और शब्द संयोजन में बहुत तोड़ फोड़ की है गीतांजलि जी ने। हिंदी पट्टी के अनेक भूल से गये शब्द तद्भव रूप में दिखते हैं। भूले बिसरे शब्दों को जीवित किया है।
चीजों की नई प्रस्तुति इस उपन्यास की उपलब्धि है।“
दिनेश प्रियमन जी के बाद दया दीक्षित जी ने अपनी बात कही। उन्होंने उपन्यास के प्रकाशन के लिये राजकमल प्रकाशन के प्रकाशकीय विवेक को सलाम करते हुये बात की शुरुआत की।
दया जी ने अपना लिखा हुआ वक्तव्य पढते हुये कहा-
“इस कायनात में अनेक नेमतें अपनी विशेषताओं के साथ विद्यमान हैं। लेकिन विडंबना है कि सभी विशेषतायें हरेक को एक तरीके से नहीं प्रभवित कर सकती। सब पर अलग-अलग प्रभाव छोड़ती हैं।
यह बहुपाठीय उपन्यास है। लेखिका ने यह सुविधा प्रदान की है कि अपने हिसाब से हम इसका पाठ कर सकते हैं।
इसकी भाषा विलक्षण है। शब्दों की प्रयोग शीलता ऐसी है जिनमें आकर्षण भी हैं, विकर्षण भी है।
सफ़ल लेखक वह है जो अपने लेखन के माध्यम से समकालीन समस्याओं को उठाये। गीतांजलि इसमें पूर्णत: सफल हैं।
प्रेम का उद्दात स्वरूप इस उपन्यास का प्राणाधार है।“
खान अहमद फारुख साहब ने अपनी बात कहते हुये कहा- “जब बहुत बुरा वक्त आता है तो बशारतें (खुशखबरी) आती हैं। बुरे वक्त के लिए यह उपन्यास बशारत है।“
आगे खुलासा करते हुये फ़ारुख साहब ने कहा –“ यह उपन्यास मुश्किल है यह अफवाह मेरी ही उड़ाई हुई है। गीतांजलि का उपन्यास माई मैंने उर्दू में पढ़ लिया था।
इंतजार हुसैन ने माई का द्विवाचा उन्होंने किया है। सरहद की दोनों तरफ गीतांजलि उतनी ही पापुलर है।
माई से जोड़कर मैंने इसे पढ़ना शुरू किया। लगा कि माई की रूह उपन्यास में आ गई है।
कहानियां कभी मरती नहीं। बड़ी ढीठ होती हैं। सबने इस नेवले की कहानी सुनी होगी जिसके मुंह में खून देखकर उसके मालिक ने यह सोचकर उसे मार दिया कि उसने उसके बेटे को मार दिया है जबकि वह नेवला सांप से बेटे को बचाने के लिए उसको मार दिया है। दुनिया की तमाम भाषाओं में यह अलग अलग तरह से पढ़ी गयी है।
इस उपन्यास की खासियत है कि यह लाउड नहीं है। सहज है। इस उपन्यास की इस समय बहुत जरूरत थी। मोहब्बत की कहानी है यह उपन्यास।
जब बहुत बुरा वक्त आता है तो बसारत भी होती हैं। बुरे वक्त के लिए यह उपन्यास बसारत है। “
फ़ारुख साहब के बाद कवि आलोचक पंकज चतुर्वेदी जी ने उपन्यास के बारे में अपनी राय रखी।
उन्होंने बताया कि उनका वक्तव्य पढ़ने की प्रक्रिया के दौरान का है। युध्द भूमि में लड़ते सैनिक का बयान। उन्होंने बताया कि इस उपन्यास पर लिखने वाले लेख का शीर्षक होगा - 'हद सरहद के आईना खाने में' ।
उपन्यास की दुरुहता पर किसी आलोचक को उद्दरित किया –’शेक्सपियर ने दस शक्तिशाली लगातार वाक्य कहीं नहीं लिखे।’
पाब्लो पिकासो के हवाले से कहा – ’दुनिया ही बेमतलब है।’
उपन्यास पर बात करते हुये पंकज चतुर्वेदी ने कहा – “मतलब भर की कविता के श्रेष्ठ अंश इस उपन्यास में मिले।
यह बहुत सारी विधाओं का संश्लेषण है। इसमें इतिहास है, दार्शनिकता है, संस्मरण है।
आज भारत का मध्यवर्ग आक्रामक है, मदमस्त है, तमाम समस्याओं की अनदेखी देखी करके मेरा भारत महान का नारा लगाने में लगे है।
जिसके ऊपर बीत रही है उसकी कथा कहने वाला उपन्यास है।
वामपंथियों की विफलता रही कि वे अपने समाज को शिक्षित कर पाए। आम लोगों को कहिये की फासीवाद आ गया तो लोग समझेंगे की कोई त्योहार आ गया है।
उपन्यास में ठहराव है, भुलभुलैयापन है, इसमें गद्य कब कविता हो जाये और कविता कब लौट आए कह नहीं सकते।
आप इसे कहीं से भी पढ़ सकते हैं। कहीं खत्म कर सकते हैं। पूरा पढ़कर भी लगेगा कि अधूरा है। आधा पढ़कर भी लग सकता है अधूरा है।
राजेन्द्र यादव की आत्मकथा मुड़ मुड़ कर देखता हूँ की तर्ज पर इस उपन्यास के बारे में कहा जा सकता है – ’रुक रुक कर देखता हूँ।'
उपन्यास में उन कई लेखकों के नाम हैं जिन्होंने विभाजन की त्रासदी पर लिखा है। विभाजन की त्रासदी पर उन्ही लोगों ने लिखा जिन्होंने इसे सबसे ज्यादा भोगा है। लेकिन कुछ नाम छूट भी गये हैं जैसे –’अज्ञेय, यशपाल आदि।’
पंकज जी ने उपन्यास के कुछ अंश भी पढे। ’ हर कहानी होती ही है पार्टीशन स्टोरी।’- यह एक समुद्र जैसा वाक्य है जिसमे मेरे जैसा पाठक बहुत दिन तक उतराता रहेगा।
राजेन्द्र राव जी ने उपन्यास पर अपनी राय जाहिर करते हुये कहा-’ यह उपन्यास अद्भुत है, अलग है, मुश्किल है। कोई जरूरी भी नहीं कि कोई उपन्यास चन्द्रकान्ता की तरह आसान लगे।’
उन्होंने आगे आह्वान किया –’ पढने में भी मेहनत करनी चाहिये। पढिये कसरत कीजिये। पहलवान की तरह। पढिये इसे। आनन्द उठाइये।’
प्रियंवद जी के आने तक समय काफ़ी हो चुका था। उन्होंने अपनी बात की शुरुआत इस शुरुआत इस शेर से की
’कुछ भी बचा न कहने को हर बात हो गई
आओ कहीं शराब पिएँ रात हो गई ।’
उपन्यास के शिल्प पर बात करते हुये प्रियंवद जी ने कहा-’भाषा के स्तर पर इस उपन्यास के पहले भी बहुत प्रयोग हो चुके। जेम्स जायस ने लिख है - शब्द सब कुछ कह सकते हैं।’
कृष्ण वलदेव वैद्य के उपन्यास ’नर नारी’ में भी कोई पूर्णविराम नहीं है। जब कोई सोचता है तो वह व्याकरण में नहीं सोचता। कामा फूल स्टॉप में नहीं सोचता।
पंकज चतुर्वेदी की बात ’ विभाजन पर उन्होंने लिखा जिन्होंने भोगा’ पर सवाल उठाते हुये प्रियंवद जी ने पूछा –’ गंगा जमुनी सभ्यता पट्टी के लोगों ने क्यों नहीं लिखा विभाजन। निराला, महादेवी और अन्य के यहां यह त्रासदी कहां है? किसने लिखा है इस बारे में बताइये आप ? आप तो अध्यापक हैं।
पंकज चतुर्वेदी जी ने यह कहते हुये अपना पल्ला झाड़ लिया – ’अध्यापक सबसे मूर्ख होते हैं।’
लेकिन प्रियंवद जी ने इस पर अपनी राय रखते हुये कहा-’हिंदी पट्टी का आदमी हमेशा से साम्प्रदायिक सोच का रहा है इसीलिए यहां के लोगों ने विभाजन पर नहीं लिखा। आप तब भी साम्प्रदायिक थे, आज भी साम्प्रदायिक हैं।’
आगे अपनी बात कहते हुये उन्होंने कहा-’ किसी दूसरे की रचना पर हम कैसे टिप्पणी कर सकते हैं। लिख जाने के बाद उस पर हम बोलें यह ठीक नहीं लगता। ’
इसके बाद गीतांजलि श्री जी ने अपनी बात कही। उन्होने चर्चा पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुये कहा – ’मैं सन्नाटे में हूँ। मुझे समझ नहीं आ रहा मैं क्या कहूं?’
गिरिराज किशोर जी से अपने जुड़ाव की बात करते हुये गीतांजलि जी ने बताया-’ पहला गिरमिटिया पढ़कर मेरे पिताजी जिगर से लगाये घूमते थे। उन्होंने उसे न जाने कितनी बार पढ़ा। वे ऊबे हुए थे। जब भी मन करता पढने लगते। बार-बार पढते।
बाद में मेरी माँ ने बा पढा। वे उसी तरह उससे जुड़ी जिस तरह पिताजी पहला गिरमिटिया से जुड़े थे।
अपने उपन्यास के बारे में बात करते हुये गीतांजली श्री ने कहा- ’छह सात साल लग चुके इसे लिखे। जब इतना डूबकर लिख चुके होते हैं तो कुछ इम्यून से हो जाते हैं। अलग से हो जाते हैं। समझ नही आता कि कैसे इसे ग्रहण किया जाए। ऐसे आयोजनों की उपलब्धि है कि संवाद बनता है। आप सबने मेरी किताब को पुर्नजीवन दिया है। यह एक विनम्र अनुभव है। यही कहकर अपनी बात खत्म करती हूँ।
अपनी बात खत्म करने के बाद गीतांजलि श्री जी ने उपन्यास के एक अंश का पाठ किया।
गिरिराज किशोर जी ने अपने संबोधन में गीतांजली श्री का अपने पिताजी से जुड़ी यादें साझा करने के लिये आभार व्यक्त करते हुये कहा –’यह मेरे लिये सुखद अनुभूति है कि मेरी रचना से कोई इस कदर जुड़ाव महसूस करे।’
उन्होंने गीतांजलि श्री जी के पिताजी के साथ की यादें साझा करते हुये करते बताया- ’चालीस साल पहले वो मेरे बॉस थे। हम साथ बैठते थे। वे अच्छे लेखक थे।’
गिरिराज जी ने अपनी बात कहते हुये कहा-“रचना होने के बाद वह उससे बाहर हो जाता है। वह खूब डूबकर लिखता है। उसके बाद बाहर हो जाता है। हो जाना चाहिए।
लेखन एक संजीवनी की तरह है। रचना लिखना बच्चों को पालना जैसा है।
आज हमारे सामने सबसे बड़ी समस्या अपने समय को जीने की है। इतनी घटनाएं हो रही हैं, इन पर कैसे लिखें लेखक को समझ नहीं आ रहा। हमारी बात दूर दूर तक कैसे पहुंचे यह सोचना होगा।
अगर लेखक डरता है तो लिख भी नहीं सकता ।
गीतांजली की कहानियां मैंने पढ़ी हैं। उनमें भी वही सम्वेदना है जिसका जिक्र उपन्यास में हुआ है।
आज समय कठिन है। लेकिन कुछ रोशनी बची हुई है। हमको पहले से संम्भलना होगा। अभी उतना अंधियारा नही हुआ। कुछ किरणें बाकी हैं। हमें अपने समय को पहचानना होगा।
आज राजनीति में बहुत गड़बड़ है। जिस भाषा में वे राजनीतिज्ञ संवाद करते हैं उससे साफ लगता है कि उनको जनता से कोई मतलब नहीं। वे अपने मतलब के लिए जनता का उपयोग करते हैं।
हमारी आवाजें उन तक नहीं पहुंचती जहां तक पहुंचनी चाहिए। आज पाठ्यक्रम सरकारें तय कर रही हैं।
समय को पहचानिये। खराब समय को बदलिए। खराब हालत बहुत दिन तक हम पर हावी न हो सकें हमें यह देखना होगा। उसके लिये मेहनत करनी होगी।
वक्त को नजरअंदाज मत कीजिये। नजर अंदाज करेंगे तो वक्त आपको छोड़कर आगे चला जायेगा। उसके बाद वक्त आपका होगा या नहीं यह कहा नहीं जा सकता।“
अध्यक्षीय संबोधन के बाद अनीता मिश्रा सभी को धन्यवाद किया। बोलते रहने का आह्वान भी कर दिया यह कहते हुये –’बोल कि लब आजाद हैं तेरे।’
इस तरह एक खूबसूरत शाम रही। किताब की चर्चा उससे किस कदर जोड़ती है हमको इसका एहसास हुआ। इस तरह के कार्यक्रम होते रहने चाहिये। हों तो उनमें जाते रहना चाहिये। जिन्दगी को नया एहसास मिलता है। संजीवनी मिलती है।

No comments:

Post a Comment