Friday, October 02, 2009

पढ़ें फ़ारसी बेचें तेल

http://web.archive.org/web/20140419220242/http://hindini.com/fursatiya/archives/778

पढ़ें फ़ारसी बेचें तेल

सुकुमार बाला
पढ़ें फ़ारसी बेंचें तेल एक मुहावरा है। इसके माध्य्म से मुहावरे का रचयिता संभवत: यह कहना चाहना चाहता है कि जब तेल ही बेचना है तो फ़ारसी पढ़ने से क्या फ़ायदा? इसे घुमाकर कहा जा सकता है कि फ़ारसी पढ़कर क्या करोगे ? अंतत: बेचना तो तेल ही है। वैसे तो घुमाने के बाद एक और अर्थ फ़िराकर भी बताया जा सकता है लेकिन उसे छोड़िये। फ़िलहाल इत्ते से ही काम चलाइये।
हां तो बात फ़ारसी और तेल की। शायद जब यह मुहावरा नमूंदार बोले तो प्रस्फ़ुटित हुआ होगा तब फ़ारसी पढ़ना बहुत मेहनत का और खर्चीला काम माना जाता होगा। कम लोग ही इसे पढ़ पाते होंगे। खास टाइप के लोग। खास मतलब नमूना टाइप। जो पढ़ जाता होगा उसको लोग दूर से देखकर कहते होंगे कि देखो भाई ये फ़लाने हैं-फ़ारसी पढ़े हैं। फ़ारसी पढ़ना कोई मजाक नहीं रहा होगा उन दिनों। फ़ारसी जटिल भाषा रही होगी। राजकाज के काम आती होगी। इसलिये जैसे ही किसी ने फ़ारसी पढ़ ली वह राजकाज के काम में धंस लेता होगा। उसकी पूंछ बढ़ जाती होगी। मतलब कि उसके भाव बढ़ जाते होंगे। वह धरती पर चलना छोड़कर गगनबिहारी हो जाता होगा। वह शायद फ़ारसी ओढ़ने-बिछाने लगता होगा। फ़ारसी मय हो जाता होगा। कोई भी सामने आता होगा तो दन्न से फ़ारसी का फ़रसा चलाकर उसको भूलुंठित कर देता होगा।
फ़ारसी के मुकाबले तेल बेचना कमजोर धंधा माना जाता होगा। तेल बेचने का धंधा करने वाले लोग तेली कहे जाते हैं। अपने समाज में तेल बेचने वाले और पान बेचने लोगों को समुचित सम्मान से नहीं देखा जाता था। तेली-तंबोली कहकर दोनों को एक ही सीट में RAC की तरह निपटा दिया।
अब आप देखिये कि विडम्बना क्या हसीन टाइप है। लोग तेल लगा-लगाकर और पान खा-खिलाकर अपनी हैसियत में फ़र्श से अर्श (हिन्दी अनुवाद- जमीन से आसमान, संस्कृत अनुवाद-भू से नभ अंग्रेजी अनुवाद के लिये ज्ञान जी से संपर्क करें) का इजाफ़ा करते रहे लेकिन तेल बेचने वाले और पान लगाने वालों के हाल पर तव्व्जो न दी। वे फ़ारसी पढ़ने वाले के मुकाबल किंचित हीन ही बने रहे।
बहरहाल, तय हुआ कि फ़ारसी पढ़ना ऊंचा टाइप का काम माना जाता था और फ़ारसी पढ़ने के बाद अगर कोई तेल बेंचते पाया जाता तो समझा जाता कि उसका फ़ारसी पढ़ना मिट्टी में मिल गया। कुछ इस तरह् जैसे आजकल अगर कोई अफ़सर, इंजीनियर,डाक्टर या और कोई सफ़ेद कालर वाला आदमी कोई मेहनत का काम करते बरामद हो जाये तो उसकी लोग बेइज्जती खराब कर देते हैं। यही सब करना था तो इत्ती पढ़ाई काहे करी? बेकार है ऐसी अफ़सरी जिसमें आम आदमी की तरह मेहनत करना पड़े।
हमारे साथ के तमाम लोग हैं जो स्वास्थ्य,पर्यावरण और बचत की बात सोचते हुये हफ़्ते/महीने में पांच-दस मिनट इस बात पर खर्च कर देते हैं कि साइकिल से आना-जाना,चलना-फ़िरना चाहिये लेकिन फ़िर लोग क्या कहेंगे! का जबाब खोज पाने में असहाय होकर, अपना सा मुंह लेकर, रह जाते हैं। ये जो लोग होते हैं न भौत खराब होते हैं न! कुछ न कुछ कहने के लिय हमेशा तैयार ही रहते हैं।
वैसे साइकिल से चलने वाली बात पर इस खबर का असर भी पड़ा है कि लोग बताते हैं कि साइकिल चलाने से नामर्दी हो जाती है तो नये नवेले तो और बिदकेंगे इस बात से। अब आप लगे हाथ यह समझ लीजिये कि अगर मैकमिलन की साइकिल न होती तो भारत और व चीन की आबादी का क्या हुआ होता। इस बात की पुष्टि करवाकर अब तो परिवार नियोजन के लिये साइकिल बंटवा कर चलाना अनिवार्य कर देना चाहिये। एक खास उमर के बाद का कोई शख्स जो बिना साइकिल चलाते दिख जाये उसका आबादी बढ़ाने की साजिश के तहत चालान कर दिया जाये। पकड़कर थाने में हिसाब से साइकिल चलवा कर हिसाब बराबर कर दिया जाये। :)
बात जब सिविल सर्वेन्टों की हो रही है तो इसे भी देख ही लिया जाये। दुनिया के सबसे जहीन माने जाने वाले टापर टाइप लड़के अपने देश की सिविल सेवा परीक्षा के चक्रव्यूह को भेदकर सिविल सर्वेन्ट बनते हैं। मंसूरी की लालबहादुर शास्त्री अकादमी में ट्रेनिंग लेते हैं। देश सेवा की शपथ लेते हैं। पांच दस साल में व्यवस्था की चक्की में पिसकर बेचारे अफ़सर बनकर रह जाते हैं। सारी काबिलियत/फ़ाबिलियत न जाने कहां बिला जाती है। ऐसे-ऐसे काम करने पड़ते हैं उनको कि अगर याद होगा तो कभी न कभी यह मुहावरा जरूर दोहराते होंगे- पढ़ें फ़ारसी बेंचे तेल।
इस सब लफ़ड़े में भाग्य का भी कुछ दखल जरूर रहता होगा जैसा कि इस शेर/कविता से जाहिर होता है:
अजब तेरी किस्मत अजब तेरे खेल
छछूंदर के सर पर चमेली का तेल।
हालांकि इसमें फ़ारसी का कहीं जिक्र नहीं हुआ है लेकिन किस्मत और तेल से लगता है कि फ़ारसी पढ़ने और तेल बेचने का मामला कुछ इसी तरह का है जैसा छछूंदर जैसे जीव के सर पर चमेली जैसा कीमती तेल लगना।
समय के साथ फ़ारसी की वकत कुछ कम हुई होगी। उसका पढ़ना उत्ता बरक्कत वाला न माना जाता होता जित्ता पहले माना जाता होगा। तेल बेचने वाले भी उतने हीन न रहे होंगे। वैसे भी आपने तमाम फ़ारसी पढ़ने वालों के भूखे मरने बात सुनी होगी लेकिन किसी तेल बेचने वाले को भूखे मरते नहीं सुना होगा। तेल बेचने वालों की स्थिति में घणा सुधार हुआ है। आज दुनिया के सबसे अमीर देश तेल बेचने वाले ही हैं। अमेरिका जैसा ताकतवर और समर्थ माना जाने वाला देश भी जित्ती टुच्ची हरकतें अपने तथाकथित जमीर पर पहाड़ सा रखकर करता है वो सब अपने लिये तरह-तरह के तेल के लिये ही करता है। अपने यहां भी जो पैसे कमा लेता है वो तेल बेचने लगता है। निरे पेट्रोल-पम्प ,रिफ़ायनरी ई सब तेल की दुकान ही तो हैं। दुनिया के सब फ़ारसी पढ़ने वाले मिलकर शायद उत्ती औकात न रखते हों जित्ती चंद तेल बेचने वालों की हो।
वैसे देखा जाये तो यह मुहावरा किसी ऐसे मुहावरा गढ़ने वाले ने गढ़ा होगा जिसके मन में बुजुर्गियत के प्रति नकार और मेहनत के प्रति धिक्कार का भाव होगा। भाषायें और खासकर फ़ारसी भाषा की उमर हजारेक साल होंगी। जबकि तेल लाखों सालों में बनता है। पेड़-पौधें से तेल बनते-बनते न जाने कित्ते हजार साल गुजर जाते हैं। तेल बनाने और बेंचने का धंधा भी कम से कम फ़ारसी पढ़ने-पढ़ाने के मुकाबले तो बुजुर्ग ही होगा। तेल बेंचना मेहनत का काम भी है। तौलने, धरने, डंडी मारने में पसीना निकल जाता है। जिन लोगों ने तेली की दुकाने और फ़ारसी पढ़ने की जगह दोनों देखीं होंगी उनको पता होगा कि तेल बेचना फ़ारसी पढ़ने के मुकाबले कठिन काम है। इस तरह इस मुहावरे में बुजुर्गियत और मेहनत दोनों की खिल्ली टाइप उड़ाई गयी है।
लेकिन शायद इसीलिये मुहावरे का रचयिता कहना चाहता है कि जब कम पसीना बहाकर रोजी कमाने का जुगाड़ बना लिया है तो बेवकूफ़ है क्या जो पसीना बहाकर रोटी कमाना चाहता है। वह बहाने से फ़ारसी बेंचने वाले को तेल बेचने के श्रम साध्य धंधे से विरत करके फ़ारसी पठन-पाठन के पसीना रहित जीविका की ओर लाना चाहता है।
परसाईजी की बात का उदाहरण देने से शायद ज्यादा बात साफ़ हो सके। परसाईजी लिखते हैं- जब लोग देश का प्रापर चैनल नहीं पार कर पाते तो इंगलिश चैनल पार कर जाते हैं। प्रापर चैनल इंगलिश चैनल से ज्यादा चौड़ा है। ऐसे ही शायद मुहावरा लेखक अपने मुहावरे से लोगों की जिंदगी आसान बनाना चाहता होगा और तेल बेंचने वाले को धिक्कारते हुए कहा होगा-पढ़ें फ़ारसी बेचें तेल! ताकि वे फ़ारसी पढ़कर आराम की जिंदगी बसर करने की सोंचे।
तमाम काबिल लोग हैं जो देशसेवा के वायरल से पीड़ित होकर इंगलिश चैनल से या अपने-अपने धांसू च फ़ांसू अस्तबल से भागकर अदबदाकर सेवा कार्य में जुट जाते हैं। देश अपना इस मामले में बहुत उदार है। जो भी सेवा करना चाहता है उससे करवा लेता है। कुछ दिन बाद जब ऐसे मौसमी सेवकों को पता चलता है कि सेवा करने के झमेले में सेवकों की तरह रहने का ड्रामा भी करना पड़ता है तो वे जरूर अपने बारे में कहते होंगे- पढ़ें फ़ारसी बेचें तेल।
ऐसे में होना तो ई चाहिये था कि तेल बेंचने वालों को इस मुहावरे को या तो बैन करवा देना चाहिये या फ़िर इसका अर्थ संशोधन करवा देना चाहिये जिससे उनकी हालत दीन-हीन टाइप की न समझी जाये। लेकिन कोई अपनी जिम्मेदारी नहीं समझता। किसी को अपने सम्मान की चिंता नहीं है। बिरादरी की लड़की गैर बिरादरी में शादी कर ले तो कहो खून बहा दें लेकिन जाति के सम्मान के लिये मुहावरे में बदलाव के लिये हल्ला नहीं मचायेंगे जब तक किसी पिक्चर में इसे शामिल न करवाया जाये।
लेकिन हमें क्या मतलब। हम कौन होते हैं उनकी निजता में दखल देने वाले। हमें तो जो बात समझ में आई सो कह दी। अब आपकी समझ में जो आये तो आप कुछ कह डालिये। फ़िर न कहियेगा कि बताया नहीं।

मेरी पसन्द

वजूदे जिस्म मिटा भी तो जान बाकी है
अभी कुछ और मेरा इम्तहान बाकी है।
जमीन पांव के नीचे अगर न हो भी तो क्या
के मुझमें अब भी कोई आसमान बाकी है।
अभी भी मुझको है माहौल के दमाग पे शक
के हर यकीन के दिल में गुमान बाकी है।
जलाने वाले का हो या बुझाने वाले का
सुना है शहर में बस इक मकान बाकी है।
मेरे फ़टे हुये कपड़े पे मत हंसो इसमें
मेरा वतन मेरा हिन्दोस्तान बाकी है॥

नक्श इलाहाबादी

39 responses to “पढ़ें फ़ारसी बेचें तेल”

  1. rachna
    फ़ारसी पढ़ कर जो तैल निकलता हैं
    वही तैल बिकता हैं
    और फिर छछूंदर उसको लगा कर फारसी पढता हैं ।
    दुनिया गोल हैं ना जी , घुमा लो फिरा लो
    क्या कुछ बदलता हैं ??
    रचनाजी: देखिये जो बात हम अनुमान के आधार पर इत्ती लम्बी पोस्ट लिखने के बाद भी न कह पाये वह आपने अपने अनुभव जन्य ज्ञान के सहारे पांच पंक्तियों में कह दी। शुक्रिया! :)
  2. विनोद कुमार पांडेय
    ऐसी फ़ारसी पढ़ने से तो भगवान ही बचाए जब मेहनत करने के बाद भी तेल बेचना पड़े..
    मजेदार प्रसंग…अच्छा लगा और सबसे खास बात आपकी पसंद के ग़ज़ल बेहतरीन लगे..
    धन्यवाद!!!
    @ विनोदजी: आपकी टिप्पणी का शुक्रिया। आपकी टिप्पणी से गजलकार के बारे में लिखने का मन भी पक्का होने लगा। लिखूंगा कभी। :)
  3. अविनाश वाचस्‍पति
    फुरसत में अजित वडनेरकर स्‍टाइल में मुहावरों की चीरफाड़ बेहतर लगी। मानस तर कर गई।

    अविनाश वाचस्पतिजी: गांधी जयन्ती के दिन भी तर हो लिये। वाह जी वाह। चीर-फ़ाड़ के लिये पोस्ट का लिंक अजितजी को थमाया है अभी।
    :)
  4. संजय बेंगाणी
    आप “भारत भ्रमण” पर साइकल लेकर निकले थे. आशा है स्वास्थय स्वस्थ है :)
    आधुनिक मुहावरा होना चाहिए “पढ़े अंग्रेजी, लिखे ब्लॉग” इस पर विस्तार से कोई फुरसतिया ही लिख सकता है. हमारा काम आधुनिकिकरण करने तक ही सीमित है :)
    संजय बेंगाणी: आपको पता नहीं कि साइकिल वाली मौज लेकर हमको हंसा जरूर दिया लेकिन अपने लिये परेशानी खड़ी कर ली है। अब जहां कोई आपको धीर-गंभीर टाइप का समझे जाने की बात कहेगा हम फ़ौरन आपका ये कमेंट थमा देंगे कि देखो भैये ऐसे मौजियल कमेंट करने वाला भी कहीं धीर-गंभीर हो सकता है। :)
  5. Arvind Chaturvedi अरविन्द चतुर्वेदी
    बात 1999 की है जब मैने दिल्ली में पेट्रोल पम्प शुरू किया था.एक मेरे मित्र (इलाहाबाद में पहले वकालत कर चुके थे) ने मुझसे भी कुछ माह पहले यही काम शुरू किया था. एक बार जब मिले तो मैने पेट्रोल पम्प का नया टेलीफोन नम्बर मांगा, तो उनका जवाब था- ” पेट्रोल पम्प का धन्धा तो तेली का धन्धा है. ब्राह्मण हो कर तेली कहलाना मुझे पसन्द नहीं”
    ये वो तेल नहीं ,जिसका आपने जिक्र किया. पर तेल तो आखिर तेल ही है.
    कभी कभी मेरे अकादमिक मित्र पूछ बैठते है’ आई आई टी से पी एच डी करके तेल बेचने में शर्म नहीं आती ?”
    अब मैं क्या बताऊं , सोच में पड़ जाता हूं, बहस में उलझूं या ना उलझूं.
    अरविन्द चतुर्वेदीजी: तेल तो आखिर तेल है। रोजी-रोटी से जुडा़ काम भी दुकानदारी जैसा ही होता है। हम शाम को अपने दफ़्तर में कहते हैं चलो भाई अब दुकान बन्द की जाये। बहस में क्या उलझना किसी से? मौज लीजिये बस मौज! :)
  6. गिरिजेश राव
    बाप रे ! फारसी से ‘रस’ और तेल का भी ‘तेल’ निकाल कर सामने रख दिया !
    आप तो बड़े ज़ुल्मी जहीन हैं ।
    वैसे आज कल तेल का धन्धा करने के लिए ‘फारसी’ पढ़ा होना आवश्यक तो नहीं लेकिन अरबी फारसी वालों को समझना अति आवश्यक है :)
  7. अजय कुमर झा
    पढें फ़ारसी बेचें तेल, भाषा और तेल का अद्भुत खेल,
    वडनेकर जी के विषय पर जबरिया दिन्हीं पोस्ट्वा ठेल,
    सायकल से घूमौ कहां कहां , पकडे पडी एक दिन रेल,
    फ़ुरसतिया पढै जो फ़ारसी, निकाल दिहैं सबके तेल…
    एकदम मौजियायल पोस्ट है जी…मुदा गांधी जंयती से ई का संबंध हम बस समझ नहीं पाये…बकिया इतना जान गये कि होगा जरूर….
  8. अजय कुमर झा
    शुकल जी हम लोग का खाली निगेटिव छपता है..आप अपना और संजय जी का कतना चकाचक फ़ोटो लगाये हैं…..हम लोग का भी आने दिजीये न…..तनिक हिट होने दिजीये….बचवा सब को भी…
  9. dr anurag
    सही ठेलपेल मचा रहे है शुक्ल जी .अभी पिछली पोस्ट को माइक्रोस्कोप के नीचे रखकर भी ठीक से देखा नहीं था .आपने सिविल सर्वेन्ट की दुखती राग पे हाथ रख दिया .हमारे दो दोस्त है …६ साल पहले ऐसे कड़क फड़क हुआ करते थे ..अब थोड़े पिलपिला गए है ….पहले पहल रविंदर नाथ त्यागी जी ..श्रीलाल शुक्ल को बांचते थे …अब उनकी लाइब्रेरी में अंग्रेजी फिक्शन आ गए है …कहते है रूमानियत को आत्महत्या की हद तक नहीं पहुचना चाहिए …..ओर आदर्शवाद ससुरा रूमानी है…इन दिनों ….यूं भी कहते है मसूरी में कई देखने वाले भी ब्रीफकेस लिए पहुंच जाते है …
  10. डाक्टर सिरफिरे

    आपकी पोस्ट छायावादी व्यँग्य होगा, अपनी जगह !
    पर रचना की यह खुशनुमा टिप्पणी तो मेरे चढ़ ही गयी ।
    वईसे तेल बेचना कोई आसान काम नहीं है, जी ।
    मँत्री की चुनौटी उठाने में अपने ज़मीर को जो चुनौती होगी, वहू सोचा जाये ।
    पोस्ट तो मस्तम-मस्त है, पर तेल फुलेल तम्बाकू बेचते बेचते सुँघनी साहू के घर जयशँकर प्रसाद भी भये रहें, ईहौ नोट कल्लैं योर ऑनर !
  11. विवेक सिंह
    पहले फारसी सीखना भले ही कठिन माना जाता रहा हो पर अब तो यही सुना जाता है कि “हाथ क‌ंगन को आरसी क्या और पढे लिखे को फारसी क्या ?” या तो पढे लिखे हर व्यक्ति को फारसी में पारंगत समझ लीजिए या जो फारसी नहीं जानता उसे पढा लिखा ही न समझिए दोनो में से जो अच्छा लगे कर सकते हैं .
    रही बात फारसी पढकर तेल बेचने की तो जिन देशो‌ के लोग ज्यादा फारसी पढते हैं वहीं ज्यादा तेल निकलता है और जब निकलता है तो बेचना भी पडता है, अब यह न पूछने लगना कि निकलता तो पसीना भी है वह् क्यो‌ नहीं बेचते ? यह कुतर्क होगा .
    हो सकता है यह जो “पढें फारसी बेचें तेल” वाली बात है वह कोई मुहावरा न होकर सूक्ति हो जिसका अर्थ हो कि जहां फारसी पढी जाती है वहां तेल निकलने लगता है . इस बात पर हमारी सरकाऱ को गंभीरतापूर्वक विचार करना चाहिए कि लोगो‌ को फारसी सिखाने से यदि धरती के अंदर तेल निकलने लगता हो तो ईरान से दोस्ती फिर से कायम की जाय !
    और अनूप जी को सजा मिले कि यह पोस्ट पहले क्यो‌ नहीं लिखी जिससे देश को अब तक इतना तेल आयात करना पडा ! और हमें इनाम दिया जाय जो इतना धांसू आइडिया दिया :)
  12. ज्ञानदत्त पाण्डेय
    सारा फारस तेल ही तो बेच रहा है। :-)
  13. Abhishek
    पहले तो ये स्पष्ट हुआ कि सर्जरी करने के लिए डॉक्टर होने की जरुरत नहीं. आपने इस मुहावरे को पूरा खोल डाला.
    और जहाँ तक तेल बेचने की बात है, अरे बड़ी आमदनी है जी इसमें मेरे एक ख़ास दोस्त तेल बेचते हैं रोयल डच शेल में. मत पूछिए कितनी तनख्वाह है उनकी… बोरे भर के कमी होती है जी ! तो अब तेल बेचने वालों की चकाचक है बिलकुल.
  14. arvind mishra
    तोड़ दिए तोड़ दिए -इस कहावत की ठसक ! जबरदस्त व्याख्या -सर पर तेल की जरूरत आन पडी -ठंडा ठंडा कूल कूल !
    एक मुहावरा याद भी हो आया और यहाँ चरितार्थ भी हो कह देता हूँ ,मौका भी है ,दस्तूर भी !
    हाथ कंगन को आरसी क्या ?
    (पढ़े लिखे को फारसी क्या )
    ई इतना बडा बोर्डवा लगायें है जौने में ई लिखा बा “पैदाइश तथा शुरुआती पढ़ाई-लिखाई, कभी भारत का मैनचेस्टर कहलाने वाले शहर कानपुर में। यह ताज्जुब की बात लगती है कि मैनचेस्टर कुली, कबाड़ियों,धूल-धक्कड़ के शहर में कैसे बदल गया। अभियांत्रिकी(मेकेनिकल) इलाहाबाद से करने के बाद उच्च शिक्षा बनारस से।”
    और करत बातें राउर ब्लागिंग -इहै तो है पढ़े फारसी ……
    और इहीं खातिर हम आपन परिचय्वा नाही देते ,लोग क्या कहेगें !
    बद अच्छा बदनाम बुरा -ऊ अटल जी अक्सर कहते थे ना -
    न भीतो मरणास्मि केवलम दूशितो यशः (वाल्मीकि रामायण -और भड़किये संस्कृत से हा हा )
    तो भईया अपनी इज्जत अपने हाथ -आपौ एई बोर्डवा उतार दीजिये नजर गड गयी है कल ब्लॉगजगत में इहौ आचार संहिता का मुद्दा बनिहै ! और आपके डिग्री का तौहीन तो ई ब्लागिंग के चक्कर में हुयियै गवा बा !
    (हे हे सेंटी मत होईयेगा -मौज है मौज ! )
  15. समीर लाल ’उड़न तश्तरी’ वाले
    पढ़ें फ़ारसी बेचें तेल-इसे डॉयलाग को ताऊ की शोले भाग २ में ले लेते है, शायद हल्ला मच जाये.
    मस्त चटखारेदार है यह जायका भी.
    बधाई.
    नक्श इलाहाबादी को पढ़ना सुखद रहा.
  16. घोस्ट बस्टर
    सुकुमार बाला? इसका क्या अर्थ हुआ? वैसे ना तो फ़ारसी पढ़ते दिखती हैं ना तेल बेचते.
  17. amit
    साइकल चलाने से नामर्दी? तो जनाब इसलिए तो मोटरसाइकल बनाई गई कि साइकल की साइकल चल जाएगी और लोगों को नामर्दी का हौव्वा भी न सताएगा!! ही ही ही!! :D
    बाकी ज्ञान जी की बात सही है, आज फारस वाले भी तो फारसी तज तेली बने हुए हैं, यही रईसियत का मूल मंत्र है जी आज, तेलियों की औकात के आगे बड़े-२ इंडस्ट्रियलिस्ट, साहूकार, नेता आदि पानी भरते हैं (तेल भर सकते तो वे भी तेली हो जाते ना, इसलिए पानी ही उचित मसल है इधर)। इसलिए तेलियों को कुछ न कहा जाए, आजकल तो चलन ऐसा है कि किसी को आशीष भी देना हो तो यह न दिया जाए कि बड़े होकर आलिम फाज़िल बनो, बल्कि यह दिया जाए कि बड़े होकर तेली बनों!! :D
  18. दिनेशराय द्विवेदी
    हमें फारसी और तेल दोनों से लेना देना नहीं है। हाँ, क्या सायकिल फिर से चलाना पड़ेगा? वर्ना लोग परिणाम न देख कर पता नहीं क्या क्या कहने लगेंगे।
  19. अजित वडनेरकर
    इस तैलीय विवेचना ने कई पढ़े-लिखे तैलयुक्त चिकने गधों का तैल (पसीना) निकाल दिया होगा। फारस में चाहे तैल निकलता हो, पर हमारे यहां तो एक पूरा तैलंगाना ही है। सुना है अम्बानियों ने अब इस इलाके में तैल ढूंढ निकाला है। वाकई, अब विश्वगुरू भारत (यानी पढ़ा-लिखा, ज्ञानी, फारसीदां) भी तैल बेच सकेगा।
    आप जो कहना चाहते हैं, क्या उसका वही अर्थ समझना ज़रूरी है?
  20. Nishant
    अनूप जी, मैं तो फ़ारसी लिखना-पढ़ना बहुत अच्छे से सीख गया लेकिन बोलना नहीं क्योंकि बोलने के लिए किसी का साथ चाहिए होता है. फ़ारसी पढ़ना कोई मजाक नहीं है लेकिन इतना मुश्किल भी नहीं है.
    जो फ़ारसी पढ़ता है वही तेल बेचता है. टॉप के पद पर चयनित युवा को जब असलियत से दो-चार होना पड़ता है तो वह उस जमीन पर नहीं टिकता. हाल में सालों की मेहनत के बाद मिली IAS की कुर्सी को छोड़कर बड़ी कंपनी में पद प्राप्त करने वालों की तादाद बढ़ गई है.
    मेरे दफ्तर में किसी काम से आनेवाले एक IAS से मैंने एक बार कहा – “जिस जगह आप आप हैं, वहां रहकर तो बड़े-बड़े काम किए जा सकते हैं.” – उन्होंने उत्तर में बस इतना कहा – “not in India.”
    मुहावरे को बैन करने के विचार का मैं विरोध करता हूं.
  21. Ranjana.
    मेरे फ़टे हुये कपड़े पे मत हंसो इसमें
    मेरा वतन मेरा हिन्दोस्तान बाकी है॥
    इस शेर ने तो समझिये खा (मार ) ही डाला….
    “पढें फारसी बेचें तेल ” मुहावरे का असल अर्थ आज जाहिर हुआ….क्या लाजवाब सप्रसंग व्याख्या की है आपने…..
    बहुत बहुत लाजवाब..आभार…
  22. रौशन
    आपको ब्लोगिंग में पांच साल हो गए और हमारे कैरियर के पांच साल खराब हो गए तब आपको यह ज्ञान सूझा?
    पांच साल पहले बताते तो अब तक तेल बेच कर पैसा बना रहे होते
    पैसा ज्यादा होता और मेहनत कम लगे हाथ ब्लोगिंग के लिए समय ही समय
    कम से कम डेली ब्लॉग पढने को तो समय मिल जाता
    अनूप जी क्या क्या कर डालते हैं आप
  23. mumbai tigaer
    अजब तेरी किस्मत अजब तेरे खेल
    छछूंदर के सर पर चमेली का तेल।
    मजेदार पोस्ट, तेल बेचने वालो की तो आज से ही चान्दी
    वैसे फारसी पढने की बजाय तेल बेचना हीतकार है।
    यू भी फारस की खाडी मे तेलवा बहूत है
    आभार
    हे! प्रभु यह तेरापन्थ
  24. Shiv Kumar Mishra
    इस विषय पर महान विचारक श्री सिद्धू जी महाराज के अमृत वचन ठेलने की अनुमति चाहूँगा. वे कहते हैं;
    “ओ गुरु, बेचना, खरीदना, खोना, पाना, मिलना बिछड़ना, ये सब कुम्भ के मेले में होता है. सच तो यह है गुरु कि भीड़ में हर आदमी अकेला होता है. चलता चला-चल तू लहरों के साथ, इस दुनियाँ के शापिंग माल में बिना क्रेडिट कार्ड के क्या है तेरी औकात?”
    इसी विषय पर महाराज कहते हैं;
    कस्तूरी कुंडल बसे, मृग ढूंढें वन माहि
    सब सेंस बेकार है, जब कामन सेंस ही नाहि
    (महान विचारक और प्रसिद्द समाजशास्त्री श्री सिद्धू जी महाराज के अमृत वचन से साभार)
  25. seema gupta
    हा हा हा हा हा हा हा हा क्या फारसी पढाई गयी हा हा हा हा
    regards
  26. बोधिसत्व
    तेल देखो तेल की भार देखो,
    अच्छा लिखा…लेकिन फारसी तो कभी कठिन भाषा न रही भाई तभी तो कहा गया है…
    हाथ कंगन को आरसी क्या
    पढ़े लिखे को फारसी क्या।
  27. वन्दना अवस्थी दुबे
    क्या विवेचना की है तेल और फ़ारसी की. आपके दिमाग में भी कब क्या आ जाये कुछ ठीक नहीं. वैसे पसन्द आपकी हमेशा ज़ोरदार रहती है-
    जलाने वाले का हो या बुझाने वाले का
    सुना है शहर में बस इक मकान बाकी है।
    क्या बात है.
  28. अर्शिया
    अरविंद जी की बातों की ओर भी ध्यान दें।
    Think Scientific Act Scientific
  29. काजल कुमार
    सब तेल कर दिया :)
  30. Anonymous
    आज के संदर्भ में, मुहावरे के – फारसी – शब्द की जगह – अँगरेजी – शब्द को रखिये, फिर देखिये कैसे-कैसे अनेकार्थ निकलते हैं. बहरहाल मज़ेदार था.
  31. shefali pande
    वाह जी ….फारसी की क्या चीर फाड़ करी है …बड़े – बड़े डॉक्टर शरमा कर पानी -पानी, अरे नहीं {तेल – तेल} हो जाएं …
  32. Rashmi Swaroop
    सब इतना कुछ कह गये कि हमारे कहने को कछु बचा ही नहीं… इसलिये… बस पढ़े जा रही हूँ (नहीं जी, फ़ारसी नहीं, आपकी पोस्ट और कमेंट्स) और हसें जा रही हूँ… हाहाहाहा !!!
    :)
  33. अर्कजेश
    अपने भारत देश में फारसी पढ़ने वालों का अभ्यास हमेशा से तेल लगाने का रहा है । तेल लगाने में इनसे ज्यादा कुशल न पहले कोई था न अभी है । जब कोई फारसी पढ़ा तेल लगाना छोड़कर तेल बेचने लगा होगा, तब यह कहावत उपजी होगी । तेली के घर में तेल होता है लेकिन वह पहाड़ नहीं चुपडता । फारसी छाप बिना तेल के ही पहाड़ चुपड देता है यही उसकी काबिलियत है । यही वजह है कि दोनो पेशे के लोग एक दूसरे से खुन्नस रखते हैं।
  34. रवि कुमार, रावतभाटा
    अच्छी चीरफ़ाड…
    आज वाकई फ़ुरसत में था…आप यहां ले आए…
    काफ़ी देर तक तो यहां ब्लॉग गेटअप ही निहारता रहा….
    इधर-उधर झांकता ही रहा…
    अभी भी मुझको है माहौल के दमाग पे शक
    के हर यकीन के दिल में गुमान बाकी है।
    अभी कई गुमान बाकी हैं…बेहतर
  35. चंद्र मौलेश्वर
    बहुत बढिया॥ कोई चैलेंज नहीं कर सकता- करेगा ! तो हम कहेंगे……..साबित करो…
    हाथ कंगन को आरसी क्या
    पढे़-लिखे को फ़ारसी क्या :)
  36. Saagar
    यह नक्श लायलपुरी के भाई है क्या :) bahut behtareen ashaar hain…
  37. फ़ुरसतिया-पुराने लेख
    [...] पढ़ें फ़ारसी बेचें तेल [...]
  38. VMTripathi
    फारस गए फारसी पढि आये , बोले फारसी बानी|
    आब-आब कहि पुतुआ मरी ग, खटिया के तरे धरा रहि ग पानी |
  39. VMTripathi
    फ़ारस गए फ़ारसी पढि आये , बोले फारसी बानी|
    आब-आब कहि पुतुआ मरी ग, खटिया के तरे धरा रहि ग पानी |

Thursday, October 01, 2009

ब्लागर हलकान’विद्रोही’, विक्रम और बेताल


ब्लागर हलकान’विद्रोही’, विक्रम और बेताल

सुकुमार बाला
ब्लागर हलकान ’विद्रोही’ ने अपनी डायरी शिवकुमार मिसिर को दे दी थी। थोड़ी देर बाद वापस ले ली। उसके बाद हम उनके भी उनके पास गये तो उन्होंने हमें भी डायरी थोड़ी देर के लिये थमा दी। हमने सोचा कि शायद टिप्पणी करने के लिये दी है। हमने डायरी बिना देखे उनसे कहा- आपके और आपके परिवार को दशहरे की शुभकामनायें। ब्लागर हलकान विद्रोही ने अपने जबड़े इधर-उधर नचाये तो मुझे लगा कि उनको पैरालिसिस का अटैक पड़ा है शरीर के दायें भाग का बांये से तालमेल गड़बड़ा गया है। लेकिन हलकान विद्रोही ने जब अपने नकली दांत लगाकर उनको पीसते हुये मेरी तरफ़ देखा तो मुझे लगा कि संभवत: वे मझ पर अपना रोष जाहिर करना चाहते हैं।
हमारी और ब्लागर हलकान ’विद्रोही’ की उमर और लिंग मुझे इस बात के लिये उत्साहित न कर सकी कि हम उनके रोष से सहमकर उनसे ही चिपट जायें और वे अपने रोष को लाड़-दुलार में परिवर्तित करके हमसे कहने लगें- अरे,अरे तुम तो सच में डर गये। मैं तो ऐसे ही मजाक कर रहा था।लिहाजा हमने अपनी भौंहें चालीस डिग्री और गरदन पचास डिग्री एक साथ ऊपर की और उनसे कहा- आप सीधे-सीधे अपनी बात समझाइये। संस्कृत तो मती झेलाइये। हमारे पास समय किंचित अभाव सा है। हम अनुवाद न कर पायेंगे और न करा पायेंगे किसी से। और हम मजाक के मूड में तो कत्तई नहीं हैं। देख ही रहे हैं जरा सा मजाक करते ही कित्ता बड़ा जलजला आ जाता है। इंडोनेशिया में तबाही ही मची हुई है। किसी ने वहां मजाक किया होगा उसी से आया है यह जलजला।
बाद में पता चला कि ब्लागर हलकान ’विद्रोही’ अपनी डायरी हमें दे रहे हैं ताकि उससे कुछ टीपकर हम आप तक उनके मनोभाव पहुंचा सकें। दांत वे इसलिये पीस रहे थे कि हमने उनको दशहरे की शुभकामनायें दे दीं जबकि वे चाहते थे कि हम उसमें यह भी लिखते कि आपने बहुत सुन्दर लिखा है। ऐसा सिर्फ़ आप ही लिख सकते हैं। बहरहाल जब ब्लागर हलकान ’विद्रोही’ अपने दांत पर्याप्त पीस चुके और इस बीच उनकी तारीफ़ करके मैंने उनका मूड ठिकाने लगा दिया तो हम पर खुश से हो गये। खुश होकर उन्होंने मुझे डायरी देना स्थगित करके आधुनिक विक्रम-बेताल कथा सुनाई! श्रम को भुलाने के लिये आप भी सुनें।

अथ विक्रम बेताल कथा

सुकुमार बाला
हमेशा की तरह विक्रम ने बंधुआ मजदूर की तरह वेताल को अपने कंधे पर टांग लिया। एक अवांक्षित बेनामी टिप्पणी की तरह। बेताल ने लदते ही विक्रम को अपनी कथा झेलानी शुरु कर दी।
एक शहर में एक सुकुमार बाला रहती थी ( जिन साथियों को सुकुमार बाला से एतराज हो वे उसकी जगह किसी गबरू जवान या अपनी पसंद के अनुसार किसी और के बारे में सोच लें। बाकी जगह पर भी यथास्थान परिवर्तन कर लें! )कोई काम न धाम। इधर-उधर डांय-डांय फ़िरती थी। सुन्दर थी। अलबेली थी। भगवान ने उसे आराम से या कहें फ़ुरसत में बनाया था। लेकिन वह कभी फ़ुरसत में नहीं रहती थी। हमेशा व्यस्त रहती थी। कोई काम-धाम न रहने से उसे व्यस्त रहने की सहूलियत भी थी। जब मन चाहती व्यस्त हो जाती। अपने मन की ही करती थी। घर वालों के लाड़-प्यार में पली थी इसलिये घर वाले उसका कुछ और तो कर नहीं पाते थे खाली उसके लिये परेशान हो लेते थे। कभी उसके भविष्य के लिये, कभी उसकी सुरक्षा के लिये। कभी किसी के लिये, कभी किसी के लिये।
बाला एकदम आधुनिकतम तकनीक के बारे में अद्यतन जानकारी रखती थी। जैसे ही बाजार में कोई नयी चीज आती वो जिद करती और वो चीजे हासिल करके रहती। जब घर वाले उसको मना करते वह जान दे देने की धमकी देती और मजबूरन घर वाले उसकी इच्छा पूरी करते। अभी हाल ही में जान देने की धमकी देकर उसने एकदम नया मोबाइल हासिल किया था। मोबाइल में इन्टरनेट, झकास कैमरा और न जाने क्या हेन-तेन मौजूद था।
एक दिन बाला एक सूनसान इलाके से जा रही थी। अचानक उसने देखा कि कुछ लफ़ंगे टाइप के लोग उसके पीछे लग गये। आसपास कोई दिख भी नहीं रहा था। बाला को याद आया कि उसके घरवाले उसको अकेले अनजान राहों पर जाने से मना करते थे। कहते रहते थे कि जमाना बड़ा खराब है। कहीं कुछ ऊंच-नीच हो गयी तो क्या होगा। उसको लगा कि आज कोई ऊंच नीच होकर ही रहेगी शायद!
बहरहाल जब लफ़ंगे पीछे लग ही लिये तो बाला ने भी सोचा कि इनसे भी अब निपट ही लिया जाये। उसने चुपके से अपने मोबाइल पर कोई बटन दबाया और निश्चिन्त होकर टहलती हुय़ी चलने लगी। निश्चिन्त होने के पहले उसने एक बार घबराने का नाटक भी किया। सोचा तो उसने पसीना बहाने के लिये भी लेकिन फ़िर मेकअप खराब होने की बात सोचते हुये उसने ऐसा नहीं किया।
मोबाइल पर बटन दबने के बाद पलक झपकते ही वहां वहां हाहाकार मच गया। चारो तरफ़ लोगों का हुजूम इकट्ठा हो गया। कोई उसके लिये खून देने की बात करने लगा ।कोई जान देने की। कोई जान लेने की करने लगा। कोई कहने लगा तुम बिन हम जियेंगे कैसे? किसी के दिन सूने हो रहे थे किसी की रातें। किसी की चैन उड़ गया किसी का ज्ञान! किसी की बहर बिगड़ गयी किसी की सहर। किसी ने उसको महान बताया किसी ने सबसे महान। किसी ने कहा तुम सा कोई हुआ नहीं । कोई कहने लगा कि आगे भी न होगा। एक ने दोनों को डांटते हुये कहा- अबे इसको देवभाषा में कहते हैं, न भूतो न भविष्यति। किसी ने कहा अब जरा इसे अंग्रेजी में भी कहो तो लोगों ने इन्कार कर दिया यह कहते हुये कि यह तो ज्ञानजी का काम है।
बहरहाल लब्बो और लुआब दोनों मिलाकर हुआ यह कि जनता उस बाला के चारो तरफ़ इकट्ठा होकर उसके सुरक्षा गार्ड की तरह चलने लगी। लफ़ंगे जो उसको सीटियां मारने के लिये होंठ गोलिया रहे थे उसका जैकारा लगाने लगे। सब तरफ़ वातावरण में जय-जयकार होने लगी।
कहानी सुनाकर बेताल ने हमेशा की तरह पूछा कि हे विक्रम यह कथा तुमने सुनी। अब बताओ वह बाला कौन थी? उसने मोबाइल पर क्या किया जिसके कारण इतने सारे लोग उसकी रक्षा के लिये उमड़ पड़े? वे लफ़ंगे जो उसको छेड़ रहे थे बाद में उसकी ही जै-जैकार क्यों करने लगे? इस कथा से क्या शिक्षा मिलती है?
विक्रम ने बताया कि हे बेताल! जो जरा सा भी ब्लागिंग में रुचि रखता है वह इस सवाल का जबाब बिना चुटकी बजाये ही दे सकता है। वह बाला एक ब्लागर थी। उसने जैसे ही लफ़ंगो को देखा वैसे ही उसने पहले से ही टाइप पोस्ट अपने मोबाइल से पोस्ट कर दी। उस पोस्ट में उसके ब्लाग के बंद करने की घोषणा थी। जैसे ही पोस्ट को लोगों ने देखा वैसे ही उससे ऐसा न करने का करने का अनुरोध करते हुये उसके चारो तरफ़ उमड़ पड़े। उसे छेड़ने वाले लफ़ंगे भी जै कारे में साथ इसलिये लग लिये जिससे कि पिटाई से बच सकें। इस कथा से यह सीख मिलती है कि ब्लाग का उपयोग खाली टाइम पास के अलावा अपनी इज्जत आबरू और जिन्दगी बचाने क लिये भी हो सकता है।
जबाब सुनते ही बेताल विक्रम के कन्धे पर उचक कर पास की डाल पर लटक गया।
हलकान विद्रोही भी अपनी डायरी समेटकर दूसरे किसी ब्लागर का इंतजार करने लगे।
हम वहां से निकलकर फ़ूट लिये। सोचा आपको अपनी मुलाकात के बारे में बता दें।

30 responses to “ब्लागर हलकान’विद्रोही’, विक्रम और बेताल”

  1. विवेक सिंह
    आप की पोस्ट पढ़ने के चक्कर में हम अपनी पोस्ट न लिख सके, अब काम पर जाने का समय हो गया,
    इस प्रकार हिन्दी ब्लॉग-जगत एक अच्छी पोस्ट से वंचित हो गया और एक घटिया टिप्पणी पा गया !
  2. Shiv Kumar Mishra
    हलकान भाई से यह उम्मीद नहीं थी. मुझसे डायरी छीन ली लेकिन आपको पढ़ने के लिए थमा दी. अब मैं उनकी डायरी कभी नहीं छापूंगा. धन्यवाद के साथ लौटा दूंगा. इससे पब्लिशर धर्म का पालन भी हो जाएगा.
    बोध-कथा बहुत बढ़िया रही. आशा है अब विक्रम भी ब्लॉग बना लेंगे. चाहें तो बेताल और उस बाला के साथ एक कम्यूनिटी ब्लॉग बना लें….:-)
    और विवेक की टिपण्णी घटिया है कि नहीं, इस बात को जानने के लिए एक कमीशन बैठाकर फैसला किया जाना चाहिए. टिप्पणी अगर घटिया निकले तो उसे धन्यवाद के साथ विवेक को लौटा दिया जाय.
  3. कुश
    एक नहीं दो फालतू टिपण्णी… हुंह
  4. हिमांशु
    ब्लॉग के उपयोग में एक और कड़ी –
    “ब्लाग का उपयोग खाली टाइम पास के अलावा अपनी इज्जत आबरू और जिन्दगी बचाने क लिये भी हो सकता है।”
    आभार ।
  5. संजय बेंगाणी
    अभी क्या बोलें? कम से कम इतना तो पता चला कन्या सुन्दर थी…..बदमाश पीछे पड़े थे और ब्लॉगर आबरू बचा सकता है….
  6. Prashant(PD)
    oopar vala photo usi bala ka hai kya?? :-o
  7. ताऊ रामपुरिया
    ब्लाग का उपयोग खाली टाइम पास के अलावा अपनी इज्जत आबरू और जिन्दगी बचाने क लिये भी हो सकता है।
    और उतना ही इज्जत गंवाने के लिए भी किया जा सकता है.:)
    रामराम.
    (पुनश्च : कमेंट फ़ालोअप का बटन लगवाईये ना.)
  8. वन्दना अवस्थी दुबे
    वाह! बडी अच्छी शिक्षा मिलती है इस बेताल-कथा से तो. खास तौर पर हम महिला ब्लौगरों के लिये तो बडे काम की पोस्ट है…………..
  9. रंजना
    बेताल कथा तो इतनी जानदार लगी कि कानो में दूरदर्शन वाले विक्रम बेताल धारावाहिक का टायटल म्यूजिक गूंजने लगा…..
    बहुतै लाजवाब लिख डाले हैं अनूप भाई….जय हो… कहने को मन हो आया है पढ़कर…जय जय हो……
  10. Pankaj
    शुक्ला जी बिक्रम बेताल भी नहीं बच सके इस ब्लागिंग के रोग से .
    वैसे अगर टिप्पणी जाच करवाना हो तो मेरे हिसाब से टिप्पू चच्चा काफी मददगार हो सकते है :)
  11. ज्ञानदत्त पाण्डेय
    कमाल है – फोटो में तो बाला की ओर कोई देख तक नहीं रहा! :-)
  12. दिनेशराय द्विवेदी
    ये हलकान विद्रोही बड़े जोरदार हैं। कल कलकत्ता में थे आज कानपुर में। कहीं ये बालाजी प्रोडक्शन्स के रिश्तेदार तो नहीं जहाँ भी जाते हैं वहाँ का नाम क से आरंभ हो रहा है। वैसे आप को पता हो तो बताएँ आगे कहाँ कहाँ जाने वाले हैं?
  13. Darpan Sah
    Soch raha hoon apna blog band kar doon….
    ;)
  14. समीर लाल
    हलाकान विद्रोही की विक्रम बेताल कथा में ब्लॉगर से ज्यादा लफंगो के लिए सीख है जिनके सीटी बजाने के लिए हुए गोल ओंठ पिटन से बचने के लिए जयजयकारा लगाने लगते हैं. कभी गोलाई से नारा मोड में आने में देर हो गई, तो खैर नहीं. :)
    मस्त्त रहा.
    त्योहार की बधाई. कोई न कोई त्योहार तो होगा ही.
  15. चंद्र मौलेश्वर
    विद्रोही से बच के रहना रे बा बा!! वर्ना हलकान कर देगा:)
    ब्लागर की इज़्ज़त और आबरू!!!!!!!!!!!!!!! जानकारी के लिए आभार:)
  16. Abhishek Ojha
    इ फोटू वाली बाला के ब्लॉग का लिंक दीजिये न ?
  17. Kavita Vachaknavee
    ये बालाएँ भी न बला की तरह आपके पीछे पडी हैं ! च च च च
    हर कोई आपको ही क्यों आँखें दिखाती है? शोध का मामला है.
    डांय-डांय फिरने की बात तो अजब ही देखी
  18. shefali pande
    “इधर-उधर डांय-डांय फ़िरती थी”।
    ये कौन सी तरह का फिरना है जी ??
  19. क़न्फ़्यूजाया उल्लू

    कथा पर गत तीन घँटे से मनन चल रहा है,
    कहीं राजन का सिर टुकड़े टुकड़े न हो जाये,
    अतः हर शाख पर उल्लू प्रदेश जाने की फ़ुरसत का इंतज़ार है ।
    टिप्पणी लम्बित समझा जाये, अभी तो खुदै क़फ़्यूज़ियाये अपना कान खुजा रहें हैं, जी ।

  20. shyamalsuman
    विक्रम – बेताल के बहाने रोचक प्रस्तुति।
  21. dr anurag
    अभिषेक को गर लिंक दे चुके हो तो उसी को फॉरवर्ड कर दीजिये….आजकल ससुरा बेताल भी मोर्डन हो गया है .सुना है कोई बेल्ट बाँधने लगा है ..बिक्रम को बाँधने के वास्ते …..
  22. काजल कुमार
    हम्म्म
    अच्छी कहानी कही.
  23. Rajesh Srivastavaa
    :-) ! हम तो नया नया गिरे हैं ब्लॉग्गिंग के दुनिया में, वो भी सिर्फ पढ़ते हैं (ना जी ना, हम कलाकार नहीं, सुनकार हैं ). कहीं ये पोस्ट उस ब्लॉग पे तो नहीं जो अभी अभी पुनः खोला गया (apparently जनता के डिमांड पे)? :-) पढ़ के मजा आया. धन्यवाद!
  24. : फ़ुरसतिया-पुराने लेखhttp//hindini.com/fursatiya/archives/176
    [...] [...]
  25. Ramkrishna Rajput
    जनाव आप ने बेताल को इस स्टोरी में घसीटा या फिर अपनी कलम से इन लफंगों को पीटा,
    फिर -हाल जो भी मिला कुछ अच्छा मिला ***************************************************
  26. official website
    How to apply for bing adsense take into account my all 3 blog sites and two websites ?
  27. Get More Info
    What blog sites for politics commentary would you suggest me to study?
  28. imp source
    I might love to create a article but.. I’m unclear what type of personal blogs maximum benefit traffic? Types of personal blogs do you really browse? I essentially surf pic web logs and clothing blogs and forums. Just finding a poll there thanks! .
  29. great post to read
    This basically means, how do you try to find web logs that fit what I would like to find about? Does those have learned how to Flick through sites by area or any on blogger? .
  30. site web
    how come some web sites within the blogroll do not have their most recent document listed and many others do? Techniques to adjust that?