Monday, February 25, 2013

ब्लॉगजगत के बहाने इधर-उधर की

http://web.archive.org/web/20140420081937/http://hindini.com/fursatiya/archives/4031

ब्लॉगजगत के बहाने इधर-उधर की

परसों कलकत्ता से कानपुर लौटे तो देखा कि मिसिरजी के हाल बेहाल हो चुके थे। अब अच्छा हो गया है। मिसिरजी की कुछ हसीन अदाओं में से एक ये है कि वे गाहे-बगाहे अपने साथ जुड़े लोगों को याद करते रहते हैं। जिनसे जैसे संबंध हैं उस हिसाब से। हम तो उनसे मौज लेते ही रहते हैं। सो वे भी मौका निकाल के हमारी खिंचाई करने की कोशिश करते हैं- नाम लेकर। लेकिन तमाम लोगों से उनके कसकन वाले संबंध भी रहे उसे वे कसकते हुये याद करते हैं (जो कभी दिन रात चौबीसों प्रहर समय असमय कुशल क्षेम पूछते थे अब बिल्कुल ही बेगाने हैं)।

मिसिरजी मजेदार जीव हैं। उनसे अपन की कहा-सुनी चलती रहती है। उनकी पोस्टों में नाटकीय तत्व बहुत रहता है। ज्ञान छलकता रहता है अक्सर। लोगों से लड़ने-झगड़ने, रूठ जाने और फ़िर मान जाने/मना लेने का उनका कौशल अद्भुत है। गुस्से में तो वे खोया पानी के मिर्जा हो जाते हैं जिनके लिये युसुफ़ी साहब लिखते हैं- मिज़ाज, ज़बान और हाथ, किसी पर काबू न था, हमेशा गुस्से से कांपते रहते। इसलिए ईंट,पत्थर, लाठी, गोली, गाली किसी का भी निशाना ठीक नहीं लगता था। प्रेम/यौन संबंधी उनकी अधिकतर पोस्टें/टिप्पणियां -”हिन्दी पट्टी के किसी अदबदाकर जवान हो गये शख्स की अभिव्यक्तियां” लगती हैं।

मिसिरजी हमारे लिखे पर टिपियाते लगभग हमेशा रहते हैं। शुरुआती दौर की अतितारीफ़ाना टिप्पणियों से लेकर हालिया ’अब चुक गये हैं अनूप शुक्ल’ तक उनकी रेंज रहती है। न हुआ तो वर्तनी पर ही टोंकते रहते हैं- श्रोत नहीं स्रोत :) । हम भी अब उनके लिखे को छिद्रान्वेषी नजरों से ही देखते हैं। उनके “पोस्ट-गुब्बारे” में सुई चुभाने की फ़िराक में रहते हैं। :)

बहरहाल मिसिरजी के बारे में कभी विस्तार से लिखा जायेगा। अभी वे फ़ुल ठीक हो लें जरा। हड़बड़ी में जितना लिखेंगे उससे ज्यादा छूट जायेगा। फ़िलहाल कुछ बातें ब्लॉगजगत के बारे में।

ब्लॉगजगत से जुड़े अपन को जुड़े आठ साल से ज्यादा होने को आये। इस दौरान तमाम बदलाव देखे। शुरुआती दौर में लोग एक दूसरे के बारे में खूब लिखते थे। एक-दूसरे की पोस्टों का जिक्र करते थे। जबाबी पोस्टें लिखते थे। पोस्ट की जबाब में पोस्ट और फ़िर प्रतिपोस्ट। धीरे-धीरे यह सिलसिला कम हुआ। कई कारण होंगे। उनमें से एक यह भी रहा कि लोग अपनी आलोचना सहन नहीं कर पाते थे। जिसकी खिंचाई हो गयी उसका मुंह फ़ूल गया। अपवाद कम ही मिले मुझे इतने दिनों के अनुभव में। कुछ ने तो कोर्ट-कचहरी की भी धमकी दी। ऐसे लोगों से (और उनसे जुड़े लोगों से भी) संबंध-संपर्क भले ही बना रहा लेकिन वे निगाह से हमेशा के लिये उतर गये। कभी सहज नहीं हो पाये उनसे। शायद न आगे हो पायेंगें। हमारे बारे में भी लोगों के कुछ विचार होंगे।

शुरुआती दिनों में यहां मामला संयुक्त परिवार सरीखा था। धीरे-धीरे एकल परिवार बने। लड़ाई-झगड़े तक कम हो गये। लोगों ने एक-दूसरे की पोस्टों का लिंक देना कम कर दिया। एक-दूसरे का जिक्र भी कम कर दिया। अभी भी शुरु में ब्लॉगर आपस में जिक्र करते हैं एक-दूसरे का। लेकिन फ़िर धीरे-धीरे समझदार लोग समझदार हो जाते हैं।

ब्लॉगिंग की शुरुआत में दो बातों का जिक्र होता था। एक तो अभिव्यक्ति की आजादी और दूसरे ब्लॉगिंग से कमाई। कमाई के किस्से तो बहुत चले। किसी ने बताया कि उसके खाते में पचास रुपये आये किसी ने बताया सत्तर। अभिव्यक्ति की आजादी तो खूब मिली। इसके साथ ही जिन अखबारों और पत्रिकाओं में न छप पाने के चलते ब्लॉग लिखने शुरु हुये होंगे उनमें ही ब्लॉगरों के लेख छपने लगे। ब्लॉगर भी खुश हो गये। मजाक-मजाक में वे लेखक बन गये। अखबार में छपने लगे।

अखबार में छपने का और लगातार छपने का साइड इफ़ेक्ट यह हुआ कि लोग अब ज्यादा से ज्यादा अखबार में छपने के लिये लालायित होने लगे। पहले जहां बात यह थी कि अच्छा लिखेंगे तो लोग ब्लॉग पर आयेंगे तो हिट्स बढ़ेंगी तो कमाई के अवसर बढेंगे। अब ब्लॉगर के दिमाग में अखबार में छपना भी दस्तक देता है। लेख का हुलिया ऐसा हो कि अखबार वाले उसे हमारे यहां से उठाकर छाप लें।

फ़ेसबुक ने और बवाल किया है। कहीं जरा सा आइडिया आया नहीं कि उसे चेंप दिया वहां पर। उसके बाद दूसरा आइडिया भी। खूब सारे आइडिया ठेल दिये जाते हैं दिन भर में। अगले दिन या उसी दिन शाम को उनको लेकर एक ठो पोस्ट तैयार हो जाती है।

ब्लॉग से कमाई का एक नया पहलू इधर सामने आया है। ब्लॉगरों की अपनी पोस्टों को छपाने की मासूम इच्छा का फ़ायदा कुछ प्रकाशकों ने उठाया। ब्लॉगरों की ब्लॉग पोस्टों के संकलन छापे। उनसे छपाई के लिये अर्थ सहयोग लिया और उनके रचनायें प्रकाशित कीं। कविताओं पर सबसे ज्यादा कृपा रही प्रकाशकों की। पता चला कि तीस-चालीस ब्लॉगर कवियों को इकट्ठा करके उनकी कवितायें छाप दीं। हरेक से दो-तीन हजार रुपये लेकर उनकी चार-पांच कवितायें संकलन में प्रकाशित की। चार-पांच प्रतियां दे दीं। विमोचन हो गया। ब्लॉगर खुश कि उसका भी संकलन छप गया। प्रकाशक खुश कि उसकी तीस-चालीस हजार की कमाई हो गयी-बिना एक भी किताब बेंचे हुये। ब्लॉगिंग अंतत: कमाई का साधन तो बन ही गया।

हमने अपने मित्र से कहा कि जो कवितायें संकलन में छपी हैं उनका जिक्र अपने ब्लॉग में कर दें ताकि हमको उनको दुबारा पढ़ सकें। ब्लॉग पर पोस्ट होने में मात्र दो रुपये लगे होंगे लेकिन कविता संकलन में छपने में उसका खर्चा पांच सौ आया। :)

हमको जब यह पता चला तो हमें इस बात की बहुत खुशी हुई कि हम कविता नहीं लिखते। यह भी लगा कि अच्छी आदतें कभी न कभी सुकून देती ही हैं।

इस बीच कलकत्ता जाना हुआ। शिवकुमार जी और प्रियंकर जी से मुलाकात हुई। चर्चा हुई कि ज्ञानजी ने लिखना कम कर दिया है। ब्लॉग छोड़ फ़ेसबुक पर टहलते रहते हैं। जब यह बताया गया ज्ञानजी को तो उन्होंने राजनीतिक पार्टी के प्रवक्ता की तरह उलट सवाल किया – वे ही लोग कौन तीर मार रहे हैं ब्लॉगिंग में?
अब यह चर्चा तो हुई नहीं थी वहां सो इस बात का क्या जबाब दिया जाये। :)

वैसे ज्ञानजी ने हमारे एक फ़ेसबुक स्टेटस पर यह उलाहना दिया था कि कभी हम सुबह-सुबह चिट्ठाचर्चा करते थे। (अब खाली स्टेटस ठेलते हैं)। अब उनकी इस बात का क्या जबाब दिया जाये बताइये भला। :)
नोट: ऊपर की पहली फोटो कलकत्ता एयरपोर्ट के बाहर की। दूसरी फोटो हमारे बगीचे की।

18 responses to “ब्लॉगजगत के बहाने इधर-उधर की”

  1. aradhana
    आप भी न. कुरेदने से बाज नहीं आयेंगे. अब झेलियेगा अरविन्द जी को. बहुत दिनों से वैसे भी लड़ाई नहीं हुयी. ब्लॉगजगत सूना-सूना लग रहा है :)
    “यह भी लगा कि अच्छी आदतें कभी न कभी सुकून देती ही हैं।” कविता न करना अच्छी आदत हैं- हैं. कवियों से भी निपटिए. हम खिसकते हैं. जब थोड़ा तमाशा हो जाएगा, तब आयेंगे :)
    aradhana की हालिया प्रविष्टी..New Themes: Blocco, Crafty, and Hustle Express
  2. eswam
    चिट्ठाकारी तो क्या गुरुदेव अब तो फेसबुक से भी लोग ऊब चुके हैं – पेंडुलम की तरह होते हैं शगल एक अति से दूसरी अति तक जाते हैं – इन्टरनेट का जादू ये है की एक चीज़ उबाए उस से पहले दूसरी हाज़िर हो जाती है – और इस नयेपन के नशे का ज़माना लती हो गया है.. अज्ञानीलोग “परिवर्तन ही एक शाश्वत है” और “ये विकल्पों का दौर है” जैसी बातें करते रहते हैं .. अरे यार स्वीकार लो ना की नेट लती हो – कहीं ना कहीं टाईम तो खोटी करना ही है. :)
    eswam की हालिया प्रविष्टी..कटी-छँटी सी लिखा-ई
    1. Gyandutt Pandey
      अरे, फेसबुक से भी कोई ज्यादा ताजा-टटका नशा आ गया है क्या? हमें पता ही न चला! फुरसतियऊ नहीं बताये – जब तब फोन पर बात तो हो लेती है!
      Gyandutt Pandey की हालिया प्रविष्टी..बिसखोपड़ा
  3. shikha varshney
    @ संयुक्त परिवार एकल सा हो गया है . यह खूब रही :). इसलिए नोक झोंक , उठा पटक कम हो गई है. परन्तु आप- हम जैसे काफी लोग अभी भी ब्लॉग्गिंग में लगे ही हुए हैं.
    ब्लॉग जगत के बहाने गुब्बारे में सूई चुभा ही दी है आपने. हम भी अराधना की तरह आते हैं बाद में धमाका देखने हा हा हा .
  4. प्रवीण पाण्डेय
    यह राह अभी बड़ी दूर तक जायेगी, एक दशक में इतना दिखा दिया है, अगले दशक में आश्चर्य से आँखें मूँद लेंगे।
    प्रवीण पाण्डेय की हालिया प्रविष्टी..अनिश्चितता का सिद्धान्त
  5. दयानिधि
    बड़ा ही आनंद आया और आइडिया भी जोरदार है. मैं भी लग जाता हूँ संकलन में और प्रकाशन में. धन्यवाद.
    दयानिधि की हालिया प्रविष्टी..जूता चल गया
  6. गिरीश बिल्लोरे
    सुकुल जी महाराज की जै हो
    आगे सब खैरियत है
    आलेख ग़ज़ब धार का लिक्खे हो मनीजर सा’ब
    एक बात कहे चाहता हूं
    मज़े तो सबके लेते हौ आप :)
    गिरीश बिल्लोरे की हालिया प्रविष्टी..आतंकवाद क्या ब्लैकहोल है सरकार के लिये
  7. संतोष त्रिवेदी
    हमारे मतलब का इत्ता ही निकला ‘कुछ ब्लॉगर अब लेखक बन गए हैं ‘
    .
    .हम तो बहुत मजे में हैं, तब भी थे !
  8. shefali
    ऐसी बात तो नहीं है ….कविता अच्छे खासी कर लेते हैं आप ….
  9. arvind mishra
    आखिर झेल न सके आप:-) मुझे तो लगता है कि मेरे लेखो को देख आप अदबदा कर जवान हुये! जाकी रही भावना जैसी.।।।
  10. सतीश सक्सेना
    मिश्र जी के बिना आपको भी नींद नहीं आती :)
    सतीश सक्सेना की हालिया प्रविष्टी..मैं अब खुश हूँ … – सतीश सक्सेना
  11. संजय @ मो सम कौन
    आपकी पोस्ट्स का संकलन का कब आ रहा है? :)
    संजय @ मो सम कौन की हालिया प्रविष्टी..धुंधली सी धुंध…..कहानी.(समापन)
  12. Abhishek
    :)
    Abhishek की हालिया प्रविष्टी..नए जमाने के विद्वान (पटना १६)
  13. arvind mishra
    हिन्दी ब्लॉग जगत में वे भी साहित्यकार -व्यंगकार होने का मुगालता पाल बैठे हैं जिन्हें श्रोत और स्रोत शब्द में फर्क नहीं दिखता :-( बेहतर हो वे पताका “क” और “ख” तक की बाबूगीरि तक ही सीमित रहें -हिन्दी साहित्य लेखन में दाल नहीं गलने वाली है बच्चू!
    अंगरेजी में भाग्य आजमा सकते हैं!
    1. सिद्धार्थ शंकर त्रिपाठी
      ऊड़ीबाबा… :D
      सिद्धार्थ शंकर त्रिपाठी की हालिया प्रविष्टी..फरवरी यूँ बीती…
  14. देवांशु निगम
    ज्ञान जी की बात को हलके में ना लिया जाए | एक बार फिर से चिट्ठाचर्चा की जोरदार फरमाइश हमारी तरफ से भी है |
    वैसे जवाबी पोस्टें पढ़ने में मज़ा बड़ा आता है , मामला थोड़ा कम हो गया है | खिंचाई के लिए भी फेसबुक ज्यादा बढ़िया प्लेटफोर्म दिख रहा है , टैगिया दिए सबको, इन्टीमेशन पहुँच गया | लेओ जवाब दे दनादन | :) :) :)
    देवांशु निगम की हालिया प्रविष्टी..वो दिन कैसा होगा !!!!
  15. : फ़ुरसतिया-पुराने लेख
    [...] ब्लॉगजगत के बहाने इधर-उधर की [...]

Leave a Reply

Tuesday, February 12, 2013

नमो नर्मदे मैया रेवा

http://web.archive.org/web/20140419160552/http://hindini.com/fursatiya/archives/4028

नमो नर्मदे मैया रेवा

अमरकंटक यात्रा के दौरान माई की बगिया में कई नर्मदा परकम्मावासियों से मुलाकात हुई। उनमें से एक दल सुबह स्नान के बाद नर्मदा भजन करने लगा। अपने मोबाइल कैमरे में उस भजन को हमने रिकार्ड कर लिया। वाद्ययंत्र तम्बूरा और डब्बा जिसमें रेजगारी से संगत दी जा रही थी। हमारे साथ के लोग भी संगत देने लगे। आप भी सुनिये भजन- नमो नर्मदे मैया रेवा।

osted in , , | 5 Responses

5 responses to “नमो नर्मदे मैया रेवा”

  1. प्रवीण पाण्डेय
    नमो नर्मदे…भक्तिमय कर गया संगीत..
    प्रवीण पाण्डेय की हालिया प्रविष्टी..आईआईटी – एक आनन्द यात्रा
  2. सतीश सक्सेना
    परकम्मा कर क्यों नहीं आते महाराज , तुम्हायी यारी से कछु हमारो भलो भी होयगो !
    नमो नर्मदे ..
    सतीश सक्सेना की हालिया प्रविष्टी..पुत्री वन्दना – सतीश सक्सेना
  3. ajit gupta
    ऐसे लोकगीतों का संग्रह होना ही चाहिए। आपको शुभकामनाएं।
    ajit gupta की हालिया प्रविष्टी..पुत्र-वधु, परिवार की कुलवधु या केवल पुत्र की पत्‍नी?
  4. Blog Bulletin
    आज की ब्लॉग बुलेटिन सनातन कालयात्री की ब्लॉग यात्रा – ब्लॉग बुलेटिन मे आपकी पोस्ट को भी शामिल किया गया है … सादर आभार !
  5. : फ़ुरसतिया-पुराने लेख
    [...] नमो नर्मदे मैया रेवा [...]
 

Wednesday, February 06, 2013

आहत होने पर सर्विस टैक्स

http://web.archive.org/web/20140420082908/http://hindini.com/fursatiya/archives/4006

आहत होने पर सर्विस टैक्स

आजकल आहत होने का मौसम चल रहा है।
आजकल जिसे देखो किसी न किसी बात पर आहत हो जाता है। पिछले दिनों तमाम लोग आशीष नंदी जी के बयान से आहत हो गये। कमल हसन अपनी फ़िलिम पर बैन से आहत हो गये। उधर कश्मीर में कोई साहब लड़कियों के बैंड से आहत हो गये। बापू आशाराम का एक भक्त उनकी लात से आहत हो गया। कोई किसी के चुटकुले से आहत हो गया, कोई किसी के बयान से। जिसे देखो उसको आहत का जुखाम हुआ है।
आहत का जुखाम जकड़ते ही दनादन बयानों की छींके शुरु हो जाती हैं। मामला संक्रामक हो लेता है। जिसे देखो वह भी बयान जारी करने लगता है। काटजू साहब ने पिछले दिनों नब्बे प्रतिशत भारतीयों को बेवकूफ़ कहा। जिनको बेवकूफ़ कहा वे तो समझदार निकले- कुछ बोले नहीं। लेकिन बाकी दस प्रतिशत लोग बेगानी शादी में अब्दुल्ला की तरह दीवाना बन गये। नब्बे प्रतिशत में शामिल होने के लिये अपनी बेवकूफ़ी दिखाते रहे। काटजू साहब के बयान पर बयान फ़ुटौव्वल करते रहे।
आहत होने का मजा दिखाने में है। जो आहत होता है वो मीडिया के पास जाता है। बताता है कि देखो हम आहत हुये हैं। हमारे आहत होने की खबर को दुनिया भर को दिखा दे भाई। मीडिया का तो काम ही आहत प्रसारण का है। वह अपने काम में जुट जाता है।
आहत का जुखाम आमतौर पर दो-तीन दिन चलता है। किसी आहत केस में आमतौर पर पहले दिन बयानों छींके सबसे ज्यादा आती हैं। दूसरे-तीसरे दिन मामला कंट्रोल में आ जाता है। मीडिया डाक्टर अगले आहत रोगी के राहत कार्य में जुट जाता है।
आहत होने की सुविधा आमतौर पर खास लोगों को ही उपलब्ध है। जैसे अंग्रेजों के जमाने में कुछ क्लबों में आमजनता और कुत्तों का प्रवेश वर्जित था वैसे ही आम लोगों को आहत होने की सुविधा हासिल नहीं हैं। कल के दिन दुनिया भर में न जाने कितनी लातें चलीं होंगी। उन लातों का जिक्र किसी मीडिया वाले ने नहीं किया होगा। लेकिन बापू आशाराम ने जो लात अपने भक्त को मारी वह खास लात है इसलिये उसका जिक्र मीडिया ने किया। उनके पहले के कारनामें उनको खास बनाते हैं।
आहत होने की सुविधा केवल खास लोगों को हासिल है। खास आदमी बड़ी तेजी से आहत होता है। जैसे ही उसके मन को कोई बात चुभी, उसके पेट पर लात पड़ी वह वह अपने आहत होने का पोस्टर बनवाता है। मीडिया के होर्डिंग पर टांग आता है। मीडिया अपने होर्डिंग की जगह किराये पर देती है। दो-तीन बाद दूसरे का आहत का पोस्टर टांग देती है।
आम आदमी न जाने कित्ता रोज परेशान होता है। गरीबी, बेईमानी, असुविधाओं, जाड़ा,गर्मी, बरसात, कोहरे की मार से हलकान होता है। पानी, बिजली, सड़क, गैस, तेल, रिजर्वेशन , दाखिले की समस्याओं से परेशान है। लेकिन उसको आहत होने की सुविधा हासिल नहीं है। आहत होने के लिये उसको पहले आम से खास बनना पड़ेगा। आम आदमी आहत होने के लिये ’इन्टाइटल्ड’ नहीं है। आहत होने की सुविधा केवल खास के लिये सुरक्षित है।
पहले सरकारें आम आदमी की नुमाइंदगी करतीं थीं। जनता की तरह उसने भी अपने को आहत होने की सुविधा से वंचित कर रखा था। इधर देखा जा रहा है कि वह आम से खास होती जा रही है। जरा-जरा सी बात पर आहत हो जा रही है। कार्टू्निस्टों को जेल भेज रही है। लेखकों पर पाबंदी लगा रही है।
सरकार को खुद आहत होने की बजाय लोगों के आहत होने की आदत का फ़ायदा उठाना चाहिये। आहत पर सर्विस टैक्स ठोंक देना चाहिये। जिसको आहत होना हो वो अपने आहत होने की मात्रा के हिसाब से सर्विस टैक्स जमा करे। मजे से आहत हो। सरकार की कमाई फ़ौरन बढ़ जायेगी। लोगों की आहत होने की आदत का इससे अधिक रचनात्मक उपयोग और भला क्या होगा? सरकार सबको आहत होने की सुविधा दे रही है। आहत सर्विस टैक्स वसूल रही है। सुविधा पर टैक्स तो जायज बात है भाई।
आहत सर्विस टैक्स लगेगा तो सरकार कभी उसे माफ़ करके अपने लिये फ़ायदे भी जुगाड़ सकती है। गरीबी रेखा के नीचे वालों पर फ़ुल आहत सर्विस टैक्स माफ़। पांच लाख तक की कमाई वालों के लिये आहत टैक्स में दस प्रतिशत छूट। कंपनियां तरह-तरह के आहत राहत पैकेज ला सकती हैं। आहत टैक्स प्लानर पाठ्यक्रम बनाये जा सकते हैं। आहत राहत स्कूल, विश्वविद्यालय खोले जा सकते हैं। आहत राहत सम्मेलन किये जा सकते हैं।
आहत होने के और रचनात्मक उपयोग बताने में डर सा लग रहा है। न जाने कौन किसी बात पर आहत हो जाये। :)

13 responses to “आहत होने पर सर्विस टैक्स”

  1. ajit gupta
    पहले तो लगा कि रवीश कुमार जी की पोस्‍ट का हवाला दे रहे हैं क्‍या? क्‍योंकि उनकी भी एक पोस्‍ट आयी थी कि लोग आहत हो रहे हैं। खैर टेक्‍स वाला आयडिया चल नहीं पाएगा, क्‍योंकि आहत वे हो रहे हैं, जिनके पास लीडरशिप है। और ये लोग तो टेक्‍स देते नहीं।
    ajit gupta की हालिया प्रविष्टी..हमें वापस लाना होगा आठवीं शताब्‍दी का उभय भारती वाला काल
  2. आशीष श्रीवास्तव
    बचपन मे बालहंस मे हम कवि आहत की रचनाये सुनकर आहत होते थे।
    आशीष श्रीवास्तव की हालिया प्रविष्टी..2 जनवरी 2013 : पृथ्वी सूर्य के समीपस्थ बिंदू पर !
  3. वीरेन्द्र कुमार भटनागर
    कुछ खास किस्म के लोगों के लिऐ टीवी पर छाये रहने यानि अपनी पब्लिसिटी का सुगम तरीका है समय-२ पर आहत करने वाले बयान देते रहना या कुछ ऐसी खुराफात करना कि लोग आहत हों या कम से कम आहत होने का नाटक करें।
  4. rachna
    आज कल रिवर्स सर्विस टैक्स भी होता हैं जो आहत हुआ वो सर्विस टैक्स देकर जिसने आहत किया उस से रिफंड हासिल कर सकता हैं
  5. aradhana
    हम आपकी पोस्ट से आहत हो गए :)
    aradhana की हालिया प्रविष्टी..Five minutes with Kathryn Presner
  6. प्रवीण पाण्डेय
    हमें आहत होने की आहट लग जाती है, कट लेते हैं, टैक्स भी बच जाता है।
    प्रवीण पाण्डेय की हालिया प्रविष्टी..गरीबी देना तो तमिलनाडु में
  7. arvind mishra
    पूरे फुरसतिया रंग में हैं आज तो :-) इन दिनों हम भी बहुत आहात चल रहे हैं -ये आहती सीजन ही है ?क्या
  8. भारतीय नागरिक
    टिप्पणी न आने से भी तो लोग आहत होते हैं. मतलब बिलागरान. उनके बारे में!
  9. संजय @ मो सम कौन
    बजट के मौसम में आपके सुझाव हम पहले से आहतों को हताहत करने में सक्षम हैं।
    संजय @ मो सम कौन की हालिया प्रविष्टी..पहचान
  10. गिरीश बिल्लोरे
    आज़ भी वही दशा है महाराज
    सच्ची फ़िलहाल तीसरी कसम देख लूं उनिप बांचता हूं
    फ़ुरसत हौयके फ़ुरसतिया जी
  11. गिरीश बिल्लोरे
    आज़ भी वही दशा है महाराज
    सच्ची फ़िलहाल तीसरी कसम देख लूं पुनि बांचता हूं
    फ़ुरसत हौयके फ़ुरसतिया जी
    गिरीश बिल्लोरे की हालिया प्रविष्टी..आतंकवाद क्या ब्लैकहोल है सरकार के लिये
  12. : फ़ुरसतिया-पुराने लेख
    [...] आहत होने पर सर्विस टैक्स [...]
  13. e cigarette cartridge cotton
    what’s an electronic cigarettes? electronic things, you can try going Sim Lim Square but remember to bargine!

Sunday, February 03, 2013

धूप अलसाई सी लेटी है

http://web.archive.org/web/20140420081754/http://hindini.com/fursatiya/archives/3987

धूप अलसाई सी लेटी है


सुबह दरवाजा खोलते ही धूप दिखी। एकदम दरवज्जे तक आकर ठहरी हुयी सी। जैसे सूदूर से कोई फ़रियादी किसी हाकिम के यहां पहुंच जाये। लेकिन उसके दरवज्जे में घुसने की हिम्मत न होने पर वहीं ठिठका खड़ा रहे कि अब क्या करूं! :)
ठिठकी धूप देखकर अपनी तुकबंदी/कविता याद आती है:
जाड़े में धूप
आहिस्ते से आती है,
धीमें-धीमे सहमती हुई सी।
जैसे कोई अकेली स्त्री
सावधान होकर निकलती है
अनजान आदमियों के बीच से।
धूप सहमते हुये
गुजरती है चुपचाप
कोहरे, अंधेरे और जाड़े के बीच से।
धूप सड़क , मैदान, छत, बरामदे में अलसाई सी लेटी है। उसको आज न दफ़्तर जाना है, न कचहरी न इस्कूल। ऊपर सूरज जी गर्म से हो रहे हैं। लगता है धूप को डांट रहे हैं – उसके आलस के लिये। शायद कह रहे हों -उठ जा बिटिया ब्रश करके नास्ता कर ले उसके बाद थोड़ा पढ़ ले। एक्जाम आने वाले हैं।
धूप लाड़ली अपने पापा के गले में बांहे डालकर फ़िर कुनमुनाती हुई सो जाती है। सूरज उसको प्यार से निहारते हुये अपनी ड्यूटी बजाने निकल पड़ते हैं। :)
एक आटो सड़क पर पसरी धूप को बेरहमी से कुचलता निकलता है। ऊपर से इसे देखकर सूरज का खून खौल जाता है। उनके शरीर का तापमान हजार डिग्री बढ़ जाता है। सूरज की गर्मी देख आटो वाले के पसीने आ जाते हैं। वह अपना स्वेटर उतारकर बगल में धर लेता है। भागता चला जाता है ! सरपट ! दूर ,बहुत दूर । डरते हुये – सड़क पर पसरी सूरज की बच्चियों को रौंदते हुये सलमान खान की तरह।
धूप , पेड़ – पौधों की पत्तियों पर पहुंची। सब सहेलियां आपस में चिपटकर चमकने , बिहंसने, बतियाने लगीं। धूप ने अपने सूरज से धरती तक अपने सफ़र की कहानी सुनाई। यह भी कि कैसे वह रास्ते में, पृथ्वी की परिक्रमा के बहाने मंडराते, तमाम आवारा आकाश पिंडो को गच्चा देते हुये आयी है।
एक सहेली ने कहा कि वे तुम उनको छोड़कर यहां चली आयी वे बेचारे अंधेरे में भटकते, तेरी याद में चक्कर काट रहे होंगे। बड़ी निष्टुर है तू यार धूप! इस पर सब खिलाखिलाकर हंस दीं। पत्तियां तो अब तक हंसते हुये थरथरा रही हैं।
गेंदे का फ़ूल धूप और पत्तियों को हंसते-खिलखिलाते देख अपना सर मटकाते हुये मुस्कराने लगा है। थोड़ा मोटा सा होने के चलते किसी सेठ का पेटू बेटा सा लगता है गेंदे का फ़ूल! उसको सिर मटकाते-मुस्कराते देख एक गुलाब की कली ने अपनी सहेली के कान में फ़ुसफ़ुसाते हुये कहा- बौढ़म कहीं का, बेवड़ा, बावला। ज्यादा नजदीकी के चक्कर में उसका कांटा सहेली-कली के चुभ गया। वह, उई मां! कहते हुये झल्लाते हुये तेजी से फ़ुसफ़ुसाई – गेंदे की आशिकिन अपना ये कांटा संभाल। हमारी नयी पत्ती में छेद कर दिया। ये तो रफ़ू भी नहीं होती कहीं :)
धूप,पत्तियों, फ़ूल, कलियों को चहकते-महकते देख पूरी कायनात मुस्कराने लगी।

मेरी पसंद

तुम्हारी याद
गुनगुनी धूप सी पसरी है
मेरे चारो तरफ़।
कोहरा तुम्हारी अनुपस्थिति की तरह
उदासी सा फ़ैला है।
धीरे-धीरे
धूप फ़ैलती जा रही है
कोहरा छंटता जा रहा है।

7 responses to “धूप अलसाई सी लेटी है”

  1. समीर लाल
    धीरे-धीरे
    धूप फ़ैलती जा रही है
    कोहरा छंटता जा रहा है।
    -शुभ संकेत हैं..शुभकामनाएँ.
    समीर लाल की हालिया प्रविष्टी..आहिस्ता आहिस्ता!!
  2. indian citizen
    अच्छा बिम्ब है. धूप, कुहरे और सूरज का.
    indian citizen की हालिया प्रविष्टी..सरोकार की पत्रकारिता और वेब-साइट पर तस्वीरें
  3. प्रवीण पाण्डेय
    धूप बस यही कहती है, मैं आ गयी हूँ.. आप भी आ जाओ।
    प्रवीण पाण्डेय की हालिया प्रविष्टी..बस, बीस मिनट
  4. sanjay jha
    जैसे कोई अकेली स्त्री
    सावधान होकर निकलती है
    अनजान आदमियों के बीच से।…….
    ……………………..
    ……………………..
    प्रणाम.
  5. mahendra gupta
    कोहरा तुम्हारी अनुपस्थिति की तरह
    उदासी सा फ़ैला है।
    भाव पूर्ण अभिवयक्ति
  6. सतीश सक्सेना
    आपने अपना फोटू बड़ा गज़ब खिचवाया है …
    सतीश सक्सेना की हालिया प्रविष्टी..भाषा इन गूंगो की -सतीश सक्सेना
  7. : फ़ुरसतिया-पुराने लेख
    [...] धूप अलसाई सी लेटी है [...]

Leave a Reply

सूरज जी लगता है धूप को डांट रहे हैं




धूप सड़क , मैदान, छत, बरामदे में अलसाई सी लेटी है। उसको आज न दफ़्तर जाना है, न कचहरी न इस्कूल। ऊपर सूरज जी गर्म हो रहे हैं। लगता है धूप को डांट रहे हैं उसके आलस के लिये। शायद कह रहे हों -उठ जा बिटिया ब्रश करके नास्ता कर ले उसके बाद थोड़ा पढ़ ले। एक्जाम आने वाले हैं। धूप लाड़ली अपने पापा के गले में बांहे डालकर फ़िर कुनमुनाती हुई सो जाती है। सूरज उसको प्यार से निहारते हुये अपनी ड्यूटी बजाने निकल पड़ते हैं।