Sunday, March 03, 2013

कुत्तों का मेला, सौंदर्य और प्रदर्शनी

http://web.archive.org/web/20140420082107/http://hindini.com/fursatiya/archives/4068

कुत्तों का मेला, सौंदर्य और प्रदर्शनी

आज सुबह कुत्तों का मेला देखने गये। :)

कल रात ही हमारे साथी बनर्जी जी ने अल्टीमेटम दे दिया था -सुबह चलना है। सुबह हुई नहीं कि उठो चलो का हांका होना शुरु हो गया। हम तो फ़िर भी उठ जाते हैं। हमारे साथ के देवांजंन की गुडमार्निंग इतवार को बारह बजे होती है। साढ़े नौ बजे निकले सिटी स्पोर्ट्स क्लब जबलपुर के लिये जहां मेला लगा था कुत्तों का।

मेले में देखा तरह-तरह के कुत्ते प्रदर्शनी में आये थे। सात ग्रुप की तीस वैराइटी के कुत्ते। पूरे मैदान में कुत्ते अपने मालिक/मालकिनों को अपने पीछे दौड़ा रहे थे। ढाई साल का चुहिया बिरादरी का कुत्ता इत्ता छोटा दिखा कि उसको अपने कोट की जेब में डाल के चल दे कोई। एक चुहिया बिरादरी वाले कुत्ते को बेस्ट ऑफ़ ब्रीड का इनाम का मिला तो उस पर कनपुरिया मित्र की प्रतिक्रिया आई- महँगाई का असर कुत्तों पर भी दिख रहा है इसकी खुराक कम कर दी गयी है पोषण नही मिला तो ये हाल हो गया है साल भर रुक जाता तो चूहा केटेगिरी में भी फर्स्ट आ जाता दो साल बाद अमीबा।

कुछ कुत्ते इत्ते तगड़े दिखे जैसे कोई मल्टीनेशनल कंपनी। किसी को भी ’टेकओवर’ करने के लिये जीभ लपलपाते हुये से। खड़े हो गये तो लगे कि अपन से ऊंचे हैं। एक कुत्ता इत्ता स्लिम, ट्रिम, हैंडसम टाइप दिखा कि अगर कुत्तों के मैट्रीमोनियल छपते होंगे तो उसके बारे में लिखा जाता- छरहरा, स्मार्ट, भोजन का खर्च चार अंकों में। इच्छुक लोग संपर्क करें।

कुत्ते को लोग खूबसूरत पिंजड़ों में लाये थे। जैसे डोली में बैठाकर सवारियां लाई जाती हैं। शो शुरु होने के पहले उनका मेकअप कर रहे थे लोग। बाल संवार रहे थे, कंघी करना, डियो से नहलाना, मुंह में पानी की पिचकारी से पानी पिलाना। कुत्ते और तमाम कुत्तों को देखकर भौंक रहे थे। शायद हेल्लो, हाऊ डू यू डू , व्हाट्स अप कह रहे हों।
माइक पर कुत्ता समारोह का संचालन शुद्ध हिन्दी में अपने राजेश जी कर रहे हैं। उतनी ही प्रांजल भाषा में जितनी में वे साहित्यिक समारोहों का संचालन करते हैं। कोई समारोह उन पर भाषा के भेदभाव का आरोप नहीं लगा सकता। लेकिन शो शुरु होते ही भाषा फ़िर वही अंग्रेजी हो गयी- लास्ट काल फ़ार टोकेन नंबर फ़िफ़्टी नाइन! :)

एक बच्ची जिसका नाम तान्या था अपनी मम्मी के साथ अपने पामेरियन कुत्ते को लेकर आई थी। आठ महीने का कुत्ता जिसका नाम शैडो था अपने आंखों में बाल लटकाये इधर-उधर टहल रहा था। पता चला कि उसका रजिस्ट्रेशन न होने के कारण उसको एडमिट कार्ड नहीं मिल सका। वह परीक्षा से वंचित हो गया। यह भी कि शैडो को तान्या की जिद पर उसके पापा ने बर्डडे गिफ़्ट किया था-कोलकत्ता से मंगाकर।

प्रतियोगिता से पहले कुत्तों की जांच होती दिखी। उसका ब्लडप्रेशर टाइप नापा गया, हार्टबीट भी। शायद यह भी देखा जाता हो कि कहीं कुत्ते ने कोई शक्तिवर्धक दवा तो नहीं ले रखी है। मेटलिक सेंसर से कुत्ते की वैसे ही जांच हो रही थी जैसे एयरपोर्ट पर यात्रियों की चेकइन करते समय होती है।

कुत्तों को माइक की आवाज से डिस्टर्बेंन्स हो रहा था सो साउंड बाक्स की दिशा बदली गयी। वैसे ही जैसे क्रिकेट खिलाड़ी की मांग पर स्टेडियम की साइड स्कीन इधर-उधर की जाती है।

निर्णायकों में एक महिला निर्णायक भी थीं। चुस्त-दुरुस्त। एक बार फ़िर लगा कि महिलायें हर उस क्षेत्र में बराबरी से दखल दे रही हैं जो कभी सिर्फ़ पुरुषों के लिये आरक्षित माने जाते थे।

कुत्तों की अलग-अलग तरह से नंबरिंग हो रही थी। दौड़ा के, चला के, स्ट्रेच करके। एक एक्शन में देखा कि कुत्ते अपनी टांगे फ़ैलाकर पूंछ को एंटिना की तरह ऊंची करके पोज दे रहे थे।

कुत्तों के मालिक/मालकिन अपने कुत्तों के सौंन्दर्य एवं कला प्रदर्शन में लगे थे। कभी-कभी कोई कुत्ता उनके निर्देशों का पालन न करता तो वे उदास हो जाते।

कुछ बड़े कुत्ते तो एकदम घोड़े जैसी दुलकी चाल से चलते दिखे। उनकी चाल में किसी विकसित राज्य के मुखिया सा आत्मविश्वास दिखा। उनके मालिक उनके इशारे पर उनको चला रहे थे।
एक
पामेरियनपामरेनियन कुत्ते की फोटो देखकर हमारे धीरेंद्र पांडेय बोले-इसको डंडे में बाँध कर जाला भी साफ़ किया जा सकता है! वो तो भला हो कि किसी पशुप्रेमी ने उनकी बात नहीं सुनी वर्ना आज इत्तवारै के दिन उनपर ठुक जाता मुकदमा पशुओं की बेइज्जती खराब करने का।

वहीं पर बड़ी मूंछों वाले एस.पी.पाण्डेयजी मिले। एस.पी. बोले तो सत्यप्रकाश पाण्डेय इलाहाबाद के पास सिराथू के रहने वाले हैं। फ़ौज की नौकरी से नायक के पद से रिटायर होने वाले पाण्डेयजी बैंकों की सुरक्षा का काम देखते हैं। उनकी मूंछें देखकर लगा कि मंछे हों तो पाण्डेयजी जैसी। :)

कुत्ता बड़ा स्वामिभक्त जानवर होता है। शो में देखा कि कुत्तों की देखभाल के लिये नौकर लगे थे। हमारी मेस में दो कुत्ते बाघा और लाली रहते हैं। सोचा उनको भी ले जाते। लेकिन उनको कैसे ले जाते। उनका वहां रजिस्ट्रेशन नहीं होता। वे आवारा कुत्ते हैं। लेकिन कोई भी आवाज होने पर मेस पूरी मेस को अपनी आवाज पर उठा लेते हैं। बीच में एक बार कांजी हाउस वाले पकड़कर ले गये थे बाघा को तो उसको बनर्जी जी ने छुड़वाया। एक बार जीप के नीचे लुढ़कनी खाने से बाघा का आत्मविश्वास उससे रूठा हुआ है जैसे सहवाग से उनका बल्ला। वह सहम-सहमा दीखता है जैसे अपने बॉस के सामने कोई कामचोर अधिकारी। :)

नीचे कुत्तों के मेले से कुछ और फोटो :
कुत्तों की जांच मेज।
इसको देख के लगा कि ये कुत्ता है ऊंट का बच्चा! वजन साठ किलो के करीब

क्या इस्टाइल है

धूप का चश्मा लगाये हीरो कुत्ता

अपनी बारी के इंतजार में एक डम्पलाट कुत्ता

अपनी बिरादरी चुहिया बिरादरी में सबसे अच्छा कुत्ता उमर दो साल

पामरेनियन कुत्ता

महिला निर्णायक

कुत्तों के मेले का नजारा

कुत्तों की इतनी प्रजाति थी मेले में

5 responses to “कुत्तों का मेला, सौंदर्य और प्रदर्शनी”

  1. arvind mishra
    “मेले में कुल 273 कुत्ते और कुतियाँ आयी थीं .अभी प्रदर्शन में कुछ देर थी ..मगर तभी वह खौफनाक माम्बा सांप मैदान में दिखा ..भगदड़ मच गयी .कितने कुत्ते कुतियाँ मालिक से पट्टे छुडा भाग चले …. कुछ एक दूसरे को देख गुर्राते रहे ,कुछ बुरी तरह झगड़ पड़े और 73 कुत्ते कुतिया तो प्रणय संसर्ग में आबद्ध हो गए !”
    जान गुडी की प्रसिद्ध कृति स्नेक की याद हो आयी! भाग्यशाली हैं आप ऐसे दृष्टांत के चश्मदीद बनें ! :-)
    सुधारें =पामेरियन नहीं पामरेनियन !
    arvind mishra की हालिया प्रविष्टी..कितना भटक गया इंसान :-(
  2. सतीश सक्सेना
    पामरेनियन…
    सतीश सक्सेना की हालिया प्रविष्टी..एक चिड़िया ही तो थी,घायल हुई -सतीश सक्सेना
  3. प्रवीण पाण्डेय
    आप तो श्वानमय वातावरण से भी एक पोस्ट झटक लाये..
    प्रवीण पाण्डेय की हालिया प्रविष्टी..टा डा डा डिग्डिगा
  4. Yashwant Mathur

    दिनांक 07/03/2013 को आपकी यह पोस्ट http://nayi-purani-halchal.blogspot.in पर लिंक की जा रही हैं.आपकी प्रतिक्रिया का स्वागत है .
    धन्यवाद!
  5. : फ़ुरसतिया-पुराने लेख
    [...] कुत्तों का मेला, सौंदर्य और प्रदर्शनी [...]

Thursday, February 28, 2013

एयरहोस्टेस, खूबसूरत दांत, मोटरसाइकिल, बजट और चांदनी

http://web.archive.org/web/20140420082605/http://hindini.com/fursatiya/archives/4042

एयरहोस्टेस, खूबसूरत दांत, मोटरसाइकिल, बजट और चांदनी


  1. हवाई यात्रा में जेट एयरवेज और इंडिगो में एयरहोस्टेसों को देखकर लगा कि इन एयरलाइनों ने हाईस्कूल करते ही इनको अपने यहां नौकरी में लगा लिया। लगा कि नाबालिग बच्चियों को हवा में उड़ा दिया गया है।
  2. एयर इंडिया में पुरुष एयरहोस्टेस देखकर लगा अब दुनिया स्त्री-पुरुष बराबरी की तरफ़ बढ़ रही हैं।
  3. चालीस पार की एक महिला सहयात्री काफ़ी देर से व्यक्तित्व विकास की किताब अंग्रेजी में पढ़ रही थीं। पता चला कि वो 1988 में जबलपुर इंजीनियरिंग कालेज से इंजीनियरिंग किये हैं। हमने कहा कि व्यक्तित्व जो बनना था बन चुका अब और क्या पर्सनालिटी डेवेलपमेंट होगा इस उमर में? वे हंसने लगी- बोली ऐसे ही पढ़ लेते हैं टाइम पास के लिये।
  4. सहयात्री सिंगापुर की सफ़ाई और अन्य सुविधाओं की तारीफ़ करती रहीं। हमने पूछा -अच्छा बताइये कि वहां क्या मानसिक रूप से इतना निश्चिंत रह पाती होंगी जितना अपने मायके (जबलपुर में ) रह लेती हैं। बोली -नहीं। वहां डर लगा रहता है कि जिस चीनी डाक्टर को दांत दिखा रहे हैं कहीं वो खराब न कर दे। यहां जबलपुर में सब जानते हैं। ध्यान से देखते हैं। सोचा उनके दांतों की खूबसूरती की तारीफ़ कर दें लेकिन तब तक जहाज में बैठने के लिये लाइन लगाने की घोषणा हो गयी। समय पर तारीफ़ न कर पाने की कसक अब तक हो रही है।
  5. कोलकता एयरपोर्ट पर एक आदमी टिकट बनाने वाली बच्ची (बच्चियां सी ही लगती हैं वहां तैनात कर्मचारी) पर झुंझलाते हुये जल्दी टिकट बनाने के लिये कह रहा था। उसकी फ़्लाइट छूटने वाली थी। लगा कि हवाई जहाज का टिकट लेने के साथ ही लोग झंझलाने का इंजेक्शन ठोंक लेते हैं अपने। जरा पहले निकलना था अगले को। अभी तक वो झुंझलाता आदमी दिख रहा है मुझे। उसके चक्कर में मोहतरमा के खूबसूरत दांत कम दिख रहे हैं।
  6. कलकत्ता में दो दिन के बंद के बावजूद शहर चल रहा था। लेकिन दुकाने बंद थीं। सड़क पर भीड़ जरा कम थी लेकिन शटर गिरे होने के चलते चहल-पहल कम दिखी।
  7. दो दिन पहले कानपुर में गलत तरफ़ से आ रही एक मोटरसाइकिल से डिवाइडर से उतरता एक आदमी टकरा गया। मोटर साइकिल में पीछे बैठी युवती कपड़े की गुडिया की तरह उछलकर नीचे जा गिरी। मोटरसाइकिल वाला हेलमेट लगाये-लगाये आदमी को हड़काने लगा -देखकर नहीं चलते। आदमी ने भी हड़काया – रांग साइड क्यों चलते हो। इत्ते में युवती उठकर वापस चुपचाप मोटर साइकिल पर बैठ गयी। लेकिन वे लड़ने में लगे रहे। हेलमेट तब भी नहीं उतारा अगले ने। मुझे लगा कानपुर में सड़क पर गलत साइड चलने वाले तक अपनी सुरक्षा के प्रति कितने जागरूक हैं- बहस करते समय तक हेलमेट पहने रहता है।
  8. आज बजट पेश होगा। सबकी तमन्ना है कि कर में कुछ छूट मिल जाये, सुविधाओं में बढोत्तरी हो जाये। हमें सिर्फ़ यही लग रहा है कि किसी मद में भ्रष्टाचार के लिये भी कुछ राशि का प्रावधान होता होगा क्या?
  9. ये ऊपर तस्वीर में दिख रहे बुजुर्ग कल हमारे मेस के पास की पुलिया पर बैठे दिखे। हमारे फोटो खींचने पर बुजुर्गवार ने बुढिया का मुंह कैमरे की तरफ़ कर दिया। बताया कि बागवानी का काम करते हैं। आज काम नहीं मिला सो बैठे हैं। इनको क्या पता कि आज बजट पेश होने वाला है जिसमें शायद उनके लिये भी कुछ प्रावधान हो। हो सकता बजट पेश हो जाये और उनको पता ही न चले। :)

मेरी पसन्द

स्वपन हो या सत्य हो ,तुम चांदनी हो ,
या ह्रदय तल पर उतरती रागिनी हो ।
है अधर या दीपमालाये सजी है
या नदी तट पर खड़ी सम्भावनाये ,
ये नयन संदेश उर का वांचते क्या
वेणियाँ है या कि उर की अर्गलाये ।।
खोल दो सच छाँव युग युग की मिलेगी
तुम सघन संघर्ष युग में चंदनी हो ।
स्वपन हो या सत्य हो ,तुम चांदनी हो ,
या ह्रदय तल पर उतरती रागिनी हो ।
हाथ मे अंगुली छुई ,स्पर्श हे यह ,
या की सम्मोहन दर्गो मे कांपता हे
यह मेरा मन यंत्र मापन का बना हे
कंबु ग्रीवा तक तुम्हे जो मापता हे ।।
प्रीति के इतिहास की अन्धी गली मे
तुम प्रिये शाश्वत सरलतम रोशनी हो ।
स्वपन हो या सत्य हो ,तुम चांदनी हो ,
या ह्रदय तल पर उतरती रागिनी हो ।
फिर वही विश्वास अधरों आंसुओ मे
जागकर चितवन तुम्हारी मांगता है
दूरियाँ पल की लगे ज्यो सीपिया हे
रिक्तता मे अश्रु मोती लापता हें ।।
तुम रेत पर बिखरी गुलाबी आस्था हो
या की फिर अभिसार की आशा बनी हो
स्वपन हो या सत्य हो ,तुम चांदनी हो ,
या ह्रदय तल पर उतरती रागिनी हो ।
-सरोज मिश्र शाहजहांपुर

12 responses to “एयरहोस्टेस, खूबसूरत दांत, मोटरसाइकिल, बजट और चांदनी”

  1. arvind mishra
    फेसबुक का बासी माल :-(
    पचास पार हो गए हैं कम से कम अब तो गगन (परिचारिका ) और सहयात्री विहार से तोबा कीजिये :-) बाल बच्चों का कुछ तो लिहाज करिए :-)
    arvind mishra की हालिया प्रविष्टी..एक अजूबा यह भी-दास्तान एक विषखोर पक्षी की …..
  2. दीपक बाबा
    वैसे डॉ मिश्र सही कह रहे हैं :) :) :)
  3. aradhana
    हम्म, आजकल आप भी अंत तक आते-आते दार्शनिक हो जाते हैं. वृद्ध युगल के माध्यम से बड़ी बात कह गए आप. कहाँ चिन्ता है किसी वित्त मंत्री को बागवानी का काम करने वाले जैसों की?
    वैसे बजट में उनके लिए प्रावधान हों या न हों, दोनों बूढ़ा-बूढ़ी साथ लग बहुत खुश रहे हैं. इनकी खुशी किसी वित्त मंत्री के बजट की मुहताज नहीं. आमीन :)
    aradhana की हालिया प्रविष्टी..Two Cities, Two Launches: A Pair of Sites Built on WordPress.com Enterprise
  4. PN Subramanian
    रोचक.
  5. shikha varshney
    टूटी थीं आशाएं अब टूट जायेगी कमर
    बजट में आम लोग ही करते हैं सफ़र (अंग्रेजी वाला :)).
    बढ़िया गगन से लेकर सड़क तक की रिपोर्ट रही.
  6. भारतीय नागरिक
    ज़ीरो बजट… दाँतों की तारीफ को जिप फाइल में सहेज कर रखें दुबारा मुलाकात होने पर झट से तारीफ को निकाल कर पेश कर दें…
  7. रवि
    चालीस पार की एक महिला सहयात्री काफ़ी देर से व्यक्तित्व विकास की किताब अंग्रेजी में पढ़ रही थीं >> कहीं कोई दूसरी प्रति मिले तो आप ले लीजिएगा और बांचने के बाद हमें दे दीजियेगा :)
    रवि की हालिया प्रविष्टी..फ्लिपकार्ट से 1000 शानदार म्यूजिक एलबम डाउनलोड करें एकदम मुफ़्त!
  8. manuprakashtyagi
    हम्म् , क्या आपके ब्लाग ​लेखन का पता घर में है ?
  9. Anonymous
    हां तो जो मन में आये, उसे तुरन्तै कर डाला कीजिये, ताकि कोई कसक न रह जाये :( अब टीस सहते रहिये अगले खूबसूरत दांत दिखने तक :) पोस्ट का क्या? अच्छी ही है.
  10. प्रवीण पाण्डेय
    अवलोकन व्यर्थ न जायें, सहेज तो लिये ही जायें।
    प्रवीण पाण्डेय की हालिया प्रविष्टी..टा डा डा डिग्डिगा
  11. Abhishek
    :) मजेदार. रांग साइड वाला मस्त :)
    Abhishek की हालिया प्रविष्टी..नए जमाने के विद्वान (पटना १६)
  12. : फ़ुरसतिया-पुराने लेख
    [...] एयरहोस्टेस, खूबसूरत दांत, मोटरसाइकिल, … [...]

Wednesday, February 27, 2013

पुलिया पर बुजुर्ग



ये बुजुर्ग हमारे मेस के पास की पुलिया पर बैठे दिखे। हमारे फोटो खींचने पर बुजुर्गवार ने बुढिया का मुंह कैमरे की तरफ़ कर दिया। बताया कि बागवानी का काम करते हैं। आज काम नहीं मिला सो बैठे हैं।