Sunday, October 20, 2013

एक फ़ेसबुकिये की डायरी

http://web.archive.org/web/20140420082204/http://hindini.com/fursatiya/archives/4979

एक फ़ेसबुकिये की डायरी

फ़ेसबुकआजकल फ़ेसबुक का जमाना है। लोग कुछ भी करते हैं उसका स्टेटस FB पर डालते हैं। समोसा खा रहे है। बोर हो रहे हैं। अच्छा लग रहा है। झुंझला रहे हैं। ब्लॉक/अनफ़्रेंड कर दिया। ऐसा फ़ील कर रहे हैं। वैसा महसूस हो रहा है। कुछ हो रहा है। कुछ-कुछ हो रहा है। कुछ भी किया जाये अगर उसको फ़ेसबुक पर न डाला जाये तो लगता है वो काम हुआ ही नहीं। फ़ेसबुक स्टेटस बिन सब सून।
हालांकि फ़ेसबुक पर लोग सब कुछ कह लेते हैं लेकिन फ़िर भी बहुत कुछ रह जाता है जिसे शराफ़त के मारे लोग साझा नहीं करते। ऐसे लोग अपने मन के भाव अपनी डायरी में लिखते हैं। ऐसी ही कुछ डायरियां हाथ लगीं। उनको देखकर लगा कि कितना कुछ छूट जाता है फ़ेसबुक आने से। उन डायरियों में से कुछ के अंश यहां प्रस्तुत हैं:
  1. आज फ़िर उसने अपनी प्रोफ़ाइल पिक बदली। बेवकूफ़ को पता नहीं कि प्रोफ़ाइल बदलने से शक्ल नहीं बदल जाती। मन नहीं था लेकिन लाइक करनी पड़ी। गिल्टी फ़ील हो रहा है। फ़ेसबुक के चलते कित्ता झूठ बोलना पड़ता है।
  2. उसने नयी फ़ोटो लगायी है। हवा में उड़ते हुये बाल देखकर मन किया कि लिखें- ये बाल नहीं तेरे सर से बची-खुची अकल निकलकर बाहर भाग रही है। लेकिन फ़िर लिखा नहीं। उसको ये खुशफ़हमी हो जाती कि उसके पास भी अकल है। किसी को क्यों धोखे में रखना। आंख मूंदकर फोटो लाइक कर दिया।
  3. उसने आज किसी को ब्लॉक करने की उद्घोषणा नहीं की। मन किया पूछूं कि तबियत तो ठीक है। लेकिन फ़िर नहीं पूछा। किसी के पर्सनल मैटर में क्या दखल देना। जित्ती देर में कमेंट लिखेंगे उत्ते में दस ठो लाइक कर लेंगे।
  4. पिछले दस दिन से एक ही आई.डी. से फ़ेसबुकिंग करते-करते बोर हो रहे हैं। खराब लग रहा है। सोचा था आज पक्का नई आई.डी. बनायेंगे। लेकिन नहीं बनाई। ये क्या हो रहा मुझे। गूगलिंग करना पड़ेगी कि ऐसी मन:स्थिति को क्या कहते हैं। कुछ इम्प्रेसिव कहते होंगे तो उसको अपना स्टेटस बना लेंगे। -फ़ीलिंग डिटरमाइन्ड।
  5. ब्लॉग
  6. देख रही हूं आजकल वो मुईं उसका स्टेटस सबसे पहले लाइक करती है। घोटाले के पीछे SAG की तरह उसके स्टेटस से चिपकी रहती है। पूछना पड़ेगा उससे चक्कर क्या है? आजकल चैट भी नहीं करता। लगता है नई आई.डी. से चैट करनी पड़ेगी। ये भी औरों की ही तरह है।
  7. आज उसने फ़िर कुत्ते के साथ अपना फ़ोटू लगाया है। मन तो किया मेनका गांधी को लिख दें कि देखिये आपके रहते जानवरों के साथ कित्ता तो अन्याय हो रहा है। लेकिन फ़िर छोड़ दिया। कमेंट किया-(कुत्ते का) फ़ोटो बहुत अच्छा लग रहा है। ब्रैकेट के अंदर वाली बात मन में कही। ही ही ही ही :) :) :)
  8. आजकल जिसे देखो, कविता लिखने में लगा है। कितना तो क्रूर हो गये हैं लोग। शब्दों के साथ अत्याचार देखकर मन दुखी हो जाता है। कुछ शब्दों से बात हुई। बेचारे कह रहे थे -पता होता कि हमारे साथ इत्ता बेरहम सलूक होगा तो हम डिक्शनरी से भाग जाते। फ़ीलिंग ……….(खाली जगह रीता से पूछ कर भरूंगी। उसको ये सब अच्छा आता है कि कब कैसे फ़ील होना चाहिये। )
  9. तीन दिन से दुष्ट ने हेल्लो नहीं बोला। सोचता है मैं पहले बोलूं। माई फ़ुट। मेरे पांच हजार दोस्त हैं तीन हजार तीस फ़ालोवर। उस बेवकूफ़ के तीन सौ इक्वावन दोस्त। गुस्सा आ गया। उसके स्टेटस पर (जिसको पहले लाइक किया था) जाकर स्टेटस को सैकड़ों बार डिसलाइक/लाइक किया। स्टेटस को झिंझोड़ कर रख दिया। कूल फ़ील हुआ। फ़िर स्टेटस लगाया- भुट्टा चबा रहे हैं, ठंड़ा पीते हुये। :)
  10. कुछ भाई लोग तो ज्ञान की बातें इत्ती बेवकूफ़ी से करते हैं कि मन करता है एक उन्नाव के डौंडिया गांव में खुदाई के लिये लगी एक ठो जेसीबी इनके दिमाग में भी लगा दें। सारी अकल का मलबा निकाल के दिमाग को खाली कर दें। लेकिन फ़िर लगता है कूड़ा कूड़ेदान में ही रहे तो अच्छा। जमीन पर काहे को फ़ैलाया जाये।
  11. आज मंडे की भी छुट्टी थी। छुट्टी मतलब संडे समझकर मैंने टीना को संडे वाली आई.डी. से हेल्लो बोल दिया। वो घंटे भर तक मुंह फ़ुलाये रही। तरह-तरह के बेवकूफ़ी के आइकान भेज कर उसको मनाना पड़ा। ये लड़कियां भी कित्ती चूजी होती हैं यार। मन तो किया कि स्टेटस लगाऊं -टाकिंग टू फ़ूल, फ़ीलिंग इर्रीटेटेड लेकिन फ़िर लगा वो समझ जायेगी तो स्टेटस लगाया- एन्ज्वाइंग संडे, फ़ीलिंग ग्रेट
  12. दोस्त बता रहा था कि वो आजकल बहुत व्यस्त है। दो आई.डी. बनाई है उसने। दोनों प्रधानमंत्रियों की तरफ़ से फ़ेसबुक पर जंग लड़ता है। एक आई.डी. किसी के खिलाफ़ स्टेटस लिखता है। दूसरी से उसके खिलाफ़ तर्क। घंटे दो घंटे एक स्टेटस पर कुश्ती लड़ने के बाद अगला स्टेटस लगा देता है। बता रहा था प्रधानमंत्री कोई बने उसका चमचाइनचीफ़ बनना पक्का है। राज्यमंत्री के दर्जे की आशा है। मन किया उसको कहें ’शेखचिल्ली कहीं के’ लेकिन ’ग्रेट’ कहके बॉय कह दिया। स्टेटस सटाया- फ़ीलिंग रिलैक्ड।
  13. भाईसाहब ने बहुत दिन से कोई स्टेटस अपडेट नहीं किया। आज एक लड़के को फ़ुसलाकर लगभग जबरियन समोसा खिला रहे हैं। पक्का दस मिनट के अंदर स्टेटस लगायेंगे- आज एक भूखे को भोजन कराया। संतुष्ट महसूस कर रहा हूं। मैं सोच रहा हूं कि मैं कमेंट करूंगा – क्या अजब पाखंड है। लेकिन मुझे पता है कि मैं किसी को हर्ट नहीं कर सकता। फ़ाइनली दिल पर पत्थर रखकर लिखूंगा- मानवता की सच्ची सेवा।
  14. आज शाम एक फ़्रेंड का फ़ोन आया। कहा आज किसी से फ़ेसबुक ब्रेकअप नहीं हुआ। तबियत घबरा रही है। फ़ीलिंग लो। मैंने कहा तो मैं क्या करूं? तो उसने कहा यार तू ही मुझसे लवर बनकर बात कर ले। आई.डी./पासवर्ड भेजा है तेरी मेल में। मैंने कहा -मुझे इस सब झमेले में नहीं पड़ना। उसने फ़िर दोस्ती की कसम दी तो मुझे दया आ गयी। मैंने कहा अच्छा चल लाग इन करते हैं। मेरी किस्मत अच्छी लाइट चली थी। मैंने उसको एस.एम.एस. किया। उसका जबाब आया -कोई नहीं मैंने खुद दो ब्राउजर से चैट करके ब्रेक अप कर लिया। तूझे हिचकिचा हो रही थी। अच्छे से हो भी नहीं पाता तेरे से। नाऊ फ़ीलिंग रिलैक्स्ड। मैंने स्टेटस लगाया- कैसे-कैसे फ़ेस हैं फ़ेसबुक के, फ़ीलिंग सरप्राइज्ड।
ऐसी न जाने कितनी बातें डायरी में लिखी हुई हैं। सबको यहां लिखना ठीक नहीं है। नमूने बता दिये। आप अन्दाजा लगाइये कि और क्या-क्या लिखा होगा डायरियों में।
आप भी फ़ेसबुक डायरी लिखते हों तो शेयर करिये अपने विचार। कोई हिचकिचाहट हो तो अनाम नाम से मुझे भेज दीजिये। हम छाप देंगे।

33 responses to “एक फ़ेसबुकिये की डायरी”

  1. विवेक रस्तोगी
    क्यों डायरी इधर लिखवाकर बबाल बुला रहे हैं, feeling irritated :(
    देखो ये फ़ुरसतिया जी कितने फ़ुरसती हैं जो FB पर डायरी भी लिखते हैं, इधर किताब पढ़ने का समय नहीं मिल पा रहा है, FB पर स्टेटस सटाने में, लाईक और टिप्पणी मॆं ही समय निकल जाता है, वैसे जो स्टेटस समझ नहीं आता उधर लाईक कर देते हैं, या फ़िर समझ नहीं आता कि अब इसमें टिप्पणी क्या की जाये, नहीं तो ब्लॉगिंग जैसे पढ़कर निकल लेते, अगर ब्लॉगर में भी लाईक वाला ऑप्शन होता तो लाईक ज्यादा आते टिप्पणियाँ कम :D
    विवेक रस्तोगी की हालिया प्रविष्टी..साइड अपर के लोचे और स्लीपर में ठंड को रोकने का इंतजाम
  2. देवेन्द्र बेचैन आत्मा
    आप जितना भी उकसाइये हम अच्छा-अच्छा ही लिखेंगे। इस पोस्ट को पढ़कर डायरी में जो लिखने का मन हुआ वह नहीं लिखेंगे नहीं तो आप मिटार सकते हैं । :) ..बहुत अच्छी पोस्ट।
  3. सिद्धार्थ शंकर त्रिपाठी
    भाई साहब, आपसे तो बहुत बचकर रहना पड़ेगा। कौन जाने किस बात को कैसा बनाकर छाप दें।
    सिद्धार्थ शंकर त्रिपाठी की हालिया प्रविष्टी..दशहरे के दिशाशूल
  4. HindiThoughts.Com
    खतरनाक पोस्ट
    HindiThoughts.Com की हालिया प्रविष्टी..Poem on Mind in Hindi
  5. Dr. Monica Sharrma
    ज़बरदस्त ….
    Dr. Monica Sharrma की हालिया प्रविष्टी..चेतनासंपन्न बन अपनी शक्ति साधे स्त्री
  6. amrendra nath tripathi
    क्या खूब लिखा है! मजा आ गया पढ़कर! :)
  7. Mahfooz Ali
    मैं कितना हंस रहा हूँ यह मैं बता आपको बता नहीं सकता … मन कर रहा है कि इस पोस्ट में से ताने लेकर डेली फेसबुक पर स्टेटस अपडेट करूँ …. अब यह तो करना ही पड़ेगा … आ आ आ आ ….. मम्मी …. ऒऒऒऒऒ …. बचाओ …. मेरे पेट में हँसते हँसते दर्द हो रहा है ….
  8. देवांशु निगम
    फेसबुक के इमोशन का मतबल अब समझ आया :) :)
    नाम बता दीजिए किसकी डायरी है, मौज आ जायेगी :) :)
    देवांशु निगम की हालिया प्रविष्टी..The “Talented” Culprit Since 1992
  9. mahendra mishra
    खूब रही आपकी फेसबुक डायरी … आनंदम
  10. संतोष त्रिवेदी
    फेसबुक में अनफ्रेंड या ब्लाक करना बहुत संवेदनशील मसला लगता है,दोनों पक्षों के लिए।
    ऐसा लगता है जैसे बिरादरी से हुक्का-पानी बंद हो जाता है !हम नए तरह का समाज बना रहे हैं जिसमें यह सब करके आत्म-संतुष्टि पा रहे हैं ।
  11. sushma
    ): पढ़ लिए,
  12. वाणी गीत
    कुछ सवालों के जवाब मालूम थे , आपने कन्फर्म कर दिये :)
    वाणी गीत की हालिया प्रविष्टी..गिरा अनयन नयन बिनु बानी…. शब्दों के चितेरे तुलसीदास
  13. सोमेश सक्सेना
    कभी ‘कट्टा कानपुरी’ की डायरी हाथ लगे तो उसे भी शेयर जरुर कीजियेगा. उनकी ‘रचना प्रक्रिया’ उर्फ़ दिमागी खुराफ़ात को समझने का मौका मिलेगा… :) :P
  14. आशुतोष कुमार
    मास्टरपीस !
  15. संतोष त्रिवेदी
    डिक्शनरी से भाग जाते…..गजब।
  16. leena
    badhiya .. subah subah muskrane ki vajah bani ye diary..
  17. sanjay jha
    हंसी बंद हो तो हाथ चले ‘टिपण्णी’ के लिए…………
    प्रणाम.
  18. Anonymous
    और कुछ चाहे हो या न हो , फेस बुक आदमी की शिनाख्त करने में बहुत मदद करती है । उसके शब्द ही उसकी शख्सियत की गवाही देते हैं । उसकी गहराई और उथलापन दोनों का साथ-साथ पता चल जाता है ।
  19. प्रियंकर
    धन्य हो प्रभो ! ऐसे ही बिंदास झाड़े रहो कलट्टरगंज .
    और अइसे ही अंतर्यामी किस्म का मन-पाठ और परआत्माप्रवेश करते रहो और उसे हम तक पहुंचाते रहो . शानदार !
    प्रियंकर की हालिया प्रविष्टी..बड़की भौजी / कैलाश गौतम
  20. meenakshi tiwari
    हा हा हा … हँसते हँसते लोट-पॉट हो गये हम तो ,
    मज़ा आ गया … फेसबुक समझ आ गया ….
  21. meenakshi tiwari
    हा हा हा … हँसते हँसते लोट-पॉट हो गये हम तो ,
    मज़ा आ गया … फेसबुक समझ आ गया ….
  22. Anonymous
    क्लासिक नमूने है … मजा आ गया …
  23. सतीश चन्द्र सत्यार्थी
    हाहाहा.. बढ़िया है.. कूड़ा कूड़ेदान में और फेसबुकिया फेसबुक पर.. ;)
    सतीश चन्द्र सत्यार्थी की हालिया प्रविष्टी..फेसबुक पर इंटेलेक्चुअल कैसे दिखें
  24. : फ़ुरसतिया-पुराने लेख
    [...] एक फ़ेसबुकिये की डायरी [...]
  25. प्रवीण पाण्डेय
    हा हा, ये डायरी तो हिट हो जायेगी।
    प्रवीण पाण्डेय की हालिया प्रविष्टी..कितनी पहचानें
  26. Alpana
    :)) बहुत खूब!
    आनंद आ गया पढ़कर .
    Alpana की हालिया प्रविष्टी..मुक्त – उन्मुक्त
  27. Dr. Shilpi Yadav
    आज पहली बार मैंने सुमन दीदी के बताने पर आपका ब्लॉग पढ़ा . बहुत ही सहज शब्दों में अपने मानव मन की भावनाएं इतने रोचक ढंग से लिखी है की बस यही कह सकती हु वाह वाह क्या बात है
    वैसे मुझे ऐसा लगता है की ऐसा फेसबुक ही नहीं वास्तविक जीवन में भी होता है (भावनाओ और विचारो का झूठा प्रदर्शन)
  28. arvind dikshit
    वाह बहुत मजेदार ..बधाई
  29. sandeep sharma
    बेहतरीन लिखा है आपने.. कुछ ऐसी शख्सियतों को मैं भी जानता हूँ..:)
  30. visit this site
    Is there a website which makes it easy to follow blogs and podcasts? I don’t experience an iPod, does that thing? .
  31. this post
    I’m searching to learn a great deal of towards the internet based surfing town as I can. Can everybody recommend their most favorite blogs and forums, tweet grips, or sites you ought to learn most detailed? The ones that are most requested? Many thanks! .
  32. go right here
    It seems there are web sites and web sites devoted to plenty of hobbies, those television for computer, tunes, resides of personalities, and the like.. . Although I very could not uncover online sites and weblogs devoted to browsing, nevertheless an afterthought relating to pastimes.. . Anybody know some basically very good and popular versions? Common and latest literature are generally awesome with me, since i have take a look at each of these.. . Thanks a bunch much! =o).
  33. Our site
    I am demanding my mommy. She doesn’t inevitably want to make profits off them, her role is to use her blog (when famous) and employ it as recommendations to likely help her grab a newspaper writing. She is known for a title for starters recognized as “Answers to Life’s Circumstances”. Precisely where can she article blog sites and also transform into favorite? She uploaded it pretty much on WordPress but there are 3 million people young and old writing weblogs hers gets to be wasted inside the merge. Any advice? .

Friday, October 18, 2013

गड़े खजाने को खोजता समाज

http://web.archive.org/web/20140420081541/http://hindini.com/fursatiya/archives/4967
rowse: Home / पुरालेख / गड़े खजाने को खोजता समाज

गड़े खजाने को खोजता समाज

सोते बाबाबाबा जी को सपना आया है। जमीन में सोना दबा है। सोना निकालने के लिये पुरातत्व विभाग बरसाती नदी सा उमड़ पड़ा है। लिये फ़ावड़ा, केंलवा, कुदाल खुदाई अभियान चालू हो गया है। खजाने के दावेदार हाजिर हो गये हैं। आंखे बेचैन हैं दीदार के लिये। आसपास के लोग खजाना देखने के भागे चले आ रहे हैं। जिसे देखो सुने-सुनाये किस्से दोहरा रहा हैं। स्कूलों ने भी छुट्टी कर दी है अपने यहां। जाओ बेट्टा खजाना देख के आओ। स्कूल कहीं भागा थोड़ी जा रहा है।
खुदाई स्थल के आसपास मेले सा माहौल बन गया है। चाय की दुकाने खुल गयीं हैं, पकौड़ी छन रही हैं, जलेबी कड़ाही में तैरने लगीं हैं। खजाने के इंतजार में लोगों के हाल- अंखड़ियां झाईं पड़ी पंथ निहारि-निहारि टाइप हो रहे हैं। बाबा जी जब बोले हैं तो खजाना मिलेगा कईसे नहीं! मिलेगा तो है ही। बस समय की बात है। बाबाजी कोई गलत थोड़े ही बोलेंगे।
मजेदार है अपना देश। हजार टन सोना दबा के चले गये राजाजी। लड़ रहे थे अंग्रेजों के खिलाफ़। हजार टन सोना दबाये धरे रहे और पराये देश के हुक्मरान उनके ही देश के सिपाहियों को नौकर बनाकर उनको निपटाय दिेये। जित्ता सोना उनके पास था उत्ता अगर सिपाहियों को देकर अपनी फ़ौज में भर्ती कर लेते तो अंग्रेज डेढ़ दिन में निपटा के फ़ांसी पर न लटका न पाते।
डेढ़ सौ साल बाद बाबाजी के सपने पर खुदाई हो रही है। मिलता है कि नहीं यह तो समय बतायेगा। लेकिन यह सारा कुछ अपने लोगों के दीवालियेपन की कहानी है। सोचा जा रहा है कि सोना मिलते ही सब कुछ बल्ले-बल्ले हो जायेगा। पेट्रोल पांच रुपये लीटर मिलने लगेगा, अनाज दो रुपये किलो। मंहगाई देश बदर हो जायेगी, भुखमरी आत्महत्या कर लेगी। गैरबराबरी का नामोनिशान मिट जायेगा।
देश की सारी समस्यायें भुखमरी, मंहगाई बेचारी थरथर कांप रही हैं। इधर खजाना मिला नहीं उधर उनकी गरदन हलाक। नामोनिशान मिट जायेगा उनका देश से।
भ्रष्टाचार इस सबसे बेपरवाह किसी कोने में खड़ा मुस्करा रहा होगा। अगले घोटाले का नाम सोच रहा होगा- बाबा घोटाला, खुदाई घोटाला, खजाना घोटाला या फ़िर सपना घोटाला।
सोना मिलते ही जिस तरह तमाम समस्याओं के हल की बात कही जा रही है उससे लगता है कि भारतीय समाज के हाल मानसिक रूप में उस फ़टेहाल परिवार की तरह हो गये हैं जो घरैतिन के गहने कपड़े बेचकर समस्याओं के तात्कालिक हल खोजने के उपाय सोचता है।
खजानाखजाने की कीमत कई लाख करोड़ आंकी गयी है। जो खजाना जमीन के अंदर गड़ा हो सकता है उसको खोदने में कुछ लोग लगे हैं। बाकी निठल्ले ताक रहे हैं। करोड़ों लोग ऐसे ही निठल्ले बैठे किसी चमत्कार की आशा में दिन गुजारते रहते हैं। न्यूनतन मजूरी अगर तीन सौ रुपया माने तो दस करोड़ लोगों के निठल्लेपन की रोज की कीमत 3000 करोड़ होगी। साल भर के निठल्लेपन की कीमत लाख करोड़। सैकड़ों सालों से हम ऐसे ही निठल्ले बैठे इंतजार कर रहे हैं कहीं कुछ खुदेगा और हमारा कल्याण होगा। जब अंतत: कल्याण होना ही है तो ससुर काहे को मेहनत की जाये।
खुदा न खास्ता अगर खजाना मिला तो सोना मिलते ही देश में हर विभाग में ’सपना बाबा’ की भर्ती चालू हो जायेगी। बाबा लोगों का काम सिर्फ़ सपना देखना होगा। सपने पर अमल करके विभाग फ़टाफ़ट कार्यवाही करेंगे। इनकम टैक्स वाले ’सपना बाबा’ छिपे हुये काले धन का सपना देखेंगे। कोयला मंत्रालय वाले ’सपना बाबा’ खोयी हुयी फ़ाइलों को। सेल्स टैक्स वाले बाबा ट्रकों में छिपाकर ले जाते सामान का सपना देखेंगे। फ़ौरन माल पकड़ा जायेगा। फ़ौज वाले ’सपना बाबा’ बंकर में बैठकर सपना देखेंगे और बतायेंगे कि घुसपैठ किधर से हो रही है। बन्दूकें किधर ताननी हैं। किसी घपले की बात चलेगी तो बाबाजी बुलाये जायेंगे। बाबा जी सपना देखकर बतायेंगे कि घपला हुआ है कि नहीं? बाबा कहेंगे हुआ है तब FIR दर्ज होगी। नहीं तो नहीं। लोग हल्ला मचायेंगे कि घपला हुआ है भाई । ये देखो सबूत। लेकिन उनको जबाब दिया जायेगा – अरे भाई सबूत सब ठीक है लेकिन जब बाबाजी को सपना नहीं आया घपले का तो कैसे मान लिया जाये गड़बड़ी हुई है। कैसे लिख लें FIR? जाओ भागो, सोने दो।
देश के विश्वविद्यालयों में सपने के पाठ्यक्रम लागू हो जायेंगे। सपने पर एम.ए., पी.एच.डी, होगी। सबसे बढिया सपना देखने वालने ’सपना बाबा’ को शेखचिल्ली सम्मान से नवाजा जायेगा। हर तरफ़ सपने ही सपने होगे। हकीकत की ऐसी-तैसी हो जायेगी।
पहले के महापुरुष समाज निर्माण का सपना देखने थे और अमल के लिये पुरुषार्थ की बात करते थे। आज के समाज में निठल्ले बाबा खजाने का सपना देख रहे हैं और पुरुषार्थी उसे खोदने के लिये पसीना बहा रहे हैं। हरामखोरी ने पुरुषार्थ को पटखनी दे दी है। पुरुषार्थ सर झुकाये निठल्ले की गुलामी कर रहा है।
बहुत हुआ यार अब चलते हैं। फ़टाक से सोते हैं। क्या पता अपन को भी सपने में कोई खजाना दिख जाये।
अनूप शुक्ल

12 responses to “गड़े खजाने को खोजता समाज”

  1. संतोष त्रिवेदी
    खजाने की खुदाई वहाँ हो रही है जहाँ पक्का नहीं है कि निकले।
    स्विस बैंक के खजाने को सरकार नहीं खोल रही,जहाँ मिलना तय है:-)
  2. रवि
    हा हा हा…
    ऐसे ही एक बाबा यहीं कहीं आसपास के शहर में किसी व्यापारी के यहां पहुंचे और बताया कि उनके घर में खजाना गड़ा है. व्यापारी ने अपने सामने घर को खुदवाया – भय था कि खोदने वाले माल गायब न कर दें – तो खोदते खोदते आधा मकान ही धराशायी हो गया और वे व्यापारी और बाबा दोनों ही जमींदोज हो गए!
    यह वाकया तो सोच और आस्था के दीवालिये-पन की पराकाष्ठा को भी लांघ गया है!
    रवि की हालिया प्रविष्टी..इन विशिष्ट मक्खियों मच्छरों के हमलों से तो आप भी नहीं बच पाएंगे!
  3. ashok kumar avasthi
    नेहरु जी की मेरे सपनो का भारत याद आ गई. अब बाबा जी के सपनो का चैप्टर लिखा जायेगा. इंडियन संविधान में साइंटिफिक टेम्पर डेवेलोप करने की बात है.सरकार खुदाई करा रही है. आर्थिक सम्पन्नता के लिए फाइव इयर प्लान्निंग्स चल रही हैं .लेकिन हमारे रहनुमा दिवा स्वप्ना देख रहें हैं.इन्ही विरोधाभान्सो का नाम है इंडिया यानि भारत.
  4. देवांशु निगम
    पता नही क्या पागलपन है | सही कहा “हर शाख पर उल्लू बैठा है, अंजामे गुलिस्तान क्या होगा” |
    देवांशु निगम की हालिया प्रविष्टी..The “Talented” Culprit Since 1992
  5. Abhishek Chaturvedi
    बाबाजी के बाद आजकल सभी लोग सपने में सोना देख रहे हैं और सोने की चाह में ठीक से सो तक नहीं पा रहे हैं. सपना बाबा बनने के लिए अभी से तैय्यारी शुरू कर दी है.
  6. arvind mishra
    आप भी तो एक पोस्ट की जुगाड़ कर लिए – :-)
    arvind mishra की हालिया प्रविष्टी..घोड़ा घास से यारी करेगा तो खायेगा क्या…..(तीन दशकीय सेवा संस्मरण- 5)
    1. sanjay jha
      (:(:(:
      प्रणाम.
  7. देवेन्द्र बेचैन आत्मा
    हा हा हा…बढ़िया है। हमने भी अभी ऐसा ही कुछ लिखा था जी….
    सोना नहीं मिला तो बुरा होगा। मिल गया तो बहुत ही बुरा होगा। भगवान करे न मिले। बुरा हो, अधिक बुरा न हो। बहुत बुरा ऐसे होगा कि कल श्रीमति जी को भी सपना आ सकता है। चार-छः फुट का आंगन बचा है, उसकी भी खुदाई करनी पड़ सकती है। नये-नये बाबाओं और नए-नए अंधविश्वासी भक्तों की ऐसी फौज खड़ी हो जायेगी मुल्क में कि जीना दूभर हो जायेगा। पता चला जिसके पास जितनी जमीन है उसी की खुदाई कर रहा है। बड़े-बड़े साहित्यकार, वैज्ञानिक घर के दबाव को न झेल पाने के कारण कलम छोड़ फावड़े लिए फूट-फूट कर रोते नज़र आ सकते हैं। सीमा पर तैनात सैनिक कह सकते हैं- चलो अब गांव चलें..सुना है अपनी जमीन में खजाना छुपा है। कृष्ण का कर्मयोग, अंधविश्वासियों के आगे फीका पड़ जायेगा। भाइयों में झगड़े, पती-पत्नी में नये प्रकार के विवाद होंगे। नेता अपनी जनता को विश्वास दिलाते हांफते नज़र आयेंगे…हाँ हाँ मानता हूँ। तुम्हारे वाले गांव के बाबा बड़े सच्चे बाबा हैं। उनको भी सपना आया है। तुम्हारी वाली जमीन की भी खुदाई का प्रस्ताव सरकार के पास भेजा चुका है। नये-नये नारे जन्म लेंगे…तुम मुझे वोट दो, मैं तुम्हारे गांव में खुदाई कराऊँगा। भारी अराजकता का सामना करना पड़ सकता है। पुष्ट वैज्ञानिक प्रमाणों के बिना, मात्र सपने के आधार पर ही सोने की लालच में यदि यह खुदाई की जा रही है तो अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है। सारी ‘खुदाई’ सोने पर सिमट कर रह जायेगी। सुना था कलयुग सोने पर चढ़कर आया है। लगता है सही सुना था।
  8. सिद्धार्थ शंकर त्रिपाठी
    मैंने आपकी यह पोस्ट फेसबुक पर सटायी तो नक्सलवाद के प्रति उदार दृष्टि रखने वाले एक खूंखार बुद्धिजीवी ने मुझे संघी करार दिया। कह रहे थे कि इस प्रकरण पर मीडिया का ध्यान बंट जाने पर मोदी का समाचार कम आ रहा है जिसके कारण मैं खीझ गया हूँ। :)
    अब आप अपनी चिन्ता का टोकरा कहाँ ले जाएंगे? उन्नाव के ग्रामीण अंचल के उन अनपढ़ लोगों तक या तथाकथित बुद्धिजीवी वर्ग के पास जो इतनी दूर की कौड़ी लाता है कि जी भन्ना जाता है। वैसे आपने इस प्रभुवर्ग की जाहिली की अच्छी खबर ली है।
    सिद्धार्थ शंकर त्रिपाठी की हालिया प्रविष्टी..दशहरे के दिशाशूल
  9. amit kumar srivastava
    ‘टी वी’ पैसा देकर न खरीदा होता तो अब तक फोड़ दिया होता । शर्म आती है सरकारी व्यवस्था देख कर । बाबा तो बाबा है ,उसका तो धर्म है लोगो को गुमराह करना ,पर सरकार भी गुमराह हो गई ..ताज्जुब है ।
  10. प्रवीण पाण्डेय
    इतना धन रहता तो फौज खड़ी कर लिये होते।
    प्रवीण पाण्डेय की हालिया प्रविष्टी..कितनी पहचानें
  11. Anonymous
    बहुत बढ़िया ……..

Sunday, October 13, 2013

रावण जी आज होते तो….

http://web.archive.org/web/20140420082702/http://hindini.com/fursatiya/archives/4958

रावण जी आज होते तो….

रावणआज दशहरा है। आज जगह-जगह रावण का पुतला फ़ूंका जाता है। भलाई की बुराई पर जीत का जश्न मनाया जाता है। रावण का पुतला जलाकर लोग खुश हो लेते हैं कि बुराई स्वाहा हो गयी। साल भर की छुट्टी। अब अगले साल फ़िर निपटा जायेगा बुराई से।
अब राम और रावण तो हमारे पूर्वज थे। उनका आपस में क्या बवाल था ये तो वे लोग ही जान सकते हैं। लेकिन सुनी-सुनाई बातों को अगर सच माने तो रावण ने राम की पत्नी सीता का हरण कर लिया था। जिसके चलते पहले तो राम जी बहुत रोये ताकि लोग उनको पत्नी को प्रेम करने वाला आदर्श पति मानें। इसके बाद हनुमान, सुग्रीव आदि की मदद से रावण पर हमला कर लिया और उनको मार डाला।
अब ये बात तो पुरानी है तो कहा नहीं जा सकता कि उस समय के लिहाज से क्या किसी स्त्री की अपहरण की सजा मौत रही होगी? आज के हिसाब से तो देखा जाये तो सजा जरा ज्यादा है। स्त्री से दुराचार तक की सजा सात है मात्र। जबकि रावण जी तो सीता के साथ फ़ुल इज्जत के साथ पेश आये। खाने-पीने का ख्याल रखा। अशोक वाटिका नाम फ़ार्म हाउस में रखा। इत्ती सुविधायें तो बड़े-बड़े वीआईपी कैदियों तक को नहीं मिलतीं। त्रिजटा नामक के सेविका भी उनके लिये रखी। इत्ती सुविधा देने के बावजूद उनको मार दिया राम जी ने! तो भाई ये उन दोनों पूर्वजों के बीच के मामला है हम कुछ कह नहीं सकते लेकिन लगता है कुछ सजा ज्यादा हो गयी।
हमें तो ये लगता है राम जी के इरादे कुछ और थे और उन्होंने बताये कुछ और। कुछ-कुछ अमेरिका की तरह हिसाब था उनका। जैसे अमेरिका हर देश में शांति स्थापना के लिये बमवर्षाता रहता है वैसे ही राम जी ने भी रावण को बहाने से मार दिया। रामजी के इरादे कुछ और भी रहे होंगे। जैसे अमेरिका हर देश की सरकारें उलट-पुलट कर अपने चेले-पिट्ठू बैठाता रहता है वैसे ही रामजी ने भी किया। पहले बालि को निपटाकर सुग्रीव को गद्दी दिलाई। फ़िर लंका में आग लगवा दी ताकि वहां अस्थिरता हो जाये और फ़िर धीरे से रावण को निपटाकर विभीषण को गद्दी पर बैठा दिया। जैसे आजकल अमेरिका अरब देशों के तेल पर कब्जे की नीयत से उलट-पुलट करता है उसी तरह शायद राम जी की नजर लंका के सोने पर रही हो। रावण को मारने के पहले उसको कायदे से बदनाम करवा दिया ताकि उसके मारे जाने पर ज्यादा हल्ला न मचे।
दशहरालगता है कि उस समय के मानवाधिकार वाले भी कमजोर रहे होंगे। नहीं तो खाली एक स्त्री के अपहरण के अपराध में किसी को खुले आम मारने पर तो वे आसमान सर पर उठा लेते और टांगे-टांगे घूमते रहते। जबकि उसी समय में तमाम देवताओं ने ॠषियों ने छल-बल से न जाने कित्ती स्त्रियों से दुराचार किया लेकिन उनको कोई सजा नहीं मिली। यह सजा का भेदभाव है।
यह भी हो सकता है कि राम जी ने रावण को इसलिये मार दिया हो जिससे कि उन्होंने जो खर दूषण, ताड़का, सुबाहु को मारा, सूर्पणखा की नाक काट दी और रावण के दूसरे रिश्तेदारों को निपटा दिया उसकी फ़ाइलें रावण न खुलवा सकें। उनको लग गया होगा कि अगर कहीं रावण जिन्दा बचा रहा और बाद में इन सब मामलों की सच्चाई सामने आई तो उनका ’मर्यादा पुरुषोत्तम’ बनने के अभियान में बाधा आ सकती है।
सीता जी के प्रति राम के अगाध प्रेम की बात भी इसलिये कम समझ में आती है क्योंकि अगर खाली सीता के प्रति लगाव के चलते राम ने रावण को मारा होता तो बाद में सीता जी को त्यागते नहीं। वह भी तब जब सीता जी गर्भवती थीं। आजकल की सरकारें तक मातृत्व/पितृत्व अवकाश देती हैं स्त्रियों की देखभाल के लिये। ऐसे में रामजी ने उनको जंगल भेज दिया। यह कुछ समझ में नहीं आया मामला। ये अच्छा नहीं किया राम जी ने। वो तो कहो सीता जी भले घर की थीं वर्ना इसके चलते और बाद में सीता जी की आत्महत्या के चलते उनको लेने के देने पड़ जाते।
अब जबकि हजारों साल बीत गये होंगे इस घटना को तो कुछ कहा नहीं जा सकता कि सच क्या था लेकिन लगता यही है कि रावण के साथ कुछ ज्यादती हुयी। आज के समय में इत्ते बड़े अपराध की सजा हद से हद दो-तीन साल होती। वह भी पचीस तीस साल मुकदमा चलने के बाद। आज के समय में होता तो रावण देश के सबसे बढिया वकील करता और वकील साबित कर देता कि रावण सीता की रक्षा के लिये उनको अपने फ़ार्म हाउस में ले आया। उसका कोई गलत इरादा नहीं था। हो सकता है वो अपने फ़ार्म हाउस का खर्चा राम से वसूल लेता। क्या पता काटजू जी टाइप का कोई जज होता तो वो राम जी को चार बातें भी सुनाता कि अपनी पत्नी की देखभाल ठीक से नहीं कर पाते तो उनको साथ में लेकर जंगल क्यों आये।
लोग कहते हैं कि अंत में सत्य की विजय होती है। लेकिन हमें तो यही लगता है कि जो अंत में होता है उसी को लोग सत्य मान लेते हैं। यही रावण जी के साथ हुआ। बेचारे छोटे अपराध में बड़ी सजा पा गये। विद्वान बेचारा, बदनाम होकर मरा। रावण के मुकाबले कई गुना बड़े अपराधी उसको बुराई का प्रतीक मानकर जलाते हैं। पर्यावरण का नुकसान करते हैं। बुराई पर अच्छाई की जीत का गाना गाते हैं।
लगता है इस बार रावण के साथ हुये अन्याय का आभास हुआ आसमान को इसीलिये पानी बरसा है। जगह-जगह रावण के पुतले भीग गये। समन्दर भी गवाह रहा था रावण के साथ हुये अन्याय का सो वह भी गरजता हुआ तूफ़ान के रूप में आया है रावण की दुर्दशा बचाने।
आपको क्या लगता है?

11 responses to “रावण जी आज होते तो….”

  1. देवांशु निगम
    हमको तो ई लग रहा है कि कोई तगड़ा विचार-विमर्श (लड़ाई – झगड़े का शुद्ध भाषा में नाम)शुरू होने वाला है :) :)
    बाकी, सीता जी के त्याग वाले मुद्दे पर राम चन्द्र जी का पक्ष मुझे समझ नहीं आता |
    देवांशु निगम की हालिया प्रविष्टी..The “Talented” Culprit Since 1992
  2. संतोष त्रिवेदी
    बहुतै सटीक ठोंके हैं आज के राम को :-)
  3. rachana tripathi
    कौन जाने कहीं इससे भी बड़का रावण तैयार हो रहा हो. बादल उसी की भविष्यवाणी कर रहा हो
    rachana tripathi की हालिया प्रविष्टी..राजनीति अब शरीफों के लिए नहीं रही…
  4. प्रवीण पाण्डेय
    सच में, सत्य कुछ और लिखा गया होता, रावणजी अपना दृष्टिकोण अवश्य बताते। ओसामाजी को अवसर मिला भी था।
    प्रवीण पाण्डेय की हालिया प्रविष्टी..कानपुर से बंगलोर
  5. arvind mishra
    रावण की परम्परा साबित है
    arvind mishra की हालिया प्रविष्टी..और ज़िंदगी चल पडी …..(नौकरी के तीस वर्ष-श्रृंखला )
  6. arvind mishra
    अध्यात्म की नायाब भेंट
    arvind mishra की हालिया प्रविष्टी..और ज़िंदगी चल पडी …..(नौकरी के तीस वर्ष-श्रृंखला )
  7. PN Subramanian
    बहुत सुन्दर. अब यह बहस का मुद्दा बन गया है और चारों तरफ हो भी रही है.
    PN Subramanian की हालिया प्रविष्टी..ब्रेड फ्रुट ट्री – हमारा कल्प वृक्ष
  8. अन्तर सोहिल
    यही लगता है कि
    नायक विजयी नहीं होता, बल्कि विजयी ही नायक होता है।
    कहानी या इतिहास तो बाद में लिखा जाता है।
    प्रणाम स्वीकार करें
  9. Abhishek
    मीडिया -विडिया भी मिला के मामला बहुत टीआरपी वाला बनता :)
    Abhishek की हालिया प्रविष्टी..संयोग
  10. Anonymous
    दशहरा है। आज जगह-जगह रावण
    का पुतला फ़ूंका जाता है। भलाई की बुराई पर
    जीत का जश्न मनाया जाता है। रावण
    का पुतला जलाकर लोग खुश हो लेते हैं कि बुराई
    स्वाहा हो गयी। साल भर की छुट्टी। अब अगले
    साल फ़िर निपटा जायेगा बुराई से।
    अब राम और रावण तो हमारे पूर्वज थे। उनका आपस
    में क्या बवाल था ये तो वे लोग ही जान सकते हैं।
    लेकिन सुनी-सुनाई बातों को अगर सच माने
    तो रावण ने राम की पत्नी सीता का हरण कर
    लिया था। जिसके चलते पहले तो राम जी बहुत रोये
    ताकि लोग उनको पत्नी को प्रेम करने
    वाला आदर्श पति मानें। इसके बाद हनुमान, सुग्रीव
    आदि की मदद से रावण पर हमला कर लिया और
    उनको मार डाला।
    अब ये बात तो पुरानी है
    तो कहा नहीं जा सकता कि उस समय के लिहाज
    से क्या किसी स्त्री की अपहरण की सजा मौत
    रही होगी? आज के हिसाब से तो देखा जाये
    तो सजा जरा ज्यादा है। स्त्री से दुराचार तक
    की सजा सात है मात्र। जबकि रावण
    जी तो सीता के साथ फ़ुल इज्जत के साथ पेश आये।
    खाने-पीने का ख्याल रखा। अशोक वाटिका नाम
    फ़ार्म हाउस में रखा। इत्ती सुविधायें तो बड़े-बड़े
    वीआईपी कैदियों तक को नहीं मिलतीं।
    त्रिजटा नामक के सेविका भी उनके लिये रखी।
    इत्ती सुविधा देने के बावजूद उनको मार दिया राम
    जी ने! तो भाई ये उन दोनों पूर्वजों के बीच के
    मामला है हम कुछ कह नहीं सकते लेकिन लगता है
    कुछ सजा ज्यादा हो गयी।
    हमें तो ये लगता है राम जी के इरादे कुछ और थे और
    उन्होंने बताये कुछ और। कुछ-कुछ अमेरिका की तरह
    हिसाब था उनका। जैसे अमेरिका हर देश में
    शांति स्थापना के लिये बमवर्षाता रहता है वैसे
    ही राम जी ने भी रावण को बहाने से मार दिया।
    रामजी के इरादे कुछ और भी रहे होंगे। जैसे
    अमेरिका हर देश की सरकारें उलट-पुलट कर अपने
    चेले-पिट्ठू बैठाता रहता है वैसे ही रामजी ने
    भी किया। पहले बालि को निपटाकर सुग्रीव
    को गद्दी दिलाई। फ़िर लंका में आग
    लगवा दी ताकि वहां अस्थिरता हो जाये और
    फ़िर धीरे से रावण को निपटाकर विभीषण
    को गद्दी पर बैठा दिया। जैसे आजकल
    अमेरिका अरब देशों के तेल पर कब्जे की नीयत से
    उलट-पुलट करता है उसी तरह शायद राम
    जी की नजर लंका के सोने पर रही हो। रावण
    को मारने के पहले उसको कायदे से बदनाम
    करवा दिया ताकि उसके मारे जाने पर
    ज्यादा हल्ला न मचे।
    लगता है कि उस समय के मानवाधिकार वाले
    भी कमजोर रहे होंगे। नहीं तो खाली एक स्त्री के
    अपहरण के अपराध में किसी को खुले आम मारने पर
    तो वे आसमान सर पर उठा लेते और टांगे-टांगे घूमते
    रहते। जबकि उसी समय में तमाम देवताओं ने
    ॠषियों ने छल-बल से न जाने कित्ती स्त्रियों से
    दुराचार किया लेकिन उनको कोई
    सजा नहीं मिली। यह सजा का भेदभाव है।
    यह भी हो सकता है कि राम जी ने रावण
    को इसलिये मार दिया हो जिससे कि उन्होंने
    जो खर दूषण, ताड़का, सुबाहु को मारा,
    सूर्पणखा की नाक काट दी और रावण के दूसरे
    रिश्तेदारों को निपटा दिया उसकी फ़ाइलें रावण
    न खुलवा सकें। उनको लग गया होगा कि अगर
    कहीं रावण जिन्दा बचा रहा और बाद में इन सब
    मामलों की सच्चाई सामने आई
    तो उनका ’मर्यादा पुरुषोत्तम’ बनने के अभियान में
    बाधा आ सकती है।
    सीता जी के प्रति राम के अगाध प्रेम की बात
    भी इसलिये कम समझ में आती है क्योंकि अगर
    खाली सीता के प्रति लगाव के चलते राम ने रावण
    को मारा होता तो बाद में
    सीता जी को त्यागते नहीं। वह भी तब जब
    सीता जी गर्भवती थीं। आजकल की सरकारें तक
    मातृत्व/पितृत्व अवकाश देती हैं
    स्त्रियों की देखभाल के लिये। ऐसे में रामजी ने
    उनको जंगल भेज दिया। यह कुछ समझ में
    नहीं आया मामला। ये अच्छा नहीं किया राम
    जी ने। वो तो कहो सीता जी भले घर
    की थीं वर्ना इसके चलते और बाद में
    सीता जी की आत्महत्या के चलते उनको लेने के देने
    पड़ जाते।
    अब जबकि हजारों साल बीत गये होंगे इस
    घटना को तो कुछ कहा नहीं जा सकता कि सच
    क्या था लेकिन लगता यही है कि रावण के साथ
    कुछ ज्यादती हुयी। आज के समय में इत्ते बड़े अपराध
    की सजा हद से हद दो-तीन साल होती। वह
    भी पचीस तीस साल मुकदमा चलने के बाद। आज के
    समय में होता तो रावण देश के सबसे बढिया वकील
    करता और वकील साबित कर देता कि रावण
    सीता की रक्षा के लिये उनको अपने फ़ार्म हाउस
    में ले आया। उसका कोई गलत इरादा नहीं था।
    हो सकता है वो अपने फ़ार्म हाउस का खर्चा राम
    से वसूल लेता। क्या पता काटजू जी टाइप का कोई
    जज होता तो वो राम जी को चार बातें
    भी सुनाता कि अपनी पत्नी की देखभाल ठीक से
    नहीं कर पाते तो उनको साथ में लेकर जंगल
    क्यों आये।
    लोग कहते हैं कि अंत में सत्य की विजय होती है।
    लेकिन हमें तो यही लगता है कि जो अंत में होता है
    उसी को लोग सत्य मान लेते हैं। यही रावण जी के
    साथ हुआ। बेचारे छोटे अपराध में
    बड़ी सजा पा गये। विद्वान बेचारा, बदनाम होकर
    मरा। रावण के मुकाबले कई गुना बड़े
    अपराधी उसको बुराई का प्रतीक मानकर जलाते
    हैं। पर्यावरण का नुकसान करते हैं। बुराई पर अच्छाई
    की जीत का गाना गाते हैं।
    लगता है इस बार रावण के साथ हुये अन्याय
    का आभास हुआ आसमान को इसीलिये
    पानी बरसा है। जगह-जगह रावण के पुतले भीग गये।
    समन्दर भी गवाह रहा था रावण के साथ हुये
    अन्याय का सो वह भी गरजता हुआ तूफ़ान के रूप में
    आया है रावण की दुर्दशा बचाने।
    आपको क्या लगता है?
  11. : फ़ुरसतिया-पुराने लेख
    [...] रावण जी आज होते तो…. [...]

Saturday, October 12, 2013

ये गुंडागर्दी नहीं चलेगी

http://web.archive.org/web/20140420081753/http://hindini.com/fursatiya/archives/4954

ये गुंडागर्दी नहीं चलेगी

Mafiaअखबार में एक पुलिस अधिकारी का बयान आया – शहर में नहीं होने देंगे गुंडागर्दी। बयान पढ़कर बड़ा खराब लगा। अरे भाई, शहर में नहीं चलने दोगे तो गुंडे क्या गुंडागर्दी करने गांव जायेंगे? जंगल में ’गुंडाकैंप’ करेंगे? अरे गुंडे भी इस देश के नागरिक हैं भाई। उनका भी हक है जहां मन आये वहां रहने का। अपना काम धंधा करने का। आप कानून व्यवस्था के नाम पर किसी का काम धंधा बंद कर दोगे क्या? किसी के पेट पर लात मार दोगे? यह तो देश के कानून का सरासर उल्लंघन है भाई। कानून कहता है कि देश का नागरिक कहीं भी रह सकता है, आ सकता है, जा सकता है, काम धंधा कर सकता है। देश के चलाने में गुंड़ों का भी योगदान होता है। गुंडे माफ़िया न हों तो न जाने कित्ते धंधे बंद हो जायें, आई.पी.एल. बन्द हो जाये, फ़िल्में न बनें, ठेकेदारी ठप्प हो जाये। सरकारें तक भहराकर गिर पड़ें। बकौल ’राहत इंदौरी’ –
सभी का खून शामिल है यहां की मिट्टी में,
किसी के बाप का हिन्दोस्तान थोड़ी है।
सच पूछा जाये तो गुंडों के साथ हमेशा से अन्याय होता आया है। समाज और सरकार निर्माण में गुंडे जितना योगदान करते हैं उसके हिसाब से उनको श्रेय नहीं मिलता। काम निकल जाने के बाद उनको भुला दिया जाता है या किनारे कर दिया जाता है। इससे गुंडों के मनोबल पर असर पड़ता है। कभी-कभी तो इतना असर पड़ता है कि वे नेता तक बन जाते हैं। चुनाव लड़ते हैं। जीत जाते हैं। मंत्री बन जाते हैं। दूसरे गुंडों को राह दिखाते हैं। हाशिये पर पड़े गुंडों को समाज की मुख्य धारा में लाते हैं।
गुंडों का विरोध करने वालों को समाज निर्माण में उनका योगदान समझना चाहिये। जो काम सरकारें नहीं कर पातीं वह गुंडे करके दिखाते हैं। सरकार का काम लोगों के भले के लिये काम करना होता है। वह नहीं कर पाती तो कोई गुंडा अपने कुछ लोगों का भला करने लगता है। भलाई का कुटीर उद्योग चलाता है। लोग कानून की बजाय गुंडे को पसन्द करने लगते हैं। यह सहज भी है। कानून और गुंडे में जो भला करेगा उसी को तो पसंद करेगा न आम आदमी। उसी को तो वोट देगा। चुनाव जितवायेगा। मंत्री बनायेगा। अब अगर किसी गुंडे से कुछ लोगों को तकलीफ़ है तो वो अपना गुंडा बनाये। अपना भला करवाये।
समाज निर्माण में गुंडों की सफ़लता को देखते हुये गुंडों की संख्या बढ़ती जा रही है। लेकिन समाज में उनको अभी स्वीकार्यता खुले मन से मिली नहीं है। दकियानूस समाज अभी भी गुंडो को बुरा मानता है। सरकारें इस बारे में उदार हैं। अपने मंत्रिमंडल में गुंडों को रखने में हिचकती नहीं। उनको क्लीनचिट वगैरह दिलवाती हैं। ताकि कोई हल्ला मचाये तो कह सकें कि भाई एक भले आदमी को खाली आरोपों के आधार पर कैसे जनता के सेवा के मौके से वंचित कर दिया जाये।
ऐसे ही एक जनसेवक को उसकी लोकप्रियता के चलते जलने वाले लोगों ने उस भले आदमी को लोगों ने झूठे आरोपों में फ़ंसा दिया। कानून ने फ़ौरन अपना काम किया। जनसेवक को क्लीन चिट मिली। फ़िर सरकार ने फ़टाक से अपना काम किया। जनसेवक को मंत्री बनाया। फ़िर विपक्ष भी अपना काम करने में जुट गया और सरकार की बुराई करने लगा। यह सब देखकर शायर ’कट्टा कानपुरी’ ने भी अपना काम किया और जनसेवक के मंत्री बनने का विरोध करने वालों को धिक्कारते हुये लिखा:


“क्लीन चिट मिली है भाई, मंत्री काहे न बने,
तेरा सिर है तू चाहे, इसे सहलाये या धुने। अरे भाई गुंड़ों के भी सीने में दिल होता है,
बाहुबली होने से क्या, कोई नेता न बने?
अरे तुमने वोट दे दिया अब ये उनकी मर्जी,
सरकार चलाने के लिये चाहे जिनको चुनें।
अरे यार जनता हो,देखो सब पर चुप रहो,
चलेगी ऐसी ही सरकार, चाहे जिसकी बने।
लगता है पुलिस अधिकारी ने अपना बयान ऐसे ही बिना सोचे समझे दे दिया। लगता है पुलिस अधिकारी ने ’पापुलर मेरठी’ का शेर नहीं सुना:
मवालियों को न देखा करो हिकारत से
न जाने कौन सा गुंडा वजीर हो जाए ।
मान लिया कि शेर नहीं पढ़ा लेकिन बयान देने से पहले यह तो सोचना चाहिये कि अगर गुंडे शहर से बाहर चले गये तो फ़िर थाने को कौन पूछेगा? उनकी रौनक का क्या होगा?
काम करें चाहे न करें लेकिन अधिकारियों को बयान तो सोच समझकर देने चाहिये। बयान देने के मामले में अधिकारियों की गुंडागर्दी नहीं चलेगी।

7 responses to “ये गुंडागर्दी नहीं चलेगी”

  1. संतोष त्रिवेदी
    गुंडे ही देश के कर्णधार हैं:-)
  2. डॉ राजीव कुमार रावत
    वाह…..
    हम भी अगर गुंडे होते
    नाम हमारा होता ….
    हमको भी मिलती गद्दी…
  3. प्रवीण पाण्डेय
    गुंडे बनने में कितना श्रम पड़ता है, पुलिस वालों को क्या ज्ञात?
    प्रवीण पाण्डेय की हालिया प्रविष्टी..कानपुर से बंगलोर
  4. सिद्धार्थ शंकर त्रिपाठी
    सुबह कट्टा जी के कवित्त पर टिप्पणी में कविता डाली थी। इस समय गायब है।
    अब दुबारा तुक बनाने का मूड नहीं है।
    अस्तु साधुवाद देकर चलता हूँ।
    पोस्ट तो मजेदार है ही।
  5. सतीश चन्द्र सत्यार्थी
    गुंडों को उनका उचित हक़ मिले ;)
    सतीश चन्द्र सत्यार्थी की हालिया प्रविष्टी..फेसबुक पर इंटेलेक्चुअल कैसे दिखें
  6. : फ़ुरसतिया-पुराने लेख
    [...] ये गुंडागर्दी नहीं चलेगी [...]
  7. indra
    चकाचक !!
    बड़ी गुंडनीयता के साथ लिखा हुआ व्यंग्य !