Friday, November 01, 2013

महापुरुष पेटेंट बिल

http://web.archive.org/web/20140420082253/http://hindini.com/fursatiya/archives/5079

महापुरुष पेटेंट बिल

Sardar-Vallabhai-Patelआजकल स्व. सरदार वल्लभ पटेल को देश बड़े हल्ले-गुल्ले से स्मरण कर रहा है।
सब पार्टियां लौह पुरुष को हथियाने के चक्कर में धींगा-मुस्ती कर रहीं हैं। लग रहा है जैसे तमाम ठेकेदार “लौहपुरुष प्रोजेक्ट” अपने कब्जे में लेने के लिये लॉबीइंग कर रहे हैं। किसी तरह कब्जे में आये महापुरुष तो आगे का रास्ता आसान हो।
मजे की बात है कि कोई भी लौह पुरुष को पूरा का पूरा, जैसा का तैसा लेने को तैयार नहीं है। पूरे के पूरे सरदार पटेल बहुत जगह घेरेंगे। मतलब भर का महापुरुष हथियाओ, अपना काम बनाओ। किसी को पटेल की दृढ़ता चाहिये तो कोई कहता है इसमें थोड़ा सा हिन्दुत्व वाला हिस्सा भी पैक कर दो भाई। किसी को केवल उनकी साम्प्रदायिकता विरोधी अपील से मतलब है। किसी की मांग है हमें पटेल का वो वाला हिस्सा चाहिये जिसमें वो नेहरू जी की मर्जी के खिलाफ़ तमाम देश के हित के काम अंजाम देते हैं। कोई दूसरा जवाहर को प्रेम करने वाले पटेल की मांग कर रहा है। भारत के एकीकरण करने वाले पटेल के बारे में तो लोगों को पता ही है कि वे हर पैकेज के साथ मुफ़्त में मिलेंगे ही।
पार्टियों के अलावा फ़िर महापुरुष की जाति, शहर, गली-मोहल्ले वाले भी होते हैं। उनका भी महापुरुष पर हक बनता है, बल्कि पहले बनता है। गर्ज यह कि खुदा न खास्ता अगर कोई इंसान महापुरुष बन गया तो जिंदा रहते उसके चाहे जो हाल हों लेकिन दुनिया से गुजरने के बाद उसकी महानता पंजीरी की तरह बंटती है। जिसने पहले हाथ मार लिया, महापुरुष पर उसका ही कब्जा रहता है। बाकी फ़िर अगर कोई जबर भक्त आ गया तो फ़िर महापुरुष उसके खाते में ट्रांसफ़र हो जाता है।
अब कोई स्वयं सेवक या कार्यकर्ता कोई हथियाये तो कोई बात नहीं। वे तो दिहाड़ी में मिल जाते हैं। लेकिन किसी पार्टी का कोई महापुरुष अगर कोई दूसरी पार्टी हथियाने की कोशिश करे तो बवाल स्वाभाविक है। अपने महापुरुष की हम खुद भले ने इज्जत करें, उनको दुत्कारते रहें तो कोई बात नहीं। लेकिन कोई दूसरा उनको भली निगाह से भी देख ले तो लगता है अगले ने हमारी इज्जत पर हमला कर दिया। और इज्जत पर हमला तो वो भी सहन नहीं कर सकता जिसकी कोई इज्जत भी न हो।
आजकल जिस तरह आये दिन महापुरुषों के न रहने पर उनकी महानता पर कब्जे और अपहरण की साजिशें होती हैं उसके चलते लोग महापुरुष बनने में हिचकने लगे हैं। लोगों को लगता है जिन लोगों लिये वे आज अपना जीवन कुर्बान कर रहे हैं, उनके न रहने पर उन लोगों खिलाफ़ ही उनकी महानता का उपयोग होगा। इससे लोगों की महापुरुष बनने की इच्छा में भीषण गिरावट आयी है। यह स्थिति देश और समाज के लिये बड़ी भयावह है। जब महापुरुष ही नहीं रहेंगे तो सड़क, पुल, स्टेडियम, योजनायें किसके नाम से बनेंगी। जनता की भलाई के तमाम कार्यक्रमों के नामकरण के लिये महापुरुष कहां मिलेंगे? महापुरुषों के नाम पर होने वाले घपले-घोटाले कैसे होंगे? देश का विकास ठप्प हो जायेगा। जनता त्राहि-त्राहि कर उठेगी।
इसलिये बेहतर यही है कि कोई ऐसा उपाय सोचा जाये ताकि ढेर सारे महापुरुष हरेक पार्टी के पास हों। किसी को दूसरे से महापुरुष उधार न लेना पढ़ा और न जबरियन कब्जा करना पड़े। हरेक पार्टी के पास ढेर सारे महापुरुष कैसे हों यह तो पार्टियां अपने-अपने दल की नीतियों के हिसाब से तय कर सकती हैं। एक उपाय यह भी सोचा जा सकता है कि हरेक दल अपने प्राथमिक सदस्य को महापुरुष घोषित कर दे। जैसे ही किसी ने सदस्यता फ़ार्म भरा अगला महापुरुष बन गया। इस तरह किसी भी दल के पास महापुरुषों की कमी नहीं रहेगी।
एक दल की पार्टी के महापुरुष पर दूसरे दल के लोग कब्जा न कर सकें इसके लिये महापुरुषों का पेटेंट कराया जा सकता है। हर दल अपने महापुरुष का पेटेंट करा सकता है। एक बार महापुरुष का पेटेंट हो जाने के बाद उसके दूसरी पार्टी द्वारा दुरुपयोग किये जाने की संभावना कम हो जायेगी। “महापुरुष पेटेंट बिल” का मसौदा कुछ-कुछ इस तरह हो सकता है:
  1. किसी भी महापुरुष पर अधिकार उसी पार्टी या संस्था का माना जायेगा जिसने उस महापुरुष की महानता का पेटेंट करा रखा है।
  2. एक पार्टी द्वारा पेंटेंटित महापुरुष का किसी दूसरी पार्टी द्वारा उपयोग ‘महापुरुष पेटेंट बिल’ का उल्लंघन माना जायेगा।
  3. किसी भी महापुरुष का पेटेंट उसके जीवित रहते नही कराया जा सकता है।
  4. महापुरुष के पेटेंट में संबंधित महापुरुष को अपना मत देने का अधिकार नहीं होगा। महापुरुष का पेटेंट साक्ष्यों के आधार पर ही होगा।
  5. महापुरुष के पेटेंट में सीनियारिटी का ध्यान रखा जायेगा। एक बार देश के महापुरुष के रूप में पेटेंट होने के बाद राज्य, जिले , मोहल्ले, गली स्तर पर नहीं होगा।
  6. गली, मोहल्ले, जिले, राज्य स्तर के महापुरुषों के पेटेंट नीचे से ऊपर के क्रम में देश स्तर तक कराये जा सकते हैं।
  7. किसी महापुरुष का पेटेंट जिस पार्टी ने करा रखा है उस पर उसई का अधिकार माना जायेगा। दूसरी पार्टियां अगर उस महापुरुष की महानता का का किसी भी कारण से उपयोग करना चाहती हैं तो इसके लिये उनको उस पार्टी से लिखित या मौखिक अनुमति लेनी पड़ेगी जिसने उस महापुरुष का पेटेंट करा रखा है। पार्टियां इसके लिये फ़ीस भी वसूल सकती हैं।
  8. जब पार्टियों का विलय किसी दूसरी पार्टी में होगा तो महापुरुष भी नयी पार्टी में शामिल मान लिये जायेंगे। इसके लिये नयी पार्टी को अलग से पेटेंट नहीं कराना पड़ेगा।
  9. पार्टी के बंटवारे की स्थिति में महापुरुषों के पेटेंट भी बंट जायेंगे। बंटवारे के बाद बनी पार्टियां केवल उन महापुरुषों के नाम का उपयोग कर सकती हैं जिसका पेटेंट उनको बंटवारे में मिला है।
  10. अगर बंटवारे के बाद बनी दो या अधिक पार्टियां में से सभी या कुछ पार्टियां किसी ऐसे महापुरुष के नाम का उपयोग करना चाहती हैं तो उनको उस महापुरुष को फ़िर से पेटेंटित कराना पड़ेगा। इसमें यह भी घोषणा करना होगी कि वे उस महापुरुष की किन अच्छाइयों अपनी पार्टी के लिये पेटेंट कराना चाहती हैं। बंटवारे में अलग हुई पार्टियां चाहें तो महापुरुष की एक ही अच्छाई का पेटेंट अपने नाम करा सकती हैं। इसके लिये दोनों को पेटेंट फ़ीस अलग-अलग देनी होगी। किसी महापुरुष की बुराइयों का औपचारिक पेटेंट नहीं कराया जायेगा। लेकिन पार्टियां अनौपचारिक रूप से किसी महापुरुष की बुराइयों का उपयोग करती रह सकती हैं।
  11. उपरोक्त में से कोई भी कानून जाति, धर्म पर लागू नहीं होगा। महापुरुष की जाति, कुल, गोत्र और धर्म वाले महापुरुष की महानता का धड़ल्ले से इस्तेमाल कर सकते हैं। इसके लिये उनको न किसी से पूछने की जरूरत है न कोई फ़ीस देने की।
देखिये अभी मसौदा बना है। आप बताइये कैसा विचार है महापुरुषों का पेटेंट कराने का। कुछ सुझाव हो तो बताइयेगा।

12 responses to “महापुरुष पेटेंट बिल”

  1. संतोष त्रिवेदी
    बहुत मस्त :-)
  2. समीर लाल "भूतपूर्व स्टार टिपिण्णीकार"
    सटीक-
    आप पार्टी टाईप कोई शुरु कर दिजिये इस बिल की डिमांड लेकर.
    समीर लाल “भूतपूर्व स्टार टिपिण्णीकार” की हालिया प्रविष्टी..कुछ वाँ की.. तो कुछ याँ की…
  3. arvind mishra
    मतलब भर का महापुरुष-हा हा
    फुर्सत ही फुर्सत का फुरसतिया चिंतन -मान गए
    arvind mishra की हालिया प्रविष्टी..एक थे निगम साहब! (सेवा संस्मरण -9)
  4. हर्षवर्धन
    सरदार पटेल कांग्रेसी नेता थे। ९० प्रतिशत देश उस समय कांग्रेसी था। इसमें कोई बहस नहीं है। लेकिन पटेल की विरासत आज के कांग्रेसियों की है इस पर बहस है। बलराज मधोक से कश्मीर पर सरदार पटेल ने यही कहा कि आप पूरी तरह से सहमत व्यक्ति को समझा रहे हैं। लेकिन, मैं कुछ नहीं कर सकता क्योंकि, कश्मीर पर कुछ भी फैसला खुद जवाहर लाल नेहरू करते हैं। मैं अधिकतम यही कर सकता हूं कि जवाहर लाल से समय दिला सकता हूं। इसलिए नरेंद्र मोदी सही लाइन पर हैं।
    हर्षवर्धन की हालिया प्रविष्टी..प्रतिष्ठित भारत, धूमिल चीन
  5. sanjay jha
    भाईजी…….आप इसई तरह के आईडियाज देते रहे तो………….डर है के आने वाले वक़्त में लोग-बाग़…..आप को ही न ‘पेटेंट’ करवाई लें.
    बहरहाल, आप की चुटीली….नुकीली….व्यंग च मौज ……… बांच कर बालक किलकित…पुलकित…प्रमुदित हुआ.
    प्रणाम.
  6. ashok kumar awasthi
    कालम३ में स्पस्टीकरण चाहिए. यदि नेता अपनी जिंदगी मेही मूर्ति लगवाता है और उसका पेटेंटी बननाचाहता है तो क्या होगा.? दूसरा प्रश्न : ऐसे महापुरुषों कीसंतानों का क्या हक़ होगा ? और उन संतानों का क्या हक़ होगा जिनका डी एन ये मैच कर जाये? अभी बहुत से प्रश्न अनुत्तरित हैं. लेकिन एक बहुत अच्छे विचार के लिए बधाई.वेल डन एंड कीप इट अप.
  7. देवांशु निगम
    मौज आ गयी एकदम :) :)
    देवांशु निगम की हालिया प्रविष्टी..एक सपने का लोचा लफड़ा…
  8. shefali
    वाह …सबके अपने अपने महापुरुष …..बढ़िया विचार है |
    shefali की हालिया प्रविष्टी..आओ गुडलक निकालें …….
  9. roofing Oakville
    Thank you for this certain info I was basically researching all Yahoo to be able to locate it!
  10. This Site
    exactly what are some effective and sought after websites for blog pages? ?? .
  11. Starting an online business
    kitchen designs that makes use of space efficiently could be the best issue to go with’
  12. फ़ुरसतिया-पुराने लेख
    […] महापुरुष पेटेंट बिल […]

Monday, October 28, 2013

लोकतंत्र का वीरगाथा काल

http://web.archive.org/web/20140419155452/http://hindini.com/fursatiya/archives/5062

लोकतंत्र का वीरगाथा काल

लोकतंत्रपुराने समय में जब राजा लोग युद्ध के लिये निकलते थे तो तमाम तरह के ताम-झाम के साथ निकलते थे। मेरा मतलब प्रयाण करते थे। रानियां बख्तरबंद पहनाती थीं। पंडित मंत्रोच्चार करते थे। चारण और भाट उनकी तारीफ़ के किस्से चिल्लाते हुये गाते थे। अपने-अपने राजाओं को सूर्य के समान तेजस्वी, सागर के समान विशाल हृदय वाला, चंद्रमा के समान शीतल टाइप बताते थे। जो भाट जित्ती कुशलता से अपने अन्नदाता की तारीफ़ कर सके वो उत्ता बड़ा कवि माना जाता था। जिसके दरबार में जित्ता बड़ा कवि होता था वो राजा उत्ता शूरवीर कहलाता था। राजाओं की वीरता उनके दरबारी कवियों की काबिलियत पर निर्भर करती थी।
युद्ध में एक राजा हार जाता होगा। मारा जाता होगा। एक राजा के हारने का मतलब एक चारण कवि के सूर्य का अस्त हो जाना, एक समुद्र का सूख जाना, एक चन्द्रमा पर ग्रहण लग जाना होता था। हारे हुये राजा का कवि अपना पोथी-पत्रा उठाकर प्रतिद्वंदी कवि के अंडर में काम करने लगता होगा। कभी जिस राजा का अलग-अलग तरीके से संहार करवाया होगा अपने मरे हुये राजा से अब उसी राजा की वीरता का श्रंगार करने लगता होगा।
आज जमाना आधुनिक हो गया है। युद्ध की जगह चुनाव होने लगे हैं। तलवारों की जगह जबाने चलती हैं। हाथियों के चिंघाड़ लाउडस्पीकरों के हल्ले में बदल गयी है। घोड़ों की जगह प्रचारक हिनहिनाने लगे हैं। चुनाव युद्ध की तैयारियां होने लगी हैं।
पहले राजाओं के पास अपने खास हथियार होते थे जिन्हे वे अपनी कड़ी मेहनत और घोर तपस्या से अर्जित करते थे। आज जमाना बहुत आगे जा चुका है। आज के शूरवीरों को अपने लिये हथियार अर्जित करने के लिये मेहनत नहीं करनी पड़ती। एक बहादुर दूसरे की कमियों को अपने हथियार की तरह प्रयोग करता है। एक की नीचता दूसरे की महानता बन जाती है। एक का घपला दूसरे के लिये उपलब्धि बन जाता है। एक का भ्रष्टाचार दूसरे का हथियार।
जब एक की कमजोरी दूसरे की ताकत बन जाती है तो काहे के लिये अपनी ताकत के लिये पसीना बहाना। दूसरे की कमियां खोजो, बड़े मियां बन जाओ।
पुराने जमाने में राजा लोग जब लड़ते थे तो तलवारें टकरातीं थीं। चिंगारियां निकलती थीं। खून बहता था। लोग घायल होते थे। अब जमाना आधुनिक हो गया है। भाले, तलवार की जगह घपले, दंगे, भाईभतीजावाद, वंशवाद के आरोपों से हमले होते हैं। एक के एक घपले का जबाब अगले के पचीस घपले हैं। छोटे दंगे का जबाब बड़ा दंगा है। छोटी नीचता का जबाब बड़ी नीचता है। एक रंगी चिरकुटई के जबाब में अगले की बहुरंगी हरकते हैं। मामला फ़ुल हाईटेक हो गया है।
चुनाव आने वाले हैं। प्रचार युद्ध शुरु हो चुका है। प्रचारक अपने-अपने हथियार तेज कर रहे हैं। सोशल मीडिया पर नये-नये खाते बन रहे हैं। पुरानी खबरों/सूचनाओं को अपने-अपने हिसाब से रंग-रोगन करके दूसरे पक्ष पर हमले शुरु हो गये हैं।
अपने यहां संसदीय लोकतंत्र है। प्रधानमंत्री बहुमत पाये दल के लोग चुनते हैं। कौन जीतेगा यह तय नही। वोटिंग में अभी देरी है। लेकिन प्रधानमंत्री चुन लिये गये हैं। जिस दल ने नहीं चुने उसका उसके प्रधानमंत्री प्रतिद्वंदी दल ने चुन के दे दिया है। ले बे, ये है तेरा प्रधानमंत्री। चल युद्ध शुरु करें।
युद्द भूमि भी पहले की तरह संकुचित नहीं रही। पूरे देश में पसरा है लड़ाई का मैदान। जहां- जहां वोटर है, वहां -वहां युद्ध का मैदान है। चारण भाट सोशल मीडिया पर मुस्तैद हो गये हैं। टीवी चैनल पर डट गये हैं। अखबार में कलम कस के आ गये हैं। हमले शुरु हो गये हैं। हमले और बचाव का फ़ीता कट गया है।
सोशल मीडिया पर तैनात अनगिनत स्वत:स्फ़ूर्त और भाड़े के प्रचारक किसी भी सूचना या बयान को अपने नेता खिलाफ़ पाते हैं तो वे उस पर टूट पड़ते हैं। सूचना और बयानबाज के चिथड़े-चिथड़े कर डालते हैं। अपने नेता की शान के खिलाफ़ बोलता हुआ हर व्यक्ति उनके लिये पांडवों के कुत्ते सरीखा है जिसका मुंह वे एकलव्य की तरह अपने बयान बाणों से बंद कर देते हैं।
चुनाव युद्द में कूदे नेताओं के तूरीण में इधर एक नया हथियार जुड़ा है। मसखरी का हथियार। पहले राजा लोग अपनी वीरता पर भरोसा रखते थे। वह भरोसा अब मसखरेपन पर शिफ़्ट हो गया है। चुनाव मैदान में उतरा नेता स्टैंड अप कामेडियन में बदलता जा रहा है। चुनाव लाफ़्टर चैलेंज में बदलता जा रहा है। एक-दूसरे की खिल्ली उड़ाते हुये नेता एक-दूसरे के लिये मसखरी का मसाला मुहैया करा रहे हैं। नेता अपने चारण का काम हल्का कर रहे हैं। खुद के भाट बन रहे हैं।
यहां नेता कैसा भी हो, उसके कसीदे ही काढ़े जाने हैं। दोनों तरफ़ से अपने नायक की संभावित विजय की गाथायें भी लिखी जा चुकी हैं। मजे की बात है कि दोनों विजयगाथाओं को लिखने का ठेका एक ही भाट कंपनी को मिला है। एडवांस में लिखी जा रही विजयगाथा का भुगतान भी एडवांस में हो चुका है।
यह लोकतंत्र का वीरगाथा काल है।
इस पोस्ट को मेरी आवाज में सुनें:

रिकार्ड किया: 31.10.13
रिकार्ड लगाया: 31.10.13
समयावधि:5.55 मिनट
आवाज : अनूप शुक्ल

7 responses to “लोकतंत्र का वीरगाथा काल”

  1. आशीष श्रीवास्तव
    ” कौन जीतेगा यह तय नही। वोटिंग में अभी देरी है। लेकिन प्रधानमंत्री चुन लिये गये हैं। जिस दल ने नहीं चुने उसका उसके प्रधानमंत्री प्रतिद्वंदी दल ने चुन के दे दिया है। ले बे, ये है तेरा प्रधानमंत्री। ”
    हा हा हा !
    आशीष श्रीवास्तव की हालिया प्रविष्टी..आत्म चेतन मशीन – संभावना, तकनीक और खतरे(Self-aware machine : Possibilities, Technology and associated dangers)
    1. कंसग्रेस
      हा हा हा …. बेहतरीन
  2. arvind mishra
    प्रेम गाथा काल कब था ?
    arvind mishra की हालिया प्रविष्टी..चिनहट का चना सचमुच लोहे का चना बन गया था :-) (सेवा संस्मरण -8)
  3. प्रवीण पाण्डेय
    आज जब टीवी के रूप में संजय आँखों देखा प्रसारण भी सुना रहे हैं, युद्ध का आनन्द शतवर्धन हो गया है।
    प्रवीण पाण्डेय की हालिया प्रविष्टी..टाटा स्काई प्लस एचडी
  4. समीर लाल "भूतपूर्व स्टार टिपिण्णीकार"
    सन्नाट!! :)
    समीर लाल “भूतपूर्व स्टार टिपिण्णीकार” की हालिया प्रविष्टी..कुछ वाँ की.. तो कुछ याँ की…
  5. Mohd. Saleem Khan
    वाह वाह फुर्सतिआ जी क्या बात है अल्लाह करे ज़ोर ए क़लम और ज़यादा
    Mohd. Saleem Khan की हालिया प्रविष्टी..Fasih Akmal, Shahjahanpuri ka majmooa e Kalam “Sukhan Sarai”(Post – 4)
  6. नीलम त्रिवेदी
    वाह! बहुत अच्छा व्यंग्य है आधुनिक राजनीतिक माहौल पर. बहुत सटीक और सुन्दर. चुभती हुयी कटीला भाषा मजेदार है! बहुत अच्छा!

Leave a Reply

Wednesday, October 23, 2013

पडोसियों का दोस्ताना रवैया

http://web.archive.org/web/20140420081723/http://hindini.com/fursatiya/archives/5007

पडोसियों का दोस्ताना रवैया

नवाज शरीफ़नवाज शरीफ़ साहब जब पड़ोस के हाकिम-ए-सदर बने थे तो कसम खाये थे- “पड़ोसी से दोस्ताना रिश्ते रखेंगे।”
घटनायें गवाह हैं कि अगला अपनी बात पर कायम है। बर्बाद हुआ जा रहा है बेचारा लेकिन दोस्ताना रवैये में रत्ती भर कमी नहीं आने दी उसने। भूख से तो खैर लोग मरते ही रहते हैं ,बीच-बीच में वहां हजारों की तादाद में मरे लोग खून-खराबे में। उफ़ तक नहीं की पट्ठे ने। शिकन तक नहीं आयी चेहरे पर। भीख मांग रहा है खाने के लिये दूसरे से। लेकिन मजाल है जो पड़ोसी से दोस्ताना रवैये में कमी आ जाये। जब से बना है वजीर बरसाये जा रहा है गोलियां। दागे जा रहा है गोले। भेजे जा रहा है घुसपैठिये। जा बेट्टा, जान दे देना, लेकिन पडोसी के यहां हलचल मचाने में चूक न जाना। जान कीमती है लेकिन जबान के आगे कुछ नहीं। हिन्दुस्तान के साथ दोस्ताना रवैया हर हाल में निभाना है। प्राण जायें पर वचन न जायें।
पडोसियों से पड़ोसपना निभाने के हर समाज के तरीके होते हैं। हिन्दुस्तान, पाकिस्तान साझा विरासत वाले हैं। अपने यहां रसोई में जब कोई अच्छी चीज बनती है तो एकाध कटोरी सबसे प्यारे पड़ोसी को भी भेजी जाती है। घर के लोगों को खिलाने से पहले। इसलिये कि पड़ोसी भी चख ले क्या बना है अपने यहां। तारीफ़ करे पाककला की। पड़ोसियों का प्रेम कटोरियों की मार्फ़त परवान चढ़ता रहता है।
पाकिस्तान भी अपना सबसे प्यारा पडोसी है। उसके यहां आतंकवादी बड़ी खूबसूरती से बनते हैं। हुकूमत पर हावी रहते हैं। लगाकर ओसामा से , दाउद , हाफ़ीज और न जाने कित्ते नामचीन लजीज पकवान पड़ोसी की आतंकवादी देग में खदबताते रहे सालों। जब भी कभी प्रेम उमड़ा एकाध कटोरी भेज दिया। दोस्ताना रिश्ता निभाने की हुड़क ने जब भी जोर मारा, भेज दिये सौ-पचास आतंकवादी – “जाओ बे भाईचारा निभा के आओ। जान कुर्बान कर देना लेकिन भाईचारा निभाने में कमी मती आने देना।”
बेचारे भागे चले आते हैं। बम गोलियां बरसाते। उनके दोस्ताना रवैया बनाने के रास्ते में जो भी आता है उसको निपटा देते हैं। कभी-कभी खुद भी हलाक हो जाते हैं। लेकिन मजाल है जो कभी कमी आये बिरादराना रवैये में।
पाकिस्तान के हाल फ़टेहाल नबाबों की तरह हैं। तन पर नहीं लत्ता, पान खायें अलबत्ता। खाने को है नहीं घर में। मांग के खाते हैं। लेकिन ऐंठ बिगड़े नबाबों वाली ही है। दोस्ताना रवैया अपनाने के चक्कर में फ़ौज गोलीबारी करती रहती है हफ़्तों। एक गोली की कीमत 200 रुपये भी रख लें। रात भर की फ़ायरिंग में एक जगह से 5 हजार गोलियां भी चलाये तो 10 लाख फ़ुंक गये । एक ठिकाने से। पचीस जगह से फ़ायरिंग हुई पिछले दिन। 2.5 करोड़ स्वाहा कर दिये एक दिन में। हफ़्ते भर की दोस्ती निभाने में निकल गये पन्द्रह बीस करोड़। तोप का एक गोला गिरी हाल में लाख का पड़ता है। अगर तोप के गोले चले तो मामला अरबों तक निकल गया। इत्ते में हजारों के खाने का इंतजाम हो सकता है लेकिन पेट की चिन्ता किसको है भाई! गोली चलाओ, पड़ोसी धर्म निभाओ।
पड़ोसी धर्म बराबरी से निभता है। कभी-कभी अपने यहां से भी कुछ जाता होगा। हो सकता है उत्ता न जाता हो कम जाता हो। उधर से दस बार आता हो तो अपने यहां से एक बार जाता हो। सौ सुनार की एक लुहार वाले अन्दाज में। लेकिन आता है तो कुछ जाता भी होगा।
आने-जाने को तो कलाकार, खिलाड़ी भी आते-जाते रहते हैं एक दूसरे के इधर। लेकिन नवाज साहब उसको दोस्ताना रवैये में नहीं मानते शायद इसीलिये उसके लिये मेहनत नहीं करते। उसके लिये पैसे भी नहीं मिलते उनको अमेरिका से। अमेरिका गोला-बारूद बेचता है। उसकी दुकान धड़ाम-भड़ाम वाले सामान की खपत से चलती है। मजा आता होता अगले को जब दोस्ताना रवैया निभता होगा इधर। कभी-कभी जब माहौल ज्यादा दोस्ताना हो जाता है तब कहता भी है – “अरे भाई आराम से निभाओ दोस्ती। सब भाईचारा एक दिन में ही दिखा दोगे क्या? ये ले जाओ नया हथियार है। तुमको शूट करेगा। अच्छे से निभाओ दोस्ती।”
हथियार बेचने वाले देश, मोहल्ले के स्मैक बेचने वाले ठेकदार सरीखे होते हैं। वह मोहल्ले के लड़को को मुफ़्त में सुट्टा लगाने की लत लगाता है। एक बार लत लग जाने पर बच्चे चाहें चोरी करें, सामान बेंचे लेकिन नशे के लिये स्मैक जरूर खरीदते हैं। बिना नशा अंतड़ियां ऐंठने लगती है उनकी।
हिन्दुस्तान, पाकिस्तान और दुनिया के तमाम गरीब देश ऐसे ही बच्चों की तरह हैं जिनको आपस में लड़ने की लत लगा दी है हथियार बेचने वाले ठेकेदार ने। देश की आबादी भले भूखी मरती रहे लेकिन पड़ोसी से गोलाबारी जरूरी है उनके लिये। मजे की बात है इनके हाल उन बिल्लियों की तरह हैं जो अपने झगड़े के निपटारे के लिये भी उसी बंदर के पास जाते हैं जो उनकी रोटी खाता रहता है।
यह लिखते हुये टेलिविजन पर खबर आ रही है कि कल फ़िर फ़ायरिंग हुई है। घायल बी.एस.एफ़. के जवान का बयान आ रहा है कि कैसे घायल हुआ वह। ऐसे न जाने कितने जवान घायल/शहीद हुये होंगे अब तक। उनके बच्चे अनाथ हो गये होंगे। परिवार तबाह। वे कोसते होंगे एक-दूसरे देश की हुकूमतों को।
अब उन बेचारों को क्या पता कि पडोसियों की दोस्ती में यह सब तो होता ही है। दोस्ती का निभाना बड़ी चीज है। लोगों की जानों की कीमत की परवाह करें तब तो निभ चुका भाईचारा।

मेरी (ना)पसंद

चलो यार फ़िर गोली बरसायें,
पड़ोसी से भाईचारा निभायें।
ये नवाज शरीफ़ का नारा है,
फ़िर बना वजीर बेचारा है।
तन पर उनके है नहीं लत्ता,
शौक पान का है अलबत्ता।
मांग के खाते हैं बेचारे ये,
फ़ौज की चाबी से अकड़े ये।
जरा ढील की तो फ़िर जायेंगे,
अबकी तो भाग भी न पायेंगे।
जनता मरती भूख-प्यास से,
फ़ायरिंग में क्या जाता पास से।
आयेगा सब जी अमरीका से,
बिल्ली की लड़ाई में बंदर से।
कुछ मरे कुछ घायल हो जायें,
चलो यार फ़िर गोली बरसाये।
-कट्टा कानपुरी

5 responses to “पडोसियों का दोस्ताना रवैया”

  1. : फ़ुरसतिया-पुराने लेख
    [...] पडोसियों का दोस्ताना रवैया [...]
  2. Alpana
    वाह!वाह!
    क्या खूब हिसाब लगाया है ,
    इस पोस्ट को अगर दोस्त मुल्क वाले पढ़ लें तो आप को आर्थिक मामलो का सलाहकार अवश्य रख लेंगे .
    इतना ध्यान तो खुद उनके किसी अधिकारी ने नहीं रखा होगा .
    बाकी कट्टा कानपुरी ने भी खूब सही लिखा है.
    आयेगा सब जी अमरीका से,
    बिल्ली की लड़ाई में बंदर से।
    Alpana की हालिया प्रविष्टी..मुक्त – उन्मुक्त
  3. प्रवीण पाण्डेय
    शान्ति से एलर्जी हैं श्रीमानों को, जन्म के कारणों पर अभिमान करना कैसे बन्द कर दें भला?
    प्रवीण पाण्डेय की हालिया प्रविष्टी..हल्की साइकिलें
  4. arvind mishra
    क्या बात है बॉस-अन्तराष्ट्रीय व्यंग की चिल्गोजियाँ :-)
    arvind mishra की हालिया प्रविष्टी..चिनहट का चना सचमुच लोहे का चना बन गया था :-) (सेवा संस्मरण -8)
  5. सिद्धार्थ शंकर त्रिपाठी
    हँसा-हँसा के मार ही डालेंगे…!!!
    सिद्धार्थ शंकर त्रिपाठी की हालिया प्रविष्टी..दशहरे के दिशाशूल

Tuesday, October 22, 2013

अरे चांद अब दिख भी जाओ

http://web.archive.org/web/20140420082340/http://hindini.com/fursatiya/archives/5009

अरे चांद अब दिख भी जाओ

करवा चौथ१आज करवा चौथ का दिन है। घर-घर चांद उपासे हैं। अपने चांद की सलामती के लिये दिन भर भूखे रहेंगे। चांद की सलामती के लिये चांद अब चांद को देखकर ही व्रत तोडेंगे। पानी तक न पिया जायेगा।
खूब खिला है बाजार। करवाचौथ के पहले से चांद श्रंगार में जुटे हुये हैं। मेंहदी रच रही है। फ़ेसियल हो रहा है। पूरे मन से तन सज रहे हैं। धन हवा हो रहा है। हजार-हजार की मेंहदी लगी है मोहल्लों में, मॉल में। सुन्दरता की नुमाइश हो रही है। सब तरफ़ वातावरण “मधुर यह सुन्दर देश हमारा” सरीखा बना हुआ।
लोग अपने कैमरों से फ़ोटो खींच-खींच कर सोशल मीडिया पर सटा रहे हैं। कोई झुककर पूजा करते हुये वाले पोज को प्रोफ़ाइल पिक्चर बनाये हुये है। तीन दिन से झुकी हुई कमर को लोग लाइक कर रहे हैं। करते जा रहे हैं। बेरहम लोग। कमर है कि पत्थर भाई। इसको लाइक मत करो पोज बदलवाओ। अब तरस भी खाओ। सीधे खड़े होकर जरा मुस्कराओ। त्यौहार है, त्यौहार की तरह मनाओ। जरा चहको, खिलखिलाओ।
अपनी पत्नी को पूजा में सहयोग करने के चांद भी निकल चुके हैं। दफ़्तर जाने वाले जल्दी आ जायेंगे। प्रवासी चांद गाड़ियां पकड़कर लौट रहे हैं। वेटिंग/आर.ए.सी. की बाधायें फ़लांगते हुये घर में घुस रहे हैं। घर घुसुये चांद और शराफ़त से अपने चांद को संभाल रहे हैं। अदायें दिखाते हुये चांद को संभालते हुये चांद और शरीफ़ टाइप लग रहे हैं।
कुछ पति बड़े ऐंठते हुये पूजा में सहयोग करते हैं। कुछ शान से चरण स्पर्श भी कराते हैं पत्नियों से। कुछ छुई-मुई बन जाते हैं। जो इसे बेकार प्रथा मानते हैं वे पत्नी पर झल्लाते हैं। व्रत को फ़िजूल बताते हैं। मोहब्बत से हड़काये जाते हैं। शर्माते हैं। मुस्काते हैं। फ़िर सर झुकाकर पत्नी के लिये नाश्ता बनाते हैं।
करवाचौथ की कमेंट्री करता हुआ कवि कहता है:
चांद चहकते हैं घर-घर में,
एक टंगा है आसमान में।

करवा चौथ२सजी हथेली पर मेंहदी है,
अकड़ा गया, हाथ सजने में।

पूजा के लिये है झुकी सुंदरी,
ऐंठी फोटो की कमर सुबह से।
फ़ेसियल यार बहुत मंहगा है,
छोड़ो, मुस्काओ खिल जायेंगे।
चांद उपासे हैं चांद के लिये,
चांद उड़ाता माल सुबह से।
अरे यार कुछ तो चहको जी,
भूखे हैं तेरे लिये सुबह से।
मुझे आज तक यह समझ में नहीं आया कि दूर दिखते चांद को देखकर घर के चांद व्रत क्यों तोड़ते हैं? वो कंकरीला, पथरीला चांद जिसमें सांस लेने की हवा तक नहीं। आबादी के नाम पर सिर्फ़ एक बुढिया चरखा कातती रहती है। वो चांद इत्ता जरूरी कैसे हो गया कि उसको देखकर ही व्रत तोड़ा जायेगा? क्या इसलिये कि दूर का चांद सुहाना लगता है?
शक्ल-सूरत के अलावा भी चांद की हरकतें अपन को कभी जमीं नहीं। देखिये कभी कहा भी था अपन ने।
चांद की आवारगी है बढ़ रही प्रतिदिन
किसी दिन पकड़ा गया तो क्या होगा?

हर गोरी के मुखड़े पे तम्बू तान देता है
कोई मजनू थपड़िया देगा तो क्या होगा?
लहरों को उठाता है, वापस पटकता है
सागर कहीं तऊआ गया तो क्या होगा?
लेकिन विडम्बना ही तो है कि जिस चांद की हरकतें ऐसी नागवार गुजरती हों उसका ही इंतजार पलक पांवड़े बिछाकर किया जाये। घरैतिन जब दिन भर की भूखी हो तब लगता है कि जल्दी व्रत का बवाल कटे। चांद दिखे और अपने चांद के चेहरे पर चांदनी खिले। चांद को फ़ोन लगाकर कहने का मन होता है:
अरे चांद अब दिख भी जाओ
ज्यादा नखरे मत दिखलाओ।

भूखी है प्यारी श्रीमती हमारी,
खुश-खुश दिखती है बेचारी।
भूख से चेहरा मुर्झाया सा है,
फ़ूल खिला ज्यों सूख गया है।
आज जरा जल्दी आ जाओ,
बाकी दिन तुम मौज मनाओ।
तुम तो चांद बहुत दूर मे हो,
कंकड़-पत्थर के बने धरे हो।
मेरे चांद को मत तड़पाओ,
मेरी आफ़त मत बढ़वाओ ।
तुझे ट्रीट हम अलग से देंगे,
ढेरों कवितायें तुम पर लिख देंगे।
बस आज यार जल्दी आ जाओ
अरे चांद अब दिख भी जाओ।
बहुत हुई लफ़्फ़ाजी। अब चलें देखा जाये। चांद निकला आया हो शायद। कहा है जब मन से तो मानेगा ही। जायेगा कहां?
अनूप शुक्ल

7 responses to “अरे चांद अब दिख भी जाओ”

  1. आशीष श्रीवास्तव
    ना हमने व्रत रखा है ना रखने दिया है। ये बात और है कि शाम के भोजन के लिये दो तीन व्यंजन ज्यादा बनाये जा सकते है!
  2. Puja Upadhyay
    आज के दिन तो चाँद को धमकी देने और थप्पड़ मारने की बात मत कीजिये. कहीं गुस्सा हुआ बैठा तो शाम को देर से दिखेगा. बीवी का पारा चढ़ेगा. आज उसके भाव बढे हैं :)
    Puja Upadhyay की हालिया प्रविष्टी..इतवारी डायरी: सुख
  3. सिद्धार्थ शंकर त्रिपाठी
    थोड़ी मक्खनबाजी उन बादलों की भी कर लीजिए जो ऐन वक्त पर चाँद को ढंक लेने की फिराक में रहते हैं और व्रतधारिका को समझाना पड़ता है कि चाँद छुपा बादल में… देखा हुआ समझा जाय।
    सिद्धार्थ शंकर त्रिपाठी की हालिया प्रविष्टी..दशहरे के दिशाशूल
  4. प्रवीण पाण्डेय
    आज । ो सभी पति सहयोग की भावना से ग्रसित हैं।
    प्रवीण पाण्डेय की हालिया प्रविष्टी..कितनी पहचानें
  5. sharmila ghosh
    अरे वाह… बहुत सुन्दर पोस्ट है दादा . शुभकामनाएँ .
  6. HindiThoughts.Com
    :) बहुत खूब
    HindiThoughts.Com की हालिया प्रविष्टी..Poem on Moon in Hindi
  7. फ़ुरसतिया-पुराने लेख
    […] अरे चांद अब दिख भी जाओ […]

Monday, October 21, 2013

खजाने के दावेदार

http://web.archive.org/web/20140420081423/http://hindini.com/fursatiya/archives/4998

खजाने के दावेदार

खजानाउन्नाव में खजाना खुद रहा है। कई दावेदार अब तक दावा ठोंक चुके हैं। सपना देखने वाले बाबा जी हैं, खुदाई करने वाली सरकार है, राजाओं के वंशज हैं, आसपास के लोग हैं। सबके अपने तर्क हैं। सब जायज हैं। महीने भर खुदाई होनी है। वारिस बढते जा रहे हैं। ऐसा ही रहा तो कुछ दिन में वारिसों के मुकाबले ऐसे लोग गिनना ज्यादा आसान होगा जिन्होंने दावा नहीं ठोंका।
इस बीच खबर आई है कि पाकिस्तानी फ़ौज ने कल घुसपैठ के लिये जान लगा दी। 25 जगह से घुसने की कोशिश की। सेना के जवानों ने घुसपैठियों पर गोली बरसाने के साथ-साथ चिल्लाते हुये कहा- अबे काहे जान आफ़त में डालते हो। तू नया फ़ौजी है क्या? सुना नहीं क्या हमारा नारा-
दूध मांगोगे खीर देंगे,
कश्मीर मांगोगे चीर देंगे।
इस पर पाकिस्तानी फ़ौजी बोला। अरे भाई कश्मीर के लिये नहीं हम खजाने में अपने हिस्से के लिये आये हैं। आजादी के पहले का गड़ा है। हमारा भी हक बनता है उसमें।
पता चला है कि पाकिस्तान के प्रधानमंत्री ने अमेरिका के राष्ट्रपति को फोन करके इस मामले में हस्तक्षेप करने की बात कही है। उनकी बातचीत के अंश यहां पेश हैं:
पाकिस्तान: सर जी, तीन दिन हुये खुदाई शुरु हुये। आपने अभी तक कोई बयान नहीं दिया। ऐसे कैसे चलेगा?
अमेरिका: हम क्या बयान दें भाई। ये भारत का अपना आन्तरिक मसला है। जहां मन आये खोदते रहें।
पाकिस्तान: अरे सरजी, आपका दखल देना बहुत जरूरी है। आपने दखल न दिया तो आपका हिस्सा तो जायेगा ही। हमारा भी दाब लेगें हिन्दुस्तान वाले।
अमेरिका: हमारा कैसे हिस्सा भाई? हिन्दुस्तान कोई अरब मुल्क तो है नहीं। वहां हमारा हिस्सा जो है वो हमें मिलता ही है।
पाकिस्तान: अरे भाई आपके पूर्वज बरतानिया वाले हिन्दुस्तान से भागते समय अपना माल वहीं छोड़ आये थे। वही वे अब खोद रहे हैं। जब आपके पूर्वजों ने लूटा तो हक तो आपका ही बनता है न!
अमेरिका: बात तो ठीक है लेकिन दावा कैसे ठोंक सकते हैं भाई अपन?
पाकिस्तान: अरे आप कहिये कि अगर आपके पूर्वज न होते तो खजाना राजा लोग खल्लास कर देते। उनकी लूट के चलते ही अब तक बचा रहा। इसलिये आपका हक तो बनता है।
अमेरिका: सही है। इस बारे में सोचते हैं।
पाकिस्तान: अरे सोचते रहे तब तो आपका हिस्सा गोल हो जायेगा। इधर आपके हाल भी खस्ता ही हैं। डेट्रायेट दीवालिया हो गया। अमेरिका का शटडाउन होने-होने को हो रहा था। ऐसे ही गफ़लत में रहे तो आपके हाल हमारे नबाबों सरीखे हो जायेंगे।
अमेरिका: लेकिन आप हमको क्यों दखल करने को कह रहे हैं?
पाकिस्तान: अरे आपके हाल देखकर बड़ा तरस आ रहा है मुझे। बड़ा खराब लग रहा है यह देखकर कि जिससे मांगकर हम खाते हैं उसके हाल ऐसे हो जायें कि शटर गिराने की नौबत आ जाये। सच में तीन रूमाल भीग गये आपके हाल देखकर। आप कुछ करिये वर्ना आप और हम कहीं के न रहेंगे। खजाने में अपना हिस्सा मांगिये।
अमेरिका: सही कहते हैं आप। हम अभी फ़ोन लगाते हैं भारत।
इस बीच फ़ोन की घंटी बजी। हमें लगा कि अमेरिका से हैं। तो थोड़ा जीभ घुमाकर टेढ़ा हेल्लो बोले। उधर से अर्दली बोला साहब आज आफ़िस नहीं आयेंगे क्या?
अर्दली की आवाज से सपना टूट गया। सोचते हैं कि सबको बतायें। लेकिन यह भी सोच रहे हैं किसको बतायें? कौन भरोसा करेगा हमारे सपने का? हम कोई शोभन सरकार थोड़ी हैं।

4 responses to “खजाने के दावेदार”

  1. संतोष त्रिवेदी
    फिर एक धोबीपाट:-)
  2. सिद्धार्थ शंकर त्रिपाठी
    यह घोड़े का क्या कनेक्शन है?
    सिद्धार्थ शंकर त्रिपाठी की हालिया प्रविष्टी..दशहरे के दिशाशूल
  3. प्रवीण पाण्डेय
    थोड़ी खुदाई से जीडीपी बढ़ी जा रही है तो काहे की लड़ाई और काहे की शरमाई।
    प्रवीण पाण्डेय की हालिया प्रविष्टी..कितनी पहचानें
  4. suman
    सटीक व्यंग्य :)