Wednesday, November 25, 2026

पार्क के टहलते हुए


एक ही पार्क में टहलते हुए रोज़ अलग-अलग नज़ारे दिखते हैं। कल दोपहर को कुछ महिलायें काम करते दिखीं। बात की तो पता चला सब संडीला की हैं। कभी संडीला के लड्डू मशहूर हैं। आज भी स्टेशन पर 'संडीला के मशहूर लड्डू' की आवाज लगाते लोग दिखते हैं।

सभी महिलायें संडीला की ही थीं। ऐसा कई जगह दिखा। एक जगह कई फल वालों से पूछा तो अधिकतर बरेली के थे। एम्स के पास दवाई सप्लाई करने वाले ज्यादातर लोग बिहार के मिले। परदेश में काम करने अपने इलाक़े के लोगों के साथ मिलकर रहने की कोशिश करते हैं।

उनके पास एक बच्चा खेल रहा था। खेलते हुए अमरूद खा रहा था। गोल आँखों में काजल लगाए बालक की फोटो लेने लगे तो चुप खड़ा हो गया। मुँह में अमरूद दबाये।

वहीं एक बुजुर्ग दंपति दिखे। पत्नी अपने पति के साथ टहल रही थी। पति अपने मोबाइल के साथ। पूरा पति, पत्नी और वो वाला सीन था।

एक बीच की उमर का आदमी भागता हुआ टहल रहा था। पता चला कि वो दस किलोमीटर दौड़ता है। करीब घंटे भर में। सतीश सक्सेना जी की पार्टी का आदमी है। हम भी लगभग दस किलोमीटर टहल लेते हैं आजकल। दौड़ने की भी सोचते हैं लेकिन फिर लगता है टहलते रहें यही बहुत है।

पार्क में दो बच्चे एक पैसे से वो खेल खेल रहे थे जो पहले कभी बच्चे कंचे से खेलते थे।एक बच्चा एक छोटे छेद के पास रुपयों के कुछ सिक्के फेंकता । दूसरा बच्चा किसी एक सिक्के पर निशाना लगाने को कहता। पहला बच्चा उस पर निशाना लगाता। निशाना लगाने पर पैसे उसके हो जाते। न लगने पर दूसरा बच्चा सिक्के समेट लेता। हमारे देखते किसी बच्चे का निशाना लगा नहीं।

दो बच्चों को जुआं खेलते देखने के लिए कुछ और बच्चे दर्शक की हैसियत से वहाँ मौजूद थे। हम भी कुछ देर उनको खेलते देखते रहे। बच्चे हमने निर्लिप्त खेलते रहे। हम उनको वहीं खेलते छोड़कर फिर टहलने लगे। हमारे देखते-देखते कुछ और लोग वहाँ टहलने आ गए। कुछ लोग टहलकर घर चले गए।

पार्क में धूप खिली थी। कुछ बुजुर्ग धूप में बैठे गपिया रहे थे। कुछ बच्चे खेल रहे थे। कुछ लोग मोबाइल पर गपिया रहे थे। हम उनको देखते हुए टहलते रहे।

करीब डेढ़ घंटा टहलने के बाद हमारे 15000 कदम पूरे हुए। दस किलोमीटर। हम पार्क में काम करते, टहलते, खिलते, धूप सेंकते लोगों को पार्क के हवाले करके घर वापस आ गए।

No comments:

Post a Comment