Wednesday, October 09, 2013

सबके लिये शौचालय – कहीं हो न जाये

http://web.archive.org/web/20140420082729/http://hindini.com/fursatiya/archives/4928

सबके लिये शौचालय – कहीं हो न जाये

शौचालयपिछले हफ़्ते शौचालय और देवालय का बड़ा हल्ला रहा मीडिया में।
कोई बोला देश को देवालय नहीं शौचालय चाहिये।
सुनते ही कोई और बोला – अरे शौचालय वाली बात तो हमने कही पहले। हम इसके कोलम्बस हैं। आप देवालय वाले लोग शौचालय की बात कैसे कह सकते हैं? वास्कोडिगामा बने रहिये, कोलम्बस मती बनिये।
इसके बाद तो पूरा देश शौचालय बनाम देवालय की लड़ाई में जुट गया। अखबार, टेलिविजन और सोशल मीडिया जहां देखो वहां बयानों का दिब्य निपटान होने लगा।
मंदिर और मकान (रोटी,कपड़ा और मकान) का वायदा पूरा न कर सकने वाले लोग शौचालय की मांग पूरी करके नंबर लूटना चाहते हैं। खाने और रहने का इंतजाम भले न कर पायें लेकिन निपटने की व्यवस्था के लिये जान लगा देंगे। हरेक के लिये शौचालय सुलभ करवा देंगे। कुछ ज्याादा करना भी नहीं होग। मंदिर और मकान के नक्शे में एक ठो 2 बाई 2 के कमरे का जुगाड़ हो जायेगा।शौचालय की मांग पूरी हो जायेगी।
यह जरूरत कब पूरी होगी, कैसे होगी इसके बारे में बयान वीरों ने अपने पत्ते नहीं खोले हैं लेकिन इस बारे में पढ़ा गांधीजी का एक लेख याद आता है जिसमें उन्होंने खुले में निपटने से मना किया था। इससे बीमारियां फ़ैलती हैं। विस्तार से बताते हुये गांधीजी ने लिखा था कि कैसे खेत में निपटने के लिये जाने पर एक खुरपी साथ लेकर जायें। गढढ़ा खोदंकर उसमें शौच करें और फ़िर गढढे को मिट्टी से बंद कर दें। गांधीजी अंतिम आदमी की जरूरत समझते थे। इसलिये इतने विस्तार से बताया तरीका।
जितना विस्तार से गांधी जी ने एक गढढा खोदने की तरकीब बताई, योजना समझाई उतना तफ़सील से तो पूर देश के लिेये शौचालय के बारे में बयान देते हुये न तो ’बयानिया कोलम्बस’ ने सोचा होगा न “डायलागिया वास्कोडिगामा” ने। शौचालय वाले बयान से निपट कर अगला बयान गढ़ने लगे होगे। उल्टे वे खेत खतम करने में सहयोग कर रहे हैं ताकि आदमी गांधी जी वाले तरीके से निपटने तक को मोहताज हो जाये।
इस बयान युद्ध् के बीच ही कानपुर जाना हुआ। शहर में घुसते ही पटरियों के किनारे निपटते लोग दिखे। पटरी के पार लोगों के घर देखे। घर के पास के जमा बरसाती पानी तालाब की शक्ल ले चुका था जिसमें पालीथीन की चादर सी पसरी थी। घर, घर के पास की जमीन और पालीथीन पटे गढ़हे (छोटा तालाब) देखकर यह अंदाजा लगाना मुश्किल हो रहा था कि घर कहां खतम होता है और शौचालय कहां शुरु होता है। दोनों का सह अस्तित्व अगर कोई बयान वीर देख ले तो क्या पता कि बयान जारी करे कि हमने अपने देशवासियों के लिेये मकान और शौचालय दोनों की व्यवस्था एक साथ कर दी। टू इन वन। रहना है तो झुपड़िया में घुस जाइये, निपटना हो खुल्ले में आ जाइये। आगे के काम के लिय थोड़ा और तालाब तक आइये। पोछने का काम पालीथीन से। पूरे देश में हर जगह निपटने की सहज-सुलभ व्यवस्था है।
यूनीसेफ़ की एक रिपोर्ट के अनुसार दुनिया के 1.1 अरब लोग खुले में शौच करते हैं। लेकिन यह भी सोचने वाली बात है कि अगर कभी सारा देश बंद में निपटने लगेगा तो क्या होगा। इस बारे में प्रर्यावरण पत्रकारिता को समर्पित सोपान जोशी का मानना है कि सोपान जोशी मानते हैं कि हर एक के पास शौचालय हो जाए तो बहुत बुरा होगा। ”
खुदा न खास्ता अगर ये बयानवीर सबके लिये शौचालय का इंतजाम करने पर अड़ गये और हो भी गया इंतजाम तो हाल क्या होगा सुनिये पर्यावरण पत्रकार सोपान जोशी से:
“हरेक के पास शौचालय हो जाए तो बहुत बुरा होगा। हमारे सारे जल स्रोत-नदियां और उनके मुहाने, छोटे-बड़े तालाब, जो पहले से ही बुरी तरह दूषित हैं- तब तो पूरी तरह तबाह हो जाएंगे। आज तो केवल एक तिहाई आबादी के पास ही शौचालय की सुविधा है। इनमें से जितना मैला पानी गटर में जाता है, उसे साफ करने की व्यवस्था हमारे पास नहीं है। परिणाम आप किसी भी नदी में देख सकते हैं। जितना बड़ा शहर, उतने ही ज्यादा शौचालय और उतनी ही ज्यादा दूषित नदियां। दिल्ली में यमुना हो चाहे बनारस में गंगा, जो नदियां हमारी मान्यता में पवित्र हैं वो वास्तव में अब गटर बन चुकी हैं। सरकारों ने दिल्ली और बनारस जैसे शहरों में अरबों रुपए खर्च कर मैला पानी साफ करने के संयंत्र बनाए हैं। इन्हें सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट कहते हैं। ये संयंत्र चलते हैं और फिर भी नदियां दूषित ही बनी हुई हैं। ये सब संयंत्र दिल्ली जैसे सत्ता के अड्डे में भी गटर का पानी बिना साफ किए यमुना में उंडेल देते हैं।
जितने शौचालय देश में चाहिए, उतने अगर बन गए तो हमारा जल संकट घनघोर हो जाएगा पर नदियों का दूषण केवल धनवान लोग करते हैं, जिनके पास शौचालय हैं। गरीब बताए गए लोग जो खुले में पाखाने जाते हैं, उनका मल गटर तक पहुंचता ही नहीं है क्योंकि उनके पास सीवर की सुविधा नहीं है फिर भी जब यमुना को साफ करने का जिम्मा सर्वोच्च न्यायालय ने उठाया तो झुग्गी में रहने वालों को ही उजाड़ा गया। न्यायाधीशों ने अपने आप से ये सवाल नहीं किया कि जब वो पाखाने का फ्लश चलाते हैं तो यमुना के साथ कितना न्याय करते हैं। ”
कितना भला लग रहा है यह सोचते हुये कि अपने यहां नेताओं के बयान सिर्फ़ बयान तक ही सीमित रहते हैं। उनके कार्यान्वयन का खतरा नहीं रहता।

8 responses to “सबके लिये शौचालय – कहीं हो न जाये”

  1. sanjay jha
    ………..
    ………..
    अब साडी कवायद इस बात को लेकर रहेगी के……….’इस बात के कोलम्बस हम हैं’
    ………..
    प्रणाम.
  2. rachana tripathi
    इसके बावजूद भी गाँव में शौचालय तभी सुचारु रूप से चल पायेगा जब उस शौचालय में पानी की व्यवस्था हो, और यह तब संभव है जब वहाँ चौबीस घंटे बिजली मौजूद हो। क्योंकि वहां के लो्ग पानी से धुलने-धुलाने का चक्कर नही पालते ।
    ऐसे ही जलस्तर गिरता जा रहा है.. देश की अर्थ व्यवस्था भी चरमरायी हुई है..खाएंगे तभी तो जाएंगे..पांच किलो अनाज में कब्जियत के शिकार होने की संभावनाएं ज्यादा है।
  3. रवि
    तो फिर सोपान जोशी के मुताबिक घरेलू शौचालयों पर प्रतिबंध लगा देना चाहिए…
    और, कल्पना करें कि अगर ऐसा हो गया, तो पांच सितारा सुविधा भोगी लोगों को लोटा लेकर बाहर जाते देखना … :)
    रवि की हालिया प्रविष्टी..याहू! 1 टीबी ईमेल बॉक्स बिलकुल मुफ़्त
  4. प्रवीण पाण्डेय
    हो न हो, पर उसे कौन टाल सका है, मार्ग तो निकाल ही लेगा, जिसे जाना होगा।
    प्रवीण पाण्डेय की हालिया प्रविष्टी..वर्धा से कानपुर
  5. arvind mishra
    कम से कम आप तो रहने ही दिए होते -अब ‘सोचालय’ वाले क्या करेगें ?
    arvind mishra की हालिया प्रविष्टी..नौकरी के तीन दशक -संस्मरण श्रृंखला
  6. सिद्धार्थ शंकर त्रिपाठी
    भारत सरकार द्वारा वित्त पोषित ग्रामीण स्वच्छता कार्यक्रम के अंतर्गत गरीबों को शौचालय बनवाने के लिए आर्थिक व तकनीकी मदद दी जाती है जिसके लिए पंचायतीराज विभाग जिम्मेदार है। इसके अंतर्गत जो शौचालय बनाये जाने हैं उनमें सीवर लाइन या सेप्टिक टैंक नहीं बनाना होता बल्कि छोटे-छोटे सोख्ता गढ्ढे बनाये जाते हैं। इसमें गोल जालीदार दीवार ईंटों से बनायी जाती है। मलमूत्र आदि इस गढ्ढे में पहुँचता है तो उसका द्र्व भाग जमीन द्वारा सोख लिया जाता है और ठोस भाग सूखकर या जीवाणुओं द्वारा खा लिये जाने के बाद मिट्टी में मिल जाता है। इस प्रकार इससे नदियों को कोई खतरा नहीं है।
    अधिक से अधिक शौचालय बनना सबके लिए अच्छा है।
    सिद्धार्थ शंकर त्रिपाठी की हालिया प्रविष्टी..सेकुलरिज्म का श्रेय हिंदुओं को: विभूति नारायण राय
  7. Dr. Shilpi Yadav
    कानपूर का ऐसा सजीव चित्रांकन ! क्या कहना !
    वैसे गाँव के लोगो के लिए खुले में शौच के लिए जाना कुछ ऐसे है जैसे हम सब के लिए फेसबुक ……..
    सोशल नेटवर्किंग सुबह सुबह चैटिंग हो जाती है |
  8. : फ़ुरसतिया-पुराने लेख
    [...] सबके लिये शौचालय – कहीं हो न जाये [...]

Leave a Reply

Tuesday, October 08, 2013

भारतीय ’लेट लतीफ़’ क्यों होता है

http://web.archive.org/web/20140420082430/http://hindini.com/fursatiya/archives/4909

भारतीय ’लेट लतीफ़’ क्यों होता है

परसाई-जी’पूछो परसाई से’ में पूछे जाने वाले प्रश्नों के उत्तरों में परसाई जी की तार्किकता, सरलता, सहजता और आत्मीयता के दर्शन होते थे। जाने कितने उकसाने वाले प्रश्नों के उत्तर भी उन्होंने पूरी सहजता से दिये हैं। उदाहरणार्थ, एक प्रश्न है- ’आपके पास हर प्रश्न का जबाब है। क्या आप अक्ल के जहाज हैं?’ परसाई का उत्तर है- ’मेरे पास हर प्रश्न का जबाब नहीं है। जबाब सही हो, यह भी जरूरी नहीं है। मैं लगातार सीखता जाता हूं। मामूली आदमी हूं।’
ऐसे ही दो प्रश्न और उनके जबाब यहां पेश कर रहा हूं:
प्रश्न: भूतपूर्व ब्रिटिश प्रधानमंत्री जेम्स कैलोहम को एक बार एक महिला ने अपनी चोली पेश करते हुये कहा था कि सरकार की बजाय यह मुझे ज्यादा सहारा देती है, क्या शोषित भारतीय महिलायें भी ऐसा ही नहीं सोचती होंगी? (भिलाई से छोटेलाल दुबे)
उत्तर: यह सवाल तो आप महिलाओं से पूछिये वे क्या अनुभव करती हैं। भारत में ऐसी ही असुरक्षा के लिये सरकार कुछ हद तक जिम्मेदार है। पर ज्यादा जिम्मेदारी हमारी पारिवारिक और सामाजिक व्यवस्था की है। परिवार में बहुओं को यातना हम लोग ही तो देते हैं। परिवार और समाज में ही अमानवीयता है। जब सड़क पर स्त्री को कोई मनचला छेड़ता है तो आसपास के पुरुष नपुंसक हो जाते हैं? वे क्यों पीठ फ़ेरकर चल देते हैं? वे क्यों नहीं उस मनचले पर झपटकर उसकी पिटाई करते? वे क्यों नहीं स्त्री की रक्षा करते?
(देशबंधु, 23 अक्टूबर, 1983)
आलस्यप्रश्न: फ़्रांस के लोग भावुक, नजाकत वाले, अमेरिकी लोग जांबाज, ब्रिटिश लोग औपचारिकता वाले , भारतीय लेट लतीफ़ होते हैं। यह विभिन्नता क्यों पाई जाती है? -रायपुर से अंजलि गोडबोले।
उत्तर: फ़्रांस के लोग भावुक, सुरुचि संपन्न तथा कला प्रेमी माने जाते हैं- जैसे भारत के बंगाली। इसका कारण दीर्घकालीन जीवन परिस्थितियां , ऐतिहासिक अनुभव और सांस्कृतिक परम्परा है। पर अमेरिकी लोग जांबांज नहीं होते। उन्हें लड़ना नहीं आता। उनके पास अच्छे से अच्छे हथियार होते हैं पर उन्हें न रणनीति आती है और न ही वे बहादुर होते हैं। कारण यह कि गृहयुद्ध के बाद वे कभी लड़े नहीं। वे सारी दुनिया से अलग रहे। दूसरे महायुद्ध से उन्होंने लड़ना शुरु किया। पर इसके बाद वे जहां लड़े बुरी तरह हारकर भागे। वे कोरिया में चीनियों से पिटे जिनके पास पुरानी बन्दूकें थीं फ़िर भी उनकी दुर्गति हुयी। वियतनाम में अमेरिकी कई साल हमला करते रहे। पर वियतनामियों ने उन्हें इतनी बुरी तरह पीटा कि उन्हें भागना पड़ा। भागने के लिये हो ची मिन्ह से चौबीस घंटे का समय मांगा। फ़िर ईरान में उनकी दुर्गति हुई। अभी बेरुत से पिटकर भागे। सच्चे जाबांज वियतनामी हैं, जिन्होंने फ़्रांस और अमेरिका को मार भगाया। अंग्रेज ’रिजर्व्ड’ और औपचारिक होते हैं। कारण हैं इसके- एक तो यह बनिया कौम है। बनिया कभी दिल नहीं खोलता। दूसरे,यांत्रिक हैं। तीसरे सबसे बड़े साम्राज्यवादी रहे हैं, उसका अहंकार है। चौथे, इंग्लैंड द्वीप समूह है। मुख्य भूमि यूरोप में नहीं है। फ़्रांसीसी और जर्मन अंग्रेंजो को गंवार और जंगली मानते रहे हैं। इसलिये भी अंग्रेज मुश्किल से मुंह खोलता है। बिना परिचय के बात नहीं करता और आत्मक्रेंदित रहता है। उसने अपनी विशिष्टता के लिये ’मैनर्स’ बना लिये हैं।
भारतीय ’लेट लतीफ़’ क्यों होता है। दार्शनिक रूप से भारतीय कालातीत है। वह काम में नहीं जीता, आत्मा अमर है, बार-बार जन्म लेना है उसे तो जल्दी किस बात की। वास्तव में कई सदी पहले भारतीयों ने कोई दायित्व लेना छोड़ दिया था। इसलिये उसने समय की पाबन्दी छोड़ दी। पाबन्दी धार्मिक कर्मकांड में रही। या नियम से सूर्योदय से पहले कान में जनेऊ लपेटकर शौच के लिये नदी जाने में। हमारी अनियमितता का कारण जलवायु भी है। फ़िर हमारी भोजन की आदत है। हम दोपहर में भरपेट भोजन करते हैं और दो घंटे ऊंघते हैं। वास्तव में भारी नास्ता करना चाहिये और हलका दोपहर का भोजन। पर गरीबी या परम्परा के कारण अधिकांश लोग नाश्ता नहीं करते। दोपहर को पेट को चावल से भरते हैं और ऊंघते हैं।
(देशबन्धु 6 मई,1984 )

3 responses to “भारतीय ’लेट लतीफ़’ क्यों होता है”

  1. विवेक रस्तोगी
    ना हमसे नाश्ता भारी होता है, और ना ही खाना.. पर खाने के बाद ऊँघने का क्रम टूटता नहीं है..
    विवेक रस्तोगी की हालिया प्रविष्टी..बस तुम्हें… अच्छा लगता है.. मेरी कविता
  2. प्रवीण पाण्डेय
    व्याख्या सच में प्रभावित कर गयी, सच में ऐसा ही होता है।
    प्रवीण पाण्डेय की हालिया प्रविष्टी..वर्धा से कानपुर
  3. : फ़ुरसतिया-पुराने लेख
    [...] भारतीय ’लेट लतीफ़’ क्यों होता है [...]

Sunday, October 06, 2013

लंच बॉक्स, सिक्स सिग्मा और समाज

http://web.archive.org/web/20140420081307/http://hindini.com/fursatiya/archives/4884

लंच बॉक्स, सिक्स सिग्मा और समाज

लंच बॉक्सपिछले हफ़्ते ‘लंच बॉक्स’ देखी। जबलपुर के समदड़िया मॉल में। बुधवार का दिन। आमतौर पर अपन बुधवार को ही सनीमा देखने जाते हैं। हर टिकट 100 रुपये का। स्नैक्स का कूफ़न अलग से। इस बार बुधवार को गांधी जयन्ती थी। सोचा भीड़ ज्यादा होगी तो पहले से नेट से करा लिये। टिकट 150/- का पड़ा। अभी तक हमें ये नहीं पता है कि इस बुधवार को टिकट 100 का काहे नहीं मिला? क्या इसलिये कि गांधी जयन्ती थी या फ़िर नेटबाबा हमें मंहगे पड़े। कारण पता चलते ही हम अपने ज्यादा पैसे ठुकने का दोष उसपर डालकर दो मिनट उसको मन लगाकर कोसेंगे। लेकिन वह बाद में अभी तो पिक्चर के बारे में बात करते हैं।
एक घंटे पचास मिनट की पिक्चर जब खतम हुयी तो यही मन किया कि अभी और चलनी चाहिये। यही पिक्चर की अच्छी होने का शायद सबसे बड़ा प्रमाण है। कहानी मुम्बई के आपाधापी वाले जीवन के एक परिवार की। पत्नी इला (निरमत कौर) अपने पति को रिझाने के लिये तरह-तरह के जनत करती है लेकिन पति अपने काम में डूबा है। पत्नी अपनी आंटी से पूछकर एक दिन खास खाना तैयार करती है। लंचबॉक्स में रखकर भेजती है। उस दिन डिब्बा पूरा खाली आता है। पत्नी खुश होती है कि खाना बहुत मन से खाया है तो आकर तारीफ़ करेगा। लेकिन पति का व्यवहार वैसा ही रूखा, उदासीन। पत्नी पूछती है तो बताता है कि खाना रोज जैसा ही था। उदास पत्नी इला अगले दिन भी खास खाना लंचबॉक्स में भेजती है। वह भी पति के पास न पहुंचकर किसी दूसरे के पास पहुंचता है। पति की प्रतिक्रिया वही उदासीन। पत्नी इला और अनजान व्यक्ति , साजन फर्नांडिस,(इरफान ) जिसके पास गलती से डिब्बा पहुंचता है, में संदेशों का आदान-प्रदान होता है। दोनों तरफ़ खाने से ज्यादा उत्सुकता संदेशों की होती है। इस बीच पत्नी को अपने पति के किसी और से चक्कर की सुंगंध भी मिलती है। वह अनजान लंच बॉक्स पाने वाले अनजान व्यक्ति से मिलने का मन बनाती है। बुलाती है। उत्कंठित नायिका को नायक देखता है लेकिन न मिलने का तय करता है। दोनों के बीच उमर के अंतर को न मिलने का कारण बताता है। कहानी और आगे बढ़ती है। एक और पात्र असलम मियां ( नवाज़ुद्दीन ) की मजेदार प्रेमकहानी भी बीच में दखल देती है जिसकी प्रेमिका उसके साथ भाग के तो आ गयी निकाह अब्बा की मर्जी से करने की जिद है। आखीर में साजन फ़र्नांडीज को इला से मिलने के लिये उसके घर की तरफ़ जाते हुये दिखाये जाता है। मिलन के खूबसूरत मोड़ के पहले ही पिक्चर का ‘द एंड’ हो जाता है- ऐसे समय जब लगता है कि यार कम से कम मिला तो देते दोनों को। एक बार से डायलाग बुलवा देते -कभी-कभी गलत ट्रेन में बैठने से भी सही मंजिल मिल जाती है।
6 sigmaपिक्चर की सारी बुनावट लंच बॉक्स के गलत जगह पहुंचने की थीम पर है। बड़ा रोचक है यह देखना कि यह गलती नियमितता के साथ होती है। माने कि सुव्यवस्थित अव्यवस्था। मुंबई के डब्बे वाले इस काम में सौ साल से भी ज्यादा समय से लगे हुये हैं। करीब पांच हजार लोग, जो कि बहुत कम पढ़े-लिखे हैं, इस काम को ऐसे सलीके से अंजाम देते हैं कि दिन में करीब दो लाख लोगों तक टिफ़िन तीन घंटे के भीतर पहुंचा देते हैं। काम करने का तरीका ऐसा कि इनके व्यवसाय को 6 सिग्मा प्रमाणपत्र हासिल है। 6 सिग्मा प्रमाणपत्र मिलने का मतलब दस लाख बार कोई काम किया जाये तो गलती की सम्भावना अधिकतम 3.4 हो सकती है। अपने काम में ईमानदारी और अनुशासन का आत्मविश्वास के चलते ही डिब्बावाले यह मानने को तैयार ही नहीं होते कि उनसे डब्बा डिलीवरी में गड़बड़ भी हो सकती है। इसीलिये जब नायिका इला डिब्बा वाले से अपना डिब्बा गलत जगह पहुंचने की बात कहती है तो वह मानने से फ़ौरन इंकार कर देता है यह कहते हुये कि लंदन से राजकुमार भी देख चुके हैं इस हमारे काम को। उन्होंने भी काम की तारीफ़ की है (4 नवंबर 2003 को प्रिंस चार्ल्स ने मुंबई स्टेशन पर 20 मिनट तक सिस्टम को समझा और फिर उन्हें इंग्लैंड में शाही शादी में आमंत्रित किया था)। डब्बे वालों पर श्रीनिवास पंडित ने एक किताब भी लिखी गयी है।
डिब्बे बालेएक सिक्स सिग्मा प्रमाणपत्र पाये संस्थान द्वारा वितरण में हुई नियमित गड़बड़ी की थीम पर बनी इस खूबसूरत फ़िल्म पर लिखते समय टेलीविजन पर समाचार सुनते जा रहे हैं। चारा घोटाले मामले में सुनायी गयी सजा और आशाराम के कुकर्मों के किस्सों पर चर्चा हो रही है। लाखों लोग इस तरह के अपराधों में संलग्न हैं। धड़ल्ले से करप्शन और कुकर्म करने में लगे हैं। लाखों अपराधियों में सजा चंद लोगों को ही मिलती है। लगता है समाज में अपराध और न्याय व्यवस्था में भी सिक्स सिग्मा लागू है। यह व्यवस्था यह सुनिश्चित करती है कि लाखों अपराधियों में 3-4 से अधिक को सजा देने की गलती न हो जाये। समाज के सबसे जहीन लोग इस व्यवस्था को बनाये रखने में अपने हुनर का योगदान करते हैं। उनकी रोजी, रोटी और रुतबा समाज के इस आपराधिक सिक्स सिग्मा प्रमाणपत्र को बचाये रखने में ही है। उनके अथक प्रयासों की बदौलत ही अपराध और भ्रष्टाचार व्यवस्था का सिक्स सिग्मा बचा हुआ है। लाखों अपराधियों में से गिने-चुने लोगों को ही सजा का मुंह देखना पड़ता है।
इस अपराध और न्याय व्यवस्था का अपराधियों को बचाने का सिक्स सिग्मा प्रमाणपत्र न जाने कब छिनेगा? यह सोचते हुये हम यह भी सोच रहे हैं कि लंच बॉक्स सरीखी खूबसूरत कोई और फ़िल्म कब देखने को मिलेगी?

8 responses to “लंच बॉक्स, सिक्स सिग्मा और समाज”

  1. रचना त्रिपाठी
    अब तो लंच बॉक्स देखने का मन हो गया है।
    आप मेरा भी कुछ खर्च कराएंगे।
    रचना त्रिपाठी की हालिया प्रविष्टी..बंदर के हाथ में बंदूक..
  2. प्रवीण पाण्डेय
    हम भी लंचबॉक्स दे आये, बड़ी अच्छी लगी। वैसे तो जिस प्रकार की कोडिंग की जाती है, भूल की संभावना ही नहीं। यदि ६ सिग्मा से भी चलें तो एक या दो दिन भूल हो भी सकती है, पर एक ही भूल नियमित नहीं हो सकती है। पहली बार कैसे पात्र के पास नहीं पहुँचा, यह भी विवेचन का विषय है।
    ईश्वर को मूढ़ पति और गुणी पत्नी को न्याय देना था, इसीलिये भूल हुयी नहीं वरन करवायी गयी।
    प्रवीण पाण्डेय की हालिया प्रविष्टी..बंगलोर से वर्धा
  3. विवेक रस्तोगी
    फिल्म का अंत करने में जल्दी कर दी गई ..
    विवेक रस्तोगी की हालिया प्रविष्टी..बस तुम्हें… अच्छा लगता है.. मेरी कविता
  4. Mukesh Kumar Sinha
    मुझमे भी देखने की उत्कंठा जग उठी ………
  5. arvind mishra
    मुझे तो अभी लम्बे समय तक आप लोगों की समीक्षा पर ही निर्भर रहना है !
    arvind mishra की हालिया प्रविष्टी..और ज़िंदगी चल पडी …..(नौकरी के तीस वर्ष-श्रृंखला )
  6. Abhishek
    :)
    देखा हमने भी ये फिल्म.. सिग्मा का ख्याल नहीं आया. डिब्बा वाला हार्वर्ड का नाम भी लेता है :)
    सिग्मा इधर भी था –
    http://baatein.aojha.in/2012/07/blog-post.html
    Abhishek की हालिया प्रविष्टी..संयोग
  7. पंछी
    Nice Read
    पंछी की हालिया प्रविष्टी..Poem on Discipline in Hindi
  8. : फ़ुरसतिया-पुराने लेख
    [...] लंच बॉक्स, सिक्स सिग्मा और समाज [...]

Friday, October 04, 2013

नेहरू एडविना संबंध- एक महान प्रेम प्रकरण या चलते किस्म की चीज

http://web.archive.org/web/20140331064005/http://hindini.com/fursatiya/archives/4861

नेहरू एडविना संबंध- एक महान प्रेम प्रकरण या चलते किस्म की चीज






सोशल मीडिया पर यदा-कदा भारत के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू की बुराई करने वाले उनकी नीतियों और निर्णयों के अलावा उनके व्यक्तिगत जीवन से जुड़ी बातों की चर्चा करके उनकी आलोचना करते हैं। ऐसा ही एक चर्चित विषय है नेहरू-एडविना प्रेम संबंध। नेहरू-एडविना के संबंधों को लेकर अनेक किताबें लिखी गयीं हैं। परसाई जी ने एक पाठक के पूछने पर इस संबंध में अपने विचार व्यक्त किये।
परसाई जी नेहरू जी के व्यक्तित्व से बहुत प्रभावित थे। उनकी वैज्ञानिक समझ और दूरदृष्टि के प्रशंसक थे। नेहरू जी उनके रोमानी हीरो सरीखे थे। लेकिन व्यंग्यकार परसाई नेहरू की आलोचना और उनकी नीतियों की खिल्लियां उड़ाने से चूकते नहीं थे। परसाई जी का विश्वास था कि बिना व्यवस्था में बदलाव लाये, भ्रष्टाचार के मौके कम किये देश से भ्रष्टाचार कम नहीं हो सकता। नेहरूजी ने एक सभा में कहा था कि मुनाफाखोरों को बिजली के खम्भों पर लटका दिया जायेगा। बिना किसी समुचित योजना के इस तरह की घोषणा करने की प्रवृत्ति की खिल्ली उड़ाते परसाई जी ने व्यंग्य लेख लिखा था- उखड़े खम्भे। नेहरू जी द्वारा स्वयं की सरकार द्वारा ‘भारत रत्न’ स्वीकार करने की घटना का भी परसाई जी ने ( सम्मानित होने की इच्छा उद्दात मनुष्य की आखिरी कमजोरी होती है) विरोध किया था।

नेहरू-एडविना संबंध में परसाई जी का मानना था कि इसमें एतिहासिक परिस्थितियों ने एक साधारण स्त्री को एक इतिहास-पुरुष के संपर्क में ला दिया। अपने उत्तर में परसाईजी ने अपनी राय व्यक्त की थी की थी कि सहमति से अगर किसी स्त्री और पुरुष के शारीरिक संबंध भी हों तो मैं इसे बुरा नहीं मानता एक पाठक ने उनके इस वक्तव्य पर सवाल उठाते हुये एतराज किया कि इससे तो समाज में मुक्त यौन संबंध का चलन हो जायेगा। परसाईजी ने अपनी बात साफ़ करते हुये पाठक को जबाब दिया मैं मुक्त यौन सम्बन्ध की वकालत नहीं कर रहा हूं।।
“पूछो परसाई से” पढ़ते हुये लगता है कि परसाईजी की देश-समाज से जुड़े मुद्दे पर क्या राय थी। बहरहाल, आप पढिये ये दोनों प्रश्न-उत्तर।
प्रश्न- क्या नेहरू-एडविना का प्रेम विश्व इतिहास में एक महान प्रेम प्रकरण था या चलते किस्म की चीज? (पोटियाकला से कु. शशि साव)

उत्तर-एडविना भारत के अन्तिम वाइसरॉय लॉर्ड लुई माउंट बेटन की पत्नी थी। लार्ड माउंट बेटन से पंडित नेहरू के पहले से अच्छे सम्बन्ध थे। कृष्णमेनन भी माउंट बेटन के दोस्त थे और आदत के मुताबिक साफ़ बात कहते थे। उन्होंने एक दिन दोपहर के भोजन करते-करते माउंट बेटन से कह दिया था- तुम मुस्लिम लीग का उपयोग भारत विभाजन के लिये कर रहे हो और भारत में रहने वाले करोड़ों मुसलमानों के साथ धोखा कर रहे हो।


बहरहाल, एडविना माउंट बेटन पंडित नेहरू की मित्र थीं। सहमति से अगर किसी स्त्री और पुरुष के शारीरिक संबंध भी हों तो मैं इसे बुरा नहीं मानता। प्रेम अत्यन्त पवित्र स्वाभाविक मानवीय भावना है। मगर यह सम्बन्ध ऐतिहासिक कैसे हो जायेगा? ऐतिहासिक परिवर्तन कैसे हो जायेगा? ऐतिहासिक परिवर्तन और प्रक्रिया में जवाहरलाल नेहरू की राष्ट्रीय और अन्तर्राष्ट्रीय भूमिका थी और महत्व था। पूंजीवादी और समाजवादी शक्तियों का संघर्ष अवश्यम्भावी है यह उन्होंने समझ लिया था। वे अमेरिकी साम्राज्यवाद के आगे के रोल की कल्पना कर चुके थे। इसीलिये उन्होंने ‘शान्तिपूर्ण सह-अस्तित्व’, ‘पंचशील’ और ‘गुट’, संलग्नता की नीतियां प्रतिपादित कीं। एडविना उस वाइसरॉय की पत्नी थीं जिसने ब्रिटिश संसद के फ़ैसले के अनुसार भारतीयों को सत्ता सौंपी और देश का विभाजन हुआ।

पंडित नेहरू अत्यन्त आकर्षक व्यक्ति थे। यह आकर्षण केवल सुन्दर चेहरे के कारण नहीं था। उनके कार्यों , बुद्धि की प्रखरता, साम्राज्यवाद विरोधी संघर्ष, कीर्ति और विश्व इतिहास में उनकी भूमिका के कारण भी था। यह समझना गलत है कि स्त्री केवल सुन्दर चेहरे पर मोहित होती है। स्त्री दूसरे कारणों से भी किसी पुरुष पर मोहित होती है। कुरूप पुरुषों पर भी स्त्रियां मोहित हैं। असंख्य स्त्रियों देश और दुनिया में थीं जो नेहरू पर मोहित थीं। इतिहास की सबसे महान और अहंकारी अभिनेत्री ग्रेटा गार्बों जवाहरलाल को देखने के लिये भीड़ में खड़ी होती थीं। इतना मोहक व्यक्तित्व था नेहरू का।

नेहरू भावुक थे, रूमानी भी थे। उनकी कई स्त्रियों से मित्रता थी- मृदुला साराभाई, राजकुमारी अमृत कौर, पूर्णिमा बेनर्जी, पद्मजा नायडू, आदि से उनकी मित्रता थी। वे छिपाते नहीं थे। एक बार संसद में उन्होंने कह दिया था- हां मृदुला सारा भाई कुछ साल मेरी मित्र थीं।

एडविना और नेहरू के सम्बन्धों के बारे में बहुत अफ़वाहें हैं और बहुत लिखा गया है। अब जब न नेहरू हैं, न लॉर्ड माउंट बेटन, न एडविना तब तो रिसर्च होकर और खुलकर किताबें लिखीं जा रहीं हैं। ताजा किताब एक अंग्रेज ने लिखी है जिसमें उसने कहा है कि एडविना शुरु से चंचल थीं। यहां तक लिखा है कि शादी के बाद दस साल तक ‘शी वाज गोइंग फ़्रॉम बेड टु बेड’। इस बिस्तर से उस बिस्तर तक जाती रहीं। एक लेखक ने लिखा है कि माउंट बेटन इस बात पर गर्व करते थे कि उनकी पत्नी पुरुषों को इस तरह मोहित करती हैं। महान नीग्रो गायक पाल राब्सन से भी एडविना के सम्बन्ध थे। जब एडविना और नेहरू में मित्रता हुई तब एडविना की उम्र 45 साल थी और नेहरू की 54 साल। यह उम्र किशोरों जैसे प्रेम की नहीं होती। इन उम्र में विवेक और समझदारी से प्रणय सम्बन्ध होते हैं। कुछ लोगों का यह ख्याल गलत है एडविना ने नेहरू के विचारों को प्रभावित करके उनसे ब्रिटिश सरकार की बात मनवाई। नेहरू बहुत दृढ़ आदमी थे। यह जरूर है कि एडविना के साहचर्य, उसकी भावुकता तथा सद्भावना से नेहरू प्रभावित थे। यह सम्बन्ध कहां तक था। कुछ लोग कहते हैं कि शरीर के स्तर पर भी सम्बन्ध था। हो तो हर्ज क्या है? जिस क्षोभ और मानसिक तनाव में देश विभाजन के दौर में नेहरू कार्य कर रहे थे, इस कोमल भावना से उन्हें राहत मिलती थी। एतिहासिक इसमें इतना ही है कि एतिहासिक परिस्थितियों ने एक साधारण स्त्री को एक इतिहास-पुरुष के संपर्क में ला दिया।
(देशबन्धु ,18 दिसम्बर, 1983)


प्रश्न- नेहरू-एडविना प्रेम के बारे में आपने लिखा है- सुसम्मत यौन सम्पर्क के आप विरोधी नहीं हैं। आप बहुत बड़े लेखक हैं। आपके इस समर्थन को पढ़कर देश के नर-नारी सम्मति से यौन सम्पर्क करने लगें तो क्या परिणति होगी? (भिलाई से निखिलानन्द घोष)


उत्तर- आप मुझे गलत समझे, आपकी कल्पना में अतिशयोक्ति है। स्वभाव से स्त्री एक ही पुरुष की रहना चाहती है, रहती भी है क्योंकि वही सन्तान पैदा करके मनुष्य की जीवन परम्परा बढ़ाती है। एकनिष्ठ वैवाहिक संबंध की सुरक्षा उसे तथा बच्चों को चाहिये। मेरे कह देने से स्त्रियां एकदम चंचल नहीं हो उठेंगी मगर मानवीय भावना र वासना गणित से नहीं चलती। एक स्त्री और पुरुष का परस्पर आकर्षण और प्रेम है, तो उसमें अनैतिक कुछ भी नहीं है। यह प्राकृतिक है। यह आकर्षण शरीर-सम्पर्क की मांग करता है। सुविधा हो तो ऐसा सम्पर्क होता भी है। आप अपनी जानकारी के दायरे में देख लीजिये, ऐसे सम्बन्ध हैं। मेरी जानकारी में ऐसे कई सम्बन्ध हैं और ये सम्बन्ध सम्मानजनक हैं। मैं मुक्त यौन सम्बन्ध की वकालत नहीं कर रहा हूं। ऐसे सम्बन्ध बाजारू हो जायेंगे। मर्यादा समाज में जरूरी है। मैं कह रहा हूं कि स्त्री-पुरुष में परस्पर आकर्षण और प्रेम से शरीर सम्बन्ध हों, तो वे सही हैं। इसका अर्थ यह नहीं है कि पत्नियां पतियों को छोड़ देगीं और यौन अराजकता आ जायेगी।

बलात्कार, दबाब, डर से जो सम्बन्ध हों ये अपराध हैं। अगर कोई अफ़सर अपने मातहत स्त्री नौकरीपेशा को दबाकर उससे सम्भोग करता है तो यह बलात्कार है। यदि प्रोफ़ेसर छात्रा से यौन सम्बन्ध करके डॉक्टरेट दिलाता है, तो यह भी बलात्कार है। ये सम्बन्ध प्रेम और स्वेच्छा के नहीं होते।
(देशबंन्धु, 29 जनवरी, 1984)

15 responses to “नेहरू एडविना संबंध- एक महान प्रेम प्रकरण या चलते किस्म की चीज”

  1. कट्टा कानपुरी असली वाले
    आप के इरादे क्या हैं आजकल ?
    कट्टा कानपुरी असली वाले की हालिया प्रविष्टी..भीड़ का हिस्सा हैं हम – सतीश सक्सेना
    1. काजल कुमार
      बस्‍स्‍स. ठीक यही मैं भी कहना चाहता हूं …
      काजल कुमार की हालिया प्रविष्टी..कार्टून :- बि‍नु WiFi जेल, नेता बि‍नु बेल, प्रभु कैसा खेल !
  2. eswami
    हव्व रे भैय्या ..कृष्ण करे तो लीला और करे तो पाप!
    eswami की हालिया प्रविष्टी..कटी-छँटी सी लिखा-ई
  3. arvind mishra
    नेहरू के प्रेम सम्बन्ध के बारे में परसाई जी के दृष्टिकोण से पूर्ण सहमत -प्रेम में प्रगाढ़ता यौन संसर्ग की मांग करती ही है और यह मांग अक्सर पुरुष की ओर से होती है और है सहज है -जैसा परसाई जी कह रहे हैं!
    “एक स्त्री और पुरुष का परस्पर आकर्षण और प्रेम है, तो उसमें अनैतिक कुछ भी नहीं है। यह प्राकृतिक है। यह आकर्षण शरीर-सम्पर्क की मांग करता है।”
    arvind mishra की हालिया प्रविष्टी..नौकरी के वर्ष तीस! (श्रृंखला-2)
  4. ashok kumar avasthi
    यह प्रेम सम्बन्ध एह्तिहासिक ही थे. स्वाभाविक भी थे लेकिन थे एक महिला और पुरुष के ही सम्बन्ध जिसे समय-काल ने बत्कहिओन का मसाला दे दिया. नेहरु इतने आकर्षक तथा वाकप्रविन थे की नजदीकी हो गई.इसमे नैतिकता की खोज बेमानी और निरर्थक है
  5. Shikha Varshney
    हाँ तो ठीक ही तो है … सहमत परसाई जी से.
  6. प्रवीण पाण्डेय
    क्या करें, लोग प्रेम समझते ही नहीं हैं।
    प्रवीण पाण्डेय की हालिया प्रविष्टी..बंगलोर से वर्धा
    1. arvind mishra
      सच प्रवीण जी कहाँ समझते हैं :-(
      arvind mishra की हालिया प्रविष्टी..नौकरी के वर्ष तीस! (श्रृंखला-2)
  7. Abhishek
    अच्छा लगा परसाई जी के विचार पढना। ये पुस्तक खरीदी जायेगी।
    Abhishek की हालिया प्रविष्टी..संयोग
  8. : फ़ुरसतिया-पुराने लेख
    [...] नेहरू एडविना संबंध- एक महान प्रेम प्रक… [...]
  9. Dr. Shilpi Yadav
    प्रेम दो व्यक्तियों का नितांत निजी मामला है और वे ही इसकी सीमा निर्धारित कर सकते है इसलिए इस किसी अन्य को प्रतिक्रिया देना उचित नहीं फिर चाहे वे नेहरु एडविना हो या कोई और
    परसाई जी के विचार से नयी पीढ़ी गलत प्रेरणा ले सकती है
  10. कट्टा कानपुरी असली वाले
    डॉ शिल्पा यादव के विचारों से सहमत हूँ , क्या इस तरह के किस्से छाप छाप कर आप , टटपूंजियों में शामिल नहीं हो रहे छापना ही है तो अपने छापो गुरु !!
    सस्ती पब्लिसिटी कि कोशिश लगती है, एक अच्छे भले व्यंग्यकार द्वारा !
    कट्टा कानपुरी असली वाले की हालिया प्रविष्टी..अगर हमने भी डर के ऐसे, समझौते किये होते -सतीश सक्सेना
  11. सुभाष
    वयप्राप्त व्यक्ति, तिस पर स्त्रीसुख वंचित, परसाई जी की सारी बातें सिर-माथे. बस यह न समझ पाया कि पचासौत्तर दशक के कई विद्वानों को नेहरू में कौन रूप का ज्वालामुखी फूटता दिखा. जो हो नेहरू में पुरुषोचित सौन्दर्य मुझे तो दिखा नहीं. या मुझमें सौन्दर्यबोध उतवा नहीं.
  12. Arvind
    प्रेम दो व्यक्तियों का नितांत निजी मामला है और वे ही इसकी सीमा निर्धारित कर सकते है इसलिए इस किसी अन्य को प्रतिक्रिया देना उचित नहीं. आकर्षण शरीर-सम्पर्क की मांग करता है और शरीर-सम्पर्क सम्बन्ध सम्मानजनक सहमति से हों तो बुरा नहीं |
  13. Prabhat Sharma
    wah bhai, hamare chacha to bade romantic the…

Thursday, October 03, 2013

गांधी जी ईश्वरी नपुंसक होना चाहते थे

http://web.archive.org/web/20140420081923/http://hindini.com/fursatiya/archives/4855

गांधी जी ईश्वरी नपुंसक होना चाहते थे

परसाई जीहरिशंकर परसाई जी देशबन्धु समाचार पत्र में ’पूछो परसाई से’ स्तम्भ के अन्तर्गत पाठकों के सवालों के जबाब देते थे। ’पूछो परसाई से’ सम्भवत: सबसे लम्बे समय तक प्रकाशित होने वाला नियमित स्तम्भ है। इस स्तम्भ में देश के कोने-कोने से जिज्ञासु पाठक परसाई को पत्र लिखकर प्रश्न पूछते थे। परसाई अपनी विशिष्ट भाषा शैली में पाठकीय जिज्ञासाओं पर टिप्पणी करते थे।
पूछो परसाई के प्रश्नोत्तर के संकलन की किताब राजकमल प्रकाशन से ’पूछो परसाई से’ नाम से प्रकाशित हुई है। मैं आजकल इस किताब को पढ़कर रहा हूं। इसमें से कुछ प्रश्नोत्तर मैं अपने ब्लॉग पर पोस्ट करता हूं। आज शुरुआत गांधी जी के ब्रह्मचर्य के प्रयोग से संबंधित सवाल से।
प्रश्न : गांधीजी के ब्रह्मचर्य के प्रयोग के बारे में आप क्या कहना चाहेंगे? (महासमुन्द से पी.आर.चौहान)
उत्तर: गांधीजी ने 4 बेटों के बाप होने के बाद लगभग जवानी की दोपहरी में ब्रह्मचर् व्रत ले लिया था। उन्होंने पांच व्रत लिये थे- सत्य,अहिंसा, अस्तेय, अपरिग्रह, अहिंसा। ब्रह्मचर्य के बारे में वैज्ञानिकों का कहना है कि यह अप्राकृतिक तथा अवैज्ञानिक है तथा इससे मानसिक कुंठायें तथा मानसिक विकृतियां पैदा होती हैं। पर भारत में प्राचीनकाल से ब्रह्मचर्य को शक्ति का साधक माना गया है। ईसाई धर्म में भी पादरियों और साध्वियों (नन्स) के विवाह न करने की व्यवस्था है। पर आमतौर पर ब्रह्मचर्य धारण किये हुये पादरी और नन्स क्रूर होते हैं। मिशन स्कूलों में पढ़ाने वाली ’नन्स’ सैडिस्ट(दूसरे को दुख देकर स्वयं सुख बोध करना) । ये बच्चों के कान खींचती, चिकोटी लेतीं तथा क्रूर व्यवहार करती हैं। यह काम दमन के कारण है। कुछ पादरी समलैंगिक संबध रखते हैं।
गांधीजी ने ब्रह्मचर्य काप्रयोग अपने अन्त्तिम दिनों में किया। यों ऐसा पहले भी होता था कि आधी रात को उनके शरीर में कंपकपी होती थी। आश्रमवासी जब उनके हाथ-पांव की मालिश करते थे, तब वे शान्त होकर सोते थे। मनोवैज्ञानिक इसे एक काम क्रिया मानते हैं। नोआखोली में 1946 में गांधीजी जी हिन्दू मुसलमान सद्भाव के लिये यात्रा कर रहे थे। साथ में सुशीला नायर , मनु गांधी तथा दूसरे आश्रमवासी थे। नोआखोली में उन्होंने सोचा कि -मेरे तप में कमी है। मेरा ब्रह्मचर्य शायद पूरा नहीं है। मैं ब्रह्मचर्य का प्रयोग करूंगा। यह प्रयोग कैसे हुआ, यह सबसे पहले पुस्तक रूप में लिखा उनके साथ यात्रा कर रहे प्रो. बोस ने। उनकी पुस्त है- गांधी’ज एक्सपेरिमेंटस विथ ब्रह्मचर्य । प्रयोग यों था-उन्होंने पहले सुशीला नायर से कहा कि हम दोनों एक ही बिस्तर में सोयेंगे। यों तब गांधीजी की उम्र 75 साल से आगे थी। सुशीला नायर को बहाना बनाकर किसी और जगह काम करने चलीं गयीं। तब गांधी जी ने मनु गांधी को राजी किया। दोनों एक ही बिस्तर में सोते थे। सुबह गांधी जी सोचते थे कि मुझे रात में कैसा लगा और मनु से पूछते थे। प्रो. बोस इससे असहमत थे। उन्होंने विरोध किया तो गांधी जी ने उनकी छुट्टी कर दी। प्रयोग चलता रहा। गांधीजी ने नेहरू, पटेल . कृपलानी आदि नेताओं को पत्र लिखे कि मैं यह प्रयोग कर रहा हूं। सबसे मजे का जबाब कृपलानी ने दिया -आप तो महात्मा हैं। पर जरा सोचिये कि आपकी देखादेखी छुटभैये, ब्रह्मचर्य का प्रयोग करने लगे तो क्या होगा? गांधी ने हरिजन में लेख भी लिखा। प्रो.बोस ने अपनी पुस्तक में यह सब विवरण दिया है और सवाल किया है मनोवैज्ञानिक इसका समाधान सोचें। गांधी कहते थे- मैं ईसामसीह की तरह गॉड्स यूनफ़( नपुंसक हिजड़ा ) होना चाहता हूं। प्यारेलाल, विजय तेन्दुलकर, वेद मेहता वगैरह ने भी गांधीजी की जीवनी में ब्रह्मचर्य के इस प्रयोग का विवरण दिया है। कुछ मनोवैज्ञानिकों का कहना है कि जीवन भर काम का दमन करने की यह प्रतिक्रिया थी। उन्हें रात में कंपकपी आना और मालिश के बाद शान्त होना भी , काम सन्तोष है। वे जीवन की अंतिम रात तक यह प्रयोग करते रहे।
(हरिशंकर परसाई, 9 अक्तूबर,1983 देशबंधु में प्रकाशित)

9 responses to “गांधी जी ईश्वरी नपुंसक होना चाहते थे”

  1. सतीश चन्द्र सत्यार्थी
    कल दिनभर इसी मुद्दे पर तसलीमा नसरीन के सड़े-गले ट्वीट देखकर दिमाग का दही हो गया..
    गांधी ने इस प्रयोग को छुप-छुपाकर नहीं किया, इसके बारे में सीना तानकर पूरी दुनिया को बताया. अगर मन में कलुषित भावना होती तो वे ऐसा नहीं करते.गांधी एक जिद्दी किस्म के इंसान थे जो अपने सिद्धांतों से हिलते नहीं थे चाहे दुनिया उन्हें कितना भी गलत कह ले. उन्होंने अपने जीवन में कई प्रयोग किये, सत्य पर, अहिंसा पर, सत्याग्रह पर, और ब्रह्मचर्य पर भी. उनके तरीके को हम आज के आधुनिक मानदंडों पर गलत मान सकते हैं पर उनके इरादों को नहीं. और तसलीमा नसरीन ने उन्हें पीडोफाइल और रेपिस्ट तक कह डाला.
    सतीश चन्द्र सत्यार्थी की हालिया प्रविष्टी..फेसबुक पर इंटेलेक्चुअल कैसे दिखें
    1. Anonymous
      भाईजी, अपने सिद्धांतों की खातिर क्या किसी औरत पर उनके प्रयोग का हिस्सा बनने का दवाब डाला जा सकता है? उन तमाम महिलाओं ने भी क्या ब्रह्मचर्य-प्रयोग करना चाहा होगा? किसी शीर्ष पुरुष/स्त्री को ऐसे प्रयोग की अनुमति दी जानी चाहिये?
  2. कट्टा कानपुरी असली वाले
    आप विषय चटपटे ढूंढते हो कट्टा कानपुरी :)
    ईमानदार और विद्वान् लोगों का हमेशा मूर्खों द्वारा मज़ाक उड़ाया गया है . . .
    मैं सतीश चन्द्र सत्यार्थी से सहमत हूँ !
    कट्टा कानपुरी असली वाले की हालिया प्रविष्टी..हमें पता है,स्वर्ग के दावे,कितने कच्चे दुनियां में -सतीश सक्सेना
  3. सिद्धार्थ शंकर त्रिपाठी
    अच्छा सिलसिला शुरू हुआ है। आपको शुक्रिया।
    सिद्धार्थ शंकर त्रिपाठी की हालिया प्रविष्टी..चलो सितंबर सायोनारा…
  4. देवांशु निगम
    विवादास्पद मुद्दा है | गांधी-वाद से असहमत होना गाँधी को गाली देना नहीं है | मैं हर उस इन्सान की इज्ज़त करता हूँ जिसने इस देश की आज़ादी की लड़ाई में पार्टिसिपेट किया | पर मैं गाँधी वाद को नहीं मानता और ना ही उनके इन प्रयोगों को |
    देवांशु निगम की हालिया प्रविष्टी..ट्युज॒डेज विध मोरी : ए बुक टू चेरिश !!!
  5. arvind mishra
    गांधी की सबसे बड़ी खूबी और विशिष्टता यह है कि वे सत्यवादी थे और सत्य के अनेक प्रयोग उन्होंने जीवन में किये और बिना किसी दुर्बलता बोध या भय के अपने नैतिक बल के चलते सबसे उन्हें साझा किया -कितने लोगों के पास वह आत्मबल है? परसाई जी कोई टुच्चे व्यंगकार तो थे नहीं इसलिए संयत जवाब दिया है !
    arvind mishra की हालिया प्रविष्टी..नौकरी के वर्ष तीस! (श्रृंखला-2)
  6. देवेन्द्र बेचैन आत्मा
    बढ़िया सिलसिला शुरू किया है आपने। जो ब्लॉग फेसबुक के चक्कर में पुस्तकें नहीं पढ़ पाते उन्हे लाभ होगा। ….आभार।
  7. eswami
    यौन कुंठाओ को प्रयोग करने के नाम पर निकास देना बहुत पुरानी ट्रिक है. इधर नशेडी भी बोलते हैं की जी हम दवाओं के साथ प्रयोग कर रहे हैं. प्रयोग बह्मचर्य था की रतिचार पर? किसी बौद्ध मोन्स्टरि में क्यों नहीं गया बुड्ढा?
    eswami की हालिया प्रविष्टी..कटी-छँटी सी लिखा-ई
  8. : फ़ुरसतिया-पुराने लेख
    [...] गांधी जी ईश्वरी नपुंसक होना चाहते थे [...]