| काकेश कुमार के साथ अनूप शुक्ल |
आजकल ब्लॉगर मिलन योग चल रहा है। दो दिन पहले अनूप भार्गव जी से मुलाक़ात हुई। कल काकेश कुमार के दर्शन हुए।
असल में कल काकेश कुमार ने अपनी पोस्ट में लिखा था कि उनकी मुलाक़ात किसी बड़े लेखक से होने वाली है। कॉफ़ी हाउस में। हम भी पहुँच गए कॉफ़ी हाउस। सोचा काकेश कुमार बड़े लेखक से मिलेंगे। हम काकेश कुमार से मिल लेंगे। हमारे लिए तो काकेश ही बड़े लेखक हैं।
| कॉफ़ी हाउस में कॉफ़ी पीते लोग |
काकेश कुमार सक्रिय ब्लॉगर रहे हैं। काकेश की कतरने ब्लॉग की पोस्ट पढ़ने के लिए लोग इंतज़ार करते थे। बाद में ब्लॉगिंग ठहर गई। उन्होंने ब्लॉग लिखना भले स्थगित किया हो लेकिन अपन उनके ब्लॉग पर लगातार जाते रहे। इसका कारण उनके उनके ब्लॉग में मुश्ताक अहमद यूसूफ़ी के प्रख्यात उपन्यास 'खोया पानी' की मौजूदगी रही। 2008 में अपने ब्लॉग पर पोस्ट किया उन्होंने। हमने किताब मंगवाने के पहले वहीं पढ़ा इसे। खोया पानी से हमारा परिचय काकेश जी ने ही करवाया। तबसे हम अपने कई दोस्तों को इस ब्लॉग का लिंक दे चुके हैं। उन्होंने पढ़ा या नहीं यह उनका बवाल। लेकिन खोया पानी देखने के बहाने अपन काकेश के ब्लॉग पर जाते रहे। हमारे अलावा कई संस्थाओं, साइट के लोग भी जाते रहे। बिना काकेश कुमार का जिक्र किए अपनी साइट पर खोया पानी' लगाते रहे।
| मोहन सिंह प्लेस में कपड़ा बाजार |
कॉफ़ी हाउस कनॉट प्लेस के मोहन सिंह प्लेस में स्थित है। मोहन सिंह प्लेस पहुंचे। अंदर घुसे तो लगा किसी कपड़ा मंडी में आ गए हैं। पूछा तो पता लगा कि दूसरी मंजिल पर है कॉफ़ी हाउस। ऊपर पहुँचे तो काकेश कुमार सामने ही बैठे थे। कभी मिले नहीं थे, फोटो नहीं देखी थी लेकिन देखते ही अंदाज़ा हो गया कि यही काकेश कुमार हैं। ब्लॉगर के चेहरे पर अलग तरह का ही 'ब्लॉगर चमक' दिखती है। ब्लॉगर गन्ध निकलती है। देखते ही पहचाना जा सकता है।
काकेश कुमार को जिन 'बड़े लेखक' से मिलना था वो तो आए नहीं। बड़े लोग बड़े बेवफ़ा टाइप होते हैं। लेकिन हम लोगों ने आपस में एक-दूसरे को बड़ा लेखक मानते हुए करीब दो घंटे गुफ्तगू की। बड़े लेखक के न आने का फ़ायदा हुआ कि हमको आपस में बतियाने का मौक़ा मिला। हमने ब्लॉगिंग के पुराने दिनों की तमाम यादें पाने के पत्तों की तरह फेंटी। जैसे लड़कियां मायके की सहेलियों से मिलने पर पुरानी यादें साझा करती हैं-' घर, आँगन, चाट के ठेले, नीम के पेड़ जिस पर वो झूला झूलती थीं और उस उनको छेड़ने वाले शोहदों और अच्छे लगने वाले लड़कों की बात करती हैं' उसी तरह ब्लॉगिंग के जमाने को याद किया गया।
काकेश कुमार कई साल ब्लॉगिंग के मोहल्ले में विचरने के बाद अब फेसबुक दुनिया में वापस आए हैं। लिखना-पढ़ना शुरू किया है। ब्लॉग स्पॉट का किराए का फ्लैट छोड़कर अपने साइट वाले घर में आ गए हैं। अंदाज़ वही पुराना है। समसामयिक घटनाओं पर उनके लेख पढ़ने वाले हैं। पहाड़ के मूल निवासी होने के नाते Pyar फ़िल्म पर लिखना लाज़िमी था। उन्होंने लिखा भी -‘PYRE’ का PYAR…’चिता’ की नही चिंता की कहानी…
और भी तमाम लेख, कविता, कहानी उनकी साइट पर मौजद हैं। वहाँ पहुँचकर पढ़ सकते हैं।
चलते समय अभिषेक ओझा की 'लेबंटी चाह' किताब काकेश जी को भेंट की। क्या पता अभिषेक की किताब के पढ़ने के बाद काकेश भी अपने लेखों की किताब छपवायें।
चलते समय फ़ोटो सेशन भी हुआ। फोटो खिंचवाते हुए काकेश कुमार ने अपना प्रोफाइल मुखौटा धारण कर लिया। बताया कि मुखौटा उनकी पहचान है। ऐसी ही बात कभी मसिजीवी ने अपनी एक ब्लॉगपोस्ट में लिखी थी। उन्होंने लिखा था -मुखौटा मुझे आजाद करता है। आज हाल यह है कि मसिजीवी आज के समय सबसे दिखने वाले यूट्यूबर हैं।
आशा है कि अब काकेश कुमार नियमित लिखाई करेंगे। आपको भी मजेदार लेखन पढ़ना हो काकेश कुमार जी को मित्र बनायें, फ़ॉलो करें। आनंद की गारंटी।
इस पोस्ट को मेरे ब्लॉग पर पढ़ेंगे तो सभी सबंधित कड़ियाँ आपको मिलेंगी। इस मामले में फेसबुक गरीब है। 'लिंक दिव्यांग' है। ब्लॉग बहुत सुविधाजनक है। ब्लॉग पोस्ट का लिंक टिप्पणी में दिया है।
No comments:
Post a Comment