Saturday, November 09, 2019

आजादी के स्मारकों के बीच

कानपुर से चले थे तो फिलाडेल्फिया कहीं नहीं था प्लान में। लेकिन Ghanshyam C. Gupta जी से बात होने के यह भी जुड़ गया घुम्मकड़ी डायरी में।
फिलाडेल्फिया में अमेरिकन आजादी के कई स्मारक हैं। अमेरिका का संविधान यहां बना। पहली राजधानी थी अमेरिका की। महिलाओं और गुलाम लोगों की आजादी की मशाल जलाने में अहम भूमिका रही इस शहर की।
पेनसेल्बेनिया राज्य में स्थित फिलाडेल्फिया का सबसे प्रमुख आकर्षण है यहां की 'लिबर्टी बेल'। अभी तक 'स्टेच्यू ऑफ लिबर्टी' और 'लिबर्टी बाइक' देख चुके थे। फिर 'लिबर्टी बेल' ही क्यों छूटे।
'लिबर्टी बेल' से जुड़े किस्सों ने इसको देखने की इच्छा की आग में घी का काम किया। लगा इतने पास आकर भी इसे नहीं देखा तो आना बेकार है अमेरिका। सो निकल ही लिए इसे देखने।
शहर पहुंचते-पहुंचते शाम के सवा छह बजे गए थे। टैक्सी ने स्मारक के एकदम पास उतारा। लिबर्टी बेल का म्यूजियम और स्मारक बन्द हो चुका था। लेकिन खुले में शीशे के कवर में देखने को 24 घण्टे उपलब्ध है यह आजादी की घन्टी।
इस घन्टी का इतिहास बड़ा रोचक है। बनते ही इसमें दरार पड़ गयी। फिर गलाकर दुबारा बनाया गया। फिर से चिटक गयी। फिर दरार बढ़ने से बचाने के लिए इसको हल्का काट दिया गया। अब तो घन्टी बजती ही नहीं। धरोहर के रूप में संरक्षित है।
लिबर्टी बेल के बारे में कई कहानियों में से एक यह है कि अमेरिका की इंग्लैंड से आजादी (4 जुलाई, 1776) के बाद 8 जुलाई , 1776 को यह बजाई गयी। लेकिन यह भी कहा जाता है कि यह 1751 में इंग्लैंड से बनकर आयी थी।
शुरू में यह घन्टी 'स्टेट हाउस बेल' के नाम से जानी जाती थी। फिर 1830 में गुलामों की आजादी के प्रतीक के रुप इसको 'लिबर्टी बेल' नाम मिला। इस बेल को कई महत्वपूर्ण अवसरों पर बजने के किस्से हैं। आख़िरी बार यह घन्टी 1915 में बजाई गयी। इसके बाद शांत होकर इतिहास बन गयी।
इतिहास बनने के लिए शांत होना ही पड़ता है।
वहीं राष्ट्रपति भवन के अवशेष हैं। नीव का लेआऊट है। लगातार चलते वीडियो गुलामी के खात्मे की दास्तान बताते हैं।
लिबर्टी बेल के पास हम खड़े सेल्फी लेने की कोशिश में कसमसा रहे थे। ठीक से फोटो आ नहीं रही थी। यह देखकर वहीं मौजद एक महिला दर्शक ने पूछा -' Do you want me to take your photograph ?' हमने हां कहते हुए कैमरा थमाया। उसने फोटो खींचकर कैमरा वापस किया। हम जब तक उसको कायदे से धन्यवाद देते तब तक वह अपने दोस्तों के साथ आगे बढ़ गयी।
लिबर्टी बेल के बाद वहीं मौजूद नेशनल कांस्टीट्यूशन सेंटर बाहर से देखा।' we the people ....' से शुरुआत करके संविधान की शुरुआती पक्तियां दीवार पर उत्कीर्ण थीं। वहीं विजिटर सेंटर भी। सब बन्द लेकिन बाहर से बहुत कुछ दिखाई देता हुआ। अफसोस हुआ कि सुबह आना चाहिए था। लेकिन अफसोस को हमने ज्यादा उभरने नहीं दिया। यह कहकर टिपिया के बैठा दिया -'न आने से बढ़िया देर से ही सही आना तो हो गया।' अफसोस बेचारा मुंडी दबा के बैठ गया।
तापमान बहुत कम हो गया था। तेज हवा चल रही थी। शरीर और सर तो जैकेट और टोपी से ढंके थे। लेकिन तेज हवा में हाथ ठिठुर रहे थे। बार-बार जेब में डालकर गरम करने पड़ रहे थे।
आजादी के स्मारकों को देखकर हमारे अंदर इकठ्ठा पानी भी आजाद होने को मचलने लगा। लेकिन कहीं भी कोई 'रेस्ट रूम' न दिखा। जो दिखा वह भी बंद। हम सड़क पर तेजी से इधर-उधर होते हुए स्मारकों को देखने से भी ज्यादा गम्भीरता से उनमें मौजूद 'रेस्ट रूम' देखने में लग गए।
पास ही फ्रेंकलिन स्क्वायर पार्क था। पुरानी धरोहरों की कड़ी में एक और शानदार धरोहर है यह पार्क। शुरुआती समय में घोड़ों के चरागाह, नीलामी स्थल और कब्रगाह के रूप में था यह पार्क। बाद में मशहूर वैज्ञानिक बेंजामिन फ्रेंकलिन के नाम पर जगह को फ्रेंकलिन स्क्वायर नाम दिया गया।
पार्क में भी कोई मौजूद नहीं था। एक ठो रेस्टरूम दिखा भी तो धकियाने पर दरवाजा बंद मिला। ऐसे समय में वतन की बहुत याद आई। वहां होते तो कहीं किसी गली में, पार्क के कोने में हल्के हो लिए होते। लेकिन यहां ऐसी आजादी कहाँ।
बहरहाल, घूमते हुए नजारे देखते हुए टहलते रहे। जितना देख पाए देख लिया। बाकी बाद में देखने की सोचते हुए वापस लौटने की सोचते हुए आगे बढ़ते गए।
आगे कुछ ही देर में एक जगह चायना टाउन की तरफ जाने का निशान लगा दिखा। हम चयासे/काफ़ियासे हो गए। चाय/काफी के साथ यह भी सोचा कि किसी रेस्टोरेंट में हल्के भी हो लेंगे।
फिर क्या। हम बिना कुछ विचार किये चायना टाउन की तरफ बढ़ लिए।

https://www.facebook.com/anup.shukla.14/posts/10218050046056164

Friday, November 08, 2019

कैमरे की बदमाशी और न्यूयार्क में कलकत्ता

 



स्टेच्यु ऑफ लिबर्टी और लिबर्टी बाइक देखने के बाद वहीं मौजूद म्यूजियम देखने गए। म्यूजियम में स्टेच्यू आफ लिबर्टी के निर्माण से सम्बंधित विवरण मौजूद हैं। कैसे बनना शुरू हुई। इतनी बड़ी मूर्ति को बनाने के लिए तांबा कैसे गलाया गया। कैसे ढाला गया। सब विवरण।
इस मामले में यूरोपियन और अमेरिकन का कोई जबाब नहीं। अपने इतिहास को अच्छे से संरक्षित रखते हैं । बाद में पता चल सके कि निर्माण प्रक्रिया क्या थी। तरह-तरह की फोटो, वीडियो और मॉडलों के माध्यम से बताया गया था कि कैसे यह विश्व प्रसिद्द स्मारक बना
म्यूजियम के बाहर ही पर्यटक बैठे भी थे। आराम करते। कुछ बच्चे दौडते-भागते खेल भी रहे थे। एक बच्ची बड़ी दूर से भागती आई और सीढ़ियों पर चढ़ती चली गयी। उसके दौड़कर भागने में बेपरवाही और विश्वास देखकर बहुत अच्छा लगा। जिस उम्र की वह बच्ची थी उस उम्र में अपने यहां बच्चियों को 'सावधान' होकर उठना, बैठना, चौकन्ना रहना सिखाया जाता है। बच्चों की उन्मुक्तता सहमने लगती है।
ज्यादातर फोटो हम लोगों ने अकेले ही खींचे। सभी खींचते हैं। स्टेच्यू आफ लिबर्टी की मूर्ति के पीछे खड़े हुए दोनों का साथ फ़ोटो खिंचाने के लिए वहीं बैठी एक महिला से अनुरोध किया। उसने sure कहते हुए हमारा कैमरा हाथ में ले लिया। हमारा कैमरा भी विदेशी महिला के हाथ में पहुंचते ही नटखट हो गया। महिला के हाथ की संगत में देर तक रहने के लालच में बदमाश ने कई फोटो खराब खींचे। खराब क्या, खींचे ही नहीं। महिला इसे अपनी गलती मानते हुए फोटो देखकर हर बार सॉरी बोलते हुए फिर से फोटो खींचती रही। कई शॉट के बाद फोटो ओके हुआ।
हमने कैमरा वापस लेकर उस महिला को धन्यवाद दिया। फिर उसका फोटो घरैतिन के साथ लिया। उसको फ़ोटो दिखाया। फोटो देखकर उसने खुशी जाहिर की। हम उसको फिर से धन्यवाद बोलकर आगे बढ़ गए।
भूख लग आई थी इस बीच। वहीँ मौजूद कैफेटेरिया में कुछ खाने गए। कई बार पूछकर कि यह वेज ही है न चीज पिज्जा लिया। साथ में चाय। चाय के लिए कहते ही डिलीवरी काउंटर वाले ने पच्चीस तरह की चाय की पत्ती ट्रे में सामने धर दी। बोलो कौन वाली चाय?
हमको चाय के नाम पर सिर्फ ताजमहल चाय पसंद है। लेकिन वह यहां दिखी ही नहीं। बाकी सब चाय एक समान। हमने बिना देखे एक चाय चुनकर बता दी। उसने चाय और पिज्जा ट्रे में थमा दिया। हम दोनों को लेकर काउंटर की तरफ भुगतान के लिए बढ़े। चाय का दाम याद है 2.95 डॉलर मतलब करीब 200 रुपये। लगभग इतनी मंहगी तो अपने यहां एयरपोर्ट पर भी पी चुके हैं। मन किया बयान जारी कर दें -'इतना तो मंहगा नहीं है अमेरिका।' लेकिन फिर यह सोचकर कि विदेश में बयानबाजी में हड़बड़ी नहीं करनी चाहिए, थम गए।
भुगतान के लिए डॉलर दिए। उसने वापस काफी रेजगारी लौटाई। उन सिक्कों में एक सेंट का सिक्का भी है। सेंट मकतब डॉलर का सौंवा हिस्सा। मतलब लगभग सत्तर पैसे । यह देखकर अच्छा लगा कि अमेरिका अपने सिक्कों को अभी भी चलन में रखे है। अपने यहाँ तो एक पैसे, दो पैसे की बात तो छोड़ दो, चवन्नी तक चलन से बाहर हो गयी है।
यहां रेजगारी का चलन देखकर बरबस कलकत्ता याद आ गया। वहां भी अभी तक सिक्के चलते हैं। लगा कि कलकत्ता अमेरिका आ गया है।
फोन की बैटरी कम हो रही थी। पावर बैंक साथ न लाने के अपनी काहिली को मन ही मन कोसते हुए हमने वहां चार्जिंग प्वाइंट खोजा। एक जगह दिखा भी तो पेमेंट बेसिस पर। पेमेंट की बात देखते ही हम सन्तोषी हो गए। जितना बच गया उसे ही बचाकर काम चलाओ।
खरीदा खाना वहीं बेंच पर बैठकर खाया। पिज्जा बुढ़ापे में किसी कामरेड के जोश की ठंडा हो गया था। चाय भी बिना दूध वाली थी। बिना दूध वाली चाय हमने बेमन से पी। ठंडा पिज्जा भी खाया। इसके बाद वापस चलने के लिए सोचने लगे।
लौटने वाली फेरी चार दस पर थी। फेरी लग गयी। हम बैठ गए फेरी में। बगल वाली फेरी भी चलने को तैयार थी। इस बीच उसका समय हो गया। जिनकी छूट रही थी वे लोग भागते हुए आये। लेकिन तब तक फेरी वाले ने समय हो जाने की बात कहते हुए चढ़ने से मना कर दिया। इत्मीनान से प्लेटफार्म हटाया। लंगर से रस्से खुले और फेरी चल दी।
समय हो जाने पर फेरी वाले ने लोगों को अंदर आने से मना कर दिया। वे बेचारे अगली फेरी के इंतजार करने लगे। लेकिन यह देखकर हमको बड़ा खराब लगा। अपने यहां तो लोग रेलवे क्रासिंग तक लोगों को देखकर खुला रखते हैं कि भाई पहले ये भी निकल जाएं, ट्रेन तो दिन भर आती रहतीं हैं। नहीं भी खुला रखते हैं तो लोग जबरियन गाड़ी अड़ा देते हैं कि पहले हम निकल जाएं तब निकालना ट्रेन। कई बार ट्रेन भी बेचारी क्रासिंग पर खड़े होकर इंतजार कर लेती है।
फेरी में बैठते ही फिर फोटोबाजी हुई। सूरज भाई विदा हो रहे थे। पानी में उनकी छवि बड़ी खूबसूरत लग रही थी। पीछे न्यूयार्क की ऊंची इमारतों में बत्तियां जल चुकी थीं। यह हाल शाम साढ़े चार का था। पीली बत्तियां अपनी रोशनी से इमारतों को और खूबसूरत बना रहीं थी।
फेरी से उतरकर हम वापस आ गए। लौटने के लिए टैक्सी का जुगाड़ करने में जुट गए।

https://www.facebook.com/anup.shukla.14/posts/10218040553058845

अमेरिका में पहली फेरी टैक्सी और ट्रेन यात्रा



लिबर्टी द्वीप से वापस लौटकर न्यूयार्क की इमारतों को पीछे रखते हुए कुछ देर फोटोबाजी की। शरीफ इमारतों ने इसका बुरा नहीं माना। बल्कि वो और ख़ूबसूरत होती गयीं।
शाम को गयी थी। लौटते में टैक्सी से जाते तो 60 डॉलर करीब लगते। लिहाजा सबसे पास के स्टेशन तक टैक्सी और फिर वहां से ट्रेन का विकल्प चुना गया ।
सबसे पास का स्टेशन पड़ता है नेवार्क पेन स्टेशन। वहां के लिए टैक्सी के लिए इंटरनेट आन किया। यहां 'लिफ्ट' और 'उबर' की टैक्सी चलती हैं। हमने 'लिफ्ट' से टैक्सी बुलाने की कोशिश।
यात्रा के विकल्प भरने पर लिफ्ट ने क्रेडिट कार्ड का विवरण मांगा। हमने अपने बैंक के क्रेडिट कार्ड का विवरण भर दिया। फौरन मना हो गया। इंटरनेट बोला फर्जी है। 'फर्जी' सही में तो नहीं बोला लेकिन जो लिखकर आया मेसेज में उसका 'लब्बो' और 'लुआब' वही निकलता है जो मैंने ऊपर लिखा।
बहरहाल हमने बैंक को हल्की लानत भेजते हुए फॉरेक्स कार्ड का विवरण भरा। मेसेज आया कि 8 मिनट में टैक्सी आ रही है। ड्राइवर का नाम लिखा था -'मावा'। फोटो किसी अफ्रीकी मूल की महिला की।
जब तक हम गाड़ी का इंतजार करें तब तक एकाध गाड़ी वालों ने 'टैक्सी' वाला दफ़्ती का बोर्ड दिखाते हुए ले चलने की पेशकश की। जैसे सेंट्रल स्टेशन पर ओला टैक्सी का इंतजार करते हुए ऑटो वाले करते हैं।
हमने घर तक का किराया पूछा तो उसने बताया 200 डॉलर। 55-60 $ की बजाय 200 $ सुनकर मन किया कह दें कि हम कोई नए नहीं है अमरीका में। रोज का आना जाना है यहां। लेकिन कौन हमको जाना था उसमें । इसलिए बेफालतू मोलभाव नहीं किया।
ठीक आठ मिनट बाद टैक्सी आ गयी। जिस जगह खड़े थे वहीं। लोकेशन सटीक। कानपुर में ऐसा कई बार हुआ कि ओला हमारे बगल की सड़क पर खड़ी करके ड्रॉइवर बोलता -'लोकेशन पर खड़े हैं। इधर ही आ जाओ।' कई बार इसी चक्कर ने ओला वालों ने 30 / 50 रुपये कैंसलेशन चार्ज काट लिए। लेकिन इधर ऐसा हुआ नहीं।
पहुंचते ही 'मावा' ने नाम पूछा -'अनूप'। हमने कहा -'यस'। उसने दरवाजा और हमको गाड़ी में भरकर चल दी। न पिन पूछा न कुछ और। गाड़ी स्टार्ट करते ही 'मावा' कोई गाना सुनने लगी। साथ - साथ खुद ही गाने लगी। हम बिना समझे उसका गाना सुनते हुए , बाहर की सीनरी देखते हुए बैठे रहे।
करीब आधे घण्टे में नेवार्क पेन स्टेशन आ गया। लेकिन स्टेशन दूसरी तरफ था। ड्रॉइवर ने मेरी परेशानी समझते हुये वन वे की बाधा के चलते टैक्सी कुछ किलोमीटर और घुमाकर हमको स्टेशन पर ही उतारा।
जिस जगह हम उतरे वहां भीड़ थी। सुमन तो आहिस्ते से उतर गई। हम जरा सहज लापरवाही से उतरे। उतरने में हमारी गाड़ी का दरवाजा बगल की गाड़ी से छू गया। छू गया मने बस छू ही गया। समझ लीजिए इतना ही छुआ कि उसने बगल की गाड़ी में स्पर्श रेखा सी डाल दी।
लेकिन इतने पर ही गाड़ी पर बैठी महिला ने बहुत तेज चिल्लाकर हमको डांटा। क्या कह रही थी यह नहीं मालूम लेकिन गुस्सा किसी भाषा का मोहताज नहीं होता न। हम सहम गए। लेकिन समझदारी का दामन नहीं छोड़ा। बेवकूफ बनकर चुप हो गए। यह दिखाने के लिए कि हमको पता ही नहीं कि हुआ क्या।
लेकिन हमको पता तो था कि हुआ क्या है। सोचा पास चलकर सॉरी बोल दें। लेकिन खिड़की से देखा कि वह महिला डांटकर अपने मोबाइल में व्यस्त हो गयी थी।
हम लगा फालतू में ही भौकाल बना रही थी हमको नया समझकर।
स्टेशन पर टिकट लेने खड़े हुए। उल्टी तरफ से आ गए। वहां पहले से खड़ी अकेली महिला तोङकर मुझे लाइन में आने को कहा। पहले गाड़ी वाली और अब टिकट की लाइन में मतलब परदेश में पहले ही दिन दो महिलाओं से डांट खा गए हम।
बहरहाल हम महिला के पीछे लग लिए। उसके बाद हमारा नम्बर आया। हमने 2 टिकट तौलवाये। यहां क्रेडिट कार्ड से पेमेंट देने पर टिकट दस्तखत कराते हैं और रसीद भी देते हैं।टिकट और रसीद लेकर अंदर चल दिये।
सोचा स्टेशन आराम से देखेंगे। लेकिन गाड़ी फौरन आ गयी। अपन धंस गए ट्रेन में। दिल्ली की मेट्रो की तरह भीड़।
हम दरवाजे के पास खड़े हो गए। सुमन थोड़ा अंदर। जब तक हम भी अंदर जाएं तब तक बीच का दरवाजा बंद हो गए। दोनों पारदर्शी दरवाजे के इधर उधर। अगला स्टेशन आने पर दरवाजा खुला । हम साथ हुए।
स्टेशन आने तक हम पहले तो पूछते रहे कि हमारा स्टेशन कब आयेगा। लगा कि दिल्ली की मेट्रो ज्यादा बढ़िया कि बताती रहती हैं कि कौन स्टेशन आने वाला है। यहां तो कोई सूचना ही नहीं। चुके तो गए परदेश में।
लेकिन फिर देखा कि एक जगह स्टेशनों की सूचना चल रही थी। हमने अमेरिका की रेल के नम्बर बढाकर दिल्ली की मेट्रो के बराबर कर दिया।
नेट के हिसाब से हमारा स्टेशन आने वाला था। लेकिन डिसप्ले में कुछ दूसरा दिख रहा था। साथ मे बैठी एक लड़की ने हिंदी में बताया कि यही है स्टेशन। हम उसकी बात को सही मानकर उतर लिए। देखा स्टेशन वही था। बच्ची के पैर में पोलियो था। लेकिन चेहरे पर आत्मविश्वास। हाथ में स्टिक लिए वह लड़की भी ट्रेन से उतरकर चल दी। हम भी बाहर निकल लिए।
बाहर बहुत सर्दी थी। सौरभ के आने में कुछ देर थी। हमने उनको फोन किया। उसने हमको लोकेशन भेजने को कहा। हमने जिस दुकान के बाहर खड़े थे उसका फ़ोटो भेजा। उसने 'लाइव लोकेशन' भेजने को बोला। अब हमको पता ही नहीं कि यह 'लाइव लोकेशन' क्या बला। लेकिन फिर समझने में देर नहीं लगी। समझगये और भेज दी।
बाहर ठंड के मारे बुरा हाल सुमन का। हम दुकान के अंदर हो लिए। वहां तापमान ठीक था। जितनी देर में आये सौरभ उतनी देर में हमने फोटो सेशन भी कर लिया अंदर। आते ही चल दिये हम।
इस तरह अमेरिका में यह हमारी पहली घुमाई हुई। साथ ही पहली फेरी, टैक्सी, ट्रेन यात्रा भी।


https://www.facebook.com/anup.shukla.14/posts/10218041657966467

पूरे प्लेटफार्म पर अकेला इंसान

 

जिस दिन पहुंचे अमेरिका उसी घनश्याम गुप्ता जी Ghanshyam C. Guptaका सन्देश मिला मैसेंजर पर:
"अनूप, फुरसत मिलते ही मुझे फोन करो।"
घनश्याम जी फिलाडेल्फिया में रहते हैं। पहले भी बात हुई है। आते ही उनका सन्देश मिला तो देखते ही बिना फुरसत का इंतजार किये मैने लगा दिया फोन। उठा नहीं। लेकिन कुछ ही देर में आ गया फोन।काफ़ी देर बात हुई।
उन्होंने कहा -'फिलाडेल्फिया आकर मिलोगे तो अच्छा लगेगा।'
हमारे टूर प्रोग्राम में पहले शामिल नहीं था फिलाडेलफिया। लेकिन बात होने के बाद मन किया घूमकर आना चाहिए। ऐतिहासिक शहर है।
फिर क्या ट्रेन का पता किया और निकल लिए। न्यूजर्सी स्टेशन से दो स्टेशन बाद ट्रेनटन सेंटर । वहां से गाड़ी बदलकर5 स्टेशन दूर टोरेसडेल।वहां से 6 मील दूर गुप्ता जी।
स्टेशन आकर देखा एक भी इंसान नहीं यहां। खाली प्लेटफार्म पर हम अकेले। टिकट देने के लिए भी कोई इंसान नहीं। खुद टिकट निकालो। चल दो।
टिकट वेंडिंग मशीन से ट्रेन टेन सेंटर का आने जाने का टिकट निकाला। तीन स्टेशन के आने जाने के $18.50।ट्रेन आने का समय 12.43 है। ट्रेन का इंतजार करते हुए हम पोस्ट लिख रहे।
इस बीच तमाम गाड़ियां बहुत तेज स्पीड से आती-जाती निकल गईं।
धूप पूरी खिली है। लेकिन बहुत ठंडी हवा चल रही। हाथ ठिठुर रहे। तेज हवा चलने वाली सर्दी से बचने के लिए छोटे
आड़ वाले केबिन बने हैं। उसमें ही बैठे ट्रेन का इंतजार कर रहे।
बाहर गाड़ियों की भीड़ है। आसपास वाले लोग यहां गाड़ियां खड़ी करके आफिस ट्रेन से निकल जाते हैं।
अभी सूचना प्रसारित हुई कि गाड़ी 3 मिनट लेट है। गाड़ी आने वाली है लेकिन अभी तक कोई दूसरा यात्री आया नहीं। केवल सूरज भाई साथ हैं। उनका साथ हमेशा का है। वो हमारे सच्चे साथी हैं।

https://www.facebook.com/anup.shukla.14/posts/10218042633630858

Thursday, November 07, 2019

देखा जाना स्टेच्यू ऑफ लिबर्टी का

 

कल सुबह घूमकर लौटे तो साढ़े नौ बजे गए थे। नहाते-नाश्ता करते 11 हो गए। किधर निकला जाए घूमने यह सोचा गया। पहले सोचा गया न्यूयार्क पर धावा बोला जाए लेकिन फिर तय हुआ कि 'स्टेच्यू आफ लिबर्टी' देखने चलें।

Saurabh हमको उस जगह तक छोड़ने आये जहां लिबर्टी द्वीप जाने की फेरी मिलती है। टिकट खिड़की पर महिला अपने मोबाइल पर कुछ देख रही। खिड़की पर बुलाये जाने पर आगे आने( कम इन कॉल) की सूचना का बोर्ड लगा था। यह नहीं कि पहुंच गए और हाथ घुसा दिया -'मैडम दो टिकट स्टेच्यू ऑफ लिबर्टी।'
टिकट लिए। एक टिकट का दाम $18.95 । फेरी कुछ देर बाद ही थी। चल दिये फेरी की तरफ। रास्ते में चलाने को सायकिल भी मिल रहीं थी। लेकिन समय कम था इसलिये चलाये नहीं।
टिकट अपने फॉरेक्स कार्ड से लिये। खर्च की शुरुआत हुई। टिकट मिल गया तो यह तसल्ली हुई कि कार्ड चल रहा है।
जहां टिकट मिलता है वहीं सामने एक पुराना संरक्षित रेलवे स्टेशन भी था। एक कई पटरियां जैसे हावड़ा रेलवे स्टेशन दिखता है। लेकिन पटरियां उखाड़ दी गयीं थी तो अगर वहां लिखा न हो और बाहर इंजन न खड़ा हो तो यह समझना मुश्किल होता कि यहां कभी स्टेशन भी था। बिना पटरियों का पुराना स्टेशन किसी ऐसे बुजुर्ग जैसा दिख रहा था जिसके सब दांत उखाड़ दिए गए हों।
फेरी न्यूयार्क हार्बर के मुहाने से चलती है। फेरी के लिए जाते समय जो प्लेटफार्म बना है उस पर से गुजरते हुए नीचे से गुजरते हुए पानी की तेज आवाज सुनकर ऐसे लगता है मानो समुद्र को गैस बीमारी हो और वह मिर्च-मसाले वाला खाने के बाद बहुत तेज डकार ले रहा हो।
दुमंजिला फेरी पर नीचे खाने-पीने की दुकान, निपटान घर भी थे। दुकान के अलावा वाला काम मुफ्त वाला था तो सबसे पहले वही निपटाया। ऊपर बैठने के लिए सीट थीं। उनपर बैठते ही फोटो बाजी शुरू कर दी।
पानी में पक्षी उड़ रहे थे। लेकिन इलाहाबाद के संगम की तरह यहां उनको दाना डालने की सुविधा नहीं थी। लिखा भी था वहां -'पक्षियों को खाना न ख़िलाएं। ' एक गौरैया भी फुदकती दिखी वहां।
फेरी चल दी। अगल-बगल न्यूयार्क की ऊंची इमारतें दिख रहीं थीं। कुछ ही देर में 'स्टेच्यू आफ लिबर्टी' दिखने लगी। पास से। लोग अलग-अलग एंगल से फोटोबाजी में जुट गए। हमने भी कम दुरुपयोग नहीं किया कैमरे । वैसे कैमरे में यादें सुरक्षित भले रहें लेकिन इसके चलते बहुत कुछ देखने से छूट जाता है।
बताते चलें कि 'स्टेच्यू आफ लिबर्टी' दुनिया में आजादी के सबसे बड़े प्रतीकों में से एक मानी जाती है। फ्रांस के लोगों द्वारा अमेरिका के लोगों को उपहार के रूप में दी गयी प्रतिमा। 28 अक्टूबर, 1886 को स्थापित यह प्रतिमा 40 मीटर ऊंची है। जमीन से लेकर ऊपर तक ऊंचाई 93 मीटर। तांबे की इस प्रतिमा की बनाने में कई साल लगे। पैसे की कमी होने पर लोगों ने चन्दा दिया। 120000 से अधिक लोगों ने चन्दा दिया। इसमें बहुत से लोगों का चन्दा 1 डॉलर से कम था।
स्टेच्यू आफ लिबर्टी के दाएं हाथ में स्वतंत्रता की मशाल, बाएं हाथ में रोमन में अमरीकी आजादी की तारीख 4 जुलाई, 1776 लिखा है। पैरों में टूटती जंजीर के टुकड़े प्रतीक रूप में यह दिखाते हैं कि स्वतंत्रता की देवी गुलामी की बेड़ियों को तोड़ते हुए आगे बढ़ रही हैं।
विश्व की धरोहरों में शामिल इस स्मारक को 2009 में 32 लाख लोग देखने आए।
फेरी रास्ते में एक जगह रुकी। हमको लगा आ गए। लेकिन वह एक म्यूजियम था। हमें लगा कि कहीं म्यूजियम देखने के चक्कर में फेरी छूट न जाये। पूछा भी तो कुछ पता नहीं चला। लिहाजा बैठे रहे चुपचाप। लोग देखकर आ गए। हमारे हाल 'मैं बपुरा बूढ़न मरा, रहा किनारे बैठ' जैसे रहे ही रहे। अब लग रहा कि दौड़कर देख आना चाहिए। लेकिन कोई नहीं, अगली बार।
कुछ देर में फेरी लंगर उठा। मोटे-मोटे रस्से खुलकर वापस फेरी में धर दिए गए। रस्से उठाने वाले लोगों में महिलाएं भी थीं। उतनी ही फुर्ती से रस्से उठाते हुई जितनी तेजी से आदमी उठा रहे थे। लैंगिग भेदभाव नहीं देखने को मिला मेहनत के मामले में यहाँ। महिलाएं छुई-मुई नहीं समझी जाती यहां।
लिबर्टी आई लैंड पर मूर्ति के पास पहुंचकर खूब देखा मूर्ति को। खूब फ़ोटो खिंचाई। ख़ूबम खूब कैमरे का उपयोग किया। सब तरह के पोज से फोटो खींचकर आगे बढ़े। ऊपर जाने के लिये। लेकिन गार्ड ने बताया कि टिकट केवल नीचे घूमने के लिए और म्यूजियम देखने के लिए है। हम बिना किसी हील-हुज्जत के वहीं मौजूद म्यूजियम की तरफ बढ़ गए।

https://www.facebook.com/anup.shukla.14/posts/10218032332773343

लिबर्टी की बाइक भी है

लिबर्टी द्वीप पर स्टेच्यू आफ लिबर्टी के साथ 'लिबर्टी बाईक' भी है। 'स्टेच्यू आफ लिबर्टी' की तर्ज पर 'बाईक ऑफ लिबर्टी'।

'स्टेच्यू ऑफ लिबर्टी' बनाने में जो सामान लगा उसके बचे हुये सामान से बनी यह मोटरसाईकिल अमेरिका और पूरे विश्व में स्वतंत्रता के प्रतीक के रूप में प्रसिद्द है।
मोटरसाइकिल का ढांचा मूर्ति बनाने में लगे तांबे से बना, गाड़ी का पहिया स्टेच्यू आफ लिबर्टी के आकार का, कार्बुरेटर स्टेच्यू आफ लिबर्टी के टार्च की तरह। कहने का मतलब यह कि बाइक का हर हिस्सा स्वतंत्रता की मूर्ति के किसी न किसी हिस्से की प्रतिकृति। किसी न किसी हिस्से के अवशेष से बना।
गाड़ी का इंजन 125 हार्स पावर का। द विंसी कार्बुरेटर खासतौर पर इस बाइक के लिए डिजाइन किया गया है। जब गाड़ी चलती है तो कार्बुरेटर से ज्वाला उसी तरह से निकलती है जैसी 'स्टेच्यू आफ लिबर्टी' की रोशनी जलती है।
एक शानदार स्मारक बनाने में लगे सामान को प्रयोग करके बनाई गई एक शानदार चीज।
बाईक के परिचय देते हुए जो सूचनाएं वहां लगी हैं उनमें से एक में अल्बर्ट आइंस्टाइन का उद्धरण भी है :
" किसी भी महान और प्रेरणादायक चीज के निर्माण में उन लोगों का योगदान होता है जो मुक्त रहकर मेहनत कर सकते हैं।"
मतलब बड़े काम तभी होते हैं जब मन लगाकर बिना किसी दबाब के मेहनत की जाए। परतन्त्र मन से बड़े काम नहीं होते।
बाइक ऑफ लिबर्टी को देखकर चंडीगढ़ के रॉक गार्डेन की याद आई। बाइक आफ लिबर्टी के निर्माण में तो अमेरिका के बड़े संस्थान का सहयोग था। लेकिन रॉक गार्डन अपने नेकचंद जी ने अपनी वर्षों की लगन और मेहनत और जुनून से अकेले तैयार किया। कबाड़ से अद्भुत स्मारक बनाया। नेकचंद जी के जुनून को नमन।
बाइक आफ लिबर्टी और स्टेच्यू ऑफ लिबर्टी पर लिखते हुए मुझे लिबर्टी के जूते याद आये। इनका भी कोई न कोई सम्बन्ध होगा इन स्मारकों से। अनायास लिबर्टी जूते के प्रति मन में इज्जत बढ़ गई। जूते की बैसे भी इज्जत होनी चाहिए। खुद ठोकर खाता है, पांवों को बचाता है। लेकिन हमको काम के लोगों की इज्जत करना हमको आता कहां
है।

https://www.facebook.com/anup.shukla.14/posts/10218033219755517

Wednesday, November 06, 2019

अमेरिका के रास्ते से

 



अमेरिका के बारे में किस्से-कहानी तो सुनते आए थे। कोलम्बस ने खोज की अमेरिका की। यूरोपियन अमेरिका आये। यहां के मूल निवासियों को निपटाकर कब्जा किया। छा गए यहां। आज विश्व के सबसे ताकतवर लोकतंत्र की हैसियत से दुनिया की दिशा-दशा और दुर्दशा भी तय करने में अहम भूमिका है अमेरिका की।
समानता, लोकतंत्र औऱ विश्वबन्धुत्व के पैरोकार अमेरिका के मूल निवासी यहां की आबादी का कुल 0.9 प्रतिशत बचे हैं। संख्या में कम होने के चलते उनकी वही स्थिति है जो किसी लोकतंत्र में संख्या में बहुत कम वोटबैंक वालों की होती है। चन्द्रभूषण जी Chandra Bhushan अपने एक लेख में बताते हैं :
"आबादी के आंकड़ों पर नजर डालें तो अमेरिकन इंडियन समुदाय अपने शुद्ध नस्ली रूप में अमेरिका की कुल आबादी का मात्र 0.9 फीसदी है, जबकि इसमें मिश्रित नस्ल वाले अमेरिकन इंडियन भी शामिल कर लिए जाएं तो उनका हिस्सा 1.6 फीसदी हो जाता है। उनकी ज्यादातर आबादी पहले दक्षिणी-पूर्वी अमेरिका में बसती थी लेकिन पांच सौ साल पहले यूरोपीय उपनिवेशवादियों ने अमेरिका पर अपना कब्जा जमाना शुरू किया तो या तो उन्हें घेरकर मार डाला, या उजाड़ कर ऐसे बंजर इलाकों में धकेल दिया, जहां उनका बड़ा हिस्सा भूख और बीमारियों का शिकार होकर मर गया। "
बाजार का जलवा है अमेरिका में। पूंजीपति सरकार बनवाते हैं। अमेरिका की नीतियों पर पूंजीपतियों के दबदबे की बात पर अपने एक व्यंग्य लेख में परसाई जी ने कुछ इस तरह लिखा है -"अमेरिका का कारपोरेट सड़क से किसी को पकड़कर खड़ा कर देता है और अमेरिकन जनता को बताता है देखो यह तुम्हारा राष्ट्रपति है।"
अमेरिका की दुनिया के कमज़ोर देशों पर बरजोरी की बात करते हुए एक और लेख में परसाई जी लिखते हैं -
'अमरीकी शासक हमले को सभ्यता का प्रसार कहते हैं. बम बरसते हैं तो मरने वाले सोचते हैं, सभ्यता बरस रही है'
इन बातों के अलावा अभिव्यक्ति की आजादी, मनचाहा जीवन जीने आजादी और व्यक्तिगत स्वतंत्रता की मिसाल भी है अमेरिका। अनेक उलटबांसियों के बावजूद एक ऐसा देश जहां आना और बसना लोगों की इच्छा में सुमार होता है। दुनिया भर के सबसे प्रतिभाशाली लोगों की तमन्ना अमेरिका में बसने की होती है। काबिलियत और मेहनत की इज्जत होती है यहां।
ब्लागिंग से जुड़ने के साथ अमेरिका के कई मित्रों से परिचय हुआ। अतुल अरोरा ने Atul Arora अपने 'लाईफ इन अ एच ओ वी लेन' के जरिये अपने अमेरिका के शुरुआती दिनों के किस्से लिखे । मन किया अपन भी घूम आएं।
हमारे नामराशि अनूप भार्गव Anoop Bhargava जी भी हमको कई बार बुलाते-बुलाते रह गए। संयोग कि इस बार जब हम उनके ही मोहल्ले 'न्यू जर्सी' में एक हफ्ते रुकने के प्लान से अमेरिका जा रहे हैं तब वो जयपुर- दिल्ली -भोपाल की यात्रा पर भारत निकल लिए। अमेरिका भी लगता है एक समय में एक ही 'अनूप' को झेल सकता है।
बहरहाल पासपोर्ट तो पिछले साल ही बन गया था अपन दोनों का। बच्चा सौमित्र Saumitra और भांजी अन्विता Anvita अपने मियां सौरभ Saurabh के साथ पिछले कुछ सालों से यहां हैं तो हम सोचे हम भी हो आएं। लिहाजा वीजा फार्म भरा। वीजा में अमेरिका यात्रा की सम्भावित तिथि भरनी होती है। जुलाई में फार्म भरा तो तारीख भरी यात्रा की अक्टूबर की आखिरी वाली।
फार्म भर तो दिया लेकिन ग़लत भरा था। फिर ठीक किया भांजे अपूर्व ने। इंटरव्यू तय हुआ 18 अगस्त/19 अगस्त। लेकिन उस दौरान संस्थान में हड़ताल के चलते हमारा निर्माणी में रहना जरूरी हो गया। लिहाजा इंटरव्यू की तारीख बदली गईं । 23 सितम्बर को हाथ के निशान और फोटो और 15 अक्टूबर को इंटरव्यू।
इंटरव्यू के लिए जो तैयारी की वो हमने आजतक कभी पहले नहीं की । एक-एक कागज जमाकर फाइल में लगाये । सबमें नाम की स्लिप लगाई। पासबुक अपडेट कराई। जीपीएफ की पर्ची ली। मतलब कोई कसर न छोड़ी। सम्भावित सवालों के जबाब तैयार किए।
वीजा फार्म में सोशल मीडिया के खातों के विवरण भी भराये गए थे। भरते समय हमने सोचा कहीं हमारा कोई लेख देखकर नाराज होकर वीजा मना न कर दें एम्बेसी वाले।
बहरहाल ,पूरी तैयारी से 15 अक्टूबर को इंटरव्यू देने गए। एकाध सवाल पूछने के बाद वीजा स्वीकृत हो गया। हमें लगा यार यह तो कुछ हुआ ही नहीं। इतना आसानी से हो गया। फिर याद आया सम्वाद - 'समस्या हल हो जाने के बाद उनकी सरलता आश्चर्यजनक लगती है।' Simplycity of the problem when solved is amazing.
15 को जब लौटकर घर आये तो अमेरिका जाने के बारे में मतविभाजन हो गया। एक घराने के हिसाब से अभी टिकट मंहगे हैं, जाड़ा पड़ रहा है न्यूयार्क में। इसलिए गर्मियों में चला जाएगा। लेकिन दूसरे घराने के लोगों का कहना था कि टिकट मंहगा हो तो भी जाना चाहिए। आखिर पैसा किस दिन के लिए बचाते हैं लोग। अभी नहीं तो कभी नहीं।
रात में दोनों घरानों के दबाबों के बीच झूलते हुए टिकट देखने बैठे। सबेरे जो सबसे सस्ता टिकट 81 हजार का मिल रहा था वह रात को 88 हजार हो गया था। कुछ देर बाद वही टिकट 91 हजार हो गया। हमें लगा कि इस 'गोले' में साजिश हो रही है हमारे खिलाफ हमें अमेरिका जाने से रोकने के लिए।
जैसे ही हमको यह एहसास हुआ कि हमारे खिलाफ साजिश हो रही है हमारा इरादा और पक्का हो गया। इरादों में अम्बुजा सीमेंट छिड़ककर हमने आगे पीछे की तारीख भी देखी। दिखा एक फ्लाइट की टिकट 67 हजार ( आने-जाने दोनों )की मिल रही है। हमने फौरन दो टिकट लपक ली। इस तरह हमारा जाना तय हुआ।
अब टिकट के बाद मामला फंसा विभाग से अनापत्ति प्रमाणपत्र का। सरकारी कर्मचारी होने के नाते बिना विभाग से अनुमति लिए हम विदेश जा ही नहीं सकते। हम आश्वत थे कि हमको तो अनुमति मिल ही जानी है। लेकिन हमारे यहां बताता गया कि पैसे तो हैं ही नहीं हमारे खाते में। जाओगे कैसे, अमेरिका में खाओगे क्या। हमने बहुत बताया कि भाई टिकट हम ले चुके हैं, वहां हमारा बच्चा है। हमारे जीपीएक में पैसे हैं, क्रेडिट कार्ड है। लेकिन बात बनी नहीं।
अंततः अनुमति श्रीमती जी की इस अंडरटेकिंग पर मिली कि हमारे घूमने का खर्च वही उठाएंगी। उनके खाते में पैसा था इसलिये उनकी बात मानकर हमें विदेश यात्रा की अनुमति मिल गयी। पैसे वाले की बात हर जगह मान ली जाती है।
हमारे बाद श्रीमती जी का अनापत्ति प्रमाणपत्र फंस गया। हम खुद लेने गए उसे इलाहाबाद। सुबह ढाई बजे निकले, रात वापस आये साढ़े ग्यारह। समझ लिया जाए कित्ती मेहनत पड़ती है अमेरिका जाने में।
इस बीच हमारा वीजा अपूर्व Apoorv ने कलेक्ट कर लिया था। मतलब सब कागजी कार्यवाही हो गयी थी अमेरिका यात्रा की। अब न जाने की कोई गुंजाइश या बहाना बचा नहीं था।
कागजी कार्यवाही के बाद यात्रा की तैयारी में जुटे।गर्म कपड़े खरीदे गए। सब सामान जमाया गया। तैयारी चली ट्रेन आने के पहले तक। ट्रेन से नोयडा आये।
नोयडा पहुंचते ही आंख दर्द, सर दर्द, कमरदर्द , बुखार भी आ गया। हम सोचे शायद फिर खिलाफ पार्टी का पलड़ा भारी हो गयी। विरोधियों का परचम पहरा गया। लगा कि डेंगू की चपेट में आ गए। हमको डर डेंगू से नहीं था। डेंगू से तो दवाई खाकर निपट लेंगे। डर इस बात का कि कहीं अमेरिका जाकर न पता चले कि बीमारी भी लाये हैं सामान के साथ। इसके बाद सब मिलकर हड़काएँ कि हेल्थ बीमा कराने का मतलब यह थोड़ी कि बीमार होकर ही आएं।
लिहाजा डाक्टर की राय लेने पहुंचे। डॉक्टर बोलिस -'डेंगू के लक्षण नहीं हैं। आराम करो । पैरासिटामॉल खाओ। ठीक हो जाओ।'
डाक्टर की बात मानकर हमने हचककर आराम फरमाया। सुबह तबियत एकदम झक्कास। दिन भर फिर अंगड़ाइयां लेते हुए आराम फरमाया। रात को निकल लिए एयरपोर्ट।
एयरपोर्ट पहुंचकर चेकइन कराया। फिर याद आया कि कुछ डॉलर और डाल लें पास में। लिहाजा पास में जितने पैसे थे उन सबको डॉलर में बदलवा लिया। इम्मीग्रेशन से गुज़रते हुए, सिक्योरिटी चेक कराया। टाइम पर आकर राजा बाबू की तरह जहाज का इंतजार किया। जहाज एक घण्टा देरी से आया। डेढ़ घण्टा देर चला। लेकिन हमने किसी बात का कोई बुरा नहीं माना। अच्छे बच्चों की तरह अपनी सीट पर आकर बैठ गए। चल।दिये अमेरिका की ओर।
इस समय भारत में सवा बारह बजे हैं। 6987 किमी की यात्रा हो चुकी है। 5102 किमी बाकी है। कुल मिलाकर 12089 किमी की यात्रा है। मतलब घर से निर्माणी अगर 4 किमी धर लें और साल के 300 कार्यदिवस तो पांच साल लगातार घर से फैक्ट्री आने-जाने की दूरी के बराबर है दिल्ली से अमेरिका।
फिलहाल जहाज हेलसिंकी, बर्लिन, एम्स्टर्डम के बगल वाले इलाके के ऊपर से होते हुये अटलांटिक महासागर के ऊपर उड़ रहा है। बर्लिन में इस समय सुबह के आठ बज रहे हैं। लेकिन बाहर घुप्प अंधेरा है। एकदम ब्लैकआउट सा। लगता है यहां की बिजली व्यवस्था भी किसी खटारा कम्पनी के हाथ है।
यह भी हो सकता है कि जो जगह हमको एकदम पास दिख रही हो वह दूर हो। हम बर्लिन को एकदम पास देख रहे हों लेकिन वह जगह वहां से दूर हो और वहां अभी सुबह हुई ही न हो।
किसी के बारे में बिना जाने सिर्फ अनुमान के सहारे राय बनाना ठीक नहीं।
जहाज का रास्ता ऐसे दिख रहा है जैसे दिल्ली से फेंका गया कोई पिंड पैराबोला पथ पर चला जा रहा हो। सीधे न्यूयार्क में ही लैंड करेगा। अभी करीब छह घण्टे की दूरी पर 'स्टेच्यू आफ लिबर्टी' और एम्पायर एस्टेट वाला न्यूयार्क ।
न्यूयार्क पहुंचने का इंतजार है हमको। न्यूयार्क भी पक्का हमारा इंतजार कर होगा। दोनों इंतजार एक साथ ही पूरे होंगे।
(रास्ते से लिखी गयी पोस्ट न्यूयार्क के बाद न्यूजर्सी पहुंचकर न्यूजर्सी के समय के हिसाब से 5 नवम्बर को दोपहर बाद 2 बजकर 58 मिनट पर पोस्ट की जा रही। भारत में इस समय 6 नवम्बर के सुबह के एक बजकर 30 मिनट हुए हैं)

https://www.facebook.com/anup.shukla.14/posts/10218019609135260

उतरना न्यूयार्क हवाई अड्डे पर



आज (कल) सुबह उतर गए अमरीका। दो घण्टे देरी से चले दिल्ली से। दो घण्टे लेट पहुंचे अमरीका।

उतरते हुए एयरपोर्ट भारतीय एयरपोर्ट जैसा ही दिखा। वैसी ही सड़कें, वैसी ही घास। कुछ बहुत नहीं दिखा खास।
हम टर्मिनल 4 पर उतरे। पता चला इस तरह के आठ टरमिनल हैं न्यूयार्क में। एयरइंडिया की उड़ान ज्यादातर इसी टर्मिनल पर आती है।
उतरे तो पहुँचे इम्मीग्रेशन के लिए। अमरीका आ तो गए लेकिन अंदर घुसने की अनुमति के लिए इम्मीग्रेशन से निकलना जरूरी। कितने तो किस्से सुने थे कि शाहरुख खान को रोक लिया, कलाम साहब के जूते उतरवा लिए। किसी को रोक लिया, किसी को एयरपोर्ट से लौटा दिया। हमको भी लगा कहीं हमारे साथ भी ऐसा न हो जाये। अमेरिका घूमने की बजाय कहीं हम भी प्रमुख समाचार न होकर रह जाएं।
पहुंचकर पासपोर्ट मशीन में घुसाकर इन्ट्री कराई। कुछ सवाल पूछे कम्प्यूटर ने। हमने टाइप करके जबाब भरे। फ़ोटो खिंचाने के लिए कहा तो हम बैठ गए मशीन के सामने। फोटो आई तो थोबड़ा आधा कट गया था। लेकिन जो भरा उसका प्रिंट आउट ठीक आया था।
हमारे बाद श्रीमती जी का भी भरा पर्चा हमने। कहीं अटके तो वहां मौजूद कर्मचारी ने भरकर निकाल दी पर्ची।
पर्ची निकालने के बाद लाइन में लग गए। हर वीजा के यात्री का पांच मिनट करीब इंटरव्यू हो रहा था। हमसे पहले दो लोगों को कुछ और पूछताछ के लिए दूसरा अधिकारी ले गया।
हमारा नम्बर आया तो हमसे भी पूछताछ हुई। हमने बताया। किसलिए आये, कहां जाना आदि बताया। बेटों के बारे में बताया तो ख़ुशी जाहिर की पुलिस अधिकारी ने कि बढ़िया जगह काम करते हैं। फिर अपनी बिटिया के बारे में बताया कि वह छह साल की है और कहती है कि उसको डाक्टर, इंजीनियर, वकील नहीं बनना है। उसको तो केवल एक्टर बनना है।
हमने भी खुशी जाहिर कर दी बिटिया के लिए कि बढ़िया है बिटिया अपनी मर्जी से सफल हो। खुशी जाहिर करने और तारीफ में न देरी ठीक न उधारी।
इम्मीग्रेशन में न कोई सामान चेक किया गया, न कोई जूते ,कपड़े देखे गए। अमेरिकन इम्मीग्रेशन के बारे में फालतू का हल्ला दिमाग में भरा था, वह वहां से निकलते ही निकाल दिया।
5 नवम्बर को पहुंचे अमेरिका। पासपोर्ट में लिखा गया आये 5 नवम्बर, 2019 को। रहने की मियाद 4 मई, 2020 तक। लेकिन हमको तो पहले ही निकल जाना है।
बाहर निकल कर सामान समेटा। ट्राली लेने के लिये बढ़े आगे तो देखा कि सामान लादने के लिए ट्राली का का किराया 6 डॉलर। 6 डॉलर मतलब 430 रुपये करीब। हमने कहा अरे छोड़ो। ट्राली के 6 डॉलर देने लगे तो हो चुकी घुमाई। हमने बैग लादा पीठ पर। दो बैग थामे श्रीमती जी ने। इसके बाद दोनों बड़ी अटैची रोलर पर लुढ़काते हुए बाहर आ गए।
बचाया हुआ पैसा कमाए हुए पैसे के बराबर होता है अगर इस कहावत को सही माना जाए तो अमेरिका में घुसते ही हमने 6 डॉलर कमा लिए।
वैसे अगर इस लिहाज से देखा जाए तो अपन ने 25 डॉलर भी बचाये। वह इस लिहाज से कि वहां सामान बाहर तक पहुंचाने के लिए कुली की भी व्यवस्था थी। 25 डॉलर में। लेकिन हमारे सामने उस सुविधा का उपयोग करते कोई दिखा नहीं। वहां कुली भी एक ही मौजूद था।
बाहर सौरभ Saurabh हमारा इंतजार कर रहे थे। हम उनकी गाड़ी में बैठकर चल दिए न्यूजर्सी की ओर।
(पोस्ट लिखी गयी न्यूजर्सी के समय के हिसाब से 6 नवम्बर को सुबह 0052 बजे। भारतीय समय के हिसाब से सुबह के 11बजकर 22 मिनट पर)

https://www.facebook.com/anup.shukla.14/posts/10218023024740648