Wednesday, November 06, 2019

अमेरिका भारत से ढाई गुना तेज चलता है

 


न्यूयार्क हवाई अड्डे से बाहर निकलते ही Saurabh मिले। दो दिन पहले ही पिता बने हैं। अस्पताल से अभी घर आना है बच्चे को। उसको छोड़कर हमको लेने आये। बाप बनते ही इंसान ज्यादा जिम्मेदार हो जाता है।
फ्लाइट कुछ देर आई। कुछ समय इम्मीग्रेशन में लगा। सौरभ की गाड़ी का पार्किंग समय बढ़ता गया। बाहर निकले तो कुल जमा 18 डॉलर धरा लिए गए पार्किंग के। 18 डॉलर मतलब 1280 रुपये करीब।
पार्किंग में खड़ी गाड़ी में हम आदतन बाईं तरफ बैठने को हुए। लेकिन फिर सौरभ ने याद दिलाया कि अमेरिका में ड्रॉइवर दाईं तरफ बैठता है। हमने मतलब निकाला अमेरिका मूलतः दक्षिणपंथी है।
कुछ देर में ही हम न्यूयार्क-न्यूजर्सी के जीटी रोड मतलब हाई वे पर आ गए। हडसन नदी पड़ी पहले। चलती गाड़ी से देखे नदी किनारे कोई पंडा तख्त डाले नहीं दिखा। न ही कोई फूल माला नदी में बहती दिखी। साफ भले हो लेकिन पवित्र नहीं होगी नदी। पवित्र होती कुछ फूल-पत्ती , हवन सामग्री दिखती नदी में।
नदी पर बना पुल आठ लेन का। चार आने की , चार जाने की। कानपुर का जाजमऊ का नया पुल चार लेन का है। नदी नीचे बह रही थी । मन किया रुककर थोड़ा नदी भी देख लें।लेकिन उसको बाद के लिए छोड़ दिये।
आगे एक टोल नाका पड़ा। लेकिन गाड़ी उसको सर्र से पार करके आगे निकल गयी। हमको लगा पैसे बचा लिए गए। लेकिन ऐसा था नहीं। गाड़ी के सीसे में एक डिबिया नुमा डिवाइस लगी है। गाड़ी टोल नाके से गुज़रते ही इंटरनेट के माध्यम से टोल के पैसे गाड़ी वाले के क्रेडिट कार्ड से कट जाते हैं। एक बार का चार्ज 6 डॉलर मतलब 430 रुपये करीब। हमारे लखनऊ टोल पर आने जाने के 110 रुपये लगते है। मतलब यहां टोल आठ गुना मंहगा।
अलग-अलग टोल के अलग दाम। न्यूयार्क वाले टोल के तो शायद 20 $ लगते हैं। बीस डॉलर मतलब 1400 रुपये करीब।
गाड़ी में लगी डिवाइस से पैसे सीधे कटने की सुविधा चकाचक लगी। किसी के छूटने की कोई गुंजाइश नहीं। कोई दाएं-बाएं करके निकल जाए यह लफड़ा भी नहीं। टोल नाके पर झिकझिक भी नहीं कि डिफेंस के अफसर हैं। जाने दो। कोई जाने देता, कोई पैसे धरा लेता। यहां ऐसा कोई बवाल ही नहीं। पैसा कटाओ, निकल जाओ। समय की बचत अलग।
तकनीक के उपयोग से किस तरह टोल चोरी और समय बच सकता यह एक छुटकी डिवाइस देखकर लगा।
अपने यहां इसे चालू किया जाए अभी तो क्या पता कभी बिजली गोल, कभी इंटरनेट गायब। लाखों का नुकसान हो जाये। गाड़ियों की लंबी लाइन लग जाये टोल प्लाजा के सामने या अखबार की खबर बने -'टोल प्लाजा पर इंटरनेट न होने के चलते करोड़ो का घपला।' अभी समय लगेगा अपने यहां ऐसा होने में।
आगे बड़ा हाइवे मिला। 12 लेन का हाइवे। 4 - 4 कारों के लिए। 2- 2 ट्रकों के लिए। सड़कों पर गाड़ियां और बड़े-बड़े ट्रक तेज गति से चलते चले जा रहे थे।
लेकिन जितने भी ट्रक देखे हमने उनमें से किसी पर भी
'अस्सी के फूल, नब्बे की माला
'बुरी नजर वाले तेरा मुंह काला'
वाली रचनात्मक शायरी नहीं देखने को मिले। अमेरिका का ट्रक साहित्य कमजोर दिखा मुझे। आगे शायद दिखे। अमेरिकन लोगों को इस मामले में ध्यान देना चाहिए।
गति सीमा 65 मील/प्रति घण्टा लिखी हुई थी। 65 मील मतलब 100 किमी से ऊपर। अपने यहां गति सीमा जहां लिखी देखी वह 40 किमी ही दिखी। मतलब अमेरिका लिखा-पढ़ी में अपने यहां से ढाई गुना तेज चलता है। आगरा एक्सप्रेस हाई वे की बात हम नहीं कर रहे। हम उधर से गये नहीं कभी।
तेजी और धीमे की बात पर रामदरश मिश्र जी का शेर याद आ गया:
जहां तुम पहुंचे छलांगे लगाकर
वहीं मैं भी पहुंचा मगर धीरे-धीरे।
सड़क की बांई तरफ पीली पट्टी बनी हुई थी। पीली पट्टी के सबसे नजदीक वाली लेन पर सबसे तेज गति वाली गाड़ियां चलती हैं। पट्टी से जितनी दूर गाड़ी , उतनी तेज स्पीड। जिस सड़क पर एक ही तरफ पीली पट्टी बनी है मतलब वह एकल मार्ग है।
घण्टे भर करीब में हम न्यूजर्सी पहुंच गए। खा-पीकर सोये तो नींद खुली शाम को। रात को नींद कम आई। सुबह भी जल्ली उठ गए।
सुबह सात बजे हैं यहां। तापमान 5 डिग्री। कानपुर में इस समय साढ़े पांच बजे हैं। तापमान करीब 29 डिग्री। मतलब साढ़े दस घण्टे और 24 डिग्री का अंतर।
बाहर सूरज भाई निकल आए हैं। अभी जरा जाते हैं उनसे भी मिलने। सड़क पर गाड़ियों की आबादी बढ़ गयी है। देखते हैं जरा उनका भी हाल-चाल।

https://www.facebook.com/anup.shukla.14/posts/10218024613340362

न्यूजर्सी में सुबह की सैर




सुबह टहलने निकले। आठ बजे। हवा में सर्दी थी। लेकिन सूरज भाई खूब जलवे से खिले हुए थे। एकदम साफ वाली -एक्सपोर्ट क्वालिटी धूप के साथ। हमने उलाहना दिया कि आप उधर कानपुर में धुँएवाली धूप लाते हो लेकिन यहां खिली-खिली धूप सप्लाई करते हो। इस पर सूरज भाई खिलखिलाकर हंसने लगे। बोले - धूप हम एक जैसी ही सप्लाई करते हैं। ये तुम लोग हो जो उसे गन्दा कर देते हो ।
हमारे पास कुछ कहने को नहीं था। हम धूप-धुली सड़क देखने लगे। सड़क पर गाड़ियां तेजी से आ-जा रहीं थीं। लेकिन कोई इंसान सड़क पर नहीं दिखा। सामने वाली सड़क पर एक आदमी खड़ा दिखा। सोचा उससे हेल्लो-हाय करें। लेकिन जब तक सोच पर अमल करें तब तक वह बस में बैठकर चल दिया।
इसके बाद हम बाईं तरफ टहलने निकल लिए। चलने के पहले मोड़ की फोटो ले लिए । फोटो इसलिए कि भूल जाएं तो पहुंच जाएं देखकर। सेल्फी भी ले लिए यह सोचकर कि हम ही भूले हैं, कोई और नहीं। परदेश में गजनी बनते देर नहीं लगती।
बाईं तरफ कई सड़क पार कर गए लेकिन कोई दिखा नहीं। एक दुकान दिखी। लपके उधर तो बन्द मिली। खुलने का समय 11 बजे।
आगे बढ़े। एक जगह cash 4 car का बोर्ड खेत में पड़ा दिखा। शायद पुरानी कारों की खरीद का विज्ञापन हो।
वहीं न्यूजर्सी नगर पालिका की गाड़ी खड़ी थी। ऊपर सोलर पैनल । किसी चुनाव की सूचना चल रही थीं। कोई विज्ञापन नहीं। कोई बैनर नहीं। हिंदुस्तान में चुनाव होता तो शायद लाउडस्पीकर पर बहनों और भाइयों चल रहा होता।
एक मैदान में साकर के कई गोलपोस्ट दिखे। लेकिन खिलाड़ी कोई नहीं। शायद शाम को या छुट्टी के दिन आते हों।
आगे एक जगह सड़क किनारे गटर सफाई का विज्ञापन लगा था। सफाई की सम्भावित कीमत भी। और भी कई तरह के विज्ञापन दिखे। लेकिन हम हिंदुस्तान की तरह दीवारों पर शर्तिया इलाज वाले विज्ञापन देखने को तरस गए यहां। शायद यहां चलन नहीं शर्तिया इलाज का।
देशी फूड गैलेक्सी देखकर लगा कि यहां तो चाय पक्का मिलेगी। लेकिन वहां भी ताला मिला। अलबत्ता शाम की चाय का ठिकाना मिल गया। दुकान का समय 11 से 8 है।
एक जगह घर के आगे पुरानी बोतलों और प्रयोग किये सामान ड्रमों में रखा था। शायद कूड़े की गाड़ी के इंतजार में।
रास्ते में एक क़ब्रस्तान दिखा। अंदर गए तो पता चला अठाहरवीं सदी तक से उन्नीसवीं सदी तक की कब्रें। मां-बाप-भाई-पत्नी की कब्रें । हमने कब्र को पास से छूकर देखना चाहा लेकिन 'होइहैं शिला सब चन्द्रमुखी' याद आ गया। क्या पता कौन बवाल हो जाये परदेश में।
जगह-जगह पानी की लाइनों के ऊपर लोहे के मेनहोल दिखे। सफाई रखने के अनुरोध के साथ।
घण्टे भर टहलने के बावजूद कोई चाय की दुकान नहीं मिली। लौट के बुद्धू घर को आ गए। चाय पी। मन खुश हुआ।
अभी निकलते घूमने के लिए। आगे का किस्सा लौटकर।
पोस्टिंग समय: न्यूजर्सी 6 नवम्बर,2019 सुबह 12.08 बजे
कानपुर में 6 नवम्बर, 2019 रात के 1040 बजे।


https://www.facebook.com/anup.shukla.14/posts/10218026151978827

Tuesday, November 05, 2019

निकल्लिये घूमने अमरीका

 

#लेहलद्दाख के किस्से लिखते हुये एक पोस्ट में अपन ने लिखा था - ’मन करता है गुरु निकल्लें घूमने के लिये। जो होगा देखा जायेगा।’
पोस्ट लिखने के बाद मन सही में कर गया। सो निकल्लिये अमरीका के लिये । अब जो होगा देखा जायेगा।
हमारे घर में सब बच्चे बारी-बारी से अमरीका टहल आये। सबसे पहले बिटिया स्वाती Swati गयीं। ह्यूस्टन आदि जगहों पर रहीं। वहां के आंखो देखे किस्से सुनाये।
इसके बाद बड़े सुपुत्र सौमित्र Saumitra पहुंचे अमेरिका । मार्च 2011 में। उसकी यात्रा का भी बड़ा रोचक अनुभव रहा। अपने कालेज के एयरोमाडलिंग ग्रुप के दोस्तों के साथ गये। अपने ग्रुप फ़ाल्कन के जिस जहाज के मॉडल को अमेरिका के डलास में प्रदर्शनी के लिये ले जाना था वह तब पहुंचा जब प्रदर्शनी खत्म हो गयी थी। लेकिन उसके लिए और उसके दोस्तों के लिये वह यादगार यात्रा रही। उस दौरे का काफ़ी बड़ा योगदान है कि आज सौमित्र सैनफ़्रान्सिस्को में हैं।
बड़े भाई के बाद नम्बर लगा छोटे भाई Anany का। पिछले साल गोल्डमैन सैक्स कम्पनी में ज्वाइन करने गये तो कम्पनी ने दो सप्ताह के लिये ट्रनिग पर भेजा अमेरिका। हवाई जहाज से पैराशूट से उतरने का रोचक अनुभव रहा उनका।
घर में सब लोग जब घूम आये तो हमने सोचा हम भी टहल आयें। वीसा- फीसा बनवाकर निकल लिये आज हम भी। देश में तो घूमते-टहलते रहते ही हैं। थोड़ा विदेश भ्रमण भी हो जाये। सो हम मियां-बीबी निकल ही लिये।
हमारी इस यात्रा में जितना योगदान हम लोगों का है उससे कहीं ज्यादा योगदान हमारे बच्चों और उन कुछ मित्रों का भी है जो हमको लगातार उकसाते रहे कि घूमने में देरी और कंजूसी करना ठीक नहीं। तो बिना देर किए हम चल ही दिए।

अभी यह पोस्ट हवाई अड्डे से ही जहाज के इंतजार में लिख रहे हैं। एयरइंडिया फ्लाइट में एक घण्टे की देरी के लिए माफी मांग चुकी है। हमारे पास माफ करने के सिवा और कोई चारा तो नहीं फिलहाल। आगे देखते हैं कितना और देर होगी।
कल शाम को न्यूयार्क पहुंचेंगे। वहां से न्यूजर्सी। हफ़्ते भर न्यूजर्सी रहेंगे। वहां बाद पोर्टलैंड होते हुये सैनफ़्रांसिस्को जायेंगे। इतने दिन में जितना घूम पायेंगे घूमेंगे अमरीका। बाकी का अमेरिका अगली बार देखने के लिये छोड़ आयेंगे। साथ मे लाद के लाना सम्भव भी नहीं। फ्लाइट में 25 किलो से ज्यादा लाने नहीं देंगे।
जो साथी हमारे लेह-लद्धाख के किस्सों से काम भर का बोर हो चुके हैं इस यात्रा से उनकी शिकायत दूर करने का भी मौका मिलेगा। कुछ दिनों तक अमेरिका के किस्से सुनाये-दिखाये जायेंगे।
हमारे अमेरिका के न्यूयार्क, न्यूजर्सी, पोर्टलैंड , सैंनफ़्रांसिस्को में रहने वाले दोस्त अगर मिल सकेंगे तो हम खुशी-खुशी मिलना चाहेंगे।
अगले किस्से अब अमरीका से ही। ठीक !

https://www.facebook.com/anup.shukla.14/posts/10218012051066313

रूस के ऊपर से गुजरते हुए




इस समय रूस के ऊपर से गुजर रहे हैं। जमीन से बत्तीस हजार फुट ऊपर। मतलब दस किलोमीटर ऊपर। दस किलोमीटर मतलब कानपुर में रेलवे स्टेशन से अर्मापुर तक की सीधी सड़क को तानकर खड़ा कर दिया जाए तो जहाज की ऊँचाई तक पहुंच जाएगी।
है भाई। तापमान भी तो सुना जाए। बाहर का तापमान शून्य से 55 डिग्री नीचे है। मतलब सियाचिन के तापमान से भी कुछ और कम। अंदर का तापमान अलबत्ता 25 डिग्री के करीब होगा। मतलब अंदर और बाहर के तापमान में 80 डिग्री का अंतर है।
तापमान के इस अंतर को ऐसे समझ लीजिए कि जहाज के बाहर तापमान अगर गरीबी रेखा के नीचे है तो अंदर का मामला उच्च वर्ग का। बहुत अंतर है दोनों के स्तर में। जहाज अपनी जो गर्म गैस छोड़ता होगा , उससे उसके आसपास की हवा कुछ गर्म हो जाती होगी जैसे अमीरों की संगत में रहने वाले लोगों का जीवन स्तर कुछ ठीक सा होता दिखता है।
दिल्ली से 5000 किलोमीटर निकल आये हैं। मतलब कश्मीर से कन्याकुमारी का लगभग डेढ़ गुना। अभी 7000 किलोमीटर और चलना है। जहाज 800 किलोमीटर प्रति घण्टा की रफ्तार से चल रहा है। मतलब हमारी साइकिल की सबसे तेज स्पीड 20 किमी/घण्टा से 40 गुना गति से।
रूस के ऊपर से गुजरते हुए सोच रहे हैं अगर साइकिल से होते तो कहीं टिकाकर दुकान पर चाय/काफी पीते। किसी से बतियाते। गपियाते। पुतिन जी का हाल-चाल लेते। लेकिन साइकिल साथ लाये ही नहीं तो क्या फायदा सोचने का।
मास्को में इस समय सुबह के साढ़े सात बजे हैं। सूरज भाई एक कोने से निकलते दिख रहे हैं। लेकिन मौसम शायद ठंडा है इसलिए किरणों, उजाले को साथ नहीं लाये हैं अभी। जब थोड़ा गुनगुना जाएगा मौसम तो लाएंगे कुनबे के लोगों को।
अमेरिका में मौसम के हिसाब से अलग-अलग टाइम जोन हैं। न्यूयार्क में इस समय रात के 11.43 बजे हैं तो सैन फ्रांसिस्को में 8.43 । तीन घण्टे का अंतर। पोर्टलैंड में पिछले हफ्ते ही दिन की रोशनी के हिसाब से समय बदला गया। जरूरत के हिसाब से वहां घड़िया आगे-पीछे की जाती हैं। समय की कीमत का अंदाज है शायद उनको।
हवाई जहाज का स्टाफ सबेरे का नाश्ता कराकर वापस लौट गया है। हवाई जहाज की बत्तियां बुझ गयी हैं। यात्री या तो सो रहे हैं या फिर हमारी तरह मोबाइल में जुटे हैं। जहाज में चूंकि चार्जिंग की सुविधा है इसलिए धड़ल्ले से पोस्ट टाइप कर रहे हैं। अभी नेट कनेक्शन है नहीं इसलिए अभी इसे सेव कर रहे हैं। न्यूयार्क पहुंचते ही पोस्ट कर देंगे। जहाज इस समय हेलसिंकी के बगल से गुजर रहा है।
(भारतीय समयानुसार सुबह 5 नवम्बर को 10 बजकर 13 मिनट पर लिखी पोस्ट पहुंचकर रात भारतीय समयानुसार रात 11 बजकर 42 मिनट पर पोस्ट की गई। इस समय न्यूजर्सी में दिन के एक बजकर 13 मिनट हुए हैं।)
https://www.facebook.com/anup.shukla.14/posts/10218018944678649

Monday, November 04, 2019

 



हुन्डर से हम लोग सुबह निकल लिए थे, समय पर। दोपहर होते-होते पेंगोंग झील के किनारे पहुंच गए। झील का पानी एकदम साफ। गोरा-चिट्टा-पारदर्शी।

'थ्री इडियट' पिक्चर के पहले इस झील के बारे में कम ही लोग जानते होंगे। पिक्चर हिट होने के बाद झील देखने बहुतायत में आने लगे लोग। पिक्चर से जुड़ी झील और स्कूल प्रसिद्ध हो गये। पिक्चर में स्कूल और झील पास-पास दिखाये गए हैं। असलियत में स्कूल और झील के बीच कई घण्टों की दूरी है। सिनेमा हकीकत को अपने हिसाब से दिखाता है। इतना जोड़तोड़ तो चलता है।
झील के किनारे लोग समुद्र तट वाले अंदाज में बैठे थे। लेकिन कोई उस अंदाज में नहा नहीं रहा था । पानी बहुत ठंडा था। लोग फोटुबाजी में जुटे थे। आते ही कैमरे दगने लगे। फोटो, वीडियोओ बनने लगे। हमने भी कंजूसी नहीं की।
थ्री इडियट पिक्चर में नायिका करीना कपूर स्कूटी पर बैठकर हीरो से मिलने आती है और उसको जबरियन चूमकर लम्बी नाक को चूमने में बाधा की बात को बेबुनियाद बताती है । उसी तरह के सैकड़ों स्कूटी झील के किनारे रखे हुए हैं। सबके नम्बर एक। उस पर बैठकर फोटो खिंचवाकर लोग नायिका - सुख लूटते दिखे। शहर होता तो शायद बोर्ड भी लगा होता। 50/- खर्चिये, करीना कपूर बनिये।
वहीं पर पिक्चर में दिखाए तीन प्लास्टिक के स्टूल भी धरे थे । लोग उनपर बैठकर फ़ोटो खिंचाते हुए 'इडियट' होने का धड़ल्ले से एहसास कर रहे थे।
झील किनारे याक भी थे। कमजोर,मरियल, थके-थके याक पर सवारी करते हुए लोग फोटो खिंचाने में जुटे हुए थे। बेजुबान याक बेचारे चुपचाप किसी लोकतंत्र की जनता सरीखे चुपचाप अपने ऊपर चढ़कर फोटो खिंचाते लोगों को निरीह आंखों से देख रहे थे। लोग उनकी पीठ पर जनसेवकों की तरह धड़ल्ले से सवारी करते हुए खुश हो रहे थे। याक का मालिक कारपोरेट की तरह कमाई में जुटा हुआ था।
हमने भी देखा देखी याक पर सवारी की। चढ़ते ही याक कसमसाया। मन किया उतर जाएं। लेकिन मन की बात आजकल सुनता कौन है ? चढ़ ही गये टेढ़े-मेढ़े होकर। फ़ोटो खिंचाकर उतर आये। अपराधबोध के साथ। कमजोर याक पर सवार होने के अपराध बोध को इस तर्क के साथ दबा दिया -'हमारे पहले इतने लोग और भी तो चढ़ चुके हैं इन पर।' वैसे भी सामूहिक रूप से किया अपराध , अपराध नहीं माना जाता है।
झील के किनारे आसपास के गांवों के लोग आकर स्कूटी, स्टूल, याक, मोती-मनका और होटल के व्यवसाय के सहारे रोजगार करते हैं। 'थ्री इडियट' पिक्चर के वाद कमाई के अवसर बढ़े हैं यहां।
कुछ लोग वहां जमीन पर बैठे कोई खेल खेल रहे थे। शायद जुआ जैसा। हमने वीडियो बनाने की कोशिश की तो उसमें से एक ने कुछ कहा । मतलब तो हम न समझ सके लेकिन अंदाज लगाया कि शायद नाराज हो रहा है विडियोबाजी से। हमने बन्द कर दी रिकार्डिंग।
झील किनारे लोगों के रुकने के लिए टेंट लगे हुए थे। टेंट में बिस्तर, बगल में अस्थाई शौचालय की व्यवस्था थी। हम लोग रात को रुकने के विचार से ही आये थे। लेकिन कई टेंट देखने के व्यवस्था जमी नहीं तो पहले अनमने मन से फिर अंततः मजबूती से लेह के लिए लौट पढ़े।

https://www.facebook.com/anup.shukla.14/posts/10218006202840111

ढपली वाला ढपली बजा




पैंगोंग से लेह वापस लौटने के निर्णय के बाद हम वहां चाय पीने को रुके। चाय की दुकान पर एक स्थानीय महिला से बातचीत करने लगे। पास के गांव में रहने वाली महिला ने बताया कि यहां पर्यटक आते हैं। उनको देखने , मिलने चली आती है। अच्छा लगता है उसे।
हम लोगों से बात करते-करते उसने गाना शुरू कर दिया। जुलु-जुलु कहते हुए शुरू किया। जुलु-जुलु लद्दाख की तरफ का अभिवादन है। राम-राम सरीखा शायद। हम दोनों को गाना सुनाया उसने, यह कहते हुए कि इन दोनों को मैं एक गाना सुनाएगा। गाने के बोल थे - 'ढपली वाला ढपली बजा।'
गाने को अपने हिसाब से तोड़ते-मरोड़ते-लहराते हुए पूरे मन से सुनाया महिला ने।
एक और गाना सुनाया उसने। बात की। मन खुश हो गया। चलते हुए हमने कुछ देना चाहा उसे। उसने पहले तो लिया नहीं । जिद करने पर लिया भी तो लेकर सब कुछ हमारे ड्रॉइवर लखपा को दे दिया कहते हुए -' ये तुम्हारे लिए।' और भी कुछ कहा स्तानीय बोली में। लेकिन हम उसे समझ नहीं पाए। लेकिन हमारे ड्रॉइवर को उस महिला से कुछ लिया नहीं। उसकी भेंट उसके ही पास रहने दी। हम चल दिए।
लौटते हुए महिला द्वारा उसको दिए पैसे बिना गिने हुए ड्रॉइवर को देने की पेशकश और ड्रॉइवर द्वारा भी उसे बिना किसी हिचक के उसको लेने से मना करने की बात याद करते रहे। स्थानीय लोग आर्थिक रूप से उतने मजबूत भले न हों लेकिन लालच से ग्रस्त नहीं हैं।
वापसी यात्रा में एक बार फिर बर्फ के रास्ते से गुजरते हुये आये। एक जगह एक गाड़ी खराब होकर खड़ी थी। लेह से आने वाले मैकेनिक का इंतजार कर रही थी।
एक जगह सड़क पर अवरोध था। उसको हटाने का काम हो रहा था। इतनी ऊंचाई पर इतना जटिल काम। बीच-बीच में सड़क बर्फ के पानी से कट गई थी।
बर्फ का दर्रा चारों तरफ से बर्फ से ढंका हुआ था। आते समय ख़र-दुंग-ला दर्रा मिला था। लौटते हुए चांग-ला दर्रा। इस दर्रे की सड़क को भी दुनिया की सबसे ऊंची सड़क बताते हुये बोर्ड लगे थे। शायद खर-दुंग-ला दर्रा और चांग-ला दर्रा एक ही घराने के दर्रे हों। लिहाजा दोनों के पास सबसे ऊंची सड़क के पास होने का खिताब हो।
दर्रे के आगे-पीछे के पहाड़ भी सफेद चादर ओढ़े हुये थे। दर्रा पार करने के बाद पहाड़ खत्म हुए। सभी जगहों से गुजरते हुए हम छोटे-छोटे वीडियो बनाते गए ताकि सनद रहे। वीडियो के लिंक नीचे पोस्ट में देखिये।
लौटते हुये सूरज भाई साथ रहे। गुनगुनाते हुये आहिस्ते-आहिस्ते हमको वापस जाते देखते रहे। जगह बहते पानी के सोते भी किल-किल करते हुये टाटा-बॉय-बॉय करते रहे।
धीरे - धीरे सड़क समतल होती गयी। शाम होते -होते हम लेह वापस पहुंच गए।
1.https://www.facebook.com/anup.shukla.14/videos/10218007827600729/?t=5 ढपली वाला ढपली बजा वीडियो
2.https://www.facebook.com/anup.shukla.14/videos/10218007823200619/?t=4 चांग-ला दर्रे पर वीडियो
3. https://www.facebook.com/anup.shukla.14/videos/10218007832040840/?t=4 रास्ते की सड़क का वीडियो
4. https://www.facebook.com/anup.shukla.14/videos/10218007820400549/?t=3 रास्ते की एक और सड़क का वीडियो

https://www.facebook.com/anup.shukla.14/posts/10218007905322672

Thursday, October 31, 2019

उपन्यास क्यों नहीं लिखे जा रहे- श्रीलाल शुक्ल



[हिन्‍दी साहित्‍य, उसमें भी विशेषकर उपन्‍यास-लेखन की दुर्दशा पर यह टिप्‍पणी श्रीलाल जी ने आज से पंद्रह वर्ष पहले, सन् 1992 में लिखी थी. इससे अलग कि शुक्‍ल जी के तंज ने मेरा उपन्‍यास लिखने का इरादा और मजबूत कर दिया है, अपनी सजीली-भीगीली शैली में श्रीलाल जी हिन्‍दी साहित्यिकता का जो लेखा-जोखा रखते हैं, वह तब आंख खोलनेवाला रहा होगा तो अब भी आंखें ही खुलवाता है. कुछ लोग चाहें तो मुंह भी खोल सकते हैं. खुले बाज़ार ने समाज में पैसे की उपस्थिति भले पहले की बनिस्‍बत अब ज़्यादा बढ़ा दी हो, हिन्‍दी साहित्‍य का परिदृश्‍य विशेष नहीं बदला है. घटिया ही हुआ है. पढ़ लीजिए, अन्‍दाज़ा पा जाइएगा.] -- Pramod Singh
1992 में हिन्‍दी साहित्‍य का जो लेखा-जोखा अख़बारों में छपा है, उसे पढ़कर मुझे भी श्री राजेंद्र यादववाली चिन्‍ता सताने लगी है: कि लोग जमकर लिख क्‍यों नहीं रहे हैं. पर साधन, सक्रियता, अनर्गल उत्‍साह की कमी के कारण मैं उनकी तरह इस विषय पर सेमिनार नहीं करा रहा हूं, सिर्फ़ यह टिप्‍पणी लिख रहा हूं.
कुछ विधाओं के बारे में कोई झमेला नहीं है. जैसे कविता. वह जाती है, वापस आ जाती है. बारह साल पहले उसे अशोक वाजपेयी ने आते देखा था. फिर उसे जाते किसी ने नहीं देखा. दरअसल, कुछ ऋतुकालों को छोड़कर, वह गई नहीं है. वह लीलाधर जगूड़ी, लीलाधर मंडलोई, कुमार अम्‍बुज, विनोदकुमार शुक्‍ल आदि के पास पहुंचती रही है. नागार्जुन, त्रिलोचन आदि अब वयोवृद्ध हो गए हैं. वे शायद उसे बुलाते ही नहीं; प्रौढ़ता को लांघ रहे केदारनाथ सिंह, कुंवर नारायण के पास खुलेआम जाते वह हिचकती है. अशोक वाजपेयी के साथ वह ज़रूर इतना टिकी रही है कि वे दो साल में एक संग्रह निकाल दें. बहरहाल, कविताजी मज़े में हैं.
दर्जनों लोग जो नई-नई ड्रेसें ला रहे हैं, उनसे कहानी की वार्डरोब पटी पड़ी है. लघु पत्रिकाओं की शक्‍ल में कई वार्डरोबें तो ऐसे-ऐसे क़स्‍बों में रखी हैं कि उनका नाम देखने को नक़्शे पर मैग्‍नीफाइंग ग्‍लास लगाना पड़ता है. एक से एक उकसानेवाला माल है: ये डिज़ाइन की साड़ि‍यां हैं, यह रहा ‘एथनिक’ माल. दो-चार थीमों की ऐसी रगड़ाई हुई है कि कहानीजी जवानी में ही बूढ़ी दिखती हैं. पर वे बहुत ख़ुश हैं; उनका चेहरा ज़्यादा ख़ूबसूरत नहीं है, वे इस बात पर भी ख़ुश हैं.
नाटक बहुत कम लिखे जा रहे हैं. अच्‍छा है. ज़्यादा लिखे जाने लगे तो हम यह वेदवाक्‍य कैसे कह पाएंगे कि ‘हिन्‍दी में मौलिक नाटकों का नितान्‍त अभाव है.’
यात्रा-वृतान्‍त? वह हिन्‍दी में कैसे लिखा जा सकता है? नई-नई जगहों पर यात्रा करने के लिए जिनके पास पैसा है, उनमें यात्रा-वृतान्‍त लिखने की तमीज़ नहीं है. जिनके पास तमीज़ है, उनके पास पैसा नहीं.
जीवन, आत्‍मकथा, संस्‍मरण- ये सब कहानी की ही शाखा-प्रशाखा हैं. अगर कहानी समृद्ध है तो इन्‍हें भी समृद्ध मान लीजिए और कहानी में जीवनी-संस्‍मरण और जीवनी-संस्‍मरण में कहानी खोजने की बराबर कोशिश करते रहिए. मिल जाएगी.
रही आलोचना. उसकी फ़ि‍क्र छोड़ि‍ए. इसकी ज़रूरत सिर्फ़ विद्यार्थियों को इम्‍तहान पास कराने के लिए होती है. जितनी ज़रूरी होती है, उससे सौ गुना ज़्यादा आलोचना व्‍याख्‍याओं, कुंजियों आदि की राह से उनके पास पहुंचती रहती है. पर आप शायद ऐसी आलोचना के बारे में सोच रहे हैं जिसकी ज़रूरत कवियों, कथाकारों- यानी सर्जनात्‍मक रचनाकारों को है. पर हिन्‍दी में रचनाकार नहीं होते, साधक होते हैं, साहित्‍य-साधक. वे वाद-विवाद में नहीं फंसते.
अन्‍त में उपन्‍यास. ‘अन्‍त में’ इसलिए कि मैं उसी के लिए चिन्तित हूं.
1992 में उपन्‍यास दो-चार ही आए- रानू-शानू के करिश्‍मों को भूल जाइए. मेरा मतलब असली उपन्‍यासों से है. यहां सचमुच ही ‘उपन्‍यास-साहित्‍य में सन्‍नाटा’ पर एक ऐसे सेमिनार की ज़रूरत है जो पूरे साल-भर चले. उसका एजेंडा कुल इतना हो कि सहयोगी उपन्‍यासकार अपनी-अपनी कोठरियों में बन्‍द रहें, सिर्फ़ शाम को आधा घंटा कसरत करने के लिए आंगन में निकलें- कारागार में नेहरू-स्‍टाइल. सौ उपन्‍यासकारों का यह सेमिनार- जिसमें उपन्‍यासकार के दोनों वक़्त का खाना, एक कोठरी, कुछ सिगरेट, थोड़ी स्‍मगिल्‍ड शराब की गारंटी हो- साल-भर में कम-से-कम सौ उपन्‍यास आपके हाथ में पकड़ा देगा. यह दीगर बात है कि सब उपन्‍यासों का एक ही शीर्षक हो: ‘जेल में एक वर्ष’.
लोग ज़्यादा उपन्‍यास क्‍यों नहीं लिखते? इसके जवाब में पूरा-का-पूरा उपन्‍यास लिखा जा सकता है. सच पूछिए तो लिखा गया है. यक़ीन न हो तो अमृतलाल नागर का लगभग छ: सौ पृष्‍ठों का ‘अमृत और विष्‍’ पढ़ि‍ए. इसीलिए इस प्रश्‍न पर यहां मैं और कुछ नहीं, सिर्फ़ दो बातें कहूंगा.
एक तो यह कि कविता या कहानी आप सवेरे की सैर में बना सकते हैं और फिर उसे, अपनी तन्‍दुरुस्‍ती के हिसाब से, नाश्‍ते के पहले या बाद में लिख सकते हैं. दो-तीन नाश्‍तों के आगे-पीछे वह पूरी हो जाएगी. उसके छपने पर आपकी क़ि‍स्‍मत- यानी आलोचक मंडली- ठीक हुई तो आप उतनी ही ख्‍याति पा लेंगे जितनी कि एक उपन्‍यास लिखकर, बशर्ते कि वहां भी आपकी क़ि‍स्‍मत वैसी ही ठीक हो. याद करें ‘प्रेम पत्र’ या ‘ऐ लड़की’.
पर उपन्‍यास सवेरे की सैर में नहीं लिखा जा सकता. यह एक पूर्णकालिक धन्‍धा है. प्रेमचन्‍द, वृन्‍दावनलाल वर्मा (जो वस्‍तुत: वकालत का धन्‍धा छोड़ चुके थे), भगवतीचरण वर्मा (जिन्‍होंने वस्‍तुत: वकालत का धन्‍धा कभी शुरू ही नहीं किया), इलाचंद्र जोशी, अमृतलाल नागर, यशपाल- सभी पूर्णकालिक उपन्‍यासकार थे. जयशंकर प्रसाद, सियारामशरण गुप्‍त, निराला- ये सब पूर्णकालिक कवि थे पर इनके पास इतना समय व बची-खुची कल्‍पना थी कि उपन्‍यास भी लिखें. इन सबके न रहने पर उपन्‍यास का बाज़ार ठंडा हो गया है. अब वह कारोबार दूसरे हाथों में चला गया है. वे, यानी कुछ सरकारी नौकर, अध्‍यापक, बूढ़े पेंशनर, पत्रकार, राजनीतिक धन्‍धेबाज़, व्‍यवसायी या व्‍यवसाय प्रबन्‍धक, जो उपन्‍यास-लेखन को स्विमिंग पूल में रविवासरीय गोताख़ोरी या क्‍लब में सायंकालीन बिलियर्ड जैसा मानकर चलते हैं, उस युग को वापस नहीं ला सकते जो प्रेमचन्‍द आदि ने सृजित किया था.
दूसरी बात यह कि उपन्‍यास-लेखन घाटे का धन्‍धा है. मेरे मित्र स्‍व. ज्ञानस्‍वरूप भटनागर कानपुर में- लगभग बाईस साल पहले ‘टाइम्‍स ऑफ़ इंडिया’ के संवाददाता थे. साल में कुछ सामाजिक-आर्थिक अध्‍ययन छपा करके वह काफ़ी रुपया कमा लेते थे. बदक़ि‍स्‍मती से मेरी देखा-देखी उन्‍होंने टेस्‍ट क्रिकेट की अन्‍दरूनी दुनिया पर ‘और खेल अधूरा रह गया’ नामक उपन्‍यास लिखना शुरू किया. डेढ़ साल लगे. फिर बड़ी कोशिशों के बाद जवाहर चौधरी की कृपा से उसे ‘शब्‍दकार’ ने छापा. उन डेढ़ सालों की निरर्थकता ने भटनागर को तीन साल ग़रीबी में डुबोए रखा. बार-बार वे मुझसे यही पूछते रहे, ‘उपन्‍यास से कुल इतना मिलता है? तब भी आप नया उपन्‍यास लिख रहे हैं?’
मैंने भी तीन साल मेहनत करके, लगभग बाईस सौ पन्‍ने रंगकर लगभग तीन सौ पृष्‍ठ का एक उपन्‍यास तैयार किया. एक व्‍यवसाय-प्रबन्‍धक मित्र के भड़काने पर पांडुलिपि प्रकाशक को देते समय मैंने, पचास हज़ार की हिम्‍मत न होने के कारण सिर्फ़ बीस हज़ार रुपये का अग्रिम मांगा. वह मुझे‍ मिल भी गया. दो-तीन महीने बाद दूसरी पुस्‍तकों की रायल्‍टी का जो विवरण आया, उसमें यह रक़म काट ली गई थी. नए उपन्‍यास का अग्रिम, बस: ख़्वाब था जो कुछ था देखा, जो सुना अफ़साना था.
तभी अगर कोई समझदार आदमी नासमझी की झोंक में एक उपन्‍यास लिख भी डालता है तो वह उसका पहला और अन्तिम उपन्‍यास होता है. इस स्थिति का सर्वेक्षण कराके मित्र राजेंद्र यादव चाहें तो एक नया सेमिनार करा सकते हैं.
साभार: '1992 का साहित्‍य: कुछ आंसू, कुछ हिचकियां'; जहालत के पचास साल, श्रीलाल शुक्‍ल, राजकमल प्रकाशन, 2004.
बजरिये Pramod Singh बरस्ते

http://azdak.blogspot.com/2007/08/blog-post_09.html?fbclid=IwAR0_tmGfBMUnWUrIhG4zlBQ9wzThtvuJB0mbwUIlD8v8QRC5PVDJgYQxK1A

https://www.facebook.com/anup.shukla.14/posts/10217975955123937