| गहनू नेता |
एक दिन स्वीमिंग पूल से लौटते हुए गहनू मिले। गहनू नहीं, गहनू नेता। दूर से साइकिल पर झंडा और बोर्ड दिखा। पास आने पर झंडे पर कांग्रेस का चुनाव चिह्न दिखा। बोर्ड पर ऊपर अखिलेश यादव, राहुल गांधी की फ़ोटो। नीचे दायें कोने पर बाराबंकी के सांसद तनुज पुनिया के साथ गहनू नेता की फोटो।
गहनू नेता को रोककर उनसे बातचीत की। पता चला कि कांग्रेस, समाजवादी पार्टी के समर्थक हैं। कांग्रेस का झंडा लगाए रहते हैं। बाराबंकी के सांसद तनुज पुनिया के संपर्क में हैं। किसानों की क़र्ज़ा माफ़ी, बिजली खाद की उपलब्धता उनकी माँग है।
गहनू ने अपने नाम के आगे ख़ुद 'नेता' लिख रखा है। कोई माने इससे पहले ख़ुद को बताना होगा 'नेता'। दुनिया माने न माने ख़ुद को 'विश्व गुरु' कहलाने का हल्ला मचवाना होगा।
गहने ने बताया कि वे हलवाई हैं। गड़ौरा (लखनऊ) की एक मिठाई की दुकान में काम करते हैं। दुकान का नाम बताया -'ब्रजभान लड्डू'। बर्फी, पेड़ा, लड्डू बनाने का काम करते हैं। किराए के कमरे में रहते हैं। 5000/- रुपए किराया। पत्नी भी काम करती हैं। लोगों के घर में साफ़ सफाई का काम। काम चल जाता है।
हमने पूछा -'पुनिया जी , राहुल जी या अखिलेश जी तुमको कुछ पैसा भी देते हैं उनके प्रचार के लिए?'
इस पर गहनू नेता ने बताया कि पैसा तो नहीं लेकिन कोई काम पड़ता है तो सहयोग कर देते हैं। एक पुलिस मामले में का उल्लेख करते हुए बताया कि तरुण पुनिया जी ने उनका सहयोग किया। उनकी बातचीत सुनते हुए लगा -'अपने यहाँ पुलिस मामले में निपटाने में नेताओं की सक्रिय भूमिका रहती है।'
गहनू नेता को अपनी दुकान जाना था। हमको घर। गहनू नेता ने हमको अपनी दुकान पर आने का निमंत्रण दिया है। मिठाई खिलाने का वादा किया। जाएँगे कभी। गड़ौरा में 'ब्रजभान लड्डू' मिठाई की दुकान।
गहनू नेता से मुलाक़ात एक नागरिक चेतना संपन्न व्यक्ति से मुलाकात थी।
No comments:
Post a Comment