Saturday, September 26, 2020

परसाई के पंच-47

 1. मूर्खता के सिवाय कोई भी मान्यता शाश्वत नहीं है। मूर्खता अमर है। वह बार-बार मरकर फ़िर जीवित हो जाती है।

2. अनुभव से ज्यादा इसका महत्व है कि किसी ने अनुभव से क्या सीखा। अगर किसी ने 50-60 साल के अनुभव से सिर्फ़ यह सीखा हो कि सबसे दबना चाहिये तो अनुभव के इस निष्कर्ष की कीमत में शक हो सकता है। किसी दूसरे ने इतने ही सालों में शायद यह सीखा हो कि किसी से नहीं डरना चाहिये।

3. केचुये ने लाखों सालों के अनुभव से कुल यह सीखा है कि रीढ की हड्डी नहीं होनी चाहिये।

4. बाजार बढ रहा है। इस सड़क पर किताबों की एक नयी दुकान खुली है और दवाओं की दो। ज्ञान और बीमारी का यही अनुपात है अपने शहर में। ज्ञान की चाह जितनी बढी है उससे दुगुनी दवा की चाह बढी है। यों ज्ञान खुद एक बीमारी है।

5. बेकार आदमी हैजा रोकते हैं, क्योंकि वे शहर की मक्खियां मार डालते हैं।

6. यह बीमारी प्रेमी देश है। तू अगर खुजली का मलहम ही बेचता तो ज्यादा कमा लेता। इस देश को खुजली बहुत होती है। जब खुजली का दौर आता है, तो दंगा कर बैठता है या हरिजनों को जला देता है। तब कुछ सयानों को खुजली उठती है और वे प्रस्ताव का मलहम लगाकर सो जाते हैं। खुजली सबको उठती है – कोई खुजाकर खुजास मिटाता है, कोई शब्दों का मलहम लगाकर।

7. सामने के हिस्से में जहां परिवार रहते थे वहां दुकानें खुलती जा रही हैं। परिवार इमारत में पीछे चले गये हैं। दुकान लगातार आदमी को पीछे ढकेलती चली जा रही है। दुकान आदमी को ढांपती जा रही है।

8. मैंने बहुत से क्राण्तिवीरों को बाद में भ्रांतिवीर होते देखा है। अच्छे-अच्छे स्वातन्त्र्य शूरों को दूकानों के पीछे छिपते देखा है।

9. दवायें सस्ती हो जायें, तो हर किसी की हिम्मत बीमार पड़ने की हो जायेगी। जो दवा में मुनाफ़ाखोरी करते हैं वे देशवासियों को स्वस्थ रहना सिखा रहे हैं। मगर यह कृतघ्न समाज उनकी निन्दा करता है।

10. बीमार पड़े , इसका मतलब है, स्वास्थ्य अच्छा है। स्वस्थ आदमी ही बीमार पड़ता है। बीमार क्या बीमार होगा। जो कभी बीमार नहीं पड़ते, वे अस्वस्थ हैं।

11. पूरा समाज बीमारी को स्वास्थ्य मान लेता है। जाति-भेद एक बीमारी ही है। मगर हमारे यहां कितने लोग हैं जो इसे समाज के स्वास्थ्य की निशानी समझते हैं। गोरों का रंग-दम्भ एक बीमारी है। मगर अफ़्रीका के गोरे इसे स्वास्थ्य का लक्षण मानते हैं। गोरों का रंग-दम्भ एक बीमारी है। मगर अफ़्रीका के गोरे इसे स्वास्थ्य का लक्षण मानते हैं और बीमारी को गर्व से ढो रहे हैं। ऐसे में बीमारी से प्यार हो जाता है। बीमारी गौरव के साथ भोगी जाती है।

परसाई के पंच -48 - https://www.facebook.com/anup.shukla.14/posts/10220810165897435


https://www.facebook.com/anup.shukla.14/posts/10220809559002263

अपने अपने चैलेंज

 


बरामदे में बैठे चाय पी रहे थे। सुबह-सुबह। मन किया सेल्फ़िया के फेसबुकिया दें -'टी चैलेंज।' राजभाषा महीने का ख्याल आया तो 'टी चैलेंज' को 'चाय चुनौती' कर दिया। 'चाय चुनौती' में विदेशी भाषा के शब्दों का देशीकरण भी हो गया। 'राजभाषा' माह के साथ-साथ 'आत्मनिर्भर भारत' का भी निर्वाह हो गया।
'चाय-चुनौती' में अनुप्रास की छटा भी दर्शनीय बन पड़ी है। 'बन पड़ी है' आलोचना घराने की जुमलेबाजी है।' बन पड़ी है' मतलब बन के पड़ी है। पड़ी ही रहेगी। कोई उठाने न आएगा इसको। इसी तरह पड़े-पड़े सड़ जाएगी। कुकुरमुत्ते उगेंगे इस पर। वे भी सड़ जाएंगे। अब कोई उनके समर्थन में न कहने वाला -'अबे सुन बे गुलाब...।'
हां तो बात हो रही थी चैलेंज वाली। आजकल सोशल मीडिया पर चैलेंजों की भरमार हो रखी हैं। 'कपल चैलेंज', 'सिंगल चैलेंज' , 'पर्सनालिटी चैलेंज' , 'नो मेकअप चैलेंज' , 'साड़ी चैलेंज' और भी न जाने कैसे-कैसे चैलेंज। लोग चैलेंज स्वीकार कर रहे हैं। बहादुर भी बन रहे हैं। बिना किसी खतरे के किये जाने वाले काम का चैलेंज को स्वीकार करने का रोमांच ही अलग होता है।
ई फोटोबाजी वाले चैलेंज की कड़ी में क्या पता कल को 'दिगम्बर चैलेंज' चला दे। कोई किसी कचहरी का बाबू या आरटीओ दफ्तर का सेवा प्रदाता 'सुविधा शुल्क चैलेंज' की शुरुआत कर दे। कोई मतदाता चुनाव के समय वोट के लिए 'वोटर दारू चैलेंज' की शुरआत कर दे।
ये अब चैलेंज तो जब होंगे तब देखेंगे अभी सामने के चैलेंज देखे जाएं। बरामदे में कुछ चिड़ियां फुदक रही हैं। फुदक-फुदककर फर्श से कुछ उठाकर चोंच में रखती जा रही हैं। फुदकते हुए खाने से लगता है कि जितना खा रही हैं उतना वर्कआउट करते हुए पचाती भी जा रही हैं।
सामने चिड़ियों का एक जोड़ा बिना मास्क लगाए , बिना सोशल डिस्टेनसिंग की परवाह किये सटा हुआ है। उसकी हरकतों से लग रहा है कि यह भी' कपल चैलेंज ' के लिए फ़ोटोबाजी कर रहा है। फोटो खिंचाकर फेसबुक पर डालेगा।
चिड़ियों का जोड़ा तरह-तरह के पोज बना रहा है। अपनी चोंच से पीठ खुजाते-खुजाते दोनों एक-दूसरे की पीठ खुजाने लगे। कुछ देर में एक चिड़िया छिटककर दूर खड़ी हो गयी। क्या पता उसने दूसरी से कहा भी हो -'क्या करते हो, हटो कोई देख लेगा।'
इसके बाद दूसरे चिड़िया ने , शायद वह चिड़ा रहा हो, अपने पंख फुला लिए। चिड़े के पंख फुलाने का अन्दाज शोहदों के मसल्स फुलाने वाले अंदाज की बेहतर नकल थी। चिड़िया ने फूले हुए पंख के अंदर अपने सर छिपा लिया जैसे सिनेमाओं में नायिकाएं, नायकों के सीने में सर छिपा लेती हैं। लगता है 'चिड़िया जोड़ा' हिंदी फिल्मों का प्रेमी है और सिनेमा हालों की झिर्रियों से मुफ्त फिल्मों देखता होगा। मुफ्त की चीजें ज्यादा मजा देती हैं।
इस चिड़िया के जोड़े से कुछ दूरी पर एक और चिड़िया खड़ी इनको ताक रही थी। शायद वह 'सिंगल चैलेंज' के लिए पोज दे रही हो। यह भी हो सकता है यह चिड़िया उस चिड़िया में से किसी एक की प्रेमी/प्रेमिका रही हो। मामला आगे बढ़ न पाया हो तो अलग हो गए हों। आज उनको 'कपल चलेंज' के लिए पोज देते देख सोच रहा हो। अब क्या सोच रहा हो यह आप अच्छे से समझ सकते हैं। हम क्या बताएं।
आज जब दुनिया में जिंदा रहना ही सबसे बड़ा चैलेंज है तो इस तरह के चैलेंज मन बदलाव के चोंचले हैं। ये वाले चैलेंज तो खूबसूरत भी लगते हैं। लेकिन अनगिनत ऐसे चैलेंज हैं तो फुल बेशर्मी से चल रहे हैं और हम उनको देखते हुए भी देख नहीं पा रहे। उन बेशर्म और बेहया और दिन पर दिन ताकतवर होते चैलजों के चलते आम आदमी के लिए अगली सांस लेना भी एक बड़ा चैलेंज है।
हर इंसान के अपने-अपने चैलेंज हैं। लोग अपने हिसाब से अपने चैलेंज चुन लेते हैं। जो नहीं चुन पाते उनपर बचे हुए चैलेंज थोप दिए जाते हैं। आम इंसान के पल्ले जिंदा रहने का पड़ा है।

https://www.facebook.com/anup.shukla.14/posts/10220806921056316

Friday, September 25, 2020

परसाई के पंच-46

 1. संस्कृति की हड्डी को अब कुत्ते चबाते घूम रहे हैं। संस्कृति की हड्डी कुत्ते का जबड़ा फ़ोडकर उसके खून को उसी को स्वाद से चटवा रही है। हां, हम विश्वबन्धुत्व भी मानते हैं, यानी अपने भाई के सिवा बाकी दुनिया-भर को भाई मानते हैं।

2. इस देश का आदमी लगातार अच्छी बातों से मारा गया है।
3. मैं अगर अपने मुख कमल से कोरी अच्छी बातें करूं तो सामने बैठे लोग मुझे फ़ौरन जूता मार दें। मगर बहुतों के पैर में जूते नहीं हैं, ये क्या मारेंगे? संविधान में जूते मारने का बुनियादी अधिकार तो होना चाहिये।
4. सफ़लता के महल का प्रवेश द्वार बन्द है। इसमें पीछे के नाबदान से ही घुसा जा सकता है। जिन्हें घुसना है, नाक पर रुमाल रखकर घुस जाते हैं। पास ही इत्र-सने रूमालों के ठेले खड़े हैं। रूमाल खरीदो, नाक पर रखो और नबदान मे से घुस जाओ, सफ़लता और सुख के महल में।
5. संकट में तो शत्रु भी मदद कर देते हैं। मित्रता की सच्ची परीक्षा संकट में नहीं, उत्कर्ष में होती है। जो मित्र के उत्कर्ष को बर्दाश्त कर सके, वही सच्चा मित्र होता है।
6. ग्रीटिंग कार्डों के ढेर लगे हैं, मगर राशन कार्ड छोटा होता जाता है।
7. सरकार को ठगना सबसे आसान है। नाबालिग है। मैंने नये बने हुये मकान मालिक से पूछा – कितना किराया है एक खण्ड का? उसने कहा – ये तो हमने सरकार के लिये बनवाये हैं। तुम लोग ज्यादा से ज्यादा 125 रुपये दोगे एक खण्ड का। सरकार हर खण्ड का 250 रुपये दे रही है। बेचारी सरकार की तरफ़ से कोई मोल-भाव करने वाला नहीं है। कोई भी ठग लेता है।
8. पवित्रता का मुंह दूसरों की अपवित्रता के गन्दे पानी से धुलने पर ही उजला होता है।
9. भोजन के बाद कलंक-चर्चा का चूर्ण फ़ांकना जरूरी होता है। हाजमा अच्छा होता है।
10. भगवान अगर औरत भगाये तो यह बात भजन में आ जाती है। साधारण आदमी ऐसा करे तो यह काम अनैतिक हो जाता है।
11. झूठे विश्वास का भी बड़ा बल होता है। उसके टूटने का भी सुख नहीं, दुख होता है।

https://www.facebook.com/anup.shukla.14/posts/10220801241634334

झूठ बोलने का मन

 आज थोड़ा झूठ लिखने का मन हुआ। एक से बढ़कर एक झूठ हल्ला मचाने लगे- 'हम पर लिखो, हम पर कहो।'

हमने सब झूठ को हड़काते हुए कहा -'अनुशासन में रहो। लाइन लगाकर आओ। सबका नम्बर आएगा। हल्ला मत मचाओ।'
सारे झूठ बमकने लगे। हमको सच समझ लिया है क्या ?
एक झूठ हल्ला मचाते हुए बोला-'हम लाइन लगाकर आएंगे तो हमारा तो वजूद ही निपट जाएगा। हम तो एक के ऊपर एक लदफद कर आते हैं। इसीलिए जब तक पहचाने जाते हैं, तब तक अपना काम करके निकल जाते हैं।'
हम जब तक उसकों कुछ कहें तब तक वह पलटकर फूट लिया। भागते हुए दिखा उसकी शर्ट पर 'सत्यमेव जयते लिखा' था।
हमको झूठ की कमीज पर लिखे लिखे 'सत्यमेव जयते' से आश्चर्य नहीं हुआ क्योंकि आजकल झूठ बोलने का यही फैशन चलन में है। बड़े झूठ सच के लिबास में ही बोले जाते हैं। देश सेवा के नाम पर स्वयंसेवा का चलन है। हमको अचरज उसकी स्पीड पर था। जितनी तेज वह भागा उतनी तेज ओलंपिक में भागता तो गोल्ड मेडल मिल जाता ।
हमने उसकी स्पीड पर ताज्जुब किया तो उसकी जगह ले चुके झूठ ने बताया -'उसकी 'सत्यमेव जयते' वाली ड्रेस किराए की है। घण्टे भर के लिए लाया था। देर करता तो अगले घण्टे का किराया भी ठुक जाता। बहुत मंहगा होता जा रहा है झूठ बोलना भी आजकल। आप समझते हो सिर्फ पेट्रोल ही ऊपर जा रहा है।'
हम कुछ और कहें तब कुछ और झूठ हल्ला मचाने लगे। हल्ला मचाने वाले 'मूक विरोध' की कमीज पहने थे। हमें लगा कि कुछ देर और ठहरे यहां तो सब मिलकर हमको पीट देंगे। हमारे शक की वजह उनकी कमीजों पर लिखा नारा था। सबकी छाती पर लिखा था -'अहिंसा परमों धर्म:। '
हम फूट लिए कहकर कि अभी आते हैं। सारे झूठ हमारी बात सुनकर खुश हो गए। वे आपस में धौल धप्पा करते हुए बोले -'ये तो अपना ही आदमी निकला। हमारी ही तरह झूठ बोलता है। इसको अब लौटकर आना नहीं। चलो फालतू टाइम क्या खोटी करना।'
हमको लगा कि समय सही में कीमती है। झूठ बोलने वाले तक इसको बर्बाद नहीं करते। बिना समय बर्बाद किये झूठ बोलते रहते हैं।

https://www.facebook.com/anup.shukla.14/posts/10220801238394253

Thursday, September 24, 2020

परसाई के पंच-45

 1. विनय के रेशमी पर्दे के पीछे अहं की क्रूरता छिपी नहीं रह सकती। अहं की प्रकृति ही प्रदर्शन की है, वह नकटे की तरह आईना देखने को उत्सुक रहता है।

2. कुछ नकटों को आईना देखकर भी यह समझ में नहीं आता कि नकटापन कुरूपता है। वे समझते हैं कि कट जाने से नाक सुडौल हो गयी।
3. अफ़सर-कवि एक खास प्रकार का प्राणी होता है। अफ़सरी रोब और कवि की कोमलता में निरन्तर संघर्ष चलता रहता है।
4. मनुष्य का जीवन यों बहुत दुखमय है, पर इसमें कभी-कभी सुख के क्षण आते रहते हैं। एक क्षण सुख का वह होता है, जब हमारी खोटी चवन्नी चल जाती है या हम बगैर टिकट बाबू से बचकर निकल जाते हैं। एक सुख का क्षण वह होता है, जब मुहल्ले की लड़की किसी के साथ भाग जाती है और एक सुख का क्षण वह भी होता है , जब बॉस के घर छठवीं लड़की होती है।
5. ब्रह्मानन्द तब प्राप्त होता है, जब साधक परमात्मा को ठग लेता है। कई तपस्वी ब्रह्मानन्द की प्राप्ति के लिये पूरी जिन्दगी साधना में बरबाद कर देते हैं। वे अगर स्थानीय पानवाले के पास एक खोटी चवन्नी चला देते हैं, तो उन्हें सहज ही ब्रह्मानन्द प्राप्त हो जाता।
6. ठगते देवता भी हैं। विष्णु ने तो एक सुन्दर स्त्री का रूप धारण करके अपने साथी और मित्र शंकर को ही ठग लिया था – जैसे कोई प्रोफ़ेसर दूसरे प्रोफ़ेसर का पेपर आउट कर दे।
7. इन्द्र ने तो तपस्वियों को ठगने के लिये अप्सराओं की एक पलटन ही रखी थी और कई मुनि इस आशा से तपस्या करते थे कि तपस्या भंग करने के लिये इन्द्र कोई अप्सरा भेजेगा। पर कोई-कोई इसमें भी ठगा जाते थे – वे जिन्दगी भर तपस्या करते और कोई अप्सरा नहीं आती थी। आत्मा पुकारती – देवराज, अप्सरा भेजो ! हम तपस्या कर रहे हैं और इन्द्र जबाब देता –अभी कोई ’स्पेयर’ (खाली) नहीं है।
8. प्रेम में ठगना जरूरी है। जब प्रेम बहुत गहरा हो जाता है, तब प्रेमिका प्रेमी को छलिया, कपटी और ठग कहने लगती है। जो जितना बड़ा ठग होगा, वह उतना ही बड़ा प्रेमी होगा।
9. कोई ’मरा-मरा’ चिल्ला रहा था तो राम ने उसे सीधा स्वर्ग भेज दिया। बड़े आदमी छोटा एहसान करके ’प्रोपेगण्डा स्टण्ट’ साधते हैं। वैष्णव इस स्टण्ट को समझे ही नहीं और स्तुति गाने लगे।
10. आजकल देख रहा हूं कि अच्छी बाते कहने वाले ज्यादा पिट रहे हैं। अब अच्छी बातें कहने का हक किसी को लोग देना नहीं चाहते। जिस देश में अच्छी बातें कहने से आदमी पिट जाये, उसमें अच्छी बात कहने वालों ने क्या गजब न किया होगा?
11. इस देश में यह बड़ी अजब बात है कि जो आदमी जितना पिटता है, वह उतना अच्छा मुस्कराता है।

https://www.facebook.com/anup.shukla.14/posts/10220794763752391

Tuesday, September 22, 2020

परसाई के पंच-44

 1. दो-चार निन्दकों को एक जगह बैठकर निन्दा में निमग्न देखिये और तुलना कीजिये दो-चार ईश्वर भक्तों से, जो रामधुन लगा रहे हैं। निन्दकों की सी एकाग्रता , परस्पर आत्मीयता , निमग्नता भक्तों में दुर्लभ है।

2. कुछ मिशनरी’ निन्दक मैंने देखे हैं। उनका किसी से बैर नहीं, द्वेष नहीं। वे किसी का बुरा नहीं सोचते। पर चौबीसों घण्टे वे निन्दा-कर्म में बहुत पवित्र भाव से लगे रहते हैं। उनकी नितान्त निर्लिप्तता, निष्पक्षता इसी से मालूम होती है कि वे प्रसंग आने पर अपने बाप की पगड़ी भी उसी आनन्द से उछालते हैं , जिस आनन्द से अन्य लोग दुश्मन की। निन्दा इनके लिये ’टॉनिक’ होती हैं।
3. ईर्ष्या-द्वेष से प्रेरित निन्दा भी होती है। लेकिन इसमें वह मजा नहीं जो मिशनरी भाव से निन्दा करने में आता है। इस प्रकार का निन्दक बड़ा दुखी होता है, ईर्ष्या-द्वेष से चौबीसों घण्टे जलता है और निन्दा का जल छिड़ककर कुछ शान्ति का अनुभव करता है।
4. ईर्ष्या-द्वेष से प्रेरित निन्दा करने वाले को कोई दण्ड देने की जरूरत नहीं है। वह निन्दक बेचारा स्वयं दण्डित होता है। आप चैन से सोइये और वह जलन के कारण सो नहीं पाता।
5. निन्दा का उद्गम ही हीनता और कमजोरी से होता है। मनुष्य अपनी हीनता से दबता है। वह दूसरों की निन्दा करके ऐसा अनुभव करता है वे सब निकृष्ट हैं और वह उनसे अच्छा है। उसके अहं की इससे तुष्टि होती है। बड़ी लकीर को कुछ मिटाकर छोटी लकीर बड़ी बनती है।
6. निन्दा कुछ लोगों की पूंजी होती है। बड़ा लम्बा-चौड़ा व्यापार फ़ैलाते हैं वे इस पूंजी से। कई लोगों की ’रेस्पेक्टिबिलिटी’ (प्रतिष्ठा) ही दूसरों की कलंक कथाओं के पारायण पर आधारित होती है।
7. कभी-कभी ऐसा भी होता है कि हममें जो करने की क्षमता नहीं होती है, वह यदि कोई करता है तो हमारे पिलपिले अहं को धक्का लगता है, हममें हीनता और ग्लानि आती है। तब हम उसकी निन्दा करके अपने को अच्छा समझकर तुष्ट होते हैं।
8. लोग तो इत्र चुपड़कर फ़ोटो खिंचाते हैं जिससे फ़ोटो में खुशबू आ जाये। गन्दे से गन्दे आदमी को फ़ोटो भी खूशबू देती है।
9. दम्भ हर हालत में बुरा ही होता है , पर जब यह विनय के माध्यम से प्रकट हो, तब तो बहुत कटु हो जाता है।
10. विनय के रेशमी पर्दे में छिपा अहं का कांटा बड़ा घृणित होता है, खतरनाक भी।
11. विनय की मखमली म्यान के भीतर हम दम्भ की प्रखर तलवार रखे रहते हैं।

https://www.facebook.com/anup.shukla.14/posts/10220784017523742

Monday, September 21, 2020

परसाई के पंच-43

 


1. कुछ राष्ट्रों और व्यक्तियों का बचपन कभी नहीं जाता। बूढे आदमियों को भी मैंने कुत्ते की पूंछ में पटाखे की लड़ी बांधकर आग लगाते देखा है।
2. पुस्तक लिखनेवाले से पुस्तक बेचनेवाला बड़ा होता है। कथा लिखनेवाले से कथावाचक बड़ा होता है। सृष्टि निर्माता से सृष्टि लूटने वाला बड़ा होता है।
3. मैं कथा लिखता हूं और वह चौराहे पर कथावाचक बांचता है। वह कथा तुलसीदास ने लिखी थी। कथावाचक की थाली भर जाती है; ऊपर से भेंट मिलती है, सो अलग। मैं, एक कथा लेखक, सड़क पर खड़ा टुकुर-टुकुर देखा करता हूं।
4. पाठ्य्पुस्तक से कुंजी ज्यादा बिकती है।
5. मामूली देवता तो असंख्य थे, पर लक्ष्मी उन्हें कहां मिली? वह सीधे विष्णु के पास गयी और गले लग गयी। दूसरे देवताओं ने भी कोई ’प्रोटेस्ट’ नहीं किया। करते भी कैसे? विष्णु बहुत बड़े थे –शक्ति में, धन में, रूप में, चातुर्य में। स्त्री बनकर जिसने अपने दोस्त की शंकर को ठग लिया, उसकी चतुराई कोई कमी नहीं थी। लक्ष्मी सीधी ’मोनोपोली’ में जाकर मिल गयी।
6. मोनोपोली छोटे को पनपने नहीं देती। एक गरीब मुनि नारद को शादी के लिये सुन्दर चेहरे की जरूरत पड़ी थी, सो विष्णु ने उसे बन्दर का चेहरा दे दिया। फ़िर खुद जाकर स्वयंवर में बैठ गये और जिस लड़की पर उस बेचारे का जी आ गया था, उससे अपने गले में वरमाला डलवा ली। कहते हैं –नारद, वह तुम्हारा मोह था। और हुजूर आपका?
7. लक्ष्मी का सारा काम फ़ूहड़ है। सवारी से श्रंगार तक। तस्वीर में देखो –फ़ूल पर खड़ी हैं। अरे, फ़ूल जैसी खूबसूरत,कोमल चीज क्या खड़े होने के लिये है? सौन्दर्य-बोध बिल्कुल नहीं है लक्ष्मी में। उसे अगर सरस्वती की वीणा मिल जाये, तो उसके तार तोड़कर उनसे उल्लू को बांधने लगे। सम्पन्न फ़ूहड़ता की तरफ़ सुरुचि आखिर कैसे आकर्षित हो।
8. वे और होते हैं जिनके देवता जल्दी-जल्दी बदलते हैं। वे राम को भी प्रणाम कर लेते हैं और रावण को भी। वे दिन में हंस की चोंच सहलाते हैं और रात को उल्लू से गपशप करते हैं।
9. छल का धृतराष्ट्र जब आलिंगन करे, तो पुतला ही आगे बढाना चाहिये।
10. कुछ लोग बड़े निर्दोष मिथ्यावादी होते हैं; वे आदतन, प्रकृति के वसीभूत झूठ बोलते हैं। उनके मुख से निष्प्रयास, निष्प्रयोजन झूठ ही निकलता है।
11. भेद तो रात्रि के अन्धकार में ही मिटता है; दिन के उजाले में भेद स्पष्ट हो जाते हैं। निन्दा का ऐसा ही भेदनाशक अंधेरा होता है।

https://www.facebook.com/anup.shukla.14/posts/10220778379542796

अरविन्द कुमार जी से बातचीत

 अरविन्द कुमार जी मेडिकल फिजिक्स के प्रोफेसर , जाने-माने व्यंग्यकार और कथाकार तो पहले से ही हैं। इस बीच वे शानदार और सफल वार्ताकार के रूप में भी स्थापित हुए हैं। आज 21.09.2020 को अरविन्द कुमार जी ने बातचीत के लिए अपन को मौजूद रहने के लिए कहा है। तो हम तैयार हैं। आप भी आइये ऑनलाइन शाम को 8 बजे । क्लिक कीजिए नीचे दिया लिंक और सुनिए बातचीत अरविंद कुमार और अनूप शुक्ल की। बातचीत का लिंक यह रहा


https://www.facebook.com/anup.shukla.14/posts/10220778307100985

Sunday, September 20, 2020

परसाई के पंच-42

 

1. अन्धे में अजब काइयांपन आ जाता है। वह खरे और खोटे सिक्के को पहचान लेता है। पैसे सही गिन लेता है। उसमें टटोलने की क्षमता आ जाती है। वह पद टटोल लेता है, पुरस्कार टटोल लेता है, सम्मान के रास्ते टटोल लेता है। बैंक का चेक टटोल लेता है। आंख वाले जिन्हें नहीं देख पाते, उन्हें टटोल लेता है।
2. नये अन्धों के तीर्थ भी नये हैं। वे काशी, हरिद्वार, पुरी नहीं जाते। इस कांवड़ वाले अन्धे से पूछो – कहां ले चलें? वह कहेगा –तीर्थ ! कौन सा तीर्थ? जबाब देगा –केबिनेट ! मन्त्रिमण्डल ! उस कांवड़ वाले से पूछो, तो वह भी तीर्थ जाने को प्रस्तुत है। कौन सा तीर्थ चलेंगे आप ? जबाब मिलेगा – अकादमी, विश्वविद्यालय।
3. जब प्रतिवाद करने वाला नहीं हो तो जिसके पास उसके साहित्य के बारे में कहने को कुछ नहीं है, वह यह भी कह सकता है कि यह लेखक चोरी करता था। यही बात सबसे महत्वपूर्ण मानी जायेगी और अखबारों में इसी का शीर्षक बनेगा।
4. भारतीय साहित्य की वह उज्ज्वल परम्परा अभी जीवित है, जिसके अनुसार हर लेखक के बारे में कहा जाता है कि वह गरीब और भुखमरा था।
5. अगर सुअर मैला खाकर परम आनन्द अनुभव करता है तो मैं फ़ल खाने की सलाह देकर उसका मजा किरकिरा नहीं करना चाहता। दुख इतना ही है कि दिन भर मैले की तलाश में रहकर सुअर कोई रचनात्मक काम नहीं कर पाता। भगवान वाराह का अवतार कम से कम इतना लोकहित तो करता ही है कि मैदान में पड़े मल को उदरस्थ कर लेता है।
6. व्यंग्य रचनात्मक लेखन होता है, साहित्य होता है। बलात्कार, चोरी और अपहरण की रिपोर्टिंग नहीं होता।
7. निन्दा की मैं परवाह नहीं करता। मैं खुद लोगों की आलोचना तो करता हूं, पर निन्दा नहीं। दोनों में बहुत फ़र्क है। आलोचना स्वस्थ प्रवृत्ति है। निन्दा कैंसर है। निन्दक अपनी मौत मरता है। अकाल मृत्यु। यह उसके शरीर की नहीं उसकी आत्मा की , उसकी स्पिरिट की मृत्यु होती है।
8. यह शायद हमारे देश के दार्शनिक, सांस्कृतिक मूल्यों की विकृति है कि किसी को दीन बनाये बिना उसे महत्वपूर्ण नहीं माना जाता।
9. त्याग अच्छा गुण है। पर लादी हुई गरीबी पाप है।
10. ऐसा नहीं कि दु:ख हमेशा आदमी को ऊंचा उठाता है। दु:ख आदमी को नीच भी बनाता है।
11. कमजोरियां सबमें होती हैं। पर उन कमजोरियों की चर्चा कब करना और कैसे करना, यह विवेक की मांग करता है।

https://www.facebook.com/anup.shukla.14/posts/10220775282745378

परसाई के पंच-41

 1. जिसकी बात के एक से अधिक अर्थ निकलें वह सन्त नहीं होता, लुच्चा आदमी होता है। सन्त की बात सीधी और स्पष्ट होती है और उसका एक ही अर्थ निकलता है।

2. किराये के मकान ’कमर्शियल बेसिस’ (व्यावसायिक आधार) पर बनवाये जाते हैं। व्यावसायिक आधार का सूत्र है – कम लागत, घटिया माल, अधिक दाम।
3. मकान भी दो तरह के होते हैं, रहने के लिये और किराये पर देने के लिये। एक प्रकार के मकान से दूसरे प्रकार का काम नहीं लिया जाता। रहने का मकान किराये पर नहीं दिया जाता, और किराये के मकान में रहा नहीं जा सकता है।
4. आदमी बेमजा बात खुलकर करता है और बामजा को छिपकर। याने सुख शर्म की बात मानी जाती है।
5. हम सब गलत किताबों की पैदावार हैं। ये सवालों को मारने की किताबें थीं।
6. स्कूल प्रार्थना से शुरु होता था –’शरण में आये हैं हम तुम्हारी, दया करो हे दयालु भगवन!’ क्यों शरण में आये हैं, किसके डर से आये हैं –कुछ नहीं मालूम। शरण में आने की ट्रेनिंग अक्षरज्ञान से पहले हो जाती थी। हमने गलत किताबें पढीं और आंखों को उनमें जड़ दिया।
7. हमारी किताबों में पिता-स्वरूप लोग सवाल और शंका से ऊपर होते थे। शिष्य पक्षपाती गुरु को अंगूठा काटकर दे देता था और दोनों ’धन्य’ कहलाते थे।
8. हमें तो तीसरी कक्षा में ही उस भक्त की कथा पढा दी गयी थी , जो अपने पुत्र को आरे से चीरता है। कुछ लोगों के लिये आदमी और कद्दू में कोई फ़र्क नहीं। दोनों ही चीरे जा सकते हैं।
9. जीवन से कट जाने के कारण एक पीढी दृष्टिहीन हो जाती है, तब वह आगामी पीढी के ऊपर लद जाती है। अन्धी होते ही उसे तीर्थ सूझने लगते हैं। वह कहती है – हमें तीर्थ ले चलो। इस क्रियाशील जन्म का भोग हो चुका है। हमें आगामी जन्म के भोग के लिये पुण्य का एडवांस देना है।
10. आंख वाले की जवानी अन्धों को ढोने में गुजर जाती है। वह अन्धों के बताये रास्ते पर चलता है। उसका निर्णय और निर्वाचन का अधिकार चला जाता है। उसकी आंखे रास्ता नहीं खोजतीं, सिर्फ़ राह के कांटे बचाने के काम आती हैं।
11. कितनी कांवड़े हैं – राजनीति में, साहित्य में, कला में, धर्म में, शिक्षा में। अन्धे बैठे हैं और आंख वाले उन्हें ढो रहे हैं।

https://www.facebook.com/anup.shukla.14/posts/10220774808213515

Saturday, September 19, 2020

परसाई के पंच-40

 1. अतिशासन से शासनहीनता के दौर में आ जाना भी क्रान्ति है।

2. यहां सफ़ाई-दरोगा अगर नौकरी से निकाल दिया जाय, तो उसे कारपोरेशन में क्रान्ति कहेंगे।
3. सबसे कॉमिक रोल क्रान्तिकारी बुद्धिजीवी का है। वह यह है कि जो अपने को ईमानदार और वीर कह ले वह हुआ। जो नहीं कहे, वह बेईमान, दब्बू, पिछलग्गू, स्वार्थी वगैरह सब हुआ। परमवीर चक्र अपने सीने पर अपने ही हाथों से खोंसना पड़ता है।
4. कोई दस को बेईमान कहे तो कहने वाला अपने खुद ईमानदार सिद्ध हो जाता है।
5. जो शासन समस्यायें हल कर सकता है वह करता है। जो नहीं कर सकता है वह कमीशन बिठाता है।
6. शासन एक रेलगाड़ी है। वह चलती है। शासक रेलगाड़ी में बैठे हैं। न वे चलते हैं, न गाड़ी को चलाते हैं। वे समय काटते हैं। मुसाफ़िर समय काटने के लिये मूंगफ़ली खाता है –टाइम पास। नये शासकों के लिये जांच कमीशन मूंगफ़ली है –टाइम पास।
7. इस देश के लोग ऐसे ही हैं कि उन्हें बताना पड़ता है कि तुम पर क्या अत्याचार हुये।
8. सरकार का काम शासन करना है, दुकान करना नहीं। फ़िर कीमत खरीददार और बेचनेवालों के बीच का मामला है। सरकार इसमें क्या करे?
9. अपने को दुखी मानकर और मनवाकर आदमी राहत पा लेता है। बहुत लोग अपने लिये ’बेचारा’ सुनकर सन्तोष का अनुभव करते हैं।
10. चिट भीतर भेजकर बाहर बैठे रहने में हर क्षण मृत्य-पीड़ा होती है। बहादुर लोग तो महीनों चिट भेजकर बाहर बैठे रहते हैं, मगर मरते नहीं।
11. कोई लाभ खुद चलकर दरवाजे पर नहीं आता। उसे मनाना पड़ता है, चिरौरी करनी पड़ती है। लाभ जब थूकता है तो उसे हथेली पर लेना पड़ता है।

https://www.facebook.com/anup.shukla.14/posts/10220768532136617

परसाई के पंच-39

 1. ज्ञानी कायर होता है। अविद्या साहस की जननी है।

2. आत्मविश्वास कई तरह का होता है- धन का, बल का, ज्ञान का। मगर मूर्खता का आत्मविश्वास सर्वोपरि होता है।
3. सच्चा क्रांतिकारी कण्डक्टर, गेटकीपर, चपरासी वगैरह से ही संघर्ष करता है।
4. भारतीय लेखक एक साथ दो युगों में जीता है – मध्य युग में और आधुनिक युग में। वह कुम्भनदास की तरह घड़े बनाकर नहीं जीता, पर कहता है –’सन्तन कहा सीकरी सों काम।’ वह रैदास की तरह जूते नहीं सींता , न कबीर की तरह कपड़े बुनता है –मगर बात उन्हीं के आदर्शों की करता है।
5. आप तो बाजार में खुद माल की तरह बैठे हैं और खरीदार को दोष देते हैं कि कम्बख्त हम लोगों को खरीद रहा है।
6. सरकार का विरोध करना भी सरकार से लाभ लेने और उससे संरक्षण प्राप्त करने की एक तरकीब है।
7. सरकारें खुद चाहती हैं कि कुछ लेखक उनका विरोध करें। वे उन्हें पहचान लें और जो चाहिये दे दिवा दें।
8. अतिक्रांतिकारिता की बात करने वाले बुद्धिजीवी अक्सर –बुर्जुआ के एजेन्ट होते हैं। वे सामाजिक क्रांति की तर्कपूर्ण , योजनाबद्ध और यथाविधि प्रक्रिया में अडंगा डालते हैं।
9. पेचिश तो वादे करने वालों को हो रही है और बाथरूम के किले में बन्द होकर वे बचाव कर रहे हैं। बाथरूम पर हमला नहीं होता। इतनी लड़ाइयां हुई हैं, किले तोड़े गये, पर इतिहास में कहीं उल्लेख नहीं है कि बाथरूम पर गोला दागा गया। हिटलर तो बेवकूफ़ था। आत्महत्या क्यों की? बाथरूम में घुस जाता।
10. बहादुरी की परिभाषा क्या है? डर हो तब दबे रहना और जब डर न हो, तब लट्ठ घुमाना।
11. क्या एक बेईमान की जगह पर दूसरा फ़िट करना ही दूसरी आजादी है, क्रांति है? क्या हम जुते हुये घोड़े हैं? पहले कोचवान को दूसरे ने ढकेल दिया और खुद बैठकर हांकने लगा। चाबुक मारकर कहता है –दौड़ रे घोड़े , क्रांति हो गयी। हमारी शायद यही नियति है कि एक बेईमान के हाथ से दूसरे बेईमान के हाथ में ट्रान्सफ़र होते रहें। यह बेईमानी का ’रोलिंग प्लान’ अनवरत योजना है।

https://www.facebook.com/anup.shukla.14/posts/10220768441534352

परसाई के पंच-38

 1. इस देश के ज्ञानी या अज्ञानी सबकी यह विडम्बना है कि वह क्रोध से फ़ौरन किस्मत पर आ जाता है।

2. वर्तमान सभ्यता जेबकटी की सभ्यता है। हर आदमी दूसरे की जेब काट रहा है। इस सभ्यता में अपनी जेब बचाने का तरीका यह है कि दूसरे की जेब काटो। सिर्फ़ उसकी जेब सुरक्षित है, जो दूसरे की जेब पर नजर रखता है।
3. मैंने कभी लिखा था कि आदमी कचहरी जाने वाला जानवर है। आज कहता हूं – आदमी वह जानवर है जिसकी जेब कटती है।
4. आदमी को लिफ़ाफ़े के बारे में बहुत सावधान रहना चाहिये। लिफ़ाफ़ा दुरुस्त है तो सब ठीक है।
5. भरम टूटने से आदमी मर जाता है।
6. निष्क्रिय ईमानदार और सक्रिय बेईमान मिलकर एक षड्यन्त्र-सा बना लेते हैं।
7. मजे की बात यह है कि प्रगतिवादी सत्ता प्रतिष्ठान के नेता भी , जिन्हें ’प्रतिक्रियावादी’ कहते थे, उन्हीं की चिरौरी करके उन्हें अपने बीच सम्मान से बिठाकर ’रिस्पेक्टेबिलिटी’ प्राप्त करते हैं, मगर जो अपना था उसे अवहेलित करते थे।
8. खुशफ़हमी से नेता पनपता है, मगर जनता नष्ट होती है। यही इस देश में हो रहा है।
9. भैयाजी लज्जावान आदमी हैं। उनसे जनता का भला नहीं हुआ तो वे हयादार आदमी की तरह मुंह छिपाकर बैठे रहे। निर्लज्ज तो है नहीं कि बाहर निकल पड़ें। वे बैठे-बैठे जनता के कष्टों के लिये रोते रहते थे। पांच साल जनता के लिये वे छिपकर रोये हैं।
10. चुनाव के वक्त हंसकर ही टालना चाहिये। जो हंसकर नहीं टाल सकता, वह हार जाता है।
11. जो आदमी महंगाई से लेकर मौसम तक ठीक कर सकता है, वह सर्वशक्तिमान से एकाध इंच ही छोटा पड़ेगा।

https://www.facebook.com/anup.shukla.14/posts/10220768345851960