Sunday, October 04, 2020

परसाई के पंच-61

 

1. अजब चस्का होता है दुख का ! फ़ोड़ा बड़ा दर्द होता है। पर फ़ोड़े को दबाकर, छेड़कर भी तो दर्द का मजा लेते हैं। इसे ’मीठा दर्द’ कहते हैं। कहते हैं दाद खुजाने का आनन्द, ब्रह्मानन्द की कोटि का होता है।
2. जब हम अनुभव करते हैं कि हम औरों से अधिक कष्ट भोगते हैं, तब हमें गर्व होता है । दूसरों की दृष्टि में भी हम गौरवशाली बनना चाहते हैं। दर्द का ताज सिर पर रखे घूमते हैं।
3. दुख पूज्य माना गया है और दुख को पूज्य बनाने वालों में सबसे बड़ा हाथ दुख देने वालों का है।
4. ’दीन धन्य है क्योंकि वही स्वर्ग के अधिकारी होंगे’ ,ईसा ने कहा । ईसा तो कहकर निपट गये, पर उनके अनुयायियों ने इसका अक्षरश: पालन किया । स्वर्ग का राज्य दीनों के लिये अलग छोड़कर, पृथ्वी का राज्य खुद भोगने लगे। पर स्वर्ग के राज्य के अधिकारी भी तो बनाना चाहिये। यही सोचकर ईसा के भक्तों ने कितनी ही कौमों को , करोड़ों आदमियों को दीन बना दिया।
5. सम्पन्नता दिखाने की जितनी तीव्र हविस होती है, उससे कहीं अधिक गरीबी दिखाने की होती है।
6. जो दुख की केवल जय बोलते हैं, कहते हैं कि दुख आदमी को महान बनाता है , ये सरासर धोखा देते हैं। दुख आदमी को ’बड़ा’ भी बना सकता है और नीच भी। मन को उजला भी कर सकता है, और काला भी।
7. वे घोर निराशा से ग्रस्त होते हैं, जो दुख का हाथ जोड़कर स्वागत करते हैं –’पधारो महाराज ! हम तो कृतार्थ हो गये।’ दुख तो त्याज्य है, घृणित है।
8. कुछ पेशेवर ’सहानुभूति-प्रदर्शक’ होते हैं । पता लगाते रहते हैं किस पर क्या विपत्ति पड़ी है। किसी-किसी का तो चेहरा ही ऐसा होता है कि मालूम होता है , इन्हें सरकार से मातमपुर्सी के लिये वेतन मिलता है।
9. दया का पात्र होना कोई सुखदायक अनुभव नहीं है, समर्थ होकर भी करुणा जैसी मूल्यवान , लोक कल्याणकारी भावना को खींचना , सरासर चोरी है, धोखा है।
10. इस जमाने में दोहरा शोषण चल रहा है – आदमी की रोटी तो छीनी ही जाती है, उसके हिस्से की करुणा भी छीन ली जाती है।
11. स्त्रियां दो प्रकार की होती हैं –ध्यान देने वाली और न ध्यान देने वाली। अगर आप किसी परीक्षा की तैयारी कर रहे हैं, तो नतीजा इस बात पर निर्भर करता है कि आपके पड़ोस में ध्यान देने वाली रहती है या ध्यान न देने वाली।

https://www.facebook.com/anup.shukla.14/posts/10220862302760824

कोरोना काल में साइकिलबाजी

 

आज बहुत दिन बाद साइकिलबाजी हुई। घर से निकलकर आईबी होते हुए स्टेशन की तरफ जहां तक सड़क दिखी वहां तक गए। सड़क खत्म होने के बाद रेल लाइन शुरू हुई। लौट आये।
मंदिर के पास चौराहे पर कुछ लोग तम्बाकू फटकारते हुए खड़े थे। बिना मास्क। कोरोना कहीं होगा भी तो तम्बाकू की फटक से भाग लिया होगा। ये दिहाड़ी कामगार थे। जिसको जरूरत ले जाये रोजनदारी पर। हमको लगा कि कहीं हमको भी कोई दिहाड़ी पर काम के लिए न ले जाये। ऐसा लगते ही थोड़ा बगलिया के खड़े हो गए। निठल्ले से कुछ कमाई हमेशा अच्छी पर बिना नाश्ते पानी के काम नहीं होता अपन से।
पास ही सड़क खुदी पड़ी है। बनना है उसको। पता चला ठेकेदार सड़क खोदकर गिट्टी, सीमेंट के लिए पैसे का इंतजाम करने गया है। पैसे के इंतजाम के बाद काम आगे बढ़ेगा। इस 'गरीब ठेकेदार' के पास कई काम हैं। हर जगह देरी और साधन का रोना। ठेकेदारों के आजकल ऐसे ही हाल हैं -'चाहे वो मरम्मत के काम का ठेकेदार हो या समाजसेवा का या देशसेवा। सेवा का हिसाब पूछने पर साधन का रोना।'
मेन रोड के पास एक नौजवान 50-60 सिलिंडर लिए खड़ा था। बताया कि गैस एजेंसी से लेकर डिलीवरी करते हैं। 20-30 रुपये हर सिलिंडर पर मिल जाते हैं। बीएससी किये हैं दीपक निगम। कोई काम नहीं मिला तो सिलिंडर बेंच रहे हैं। हमने पूछा -'डिलीवरी चार्ज तो दस रुपये होते हैं। तुमको 20-30 कौन देता है? बोले -'दे देते हैं लोग। 400-500 मिल जाते हैं रोज के।'
डिलीवरी की मोटरसाइकिल पर शिक्षा विभाग लिखा है। शिक्षा विभाग की गाड़ी गैस सप्लाई कर रही है। पता चला बाइक इनके पिता की है। पिता स्कूल में प्रिंसिपल हैं। आजकल स्कूल बंद हैं तो उनकी गाड़ी गैस बेंचने में सहायक हो रही है।
अपने देश की शिक्षा नीति और रोजगार नीति दोनों की साझा उपलब्धि है यह कि अपने ग्रेजुएट सड़क पर खड़े गैस सिलिंडर बेंच रहे हैं।
आगे निकलते देखा। बाउंड्री वाल जगह-जगह टूटी हुई है। जितने बार बनवाई जाती है उससे ज्यादा बार टूट जाती है। लोग भैंस, घोड़ा, गधे लाकर चराते हैं। लीद, गोबर करके चले जाते हैं। निवासी भी उसी टूटी दीवार से बने रास्ते से आते-जाते हैं। शार्टकट हर एक को सुगम लगता है।
स्टेशन की तरफ के रास्ते में चहल-पहल पूरी थी। बस वाले खुले मुंह शाहाबाद, पीलीभीत , पलिया की सवारियों के लिए आवाज लगा रहे थे। दूरी, मास्क और कोरोना का भय नदारद। हमीं अकेले मास्क लगाए थे। लोग हमको अजूबा समझ रहे होंगे।
स्टेशन के पास की दीवार से सटा हुआ फल वाला ग्राहक के इंतजार में खड़ा था। उसके पीछे सन्देश लिखा था :
कोरोना को हराना है,
मास्क जरूर लगाना है।
मास्क नारे की तरफ पीठ हुए फलवाला बिना मास्क खड़ा था। नारे की तरफ पीठ करके उसने नारे को भी छिपा लिया था ताकि बिना मास्क वाले ग्राहक को असुविधा न हो।
एक मास्क और कोरोना नारे के ऊपर 'नामर्दी का शर्तिया इलाज' का पोस्टर लगा था। नामर्दी के इलाज के पोस्टर ने कोरोना से बचाव के नारे को ढंक लिया था। नामर्दी सदियों पुरानी बीमारी है, कोरोना की उम्र अभी साल नहीं हुई। दूध के दांत भी नहीं टूटे अभी कोरोना के। जबकि नामर्दी बाबा आदम के जमाने की, बहुत सीनियर बीमारी है। कोरोना के बचाव की लिखाई के ऊपर नामर्दी के इलाज का पोस्टर ऐसी ही बात है जैसे किसी जूनियर ने सीनियर खलीफा के लिए अपनी कुर्सी छोड़ दी हो।
आगे जहां सड़क खत्म हुई वहां रेल लाइन पड़ रही थी। लोग सीमेंट की बोल्डर कंधे पर लादे हइस्सा करते हुए पटरी बिछा रहे थे। बगल में कीचड़ भरे रास्ते किनारे मेड़ पर पैर रखते हुए एक आदमी सर पर कुछ लादे चला आ रहा था। उसी के बगल में एक महिला सड़क किनारे गोबर के ढेर से कंडे पाथ रही थी।
सड़क की परात पर गोबर को आते की तरह मांडते हुए कंडे पाठ रही थी महिला। कंडे पर खाना बनाती होगी महिला। सरकार की उज्ज्वला गैस योजना इस महिला को बगलिया कर निकल गयी होगी। कल्याण योजनाएं भी बड़ी मनचली और नखरीली होती हैं। जहां मन होता है केवल वहां जाती हैं, बाकी जगह मटिया जाती हैं। कोई पूछता भी नहीं।पूछने पर क्या पता हड़का दें -'हम गए थे तुम्हारे पास। तुम मिले नहीं। हम लौट आए। हमारे पास फालतू टाइम थोड़ी है तुम्हारे इंतजार का।'
लौटते हुए एक संकरी फुटपाथ पर तीन बुजुर्ग बैठे दिखे। उम्र के चौथेपन को चुपचाप गुजरते देखते बुजुर्ग। दो लोगों की उमर 75 से ऊपर , तीसरे नब्बे पार। बताया - 'पल्लेदारी करते थे।' पल्लेदारी मतलब बोझा ढोने का काम। जिस जगह का नाम बताया उसके बन्द होने की सूचना भी दे दी साथ में।
75 पार वालों से हमको बतियाते देख 90 पार वाले बुजुर्ग ने आंखे खोलकर हम देखा। तकलीफ शुदा स्वर में पूछा -'आपको पहचाना नहीं।' पहचानते कैसे -'पहली बार तो मिल रहे थे।'
साथ के लोगों ने बताया -'ऊंचा सुनते हैं।'
हमने ऊंची आवाज में पूछा -'कैसे हाल हैं।'
सुनते ही बुज़ुर्गवार ने अपने हाथ खोलकर , पैर के पंजे दिखाते हुए दास्तान-ए-दर्द बयान करना शुरू किया। पोर-पोर का दर्द दिखाया, सुनाया। सारे दर्द की फोटोग्राफी चेहरे पर भी करते गए। तसल्ली से अपना दर्द बयान करके चुप हो गए। थकान या फिर दर्द के मारे आंख मूंद ली। हम कुछ देर और उनसे बतिया के आगे बढ़ लिए। क्या करते भी। बुजुर्गों के अकेलेपन और दर्द की कहानी सुनने के अलावा फिलहाल कुछ समझ भी नहीं आया।
बगल में ही एक छोटे कमरे में कुछ लोग कैरम खेल रहे थे। कैरम नया लगा, गोटिया पुरानी। कुछ गोटियों को तो देखकर पहचानना कठिन कि काली है या सफेद। एकदम दलबदलू जनप्रतिनिधि सरीखी जिसको देखकर जनता को पता नहीं चलता कि आजकल किस पार्टी के प्रति वफादार है। लेकिन खिलाड़ियों को गोटियों के रंगों का बखूबी अंदाज है। वे उनका रंग पहचानते हैं। वे सही गोटी पर ही निशाना लगा रहे थे। मन किया हम भी हाथ खेलने लगें कैरम लेकिन किसी ने 'लिफ्ट' नहीं दी हम वापस चल दिए।
स्टेशन के पास एक छोटा बच्चा एक छोटी बच्ची को अपनी जेब से निकाल कर चॉकलेट सरीखी कोई चीज खिला रहा था। बहुत प्यारी फोटो बनती अगर ले पाते। लेकिन हम उसको देखने में ही इतना तल्लीन हो गए कि फोटो लेने का ध्यान ही नहीं रहा।
रास्ते में एक बाबा जी अपने चेले के साथ निठल्ले बैठे बतकही में मशगूल थे। बगल की एक बछिया पर हाथ फेरते जा रहे थे। बछिया बाबागिरी के लाइसेंस की तरह लगी मुझे। आज जब हर तरह की नौकरियां छूट रही हैं ऐसे में बाबागिरी की नौकरी ही ऐसी है जो एक बार लगने के बाद कभी छूटती नहीं। इसकी कोई रिटायरमेंट की उम्र भी नहीं होती। शुरुआत हो जाए फिर जिंदगी भर टनाटन आराम।
लौटते समय दीपक फिर मिले। बताया 20-30 सिलिंडर निकाल चुके हैं। 400-600 कमा चुके होंगे। इतने समय में हम सिर्फ साइकिलियाते रहे।
घर के पास बुजुर्ग मिले। अक्सर मिलते हैं। बहुत करुण स्वर में , कभी रोते हुए भी, बताते हैं कि उनका लड़का उनको घर-खर्च नहीं देता। जबकि कानून के अनुसार उसको ऐसा करना चाहिए। कोई कानून की धारा भी बताते हैं जिसके अनुसार उसके खिलाफ कार्यवाही होनीं चाहिए। पता करने पर यह भी मालूम हुआ कि लड़का अपनी मां को खर्च देता है। मिलता है। लेकिन पिता को नहीं देता क्योंकि वो मां के साथ मार-पीट करते हैं। उनके शुरुआती बयान से मैं बहुत द्रवित हो गया। लेकिन किस्से के दूसरे पहलू सुनकर ताज्जुब भी हुआ और अफसोस भी कि आजकल बाप-बेटे के सम्बंध ऐसे हो गए हैं।
आज फिर बेटे के बारे में शिकायत बुजुर्ग ने। मुझे याद आया तो मैंने कहा -'हमें तो पता चला है कि आप अपनी पत्नी से मारपीट करते हैं। इस पर उन्होंने बिना किसी अपराध बोध के दुविधारहित अंदाज में कहा -'मियां-बीबी में आपस में लड़ाई-झगड़ा तो होता ही रहता है।'
सच क्या है मुझे नहीं पता लेकिन हर हफ्ते बुज़ुर्गवार मुझको अपने बेटे के खिलाफ कार्यवाही के लिए उकसाते हैं। कानून की धारा भी बताते हैं। हम फिर से उनको समुचित कार्यवाही का आश्वासन देकर पैडलियाते हुए घर में घुस जाते हैं।

https://www.facebook.com/anup.shukla.14/posts/10220860450314514

Saturday, October 03, 2020

परसाई के पंच-60

 

1. हत्या के अपराध में जो राज्य अपराधी को प्राणदण्ड देता है, वही युद्ध में लाखों मनुष्यों को मरवा डालता है।
2. जनवरी में हर समझदार आदमी कैलेण्डर बटोरने में इतना व्यस्त रहता है कि उसे दम मारने की फ़ुरसत नहीं मिलती।
3. आज पुरुषार्थ का लक्षण कैलेण्डर बटोरने के सिवा और कुछ नहीं है। आज हुस्नबानो होती , तो सात सवालों के जबाब न मांगती। वह कहती, ’ए लोगों , जो मुझे अमुक सात कम्पनियों के कैलेण्डर ला देगा, मैं उसी के साथ शादी कर लूंगी।’
4. विशेषज्ञ की बात में कोई दखल नहीं दे सकता। हमने अपनी जिन्दगी ही विशेषज्ञों को सौंप रखी है। विशेषज्ञ पुल बनवा देता है और रेलगाड़ी हमें लेकर गिर पड़ती है। बरसात के पहले विशेषज्ञ इमारत पास कराता है और बरसात के बाद उसका मलबा उठाने का टेण्डर मंगाता है। अस्पताल में जाकर हम अपने को विशेषज्ञ को सौंप देते हैं और फ़िर अपने शरीर पर अपना हक नहीं रहता। राजनीति के विशेषज्ञों के हाथ सारी दुनिया ने अपने प्राण सौंप दिये हैं और वे किसी भी दिन सबके प्राण सहर्ष ले लेंगे। विशेषज्ञ के सामने किसकी चलती है।
5. कभी बादल जोर से गरजते हैं, जैसे खाद्य मन्त्री मुनाफ़ाखोरों को धमकी दे रहे हों। पर पानी न बरसने से गर्मी और बढ जाती है, जैसे खाद्यमन्त्री की हर धमकी के बाद भाव और बढ जाते हैं।
6. अन्धकार में कभी-कभी बिजली चमक उठती है, जैसे किसी रद्दी कविता में एक अच्छी पंक्ति आ गयी हो।
7. हवा के झोंके से वृक्ष इस तरह झुक-झुक पड़ते हैं , जैसे सेक्रेट्री की लड़की की शादी में अफ़सर लोग झुक-झुककर बरातियों को पान दे रहे हों।
8. कटे हुये पेड़ की ठूंठ पर फ़िर एक हरी फ़ुनगी फ़ूट आयी है, जैसे संसद के चुनाव का हारा, म्युनिसिपल चुनाव में खड़ा हो गया हो।
9. स्वेच्छा से विषपान करने में ’नील-कण्ठता’ एक बड़ा आकर्षण है। अपनी कोशिश यह होती है कि जहर कम-से-कम पियें, पर कण्ठ अधिक-से-अधिक नीला हो। और कोई तो गले पर नीली स्याही पोतकर ’नीलकण्ठ’ बने फ़िरते हैं।
10. स्वतंत्रता संग्राम ने कुछ लोगों को निठल्लेपन के संस्कार भी दिये थे। वे मजे में बैठे-बैठे कष्ट भुगतने लगे। लोग कहते,’ वह बेचारा बड़ी तकलीफ़ उठा रहा है।’ वे सुनते; बड़े प्रसन्न होते। ऐसा आनन्द और गर्व अनुभव होने लगा कि यदि कहीं कोई काम-धन्धा मिलता तो भी वे नहीं करते। स्वातन्त्र्य-शूर नौकरी कैसे करे? ’विक्टोरिया क्रास’ वाला किसी सेठ के फ़ाटक पर पुरानी वर्दी में चौकीदारी कैसे करे? कुछ दिनों में घाव भर गये और उन्हें देखने वाले कम हो गये। तब उन्होंने अच्छी नौकरी कर ली।
11. आत्मीय की मृत्यु पर सिर मुंड़ाने के और चाहे जो कारण हों, एक यह तो है ही कि दुख स्पष्ट दिखे और उसे समाज में मान्यता मिले।

https://www.facebook.com/anup.shukla.14/posts/10220855264384869

परसाई के पंच-59

1. बड़ी मुसीबत है व्यंग्यकार की। वह अपने पैसे मांगे, तो भी उसे भी व्यंग्य-विनोद में शामिल कर लिया जाता है।
2. तरह-तरह के संघर्ष में तरह-तरह के दुख हैं। एक जीवित रहने का संघर्ष है और एक सम्पन्नता का संघर्ष है। एक न्यूनतम जीवन-स्तर न कर पाने का दुख है, एक पर्याप्त सम्पन्नता न होने का दुख है।
3. जब हम जवान थे, तब यह मान्यता थी कि बड़ों से दबो। अब यह हो गया कि लड़कों से दबो। तो अब हम बुढापे में लड़कों से दब रहे हैं। हमारी जिन्दगी तो दबते हुये गुजर गयी।
4. रिटायर्ड आदमी की बड़ी ट्रेजडी होती है। व्यस्त आदमी को अपना काम करने में जितनी अक्ल की जरूरत पड़ती है, उससे ज्यादा अक्ल बेकार आदमी को समय काटने में लगती है।
5. रिटायर्ड वृद्ध को समय काटना होता है। वह देखता है कि जिन्दगी भर मेरे कारण बहुत कुछ होता रहा है, पर अब मेरे कारण कुछ नहीं होता। वह जीवित संदर्भों से अपने को जोड़ना चाहता है, पर जोड़ नहीं पाता। वह देखता है कि मैं कोई हलचल पैदा नहीं कर पा रहा हूं। छोटी सी तरंग भी मेरे कारण जीवन के इस समुद्र में नहीं उठ रही है।
6. गणित के अध्यापक की यह कमजोरी है। वह दुनिया में किसी को गणित में कमजोर नहीं देख सकता।
7. समाज का भविष्य इस बात पर निर्भर करता है कि वह अपने रिटायर्ड लोगों का क्या करता है। अगर कुछ नहीं करता तो रिटायर्ड वृद्ध काम करते हुये युवा के काम में दखल देगा और समाज की कर्म-शक्ति घटेगी।
8. हमारे सम्पूर्ण हिताहित को , सहज ही सोत्साह हमारी बिना मर्जी के हथिया लेने वाले शुभचिन्तक से बड़ा दुश्मन और कोई नहीं।
9. शुभचिन्तक यदि केवल ’शुभ’ की ’चिन्ता’ की मर्यादा में रहे, तो हम उसे बर्दाश्त कर सकते हैं जैसे हम उस दुश्मन को सह लेते हैं, जो मन में हमें गाली देता है। मगर ’शुभचिन्तक’, ’उपदेशक’ हुये बिना नहीं मानता, क्योंकि वह मानने को कतई तैयार नहीं कि तुम ठीक राह पर चल रहे हो। तुम हिमालय के शिखर पर भी बैठ जाओ, तो भी लगेगा कि तुम किसी गढे में पड़े हो; और यहीं से उसका काम शुरु होता है कि नसीहत की रस्सी डाल-डालकर तुम्हें उस गढे से बाहर खींचे या रस्सी की फ़ांसी लगा दे!
10. विधाता जब मनुष्य को बनाकर दुनिया में भेजने लगता है, तो उसके कान के पास मुंह लगाकर धीरे से कह देता है कि देश , दुनिया में सबसे अधिक अक्ल मैंने तुझी को दी है। हर एक से विधाता यही कह देता है और इसीलिये हर आदमी जन्म से ही उपदेशक हो जाता है।
11. अक्षमता नैतिक उपदेश की जननी होती है।

#परसाई, #पंचपरसाई, #परसाईउवाच 

परसाई के पंच-58

 

1. निन्दा में अगर उत्साह न दिखाओ, तो करने वालों को जूता-सा लगता है।
2. कुछ मैंने ऐसे देखे हैं, जो होश में मानवीय हो ही नहीं सकते। मानवीयता उन पर रम के ’किक’ की तरह चढती-उतरती है। इन्हें मानवीयता के ’फ़िट’ आते हैं –मिरगी की तरह। सुना है कि मिरगी जूता सुंघाने से उतर जाती है। इसका उल्टा भी होता है। किसी-किसी को जूता सुंघाने से मानवीयता का फ़िट भी आ जाता है।
3. लोग समझते हैं कि हम खिड़की हवा और रोशनी के लिये बनवाते हैं मगर वास्तव में खिड़की झांकने के लिये होती है।
4. कितने लोग हैं जो ’चरित्रहीन’ होने की साध मन में पाले रहते हैं, मगर हो नहीं सकते और निरे ’चरित्रवान’ होकर मर जाते हैं। आत्मा को परलोक में भी चैन नहीं मिलती होगी और पृथ्वी पर लोगों के घरों में झांककर देखती होगी कि किसका किससे सम्बन्ध चल रहा है।
5. हर साल ऐसा होता है –जनवरी में दीवार पर चमकीली तसवीरों का एक कलेण्डर टंग जाता है और दिसम्बर तक तसवीर की चमक उड़ जाती है। हर तसवीर बारह महीनों में बदरंग हो जाती है।
6. अफ़सर के इतने बड़े मकान बन जाते हैं कि वह राष्ट्रपति को किराये पर देखने का हौसला रखता है।
7. सुभाष बाबू ने कहा था –’तुम मुझे खून दो, मैं तुम्हें आजादी दूंगा।’ खून तो हमने दे दिया, मगर आजादी किन्हें दे दी गयी।
8. देश एक कतार में बदल गया है। चलती-फ़िरती कतार है- कभी चावल की दूकान पर खड़ी होती है, फ़िर सरककर शक्कर की दूकान पर चली जाती है। आधी जिन्दगी कतार में खड़े-खड़े बीत रही है।
9. छोटा आदमी हमेशा भीड़ से कतराता है। एक तो उसे अपने वैशिष्ट्य के लोप हो जाने का डर रहता है, दूसरे कुचल जाने का। जो छोटा है और अपनी विशिष्टता को हमेशा उजागर रखना चाहता है, उसे सचमुच भीड़ में नहीं घुसना चाहिये। लघुता को बहुत लोग इस गौरव के साथ धारण करते हैं, जैसे छोटे होने के लिये उन्हें बड़ी तपस्या करनी पड़ी है। उन्हें भीड़ में खो जाने का डर रहता है।
10. इस देश में कुछ लोग टैक्स की बीमारी से मरते हैं और काफ़ी लोग भुखमरी से।
11. टैक्स की बीमारी की विशेषता यह है कि जिसे लग जाये वह कहता है –हाय हम टैक्स से मर रहे हैं। और जिसे न लगे वह कहता है –हाय हमें टैक्स की बीमारी ही नहीं लगती। कितने लोग हैं जिनकी महत्वाकांक्षा होती है कि वे टैक्स की बीमारी से मरें, पर मर जाते हैं निमोनिया से।

https://www.facebook.com/anup.shukla.14/posts/10220852188307969

Friday, October 02, 2020

परसाई के पंच-57

 1. बेइज्जती में अगर दूसरे को शामिल कर लो, तो अपनी आधी इज्जत बच जाती है।

2. इज्जत बड़ी मशक्कत लेती है। न जाने क्या-क्या करवाती है। अपनी इज्जत जब जमती दिखती है, तब हम चौराहे के ठेले पर पकौड़े खाते दिख जाते हैं या कोई नोटिस बुलवा लेते हैं।
3. मैदान से भागकर शिविर में आ बैठने की सुखद मजबूरी का नाम इज्जत है। इज्जतदार ऊंचे झाड़ की ऊंची टहनी पर दूसरे के बनाये घोंसले में अण्डे देता है।
4. गरीब की लुगाई, कहावत के मुताबिक सबकी भौजाई होती है। उस कोई भी बेखटके छेड़ लेता है, कोई भी उससे चुहल कर लेता है।
5. सरकार के मंसूबे रहस्यमय होते हैं। हिन्दी अध्यापक को प्रिया से दूर रखकर शायद वह वियोग श्रंगार का काव्य लिखवाना चाहती है।
6. अकविताओं के कारण श्रंगार रस का दिवाला पिट गया है। श्रंगार रस को स्टेट सेक्टर में ही लेना पडेगा। वीभत्स रस अभी प्राइवेट सेक्टर में पड़ा रहने दो। उसका उत्पादन लक्ष्य से ऊपर ही जा रहा है।
7. लेखक लड़की से प्रेम करते हैं और फ़िर उसके प्रेम पत्र छ्पवाकर ’ब्लैकमेल’ करते हैं। ब्लैकमेल को आजकल विद्रोह भी कहते हैं।
8. यह क्या बात है कि जायज काम भी कराने जाओ तो भी लगता है नाजायज काम है, जो बिना ’सोर्स’ नहीं होगा। जायज और नाजायज का भेज मिटा दिया गया है। जिस देश में जायज काम भी न हो सकें, उसमें सारे काम ही नाजायज हैं। उनके लिये ’सोर्स’ चाहिये। इतनी सोर्सप्रेमी जाति दुनिया में और कोई नहीं है।
9. निन्दा में विटामिन और प्रोटीन होते हैं। निन्दा खून साफ़ करती है, पाचन-क्रिया ठीक करती है, बल और स्फ़ूर्ति देती है। निन्दा से मांसपेशियां पुष्ट होती हैं। निन्दा पायरिया का तो शर्तिया इलाज है।
10. सन्तों को परनिन्दा की मनाही होती है, इसलिये वे स्वनिन्दा करके स्वास्थ्य अच्छा रखते हैं, ’मो सम कौन कुटिल खल कामी’ – यह सन्त की विनय और आत्मग्लानि नहीं है, टॉनिक है। सन्त बड़ा काइयां होता है। हम समझते हैं, वह आत्मस्वीकृति कर रहा है, पर वह वास्तव में विटामिन और प्रोटीन खा रहा है।
11. स्त्री सम्बन्धी निन्दा में प्रोटीन बड़ी मात्रा में होता है और शराब सम्बन्धी निन्दा में विटामिन बहुत होते हैं।

https://www.facebook.com/anup.shukla.14/posts/10220848072365073

परसाई के पंच-56

 1. सूखा,बाढ़ और दंगा – ये सबसे सुन्दर प्राकृतिक दृश्य इस देश में हैं, जिन्हें प्रदेश के मन्त्री , प्रधानमन्त्री और विदेशी अतिथियों को दिखाते रहते हैं।

2. फ़ोटो का मोह अद्भुत है। कैमरा आदमी से बड़ा कौतुक कराता है। जब कैमरा ईजाद नहीं हुआ, नरसीसस पानी के कैमरे में अपनी फ़ोटो देखता था। वह अपने पर इतना रीझ गया कि मर गया।
3. अपने पर रीझने वाले अक्सर मरते देखे गये हैं। राजनीति में, साहित्य में कितने ही मैंने देखे हैं जो अपने पर रीझते-रीझते मृत्यु को प्राप्त हो गये।
4. बड़ा आदमी भी एक तरह का लैण्डस्केप है, जिसके साथ फ़ोटो-प्रेमी खिंचना चाहता है। बड़ा आदमी सिर्फ़ सुन्दर ही नहीं होता, कुछ फ़ायदा करनेवाला भी होता है।
5. ताजमहल परमिट नहीं दे सकता, पर कलेक्टर दे सकता है। समझदार आदमी ताजमहल को छोड़, कलेक्टर के साथ फ़ोटो खिंचवाने की कोशिश करेगा।
6. सद्गुरु का कहना है –बेटा जो भी करना है –’लार्ज स्केल’ पर कर, चाहे उद्योग हो, चाहे बेईमानी और हमेशा किसी की छाया में कर।
7. शासन का घूंसा किसी बड़ी और पुष्ट पीठ पर उठता तो है, पर न जाने किस चमत्कार से बड़ी पीठ खिसक जाती है और किसी दुर्बल पीठ पर घूंसा पड़ जाता है।
8. तन्त्र कोई भी हो, अपनी पीठ पर हमेशा वेसलीन चुपड़े रहो। घूंसा तुम्हारी पीठ से फ़िसलकर किसी सूखी पीठ पर पड़ जायेगा।
9. पैसे कम हों , तो आदमी परमहंस हो जाता है। सच्चा संन्यासी पैसे की तंगी का शुभ परिणाम है।
10. अपनी इज्जत की क्या रखवाली करूं? किसकी इज्जत इस देश में सुरक्षित है? साहित्य, कला, संगीत के परकोटे इज्जत के आसपास उठा दो, तो उसमें भी सुरंग लग जाती है।
11. बेइज्जती को खोल दो तो वह इज्जत हो जाती है। जूते पड़ गये हैं, इस बात को छिपाओगे तो बदनामी फ़ैलेगी। खुद ही कहते फ़िरोगे, तो बदनामी करनेवालों की सेवा की जरूरत नहीं पड़ेगी और इज्जत रह जायेगी।

https://www.facebook.com/anup.shukla.14/posts/10220847790598029

परसाई के पंच-55

 1. लेखक होने का यही बड़ा फ़ायदा है। जो बात आम आदमी को बुरी लगती है, लेखक के लिये वह ’दिलचस्प’ होती है। मुझे ऐसे बहुत मौके मिलते हैं। मैं फ़ौरन खायी चोट में से मानवी सम्बन्धों के निष्कर्ष निकालकर खुश हो जाता हूं।

2. जो लोग बीमारियों से लड़ने के बजाय उन्हें मा-बाप बना लें, उनका भला भगवान ही कर सकता है।
3. अगर (हम) बीमारियों का निर्यात करने लगें तो पंचवर्षीय योजनाओं की सारी विदेशी मुद्रा का इंतजाम हो जाये।
4. नशे के मामले में हम हम बहुत ऊंचे हैं। कई नशे हैं। धर्म का, जाति का, नस्ल का, आध्यात्म का। दो नशे खास हैं –हीनता का नशा और उच्चता का नशा।
5. हीनता का ऐसा नशा पिछड़े-से-पिछड़े देश में भी नहीं मिलेगा। इस नशे की दो-चार फ़ूंक लेने से ऐसे सामूहिक उद्गार निकलते हैं –हाय, हम बड़े दुखी, बड़े पतित लोग हैं। हाय,हम पर अत्याचार होते हैं। हम इतने भले लोग हैं, पर हाय, हम पर जुल्म होते हैं। हम बड़े पिछड़े हुये लोग हैं। इस नशे का कमाल यह है कि इसकी पिनक में यह बात अच्छी लगती है कि हम मारे जाते हैं। कोई कहे कि तुमने भी मारा, तो बुरा लगता है।
6. उच्चता का नशा चढने पर हम बड़बड़ाने हैं- भारत विश्वगुरु है। सारा ज्ञान-विज्ञान हमारे पुरखे प्राप्त कर चुके। अब आगे कुछ है ही नहीं। हीनता और उच्चता के ये नशे बारी-बारी से चढे रहते हैं। हमारा नशा कभी उतरा ही नहीं।
7. सिम्पटम का इलाज सुविधा की बात है। रोग की जड़ पकड़ सकने और उसे नष्ट करने में जब असमर्थ हो, तो सिम्पटम का इलाज तो करना ही चाहिये। छात्र आन्दोलन हो, तो विश्वविध्यालय बन्द कर दो। खाद्य के लिये आन्दोलन हो, तो दफ़ा 144 लगा दो। दंगा हो तो राष्ट्रीय एकता परिषद की मीटिंग बुला लो। लक्षणों का ही तो इलाज चल रहा है, बीमारी का निदान करने की जरूरत नहीं।
8. एक ’ब्राड स्पेक्ट्रम एण्टीबायटिक’ कहलाता है। इस बात की झंझट बिना उठाये कि बीमारी क्या है, डॉक्टर इसे मरीज को खिलाते जाते हैं। यह कई तरह के इन्फ़ेक्शन मार देता है। इसमें बड़ा सुभीता यह होता है जाता है कि डॉक्टर को यह पता ही नहीं चलता कि बीमारी क्या है,पर इलाज बराबर होता जाता है। कई ब्राड स्पेक्ट्रम बायोटिक्स है – प्रस्ताव है, परिषद है, आश्वासन है, न्यायिक जांच है, कमीशन है – ये सब फ़ेल हो जायें तो भारतीय दण्ड संहिता है।
9. विशेषज्ञ ’राजनाम’ की बरबारी का होता है। पुरखों का विश्वास था , अन्त समय ’राजनाम’ से मुक्ति मिलती है। अब विशेषज्ञ से मुक्ति मिलती है –यानी मरने से पहले विशेषज्ञ बतला दे कि इस बीमारी से मरे, तो जीवन-मरण के बन्धन से मुक्ति मिल गयी।
10. कराहते सब हैं, मगर कराहने की आदत नहीं पड़नी चाहिये, जैसी हमारी पड़ गयी। इस्पात का उत्पादन तो भी कराहेंगे और सूखा पड़ जायेगा तो भी कराहेंगे।
11. कई तरकीबें है आदमी को फ़ोन पर पकड़ने की। कई तरकीबें हैं आदमी को फ़ोन पर नहीं मिलने की। अपनी-अपनी प्रतिभा के मुताबिक सब अपने को बचाते हैं और दूसरों को फ़ंसाते हैं।

https://www.facebook.com/anup.shukla.14/posts/10220845908550979

गांधी जी की अहिंसा


आज दो अक्टूबर है। गांधीजी का जन्मदिन। जित्ती खुशी उससे ज्यादा गम है कि इस बार इतवार को पड़ा दो अक्टूबर। (चार साल पहले की बात) एक छुट्टी मारी गयी। लेकिन कुछ लोगों को गांधी जयन्ती मनाने के लिये छुट्टी के दिन भी तैयार होते देख दुख कम हो गया। दूसरे का फ़ूला दुख देखकर अपना दुख पिचक जाता ।
गांधी जी की याद साल में दो बार करी जाती है। एक बार 2 अक्टूबर को जब वे पैदा हुये और फ़िर 30 जनवरी को जब वे निकल लिये। लेकिन छुट्टी केवल 2 अक्टूबर को होती है। 30 जनवरी की छुट्टी नहीं होती। इससे पता चलता है आदमी के न रहने पर, भले ही वह गांधी जी ही क्यों न हो, उसका जलवा कम हो जाता है।
गांधीजी का खुद का जलवा भले कम हुआ हो लेकिन उनके नाम का भौकाल बना हुआ है। उनकी फ़ोटो लगा हुआ नोट फ़ुल जोरदारी से चलता है। बल्कि सही कहा जाये तो सिर्फ़ वही चलता है। बस ’नोट नाम सत्य’ है। सब तालों की चाबी है गांधीजी की फ़ोटो लगा नोट। इसीलिये जिसको भी गांधीगिरी करनी होती है वह पहले नोट का जुगाड़ करता है। नोट से वोट। उसके बाद फ़ाइनल चोट।
गांधीजी कहा करते थे कि उनका जीवन ही उनका दर्शन है। इस मामले में गांधीजी काफ़ी यूजर फ़्रेंडली हैं। लोग अपने-अपने हिसाब गांधीजी की शिक्षाओं पर अमल करते हैं।
गांधीजी ने निर्णय लेने में दुविधा की स्थिति होने पर मंत्र बताया था कि आप विचार करो कि आपके काम से समाज के अंतिम व्यक्ति को क्या फ़ायदा होगा। उसके हिसाब से निर्णय लो। आज लोग इस ’गांधी निर्णय मंत्र’ का पूरी ईमानदारी से पालन करते हैं। वही निर्णय लेते हैं जिससे उनके समाज के अंतिम व्यक्ति को फ़ायदा पहुंचता हो। यह बात अलग है कि उनका समाज उनकी सोच के हिसाब से तय होता है। किसी का समाज उसके धर्म वाले हैं, किसी का उनके जाति वाले, किसी का उनके गांव वाले। ’छोटा परिवार, सुखी परिवार’ के हिमायती लोगों के लिये उनके परिवार का व्यक्ति ही समाज का अंतिम व्यक्ति होता है। इस लिहाज से देखा जाये तो परिवारवादी सच्चे गांधीवादी हैं।
गांधीजी का प्रिय भजन था – “वैष्णवजन ते तेते कहिये, जे पीर पराई जाने रे।“ आज लोग सच्चे वैष्णव की तरह अच्छी तरह से दूसरे की पीड़ा का अंदाज कर लेते हैं इसके बाद चोट पहुंचाते हैं। कोशिश करते हैं कोई कमी न रह जाये कष्ट देने में। आज के बाहुबली तक इस भजन पर अमल करते हैं। उनको अच्छे से पता होता है कि जिसने उनको ’गुंडा टैक्स’ से मना किया उसको सबसे अधिक पीड़ा तेजाब से नहलाने पर होगी। वे अपने विरोधी को सबसे क्रूर तरीके से निपटाते हैं। आज के गुंडे, बाहुबली इस मामले में गांधीजी के सच्चे अनुयायी हैं।
गांधी जी के ब्रह्मचर्य के प्रयोग को लोगों ने जितना अपनाया है उतना शायद उनकी किसी और शिक्षा पर अमल नहीं किया होगा। दिन दहाड़े लोग किसी भी उमर की बच्ची, स्त्री पर अपना प्रयोग कर डालते हैं। दिन प्रतिदिन यह प्रयोग बढ़ते जा रहे हैं। गांधी जी ने तो अकेले किया, बुढापे में किया। लेकिन लोगों को यह इतना अपील करता है कि कई लोग तो जवान बाद में होते हैं, यह प्रयोग पहले कर डालते हैं। और तो और लोग उनकी सामूहिकता वाली बात को जोड़कर ’सामूहिक ब्रम्हचर्य के प्रयोग’ कर डालते हैं। सरकारें भी इस मामले में इसीलिये कुछ बोल नहीं पातीं। क्या करें, कैसे अंकुश लगाये लोगों की इस ’नपुंसक गांधीगिरी’ यह न कानून को समझ में आता है न व्यवस्था को।
गांधी जी की ’पाप से घृणा करो, पापी से नहीं’ वाली बात को राजनीतिक पार्टियों ने अच्छी तरह से अमल में लाया है। वे अपराध से घृणा करते हैं, अपराधी से नहीं। गुंडई से घृणा करते हैं, गुंडो से नहीं। उनको अपने बटलहोल में गुलाब की तरह सजाकर रखती हैं। काली करतूतों का विरोध करती हैं लेकिन चुनाव जीतने के लिये जरूरी कालेधन से नहीं।
गांधीजी की शिक्षाओं पर जित्ता अमल सरकारों ने किया है उतना किसी और ने नहीं किया होगा। सरकारों को पता है कि बिना गांधीजी के रास्ते पर चले देश का उद्धार नहीं होगा। इसलिये जगह-जगह ’महात्मा गांधी रोड’ बनावाये हैं। इमारतों बनवाई हैं गांधीजी की नाम पर। योजनायें चलायी हैं। मनरेगा जैसी सबसे बड़ी पैसा खैचू योजना तक उनके नाम पर चलाई है।
लेकिन सरकारों को पता है कि देश का काम एक अकले गांधी जी से नहीं चलना इसलिये सरकारें यह व्यवस्था करने की कोशिश करती हैं कि देश में अनगिनत गांधी बनें। इसीलिये सरकारें इस तरह की योजनायें बनाती है और बनाने से अमल करती है कि लोग गांधीजी की तरह अधनंगे रहें। गांधी जी की तरह उपवास करें। भूखें रहें। गांधी जी जिस तरह का जीवन अपनी मर्जी से जिये उस तरह का जीवन जीने का इन्तजाम करती हैं सरकारें। भूखों नंगों की आबादी बढती जा रही है। हर साल करोडों लोगों को जबरियन गांधी बना रही हैं सरकारें।
गांधी जी के ’दरिद्रनारायण’ की अच्छी तरह से सेवा के इरादे से ही सरकारें समाज में दरिद्रों की संख्या बढाती जा रही हैं। इस चक्कर में चंद लोग अगर अमीर बनते जा रहे हैं तो कोई बात नहीं। बड़े उद्धेश्य को हासिल करने में थोड़ा-बहुत हेर-फ़ेर तो चलता है।
गांधी जी स्वच्छता के तगड़े हिमायती थे। अपनी गंदगी खुद साफ़ करने पर जोर देते थे। सरकारें उनकी इसी शिक्षा का प्रसार करने की मंशा से तमाम गंदगी सार्वजनिक जगहों पर छोड़ देती है। सड़कों और सार्वजनिक जगहों की सफ़ाई करके सरकारें लोगों की खुद सफ़ाई करने के गांधीजी के तरीके को खतम नहीं करना चाहती।
यह अच्छा हुआ कि आज गांधीजी नहीं हैं। केवल उनकी शिक्षायें हैं। हम अपने हिसाब से उन पर अमल कर लेते हैं और काम भर के संतुष्ट हो जाते हैं। आज गांधी होते तो बड़ा बवाल होता। आज अगर वे होते तो शायद उनका भी फ़ेसबुक खाता होता, ट्विटर हैंडल होता। हर तरह की हिंसा के खिलाफ़ वे अपनी आवाज उठाते और जहां देखो वहां अनशन पर बैठ जाते। आज वे होते तो पाकिस्तान और हिन्दुस्तान की तनातनी के खिलाफ़ बाघा बार्डर पर हड़ताल पर बैठे होते। उनकी इस ’हरकत’ पर दोनों देशों के लोग उनको गरिया रहे होते। हिन्दुस्तान वाले उनको पाकिस्तान भेजने का आह्वान करते। पाकिस्तान वाले कहते इनको अफ़गानिस्तान पठाओ। बवाल है यह आदमी इसको फ़ौरन निपटाओ। गांधी अपनी अहिंसा की सीख देते हुये एक बार फ़िर हिंसा का शिकार हो जाते।

https://www.facebook.com/anup.shukla.14/posts/10220844951527054

परसाई के पंच-54

 

1. घण्टी बजते ही चोंगा नहीं उठाना चाहिये। जब घण्टी थक जाये और आराम करने लगे , तब उठाना चाहिये। इससे यह प्रभाव पड़ेगा कि आपके पास फ़ोन आते ही रहते हैं।
2. जो कायर होता है, वह धोखे से छिपकर हमला करता है। बहादुर ऐलान करके दुश्मन को सावधान करके जाता है। सरकार बहादुर है, वह धोखे से किसी को नहीं पकड़ती। रात के सन्नाटे में पुलिस की सीटी सुनता हूं, तो समझ जाता हूं कि सरकार कह रही है- चोरों, अब हम आ रहे हैं। चोरी कर ली हो तो जल्दी भागो। हम अगर पकड़ लेंगे, तो जेल में डाल देंगे। चोर कायर होता है। वह भाग जाता है और मैं सुनता हूं कि सरकार दूसरी सड़क ओअर बहादुरी से सीटी बजाती चली जा रही है।
3. यह कम्बख्त इनकम-टैक्स स्वर्ग से भी आदमी को खींच लाता है। स्वर्ग में इन्कम-टैक्स लगता हो और नर्क में नहीं , तो कम-से-कम मैं तो नर्क में रहना पसन्द करूंगा, आप अपनी जानो । स्वर्ग वहीं है , जहां इन्कम टैक्स का झगड़ा न हो।
4. प्राचीन काल के लोग इतना तत्व-चिन्तन कर लेते थे। अगर तब इन्कम टैक्स मुहकमा होता तो वे तत्वचिन्तन छोड़कर हिसाब बनाने में ही त्रिकालदर्शी बुद्धि का उपयोग करते। वेदव्यासजी, क्या महाभारत लिख रहे हैं? नहीं वत्स, गणेश जी से इन्कम टैक्स का रिटर्न बनवा रहा हूं।
5. इस देश के आदमी की मानसिकता ऐसी कर दी गयी है कि अगर उसका भला भी करो, तो उसे शक होता है कि किसी और का भला किया गया है।
6. इस देश में पुल बनाने की एक नयी तकनीक चल पड़ी है, जिसमें सीमेन्ट की जगह ईमान का इस्तेमाल किया जाता है- और ईमान अच्छी क्वालिटी का अभी बनता नहीं। इसीलिये निर्माण के बिल के साल भर के बाद गिराने के बिल का भुगतान हो जाता है।
7. उधार की रोशनी वाले भी मुझे अच्छे नहीं लगते। चांद उधारी की रोशनी से चमकता है।
8. बहुत लोग हैं, जिनका व्यक्तित्व जब मुंह उघाड़ने लगता है, तो वे किसी की महिमा का कनटोप पहन लेते हैं।
9. मरे की अपेक्षा जीवित की महिमा ढोना कठिन तो है, पर उससे फ़ायदा ज्यादा होता है।
10. महिमाशाली किसी गधे को पकड़कर उसकी पीठ पर अपनी महिमा का चन्दन लादकर बेचता फ़िरता है।
11. लादने वाला जितना उत्सुक होता है, उतने ही उत्सुक लदने वाले भी होते हैं। कोई-कोई मैंने ऐसे देखे हैं , जो बेझिझक जिन्दगी भर दूसरे का गोबर लादते हैं।हैं।

https://www.facebook.com/anup.shukla.14/posts/10220844934126619

Thursday, October 01, 2020

परसाई के पंच-53

 1. वे और होते हैं जिनके चरण-स्पर्श से पत्थर भी स्त्री बन जाता है। वे अपनी स्त्री को छोड़ देने वाले होते हैं।

2. जिन घरों में पचीसों तरह के ’कैक्टस’ हैं, वे अभी तक ’वेस्टलैंड’(बंजर) नहीं हुये, बल्कि फ़ूलते-फ़लते जा रहे हैं।
3. भारत के चौकीदार का यह स्वभाव हो गया है कि अमरीकी या अंग्रेज चोरी करने लगें, तो वह इधर-उधर हो जाता है।
4. हमने ईमान और आत्मसम्मान की रक्षा के लिये भी चौकीदार रखे हैं पर वे इनकी भी चोरी कर लेते हैं। चौकीदार उन्हें देखकर हट जाता है।
5. वैसे तो चौकीदार वर्दी पहनकर , बन्दूक लेकर अकड़ा रहता है, पर अमरीकी और अंग्रेज चोरी करने आते हैं, तो वह पान खाने चला जाता है।
6. ये विदेशी भी व्यर्थ ’रिस्क’ लेते हैं। चोरी करने की जरूरत ही नहीं है। हममें से ही कुछ लोग खोमचे और आत्मसम्मान भरकर बेचने बैठे रहते हैं। उनसे खरीद लें। सस्ता पड़ेगा।
7. छुपाने के मामले में अंग्रेजी भाषा कमाल करती है।
8. तपस्वी को पेट भरने पर बदमाशी सूझती है और खाली पेट दर्शन।
9. वैज्ञानिक अनुसन्धान के सबसे महान क्षण में भी पुलिस को नहीं भूलता , यह मानव-स्वतंत्रता के लिये शुभ लक्षण है।
10. टेलीफ़ोन के आविष्कार से मनुष्य जाति का नैतिक स्तर उठ गया। फ़ोन पर सच और झूठ दोनों अधिक सफ़ाई से बोले जा सकते हैं। आदमी आमने-सामने तो बेखटके झूठ बोल जाता है, पर सच बोलने में झेंपता है।
11. टेलीफ़ोन के कारण संसार में सत्य-भाषण लगभग 67 प्रतिशत बढा है। इससे मनुष्य जाति अधिक वीर भी बनी है। जिसकी छाया से भी डर लगता था, उस आदमी को फ़ोन पर गाली भी दी जा सकती है और जब तक वह पता लगाकर आपको मारने आये, आप भागकर बच सकते हैं।

https://www.facebook.com/anup.shukla.14/posts/10220838410323528