Monday, November 16, 2020

परसाई के पंच-101

 1. इतिहास जब आगे बढ़ता है तो उसके पहिये को पकड़कर रोकनेवाले के हाथ टूट जाते हैं।

2. मैं लेखक छोटा हूं, मगर संकट बड़ा हूं। एक तो बड़ा संकट मैं आचार्यों , समीक्षकों और साहित्य के नीतिकारों के लिये हूं, जिनके लिये वर्गीकरण जरूरी है और जो तय नहीं कर पाते कि इस आदमी को किस खाते में डाला जाये। परेशान होकर इन्होंने मुझे व्यंग्य लेखक, व्यंग्यकार, व्यंग्य शिल्पी आदि कहना शुरु किया, तो कई दूसरे व्यंग्य लेखक और प्रबुद्ध पाठक उनके सिर चढ़ बैठे कि अब व्यंग्य को साहित्य की विधा भी मानो।
3. डॉक्टर कैंसर के रोगी को बताय कि उसे कैन्सर है, तो वह स्वस्थ मानसिकता का है। पर अगर कैंसर के रोगी को डाक्टर राग जैजैवंती सुनाने लगे तो डाक्टर जरुर मानसिक रोग से ग्रस्त है।
4. वास्तव में मैं जो लिखता हूं, वह विनोद या हास्य नहीं है। वह व्यंग्य है और लोगों का कहना सही है कि वह कठोर होता है। व्यंग्य मानव-सहानुभूति का बहुत ऊंचा रूप है। वह हास्य नहीं है, रुदन है, मगर अरण्य-रुदन नहीं है।
5. निंदा अत्यन्त नीच कर्म है। कायर ही निंदा करते हैं। आत्मविश्वासी आलोचना करते हैं। निंदा निंदक की आत्मशक्ति का नाश करती जाती है। इन प्रवृत्तियों से गुट बनते हैं, गैर जिम्मेदारी की बातें होती हैं, परस्पर द्वेष पैदा होता है और संगठन कमजोर तथा बदनाम होता है।
6. एक ख़ास किस्म के मरीज भी होते हैं जिन्हें निज का कोई दुःख नहीं होता पर जो इसलिए दुखी हैं कि वे देखते हैं , दूसरे सुखी हैं।
7. दूसरे के दुःख में दुखी होना आसान है; दूसरे के सुख में सुखी होना बहुत मुश्किल है।
8. हिन्दी में सबसे प्रचलित और लोकप्रिय पद्धति है –अपनों कि प्रशंसा और परायों कि निंदा। यह बड़ी स्पष्ट, सरल और उलझन विहीन पद्धति है। इसके मानदंड भी स्थिर और शाश्वत हैं।
9. मैं ‘शाश्वत साहित्य’ रचने का संकल्प करके लिखने नहीं बैठता। जो अपने युग के प्रति ईमानदार नहीं होता, वह अनंत काल के प्रति कैसे हो लेता है, मेरी समझ से परे है।
10. व्यंग्य जीवन से साक्षात्कार करता है, जीवन की आलोचना करता है, विसंगातियों, मिथ्याचारों और पाखंडो का परदाफाश करता है ।
11. व्यंग्य सहानुभूति का सबसे उत्कृष्ट रूप होता है।

https://www.facebook.com/anup.shukla.14/posts/10221135963522172

Wednesday, November 11, 2020

परसाई के पंच-100

 

1. अच्छा साहित्य पढ़ने की और खरीदकर पढ़ने की आदत जब तक लोगों में नहीं आयेगी, लेखक की जिन्दगी कष्टमय रहेगी ही।
2. एक पीढ़ी पूज्य होती जाती है, उसे मन्दिर में बिठाना पड़ता है, कभी-कभी जल और पुष्प अर्पित करना पड़ता है।
3. अनेक छायावादी कवियों को जानता हूं, जो रात को एकान्त में बैठकर नयी कविता लिखने की कोशिश करते हैं और जब नहीं बनती, तो सबेरे उठकर लोगों से कहते हैं –’नयी कविता कूड़ा-करकट है।“
4. साफ़ बात है- काम कर सकते हो, चल सकते हो तो चलो। अन्यथा देवता बनकर मन्दिर में बैठो, हम कभी-कभी आकर अक्षत,पुष्प चढायेंगे, आरती भी कर देंगे। लेकिन अगर तुम भक्तों को इकट्ठा कर राह चलनेवालों पर पत्थर फ़िकवाओगे, तो तुम्हें कौन पूजेगा?
5. जहां असत्य है, पाखण्ड है, मिथ्याचार है; वहां कला नहीं। राजनीति और समाजनीति में समझौते की गुंजाइश है, साहित्य और कला के क्षेत्र में समझौता आत्मघात का लक्षण है।
6. आप अगर पुस्तकों की भूमिका देखें, तो आपको यह आभास होगा कि हर लेखक सर्वश्रेष्ठ है, हर कृति उत्तम और युगान्तरकारी है। सफ़ेद झूठ और काले झूठ के साथ यह भूमिका झूठ भी होता है।
7. जीवन की दरिद्रता और अभाव से तंग आकर अनेक साहित्यकार राजनीति की गोद में जाने को मजबूर होते हैं। फ़िर तो उसके स्तन-पान करके उसकी समस्त कूटनीति, अवसरवादिता, छल और प्रपंच सीख लेते हैं और उनके सत्य का स्वर ऊपर उठ नहीं पाता। कुछ सम्पन्न होते हुये भी , ऊंचे पद पर सम्मान और धन के लोभ में अपने को ’होलसेल’ बेच देते हैं।
8. मानवी अन्तर्द्वन्द की कौन कहे, बाह्य परिस्थितियों के संघर्ष की रेखाएं तक बड़े-बड़े लेखकों को खींचना नहीं आता।
9. किताबें लिखकर और साहित्य भरना और साहित्यकार कहलाने का दम्भ करना हिन्दी वालों को बहुत आता है।
10. विचारों से गांधीवादी, मार्क्सवादी तो भावनाओं से फ़्रायडियन अथवा कट्टर धर्मपारायण। राष्ट्रीयता पर लिखते हैं पर मराठी, गुजराती और बंगाली भेदों से परे नहीं। जब तक अपने आप में यह छल-कपट चलता रहेगा, तब तक ऊंचा साहित्य लिखना पत्थर पर दूब उगाना है।
11. हर साहित्य में लेखक अपने पाठकों को मूर्ख समझता है – सम्भवत: उतना ही मूर्ख जितना कोई नानी अपने छोटे नाती-पोतों को कहानी सुनाते हुए समझती है।

https://www.facebook.com/anup.shukla.14/posts/10221100542756675

Monday, November 09, 2020

पेट की आग बहुत दूर तक ले जाती है

 इतवार के दिन साइकिल चली। खूब चली। सात बजे शहीद पार्क तिराहे पर मिलने की बात हुई थी Pathak जी से। घर से निकलते ही सात बज गए।

साइकिल के पिछले पहिये में हवा कम थी। लेकिन चल रही थी आराम से। हर अगला पैडल मारते हुए सोचते जाते -' हवा भरवानी है।'
सड़क साफ थी। लिट्टी-चोखा वाला कड़ाही में कंडे सुलगाये बैगन भून रहा था। भर्ता बनेगा इनका। गोलमोल रहने वालों का भर्ता ही बनता है।
एक बुजुर्गवार सड़क पर एकदम अनुशासन में टहल रहे थे। दूसरे बुजुर्ग सड़क पर कर रहे थे। दांए-बाएं , बाएं-दाएं देखते हुए। हमको केदारनाथ जी की कविता याद आ गयी:
मुझे आदमी का सड़क पार करना
हमेशा अच्छा लगता है
क्योंकि इस तरह
एक उम्मीद सी होती है
कि दुनिया जो इस तरफ है
शायद उससे कुछ बेहतर हो
सड़क के उस तरफ।
पुल पार करके त्रिमूर्ति तिराहे पर वीर रस के तीनों कवि चुपचाप खड़े दिखे। रात भर कवि सम्मेलन के बाद सुबह के थके हुए कवियों की तरह, जिनको कविता पढ़वाई मिलने में देर हो रही हो।
साइकिल यात्री हमारे इंतजार में थे। हमारे पहुंचते ही चल दिये। मंजिल थी गर्रा पुल। करीब 9 किमी। शहर के बीच से होते हुए गए। लोग अपने घरों की सफाई करते दिखे, घर का कूड़ा सड़क पर डालते। कुल्ला करते दिखे। पानी की रबर पाइप से सड़क धोते दिखे। एक जगह भूसा खाली हो रहा था।
शाहजहाँपुर की सड़कें कम चौड़ी हैं लेकिन सड़क के दोनों तरफ नाले खूब चौड़े हैं। दोनों तरफ के नाले की चौड़ाई मिला लें तो सड़क की चौड़ाई के बराबर पड़ेंगे। लोगों ने नाले के ऊपर लेंटर डालकर घर तक पहुंचने का रास्ता बनाया हुआ है। कुछ लोग उन पर चारपाई डाले आराम करते भी दिखे।
साइकिल की हवा भरवाई गयी अहिबरन की दुकान पर। मुंह में बीड़ी सुलगाते हुए अहिबरन ने बताया कि कचरा फँसा है छुच्छी में। निकाला गया। साइकिल का पेट हवा से भर गया तो फुर्ती से चलने लगी।
शहर खत्म हुआ तो खेत शुरू हुए। सड़क के दोनों तरफ गन्ने के खेत। एक जगह खेत के बाहर मोटरसाइकिल और साइकिल खड़ी करके लोग गन्ने काट रहे थे। हमें लगा चोरी कर रहे हों। लेकिन लौटने तक भी वे कटाई करते रहे। मतलब खेत उनका ही होगा। चोरी करने वाले इतनी देर तक नहीं रुकते।
सड़क किनारे एक बंदर सीने पर दोनों हाथ रखे शांत बैठा था। ऐसे जैसे कोई चिंतक देश चिंता में जुटा हो। उसके आगे ही बंदर जोड़ा बैठा था। बंदरिया के शरीर पर कुछ लाल निशान दिखे। क्या पता वह घरेलू हिंसा का शिकार हुई हो। दोनों लड़ झगड़कर शांत मुद्रा में बैठे थे। हो सकता है उनके लड़ने की बात मेरी खाम ख्याली हो। लेकिन अपन तो यही सोच रहे। इंसान जैसा होता है, वैसा ही तो दूसरे के बारे में सोचता है।
जगह-जगह खेतों के बीच की जगह पर साधुओं-फकीरों के डेरे दिखे। तंबू में, कच्ची-पक्की झोपड़ियों में बाबा जी लोग भजनरत थे। कहीं से आये होंगे। खाली जमीन पर झोला धर दिया। धार्मिक स्थल डाल दिया। चल गया तो चंदा, चढ़ावा आने लगा।
गर्रा नदी के पुल पर पहुंचकर फोटोबाजी हुई। साथ के लोग अपने-अपने अनुभव बताते बतियाये। तय हुआ कि आगे नगरिया मोड़ तक चला जाये। नगरिया मोड़ पर फिर फोटोबाजी हुई। इसके बाद लौटना।
साथ चलते Ashish जी सड़क किनारे लगाये कदम्ब के पेड़ों की जानकारी देते गये। साल भर पहले लगाए गए पेड़ अब बड़े हो गए थे। दो साल में पूरे बालिग हो जाते हैं कदम्ब के पेड़। आशीष जी जुनूनी अंदाज में पेड़ लगाने के काम में जुटे हैं। अपनी तनख्वाह का बड़ा हिस्सा पेड़ लगाने में खर्च करते हैं। शहर में एस. पी. बंगले के पास नई नर्सरी लगाई है। पूरा शहर हरा-भरा करना है। Halftree में देखिये इनके लगाए पेड़ों के बारे में।
लौटते हुए लोग अपने-अपने घरों की तरफ चलते गए। हम और पाठक जी साथ वापस आये। रास्ते में एक आदमी ठेले पर कुछ किताबें लिए जा रहा था। शायद बस स्टैंड। किस्सा तोता मैना घराने की किताबें। एक महिला ने ठेले वाले को रोका। हमको लगा कोई किताब खरीदेगी। लेकिन बुढ़िया ने बुजुर्ग से कहा-'दो पुड़िया मसाला दे देव।' किताबें कोई नहीं खरीदता, सब मसाला खरीद रहे हैं।
चौराहे पर मजदूरों की भीड़ थी। वे इंतजार में थे कि कोई उनको दिहाड़ी पर ले जाये। इनमें राजगीर, पुताई वाले और दूसरे मजदूर थे। इतवार का दिन था लेकिन दिहाड़ी मजदूर के लिए कोई इतवार नहीं होता।
रास्ते में पंकज की दुकान पर चाय पी गयी। पंकज देर से उठे थे। नहा रहे थे। हमने इंतजार किया। साथ में चाय पी। पंकज की माँ और पिताजी से भी बतियाये। पंकज ने बताया कि उनके बारे में लिखी पोस्ट उसने पढ़ी है और सबको धन्यवाद भी दिया है।
लौटते हुए कामसासू काम्प्लेक्स गये। कामगार लोग मशीनों पर बैठ गए थे। हर तरह के काम के उस्ताद हैं ये लोग। सब दीपावली पर घर जाने के इंतजार में हैं।
रामलीला मैदान के पास एक आदमी वेल्डिंग मशीन ले जाते दिखा। नाम दिखा -'जलालुद्दीन वेल्डर।' जलालुद्दीन से हमको जलालुद्दीन अकबर याद आये। वो जहाँपनाह थे, ये वेल्डर। हैसियत में भले अंतर हो लेकिन काम दोनों का जोड़ने का रहा।
पता चला खिरनीबाग से आये हैं जलालुद्दीन। हमने पूछा -'इतनी दूर से आते हो वेल्डिंग का काम करने?'
'पेट की आग बहुत दूर तक ले जाती है'-जलालुद्दीन का जबाब था।
हम कुछ कहे बिना वापस लौट आये। लेकिन लौटने के पहले भी कुछ हुआ वह भी सुना ही दें।
हुआ यह कि जलालुद्दीन की वेल्डिंग मशीन को देखते हुए हम आगे निकल गए। नाम देखकर पीछे मुड़े। मुड़कर देखते हुए सड़क किनारे साइकिल एक तरफ झुक गई । हम भी झुके। साइकिल और झुकी। सम्भलते-सम्भलते हम इतना झुके कि सड़क से जुड़ गए। मतलब जमीन पर चू गए एक तरह से। पैंट और टी शर्ट पर धूल की मोहर लग गयी।
गिरते ही फौरन अपने आप उठे। उठने के बाद कई लोग उठाने के लिए लपके। लेकिन हम तब तक उठ गए थे। गिरते हुए को और गिराने के लिए तथा और गिर कर उठ चुके को उठाने वाले बड़ी ततपरता से मिलते हैं। उठकर साइकिलियाते हुए घर आ गए।
कुछ देर बाद पता चला कि चश्मे का एक ग्लास गायब। लगा वहीं गिरा होगा जहां हम गिरे थे, मतलब चुये थे। गये। खोजा। मिला नहीं शीशा चश्में का।
बहरहाल शाम को चश्में की दुकान पर गए। शीशा बन गया। 200 रुपये ठुक गए लेकिन बार-बार निकलते शीशे की जगह पुख्ता शीशा लग गया।
सुबह अख़बार देखा। हमारी साइकिलिंग की फ़ोटो दिखी। हमको श्रीलाल शुक्ल जी की बात याद आई -'सरकारी अफसर जहां निकल जाता है , वहीं उसका दौरा हो जाता है।'

https://www.facebook.com/anup.shukla.14/posts/10221088730741382

परसाई के पंच-99

 

1. ’बिग पावर’ का यह कर्तव्य है कि वह कहीं शान्ति न रहने दे। सब डर के साये में जिन्दा रहें।
2. हर मिशन एक खूबसूरत धोखा होता है।
3. राजनीति में सबकुछ होता है। आपस में तय करके भी लड़ाई होती है।
4. कुछ लोग ऐसे भी होते हैं , जिनका हृदय तलुवे में होता है। वे हृदय को कुचलते हुये चलते हैं।
5. क्रान्ति और भ्रान्ति में थोड़ा-सा अन्तर होता है। कभी-कभी भ्रान्ति को भी क्रान्ति समझ लिया जाता है।
6. सन्त एक नैतिकता अपने लिये रखता है, दूसरी दूसरों के लिए।
7. शीर्षासन का राजनीतिक फ़ायदा यह है कि इसमें हर चीज उलटी दिखती है। और सफ़ल राजनीति के लिये चीजें उलटी दिखना जरूरी है।
8. आम कवि सम्मेलनों में या तो गाना जमता है, या गाली, क्योंकि ये दोनों सहज ही समझ आते हैं; इन दोनों के परे जो कविता नाम की चीज है, वह अगर सुनायी जाये, तो कवि को हूट कर दिया जायेगा।
9. विज्ञापनबाजों ने जिस तरह नारी का उपयोग किया है, उसी तरह हमारे कुछ कवि कर रहे हैं। नारीछाप साबुन और नारीछाप कविता- एक ही टाइप है।
10. कवि पर जिम्मेदारी है कि वह जन-रुचि का परिष्कार करे। यह कहना गलत है कि जनता समझती नहीं है। हम ही जनता को नहीं समझते। हमने अपने ऊपर नट, गायक और मेमने का ’रोल’ ले लिया है।
11. हमारी आधी कविता का स्रोत तो यह है कि ’उसका’ पिता उसे हमसे मिलने नहीं देता –इसलिये हम घुट रहे हैं ! और आधी का विषय है, उस न मिल सकने वाली के सलमासितारे ! बस प्रेम-गीत हो गया। नर भी प्रसन्न, नारी भी प्रसन्न ! ताली, ’वंसमोर’ और फ़िर एक प्याला काव्य-वारुणी !

https://www.facebook.com/anup.shukla.14/posts/10221088348451825

परसाई के पंच-98

 1. धर्म वह है, जिसका पालन धनी-गरीब सब कर सकें, जो बड़े और छोटे सबके लिये सुलभ हो।

2. विचार को निर्बाध गति से प्रकट होने देना चाहिये। विचार जब लुप्त हो जाता है, या विचार प्रकट करने में बाधा होती है या किसी के विरोधी विचार से भय लगने लगता है, तब तर्क का स्थान हुल्लड़ या गुण्डागर्दी ले लेती है।
3. यह कैसी रिश्तेदारी या मित्रता है कि अपने आदमी को गलत करते देखकर भी उसे चेताया न जाय। यह तो इसी तरह हुआ कि कोई खन्दक में गिरा जा रहा है और उसका मित्र दूर खड़ा देख रहा है। उससे पूछा कि क्यों भाई, तू उसे क्यों नहीं रोकता? तो वह कहता है –’जरा आपसी मामला है; रिश्तेदारी है, वे बुरा मान जायेंगे। गिर ही जाने दो।’
4. समाज में वह शक्ति आनी चाहिये कि सामाजिक, मिथ्यावाद, असामाजिक कृत्य और समाज के लिये हानिकर कर्मों का विरोध कर सकें।
5. जिस धर्म के पालन में लाख रुपये लगें, वह धर्म नहीं है, धन्धा होगा।
6. पाखण्ड विशेष धर्म में ही नहीं है, सबमें हो रहे हैं।
7. इस देश में ऐसा ही होता आया है –बड़े से बड़े मस्तिष्क को राजसत्ता खरीदती रही है। द्रोणाचार्य-सरीखे शस्त्र और शास्त्र मर्मज्ञ को दुर्योधन ने ऐसा खरीदा कि महाभारत में द्रोणाचार्य दुर्योधन की ओर से लड़े –यह जानते हुये कि उसका पक्ष अन्याय का पक्ष है।
8. अन्याय के विरुद्ध जिसकी आवाज बुलन्द नहीं होती वह लेखक या कलाकार नहीं बन सकता।
9. अमेरिकी बड़ा विचित्र आदमी होता है। वह भीतरी शान्ति, व्यक्तिगत शान्ति तो चाहता है पर बाहर सरकार को अशान्ति फ़ैलाने देता है।
10. बेशर्म की नाक इस्पात की बनी होती है।
11. सच्ची दोस्ती वही है, जब दोस्त एक-दूसरे को बेवकूफ़ बनायें।

https://www.facebook.com/anup.shukla.14/posts/10221087472469926

Saturday, November 07, 2020

परसाई के पंच-97

 

1. न्याय के दो रूप होते हैं – एक दूसरे के लिये;दूसरा अपने लिये।
2. एक झूठ होता है; एक सफ़ेद झूठ और एक अखबारी झूठ। हमारे तमाम अखबार समाज को झूठ तक बेचते हैं। सत्य की कीमत लें तो एक बात है, पर झूठ तक को खरीदकर पढ़ते हैं लोग।
3. दुनिया में निर्दोष की बलि होती है। तुम्हारे यहां बकरे की बलि होती रही है, देवताओं की प्रसन्नता के लिये। किसी देवता की हिम्मत सिंह की बलि मांगने की नहीं होती। सिंह की बलि देने का प्रयास करने पर बलि-कर्ता भक्त की ही बलि हो जाये, इसलिये मिमियाने वाले बकरे की बलि।
4. सब धर्माचार्यों को उनके भक्तों ने ही कलंकित किया है। सनातनधर्मी कभी बौद्धों के सिर काटते थे। फ़िर बौद्धराज्य हुए तो सनातनधर्मियों के मस्तक उतरने लगे। इसाई धर्मवाले हिरोशिमा में बम पटकते हैं और ओमान में नरसंहार करते हैं। इस्लामवाले काश्मीर में लूट, अगजनी, हत्या करते हैं। जैन धर्मवाले पानी छानकर पीते हैं, मगर खुले बाजार में आदमी का खून बगैर छना पी जाते हैं।
5. धार्मिक दंगों में जो लड़ते हैं; वे क्या भक्त होते हैं? उनको धर्म से कुछ लेना-देना नहीं है। ईश्वर को वे कुछ नहीं समझते। वे ऐसे होते हैं जो किसी भी धर्म के लिये कलंक होते हैं- गुण्डे,हुल्लड़बाज, लुटेरे ! झगड़ा हो जाने से लूट का सुभीता मिलता है।
6. यहां नेता केवल चुनाव में सक्रिय होता है और अफ़सर केवल लाठी और गोली चलाने पहुंचते हैं।
7. नेता की बात कोई मानता नहीं है, क्योंकि आम आदमी का उनमें विश्वास नहीं है।
8. चुनाव के सिवा नेता किसी के पास नहीं जाता। समाज की दैनिक समस्याओं की ओर नेता का ध्यान नहीं जाता।
9. अफ़सर का जनता से सम्बन्ध केवल डिग्री, समन, लाठी और गोली के मार्फ़त होता है।
10. जिस समाज के तरुणवर्ग में घुटन होती है वह समाज पतित होता जाता है, क्योंकि घुटन विकृतियों की निशानी है, उससे मानसिक रुग्णता आती है और समस्त जाति का स्वास्थ्य बिगड़ता है।
11. प्रेम की प्रेरणा से कर्म में सौन्दर्य और कुशलता आती है, पर कर्महीन प्रेम अत्यन्त पतनशील और घिनौना होता है।

https://www.facebook.com/anup.shukla.14/posts/10221074177737566

परसाई के पंच-96

 

1. फ़ासिस्ट संगठन की विशेषता होती है कि दिमाग सिर्फ़ नेता के पास होता है, बाकी सब कार्यकर्ताओं के पास सिर्फ़ शरीर होता है।
2. किसी प्रधानमंत्री को बेटा रखने का शौक नहीं करना चाहिये। यह बड़ा खर्चीला शौक है। एक तरह की ऐयाशी है। संविधान में संशोधन हो कि सन्तानहीन ही प्रधानमंत्री हो सकता है, क्योंकि बेटा मिटाऊ होता है।
3. सत्य एक लचीली बेल की तरह है। बेल अपने आप तो चढ़ नहीं सकती। तो वह मिथ्या के खम्भे के सहारे चढ़ती।
4. यहां मिनिस्टर हौआ होता है। साधारण जन नहीं अखबारनवीस तक उसे देवता समझते हैं – कि वे उससे दूर , नीचे बैठते हैं, उसे ’हीरो’ बना डालते हैं और जब अगर वह कोई काम उनके साथ करता है, या उनके साथ मिलकर करता है तो वे उसकी जय बोलते हैं। यह संकेत है प्रजातंत्र की असफ़लता का।
5. प्रजातन्त्र में अखबारनवीस अभिभूत हुये कि प्रजातन्त्र गया।
6. अखबार मंत्रियों के अभिनय, उछलकूद सबको खूब छापकर उन्हें ’हीरो’ बनाते रहते हैं। आम जनता इनसे बेवकूफ़ बनती है। वह ’हीरो’ की जय बोलती है, उसकी कमी की ओर नहीं देखती।
7. अखबारनवीस प्रजातन्त्र का ’वाचडॉग’ होता है। वह रखवाली करता है, दुम नहीं हिलाता।
8. यहां तो ’मिडलची’ अखबार निकलते हैं, 420 के उस्ताद अखबार निकलते हैं, 10-5 में बिक जाने वाले अखबार निकलते हैं। दन्तनिपोर , घोंघाबसन्त, पोंगानाथ आदि-आदि- हर कोई अखबारनवीस बन जाते हैं।
9. दकियानूसी मार्क्सवादी उतना ही खतरनाक होता है जितना बुर्जुआ।
10. अफ़सर और राज्य एक ही वस्तु है। अफ़सर राज्य के लिये और राज्य अफ़सर के लिये। अफ़सर अपने माल और राज्य के माल में कोई भेद नहीं करता –अद्वैत इसी को कहते हैं।
11. अफ़सर के यहां की शादी ’स्टेट वेडिंग’ होती है। जैसे मन्त्री की शवयात्रा ’स्टेट फ़्यूनरल’ होती है। ऐसा इसलिये होता है कि जब जनम-जनम के पुण्य़ उदय होते हैं, तब आदमी अफ़सर के यहां जन्म लेता है।

https://www.facebook.com/anup.shukla.14/posts/10221074051814418

Thursday, November 05, 2020

परसाई के पंच-95

 1. अब छात्र अपने गुरु की सारी कमजोरियां जानते हैं, इसलिये स्वाभाविक है कि जो अध्यापक जैसा होगा उसकी इज्जत वैसी ही होगी।

2. हर क्षेत्र में गैरजिम्मेदारी आ गयी है और बिना काम किये पैसा पाने की प्रवृत्ति बढी है, वैसी ही शिक्षा के क्षेत्र में आ गयी है।
3. साल भर सांप दिखे तो उसे भगाते हैं। मारते हैं। मगर नागपंचमी को सांप की तलाश होती है, दूध पिलाने के लिये और पूजा करने के लिये। सांप की तरह ही शिक्षक दिवस पर रिटायर्ड शिक्षक की तलाश होती है, सम्मान करने के लिये।
4. शिक्षक दिवस तो इसलिये चल रहा है जबरदस्ती कि डॉ राधाकृष्णन राष्ट्रपति रहे। अगर वे सिर्फ़ महान अध्यापक मात्र रहते, तो शिक्षक दिवस नहीं मनाया जाता।
5. जिस अवस्था में बेईमानी को उत्तम गुण मान लिया गया हो, उसमें आचार्य वृहस्पति भी किसी को ईमानदार नहीं बना सकते। 5 सितम्बर शिक्षकों का अपमान दिवस है। झूठ है। पाखण्ड है। गरीब अध्यापक का उपहास है। प्रहसन है। वेतन ठीक नहीं देंगे। सुभीते नहीं देंगे। सम्मान करके उल्लू बनायेंगे। यह शिक्षक दिवस उपहास दिवस है। इस देश के शिक्षकों को 5 सितम्बर को सम्मान कराने से इन्कार कर देना चाहिये।
6. यह नाटक जो जनता को प्रभावित करने के लिये किया जा रहा है, उस पर जनता हंस रही है। जिस पर जनता हंसती है उसे अगर वोट देती होती, तो दुनिया में कई जोकर प्रधानमंत्री और राष्ट्रपति हो जाते।
7. सच्चा परोपकारी वह होता है जो अपना नुकसान करके भी दूसरों की मदद करता है।
8. दिमाग खराब होने पर कोई आदमी अपने को कभी बहादुर समझने लगता है।
9. सत्य की साधना में असत्य के घर जाना पड़ता है।
10. भगवान की भक्ति से डाकू तक सन्त हो जाते हैं।
11. कुकर्मों का एक खाता बन्द करके नया खाता खोलना ही संन्यास है।

https://www.facebook.com/anup.shukla.14/posts/10221062271239911

Wednesday, November 04, 2020

परसाई के पंच-94

 

1. पति पत्नी द्वारा प्रताड़ित होते हैं, तनखा को लेकर। कम तनखा लेने वाले पति पत्नी द्वारा जब-तब प्रताड़ित किये जाते हैं। जो पति वेतन के दिन कलारी होते हुये आते हैं वे भी पिटते हैं।
2. पति के प्रताड़ित होने के कारण और भी हैं। कोई पति इसलिये प्रताड़ित होता है कि उसकी स्टेनो सुन्दरी है। दूसरे की बीबी की तारीफ़ करने वाले भी प्रताड़ित होते हैं।
3. जाति और धर्म की सेवा हिसाब से करनी चाहिये। हिसाब से ज्यादा धर्म हो जाय, तो धन हाथ से निकलने लगता है।
4. जाति और धर्म की सेवा अगर ज्यादा हो जाय, तो धन नाश होता है। राजा हरिशचन्द्र ने धर्म सीमा से बाहर निभा दिया, तो चाण्डाल के घर नौकरी करनी पड़ी। राज गया, धन गया।
5. भ्रष्टाचार अगर अपने हाथ से हो तो वह प्रजा के लिये हितकारी है। दूसरे के हाथ से भ्रष्टाचार हो तो वह प्रजा के लिये दुखदायी है।
6. जनता इन्हीं से अपनी रक्षा चाहती है, जो जनता की रक्षा के लिये रैली निकाल रहे हैं।
7. दिशाहीन और विचारधारा हीन और सिद्धान्तहीन राजनीति जिन्दगी भर करने के कारण ये बूढ़े नेता इस सद्गति को प्राप्त हुये हैं कि कल राजनीति में आये फ़िल्मी हीरो इन्हें बन्दर की तरह नचाते हैं।
8. लोकतंत्र में जब सामन्तवाद जैसी ताकत शासक को मिल जाय, तब वह नवाब या महाराणा हो ही जायेगा।
9. पूरे मध्य और उत्तर भारत में छात्र-नेता को गुण्डा और अपराधकर्मी होना ही पड़ेगा। वह होता है। अगर वह गुण्डा और अपराधकर्मी न हो तो नेतागिरी नहीं कर सकता।
10. दक्षिण भारत में या बंगाल में वह छात्र-नेता होता है, जो फ़र्स्ट क्लास होता है, अध्ययनशील होता है, जिसका व्यक्तित्व प्रभावशाली और उद्दात होता है, जिसका आदर छात्र और अध्यापक करते हैं। अपने यहां नेता वह होता है, जो पढ़ता ही नहीं। मूर्ख होता है। आतंकवादी होता है। छुरा रखता है, गुण्डों का गिरोह रखता है। यह आदर्श छात्र-नेता होता है।
11. छात्र अपने को विशेषाधिकार प्राप्त ’वर्ग’ कहते हैं। छात्र ’वर्ग’ नहीं है, भीड़ है। बस-ड्राइवर और कण्डक्टर और तमाम श्रमजीवी ’वर्ग’ है। अगर छात्र ’वर्ग’ होता और श्रमिक ’वर्ग’ से मिलकर वर्ग-संघर्ष करता, तो देश में क्रान्ति हो गयी होती। मगर सबसे बड़ी क्रान्ति विरोधी शक्ति कोई है तो यह अपनी छात्र शक्ति ही है। इनकी क्रान्ति की परिभाषा है –छात्रों, अध्यापकों को आतंकित करना, हुल्लड़ करना, मुफ़्त की शराब पीना, होटलों में मुफ़्त में खाना और होटलवाले से मारपीट करना।

https://www.facebook.com/anup.shukla.14/posts/10221056548976858

परसाई के पंच-93

 

1. जो जाति जितनी प्राचीन होती है, उसके आदमखोरी संस्कार भी उतने ही गहरे होते हैं।
2. हम दुनिया के प्राचीन आदमखोर हैं। हमारे शिकारी बन्दूक लेकर जंगल में आदमखोर बाघ को ढूंढते फ़िरते हैं और इधर हम बेहिचक आदमी को खाते रहते हैं। हरिजन स्त्री और बच्चे को आग में झोंक देते हैं। दहेज कम लाने वाले बहू का गला घोंट देते हैं।
3. गैरकानूनी शराब- मिलावटी शराब, जहरीली शराब का उत्पादन और बिक्री यज्ञ-जैसा अनुष्ठान है, जिसमें कई पुरोहित स्वाहा बोलते हैं। हाथ भट्टीवाला, ठेकेदार, मिलावट करने वाला, आबकारी दरोगा, पुलिस अफ़सर, स्थानीय नेता, विधायक, स्थानीय’दादा’ ये सब इस अनुष्ठान में लगे होते हैं। जहरीली शराब बनाने वाले और बेचनेवाले की ये लोग रक्षा करते हैं।
4. अमेरिका और सब मामलों में चाहे भारत और पाकिस्तान में भेद करता हो, पाक को चाहता हो और भारत को नहीं, मगर एक बात में दोनों को बराबर मानता है। एक चीज है जो अमेरिका भारत और पाकिस्तान दोनों को बराबर देता है और वह चीज है –बेकारी।
5. सारे पिछड़े कहलाने वाले देश सम्पन्न गोरे और साम्राज्यवाद की नजर में बराबर हैं।
6. प्रेम धर्म के खिलाफ़ है। प्रेम करना धर्म के हिसाब से गुनाह है।
7. सम्पन्नता अपने को प्रगट किये बिना नहीं मानती और सम्पन्नता दिखाने का सबसे लोकप्रिय तरीका है, सोना दिखाना।
8. जो चोरी-तस्करी में लगा होता है, और पुलिस से परेशान रहता है, वह संन्यासी हो जाता है।
9. भक्ति, वीरता और सेक्स की मिली-जुली मानसिकता फ़िल्मी हीरो को नेता, उद्धारक और पथ-प्रदर्शक बना देती है।
10. भारत की राजनैतिक हालत बड़ी डांवाडोल मानी जाती है। सभी चिन्तित हैं। इतनी पार्टियां हैं। विचारधारायें हैं। कार्यक्रम हैं। योजनायें हैं। खर्चीले संगठन हैं। कौन का किससे गठबंधन हो जायेगा, कुछ ठीक नहीं।
11. दिल्ली में कोई वधू जलकर मरी कि प्रदर्शनों का तांता लग जाता है। इन प्रदर्शनों में ज्यादातर वे महिलायें शामिल होती हैं, जो प्रौढा होती हैं और तीसरे पहर के आलस को नारे में भुलाना चाहती हैं। अगर प्रौढायें तीसरे पहर न ऊबें तो कोई प्रदर्शन नारियों के पक्ष में न हो।

https://www.facebook.com/anup.shukla.14/posts/10221056390572898

Tuesday, November 03, 2020

तख्त-ए- हज्जाम और किराये पर साइकिल की दुकान

 


इधर-उधर टहलते हुए स्टेशन की तरफ बढ़ गए। एक शटर बन्द दुकान के बाहर एक हज्जाम अपना सैलून सजा रहे थे। लकड़ी की कुर्सी। कटोरी में पानी। साबुन और दीगर हिसाब। सुबह हो गयी। दुकान सज गयी।
हमारे देखते-देखते एक ग्राहक आकर बैठ गए - तख्त-ए-हज्जाम पर। ग्राहक खुदा का नूर होता है। ग्राहक भगवान होता है। हज्जाम जी ग्राहक को कुर्सी पर बैठाकर साबुन लगाने लगे।
दुकान के सामने फुटपाथ पर सैलून है। दुकान खुलने पर कैसे चलता है ? - हमने पूछा।
दुकान बंद रहती है। खुलती नहीं। एक दुकान बंद होने पर उसके सामने दूसरी दुकान खुल जाती है। दुकानों का सिलसिला चलता रहता है। यह बात हर तरह की दुकान पर लागू होती है -हज्जाम की हो या बजाजे की। धर्म, राजनीति की दूकानों पर भी यह बात लागू होती है। समय के साथ पुरानी दुकान बढ़ जाती है, नई खुल जाती है।
कित्ते पैसे में हजामत बन जाती है? -चलते-चलते बेवकूफी का सवाल पूछ लिया मैंने।
"सब टोले-मोहल्ले के लोग हैं। अपने-अपने हिसाब से दे देते हैं। कोई दस, कोई बीस।" -कुर्सी पर बैठे ग्राहक ने बताया।
आज के समय में भी टोले-मोहल्ले की बात कहने वाले हैं।
आगे गली में एक जगह खूब सारी साइकल इकट्ठा थीं। हमारे देखते-देखते एक आदमी ने एक साइकिल की गद्दी पर हाथ मारकर साइकिल की सुस्ती झाड़ी। नाम और समय लिखाया और उचककर गद्दीनसीन होकर चला गया।
पता चला यह किराए की साइकिल का ठीहा है। 20 रुपये रोज पर किराए की साइकिल मिलती है। महीने की 600 रुपये। हमको कालेज के दिन का किराया याद आया। 30 पैसे घण्टे साइकिल मिलती थी किराये पर। आठ घण्टे के 2रुपये 40 पैसे हुए। 39-40 साल पहले की बात। मतलब साइकिल का किराया लगभग दस गुना बढ़ा है।
अंदर दुकान में तमाम साइकल अपने किराये पर जाने के इंतजार में जमा थीं। गुमसुम सी साइकिलें। मन किया कि सब साइकिलों को एक साइकिल सवार मुहैया करा दें। साइकलें चहकती हुई अपने सवार के साथ टुनटुनाती हुई सड़क पर मस्ती करें। लेकिन मन करने से क्या होता है?
मन की बात को वहीं स्थगित मतलब विर्सजित करके हम अपनी साइकिल स्टार्ट करके चल दिये।

https://www.facebook.com/anup.shukla.14/posts/10221050986517800