Sunday, October 18, 2020

सूरज भाई और मोबाइल मीडिया

 

सुबह घर के पीछे बरामदे में देखा सूरज भाई आसमान पर विराजमान थे। विराजमान मतलब दैदीप्यमान। दो पेड़ों के बीच एकदम सुर्ख लाल। पेड़ सीधे खड़े थे- कमांडों की तरह। सूरज भाई के चेहरे से एकदम शांत वीआईपी पन टपक रहा था।
सूरज भाई के जलवे देखकर जलन हुई। उनसे मजे लिए -'भाई जी, ड्रेस तो बड़ी शानदार है। एक दम ठेके पर काम करने वाले दिहाड़ी मजदूरों की ड्रेस सरीखी।'
'भाई जी' हमने इसलिए लिखा क्योंकि (आपको भी पता ही होगा) दोस्तों पर तंज नजदीकी का नाटक करते हुए किये ही किये जाते हैं। हमको तो सिर्फ मजे लेने थे इसलिए 'भाई जी' कहकर ही बात की। हमला करना होता तो 'हम आपकी बहुत इज्जत करते हैं' के ब्रह्मास्त्र से बात शुरू करते। बात की शुरुआत ही अगर कोई 'इज्जत करने के उद्घोष 'से करे तो बिना समय गंवाए 'इज्जत का बीमा' करा लेना चाहिए, निकट की पुलिस चौकी से' इज्जत की सुरक्षा' के लिए पुलिस मांग लेनी चाहिए।
सूरज भाई आदतन मुस्कराए। अपनी खिंचाई को मुस्कराते हुए ग्रहण करने वाले लोग या तो बहुत समर्थ होते हैं या बहुत बड़े 'चिरकुट घाघ'। समर्थ लोग आलोचना का बुरा नहीं मानते। 'चिरकुट घाघ' आलोचना करने वाले को आने वाले समय में निपटाने का निश्चय करते हुए मुस्कराते हैं -एक मुर्गा और मिला निपटाने को।
सूरज भाई मुस्कराते हुए बोले -'हमको पता है कि चिरकुटई तुम्हारा जन्मसिद्ध अधिकार है , तुम इसे करके रहोगे। करने की कोशिश की भी लेकिन जमी नहीं। हमारी ड्रेस तुमको दिहाड़ी मजदूर सरीखी दिखी यह कहकर तुमने यह कहना चाहा कि हमारी औकात दिहाड़ी मजदूर सरीखी है। लेकिन सच तुम भी जानते हो दिहाड़ी मजदूर तो अनगिनत हैं, रोज बढ़ रहे हैं, एक चाहोगे सौ क्या हजार मिलेंगे लेकिन अपन अकेले हैं -'जिस दिन नहीं निकलेंगे 'शांत' हो जाओगे।'
हमने सूरज भाई की मिजाज पुर्सी करने के लिहाज से कहा -'नहीं भाई जी, हमारा कहने का मतलब वह नहीं था। आप मेरी बात का गलत मतलब निकालने लगे।'
सूरज भाई मुस्कराते हुए बोले -'बात तुमने कही, अब मतलब निकालना हमारा काम है। हमारे बारे में कही बात का मतलब हम निकालेंगे कि तुम? '
खेत में खिले धान के पौधे हवा के सहारे हिलते हुए सूरज भाई की बात का समर्थन करते हुए दिखे। यही बालियां मेरी बात का भी इतनीं ही तेजी से सर्मथन कर रहीं थी। धान की बालियों की हरकत मुझे किसी राज्य के विधायकों सरीखे लगीं जो सरकार बना सकने में समर्थ पार्टी को आंख और अक्लमूँद कर ज्वाइन कर लेते हैं।
हमने सूरज भाई का फोटो लिया। आसमान में सुर्ख लाल दिखते सूरज भाई फोटो में पीले दिखे। जो सूरज भाई अभी भी मुझे एक दम लाल दिख रहे हैं, उनको यह बदमाश पीला दिखा रहा है। एकदम मीडिया की तरह धूल झोंक रहा है मेरी आँखों में। किससे पैसे खाये हैं इसने, देखना पड़ेगा।
मन तो कर रहा है अपने मोबाइल का नार्को टेस्ट करा दूं। लेकिन यह विचार आते ही मन दहल गया कि इसका 'नार्को टेस्ट' होगा तो अपना 'नरक टेस्ट' हो जाएगा।
हमने कदम वापस खींच लिए क्रीज में और समझदार नागरिक की तरह भली बातें सोचने लगे।

https://www.facebook.com/anup.shukla.14/posts/10220946075335086

Saturday, October 17, 2020

कैसे रहोगे

 

अपने दुख
तुम मुझसे नहीं कहोगे
तो किससे कहोगे
और दुनिया में तुम्हारा
है ही कौन ?
मैंने देखा वह मक़ाम
जहाँ दुनिया पीछे छूट चुकी थी
और दुनिया का मतलब
मेरे लिए
सिर्फ़ तुम थीं
और तुम भी
एक असमाप्य दूरी से
सुनती थीं मेरी पुकार
उस निपट असहायता में
मैं फूट-फूटकर रो पड़ा
तुमने कहा :
कहते तो हो
कि रह लूँगा
पर मेरे बिना
कैसे रहोगे ?
अपने दुख
तुम मुझसे नहीं कहोगे
तो किससे कहोगे ?

https://www.facebook.com/anup.shukla.14/posts/10220940766242362

Friday, October 16, 2020

परसाई के पंच-72

 

1. प्रेम की तरह चुनाव लड़ने की भावना हृदय में अपने-आप पैदा होती है और फिर जैसे प्रेमी को समझाना असम्भव है, वैसे ही उम्मीदवार को भी। दोनों कफ़न का पेशगी इंतजाम कर लेते हैं।
2. एक 'स्टेज' के बाद लेखक साहित्य की जमीन से उड़कर राजनीति, व्यवसाय या नौकरी के पेड़ पर बैठ जाता है।
3. लोभ से कोई अछूता नहीं है। नकारने का कारण हमेशा निर्लोभ ही नहीं होता।
4. देश के इस दौर में हृदय को सही-सलामत रखकर कोई तरक्की नहीं कर सकता। ठेकेदारी सभ्यता की यह बड़ी वैज्ञानिक देन है कि सफल आदमी बन्द हुए हृदय को लेकर भी जिंदा रहता है।
5. डरा हुआ देशभक्त 'बेडरूम' में नहीं पाखाने में छिपता है। 'बेडरूम' में छिपने वाले वीर 18 वी शताब्दी तक होते थे। रनिवास उनका इंतजार करता रहता था कि वीर भागकर अब आये, अब आये।
6. क्रांति करने की तरह ही जरूरी है, क्रांति के शील की रक्षा। असावधानी के कारण दुनिया की कई क्रांतियों का शीलभंग हो चुका है।
7. आंदोलनों की यही 'ट्रेजडी' कभी-कभी हो जाती है। इनके झंडे मुर्दों के हाथ में यह सोचकर दे दिए जाते हैं कि जब चाहेंगे छीन लेंगे -आखिर मुर्दा ही तो है। पर मुर्दा झंडे को जकड़ लेता है और अपने साथ चिता पर ले जाता है। कितने ही झंडे मुर्दो के साथ चिता पर चले गए हैं।
8. इस महान देश में हर पवित्र और पूजनीय चीज दंगे के काम आती है।
9. सुखद यात्रा का एक नुस्खा यह है कि बगलवाले से बातचीत का सम्बंध मत जोड़ो। सम्बन्ध जोड़ा कि वह तुम्हारा चैन हराम कर देगा।
9. चौकन्नापन का टैक्स हर एक को चुकाना पड़ता है। कोई शरीर के स्तर पर चुकाता है, कोई चेतना के स्तर पर। जो इस टैक्स की चोरी कर लेते हैं , वे बड़े सुखी होते हैं।
10. हम छोटी-छोटी चीजों से मरते-जीते हैं। मध्यमवर्गीय आदमी शक्कर के अभाव में गुड़ की चाय पीता है, तो सोचता है, इसके आगे भगतसिंह का बलिदान कुछ नहीं है। अगर भारतवासी 1920 से 1930 तक गुड़ की चाय पीते , तो 1931 में ही देश आजाद हो जाता।
11.इस देश का आम आदमी अपनी ही जमीन से बेदखल कर दिया गया है। वह अपने ही मकान में किराए से रहता है।

https://www.facebook.com/anup.shukla.14/posts/10220932699680703

Tuesday, October 13, 2020

परसाई के पंच-69

 

1. स्त्री के लिये अभी भी पत्नी के पद पर नौकरी सबसे सुरक्षित जीविका है ।
2. सहकारी दूकान के सामने कतार लगी है और पीछे के दरवाजे से चीजें कालाबाजार में चली जा रही हैं। क्षेत्र में कोई काम कोई करता है और टिकट दूसरे को मिल जाती है । हम किसी को महान भ्रष्टाचारी घोषित करते हैं और वह सदाचार अधिकारी बना दिया जाता है ।
3. सोचना एक रोग है, जो इस रोग से मुक्त हैं और स्वस्थ हैं, वे धन्य हैं ।
4. शुद्द बेवकूफ़ एक दैवी वरदान है , मनुष्य जाति को । दुनिया का आधा सुख खत्म हो जाये, अगर शुद्ध बेवकूफ़ न हों ।
5. गिरने के बड़े फ़ायदे हैं । पतन से न मोच आती , न फ़्रैक्चर होता । कितने ही लोग मैंने कितने क्षेत्रों में देखे हैं, जो मौका देखकर एकदम आड़े हो जाते हैं । न उन्हें मोच आती है, न उनकी हड्डी टूटती । सिर्फ़ धूल लग जाती है , पर यह धूल कपड़ों में लगती है, आत्मा में नहीं ।वे उसे झाड़ लेते हैं, और इस शान से चलते हैं, जैसे आड़े होकर गिरे ही नहीं ।
6. हड्डी टूटने के हड्डी चाहिये। किसी ने सुना है कि किसी केंचुये का कभी ’फ़्रेक्चर’ हुआ ? उसकी हड्डी ही नहीं है । लहरिया मारकर किलकिलाकर बड़े-बड़े गड्डे पार कर लेता है।
7. बहुत आदमियों की रीढ की हड्डी नहीं होती । उन्हें चाहे तो आप बोरे में भी डालकर ले जा सकते हैं । ले ही जाते हैं । मैं लगातार देख रहा हूं कि राजनीति और साहित्य में बहुत लोग आपरेशन करवा के रीढ की हड्डी निकलवा लेते हैं । फ़िर इन्हें चाहे बोरे में भर लीजिये या सूटकेस में डाल लीजिये और कुली पर लदवाकर चाहे जहां जाइये।
8. सम्मान से आत्मा में मोच आती है और पुरस्कार से व्यक्तित्व में ’फ़्रेक्चर’ होता है।
9. वजनदार माला गर्दन झुकाने के काम आती है। तीन-चार किलो की माला गर्दन में डाल दो तो अच्छी-अच्छी गर्दनें झुक जाती हैं।
10. पिट भी जाओ और साहित्य-रचना भी न हो। यह साहित्य के प्रति बड़ा अन्याय है। लोगों को मिरगी आती है और वे मिरगी पर उपन्यास लिख डालते हैं ।
11. जब उद्घाटन भाषण पूरा होने से पहले ही पुल गिर जाता है, तो जांच पड़ताल , जांच कमीशन वगैरह की जरूरत ही नहीं है। यह युग सत्य है और सत्य को स्वीकार करनी ही चाहिये। पहले असत्य से शर्म आती थी, अब सत्य से शर्म आती है।

https://www.facebook.com/anup.shukla.14/posts/10220916153747065

Sunday, October 11, 2020

परसाई के पंच-68

 

1. जो दिखाया न जा सके, वह घाव बेकार चला जाता है। जिस दर्द को भुना न सकें , वह खोटा सिक्का है ।
2. पवित्रता ऐसी कायर चीज है कि सबसे डरती है और सबसे अपनी रक्षा के लिये सचेत रहती है । अपने पवित्र होने का अहसास आदमी को ऐसा मदमाता बनाता है कि वह उठे हुये सांड की तरह लोगों को सींग मारता है, ठेले उलटाला है, बच्चों को रगेदता है । पवित्रता की भावना से भरा लेखक उस मोर जैसा होता है जिसके पांव में घुंघरू बांध दिये जाते हैं। वह इत्र की ऐसी शीशी है जो गन्दी नाली के किनारे की दुकान पर रखी है । यह इत्र गन्दगी के डर से शीशी में ही बन्द रहता है।
3. शाश्वत साहित्य लिखने का संकल्प लेकर बैठने वाले मैंने तुरन्त मरते देखे हैं ।
4. हममें से अधिकांश ने अपनी लेखनी को रण्डी बना दिया है, जो पैसे के लिये किसी के भी साथ सो जाती है । सत्ता इस लेखनी से बलात्कार कर लेती है और हम रिपोर्ट तक नहीं करते।
5.पवित्रता का यह हाल है कि जब किसी मन्दिर के पास से शराब की दूकान हटाने की मांग लोग करते हैं, तब पुजारी बहुत दुखी होता है, उसे लेने के लिये दूर जाना पड़ेगा । यहां तो ठेकेदार भक्ति-भाव में कभी-कभी मुफ़्त भी पिला देता था ।
6. सम्पादकों की बात मैंने कभी नहीं टाली । वे कहें कि रो दो, तो मैं रो पड़ूंगा । वे कहें कि नंगे हो जाओ, तो नंगा हो जाऊंगा । साहित्य में नंगेपन का पेमेण्ट अच्छा होता है ।
7. लेखकों को मेरी सलाह है कि ऐसा सोचकर कभी मत लिखो कि मैं शाश्वत लिख रहा हूं । शाश्वत लिखने वाले तुरन्त मृत्यु को प्राप्त होते हैं। अपना लिखा जो रोज मरते देखते हैं, वही अमर होते हैं।
8. जो अपने युग के प्रति ईमानदार नहीं हैं, वह अनन्त काल के प्रति क्या ईमानदार होगा !
9. गालिब की याद में जो गालिब अकादमी बनी है, उसका बाथरूम भी अगर उसे रहने को मिला होता तो वह निहाल हो जाता ।
10. कुछ लेखक तो सहज ही निष्प्रयास नीच हो लेते हैं । मुझे उनसे ईर्ष्या होती है।
11. कोर्स का लेखक वह पक्षी है , जिसके पांवों में घुंघरू बांध दिये गये हैं। उसे ठुमककर चलना पड़ता है। ये आभूषण भी हैं और बेडियां भी । रायल्टी मिलने लगी है तो लगता है कि ’सत्साहित्य’ ही लिखो, जिससे लड़के-लड़कियों का चरित्र बने । उसे आचार्यगण तुरन्त गले लगा लेंगे । परेशानी यही है कि ’सत्साहित्य’ कुल आठ-दस वाक्यों में आ जाता है, जैसे सत्य बोलो, किसी को कष्ट मत दो, ब्रह्मचर्य से रहो, परायी स्त्री को माता समझो, आदि।

https://www.facebook.com/anup.shukla.14/posts/10220905696085630

Saturday, October 10, 2020

व्यंग्य के बवाल

 बड़ा बवाल है व्यंग्य में आजकल।

व्यंग्य के बाद 'विधा' हम जानबूझकर नहीं लिखे। 'विधा' और 'स्पिरिट' में अभी भी तनातनी है। वैसे लफड़ा तो 'विधा' और 'स्पिरिट' की पहचान में भी है। हमारे एक ज्ञानी दोस्त के अनुसार 'विधा' , विधि (कानून) का पति है और स्पिरिट , प्रवृत्ति वाली नहीं है बल्कि यहां 'स्पिरिट' का मतलब वो वाली 'स्पिरिट' से है जिसकी दुकाने खुलते ही कोरोना काल में भी भीड़ उमड़ पड़ी थी।
बहरहाल कहने का मतलब यह कि व्यंग्य में बहुत बवाल, कन्फ्यूजन है, अफरा-तफरी है। धड़ल्ले से लिखा जा रहा है, पढा जा रहा है। किताबें आ रही हैं, विमोचन हो रहे हैं, समीक्षाएं हो रही हैं। खूब बयान बाजी हो रही है। मतलब व्यंग्य बाजार में मामला गुलजार है। चहल-पहल है। हलचल है। व्यंग्य का हलका एकदम बाजार की तरह गुलजार है। दीवाली में सरार्फा बाजार की तरह चमकदार है।
इतना हसीन मंजर है फिर क्या बवाल? बवाल जैसी कोई बात नहीं, वो तो ऐसे ही लिखे जरा बात में वजन लाने के लिए। हुआ यह कि हम पिछले दिनों मोबाइल से पुरानी फोटो, कूड़ा साफ कर रहे थे कि व्यंग्य के अखाड़े के दो खलीफाओं के परस्पर विरोधी बयान दिखे। 2015 में लालित्य ललित Lalitya Lalit जी कहते पाए गए :
'हम लोगों को व्यंग्य लिखना सिखाते हैं।'
उस समय के व्यंग्य लेखकों की जनगणना करते हुए लालित्य जी ने यह बताया था कि 30 लोग व्यंग्य लिख रहे हैं। उनके बयान को प्रेम जनमेजय जी का बाहर से समर्थन रहा होगा क्योंकि उन्होंने उसके बाद बोलते हुए भी इसका खंडन नहीं किया।
सनद रहे कि लालित्य ललित जी ने यह बयान व्यंग्य के शीर्ष पुरोधा माने जाने वाले परसाई जी के शहर में जारी किया था। जिस शहर की हर गली में व्यंग्यकार मिलते हों, ऐसी जगह व्यंग्य सिखाने की बात कहना व्यंग्य के क्षेत्र में सर्जिकल स्ट्राइक सरीखा था। लेकिन किसी जबलपुरिये ने इस बात का कोई नोटिस न लेते हुए यह बताया कि जबलपुर को संस्कारधानी क्यों कहा जाता है।
लालित्य ललित जी ने 2015 में जो व्यंग्य लिखना सिखाया तो अभी पिछले हफ्ते व्यंग्य लेखक की संख्या 30 से बढ़ाकर 135 कर ली। व्यंग्य लेखकों का संग्रह भी छपा दिया। 2015 में 30 से शुरू करके 2020 तक 135 तक ले आये व्यंग्यकारों को। मतलब 5 साल में 105 लोगों को व्यंग्य लिखना सिखा दिया। मतलब हर साल 21 लेखक औसतन बनाये। बहुत बड़ा योगदान है यह साहित्य की किसी भी विधा (या स्पिरिट) के लिए।
हम लालित्य ललित जी की तारीफ करने की सोच ही रहे थे कि प्रख्यात व्यंग्यकार और आलोचक Subhash Chander जी का बयान दिख गया। उनका कहना है:
'व्यंग्य लिखना कोई नहीं सिखा सकता।'
अब यह बयान तो लालित्य ललित जी के बयान के एकदम उलट है। ललित जी कहते हैं हम व्यंग्य लिखना सिखा रहे हैं, उधर आलोचक श्रेष्ठ कहते हैं व्यंग्य लिखना कोई सिखा नहीं सकता। हमें समझ नहींआता किसकी बात सही माने। अगर कोई सिखा नहीं सकता तो ये जो 30 व्यंग्य लेखकों से 75 होते हुए 135 तक पहुंची संख्या उनकी व्यंग्य की डिग्री फर्जी है क्या ?
दोनों लोग व्यंग्य के बड़े उस्ताद हैं। एक तरफ लालित्य ललित जी धुंआधार लिखते हैं और हर महीने एक नई किताब आ जाती है उनकी। उनकी नेशनल बुक ट्रस्ट के जरिये साहित्य के प्रसार की जबर्दस्त मेहनत है। दूसरी तरफ सुभाष जी हैं जो व्यंग्य की डिग्री देने वाले एकमात्र विश्वविद्यालय है। उनकी व्यंग्य लेखन के इतिहास में दर्ज हुए बिना कोई व्यंग्यकार कैसे कहला सकता है। उनकी बात का समर्थन न करना मतलब अगले 'व्यंग्य के इतिहास में' के अगले संस्करण में नाम गायब होने का खतरा।
हमारी हालत कवि भूषण की तरह हो गयी है जो अपने दोनों आश्रयदाता राजाओं की तारीफ करते हुए कहते हैं -'शिवा को सराहूं कि सराहूं क्षत्रसाल को।' सवाल पूछते ही उन्होंने दोनों की मिजाजपुर्सी कर ली। हम भी करना चाहते हैं लेकिन करने से बच रहे हैं क्योंकि अभी समय कम है। फिर कभी।
फिलहाल तो अभी आप बताओ कि किसकी बात सही लगती है आपको लालित्य ललित जी की व्यंग्य लिखना सिखाने वाली बात कि सुभाष चन्दर जी की व्यंग्य लिखना कोई सिखा नहीं सकता वाली बात।
आप अपनी राय बताइए तब तक हम दफ्तर होकर आते हैं। ठीक ?

https://www.facebook.com/anup.shukla.14/posts/10220895881920282

Friday, October 09, 2020

परसाई के पंच-65

 

1. न्याय देवता है। हर देवता भेंट लेता है। अगर भक्त से सीधे भेंट ले तो कोई बात नहीं, पर हर देवता का एक मध्यस्थ होता है- ’मिडिलमैन से कहीं छुटकारा नहीं। न्याय देवता का मिडिलमैन वकील होता है। दुश्मन से छुटकारा मिल सकता है, पर अपने ही वकील से छुटकारा मुश्किल है।
2. एक बार कचहरी चढ जाने के बाद सबसे बड़ा काम है, अपने ही वकील से अपनी रक्षा करना। प्रतिपक्षी से उतना डर नहीं रहता, जितना अपने ही वकील से।
3. सफ़ल डाक्टर वह है जो जो मरीज को न मरने दे, पर इलाज चलता रहे। सफ़ल वकील वह है, जो मुवक्किल को न जीतने दे, न हारने दे, बस मुकदमे चलते रहें। इसीलिये सफ़ल डॉक्टर और सफ़ल वकील के हाथों अपने को सौंपना खतरे से खाली नहीं है।
4. पैसे में बड़ा विटामिन होता है।
5. कुछ लोग स्नेह और सहानुभूति का घड़ा भरकर रखे रहते हैं और आदमी के मरने की राह देखते रहते हैं। इनका हृदय आग बुझाने के लिये पानी से भरी रखी हुई बाल्टी की तरह होता है, जिसका उपयोग तभी होता है, जब आग लगती है। इनका स्नेह और सहानुभूति पाने के लिये आदमी को मरना पड़ता है।
6. सच्चा संवेदन भी जब रूढ हो जाता है, तब वह भावहीन, रिक्त, थोथा रिफ़्लेक्स हो जाता है। बिन बोले का दुख बड़ा कहा गया है, पर अब कोलाहल से दुख की मात्रा नापी जाती है।
7. शवयात्रा में जो तफ़रीहन भी जाय उसका दुख बड़ा गिना जायेगा और जो दुख से टूटकर घर बैठा रहे , उसे निष्ठुर माना जायेगा।
8. नीरो रोता भी समारोह में था। हम सभी छोटे-मोटे नीरो बने जा रहे हैं। जो समारोह में न रोये, उसका रोना, रोना नहीं गिना जायेगा। पहले ’मदनोत्सव’ होते थे, अब ’रुदनोत्सव’ होते हैं। इन रुदनोत्सवों में सच्चा रोने वाला तो रह जाता है, झूठा रोने वाला रंग जमा लेता है।
9. चन्दा खाने वाले के सुभीते के लिये ही गुप्तदान की परम्परा को महत्व मिला है।
10. मांगना तीन प्रकार का होता है –अपने लिये मांगना, अपने समेत दूसरों के लिये मांगना और केवल दूसरों के लिये मांगना। अपने लिये मांगने में लज्जा है, अपने समेत दूसरे के लिये मांगने में एक गर्व है। गांधीजी तीसरे प्रकार के मांगने वाले थे और उन्हें देनेवाला स्वयं गर्वित होता था।
11. आमतौर पर चन्देवाले का स्वागत उसी प्रकार किया जाता है, जिस तरह एक चोर का। यह सामान्य विचार बन गया है कि चन्दा मांगनेवाला बेईमान होता है, वह रकम खा जाता है और काम नहीं करता।

https://www.facebook.com/anup.shukla.14/posts/10220889022348797

Wednesday, October 07, 2020

परसाई के पंच-63

 

1. पहले देवता आदमी बनकर ठगते थे, अब आदमी देवता बनकर ठगते हैं।
2. हर सत्य के हाथ में झूठ का प्रमाणपत्र है। ईमान के पास बेईमानी की सिफ़ारिशी चिट्ठी न हो , तो उसे कोई दो कौड़ी को न पूछे।
3. सुना है विरहिन को बरसात में प्रिय की बड़ी याद सताती है। परीक्षा के मौसम में भी कुछ लोगों का विरह जाग उठता है और उन्हें किन्हीं विशेष परिचितों की याद सताने लगती है।
4. सफ़लता के महल का सामने का आम दरवाजा बन्द हो गया है। कई लोग भीतर घुस गये हैं और उन्होंने कुंडी लगा दी है। जिसे उसमें घुसना है, वह रूमाल नाक पर रखकर नाबदान में घुस जाता है। आसपास सुगन्धित रूमालों की दूकाने लगी हैं। लोग रूमाल खरीदकर उसे नाक पर रखकर नाबदान में से घुस रहे हैं। जिन्हें बदबू ज्यादा आती है और जो सिर्फ़ मुख्य द्वार से घुसना चाहते हैं, वे दरवाजे पर सिर मार रहे हैं और उनके कपालों से खून बह रहा है।
5. यौवन सिर्फ़ काले बालों का नाम नहीं है। यौवन नवीन भाव, नवीन विचार ग्रहण करने की तात्परता का नाम है; यौवन साहस, उत्साह, निर्भयता और खतरे-भरी जिन्दगी का नाम हैं,; यौवन लीक से बच निकलने की इच्छा का नाम है। और सबसे ऊपर, बेहिचक बेवकूफ़ी करने का नाम यौवन है।
6. काम बन्द करने और मरने का क्षण एक ही होता है।
7. राजा के पीछे और साहूकार के आगे रहना चाहिये। राजा सनकी माना जाता है और साहूकार समझदार।
8. बड़ा-से-बड़ा सूरमा जो घमासान युद्ध में दुश्मन के बीच बेखटके घुस जाता है, साहूकार के सामने पत्ते सा कांपने लगता है।
9. सहनशील साहूकार ज्यादा खतरनाक होता है। एक अर्से तक वह आपको ढाल देता रहेगा और जब आप समझ रहे होंगे कि वह भूल गया है, वह गर्दन अचानक पकड़ लेगा।
10. ’ब्लैंक लुक’ देना भी एक कला है। अगर साहूकार की सड़क दे निकलना है तो अच्छे कद्दावर दोस्तों के बीच चलिये, ताकि साहूकार की दृष्टि से बचने के लिये उसके कन्धे ढाल बन सकें। अगर मित्र छ: फ़ुटा नहीं है तो उससे बातचीत में इतने मशगूल हो जाइये लो आसपास देखना ही न पड़े, मानो आप किसी गम्भीर अन्तर्राष्ट्रीय समस्या पर विचार कर रहे हों और छेड़ने से विश्व शान्ति को खतरा हो जायेगा।
11. कर्जदार और फ़िलासफ़र में विशेष अन्तर भी नहीं है। दोनों दुनिया से मुंह छिपाते हैं।

https://www.facebook.com/anup.shukla.14/posts/10220876700440757

Tuesday, October 06, 2020

परसाई के पंच-62

 

1. आसपास से गंवार सम्पन्नता जब तमाचे जड़ रही हो, तब उचटकर तमाचा जड़ने को जी चाहता है। पर उसकी अपेक्षा यह ज्यादा सम्मानपूर्ण लगता है कि तमाचा मारने वालों की तरफ़ से हम भी किसी को एक चांटा मार दें।
2. भारत में जिस हिसाब से बच्चे पैदा हो रहे हैं, उस हिसाब से मकान नहीं बन रहे हैं। सरकार को कानून बना देना चाहिये कि हर बच्चा पैदा होने पर बाप को एक मकान बनवाकर देना होगा। इससे सन्तति-नियमन एकदम हो जायेगा और कुछ मकान भी बन जायेंगे।
3. बम्बई में अनुशासन है। वहां चोरी भी अनुशासन से होती है, स्मगलिंग भी अनुशासन से।
4. दिल्ली खींचती जरूर है। पुराने जमाने में आक्रमणकारियों को खींचती रही है । अभी भी जो दिल्ली है, उसे जीतने के इरादे से ही आता है। पर दिल्ली उसे जीतकर एक कोने में डाल देती है।
5. हमारी इस सारी व्यवस्था को मिल लेने वाले ही चला रहे हैं। बड़ी कम्पनियां हजारों रुपये वेतन पर राजधानियों में मिल लेने वाले रखती हैं, जिनका काम सिर्फ़ मिल लेना है। मगर मैंने सुना है कि असली सरकार यही मिल लेने वाले चलाते हैं, यही बजट बनाते हैं; यही मन्त्रिमण्डल बनवाते हैं, यही नीतियां तय करते हैं। युद्ध और शान्ति भी, सुना है इन्हीं मिल लेने वालों के इशारे पर होती हैं।
6. सूखे मरुस्थल में रहने वाले की इच्छा कभी-कभी समुद्र में डूब मरने की होती है।
7. प्रेम जोड़ने में लोक कर्म विभाग और इम्प्रूवमेंट ट्रस्ट के योगदान का अध्ययन होना भी जरूरी है। सड़कें जहां जाती हैं, वहां से न जातीं, तो कितने वर्तमान प्रेम-सम्बन्ध कहीं और जुड़ते? जिस प्रेम को आत्मा का सम्बन्ध कहते हैं, वह किस हद तक सड़क का संयोग है?
8. रिटायर्ड फ़ादर से निभाना तलवार की धार पर चलना है। गैर-रिटायर्ड फ़ादर ’पार्ट-टाइम’ फ़ादर होता है, जबकि रिटायर्ड फ़ादर के पास बात करने का वक्त नहीं होता, मगर रिटायर्ड फ़ादर के पास बात करने वालों का टोटा पड़ जाता है।
9. कितने प्रेम इस कारण असफ़ल हो जाते हैं कि प्रेमी ’फ़ादर’ को ’स्टैण्ड’ नहीं कर सका। कितनी अच्छी-अच्छी तरुणियां इसलिये अच्छे प्रेमी प्राप्त नहीं कर पातीं कि ’फ़ादर’ की छाया से अच्छे नवजवान बचते हैं।
10. अच्छी आत्मा ’फ़ोल्डिंग’ कुर्सी की तरह होनी चाहिये। जरूरत पड़ी तब फ़ैलाकर उस पर बैठ गये; नहीं तो मोड़कर कोने में टिका दिया।
11. मैंने ऐसे आदमी देखे हैं, जिसमें किसी ने अपनी आत्मा कुत्ते में रख दी है, किसी ने सुअर में। अब तो ऐसे जानवरों ने भी यह विद्या सीख ली है और कुछ कुत्ते और सुअर अपनी आत्मा किसी-किसी आदमी में रख देते हैं।

https://www.facebook.com/anup.shukla.14/posts/10220871300905772

Monday, October 05, 2020

युवा दिखने की ललक

 

कल घर पहुंचने के पहले थोड़ा इधर-उधर भी घूमे। 'कामसासू काम्प्लेक्स' की तरफ भी गए। इतवार के बावजूद कुछ दुकाने सज गयीं थीं। एक ठेले पर 'लिट्टी-चोखा' का बोर्ड लगा था। बिक्री अभी शुरू हुई नहीं थी। 'लिट्टी-चोखा' खाये बहुत दिन हुए। जल्द ही नम्बर लगेगा।
कामसासू परिसर में कांट्रैक्ट पर सिलाई करने वालों के शेड हैं। शाहजहांपुर और आसपास के शहरों से आकर लोग सिलाई का काम करते हैं। बाहर से आये लोग काम की जगह पर ही रहते, खाते, सोते हैं। होली, दिवाली, तीज-त्योहार घर चले जाते हैं। काम न मिलने पर जहां काम मिलता है, वहां चले जाते हैं।
एक भाई जी अकबरपुर से काम करने आये हैं। 54-55 उम्र होगी। लगते अलबत्ता चालीस के अल्ले-पल्ले ही हैं। बेटियों की शादी हो गई। नाना बन गए। लड़का घर में खेती-पाती का काम देखता है। उसकी शादी करने के लिए बहू खोज रहे हैं। जल्दी ही निपटा देंगे।
लड़के की उम्र 20 साल जानकर मैंने कहा -'इत्ती जल्दी काहे शादी कर रहे। कुछ कमाने-धमाने लगे तब करना। पढ़ने-लिखने की उम्र है यह तो। बोले -'पढ़ने-लिखने में मन नहीं लगता। हरामी है। और खाने-कमाने के लिए खेती-बारी है। फिर शादी-ब्याह समय पर हो जाये वहै ठीक।'
ओवरऑल सिलते हैं भाई जी। बगल में उनके साथी शायद बिल्हौर की तरफ़ के हैं। सुबह से लेकर देर रात पांच-पांच ओवरऑल सिल डालते हैं। खाना बनाने , खाने के अलावा जागने का सारा समय दर्जीगिरी में लगता हैं। खाने-खर्चे से बचाकर पांच-छह हजार घर भेजते हैं हर महीने।
खा- पीकर यहीं जमीन पर सो जाते हैं। बताया -' एक रात नाग देवता फन काढ़े सर के पास खड़े हुए थे। जान सूख गई। लेकिन वो फिर अपने-आप चले गए। '
मशीन के ऊपर टमाटर और दीगर सब्जी लटकी हुई थी। नीचे रखने पर चूहे कुतर जाते हैं। चश्मा दीवार पर टँगा था। डोरी से। दूसरा चश्मा बगल में रखा था।
हमने पूछा -'दो चश्मे क्यों ?'
इसको (दीवार पर लटके चश्मे को) पहनकर बूढ़े लगते हैं। हालांकि बुढ़ा तो गए ही हन लेकिन इसको पहिन के ज्यादा बूढ़े लगते हैं इसीलिए नहीं पहनते इसे।
55 साल की उम्र के, नाना बन चुके , दर्जी का काम करने वाले इंसान की युवा दिखने की ललक खुशनुमा लगी। गुदगुदी ललक।
बगल में हजरतपुर से आये बाप-बेटे बैग सिलने का काम कर रहे थे। लड़के की उम्र 20 साल करीब। बैग के नीचे रबर के गुल्ले लगा रहा था। गुटके को बैग के ऊपर बैग को लट्टू की तरह घुमाते हुए सिलाई करता जा रहा था चुपचाप। बाप और गुरु दोनों के डबल रोल वाला आदमी लड़के को काम करते देख रहा था।
आठवीं तक पढ़ा है बच्चा। आगे मन नहीं लगा होगा। पढ़ नहीं पाया। बाप की देखादेखी लग गया सिलाई में। खाने-जीने का आसरा होगा। इसके साथ की उम्र के अनगिनत बच्चे न जाने किस-किस तरह की मस्तियां कर रहे होंगें। यह बच्चा उन सब से बेखबर दर्जी खाने में बैठा बैग सिल रहा है। न कोई दोस्त, न कोई सहेली। जिंदगी क्या अजब पहेली।
बगल के शेड में कानपुर से आये तीन दर्जी बैग बना रहे हैं। कानपुर में बकरमण्डी के पास रहते हैं। दो बेटे साथ आये हैं। फरमान और फैसल। बेटियां अपनी अम्मी के पास घर मे हैं। खुद की बैग की दुकान है कानपुर में। काम की कोई कमी नहीं। लेकिन 'भाईजान' के कहने पर काम पर आ गए। भाईजान मतलब सिलाई का काम लेने वाले कांट्रेक्टर। बताया भाईजान हर मुसीबत में ख्याल रखते हैं। उनकी बात मना नहीं कर सकते। बाकी लोगों ने भी इसी तरह की बात कही -'पैसा हमेशा टाइम पर मिल जाता है।'
दिन भर में दस बैग सिल लेता है एक टेलर। हमारे यहां यह काम कठिन मानते हैं लोग। करने में हिचकते हैं। जिस काम को हमारे यहां कठिन माना जाता है,बाहर उसी को करने के लिए दूर-दूर से कारीगर आते रहते हैं। सुरक्षित और असुरक्षित, संगठित और असंगठित का अंतर है यह। सुविधा और सुरक्षा इंसान की क्षमता में कमी लाती हैं।
कानपुर से और कई काम करने वाले आये थे लेकिन लैट्रिन की ठीक व्यवस्था न होने के कारण वापस चले गए। हमको बड़ी शर्मिंदगी लगी। इतनीं दूर से आये लोग व्यवस्था की कमी के चलते वापस चले गए। हमको हवा ही नहीं। फौरन तय किया कि जल्द से जल्द इसे ठीक कराना है।
लौटते में फिर कालोनी होते हुए आये। तमाम घरों के लोग घर छोड़कर जा चुके हैं -अपने-अपने घरों में। घर उजाड़ हैं। लोग-बाग हाउस बिल्डिंग एडवांस लेकर मकान बनवा रहे हैं। पहले घर रहने पर एच आर ए मिलने में समस्या होती थी। घर छोड़ने की अनुमति लेनी होती थी। अब बिना अनुमति घर छोड़कर एच आर ए ले सकने के नियम के बाद से घर तेजी से खाली हो रहे हैं। इलाके वीरान हो रहे हैं।
वहीं कुछ लड़के घूमते दिखे। हमने बिना मास्क घूमते टोंका तो एक ने हंसते हुए मास्क लगा लिया। बात करने पर पता चला फिजियो का काम करता था। अभी छूट गया। यह भी कि कुछ दिन गलत संगत में पड़ गया था। दारूबाजों के चक्कर में। उसके चलते ही एक्सीडेंट भी हो गया। पैर में चोट लग गयी। अब गलत संगत छोड़ दी। 6 महीने हुए दारू नहीं छुई।
कोई लड़का खुद बताये गलत संगत में पड़ने और उसे छोड़ सकने के बारे में यह सुनकर लगा कि मजबूत इरादे हों तो सुधरना सम्भव है। उसके बाद उसी बच्चे ने लगातार बहने वाले नल को दिखाया, बताया कि लोग किधर से आते हैं, चोरी करके चले जाते हैं।
वापस लौटते हुए दो बच्चे दिखे। साइकिल पर खड़े बतिया रहे थे। हम भी खड़े हो गए। बतकही में शामिल हो गये। दोनों हम उम्र बच्चे 20 साल के करीब। रिश्ते में मामा-भांजे। अलग-अलग कारणों से पढ़ाई छोड़कर काम मे लग गए।
दिन भर काम में जुटे बच्चों के मनोरंजन की बात करने पर सिफर मिला। बातचीत के दौरान सवाल-जबाब:
सवाल : कोई दोस्त हैं , उनसे बात होती है ?
जबाब : दोस्त हैं लेकिन बात-मुलाकात नहीं होती। टाइम ही नहीं मिलता।
सवाल: कोई सहेली ?
जबाब: वही तो 'काम' नहीं किया आजतक।
यह देखकर झटका नहीं लगा कि युवा पीढ़ी का यह नुमाइंदा विपरीत जेंडर से दोस्ती को 'गलत काम' मानता है। अपने समाज के बड़े हिस्से की सहज सोच है शायद। तमाम 'गलत कामों' की जड़ भी।
हम कुछ और पूछें-कहें तब तक हमको याद आया बहुत देर के निकले हैं हम। याद आते ही फौरन पैडल किक मारकर साइकिल स्टार्ट की और खरामा-खरामा चलते हुए घर में जमा हो गए।

https://www.facebook.com/anup.shukla.14/posts/10220865621203783

Sunday, October 04, 2020

परसाई के पंच-94

 

1. पति पत्नी द्वारा प्रताड़ित होते हैं, तनखा को लेकर। कम तनखा लेने वाले पति पत्नी द्वारा जब-तब प्रताड़ित किये जाते हैं। जो पति वेतन के दिन कलारी होते हुये आते हैं वे भी पिटते हैं।
2. पति के प्रताड़ित होने के कारण और भी हैं। कोई पति इसलिये प्रताड़ित होता है कि उसकी स्टेनो सुन्दरी है। दूसरे की बीबी की तारीफ़ करने वाले भी प्रताड़ित होते हैं।
3. जाति और धर्म की सेवा हिसाब से करनी चाहिये। हिसाब से ज्यादा धर्म हो जाय, तो धन हाथ से निकलने लगता है।
4. जाति और धर्म की सेवा अगर ज्यादा हो जाय, तो धन नाश होता है। राजा हरिशचन्द्र ने धर्म सीमा से बाहर निभा दिया, तो चाण्डाल के घर नौकरी करनी पड़ी। राज गया, धन गया।
5. भ्रष्टाचार अगर अपने हाथ से हो तो वह प्रजा के लिये हितकारी है। दूसरे के हाथ से भ्रष्टाचार हो तो वह प्रजा के लिये दुखदायी है।
6. जनता इन्हीं से अपनी रक्षा चाहती है, जो जनता की रक्षा के लिये रैली निकाल रहे हैं।
7. दिशाहीन और विचारधारा हीन और सिद्धान्तहीन राजनीति जिन्दगी भर करने के कारण ये बूढ़े नेता इस सद्गति को प्राप्त हुये हैं कि कल राजनीति में आये फ़िल्मी हीरो इन्हें बन्दर की तरह नचाते हैं।
8. लोकतंत्र में जब सामन्तवाद जैसी ताकत शासक को मिल जाय, तब वह नवाब या महाराणा हो ही जायेगा।
9. पूरे मध्य और उत्तर भारत में छात्र-नेता को गुण्डा और अपराधकर्मी होना ही पड़ेगा। वह होता है। अगर वह गुण्डा और अपराधकर्मी न हो तो नेतागिरी नहीं कर सकता।
10. दक्षिण भारत में या बंगाल में वह छात्र-नेता होता है, जो फ़र्स्ट क्लास होता है, अध्ययनशील होता है, जिसका व्यक्तित्व प्रभावशाली और उद्दात होता है, जिसका आदर छात्र और अध्यापक करते हैं। अपने यहां नेता वह होता है, जो पढ़ता ही नहीं। मूर्ख होता है। आतंकवादी होता है। छुरा रखता है, गुण्डों का गिरोह रखता है। यह आदर्श छात्र-नेता होता है।
11. छात्र अपने को विशेषाधिकार प्राप्त ’वर्ग’ कहते हैं। छात्र ’वर्ग’ नहीं है, भीड़ है। बस-ड्राइवर और कण्डक्टर और तमाम श्रमजीवी ’वर्ग’ है। अगर छात्र ’वर्ग’ होता और श्रमिक ’वर्ग’ से मिलकर वर्ग-संघर्ष करता, तो देश में क्रान्ति हो गयी होती। मगर सबसे बड़ी क्रान्ति विरोधी शक्ति कोई है तो यह अपनी छात्र शक्ति ही है। इनकी क्रान्ति की परिभाषा है –छात्रों, अध्यापकों को आतंकित करना, हुल्लड़ करना, मुफ़्त की शराब पीना, होटलों में मुफ़्त में खाना और होटलवाले से मारपीट करना।

https://www.facebook.com/anup.shukla.14/posts/10221056548976858