Monday, November 02, 2020

मुंह छिपाता देश का भविष्य

 

शाम टहलने निकले। सूरज भाई अपनी किरणों का शटर गिराकर आरामफ़रमा हो गए थे। बिजली के लट्टू जगह-जगह जल गए थे। हवा कुछ और ठंढा गयी थी। शाम के धुंधलके ने ड्यूटी ज्वाइन कर ली थी।
एक नुक्कड़ पर इडली डोसे की दुकान दिखी। डोसा तवे पर अकेले लेटा था। ऐसे जैसे उसको कोरोना हो गया हो और वह आइसोलेशन में हो। अकेले लेटे-लेटे अकड़ गया था। डोसे के पेट के आलू ठंडे हो गए होंगे।
'अब इसको गाय को खिला देंगे' - ठेलिया वाले ने कहा।
नई दुकान खुली है। शुरुआत में बिक्री कम है। सड़क से थोड़ा दूर है। दिखती भी नहीं। बल्ब भी धीमा। शाम से चार डोसे बिके। पांचवा ठंडा हो गया। दस-पन्द्रह डोसे से शुरू किया गया है काम। इतने का ही सामान तैयार किया गया। क्योंकि अगले दिन खराब हो जाता है।
दुकान पर काम करता लड़का दिल्ली में सिलाई का काम करता था। लाकडाउन में काम बंद हो गया। घर आ गया। वहां 500 रुपये रोज उठाता था। यहाँ दो सौ मुश्किल से जुटते हैं। इसीलिए शाम को ठेला लगा लेता है। क्या पता चल ही जाए काम।
आगे तिराहे पर पुलिस तैनात थी। देखकर हम डरे। पुलिस को देखकर हमेशा डर लगता है। क्या पता किस बात पर ठोंक दे। हेलमेट क्यों नहीं पहने, लाइसेंस दिखाओ, मास्क ठीक से क्यों नहीं पहने। कुछ भी हो सकता है। मन में सोचा भी कि टोंकेगा कोई तो फोन करेंगे एस. पी. साहब को। हमारे परिचित हैं। कालेज सीनियर होने के नाते सर कहते हैं। इसके बावजूद डर गया नहीं मन की जमीन खाली करके। भू-माफिया की तरह मन में ही बना रहा। लेकिन संयोग कि किसी ने टोंका नहीं। सिपाही जी किनारे खड़े होकर दिहाड़ी वालों से कुछ गुफ्तगू और उससे भी ज्यादा शायद कुछ आदान-प्रदान कर रहे थे। हम सफलता पूर्वक तिराहा पार कर गए।
पुल पर एक आदमी सिगरेट पी रहा था। गंदे कपड़े पहने। सिगरेट क्या मोटा सिगार टाइप था कुछ। हमने मन में सोचा कि कोई ऊंचा नशा कर रहा होगा। हम लोग इसी तरह सोंचते हैं। गरीब आदमी के बारे में खराब धारणा बनाकर ही शुरू होते हैं। हमने मन को डपट दिया। बिना पुष्ट प्रमाण के कोई बात मत बताओ। यह हरकत दफ्तरों के बाबुओं, अफसरों पर ही जँचती है अपने कामचोरी के बड़े छेद अनदेखे करते हुए दूसरे के सूराखों पर सर्च लाइट मारते रहते हैं।
पुल पार सड़क पर रजाई गद्दे की दुकानें खुली थीं। सर्दी के मुकाबले के लिए हथियार तैयार हो रहे थे। रजाई-गद्दे , जाड़े के दुश्मन से मुकाबले के लिए बनाये गए, बंकर होते हैं जिनमें छिपकर इंसान अपने को महफूज समझता है।
लौटकर एक पेड़ के नीचे कुछ मोटर साइकिल सवार दिखे। पता चला वे खाना डिलीवर करने का काम करते हैं। मोबाइल पर आर्डर आता है डिलीवरी का। उसको होटल से लेकर ग्राहक तक डिलीवर करते हैं। डिलीवरी पर पैसा खाते में आ जाता है।
कैसे काम होता यह जानने के लिए पूछताछ की तो उसी समय एक बच्चे के मोबाइल में डिलीवरी आर्डर आ गया। उसने मुझे मोबाइल दिखाया। पास के होटल से पांच किलोमीटर दूर एक जगह खाना देना था। 30 रुपये मिलने थे। पेट्रोल का खर्च अलग। उसने मेरे सामने आर्डर लिया और चला गया।
40-50 बच्चे लगे हैं इस काम में। 400-500 रुपये तक कमा लेते हैं। कोई भविष्य नहीं। लेकिन कुछ नहीं तो यही सही।
एक लड़का और आया धड़धड़ाते हुए। 50 रुपये की डिलीवरी करके आया था। बगल वाले ने बताया सीनियर है। बड़ी डिलीवरी ही लेता है। मेरे सामने उसके पास 20 रुपये की डिलीवरी का आर्डर आया। उसने मना कर दिया। आर्डर उछलकर बगल वाले के मोबाइल में आ गिरा। उसने किक मारकर मोटर साइकिल स्टार्ट की और चल दिया।
डिलीवरी ब्वॉय से उनके धंधे की बात की तो उसने सामने खेलते बच्चों की तरफ इशारा करते हुए कहा -'देखिये वो सामने देश का भविष्य बर्बाद हो रहा हो रहा है।'
सड़क पर चार छोटे-बच्चे, तीन लड़के - एक लड़की, सिक्के उछालते हुए चित-पट खेल रहे थे। उनके हथेलियों में बहुत सिक्के थे। हमको देखकर बिना पूछे सफाई देने लगे -'ऐसे ही खेल रहे हैं। जीत-हार के बाद सब पैसे वापस कर देंगे।' सबसे ज्यादा पैसे बच्ची ने जीते थे।
हमने पूछा -'पैसे का खेल तो जुआ होता है।'
वो बोले-'जुआ नहीं है। हम लोग भाई-बहन हैं।'
हमने सोचा -'महाभारत का जुआ तो भाई लोगों के बीच ही तो हुआ था।'
बच्चे स्टेशन के पास मतलब कम से कम एक किलोमीटर दूर रहते थे। उनके घरवालों को शायद पता भी न हो कि बच्चे कहां , क्या खेल रहे हैं।
फोटो खींचने पर बच्चों ने मुंह छिपा लिए। हमने कहा -'मुंह छिपा रहे हो इसका मतलब तुमको पता है गलत काम कर रहे हो।'
बच्चे मेरी बात का जबाब दिए बिना भाग गए। हम लौट आये। पलटकर देखा तो बच्चे फिर खेलने में जुट गए थे।
यही बच्चे हमारे देश का भविष्य हैं।

https://www.facebook.com/anup.shukla.14/posts/10221042097375577

परसाई के पंच-92

 

1. सरकारी आदमी जहां प्रोबेशन पर होता है वहां अपन मकान बनवाना शुरु नहीं करता।
2. अलग-अलग रँडापा भोगते जब दस रँडुए इकट्ठे होते हैं तो वे सब अपने को बीबी वाले समझते हैं।
3. शोभा-यात्रा उनकी निकलती है जो भभूत रमाने वाले शिव के पत्थर के लिंग पर सोना मढ़ते हैं। शोभा यात्रा उनकी निकलती है जो दसवीं शताब्दी के बाद दुनिया में क्या हुआ, यह नहीं जानते और आधुनिक समाज को उपदेश देते हैं।
4. यश का उन्माद बहुत बुरा होता है। नार्मल यशोकामना रहे और नार्मल तरीके से यश मिले तो ठीक है। सब यश चाहते हैं। मगर कुछ लोग ज्यादा उस्ताद होते हैं। वे जानते हैं कि साधारण तरीके से हमारी सीमित यश फ़ैलेगा। इसलिये वे ऐसे तरीके अपनाते हैं, जिनसे उनकी हंसी उड़े। उपहास प्रसंशा से ज्यादा फ़ैलता है और नगर-नगर, गांव-गांव लोग चर्चा करते हैं कि उसने ऐसा किया।
5. राजनैतिक दोमुंहापन कोई बुरी बात नहीं मानी जाती।
6. हर गुरु का यह दुर्भाग्य है कि उसके सच्चे चेले बननेवाले बन्दर उसकी लंगोटी उड़ाकर उसे नंगा कर देते हैं।
7. एक धर्म हिन्दू और इस्लाम दोनों धर्मों से बड़ा होता है- वह है काले धन्धे का धर्म।
8. शराबबन्दी का शुभ परिणाम यह होता है कि अवैध शराब का धन्धा चलता है। ब्लैक में शराब मिलती है। शराबबन्दी के क्षेत्र में शराब ज्यादा आसानी से मिलती है, खुले क्षेत्र की अपेक्षा।
9. धर्म कोई भी हो, भगवान या खुदा का निवास काले धन की तिजोड़ी में और गैरकानूनी शराब की बोतल में रहता है। भगवान क्षीर सागर में नहीं, गैरकानूनी मदिरा सागर में विश्राम करते हैं।
10. कबीरदास हिन्दू और मुसलमान दोनों के ढोंग की पिटाई करते थे। मरने के बाद ढोंगियों ने कबीरदास के सत्य की पिटाई कर दी। सत्य को हिन्दू और मुसलमान दो टुकड़ों में तोड़कर समाधि और मजार में गाड़ दिया। बीच में दीवार खड़ी कर दी अपनी मूर्खता के ईंट-गारे से।
11. कोई भी विभाग हो, कोई अकेला पैसा नहीं खाता। खा ले तो संग्रहणी हो जाये। महामानवों की श्रंखला खाती है।

https://www.facebook.com/anup.shukla.14/posts/10221041173272475

Sunday, November 01, 2020

परसाई के पंच-91

 

1. असल में हमारी जाति मुर्दे को अरसे तक चिपकाये रहती है। रूढि को छोड़ने में बहुत समय लेती है और बरबाद होती है।
2. सबसे सुभीते की शादी तो अदालती होती है। मगर अदालती शादी सिर्फ़ घर से भागे लड़के-लड़की करते हैं। उधर लड़की का बाप पुलिस में रिपोर्ट कराता है, इधर दूर किसी शहर में लड़के-लड़की अदालत में मैरिज सर्टिफ़िकेट लेते हैं।
3. सामन्ती युग में बारात, याने फ़ौज होती थी। युद्ध करके कन्या प्राप्त की जाती थी और उस घर की सम्पत्ति लूटी जाती थी। यह बड़े-बड़े सामन्त करते थे। पर उनकी नकल साधारण आदमी भी करने लगे। दूल्हा घोड़े पर बैठा है, बगल में तलवार है, बाराती हमलावर की तरह व्यवहार करते हैं। लड़की के घर को शत्रु राज्य मानते हैं। दूल्हा घड़ा फ़ोड़ता है, तलवार से रस्सी काटता है। दहेज के रूप में लूट का माल और लड़की लेकर बारात लौट जाती है।
4. विवाह योग्य लड़का एक जरूरी जिन्स, माल हो गया जो लड़की के लिये पति के रूप में जरूरी है। जाति, उपजाति के कारण ’वर’ नाम की चीज की सप्लाई सीमित हो गयी तो मुनाफ़ाखोरी और कालाबाजारी चालू हो गयी।
5. घर में रोशनी के लिये तेल हर हालत में जरूरी है, जो ब्लैक में किसी भी कीमत पर खरीदा जायेगा। लड़की के लिये पति जरूरी है, वह चाहे किसी भी कीमत पर ब्लैक में मिले। यह कीमत ’दहेज’ हुई।
6. आगे तो पति की बिक्री के लिये टेण्डर मंगाये जायेंगे या मवेशी बाजार की तरह वरों के बाजार भरेंगे। जैसे बछड़े के दांत देखते हैं वैसे लड़के का वेतन पूछा जायेगा। बछड़ों की तरह नीलामी होगी लड़कों की। हर क्षेत्र में जब हराम का पैसा न्यायपूर्ण अधिकार हो गया है, तो विवाह के मामले में भी बिना कमाया यह हराम का दहेज लिया जाता है। यह अभी चलेगा। यह पूंजीवाद की एक रस्म है।
7. सच्चा सन्त वह होता है जो किसी को चैन न लेने दे।
8. राष्ट्रपति, प्रधानमन्त्री या मुख्यमन्त्री का ’कुटी’ में रहना सादगी और त्याग का एक घोर मूर्खतापूर्ण दिखावा है। आपको लोगों ने मुख्यमन्त्री बनकर काम करने के लिये चुना है कि कुटी में रहकर साधुपना करने के लिये। कुटी में रहकर मुख्यमंत्री तो क्या, कलेक्टर भी काम नहीं कर सकता।
9. सबसे ज्यादा लड़ाइयां देवताओं में ही होती थीं और इनकी लड़ाई के तरीके भी बहुत नीच होते थे।
10. अज्ञान और अन्धविश्वास का राज लम्बा चलता है।
11. जो भैंस को डण्डा मारने को भी क्रान्ति कहते हैं, उनके साथ कोई बुद्धिजीवी कैसे रह सकता है।

https://www.facebook.com/anup.shukla.14/posts/10221036301590686

परसाई के पंच-90

 

1. ब्राह्मण ने समाज के एक बड़े हिस्से को शूद्र बनाकर, अछूत बनाकर, शिक्षा-संस्कृति से वंचित करके जो पाप किया, उसका फ़ल वह अभी भी भोग रहा है। शारीरिक श्रम नहीं करने से और कोई उत्पादन नहीं करने से ब्राह्मण पूज्य से घटकर दीन, भिखमंगा हो गया। भिक्षा को अपना धंधा मानने लगा। सुदामा पत्नी से कहते हैं—औरन को धन चाहिये बावरी, ब्राह्मन को धन केवल भिक्षा।
2. शासन को कुछ मलहमनुमा भाषा का प्रयोग करना चाहिये या जिस रूमाल से गला घोंटे उस पर खूब इत्र छिड़क ले।
3. वह नेता कितना मूर्ख होगा जो यह समझे कि लोग यह मान रहे हैं कि मुझे पद से मोह नहीं है। पद से मोह नहीं है तो इतना झख क्यों मारते हैं यह?
4. हमारे भोले नेता ’रघुपति राघव राजाराम’ की धुन , भाषण , उपदेश आदि से नशाबन्दी कर देना चाहते हैं। इस देश में शहर-शहर और गांव-गांव भट्टियां हैं। पुलिस और आबकारी विभाग के सहयोग से ये बढ़ती ही जाती हैं। ये गृह उद्योग सारे देश को नशा सप्लाई कर देंगे। मौका आया तो गांधी दर्शन केन्द्र में भी भट्टी खुल जायेगी। काली राजनीति, काला धन, काली व्यवस्था को बदले बिना ऊपर से गांधी के नाम से सफ़ेदी पोतने की कोशिश में लगे हैं सब।
5. लड़के-लड़की अगर न पढ़ें तो सरकार का क्या नुकसान है। जितने अपढ़ लोग होंगे उतनी ही स्थायी सरकार होगी।
6. वह सरकार बहुत निकम्मी, बेशर्म और पतित होती है जो शिक्षकों को तोड़ने और कुचलने की कोशिश करती है।
7. मन्दिर से जूतों की चोरी तो सनातन धार्मिक प्रक्रिया है। उस पर अंगुली उठानेवाले नर्क जायेंगे और वहां भी उन्हें जूते बाहर उतारने पड़ेंगे।
8. आदमी प्यासा मरने से बच जायेगा तो बगीचे बहुत बन जायेंगे। बंगले और बगीचेवाले सोचते हैं कि बगीचा बच जाये। आदमी का क्या है, मर जायेंगे तो और पैदा हो जायेंगे।
9. फ़ासिज्म विरोधी से बहस नहीं करता, उसका मुंह तोड़ देता है।
10. राजनेता में अपार जीवनी शक्ति और अपार लालसा होती है। अन्त समय उसके मुंह में गंगाजल डालो तो वह कहता है –गंगाजल नहीं पोर्टफ़ोलियो डालो।
11. हिंसा और अपराध के तनाव , सनसनी, उत्तेजना के साथ ही देश के मानस को चाहिये –धर्मान्धता। धर्मान्धता इस देश के आदमी की जरूरत बनायी गयी है। एक योजना से , विदेशी साम्राज्यवाद तथा देशी पूंजीवाद और फ़ासिस्टवाद ने इसे बढ़ाया है। यह सामाजिक परिवर्तन को रोकने का षडयन्त्र है, मगर साधारण आदमी फ़ंसा है इसमें।

https://www.facebook.com/anup.shukla.14/posts/10221036182907719

सुरेन्द्र मोहन शर्मा

 Surendra Mohan Sharma जी से मेरा परिचय 6-7 पुराना था। जबलपुर के दिनों की मेरी फेसबुक की पोस्ट्स से मेरे लेख पढ़ने का सिलसिला शुरू किया था उन्होंने। उन दिनों वे बिस्तर पर थे। बीमारी के दौरान मेरी पोस्ट्स पढ़कर उनको सुकून मिलता था ऐसा उन्होंने मुझे बताया। कहते तो वे यह भी थे कि उनको पढ़कर उनका हौसला बनता था और उसी के चलते वे ठीक भी हुये। दोस्तों की तारीफ करने का उनका यही अंदाज था। अगले को उसकी विशिष्टता का एहसास कराते रहते थे।

शुरू में उनकी टिप्पणियां मेरी खिंचाई के अंदाज में लगीं। मजे लेने, चुहल करने वाली यह टिप्पणियां बाद में उनके व्यवहार के चलते आत्मीय लगने लगीं। फोन पर बात होने लगी। अपने किस्से सुनाए उन्होंने। शुरू में उनकी फेसबुक प्रोफाइल मुकेश कुमार शर्मा के नाम से थी। गायक मुकेश के मुरीद होने से जुड़े किस्से के चलते उनका घरेलू नाम मुकेश पड़ा। बाद में उन्होंने अपनी फेसबुक प्रोफाइल में नाम सुरेंद्र मोहन शर्मा कर लिया। लेकिन मेरे फोन में उनका नाम मुकेश कुमार शर्मा, मथुरा के नाम से ही सेव रहा। आज भी । कभी तो मैं उनको फोन करने के लिए सुरेंद्र मोहन शर्मा का नाम खोजता मोबाइल में। नहीं मिलने पर ध्यान आता कि अरे उनका नाम तो मुकेश शर्मा के नाम से सुरक्षित है।
मेरे 'वृत्तांत लेखन' को वो बहुत पसंद करते थे। अतिशयोक्ति वाले अंदाज में । इसमें भी वो लेखन जो लोगों से मिलने-जुलने वाले थे। मेरे सारे चरित्रों से वे वाकिफ थे। रामफल, दीपा, पंकज बाजपेयी और तमाम दीगर नाम। उनसे जुड़ी हर बात उनको याद रहती थी। एक बातचीत में दीपा का जिक्र छूट गया तो बोले -'दीपा का नाम कैसे भूल गए आप?'
पंकज बाजपेयी जी से मिलने जाने के लिए उकसाते रहते। कई बार उनसे बात भी करवाई। सुबह आराम से उठने वाले शर्मा जी को सुबह पंकज बाजपेयी जी से बात करवाने के लिए लगा फोन नहीं उठा तो बाद में अफसोस करते। फिर दुबारा बात करवाने पर खुश होते।
खुद शर्मा जी ने तो नहीं बताया लेकिन उनसे जुड़े लोगों ने बताया कि ,वे वकील होने के बावजूद, लोगों के आपसी झगड़े अदालत के बाहर निपटवाने के हामी थे। इसके लिए प्रयास भी करते थे और सफल भी होते थे।
मेरे लेखन में लोगों से मिलने जुलने वाले लेखन को ही वे असली लेखन मानते थे। तमाम बड़े व्यंग्य लेखकों को खारिज करते हुए कहते -'अरे छोड़िए उनको, हमे तो आपका यह लेखन पसन्द है। इसके सामने वो बेकार। इसी बहाने हमारा व्यंग्य लेखन भी खारिज कर देते।'
हमारी लगभग हर पोस्ट वे पढ़ते। हमारे बेटे के कवितापाठ की खूब तारीफ करते। उसको हमसे बेहतर बताते हुए आशीर्वाद देते। हमारे पोस्ट्स के जरिये वे हमारे घर के हर सदस्य से परिचित थे। अक्सर कोई बात निकाल कर टिप्पणी भी करते।
फोन पर अक्सर बात होती। कभी छोटी, कभी बहुत लंबी। बातचीत के दायरे में साझे दोस्त, उनके अपने दोस्त, मेरी पोस्ट्स और तमाम किस्से रहते। कभी कोई बात पूछने के लिए बस एक मिनट के फोन भी आये। ये एक मिनट के फोन किसी बात की पुष्टि के लिए होते। उस पोस्ट्स में ये लिखा था , यह वही हैं न, इनकी बात का यही मतलब था आदि-इत्यादि। अदालती मसले की जानकारी भी देते रहते कभी-कभी।
लेखकों में पुराने लेखकों के मुरीद थे। उर्दू के लेखकों की हास्य लेखन में तारीफ करते। 'पतरस के मजनून' उनकी पसंदीदा रचना थी।
फेसबुक के दोस्तों के किस्से मजे लेकर साझा करते। शंभूनाथ शुक्ला जी, संतोष त्रिवेदी और अन्य तमाम लोगों की फेसबुक पोस्ट के मजे लेते हुए टिप्पणी करते। शम्भूनाथ शुक्ला जी जिस तरह लिखते हैं, अपने पाठक दोस्तों को झिड़क भी देते हैं उसके किस्से भी सुनाते। कहते -'शुक्ला जी कहते हैं अरे सब मजे के लिए लिखता हूँ शर्मा जी।' सारे किस्से सुनाने के बाद समेटते हुए कहते -'बहुत भले आदमी हैं शुक्ला जी, सज्जन पुरुष।' संतोष त्रिवेदी की टिप्पणियों पर मजे लेते -'आज फिर भन्नाए हुए हैं मास्टरजी।' Alok Puranik आलोक पुराणिक जी के लेखन पर भी राय देते रहते। हिंदी व्यंग्य से जुड़े लोगों पर मजेदार टिप्पणी करते। सभी के बारे में जानकारी थी उनको। अर्चना चतुर्वेदी, यामिनी और मथुरा से जुड़े अन्य लेखकों के बारे में विस्तार से बतियाते हुये आत्मीय टिप्पणी से बात खत्म करते -'भली लड़की है, हुशियार है, अच्छा लिखती है।'
अपने से जुड़े किसी भी व्यक्ति के लिए उनके मन में हमेशा आत्मीय भाव ही पाया मैंने।
मेरे से जुड़ी हर उपलब्धि को अपना मानकर वे प्रसन्न होते थे। खुलकर तारीफ करते थे। चाहे वो लेखन में कोई इनाम मिलना रहा हो या शाहजहांपुर में महाप्रबन्धक बनना। हर अवसर पर आत्मीय, शुभकामना पूर्ण पोस्ट्स लिखी। ऐसा वे अपने से जुड़े हर व्यक्ति से करते थे। उनके उदार, आत्मीय व्यक्तित्व का सहज रूप था यह। उनसे जुड़े लोगों को लगता कि यह खास उसके लिए है , लेकिन शायद ऐसे भाव अपने से जुड़े हर व्यक्ति के लिए थे।
कानपुर में ससुराल होने के किस्से बताते हुए भी मजे लेते। पुराने न जाने कितने किस्से साझा किए उन्होंने। वकालत के किस्से, समाज के किस्से और भी हर तरह की बातें।
ऐसे बतरसिया शर्मा जी अपने कष्ट बताने के मामले में बहुत कंजूस थे। माखनचोर के मुरीद शर्मा जी अपने मामले में 'कष्ट चोर' थे। कैंसर की बात पता चलने पर फोन किया मैंने तो कहने लगे -'अरे कुछ नहीं। बस जरा चेकअप के लिए आये हैं। ठीक हो जाएंगे। कुछ दिन की बात।' आखिरी समय तक द्वारिकाधीश की फोटो भेजते थे। अपने कष्ट छिपाते रहे। बाद के दिनों में फोन अक्सर बन्द रहना शुरू हो गया। बिगड़ती तबियत के हाल पता चलते रहे। लेकिन यह भी लगता रहा कि -' कष्ट में हैं , लेकिन ठीक हो जाएंगे।' यह भरम था, छलावा था। लेकिन जब कुछ कर सकने के हाल में न हों तो यही छलावा उचित लगता है। कल वह भरम भी टूट गया।
शर्मा जी के न रहने पर उनके बारे में लोगों ने जो लिखा उससे उनके व्यक्तित्व के अनेक और उजले पहलू पता चले। बेहद लोकप्रिय , आत्मीय , मिलनसार और उदार व्यक्तित्व के धनी व्यक्ति थे। उनका जाना मेरे लिए बहुत बड़ी क्षति है। इसके पहले ब्लॉग जीवन से जुड़े डॉ अमर कुमार थे जो मेरे लेखन की तारीफ करते हुए कहते थे -'मैं तुम्हारे हाथों को छूना चाहता हूँ जिससे तुम ऐसी बातें लिखते हो।' डॉ अमर कुमार अन्य लोगों की भी ऐसे ही हौसला अफजाई करते थे। तमाम लोगों के बेहद अपने थे। वे कैंसर से गए। अब शर्मा जी।
शर्मा जी के मन में मेरे लिए अथाह प्रेम था। यह एहसास मेरे अकेले का एहसास नहीं है। उनसे जुड़े हर शख्स को ऐसा लगता रहा होगा हमेशा कि शर्मा जी उनको बहुत मानते हैं, बहुत लगाव है उनसे, बहुत प्यार करते हैं उनको। जैसे सूरज की रोशनी सबके लिए एक जैसी होती है लेकिन धूप सेंकते हर इंसान को कभी-कभी लगता है कि यह धूप सूरज खास उसके लिए भेज रहा। शर्मा जी का व्यक्तित्व ऐसा ही था जिसमें सबके लिए प्यार था, लगाव था, शुभकामनाएं थीं, आशीर्वाद था।
शर्मा जी के न रहने पर जो अभाव है उसकी पूर्ति न हो सकेगी। भले ही कुछ दिन बाद हम यह कम याद करें लेकिन आज यह विश्वास करना मुश्किल हो रहा कि अब वे हमारे बीच नहीं हैं। नंदन जी की एक कविता है जिसका भाव है कि मरने वाले के साथ हमारा कुछ हिस्सा भी हमसे विदा लेता है। थोड़ा हम भी मर जाते हैं। शर्मा जी से जुड़ी तमाम यादें मुझको उमड़-उमड़ कर याद दिला रही हैं कि कहां-कहां हम नहीं रहे। दीपा की याद दिलाने वाले, पंकज बाजपेयी से मिलने जाने के लिए कहने वाले शर्मा जी हमारे बीच नहीं रहे। कभी भी बात करने के लिए खुला फोन हमेशा के लिए शांत हो गया।
शर्मा जी के न रहने पर उनके परिवार के दुख की कल्पना करना भी मुश्किल है।उनकी पत्नी और बेटी कैसे इस अपूरणीय दुख से पार पा सकेंगी यह कल्पना भी नही कर पा रहा मैं।
छह-सात साल के सम्पर्क में ही हमारे अभिन्न हो गए थे शर्मा जी। उनसे जुड़ी बातें दोहराते हुए कई बार आंसू आये। आंखे भर आईं। रमानाथ जी बात ही याद आती है :
आज आप हैं हम हैं लेकिन
कल कहां होंगे कह नहीं सकते
जिंदगी ऐसी नदी है जिसमें
देर तक साथ बह नहीं सकते।
शर्मा जी मैं कभी मिला नहीं , उनको पूरे से जाना नहीं। स्वार्थी होते हैं हम लोग। जानने की कोशिश भी कहां करते हैं। लेकिन उनके साथ से ऐसा लगता था कि एक ऐसा इंसान है हमारे लिए जो हमेशा हमारे लिए शुभ सोचता है, सुंदर सोचता है। हमेशा हौसला आफजाई करता है। हमारे व्यक्तित्व के उजले पहलूओं पर रोशनी डालकर हमको खास समझने का एहसास दिलाता है। सच तो यह है कि खास हम नहीं होते बल्कि वह होता है जो हमारे बारे में ऐसा सोचता है।
शर्मा बेहद खास, प्यारे बेहतरीन इंसान थे। उनकी यादें हमारा सहारा रहेंगी। हौसला बढ़ाएंगी। हमारे बीच से कभी जुदा नहीं होंगे वे।

https://www.facebook.com/anup.shukla.14/posts/10221034328661364

Saturday, October 31, 2020

परसाई के पंच-89

 

1. राजनीति में हारे हुये की बड़ी दुर्गति होती है।
2. क्रान्ति हुई है तो कुछ तो बदलना चाहिये, न बदले तो जनता कहेगी कि क्रान्ति हुई ही नहीं। अब क्रान्ति तो यही हो सकती है कि पुराने बेईमानों की जगह नये बेईमान बिठाये जायें। पुराने स्वार्थियों की जगह नये स्वार्थी फ़िट हों। यही तो क्रान्ति है।
3. चुनाव के बाद यही तो बुनियादी परिवर्तन हुआ है कि पुराने बेईमान की जगह नया बेईमान बैठ गया है। यह अच्छा भी है। पुराने बेईमानों से जनता बोर हो गयी थी। नये बेईमान आने से उसे ताजगी का अनुभव हुआ।
4. एक वर्ग ऐसा है, जो कभी किसी चीज के लिये नहीं लड़ता। लड़ना इसके स्वभाव में है ही नहीं।
यह वर्ग केंचुए की तरह है। इसकी रीढ़ की हड्डी नहीं होती। मेरुदण्डविहीन वीरों का वर्ग है यह। यह जूतों पर सिर रखकर सुविधा लेने वाला वर्ग है। यह चूहे की तरह स्वस्थ जीवन मूल्यों को कुतरता है। यह दो-मुंहा, दो-रूपी होता है। समाज की किसी समस्या से इसे मतलब नहीं। यह दिखावट में जीता है।
5. धरने पर बैठे, सत्याग्रह पर बैठे, अनशन पर बैठे आदमी से कोई कुछ नहीं कह सकता। ये लोग निर्दोष, नैतिक और पवित्र हो जाते हैं।
6. धर्म, अनुष्ठान, मन्त्र, यज्ञ का जोर एटमी शक्ति को तो नष्ट कर सकता है, मगर चोरों से हार जाता है। ज्यादा सही यह है कि धर्म, यज्ञ, मन्त्र, वगैरह चोरों की सहायता करते हैं।
7. हर तरह के चौर कर्म- घूस, कालाबाजारी, मुनाफ़ाखोरी, राजनैतिक बेईमानी, पाखण्ड सबकी साधना धर्म की मदद से होती है।
8. शासकों को जितनी लुच्चई, बदमाशी, झूठ, पाखण्ड, छल, कपट, अत्याचार –चाणक्य ने सिखाये उतने दुनिया के किसी राजनैतिक गुरु ने नहीं सिखाये। हमारे शासक जो जनता में अज्ञान, भाग्यवाद, अन्धविश्वास फ़ैलाते हैं, यह चाणक्य की ही शिक्षा है।
9. चाणक्य ने लिखा है कि जनता को मूढ़ और अन्धविश्वासी कर देने से राजा निष्कंटक राज करता है। यज्ञों की भरमार, कथा-प्रवचन, चमत्कार, तन्त्र-मन्त्र, योगी, स्वामी और भगवान – ये सब शासक और शोषक वर्ग द्वारा प्रोत्साहित किये जा रहे हैं। यह चाण्क्य-नीति है।
10. इस देश के लोग अब जन-कल्याण करने वालों, निस्वार्थ देशसेवकों, गरीबों पर बलि चढ़नेवालों से बहुत तंग हो चुके हैं। वे हाथ जोड़कर कहते हैं –हमें बख्शो ! हमें छोड़ो। हमें चैन लेने दो। मेहरबानी करके हमारा कल्याण करना छोड़ो। और उन्हें जबाब मिलता है –तुम्हारा कल्याण कौन बेवकूफ़ कर रहा है? हम तो हमारा कल्याण कर रहे हैं। तुम अपने कल्याण के भ्रम से परेशान क्यों होते हो?
11. ईमानदारी कितनी दुर्लभ है कि कभी-कभी अखबार का शीर्षक बनती है। ऐसी खबर और शीर्षक का दूसरा गहरा अर्थ भी है। वह यह कि गरीब लोग बेईमान होते हैं। जो गरीब नहीं होते, वे ईमानदार होते हैं। इन बेईमान गरीबों में कोई रिक्शावाला या मजदूर ईमानदारी का काम कर बैठता है। यह चमत्कार है, जैसे दो सिरवाले बच्चे का पैदा होना। इसलिये यह समाचार विशेष रूप से छपना चाहिये।


https://www.facebook.com/anup.shukla.14/posts/10221026140136656

Thursday, October 29, 2020

हम आप से भी बड़ी तैयारी से मिलते हैं

 तकल्लुफ से,तसन्नों* से अदाकारी से मिलते हैं

हम अपने आप से भी बड़ी तैयारी से मिलते हैं।
बहुत जी चाहता है दोस्तों से हाल-ए-दिल कहिये
मगर क्या कीजिये कि दोस्त भी दुश्वारी से मिलते हैं।
हमारे पास भी बैठो अगर फुरसत कभी पाओ
हम दरवेश हैं सबसे रवादारी(खुलेपन) से मिलते हैं।
यहां अब आस्तीनों में कोई खंजर नहीं वाली
एक दूसरे से लोग होशियारी से मिलते हैं।
- स्व. वाली असी
*तसन्नों-बनावटीपन

https://www.facebook.com/anup.shukla.14/posts/10221013275375045

Monday, October 26, 2020

परसाई के पंच-87

 

1. आदमी के मरने पर उसके कुरते या जूते को उसके साथ नहीं जलाते, पर स्त्री को जला देते हैं। धन्य है यह महान संस्कृति।
2. धार्मिक समारोह जूते चुराने और जेब काटने के लिये होते हैं। यही सच्ची भक्ति है।
3. सच्चा राजनेता ऐसा ही होता है। वह जीत के बाद निर्लज्ज और अनैतिक हो जाता है। हार के बाद नैतिक और लज्जाशील हो जाता है।
4. सच्चा सिपाही वह होता है जो उसी खजाने को लुटवा देता है, जिसकी रक्षा के लिये वह तैनात है।
5. लड़की की शादी में जैसे लड़कावाला दहेज लेता है वैसे ही दक्षिणपन्थी इन पार्टियों का टिकट जब किसी को पेश किया जाता है, तो वह पूछता है –साथ में रुपये कितना दोगे? गोया इन पार्टियों का टिकट कानी लड़की है, जिस पर खासा दहेज लगता है।
6. हमारे देश में फ़ासिस्ट संगठन हैं। प्रजातन्त्र-पद्धति के विरोधी हैं। पर ये प्रजातन्त्र की कसम खाते हैं और अब कह रहे हैं कि देश में प्रजातन्त्र का नाश हो रहा है। यह ऐसा ही हुआ कि एक लड़के ने अपने मां-बाप को मार डाला। जब अदालत में पेश किया गया तो न्यायाधीश से कहता है- हुजूर , मुझे माफ़ किया जाये, मैं अनाथ हूं।
7. खण्डन उस आदमी का कारगर होता है जिसके बारे में लोग यह विश्वास करते हों कि यह सच भी बोलता है। जब लोग यह माने बैठे हैं कि ये तो हमेशा झूठ ही बोलते हैं, तब खण्डन को एक और झूठ मान लिया जाता है।
8. छोटे लोग जब किसी दुर्घटनावश या भाग्यवश सत्ता के पदों पर पहुंच जाते हैं, तब वे मुंह ऊपर करके देखते हैं कि हमारे ऊपर कौन है। उन्हें ऊपर कोई दिख जाता है कुछ उस पर थूकने की कोशिश में अपने ऊपर ही थूक गिरा लेते हैं।
9. कुछ लोग अपनी कब्र पर लगाया जाने वाला पत्थर खुद तैयार करवा लेते हैं। कुछ अपना श्राद्ध खुद कर डालते हैं। ये लोग बड़े दूरदर्शी होते हैं।
10. फ़िल्म-व्यवसाय ऐसी ऊंची किस्म के भौंड़ों के हाथों में है कि प्रेम के दृश्य में वे यह दिखाने की इच्छा रखते हैं कि प्रेमी-प्रेमिका एक-दूसरे को सलाद के साथ खा रहे हैं।
11. दुहरी नैतिकता में जीने वाले हम लोग कमाल करते हैं। कृष्ण की चीर-हरण-लीला को भक्तिभाव से सुनते हैं, क्योंकि वह भगवान कृष्ण का मामला है। पवित्र है। कालिदास और जयदेव के घने वासना-प्रसंगों को पढ़ने –पढ़ाने देते हैं, क्योंकि वे संस्कृत में, देववाणी में हैं और देवता या सामन्त के विलास के बारे में हैं। कालिदास या जयदेव ने यह कहीं नहीं लिखा कि कोई नौकर नौकरानी का चुम्बन ले रहा था। छोटे-टुच्चे लोगों का प्रेम ही अनैतिक और अपवित्र होता है।

https://www.facebook.com/anup.shukla.14/posts/10220998464764789

Sunday, October 25, 2020

परसाई के पंच-86


1. इस देश में हर शुभ काम स्केण्डल हो जाता है, बदनामी का वायस हो जाता है। अकालपीड़ित-राहत-कोष इकट्ठा होता है तो वह काण्ड हो जाता है। बाढ़-पीड़ित-सहायता फ़ण्ड बन जाता है तो वह भी स्केण्डल हो जाता है। कई बदनाम हो जाते हैं।
2. सबसे निरर्थक आन्दोलन भ्रष्टाचार के विरोध का आन्दोलन होता है। भ्रष्टाचार विरोधी आन्दोलन से कोई नहीं डरता। यह एक प्रकार का मनोरंजन जो राजनैतिक पार्टी कभी-कभी खेल लेती है, जैसे कबड्डी का मैच। इससे न सरकार घबड़ाती , भ्रष्टाचारी घबड़ाते, न मुनाफ़ाखोर, न कालाबाजारी। सब इसे शंकर की बारात समझकर मजा लेते हैं।
3. इस देश में हर आदमी दूसरे को सदाचारी बनाना चाहता है कि मैं तो भ्रष्टाचार करूं पर दूसरा न करे, इसलिये नारे लगाऊं।
4. अपनी धांधली पर आंच आती है, तब अमेरिका को धर्म, मानवीयता, स्वतंत्रता की याद आने लगती है।
5. अमेरिका अपने सिवाय किसी को सभ्य मानता नहीं है।
6. हिटलर का मशहूर कथन है –’जनता बड़े झूठ के जाल में छोटे झूठ की अपेक्षा आसानी से फ़ंसती है, इसलिये बड़ा झूठ बोलें।’
7. कोई भी आदमी जो हमें पसन्द नहीं , सदन में बैठ नहीं पायेगा। यह लोकतन्त्र की सच्ची भावना है।
8. इसे लोकतंत्र कहते हैं जिसमें जन को लात मार दी जाती है।
9. यदि कोई स्त्री पुलिस थाने में रिपोर्ट करने जाये कि उस पर बलात्कार हुआ, तो भारतीय पुलिस बड़ी मुस्तैदी से अपना कार्य करती है। पुलिस वाले खुद उस स्त्री पर प्रयोग करके पक्का कर लेते हैं कि जो हुआ वह ऐसा ही हुआ, जैसा हमने किया।
10. बलात्कार को ’पाशविक’ कहा जाता है,पर यह पशु की तौहीन है। पशु बलात्कार नहीं करते। सुअर तक नहीं करता, मगर आदमी करता है।
11. हम बहुत पाखण्डी लोग हैं। हम अपने को प्राचीनतम और महान संस्कृति वाले कहते हैं, आदर्शवादी समझते हैं, नैतिक मानते हैं, मगर हमसे ज्यादा क्रूर और नीच जाति दुनिया में नहीं है। अफ़्रीका के जंगली कबीलों में भी नारी पर उतने अत्याचार नहीं होते, जितने हम करते हैं और कहते हैं कि नारी पवित्र है, पूज्या है, माता है, जहां नारी की पूजा होती है, वहां देवता रमते हैं।

 https://www.facebook.com/anup.shukla.14/posts/10220991985242805

Monday, October 19, 2020

परसाई के पंच- 81


1. नये खून को सोचना चाहिये कि उसके सामने तो पूरी जिन्दगी पड़ी है, कभी भी पद पर बैठ सकेंगे। पर पुराने खून के दिन गिने-गिनाये हैं, उन्हें कुछ दिन और रह लेने दो।
2. जब विधानसभाओं और संसद के आधे से अधिक सदस्य एम्बुलेंस में सभा-भवन जाया करेंगे और हर सदस्य के बगल में एक डॉक्टर बैठा करेगा, तब समझेंगे कि हमारा जनतन्त्र सयाना(मैच्योर्ड) हो गया।
3. सयानेपन से जो काम होते हैं उनसे मंगल होता है। दशरथ अगर कैकेयी से विवाह न करते तो राम को वन कौन भेजता? और राम वन न जाते तो रावण का नाश कैसे होता?
4. अंगरेजी में मुहावरा है- ’डाई इन हारनेस’, यानी घोड़ा हो तो उसे कसे-कसाये और आदमी हो तो पद पर काम करते-करते मरना चाहिये। यह बड़े गौरव की बात है। राज-पद पर जो व्यक्ति कसा-कसाया मृत्यु को प्राप्त होता है उसकी अन्त्येष्टि राजकीय सम्मान के साथ होती है। जिन्हें राजकीय सम्मान से अन्येष्टि कराना है, वे पद क्यों छोड़ें?
5. पुराने खून के स्थान पर नया खून आ गया, तो बड़े पैमाने पर ’अनएम्प्लायमेण्ट’ (बेकारी)बढेगी। सयानों की बेकारी बड़ी खराब होती है। बेकार आदमी ’फ़्रस्टेशन’ (हताशा) से पीड़ित रहता है और उपद्रव करता है।
6. राष्ट्र का हित इसी में है कि पुराने नेता बेकारी की समस्या से पीड़ित न हों। उन्हें संस्मरण तक लिखने की फ़ुरसत नहीं मिलनी चाहिये, वरना संस्मरण में ही ऐसा कुछ लिख देंगे कि गड़बड़ पैदा हो जायेगी।
7. पुराने आदमी को चुनाव जीतने की सब तरकीबें मालूम हैं। वह जानता है कि किससे कैसे वोट लिया जा सकता है। उसका जीतना निश्चित है। नया आदमी एक चुनाव तो सीखने में ही हार जायेगा। पार्टी नये खूनों को टिकट देकर क्या चुनाव हारेगी?
8. हमारी हजारों सालों की महान संस्न्कृति है और यह समन्वित संस्कृति है, यानी यह संस्कृति द्रविड़, आर्य, ग्रीक, मुस्लिम आदि संस्कृतियों के समन्वय से बनी है। इसलिये यह स्वाभाविक है कि महान समन्वित संस्कृति वाले भारतीय व्यापारी इलायची में कचरे का समन्वय करेंगे, गेहूं में मिट्टी का, शक्कर में सफ़ेद पत्थर का, मक्खन में स्याही सोख कागज का। जो विदेशी हमारे माल में ’मिलावट’ की शिकायत करते हैं, वे नहीं जानते कि यह मिलावट नहीं है, ’समन्वय’ है तो हमारी संस्कृति की आत्मा है।
9. सामन्त इज्जत के लिये जान दे देता था, तो वह मारनेवाले की जान ले लेता था और अपनी दे देता था। पर व्यापारी को कहे कि एक जूता मारकर 5 रुपया दूंगा, तो वह कहेगा कि तू मुझे दस जूते मार ले और पचास रुपये दे दे- कमीशन काटकर चालीस में भी मार सकता है।
10. अपनी संस्कृति-सभ्यता नहीं छोड़े जाते। यह राष्ट्रीय विशेषता है और हम यह बच्चों को छोटी उम्र से ही सिखाते हैं। उनके संस्कार के लिये गणित में यह पढाते हैं- एक ग्वाला 21 रुपये मन के भाव से 2 मन दूध खरीदकर उसमें 20 सेर पानी मिलाता है और उसे एक रुपये में दो सेर के भाव बेचता है, तो उसे कितना लाभ होगा?
11. जिस युवक को अच्छी स्त्री का प्यार चाहिये, वह उचक्कापन अवश्य करेगा। शरीफ़ों को कोई स्त्री नहीं चाहती। यह अटल फ़िल्मी सत्य है।

 https://www.facebook.com/anup.shukla.14/posts/10220952173127527

Sunday, October 18, 2020

परसाई के पंच-78

 

1. यह गद्दार है ! यह शब्द खूब जबान पर चढा है। यदि कोई सौदा लेने जाय और दुकानदार कम तौले, तब यदि ग्राहक कहे , ’यार, पूरा तौलो। डण्डी क्यों मारते हो?’ तो दूकानदार हल्ला मचा सकता है, ’यह गद्दार है।’ भीड़ इकट्ठा हो जायेगी। जगह-जगह डण्डी मारी जा रही है और इसकी तरफ़ इशारा करने वाला गद्दार कह दिया जाता है।
2. एक तो भारतीय साहित्यकार और, विशेषकर हिन्दीवाला बहुत ही भोला होता है। उसके पास ’आत्मा’ नाम की ऐसी चीज होती है, जो सब कुछ सहज कर देती है। उसकी आत्मा में जो सहज उठ आता है, वह सत्य होता है।
3. कभी-कभी अशिक्षा ही आत्मा बन जाती है –कभी स्वरक्षण का छिपाव भी आत्मा का रूप ले लेता है, कभी-कभी आत्म-छल आत्म ज्ञान बन जाता है। कभी अवसरवाद भीतर बैठकर बोलता है और हम समझते हैं कि यह हमारी शुद्ध आत्मा बोल रही है। यह ’आत्मा’ बहुत अविश्वसनीय चीज है। एक तो यह बाहर नहीं देखने देती है और भीतर , न जाने क्या-क्या बातें सुझाती रहती है।
4. धर्म के नाम पर अपना देश न्योछावर होता है। धर्म के नाम पर विधवाओं को बेचने से लेकर दंगे तक हम कर लेते हैं।
5. भारत में अच्छी नौकरी लगने तक बुद्धिमान क्रान्तिकारी होता है। इसके बाद वह अंग समेटने में लग जाता है। आधी जिन्दगी क्रान्ति का बिगुल फ़ूंकने में काम आती है और शेष आधी कैफ़ियत देने में कि नहीं, मैं वैसा नहीं हूं।
6. जब तक कोई आन्दोलन अपने को लाभ पहुंचाये, तब तक उसमें रहना चाहिये। और जब उस विश्वास के कारण थोड़ा नुकसान उठाने का मौका आ जाये, तो झट दूर होकर उस सबको बुरा कहना चाहिये।
7. जिस अखबार पर दो-चार मानहानि के मुकदमें न चलते रहें वह अखबार नहीं सिनेमा का पर्चा हुआ !
8. हिन्दी में कोई किसी को तब तक साधु नहीं मानता जब तक वह पाठ्य-पुस्तक समिति का सदस्य न हो जाये।
9. नया लेखक बाजार में अपना माल खपाना चाहता है, इसलिये जमे हुये व्यापारियों के माल को घटिया कहता है। यह साहित्यिक विवाद नहीं , आर्थिक स्पर्धा है।
10. कवि में राजनीतिज्ञ और नेता उसी तरह छिपे रहते हैं जिस तरह मरी भैंस के चमड़े में जूते और सूटकेस।
11. अच्छा सफ़ल लेखक वही है, जो दिल्ली की तरफ़ मुंह करे और चला जाये बम्बई। ऐसे सफ़ल लेखकों की एक लम्बी सूची बन सकती है जिनकी दशा कुछ दिखती है पर वे जा रहे होते हैं किसी और दिशा में।

https://www.facebook.com/anup.shukla.14/posts/10220947677575141