Monday, September 28, 2026

गिली में जनता स्विमिंग पूल


गिली का जनता स्विमिंग पूल


बाली यात्रा के दौरान हर होटल में स्विमिंग पूल मिले हमको। पहले होटल में सबसे ऊपर और नीचे की मंजिल में था पूल। दोनों ने तैरे। दूसरे होटल में हमारे (दो कमरे की) विला का साझा पूल था। वहाँ दोनों दिन तैरे। तीसरे में भी दो मंजिलों पर था पूल लेकिन वहाँ तैरने का समय नहीं मिला। गिली में तो पूल कमरे का पिछला दरवाज़ा खोलते ही पूल था। मतलब कमरे निकलते ही उतर जाओ पूल में। इसके अलावा समंदर में भी तैराकी की।
नई नई तैराकी सीखे हैं तो जहाँ पूल दिखता है उतर जाते हैं पानी में। नए मुल्ले के प्याज खाने वाली कहावत की तरह। घर वाले भी मजे लेते हैं हमारी इस आदत की। कल रात दो बजे घर लौटने पर हमारे पूछा गया -‘ पूल नहीं जाना है तैरने के लिए।’
गिली के ट्रावांगन द्वीप में लगभग हर होटल में पूल दिखे। कुछ के पूल तो सड़क किनारे फ़ुटपाथ जैसी जगह थे। कुछ पूल तो सड़क के इतने पास थे कि पूल ने तैरने के लिए डाइव करने पर पानी उछल कर सड़क गीली करता दिखा! होटलों से जुड़े इन पूल में होटल में ठहरने वाले पर्यटक तैरते दिखे।
एक स्विमिंग पूल ऐसा भी दिखा जिसमें आम लोग तैराकी कर सकते थे। जनता स्विमिंग पूल। यह पूल आम जनता के लिए सुबह दस बजे से शाम के छह बजे तक खुला रहता है। ऐसे और भी पूल हो सकते हैं। हमको एक ही दिखा। वहाँ धूप में सुस्ताने की व्यवस्था भी थी। यह पूल मैंने दस बजे के पहले देखा था। तब पूल में कोई था नहीं। शायद दस के बाद लोग आए हों।
लखनऊ में रहने के दौरान हमने अपना पूल बंद होने पर औसतन दो सौ रुपया प्रतिदिन के हिसाब से ‘पूल फीस’ दी है। गिली के जनता पूल जैसी सुविधा लखनऊ में होती तो महीने में छह हज़ार रुपए बचते।
यह बात हमने जिस दिन बाली में सोची थी तबसे ही लखनऊ में जबरदस्त बारिश हो रही है। चार दिन में लखनऊ के कई इलाके स्विमिंग पूल में तब्दील ही गए हैं। इसी लिए कहा गया है कि कोई ख़्वाहिश करने से पहले उसका अंजाम भी सोच लेना चाहिए।

इस पोस्ट को फेसबुक पर यहाँ पढ़ सकते हैं।

गिली में ‘गुड ब्वाय’ घोड़ा

 

घुड़सवारी के लिए जाती महिलायें 

गिली में घोड़ा गाड़ी सवारी के रूप में चलती है। पोर्ट से होटल लोग तांगे में ही जाते हैं। पूरे गिली (ट्रावांगन) में कुल 30 घोड़ा गाड़ी चलती हैं।

सवारी के रूप में घोड़ा गाड़ी के अलावा लोग घुड़सवारी भी करते हैं। सुबह-शाम समुद्र किनारे घोड़े पर सवारी करते लोग दिखे। अधिकतर महिलाएँ। स्थानीय लोग घोड़े की लगाम पकड़े साथ चलते। महिलायें घोड़े पर बैठी फ़ोटो खिंचवाती, वीडियो बनवाती दिखती। कुछ महिलाएँ बिना सहयोग के भी घुड़सवारी करती दिखीं।
सुबह हमारे होटल के सामने कुछ लोग घुड़सवारी के लिए जाते दिखे। इनमें अधिकतर महिलाएँ थीं। होटल के सामने सड़क पर पड़ी मोटो रस्सी को देखकर घोड़ा लड़खड़ा सा गया। लेकिन फ़ौरन संभल गया। महिला उसे लेकर आगे गई।
घुड़सवारी के लिए जाती महिलाओं में से एक ने मुझे वीडियो बनाते देखकर हाथ हिलाकर बॉय भी किया।
घुड़सवारों के एक और दल में सबसे आगे चलती महिला के साथ का घोड़ा कुछ भड़क सा गया। महिला ने उसे प्यार से, बिना घबराये संभाल लिया। घोड़ा संभलकर महिला के साथ चलने लगा। महिला ने कही बार उसे ‘ गुड ब्वाय’ कहते हुए लड़ियाया। घोड़ा आज्ञाकारी बालक की तरह उसके साथ चलता रहा।
महिला के ‘गुड ब्वाय’ कहते हुए घोड़े को संभाल लेने की बात से एक बार फिर लगा कि प्यार से बड़े-बड़े उजड्ड लोगों को भी संभाला जा सकता है।प्यार से ‘ गुड ब्वाय/गुड गर्ल’ कहने पर बड़े-बड़े खूसट जीव लटपटाते हुए आज्ञाकारी प्राणी बन जाते हैं। घोड़े की क्या बिसात।
आपसे की भी उखड़ा हो तो प्यार का यह सार्वभौमिक नुस्खा आज़माएँ। फ़ौरन असर करेगा।

फेसबुक पर इस पोस्ट को यहाँ देख सकते हैं।

गिली में मार्निंग वाक

 

गिली में मार्निंग वाक करती महिलायें 

गिली द्वीप में लोग घूमने-गिरने, मौज-मज़ा और आराम करने आते हैं। समुद्र तट किनारे साइकिलिंग, बाइकिंग करते हैं। आनंदित होते हैं। चिल करते हैं। Fun have करते हैं।

इस दरम्यान कुछ लोग सेहत के लिहाज से दौड़ना भी जारी रखते हैं। सुबह और शाम के समय कई लोग दौड़ते दिखे। पुरुष केवल घुटन्ना ( शॉर्ट्स) पहने। महिलाएं काम भर की पोशाक में।
गिली ट्रावांगन की कुल परिधि लगभग 11 किलोमीटर है। दो चक्कर पूरा कर लेने में हाथ मैराथन (21.1 KM ) दूरी हो जाती होगी।
फ़ोटो में हमारे होटल के सामने सड़क पर सुबह-सुबह दौड़ती महिलाएँ। क्या पता इनमें से किसी ने अपने स्टेटस में लिखा हो-‘ completed हाफ मैराथन in Gilli . फीलिंग फैंटास्टिक।’

इस पोस्ट को फेसबुक पर यहाँ देख सकते हैं।

Saturday, September 26, 2026

गिली की सुबह

 


गिली में सुबह के समय एक बंद दुकान के सामने एक साइकिल का ढाँचा। साइकिल यहाँ आवाजाही के लिए बहुतायत में प्रयोग होती है। साइकिल का ढाँचा देखकर लगता है मानो मैकमिलन की बनाई पहली साइकिल इसी का कोई पुरखा रही होगी।


गिली द्वीप में गत्ता वगैरह ले जाने की व्यवस्था। शहरों में तो कबाड़ी लोग ले जाते हैं। यहाँ कबाड़ के रूप में ले जाते हैं या सफ़ाई का काम समझा जाता गत्ता वगैरह ले जाना। पता नहीं।

गिली में परिवहन के लिए साइकिल और स्कूटी मुख्य साधन हैं। गिली द्वीप के बाहरी घेरे में मुख्य सड़क है। अधिकतर होटल , रेस्टोरेंट इसी सड़क पर हैं। इसी घेरे में जगह-जगह स्थानीय आबादी को जाने वाली गालियाँ हैं। ऐसी ही एक गली से एक आदमी एक हाथ से स्कूटी चलाते हुए दूसरे हाथ में साइकिल पकड़े आता दिखा।
देखकर ऐसा लगा जैसे स्कूटी सवार साइकिल का कान पकड़े घसीटकर सड़क पर ला रहा है। पर्यटक दोनों का इंतजार कर रहे हैं।


इस पोस्ट को फेसबुक पर यहाँ और यहाँ  और यहाँ देख सकते हैं। 

स्कूटी मेरी धीरे-धीरे चलो री

स्कूटी पर बच्चे को लिए उसका पिता 


 गोद में सोते बच्चे को स्कूटी पर सुबह की सैर कराते हुए एक पिता। स्कूटी आहिस्ता-आहिस्ता चलाते हुए बच्चे की सुरक्षा के लिए शायद मन अपनी भाषा ने दोहरा रहा हो -‘ स्कूटी मेरी धीरे-धीरे चलो री।’

स्कूटी पर बच्चे को ले जाते पिता को देखकर याद आया कि एक बार मैं शाहजहांपुर में अपने बच्चे को स्कूटर पर लेकर शहर से फैक्ट्री इस्टेट आ रहा था। बहादुर गंज के पास बच्चे को नींद आने लगी। पीछे बैठे-बैठे कहीं गिर न जाये यह सोचकर मैंने उसको अपने आगे खड़ा किया। हैंडल और अपनी सीट के बीच। बच्चा नींद के झोंके में आगे ही बैठ गया। मैं बहुत आहिस्ते-आहिस्ते स्कूटर चलाते हुए घर पहुँचा।
किसी दृश्य को देखकर कितना कुछ याद आ जाता है।

फेसबुक पर इस पोस्ट को यहाँ देख सकते।

मारिजुआना नहीं पीना तो बेहतर है सो जाओ

 

मोबाइल में सर्फिंग करते , सिगरेट पीते होटल के युवा सुरक्षा कर्मचारी।

मारिजुआना नहीं पीना तो बेहतर है सो जाओ।

यह बात हमारे होटल के सामने बने सीमेंट के चबूतरे पर बैठे , मोबाइल में कुछ देखते हुए आदमी ने कही। उसके हाथ ने सिगरेट सुलग रही थी। मोबाइल में कोई गेम खेल रहा था वह। शायद ऑन लाइन जुआ।
हम हार्बर से लौट कर आए थे। किराए की स्कूटी स्टैंड पर जमा करके सिगरेट पीते आदमी के पास खड़े हो गए। निगाहें मोबाइल में जमाए उसने मुझसे पूछा -‘ मारिजुआना पीना है ?’
हमने ‘नहीं’कहा तो उसने ऊपर लिखी बात कही।
किसी भी पर्यटन स्थल पर नशे और यौन व्यापार आम बात सी है। शायद इसलिए कि पर्यटन के लिए पैसा चाहिए। जिसके पास पैसा होता है उनमें से कुछ को इनकी जरूर होती है। पैसा अपना उपयोग करवाता है।
उसके साथ दो लोग और हैं। एक लड़का सुट्टा लगा रहा है। हवा में धुंआ छोड़ते हुए उसने ख़ुद कहा -‘ ये इलेक्ट्रॉनिक सिगरेट है।’
सारे लोग दरबान हैं। मेरे ही होटल ने। उनकी फ़ोटो लेता हूँ तो वे अँगूठा दिखा कर ‘चीयर अप’ करते हैं। फ़ोटो दिखाने पर धन्यवाद बोलते हैं।
मैं अपने कमरे में आ जाता हूँ। इस समय गिली में सुबह के चार बजने वाले हैं। हिंदुस्तान में रात ने डेढ़ बज रहे हैं। मारिजुआना पीना नहीं है। इसलिए सो जाता हूँ।

Friday, September 25, 2026

हिन्द महासागर में तैराकी


हिन्द महासागर में तैराकी


 गिली द्वीप में समंदर हमारे होटल के सामने ही है। होटल के सामने सड़क पार करते ही करीब बीस मीटर बालू फिर समंदर। समंदर का पानी बार -बार हमारी तरफ़ इशारे करके हमको बुलाता है। यह जावा समुद्र से जुड़ा पानी है। जावा समुद्र हिन्द महासागर से जुड़ा है। मतलब समुद्र की बुलाहट के पीछे हिन्द महासागर की सहमति है।

आज सबेरे कुछ देर होटल के स्विमिंग पूल में तैरे। वीडियो बनाया। फिर सोचा समंदर में भी तैर लिया जाये। निकल कर गए बाहर। समंदर किनारे। तैरने के लिए।
समंदर में तैरने के पहले सुरक्षा के बारे में जानकारी ली। गूगल ने बताया -‘ यहाँ तैरना सुरक्षित है।’
काउंटर में मौजूद बच्ची ने भी बताया कि तैरना ख़तरनाक नहीं है। बस सावधान रहिएगा।
तैरने के पहले उसका वीडियो बनवाने की व्यवस्था की। काउंटर बालिका ने कहा -‘ मुझे काउंटर देखना है इसलिए मैं नहीं बना सकती।’
समंदर किनारे बैठे एक आदमी ने , भाषाई अड़चन के बावजूद, मेरी जरूरत समझकर मेरा मोबाइल पकड़ लिया। हम पानी की तरफ़ बढ़े।
समंदर के पानी में घुसते ही पानी में मौजूद चट्टाने और सीप के टूटे दुकड़े पैर में चुभे। हम पलटकर वापस आए। पैर में चप्पल पहनकर फिर पानी में घुसे। गहरे पानी में पैठे। कमर तक पानी आ गया तब तैरने की सोची।
तैरना शुरू करने के पहले याद आया कि पानी में किक करते समय चप्पल भी कहीं बाहर न निकल जायें।
इसके बाद पैर की चप्पल हाथ में पहन लीं। बैटिंग करते समय पहने जाने वाले 'हैंड गार्ड' की तरह। सामने के पानी को हाथ से हटाकर हम पानी में तैरने लगे।
थोड़ी देर तट के समांतर तैरने के बाद हम किनारे की तरफ़ लौटने लगे। समंदर में तैरना पूल में तैरने जैसा ही लगा सिवाय उसका पानी खारा होने के। लहरे भी धीमी ही थीं। ज़्यादा धकिया नहीं रहीं थीं इसलिए भी आसान लगा तैरना।
किनारे की तरफ़ लौटते हुए पानी की गहराई कम होती गई। इतनी कि ब्रेस्ट स्ट्रोक के लिए हाथ नीचे करने पर नीचे मौजूद चट्टानों से टकराने लगे। हम थोड़ा और तैर करके रुक गए। पानी में खड़े हो गए। हाथ सरेंडरी मुद्रा में ऊपर किये। हैंड गार्ड की तरह हाथ में फँसी हुई चप्पलें पाँव में पहनीं। पानी के बाहर आ गए। वीडियो बनाने वाले से मोबाइल वापस लिए। उसको धन्यवाद दिया। कमरे की तरफ़ वापस हो लिए।
रास्ते में काउंटर पर मौजूद बच्ची ने तैराकी के अनुभव के बारे में पूछा। हमने उसको वीडियो दिखा दिया। उसने अपने हाथ कंधे तक ले जाकर हथेलियों के दोनों अंगूठे ऊपर करते हुए मुस्कराते हुए बधाई दी। हम उसको धन्यवाद देकर कमरे me आ गए।
यह हमारी समन्दर की पहली तैराकी थी।

इस पोस्ट को इसके वीडियो सहित फेसबुक पर यहाँ और यहाँ देख सकते हैं।

किराए की साइकिलें

 

किराए की साइकिलें


होटल के बाहर किराए की साइकिलें। किराया 5000 IDR (277 रुपये) प्रति चौबीस घंटे।


फेसबुक पर इस पोस्ट को यहाँ पढ़ सकते हैं।

वायरल पोस्ट से 11572 रुपये की कमाई


खाने का बिल 62 लाख IDR 


गिली द्वीप में सुबह हो गई है। पाँच बजे हैं अभी। नींद खुल गई तो लेते लेते मोबाइल देखने लगे। पिछले हफ़्ते भर में तमाम यादें इकट्ठा हो गईं। ढेर सारे अनुभव। ढेर सारी यादें। सबको लिखने का मन। लेकिन सबको लिखना मुश्किल। पुराने लिख नहीं पाते। नए जुड़ जाते हैं।
बाली में एक रेस्टोरेंट क्वींस इंडिया रेस्टोरेंट के बारे में लिखी एक पोस्ट वायरल हुई। होटल में हुए खर्चे पर लिखी उस पोस्ट को 10.9 M (एक करोड़ नौ लाख) लोगों ने देखा। 5100 लोगों ने लाइक किया। 1200 लोगों ने टिप्पणी की। 142 लोगों ने पोस्ट साझा की। 120.87 डॉलर की कमाई हुई आज तक।
एक पोस्ट पर इतनी कमाई पहली बार हुई । 120.87 डॉलर मतलब 11572 रुपये। कमाई का शतक पहली बार लगा। इसके पहले भी एक बार करीब दस डॉलर की कमाई खाने के बिल पर हुई थी।
पोस्ट में ऐसा कुछ खास नहीं था। बस खाने का जिक्र और बिल। लोगों ने खूब देखा और टिप्पणियां की। ज़्यादातर टिप्पणियां हिसाब को सही, ग़लत बताने की थीं। पोस्ट का लिंक टिप्पणी में है।
ट्रिप में लोगों को पता चला तो उन्होंने पार्टी माँगी। दोस्तों को चाय पिलाई। करीब 24 डॉलर खर्च हुए। खाने की बात से हुई कमाई का एक हिस्सा पीने में खर्च हुआ।
खाने के बिल की पोस्ट वायरल होने का यह दूसरा वाकया है। इससे पता चलता है कि दुनिया में खाने की बात और खर्चे से कितने लोग प्रभावित होते हैं।
पोस्ट वायरल होने के कारण भी रोचक होते हैं। आपकी अभी तक कोई पोस्ट वायरल हुई ?

इस पोस्ट को फेसबुक पर यहाँ पढ़ सकते हैं।

Thursday, September 24, 2026

गिली ट्रावांगन में पहला दिन

 

गिली, ट्रावांगन में घोड़ा गाड़ी 

आज सुबह बाली से गिली द्वीप आए। दोपहर डेढ़ बजे का जहाज था। होटल से दस बजे चलना था। साढ़े दस चले। हार्बर क़रीब पचपन किलोमीटर था। लगा आराम से पहुँच जायेंगे। पहुँच भी गए पचास मीटर पहले तक। इसके बाद इतना जाम कि लगा जहाज छूट जाएगा। सामान उठाकर शार्टकट से भागे पैदल। पहुँच गए टाइम पर।

टिकट पहले ही ले चुके थे। जहाज का इंतजार करने लगे। जहाज आया घंटे भर लेट। बैठकर चल दिए गिली द्वीप की तरह।
रास्ते में तमाम घटनाएँ हुई। यादगार नज़ारे दिखे। उनकी बात फिर कभी। क़िस्सा गिली पहुँचने का।
गिली में ऑटोमोबाइल की गाड़ी नहीं चलती है। घोड़ा गाड़ीं, साइकिल , बैटरी से चलने वाली बाइक/स्कूटी चलती है।
घोड़ा गाड़ी वाले ने सामान देखकर बताया-दो गाड़ी लगेंगी। कुल किराया तीन लाख IDR (1605 रुपये)। हमने मोलभाव करने की कोशिश की। उसने किराया बढ़ाकर बताया चार लाख IDR । मोलभाव की कोशिश की पेनाल्टी एक लाख IDR (535 रुपये)। हमने मोलभाव की कोशिश के कदम वापस क्रीज में खींच लिए। सामान लदवाकर चल दिए।
घोड़ा गाड़ी चली। घोड़े की टॉप के साथ उसके पैरों में बँधे घुँघरू की आवाज रास्ते भर बजती रही।
अगल-बगल, आगे-पोछे साइकिल सवार , स्कूटी सवार आते-जाते दिखे। शहरों में कार पर चलने वाले साइकिल, स्कूटी पर चलते दिखे। एक आदमी उघारे बदन स्कूटो चलता आ रहा था। पीछे उसकी संगिनी रही होगी। उसने हमको देखा। मुस्कराया। हमने हाथ हिलाया। बदले में उसने भी हाथ हिलाया। उसकी साथिन ने भी हाथ हिलाया। वे फ्रांस से आए थे घूमने। बताकर वे फर्राटे से आगे निकल गए।
स्कूटी का चौबीस घंटे का किराया 250 K IDR है यहाँ (1324 रुपये)। साइकिल 50 K ( 267 रुपये) में मिलती है। भारतीय मुद्रा के मुक़ाबले इंडोनेशियाई मुद्रा भले कमज़ोर दिखे लेकिन चीजें काम भर की मंहगी हैं।
गिली ट्रावांगन (Gili Trawangan) का कुल क्षेत्रफल लगभग 6 वर्ग किलोमीटर है। लंबाई करीब 3 किलोमीटर और चौड़ाई करीब 2 किलोमीटर है। आयताकार मान लें कुलदस किलोमीटर परिधि है। इतना हम कुछ दिन पहले रोज़ घूम लेते थे। करीब दो घंटे में। लेकिन सोच रहे हैं कि कल साइकिल या स्कूटी ले लेंगे किराए पर। घूमेंगे।
होटल पर पहुंचकर किराया दिया घोड़े वाले को। होटल में कमरा बुक था ही। कमरे में आ गए। शाम की चाय पी। रात का खाना खाया।
यह हमारा गिली ट्रावांगन में पहला दिन है।

इस पोस्ट को फेसबुक पर यहाँ पढ़ सकते हैं।

 

समुद्र तट के आसपास सफ़ाई का इंतज़ाम

बाली, इंडोनेशिया के प्रसिद्ध पेटीटेंगेट मंदिर (Pura Petitenget) और उसके आसपास का परिसर । यह मंदिर बाली के सबसे जीवंत और आधुनिक तटीय क्षेत्र सेमिन्याक (Seminyak) में स्थित है।


समुद्र तट पर पुलिस सबस्टेशन पर कुछ लोग मिले। गुड़नार्निंग हुई। वहाँ साफ़ सुथरा पार्किंग का इंतज़ाम है। सुबह गाड़ियाँ कम खड़ी हैं । गाड़ियाँ खड़ी करने के नियत स्थान। सगाई करती हुई महिला देखकर लगा कि बाली इतना साफ़-सुथरा क्यों लगता है।

इस पोस्ट को फेसबुक पर यहाँ पढ़ सकते हैं।

बाली में फ़्लर्ट करने का इंतज़ाम।

बाली में फ़्लर्ट करने का इंतज़ाम


 बाली में फ़्लर्ट करने का इंतज़ाम।

Flirt (फ़्लर्ट) का हिंदी में मुख्य अर्थ इश्कबाज़ी , दिल्लगी करना या छेड़खानी करना होता है।
फ़्लर्ट करने के लिए कोई ड्रेस कोड नहीं होता। कैसे भी किया जा सकता है। लेकिन बाजार ने फ्लर्ट में सहयोग के लिए कपड़े जुगाड़े हैं। बाली में भी फ्लर्ट के कपड़ों की दुकान है।
फ़्रांसीसी दुकान का नाम है - JE SUIS FLIRT BALI
मतलब मैं फ्लर्ट बाली हूँ (यह फ्रांसीसी भाषा का वाक्य है: "Je suis" का मतलब "मैं हूँ" और "Flirt Bali" ब्रांड का नाम है)।
दुकान अभी खुली नहीं है। इसलिए ड्रेस ख़रीद नहीं पाये। न देख पाये। आपको चाहिए तो आईये बाली और फ्लर्ट करने की पोशाक ख़रीदें।
वैसे फ़्लर्ट का एक मतलब हँसी-मजाक में प्यार जताना भी होता है। प्यार का भी कोई ड्रेस कोड नहीं होता। जताइए प्यार अपने लोगों से हंसी मजाक करते हुए।

इस पोस्ट को फेसबुक पर यहाँ देख सकते हैं।

बाली की सुबह

 

सड़क पर सुबह का ट्रैफ़िक

सबेरे की चाय पीकर घूमने निकले। होटल से करीब एक किलोमीटर दूर समुद्र तट है -Petitenget बीच। इसी नाम का मंदिर है यहाँ। मंदिर के सामने समुद्र। बाहर निकलकर सड़क पर ज्यादातर लोग दुपहिया वाहनों में आते-जाते दिखे। स्पा अभी बंद थे। गाड़ियाँ सड़क किनारे बने फ़ुटपाथ पर खड़ीं थीं। फ़ुटपाथ यहाँ इस तरह बनाये जाते हैं ताकि गाड़ियाँ सड़क किनारे न खड़ी होकर फ़ुटपाथ पर पार्क की जा सकें। कम चौड़ी सड़क की समस्या निदान का एक सहज उपाय।



Fire Star Fish होटल और ICE Away Spa को जाने वाली सड़क के दोनों और लगे पेड़ आने-जाने वालों के स्वागत मुद्रा में हैं। बाहर दरबान खड़ा है। सुरक्षा के लिए।



बाली में किताबों की दुकान। दुकान अभी खुली नहीं है। Periplus book shop ऊपर दवा की दुकान है। नीचे धोबी की दुकान (लांड्री) और करेंसी बदलने की दुकान है। सब अभी बंद हैं। खुलेंगी थोड़ी देर में।

इस पोस्ट को फेसबुक पर यहाँ , यहाँ , यहाँ पढ़ सकते हैं।

Wednesday, September 23, 2026

बाली के seminyak स्विमिंग पूल में तैराकी

बाली के seminyak  स्विमिंग पूल में तैराकी 


बाली के seminyak का स्विमिंग पूल 🏊 करीब पचास मीटर लंबा है। सुबह उठने में देर हुई लेकिन तैरने का सिलसिला जारी रखने के लिहाज़ से तैरने गए।
पूल के बीच की सीढ़ियों से पूल में उतरे। पूल का पानी कुनमुनाया। उसकी नींद में खलल पड़ा होगा। कुनमुना कर उसने हमारा स्वागत सरीखा किया। शायद बोला भी हो welcome to swimming pool . हम पहले तैराक थे पूल में।
पानी डेढ़ मीटर गहरा था। हाथ से हिलाकर हमने पूल के पानी को जगा दिया। पूल का पानी लहराते हुए आपस में बतियाते हुए बोला होगा -‘ आ गए हैं नए-नए तैराक। झेलो इनको।’
पानी पहले थोड़ा ठंडा लगा। लेकिन फिर सहज लगने लगा। आराम - आराम से तैरते हुए दो चक्कर लगाए पूल के। मतलब करीब 200 मीटर तैरे। पूल की लंबाई को पूरा तैरने के बाद तैरते हुए ही मुड़कर वापस लौटे। लौटते हुए याद आया कि मुड़ते समय हाथ नहीं दिया। कहीं कोई ‘ तैराकी चलान’ न कर दे। लेकिन फिर सोचा -‘ जो होगा देखा जाएगा।’
तैरने का तो देर तक मन था। लेकिन आज भी घूमने निकलना था। इसलिए पानी से निकलकर बाहर आए। पूल के पानी को बाय कहा। पूल का पानी जो हमारे ‘ पूल प्रवेश’ के समय कुनमुना रहा था, हमारे निकलते हिलते-डुलते हुए हमसे चिपटते हुए रोकने की कोशिश कर रहा। हमने उससे विदा लेते हुए कहा -‘ कल फिर मिलेंगे।’

बाहर निकलकर हमने पीछे मुड़कर देखा। पूल की तमाम लहरें हिलते-डुलते-लहराते-इठलाते हमको बाय-बाय कर रहा था। 


इस पोस्ट को फेसबुक पर यहाँ पढ़ सकते हैं। 

शहर के कुछ रंग रात के अंधेरे में

 

यहाँ रात की चाय पी गई 

किसी भी शहर के कुछ रंग रात के अंधेरे में दिखते हैं।

कल शाम सेमिनयक (Seminyak) आए। आते ही उलूवातु चले गए। वहाँ सूर्यास्त देखा। फिर केचप डांस। लौटकर खाना कहा। होटल के कमरे और उनकी व्यवस्था शानदार। हमारे कमरे के स्क्रीन पर हमारा नाम का उल्लेख करते हुए स्वागत चमक रहा था। हर सुविधा बेहतरीन।
रात करीब एक बजे टहलने निकले। बहाना चाय पीने का। होटल से बाहर निकलते ही सड़क पर ग्रैब बाइक संचालक लपक कर आये। पूछने लगे -‘ टैक्सी चाहिए, मसाज कराना है लड़की चाहिए। कहाँ जाना है?’
हमने बताया कि कहीं जाना नहीं है। ऐसे ही टहलने निकले हैं।
होटल में रुके हैं।
आगे फिर कुछ लोगों ने पूछा -‘ लड़की चाहिए?’
उनके से एक से बतियाने लगे। उसने अपने मोबाइल में कई महिलाओं के फोटो दिखाये। सबके साथ के दाम बताते हुए। दस लाख, बीस लाख, तीस लाख IDR प्रति घंटा के साथ के हिसाब से।
अपने बारे में बताया -‘ ग्रैब चलाता है। कोई काम नहीं। रात को यह काम करता है।’
बीस साल की उम्र बताने वाले उस युवा ने पूछने पर उसने बताया -‘ सारा पैसा उन महिलाओं को जाता है। उसको दोनों तरफ़ से कुछ टिप मिल जाता है। बीस महिलाओं के संपर्क में है वह। चार के लिए ग्राहक मिल चुके हैं। बाकी के लिए तलाश रहा है।’
हमने उससे बताया -‘ हम चाय पीने निकले हैं। चाय के अलावा कुछ नहीं चाहिए।’
उसने कहा -‘ आओ हम चाय की दुकान ले चलें, बाइक पर।’
हम नहीं गए। आगे बढ़ गए। एक बार जैसी जगह पर दरबान लगे थे। एक युवा लड़की जो अंदर की तरफ़ जा रही थी उसकी तलाशी लेने के बाद ही अंदर जाने दिया।
आगे भी एक युवा मिला। उसने तुतलाते हुए जो रेट बताये उसको सुनकर लगा तिरपन लाख। बाद में पता चला वह सेवन लाख कह रहा था।
थोड़ी देर बाद वापस लौटे। वह लड़का फिर साथ हो लिया। बोला -‘ सिगरेट पिला दो।’
हमने पहले सोचा पिला दें। लेकिन फिर धूम्रपान को बढ़ावा न देने की गरज से आगे बढ़ गए। होटल के बगल की चाय की दुकान पर चाय पीने पहुँच गए। चाय का आर्डर किया। ताइवान उलाँग टी (Taiwan oolang tea)। दूध वाली चाय मिल नहीं रही थी। शाम को एक ताइवानी युवा जोड़े से हुई मुलाक़ात की याद करते हुए चाय पी गईं।
होटल में बैरे और बाद में दरबान से बातचीत करने पर उसने बताया कि यहाँ संगत का कारोबार करने वाली महिलाएँ बाली के बाहर की हैं। बाली की लड़कियां इस धंधे में नहीं है।
चाय पीते हुए रात के डेढ़ बज गए। हम अकेले ग्राहक थे वहाँ। होटल वाले ने पूछा -‘ बिल बना दें?’
हमने कहा -‘ बना दो।’
उसने बिल बनाया। 48000 IDR की चाय टैक्स मिलाकर करीब 56000 IDR की पड़ी।
अपन बिल का भुगतान करके वापस कमरे में आ गए। उस समय रात के दो बज रहे थे।
बाली में यह हमारी पांचवीं रात थी।

Tuesday, September 22, 2026

ब्रेस्ट स्ट्रोक करती समुद्र की लहरें


बाली के उलुवातू (Uluwatu) का सूर्यास्त


बाली के उलुवातू (Uluwatu) में आज का सूर्यास्त देखा। सूरज भाई विदा लेते हुए देर तक बतियाते रहे। उनको देखकर अजय गुप्त जी की कविता पंक्तियां याद आईं;
सूर्य जब-जब थका हारा ताल के तट पर मिला,
सच कहूँ मुझे वो बेटियों में बाप से लगा।
कविता की भावना के उलट सूरज भाई हमसे चहकते हुए बतिया रहे थे। समुद्र में पानी की लहरें तट की तरफ़ आकर वापस लौट रहीं थीं। सूरज की रोशनी में चमक रहीं थीं।
सूरज भाई ने हमारे तैराकी सीखने के मजे लेते हुए कहा -‘ देख रहे हैं आजकल तैराकी दिख रहे हो। ब्रेस्ट स्ट्रोक कर रहे हो। तुमको यह जानकर ताज्जुब होगा की समुद्र की लहरों ने करोड़ों वर्षों पहले ब्रेस्ट स्ट्रोक ही सीखा था। आजतक वही करती आ रहीं हैं।’
हमने देखा कि पानी की लहरें सही में ब्रेस्ट स्ट्रोक ही कर रही हैं। जिस तरह अपन हर बार पानी में सांस लेने के लिए सर ऊपर उठाते हैं उसी तरह समुद्र की लहरें हर बार ऊपर उठती नीचे आती हैं। समुद्र उनके लिए बहुत बड़ा स्विमिंग पूल हैं। यहाँ उनको कोई फ़ीस नहीं पड़ती। करोड़ों वर्षों से वे समुद्र में ब्रेस्ट स्ट्रोक में तैरती आ रही हैं।
समुद्र की लहरें तैराकी के मामले में हमारे ही गुरुकुल की निकलीं। एक झटके में करोड़ों वर्षों की विरासत से जुड़ना मजेदार है न।

इस पोस्ट को फेसबुक पर यहाँ पढ़ सकते हैं।

पेट्रोल का खोमचा

 

पेट्रोल भरवाने के बाद जाता स्कूटी सवार।

कल रात उबुद (बाली) की सड़को पर टहलते हुए हमने एक सड़क किनारे एक खोमचा देखा। फलों के जूस की दुकान की तरह के खोमचे में रखे जार में कुछ काला द्रव रखा था। हम कुछ सोचें , पूंछें तब तक एक लड़का स्कूटी पर आया। डिक्की खोली। दुकान वाले ने नोजल से टंकी में पेट्रोल डाल दिया। लड़का पैट्रॉल भराकर चला गया।

पता करने पर जानकारी हुई कि यह एक जुगाड़ू पेट्रोल पंप है ।इंडोनेशिया में जगह-जगह इस तरह के पंप पर पेट्रोल मिलता है। इन पेट्रोल पंप को पर्टामिनी (Pertamini) मिनी पेट्रोल पंप कहते हैं। इंडोनेशिया की सरकारी तेल कंपनी Pertamina (पर्टामिना) से प्रेरित होकर इसका नाम पर्टामिनी (छोटा पर्टामिना) रखा गया है।
Pertamini में 200 लीटर के पेट्रोल (Bensin) से हैंडल की सहायता से पेट्रोल बाइक या स्कूटी में डालते हैं।
नोजल से पेट्रोल डालने को तैयार पैट्रोल के खोमचे का संचालक


पेट्रोल के ड्रम से पंप किया गया पेट्रोल ऊपर लगे कांच के बड़े सिलेंडरों (Measuring Jugs) में जाता है।इन कांच के सिलेंडरों पर लीटर के हिसाब से (1 लीटर, 2 लीटर आदि) निशान या स्केल बने होते हैं।दुकानदार हैंडल तब तक घुमाता है जब तक कि कांच के सिलेंडर में ग्राहक की मांग के अनुसार (जैसे 1 या 2 लीटर) पेट्रोल न भर जाए। इससे ग्राहक को साफ दिखता है कि उसे कितना तेल मिल रहा है।
बाली में पेट्रोल के दाम उसकी क्वालिटी के हिसाब से अलग-अलग हैं। सबसे कम दाम पर्टालाइट (RON-90) के हैं जो 10000 IDR (55-60 रुपये) प्रति लीटर के हिसाब से मिलता है।
एक लड़की भी पेट्रोल भरवाने आई। उसकी ड्रेस से लगा कि शायद कहीं काम करती होगी। वह स्कूटी पर आई। पेट्रोल भरवाया। पैसे दिए। स्कूटी स्टार्ट करके चल दी। उस समय राय के साढ़े ग्यारह बजे थे। इतनी देर रात में किसी लड़की का काम के लिए निकलना और सुरक्षित महसूस करना सुखद है। अपने यहाँ ऐसे दृश्य आम नहीं हैं।
स्कूटी में पेट्रोल भरवाती लड़की। समय रात के साढ़े ग्यारह बजे।


अपने यहाँ भी पेट्रोल जुगाड़ से बिकता है। गाँव, छोटे कस्बों में ऐसा होता है। लेकिन इंडोनेशियाई पेट्रोमिनी की तर्ज पर व्यवस्थित रूप से ऐसा इंतज़ाम नहीं है। हो सकता है।

इस पोस्ट को फेसबुक पर यहाँ पढ़ सकते हैं।

बाली में रात में सड़कबाज़ी

 

रात को यह चाय पी हमने। रात को ग्यारह बजे।
कामगार अधिकतर महिला।

कल रात साढ़े दस बजे सोचा बाहर चाय पी जाये। होटल थोड़ा वीराने में है।काउंटर पर रास्ता पूछने गए। काउंटर बालिका ने बताया-‘ दस मिनट का रास्ता है। सड़क मिल जायेगी।’

बालिका ने यह भी बताया कि उसकी छुट्टी रात ग्यारह बजे होगी। वह स्कूटी से घर जायेंगी। अकेली।
कोई खतरा नहीं ? पूछने पर उसने मुस्कुरा कर सर हिला दिया। काश ऐसा सब जगह होता।
होटल से बाहर निकलते हुए एक जगह कुत्ते भौंकते दिखे। हमको देखकर हमारी तरफ़ थोड़ा दौड़े भी। हमने एक ईंटा उठाया तो कुत्ते वापस घर ने घुस गए। शरीफ, डरपोक कुत्ते रहे होंगे।
🐕 कुत्ते भले लौट गए लेकिन जब झपटे हमारी तरफ़ तो हम डर गए। लगा अगर किसी ने काट लिए तो इंजेक्शन लगवाना पड़ेगा। पता नहीं मिले यहाँ या भारत से मंगवाना पड़े। मन किया लौट जायें कमरे में। लेकिन जड़त्व के नियम के चलते आगे बढ़ गए। कुछ देर में सड़क आ गई।
रात ग्यारह बजे सड़क का नजारा। उबूद, बाली।

सड़क पर दायें जाएँ या बायें यह सोचे बिना अपन मुड़ गए। अभी याद आया कि दायीं तरफ़ ही मुड़े थे। आजकल दुनिया दक्षिणपंथी हो रही है। अपन भी उसी धारा में बह गए। बहुमत के साथ रहना मजबूरी टाइप।
सड़क पर कोई दुकान खुली नहीं। हम सड़क पर बढ़ते गए। एक चौकीदार से चाय की दुकान के बारे में पूछा। उसने बिना हमारी बात समझे आगे की तरफ़ इशारा कर दिया। बढ़े हम।एक मकान पर 1959 लिखा था।
आगे एक दुकान खुली थी। दुकान वाला रात का खाना खा रहा था। हमने उससे चाय के बारे में पूछा। उसने दुकान के सारे बर्तन , सामान दिखा दिए। इशारे से पूछा कि ये चाहिए , ये चाहिए। अंडा दिखाकर हाथ गोल घुमाते हुए आमलेट बनाने का इशारा किया -‘ ये चाहिये।’ हमने मना किया। दुकान के सामान की फ़ोटो लेकर AI से सामान की लिस्ट देखी। उसमें कहीं चाय कॉफ़ी नहीं दिखी। हम आगे बढ़ गए।
एक किलोमीटर क़रीब आगे जाने पर कोई दुकान खुली नहीं दिखी। हम वापस लौट लिए। लौटते समय कुछ समझ नहीं आया तो मन में डर आकर बैठ गया -‘ परदेश में रात ग्यारह बजे अकेले टहलना खतरनाक हो सकता है।’ एक मैनेजर की हमारी श्रीमती जी को कहीं बात याद आ गई-‘ बाली में बाली बचा के रखना है।’
डरे-डरे वापस लौटते हुए उस मोड़ पर लौटे जहाँ से सड़क पर आए थे। एक दुकान के बाहर कुछ लड़के कुछ खाते पीते हुए बतिया रहे थे। उन्होंने हमारी बात सुनकर जो कहा वह मुझे उतनी ही समझ में आई जितनी उनको मेरी बात आई होगी।
मोड़ पर एक दुकान दिखी। वहाँ लोग खा पी रहे थे,एक महिला और पुरुष, उनसे पूछा तो उन्होंने बताया कि एक किलोमीटर दूर शॉपिंग कॉम्प्लेक्स है। वहाँ चाय मिल जायेगी।
अपन ने गूगल में देखा। शॉपिंग कॉम्प्लेक्स तीन किलोमीटर दूर दिखा रहा था। हमने ग्रैब से बाइक की। 13000 IDR (70 रुपये) दिखा रहा था। बुक करने से पहले महिला-पुरुष से पूछा -‘ यही है वह जगह।’ महिला ने पुरुष को इशारा करते हुए जो कहा उसका पालन करते हुए पुरुष ने मेरा मोबाइल हाथ में लेकर लोकेशन ठीक करके मोबाइल हमें वापस कर दिया। हमने उनको धन्यवाद देते हुए बाइक बुला ली।
बाइक आई। हम बैठकर पहुंचे शॉपिंग मॉल। वहाँ दुकानें, डोमिनो पिज्जा शॉप, स्टारबक्स , दारू की दुकानें और गुमटी टाइप खोमचे खुले थे। डोमिनो वाले ने कहा वह कॉफ़ी चाय नहीं रखते। स्टारबक्स दुकान दस बजे बंद हो गई थी। एक दुकान वाले की मशीन ख़राब हो गई थी। अगली दुकान पर काउंटर महिला ने कहा -‘ हमारे यहाँ मिलेगी चाय।’
हमने आर्डर किया और इंतज़ार करने लगे चाय का।
इस बीच मोबाइल हमारा थक गया था। बैट्री 17% बता रही थी। महिला को उसको चार्ज करने के बारे में पूछा। उसने मेरा मोबाइल लेकर चार्जिंग पर लगा दिया। हम इधर-इधर के नज़ारे देखते हुए चाय का इंतज़ार करते रहे।
चाय आई। एक पॉट में चाय, दूध, चीनी अलग। तीन चाय के बराबर चाय। हमने पूरी चाय ख़त्म की। पैसे दिए। 35000 IDR(188 रुपये)। महिला ने मोबाइल वापस दिया। 43% बैटरी देखकर हम भी चार्ज हो गए।
वापसी के लिए फिर बाइक की। किराया वही 13000 IDR । बालक से हमने कहा - ‘ ड्राइव स्लो। गाड़ी वाले गाड़ी धीमे हांको जी।’ जाते समय तेज के गया था बालक। हेलमेट भी लगा लिया। कुछ ही देर में होटल पहुँच गए। उस समय यहाँ के रात बारह बजे थे। हम अकेले चाय पीकर लौटे थे।
रात बारह बजे चाय पीकर लौटने की बात से हमें शाहजहाँपुर के दिन याद आए। वहाँ हमारे सीनियर साथी चतुर्वेदी जी जाड़े के दिनों में रात बारह के बाद कभी-कभी फ़ोन करके कहते थे -‘ चाय पीने आ रहे हैं।’ वो भाभी जी के साथ मोटरसाइकिल पर बीहड़ सर्दी में चाय पीने आते। कल रात उनको फ़ोन करके चाय पीने का किस्सा बताया। पुराने दिन याद आए।
आज उबूद में आख़िरी दिन है। अब आगे जायेंगे। किस्से तमाम जमा हो गए इस बीच। बतायेंगे आहिस्ता-आहिस्ता बोले तो लाहे-लाहे।

इस पोस्ट को फेसबुक पर यहाँ पढ़ सकते हैं।