| गिली, ट्रावांगन में घोड़ा गाड़ी |
आज सुबह बाली से गिली द्वीप आए। दोपहर डेढ़ बजे का जहाज था। होटल से दस बजे चलना था। साढ़े दस चले। हार्बर क़रीब पचपन किलोमीटर था। लगा आराम से पहुँच जायेंगे। पहुँच भी गए पचास मीटर पहले तक। इसके बाद इतना जाम कि लगा जहाज छूट जाएगा। सामान उठाकर शार्टकट से भागे पैदल। पहुँच गए टाइम पर।
टिकट पहले ही ले चुके थे। जहाज का इंतजार करने लगे। जहाज आया घंटे भर लेट। बैठकर चल दिए गिली द्वीप की तरह।
रास्ते में तमाम घटनाएँ हुई। यादगार नज़ारे दिखे। उनकी बात फिर कभी। क़िस्सा गिली पहुँचने का।
गिली में ऑटोमोबाइल की गाड़ी नहीं चलती है। घोड़ा गाड़ीं, साइकिल , बैटरी से चलने वाली बाइक/स्कूटी चलती है।
घोड़ा गाड़ी वाले ने सामान देखकर बताया-दो गाड़ी लगेंगी। कुल किराया तीन लाख IDR (1605 रुपये)। हमने मोलभाव करने की कोशिश की। उसने किराया बढ़ाकर बताया चार लाख IDR । मोलभाव की कोशिश की पेनाल्टी एक लाख IDR (535 रुपये)। हमने मोलभाव की कोशिश के कदम वापस क्रीज में खींच लिए। सामान लदवाकर चल दिए।
घोड़ा गाड़ी चली। घोड़े की टॉप के साथ उसके पैरों में बँधे घुँघरू की आवाज रास्ते भर बजती रही।
अगल-बगल, आगे-पोछे साइकिल सवार , स्कूटी सवार आते-जाते दिखे। शहरों में कार पर चलने वाले साइकिल, स्कूटी पर चलते दिखे। एक आदमी उघारे बदन स्कूटो चलता आ रहा था। पीछे उसकी संगिनी रही होगी। उसने हमको देखा। मुस्कराया। हमने हाथ हिलाया। बदले में उसने भी हाथ हिलाया। उसकी साथिन ने भी हाथ हिलाया। वे फ्रांस से आए थे घूमने। बताकर वे फर्राटे से आगे निकल गए।
स्कूटी का चौबीस घंटे का किराया 250 K IDR है यहाँ (1324 रुपये)। साइकिल 50 K ( 267 रुपये) में मिलती है। भारतीय मुद्रा के मुक़ाबले इंडोनेशियाई मुद्रा भले कमज़ोर दिखे लेकिन चीजें काम भर की मंहगी हैं।
गिली ट्रावांगन (Gili Trawangan) का कुल क्षेत्रफल लगभग 6 वर्ग किलोमीटर है। लंबाई करीब 3 किलोमीटर और चौड़ाई करीब 2 किलोमीटर है। आयताकार मान लें कुलदस किलोमीटर परिधि है। इतना हम कुछ दिन पहले रोज़ घूम लेते थे। करीब दो घंटे में। लेकिन सोच रहे हैं कि कल साइकिल या स्कूटी ले लेंगे किराए पर। घूमेंगे।
होटल पर पहुंचकर किराया दिया घोड़े वाले को। होटल में कमरा बुक था ही। कमरे में आ गए। शाम की चाय पी। रात का खाना खाया।
No comments:
Post a Comment