Tuesday, September 22, 2026

बाली में रात में सड़कबाज़ी

 

रात को यह चाय पी हमने। रात को ग्यारह बजे।
कामगार अधिकतर महिला।

कल रात साढ़े दस बजे सोचा बाहर चाय पी जाये। होटल थोड़ा वीराने में है।काउंटर पर रास्ता पूछने गए। काउंटर बालिका ने बताया-‘ दस मिनट का रास्ता है। सड़क मिल जायेगी।’

बालिका ने यह भी बताया कि उसकी छुट्टी रात ग्यारह बजे होगी। वह स्कूटी से घर जायेंगी। अकेली।
कोई खतरा नहीं ? पूछने पर उसने मुस्कुरा कर सर हिला दिया। काश ऐसा सब जगह होता।
होटल से बाहर निकलते हुए एक जगह कुत्ते भौंकते दिखे। हमको देखकर हमारी तरफ़ थोड़ा दौड़े भी। हमने एक ईंटा उठाया तो कुत्ते वापस घर ने घुस गए। शरीफ, डरपोक कुत्ते रहे होंगे।
🐕 कुत्ते भले लौट गए लेकिन जब झपटे हमारी तरफ़ तो हम डर गए। लगा अगर किसी ने काट लिए तो इंजेक्शन लगवाना पड़ेगा। पता नहीं मिले यहाँ या भारत से मंगवाना पड़े। मन किया लौट जायें कमरे में। लेकिन जड़त्व के नियम के चलते आगे बढ़ गए। कुछ देर में सड़क आ गई।
रात ग्यारह बजे सड़क का नजारा। उबूद, बाली।

सड़क पर दायें जाएँ या बायें यह सोचे बिना अपन मुड़ गए। अभी याद आया कि दायीं तरफ़ ही मुड़े थे। आजकल दुनिया दक्षिणपंथी हो रही है। अपन भी उसी धारा में बह गए। बहुमत के साथ रहना मजबूरी टाइप।
सड़क पर कोई दुकान खुली नहीं। हम सड़क पर बढ़ते गए। एक चौकीदार से चाय की दुकान के बारे में पूछा। उसने बिना हमारी बात समझे आगे की तरफ़ इशारा कर दिया। बढ़े हम।एक मकान पर 1959 लिखा था।
आगे एक दुकान खुली थी। दुकान वाला रात का खाना खा रहा था। हमने उससे चाय के बारे में पूछा। उसने दुकान के सारे बर्तन , सामान दिखा दिए। इशारे से पूछा कि ये चाहिए , ये चाहिए। अंडा दिखाकर हाथ गोल घुमाते हुए आमलेट बनाने का इशारा किया -‘ ये चाहिये।’ हमने मना किया। दुकान के सामान की फ़ोटो लेकर AI से सामान की लिस्ट देखी। उसमें कहीं चाय कॉफ़ी नहीं दिखी। हम आगे बढ़ गए।
एक किलोमीटर क़रीब आगे जाने पर कोई दुकान खुली नहीं दिखी। हम वापस लौट लिए। लौटते समय कुछ समझ नहीं आया तो मन में डर आकर बैठ गया -‘ परदेश में रात ग्यारह बजे अकेले टहलना खतरनाक हो सकता है।’ एक मैनेजर की हमारी श्रीमती जी को कहीं बात याद आ गई-‘ बाली में बाली बचा के रखना है।’
डरे-डरे वापस लौटते हुए उस मोड़ पर लौटे जहाँ से सड़क पर आए थे। एक दुकान के बाहर कुछ लड़के कुछ खाते पीते हुए बतिया रहे थे। उन्होंने हमारी बात सुनकर जो कहा वह मुझे उतनी ही समझ में आई जितनी उनको मेरी बात आई होगी।
मोड़ पर एक दुकान दिखी। वहाँ लोग खा पी रहे थे,एक महिला और पुरुष, उनसे पूछा तो उन्होंने बताया कि एक किलोमीटर दूर शॉपिंग कॉम्प्लेक्स है। वहाँ चाय मिल जायेगी।
अपन ने गूगल में देखा। शॉपिंग कॉम्प्लेक्स तीन किलोमीटर दूर दिखा रहा था। हमने ग्रैब से बाइक की। 13000 IDR (70 रुपये) दिखा रहा था। बुक करने से पहले महिला-पुरुष से पूछा -‘ यही है वह जगह।’ महिला ने पुरुष को इशारा करते हुए जो कहा उसका पालन करते हुए पुरुष ने मेरा मोबाइल हाथ में लेकर लोकेशन ठीक करके मोबाइल हमें वापस कर दिया। हमने उनको धन्यवाद देते हुए बाइक बुला ली।
बाइक आई। हम बैठकर पहुंचे शॉपिंग मॉल। वहाँ दुकानें, डोमिनो पिज्जा शॉप, स्टारबक्स , दारू की दुकानें और गुमटी टाइप खोमचे खुले थे। डोमिनो वाले ने कहा वह कॉफ़ी चाय नहीं रखते। स्टारबक्स दुकान दस बजे बंद हो गई थी। एक दुकान वाले की मशीन ख़राब हो गई थी। अगली दुकान पर काउंटर महिला ने कहा -‘ हमारे यहाँ मिलेगी चाय।’
हमने आर्डर किया और इंतज़ार करने लगे चाय का।
इस बीच मोबाइल हमारा थक गया था। बैट्री 17% बता रही थी। महिला को उसको चार्ज करने के बारे में पूछा। उसने मेरा मोबाइल लेकर चार्जिंग पर लगा दिया। हम इधर-इधर के नज़ारे देखते हुए चाय का इंतज़ार करते रहे।
चाय आई। एक पॉट में चाय, दूध, चीनी अलग। तीन चाय के बराबर चाय। हमने पूरी चाय ख़त्म की। पैसे दिए। 35000 IDR(188 रुपये)। महिला ने मोबाइल वापस दिया। 43% बैटरी देखकर हम भी चार्ज हो गए।
वापसी के लिए फिर बाइक की। किराया वही 13000 IDR । बालक से हमने कहा - ‘ ड्राइव स्लो। गाड़ी वाले गाड़ी धीमे हांको जी।’ जाते समय तेज के गया था बालक। हेलमेट भी लगा लिया। कुछ ही देर में होटल पहुँच गए। उस समय यहाँ के रात बारह बजे थे। हम अकेले चाय पीकर लौटे थे।
रात बारह बजे चाय पीकर लौटने की बात से हमें शाहजहाँपुर के दिन याद आए। वहाँ हमारे सीनियर साथी चतुर्वेदी जी जाड़े के दिनों में रात बारह के बाद कभी-कभी फ़ोन करके कहते थे -‘ चाय पीने आ रहे हैं।’ वो भाभी जी के साथ मोटरसाइकिल पर बीहड़ सर्दी में चाय पीने आते। कल रात उनको फ़ोन करके चाय पीने का किस्सा बताया। पुराने दिन याद आए।
आज उबूद में आख़िरी दिन है। अब आगे जायेंगे। किस्से तमाम जमा हो गए इस बीच। बतायेंगे आहिस्ता-आहिस्ता बोले तो लाहे-लाहे।

इस पोस्ट को फेसबुक पर यहाँ पढ़ सकते हैं।

No comments:

Post a Comment