Tuesday, September 22, 2026

पेट्रोल का खोमचा

 

पेट्रोल भरवाने के बाद जाता स्कूटी सवार।

कल रात उबुद (बाली) की सड़को पर टहलते हुए हमने एक सड़क किनारे एक खोमचा देखा। फलों के जूस की दुकान की तरह के खोमचे में रखे जार में कुछ काला द्रव रखा था। हम कुछ सोचें , पूंछें तब तक एक लड़का स्कूटी पर आया। डिक्की खोली। दुकान वाले ने नोजल से टंकी में पेट्रोल डाल दिया। लड़का पैट्रॉल भराकर चला गया।

पता करने पर जानकारी हुई कि यह एक जुगाड़ू पेट्रोल पंप है ।इंडोनेशिया में जगह-जगह इस तरह के पंप पर पेट्रोल मिलता है। इन पेट्रोल पंप को पर्टामिनी (Pertamini) मिनी पेट्रोल पंप कहते हैं। इंडोनेशिया की सरकारी तेल कंपनी Pertamina (पर्टामिना) से प्रेरित होकर इसका नाम पर्टामिनी (छोटा पर्टामिना) रखा गया है।
Pertamini में 200 लीटर के पेट्रोल (Bensin) से हैंडल की सहायता से पेट्रोल बाइक या स्कूटी में डालते हैं।
नोजल से पेट्रोल डालने को तैयार पैट्रोल के खोमचे का संचालक


पेट्रोल के ड्रम से पंप किया गया पेट्रोल ऊपर लगे कांच के बड़े सिलेंडरों (Measuring Jugs) में जाता है।इन कांच के सिलेंडरों पर लीटर के हिसाब से (1 लीटर, 2 लीटर आदि) निशान या स्केल बने होते हैं।दुकानदार हैंडल तब तक घुमाता है जब तक कि कांच के सिलेंडर में ग्राहक की मांग के अनुसार (जैसे 1 या 2 लीटर) पेट्रोल न भर जाए। इससे ग्राहक को साफ दिखता है कि उसे कितना तेल मिल रहा है।
बाली में पेट्रोल के दाम उसकी क्वालिटी के हिसाब से अलग-अलग हैं। सबसे कम दाम पर्टालाइट (RON-90) के हैं जो 10000 IDR (55-60 रुपये) प्रति लीटर के हिसाब से मिलता है।
एक लड़की भी पेट्रोल भरवाने आई। उसकी ड्रेस से लगा कि शायद कहीं काम करती होगी। वह स्कूटी पर आई। पेट्रोल भरवाया। पैसे दिए। स्कूटी स्टार्ट करके चल दी। उस समय राय के साढ़े ग्यारह बजे थे। इतनी देर रात में किसी लड़की का काम के लिए निकलना और सुरक्षित महसूस करना सुखद है। अपने यहाँ ऐसे दृश्य आम नहीं हैं।
स्कूटी में पेट्रोल भरवाती लड़की। समय रात के साढ़े ग्यारह बजे।


अपने यहाँ भी पेट्रोल जुगाड़ से बिकता है। गाँव, छोटे कस्बों में ऐसा होता है। लेकिन इंडोनेशियाई पेट्रोमिनी की तर्ज पर व्यवस्थित रूप से ऐसा इंतज़ाम नहीं है। हो सकता है।

इस पोस्ट को फेसबुक पर यहाँ पढ़ सकते हैं।

No comments:

Post a Comment