Wednesday, September 23, 2026

शहर के कुछ रंग रात के अंधेरे में

 

यहाँ रात की चाय पी गई 

किसी भी शहर के कुछ रंग रात के अंधेरे में दिखते हैं।

कल शाम सेमिनयक (Seminyak) आए। आते ही उलूवातु चले गए। वहाँ सूर्यास्त देखा। फिर केचप डांस। लौटकर खाना कहा। होटल के कमरे और उनकी व्यवस्था शानदार। हमारे कमरे के स्क्रीन पर हमारा नाम का उल्लेख करते हुए स्वागत चमक रहा था। हर सुविधा बेहतरीन।
रात करीब एक बजे टहलने निकले। बहाना चाय पीने का। होटल से बाहर निकलते ही सड़क पर ग्रैब बाइक संचालक लपक कर आये। पूछने लगे -‘ टैक्सी चाहिए, मसाज कराना है लड़की चाहिए। कहाँ जाना है?’
हमने बताया कि कहीं जाना नहीं है। ऐसे ही टहलने निकले हैं।
होटल में रुके हैं।
आगे फिर कुछ लोगों ने पूछा -‘ लड़की चाहिए?’
उनके से एक से बतियाने लगे। उसने अपने मोबाइल में कई महिलाओं के फोटो दिखाये। सबके साथ के दाम बताते हुए। दस लाख, बीस लाख, तीस लाख IDR प्रति घंटा के साथ के हिसाब से।
अपने बारे में बताया -‘ ग्रैब चलाता है। कोई काम नहीं। रात को यह काम करता है।’
बीस साल की उम्र बताने वाले उस युवा ने पूछने पर उसने बताया -‘ सारा पैसा उन महिलाओं को जाता है। उसको दोनों तरफ़ से कुछ टिप मिल जाता है। बीस महिलाओं के संपर्क में है वह। चार के लिए ग्राहक मिल चुके हैं। बाकी के लिए तलाश रहा है।’
हमने उससे बताया -‘ हम चाय पीने निकले हैं। चाय के अलावा कुछ नहीं चाहिए।’
उसने कहा -‘ आओ हम चाय की दुकान ले चलें, बाइक पर।’
हम नहीं गए। आगे बढ़ गए। एक बार जैसी जगह पर दरबान लगे थे। एक युवा लड़की जो अंदर की तरफ़ जा रही थी उसकी तलाशी लेने के बाद ही अंदर जाने दिया।
आगे भी एक युवा मिला। उसने तुतलाते हुए जो रेट बताये उसको सुनकर लगा तिरपन लाख। बाद में पता चला वह सेवन लाख कह रहा था।
थोड़ी देर बाद वापस लौटे। वह लड़का फिर साथ हो लिया। बोला -‘ सिगरेट पिला दो।’
हमने पहले सोचा पिला दें। लेकिन फिर धूम्रपान को बढ़ावा न देने की गरज से आगे बढ़ गए। होटल के बगल की चाय की दुकान पर चाय पीने पहुँच गए। चाय का आर्डर किया। ताइवान उलाँग टी (Taiwan oolang tea)। दूध वाली चाय मिल नहीं रही थी। शाम को एक ताइवानी युवा जोड़े से हुई मुलाक़ात की याद करते हुए चाय पी गईं।
होटल में बैरे और बाद में दरबान से बातचीत करने पर उसने बताया कि यहाँ संगत का कारोबार करने वाली महिलाएँ बाली के बाहर की हैं। बाली की लड़कियां इस धंधे में नहीं है।
चाय पीते हुए रात के डेढ़ बज गए। हम अकेले ग्राहक थे वहाँ। होटल वाले ने पूछा -‘ बिल बना दें?’
हमने कहा -‘ बना दो।’
उसने बिल बनाया। 48000 IDR की चाय टैक्स मिलाकर करीब 56000 IDR की पड़ी।
अपन बिल का भुगतान करके वापस कमरे में आ गए। उस समय रात के दो बज रहे थे।
बाली में यह हमारी पांचवीं रात थी।

No comments:

Post a Comment