Friday, September 25, 2026

हिन्द महासागर में तैराकी


हिन्द महासागर में तैराकी


 गिली द्वीप में समंदर हमारे होटल के सामने ही है। होटल के सामने सड़क पार करते ही करीब बीस मीटर बालू फिर समंदर। समंदर का पानी बार -बार हमारी तरफ़ इशारे करके हमको बुलाता है। यह जावा समुद्र से जुड़ा पानी है। जावा समुद्र हिन्द महासागर से जुड़ा है। मतलब समुद्र की बुलाहट के पीछे हिन्द महासागर की सहमति है।

आज सबेरे कुछ देर होटल के स्विमिंग पूल में तैरे। वीडियो बनाया। फिर सोचा समंदर में भी तैर लिया जाये। निकल कर गए बाहर। समंदर किनारे। तैरने के लिए।
समंदर में तैरने के पहले सुरक्षा के बारे में जानकारी ली। गूगल ने बताया -‘ यहाँ तैरना सुरक्षित है।’
काउंटर में मौजूद बच्ची ने भी बताया कि तैरना ख़तरनाक नहीं है। बस सावधान रहिएगा।
तैरने के पहले उसका वीडियो बनवाने की व्यवस्था की। काउंटर बालिका ने कहा -‘ मुझे काउंटर देखना है इसलिए मैं नहीं बना सकती।’
समंदर किनारे बैठे एक आदमी ने , भाषाई अड़चन के बावजूद, मेरी जरूरत समझकर मेरा मोबाइल पकड़ लिया। हम पानी की तरफ़ बढ़े।
समंदर के पानी में घुसते ही पानी में मौजूद चट्टाने और सीप के टूटे दुकड़े पैर में चुभे। हम पलटकर वापस आए। पैर में चप्पल पहनकर फिर पानी में घुसे। गहरे पानी में पैठे। कमर तक पानी आ गया तब तैरने की सोची।
तैरना शुरू करने के पहले याद आया कि पानी में किक करते समय चप्पल भी कहीं बाहर न निकल जायें।
इसके बाद पैर की चप्पल हाथ में पहन लीं। बैटिंग करते समय पहने जाने वाले 'हैंड गार्ड' की तरह। सामने के पानी को हाथ से हटाकर हम पानी में तैरने लगे।
थोड़ी देर तट के समांतर तैरने के बाद हम किनारे की तरफ़ लौटने लगे। समंदर में तैरना पूल में तैरने जैसा ही लगा सिवाय उसका पानी खारा होने के। लहरे भी धीमी ही थीं। ज़्यादा धकिया नहीं रहीं थीं इसलिए भी आसान लगा तैरना।
किनारे की तरफ़ लौटते हुए पानी की गहराई कम होती गई। इतनी कि ब्रेस्ट स्ट्रोक के लिए हाथ नीचे करने पर नीचे मौजूद चट्टानों से टकराने लगे। हम थोड़ा और तैर करके रुक गए। पानी में खड़े हो गए। हाथ सरेंडरी मुद्रा में ऊपर किये। हैंड गार्ड की तरह हाथ में फँसी हुई चप्पलें पाँव में पहनीं। पानी के बाहर आ गए। वीडियो बनाने वाले से मोबाइल वापस लिए। उसको धन्यवाद दिया। कमरे की तरफ़ वापस हो लिए।
रास्ते में काउंटर पर मौजूद बच्ची ने तैराकी के अनुभव के बारे में पूछा। हमने उसको वीडियो दिखा दिया। उसने अपने हाथ कंधे तक ले जाकर हथेलियों के दोनों अंगूठे ऊपर करते हुए मुस्कराते हुए बधाई दी। हम उसको धन्यवाद देकर कमरे me आ गए।
यह हमारी समन्दर की पहली तैराकी थी।

इस पोस्ट को इसके वीडियो सहित फेसबुक पर यहाँ और यहाँ देख सकते हैं।

No comments:

Post a Comment