Monday, September 28, 2026

गिली में जनता स्विमिंग पूल


गिली का जनता स्विमिंग पूल


बाली यात्रा के दौरान हर होटल में स्विमिंग पूल मिले हमको। पहले होटल में सबसे ऊपर और नीचे की मंजिल में था पूल। दोनों ने तैरे। दूसरे होटल में हमारे (दो कमरे की) विला का साझा पूल था। वहाँ दोनों दिन तैरे। तीसरे में भी दो मंजिलों पर था पूल लेकिन वहाँ तैरने का समय नहीं मिला। गिली में तो पूल कमरे का पिछला दरवाज़ा खोलते ही पूल था। मतलब कमरे निकलते ही उतर जाओ पूल में। इसके अलावा समंदर में भी तैराकी की।
नई नई तैराकी सीखे हैं तो जहाँ पूल दिखता है उतर जाते हैं पानी में। नए मुल्ले के प्याज खाने वाली कहावत की तरह। घर वाले भी मजे लेते हैं हमारी इस आदत की। कल रात दो बजे घर लौटने पर हमारे पूछा गया -‘ पूल नहीं जाना है तैरने के लिए।’
गिली के ट्रावांगन द्वीप में लगभग हर होटल में पूल दिखे। कुछ के पूल तो सड़क किनारे फ़ुटपाथ जैसी जगह थे। कुछ पूल तो सड़क के इतने पास थे कि पूल ने तैरने के लिए डाइव करने पर पानी उछल कर सड़क गीली करता दिखा! होटलों से जुड़े इन पूल में होटल में ठहरने वाले पर्यटक तैरते दिखे।
एक स्विमिंग पूल ऐसा भी दिखा जिसमें आम लोग तैराकी कर सकते थे। जनता स्विमिंग पूल। यह पूल आम जनता के लिए सुबह दस बजे से शाम के छह बजे तक खुला रहता है। ऐसे और भी पूल हो सकते हैं। हमको एक ही दिखा। वहाँ धूप में सुस्ताने की व्यवस्था भी थी। यह पूल मैंने दस बजे के पहले देखा था। तब पूल में कोई था नहीं। शायद दस के बाद लोग आए हों।
लखनऊ में रहने के दौरान हमने अपना पूल बंद होने पर औसतन दो सौ रुपया प्रतिदिन के हिसाब से ‘पूल फीस’ दी है। गिली के जनता पूल जैसी सुविधा लखनऊ में होती तो महीने में छह हज़ार रुपए बचते।
यह बात हमने जिस दिन बाली में सोची थी तबसे ही लखनऊ में जबरदस्त बारिश हो रही है। चार दिन में लखनऊ के कई इलाके स्विमिंग पूल में तब्दील ही गए हैं। इसी लिए कहा गया है कि कोई ख़्वाहिश करने से पहले उसका अंजाम भी सोच लेना चाहिए।

इस पोस्ट को फेसबुक पर यहाँ पढ़ सकते हैं।

No comments:

Post a Comment