Tuesday, September 22, 2026

ब्रेस्ट स्ट्रोक करती समुद्र की लहरें


बाली के उलुवातू (Uluwatu) का सूर्यास्त


बाली के उलुवातू (Uluwatu) में आज का सूर्यास्त देखा। सूरज भाई विदा लेते हुए देर तक बतियाते रहे। उनको देखकर अजय गुप्त जी की कविता पंक्तियां याद आईं;
सूर्य जब-जब थका हारा ताल के तट पर मिला,
सच कहूँ मुझे वो बेटियों में बाप से लगा।
कविता की भावना के उलट सूरज भाई हमसे चहकते हुए बतिया रहे थे। समुद्र में पानी की लहरें तट की तरफ़ आकर वापस लौट रहीं थीं। सूरज की रोशनी में चमक रहीं थीं।
सूरज भाई ने हमारे तैराकी सीखने के मजे लेते हुए कहा -‘ देख रहे हैं आजकल तैराकी दिख रहे हो। ब्रेस्ट स्ट्रोक कर रहे हो। तुमको यह जानकर ताज्जुब होगा की समुद्र की लहरों ने करोड़ों वर्षों पहले ब्रेस्ट स्ट्रोक ही सीखा था। आजतक वही करती आ रहीं हैं।’
हमने देखा कि पानी की लहरें सही में ब्रेस्ट स्ट्रोक ही कर रही हैं। जिस तरह अपन हर बार पानी में सांस लेने के लिए सर ऊपर उठाते हैं उसी तरह समुद्र की लहरें हर बार ऊपर उठती नीचे आती हैं। समुद्र उनके लिए बहुत बड़ा स्विमिंग पूल हैं। यहाँ उनको कोई फ़ीस नहीं पड़ती। करोड़ों वर्षों से वे समुद्र में ब्रेस्ट स्ट्रोक में तैरती आ रही हैं।
समुद्र की लहरें तैराकी के मामले में हमारे ही गुरुकुल की निकलीं। एक झटके में करोड़ों वर्षों की विरासत से जुड़ना मजेदार है न।

इस पोस्ट को फेसबुक पर यहाँ पढ़ सकते हैं।

No comments:

Post a Comment