Wednesday, September 23, 2026

बाली के seminyak स्विमिंग पूल में तैराकी

बाली के seminyak  स्विमिंग पूल में तैराकी 


बाली के seminyak का स्विमिंग पूल 🏊 करीब पचास मीटर लंबा है। सुबह उठने में देर हुई लेकिन तैरने का सिलसिला जारी रखने के लिहाज़ से तैरने गए।
पूल के बीच की सीढ़ियों से पूल में उतरे। पूल का पानी कुनमुनाया। उसकी नींद में खलल पड़ा होगा। कुनमुना कर उसने हमारा स्वागत सरीखा किया। शायद बोला भी हो welcome to swimming pool . हम पहले तैराक थे पूल में।
पानी डेढ़ मीटर गहरा था। हाथ से हिलाकर हमने पूल के पानी को जगा दिया। पूल का पानी लहराते हुए आपस में बतियाते हुए बोला होगा -‘ आ गए हैं नए-नए तैराक। झेलो इनको।’
पानी पहले थोड़ा ठंडा लगा। लेकिन फिर सहज लगने लगा। आराम - आराम से तैरते हुए दो चक्कर लगाए पूल के। मतलब करीब 200 मीटर तैरे। पूल की लंबाई को पूरा तैरने के बाद तैरते हुए ही मुड़कर वापस लौटे। लौटते हुए याद आया कि मुड़ते समय हाथ नहीं दिया। कहीं कोई ‘ तैराकी चलान’ न कर दे। लेकिन फिर सोचा -‘ जो होगा देखा जाएगा।’
तैरने का तो देर तक मन था। लेकिन आज भी घूमने निकलना था। इसलिए पानी से निकलकर बाहर आए। पूल के पानी को बाय कहा। पूल का पानी जो हमारे ‘ पूल प्रवेश’ के समय कुनमुना रहा था, हमारे निकलते हिलते-डुलते हुए हमसे चिपटते हुए रोकने की कोशिश कर रहा। हमने उससे विदा लेते हुए कहा -‘ कल फिर मिलेंगे।’

बाहर निकलकर हमने पीछे मुड़कर देखा। पूल की तमाम लहरें हिलते-डुलते-लहराते-इठलाते हमको बाय-बाय कर रहा था। 


इस पोस्ट को फेसबुक पर यहाँ पढ़ सकते हैं। 

No comments:

Post a Comment