गिली द्वीप में सुबह हो गई है। पाँच बजे हैं अभी। नींद खुल गई तो लेते लेते मोबाइल देखने लगे। पिछले हफ़्ते भर में तमाम यादें इकट्ठा हो गईं। ढेर सारे अनुभव। ढेर सारी यादें। सबको लिखने का मन। लेकिन सबको लिखना मुश्किल। पुराने लिख नहीं पाते। नए जुड़ जाते हैं।
बाली में एक रेस्टोरेंट क्वींस इंडिया रेस्टोरेंट के बारे में लिखी एक पोस्ट वायरल हुई। होटल में हुए खर्चे पर लिखी उस पोस्ट को 10.9 M (एक करोड़ नौ लाख) लोगों ने देखा। 5100 लोगों ने लाइक किया। 1200 लोगों ने टिप्पणी की। 142 लोगों ने पोस्ट साझा की। 120.87 डॉलर की कमाई हुई आज तक।
एक पोस्ट पर इतनी कमाई पहली बार हुई । 120.87 डॉलर मतलब 11572 रुपये। कमाई का शतक पहली बार लगा। इसके पहले भी एक बार करीब दस डॉलर की कमाई खाने के बिल पर हुई थी।
पोस्ट में ऐसा कुछ खास नहीं था। बस खाने का जिक्र और बिल। लोगों ने खूब देखा और टिप्पणियां की। ज़्यादातर टिप्पणियां हिसाब को सही, ग़लत बताने की थीं। पोस्ट का लिंक टिप्पणी में है।
ट्रिप में लोगों को पता चला तो उन्होंने पार्टी माँगी। दोस्तों को चाय पिलाई। करीब 24 डॉलर खर्च हुए। खाने की बात से हुई कमाई का एक हिस्सा पीने में खर्च हुआ।
खाने के बिल की पोस्ट वायरल होने का यह दूसरा वाकया है। इससे पता चलता है कि दुनिया में खाने की बात और खर्चे से कितने लोग प्रभावित होते हैं।
पोस्ट वायरल होने के कारण भी रोचक होते हैं। आपकी अभी तक कोई पोस्ट वायरल हुई ?
इस पोस्ट को फेसबुक पर यहाँ पढ़ सकते हैं।

No comments:
Post a Comment