Sunday, August 09, 2026

किताबों की लिस्ट


 बहुत दिन से सोच रहा था कि अपने पास की किताबों की लिस्ट बनाऊँ । यह काम बहुत दिनों से बकाया है। एक दिन शुरुआत भी की। लेकिन रह गया मामला। इन किताबों में मेरी लिखी/सम्पादित की हुई कुछ किताबें भी हैं। अभी तक कुल दस किताबें प्रकाशित हुईं:

1. पुलिया पर दुनिया -वृत्तान्त लेखन (स्वप्रकाशित)
2. बेवक़ूफ़ी का सौंदर्य - हास्य व्यंग्य (रुझान पब्लिकेशन)
3. सूरज की मिस्ड कॉल - वृत्तान्त लेखन (रुझान पब्लिकेशन)-पुरस्कृत
4. झाड़े रहो कलट्टरगंज -हास्य-व्यंग्य (रुझान पब्लिकेशन)
5. घुमक्कड़ी की दिहाड़ी -वृत्तान्त लेखन (रुझान पब्लिकेशन)-पुरस्कृत
6. आलोक पुराणिक -व्यंग्य का एटीएम -सम्पादित (स्वप्रकाशित)
7. अनूप शुक्ल -चयनित व्यंग्य -हास्य-व्यंग्य (न्यू वर्ल्ड पब्लिकेशन)
8. बेवक़ूफ़ी का सफ़र - यात्रा वृत्तांत (स्वप्रकाशित)
9. पुलिया पर जिंदगी - वृत्तान्त लेखन ((स्वप्रकाशित)
10. अंधेरे का बड़प्पन -कविता संग्रह (स्वप्रकाशित)
पहली किताब 2014 में प्रकाशित हुई थी। ख़ुद किताब प्रकाशित करने का ककहरा सीखने के बाद इसे ई-बुक और प्रिंट ऑन डिमांड फार्म में प्रकाशित किया था। इसके बाद कुश के रुझान प्रकाशन से पाँच किताबें आईं। फिर रुझान प्रकाशन का काम ठहर गया। न्यू वर्ल्ड पब्लिकेशन से किताब आने के बाद तीन किताबें ख़ुद प्रकाशित कीं। कविता संग्रह अभी ई बुक फार्म में ही आया है। उसको प्रिंट फार्म में लाने की तैयारी की थी। लेकिन किताब की क़ीमत ज़्यादा लगी इसलिए अभी उसको प्रकाशित नहीं किया।
इन क़िताबों के अलावा कई किताबें तैयार हैं। अमेरिकी यात्रा पर आधारित यात्रा वृत्तांत (कानपुरिया कोलम्बस) प्रकाशक को दिए दो साल करीब हो गए। अभी तक उसके छपने का नम्बर नहीं आया। कुछ दिन और इंतजार करेंगे। इसके बाद नहीं छपेगा तो ख़ुद प्रकाशित करेंगे।
अमेरिका यात्रा के वृत्तांत के अलावा कश्मीर, लेह-लद्दाख, श्रीलंका, लक्षद्वीप, वियतनाम के यात्रा वृत्तांत भी किताब के रूप में लाने का विचार है। वियतनाम के यात्रा वृत्तांत तो अभी पूरे करने भी हैं। करीब पचास पोस्ट लिख चुके हैं। लगभग इतनी ही बकाया हैं। लेकिन मामला एक बार ठहर गया तो ठहरा है। आशा है सितम्बर में बाली यात्रा के पहले पूरा कर लेंगे।
इसके अलावा कानपुर, जबलपुर, शाहजहांपुर प्रवास के दौरान की लिखी पोस्ट्स में से चुनिंदा को किताब के फार्म में लाने का विचार है। इसका आइडिया मुझे बिजी बी (Busy Bee) के लेखों के संकलन पढ़ते हुए आया। उनके हर साल के बेहतरीन लेखों के संकलन किताबों के रूप में आए हैं। उनको पढ़ते हुए लगता है कि वे कितनी सहजता से अपने समय के बारे में लिखते थे।
एक और काम करने का मेरा मन है। करीब दो साल व्यंग्य की जुगलबंदी के दौरान साथी लेखकों के व्यंग्य लेखन का संकलन करने का। करीब सौ हफ़्ते हमें विषय दिए जिन पर दोस्तों ने लिखा। सबको मिलकर कम से कम पाँच सौ व्यंग्य लेख होंगे। उनमें से कम से कम सौ लेख तो ऐसे होंगे ही जो किसी भी व्यंग्य संग्रह में शामिल होने लायक होंगे। मुझे लगता है कि क़रीब दो साल तक चला व्यंग्य लेखन का यह काम अपने में अनूठा था। यह अलग बात है कि यह जुगलबंदी व्यंग्य से जुड़े गुरुओं और मास्टरों की नजर में आने से वंचित रही।
ऊपर बताई मेरी किताबों में से कुछ जो मैंने ख़ुद प्रकाशित की हैं उनके लिंक टिप्पणी में दिए लिंक में दिए हैं। आप संबंधित लिंक पर जाकर उनका आर्डर कर सकते हैं। बाक़ी किताबें भी जल्दी ही प्रकाशित करके उनको इस लिंक में शामिल करेंगे।
मेरी किताबों के संबंध में आपके सुझाव का स्वागत है। आपने इनमें से कौन सी किताबें पढ़ीं हैं ? पढ़ना चाहेंगे?
यह फोटो मेरी पहली किताब का है।

No comments:

Post a Comment