Wednesday, September 17, 2025

जन्मदिन की शुभकामनाओं के लिए आभार



 कल जन्मदिन के मौके पर घर-परिवार,दोस्तों , सहेलियों की शुभकामनायें, आशीर्वाद, प्यार, स्नेह शुभकामनाएँ मिलीं। फ़ोन पर भी शुभकामनायें मिलीं। देश से, विदेश से। मोबाइल के चलते हम अंतरराष्ट्रीय हो गए।

कुछ मित्रों ने शुभकामनाओं में हमारी तारीफ़ भी कर डाली। जन्मदिन के मौके पर उनका बुरा भी नहीं माना जा सकता। बस शरमाया जा सकता है। सो हुआ भी ऐसा ही।
जन्मदिन के मौके पर मिले आशीर्वाद, प्यार, स्नेह , शुभकामनाओं और धनात्मक भावों के प्रति धन्यवाद, आभार, शुक्रिया। शुक्रिया के पहले 'तहेदिल' से भी लिखने की सोच रहे थे लेकिन फिर यह भी सोचा कि दिल को अगर तहा दिया जाये तो उसकी हरकत में क्या फ़र्क़ पड़ता होगा? सभी संदेशों का जवाब अलग से भी लिखेंगे।
जन्मदिन के मौके पर पिछले साल की उपलब्धियों का बखान करने का रिवाज है। इस लिहाज से देखा जाए पिछले साल की कुछ ख़ास बातें ये रहीं :
1. दो नई किताबें 'बेवक़ूफ़ी का सफ़र' और 'पुलिया पर जिंदगी' और एक पहले छप चुकी किताब 'आलोक पुराणिक -व्यंग्य का एटीएम' फिर से सेल्फ पब्लिशिंग सुविधा के तरह छाप दीं। इनके ई-बुक संस्करण भी आए हैं। किताबें बिकी तो ज़्यादा नहीं लेकिन हमारे नाम चढ़ गयीं यही उपलब्धि है।
2. कई किताबें पढ़ीं। कुछ पूरी, कुछ अधूरी (पढ़ना जारी है)। किताबों के बारे में अलग से लिखते रहे।
3. कई फ़िल्में देखीं। फ़िल्में आजकल नियमित देखते हैं। जो मित्र लोग सुझाते हैं। जिनके बारे में लिखते हैं वो हम देख लेते हैं। पिछले दिनों Ibbar Rabi जी से मुलाक़ात हुई तो उन्होंने कई फ़िल्मों के बारे में बताया। उनको देख रहे हैं। GOT (Game of throne) देखना शुरू की उसके बारे में सुनकर। बाद में पता चला कि उसके तो 73 एपिसोड हैं। हम अभी तक दस तक ही पहुँचे हैं।
4. घूमने में फ़रवरी में श्रीलंका यात्रा हुई। उसके संस्मरण भी लिख लिए। जल्द ही किताब बनेगी इसपर।
5. वजन थोड़ा बढ़ा हुआ था। पिछले दिनों हमने अपना वजन करीब 12 किलो कम किया। करीब चार महीने में 95 किलो से 83 किलो पर आ गए। साल के अंत तक
80 किलो के नीचे जाना है। वजन घटाने के नुस्खे कोई नहीं हैं। सब जानते हैं। अमल में लाना है।
6. बहुत दिन से उर्दू और स्पेनिश सीखने का मन था। उर्दू का क़ायदा पूरा याद कर लिया। अभ्यास जारी है। अटक-अटक कर पढ़ना आ गया था। लेकिन इधर स्पेनिश पर थोड़ा ज़्यादा ध्यान देने से उर्दू थोड़ा नाराज है। कहती है -"जाओ तुमसे बात नहीं करेंगे।" लेकिन हम मना लेंगे उसको। थोड़ा मिजाजपुर्सी से मान जाएगी। बहुत मीठी, मोहब्बत वाली भाषा है उर्दू।
स्पेनिश का अभ्यास नियमित चलता है। घर के बड़े बुजर्गों और मित्रों सहेलियों की तरह डुओलिंगों एप रोज ध्यान दिलाता है -"अनूप, तुमको अभ्यास करना है। दस मिनट बचे हैं आज का दिन खत्म होने में। चलो अभ्यास कर लो।" जिन दिनों अभ्यास छूटा हुआ था, वह ऐसी उलाहना भरी बातें कहता था कि पढ़कर लगता है कोई प्रेमी-प्रेमिका जोड़ा साथ छूट जाने पर दोनों को एक-दूसरे की याद दिला रहे हों।
डुओलिंगों की तरफ़ हमारे स्पेनिश अभ्यास नजर रखने के लिए तय Pooja जी कही बात -"सीखने के लिए बेहद जरूरी है कि हम आँख, कान, जीभ और हाथों से निरंतर अभ्यास करें" हम नोट करके रखें हुए हैं।
आने वाले समय में जो काम योजना में हैं उनके बारे में कहें तो वे कुछ इस प्रकार हैं :
1. कविता संकलन ' अंधेरे का बड़प्पन ' का प्रकाशन ( स्व प्रकाशन योजना के तहत) इसी महीने करने के बाद बाक़ी की किताबों पर काम शुरू होगा। अगले जन्मदिन तक कुछ और किताबें आयेंगी।
2. अगले जन्मदिन तक कुछ क्लासिक्स किताबें और फ़िल्में पढ़ना और देखना है। उनके बारे में लिखना भी है। खासकर अपने दोस्तों की लिखी किताबों पर। फेसबुक के मित्रों के लेखन के बारे में भी लिखना है।
3. घूमने में देश विदेश घूमना है। देश में कई जगह और विदेश में आसपास के कम से कम तीन-चार देश अगले जन्मदिन के पहले घूमना है। अगले महीने तक लखनऊ निवासी हो जायेंगे। आने वाले समय 'कट्टा कानपुरी' के कलाम लखनऊ से आने शुरू होंगे।
4. सीखने का सिलसिला जारी रखेगा। कोशिश करेंगे कि आने वाले समय में कुछ नए 'ऐब' सीख सकें।
किए जाने वाले कामों के बारे में कोई लक्ष्य निर्धारित नहीं किया है। जो हो जाएगा करेंगे। सहज रूप में।
कुछ फोटो जन्मदिन के मौके की। आपकी शुभकामनाओं, प्यार, स्नेह,आशीर्वाद के लिए फिर से धन्यवाद, शुक्रिया, आभार।

https://www.facebook.com/share/p/1AwSRK1VhL/

No comments:

Post a Comment