Saturday, December 07, 2024

बेवक़ूफ़ी का सफ़र का प्रकाशन




 कल हमने अपनी नई किताब ‘बेवक़ूफ़ी का सफ़र’ के प्रकाशन की ख़बर दी थी। सौ से ऊपर मित्रों ने बधाई, शुभकामनाएँ भेजीं। सभी का धन्यवाद, आभार।

आज देखा तो अभी तक ग्यारह लोगों ने किताबें ख़रीदीं भी। वो ग्यारह दोस्त कौन हैं यह मुझे पता नहीं लेकिन उनका अलग से आभार। शुक्रिया।
इस ख़रीद से 330 रूपये की रायल्टी की कमाई हुई है हमको।कम नहीं है। लेकिन एक अकुशल मजदूर की दैनिक मजदूरी से
काफ़ी कम है। एक निठल्ले इंसान और मेहनत करने वाले की मजदूरी में जितना अंतर तो जायज़ है।
इस बीच प्रिंट वाली किताब भी उपलब्ध हो गई है। टिप्पणी में प्रिंट वाली किताब आर्डर करने का लिंक दिया है। मन करे तो ख़रीदें। किंडल में भी किताब अपलोड की है। लेकिन अमेरिका कनाडा के दोस्त कह रहे हैं कि अभी तक वहाँ डाउनलोड नहीं हुई है किताब। अब शायद होने लगी हो।
इस किताब की तैयारी पिछले महीने से जारी थी। पिछले दिनों शाहजहांपुर गए थे तो सैफ़ से मुलाक़ात के दौरान इसके लेख सैफ को दिखाए थे। कवर पेज बनाने के लिए। सैफ के कवर पेज को देखकर आलोक पुराणिक जी ने राय दी, अनूप जी को हवाई जहाज पर उल्टा बैठाइए।
आलोक जी की मंशा एक शुभचिंतक की मंशा थी। उनका सोचना था कि देश के आजकल के चलन के हिसाब से चलना चाहिए हमको भी। सब कुछ उल्टा-पुल्टा हो रहा है तो लेखक क्यों सीधे बैठे।
सैफ़ की राय में उल्टा बैठाने में चाय का कप नहीं दिखेगा। चाय का कप न दिखे तो क्या फ़ायदा फ़ोटो का। लिहाज़ा फ़ोटो वैसा ही बना रहा।
शीर्षक के बारे में भी एक मित्र ने कहा, ‘बेवक़ूफ़ी का सफ़र’ की जगह ‘बेफिक्री का सफ़र’ ज़्यादा मुफ़ीद रहेगा। बेवक़ूफ़ी में नकार का भाव है। बेफिक्री धनात्मक सोच का परिचायक है।
हमको बात एक बारगी तो ठीक लगी। लेकिन फिर समस्या यह आई कि किताब के लिए आईएसबीएन नंबर ‘बेवक़ूफ़ी का सफ़र’ के नाम से लिया है। अलग नाम से लेने पर फिर हफ़्ता निकल जाएगा। इसलिए नाम बदला नहीं।
वैसे भी बेफिक्री ओटीपी की तरफ़ अल्पकालिक है। बेवक़ूफ़ी शाश्वत है। कोई परेशानी आने पर ‘बेफिक्री’ हवा हो सकती है लेकिन ‘बेवक़ूफ़ी’ कभी साथ नहीं छोड़ती। कोई कह सकता है कि यह तर्क ‘बेवक़ूफ़ी’ का है। यह बात ही किताब के शीर्षक के पक्ष में जाती है।
किताब स्व प्रकाशन योजना के तहत किया गया है। किसी मित्र को इस बारे में जानकारी चाहिए तो हमसे संपर्क कर सकता है। इस जानकारी में हमारी किताब ख़रीदने की शर्त नहीं शामिल है।

https://www.facebook.com/share/p/1DoJwKKuYm/

No comments:

Post a Comment