Saturday, November 07, 2026

बाली में नामकरण की अनूठी परंपरा






एरना अपने बारे में बताती हुई





बाली में उबूद में हम लोग 'फुल मून विला' होटल में ठहरे थे। हर कमरे से जुड़ा एक स्विमिंग पूल। होटल में रुकने वालों 'पूल सुविधा' का जलवा दिखाने के लिए होटल वालों ने 'पूल ब्रेकफास्ट' की व्यवस्था की थी। कुछ लोगों ने नाश्ता किया भी -'पूल किनारे बैठि।' लेकिन हमने होटल के डायनिंग हाल में ही नाश्ता किया।
होटल के सारे कमरे हम लोगों के लिए बुक थे। डायनिंग हाल में सर्विस के लिए तीन बालिकाएं मौजूद थीं। उनमें से दो केवल बालियानी भाषा जानती थीं। एक बच्ची अंग्रेजी जानती थी। उन लोगों से बातचीत का माध्यम वही बच्ची थी। उनसे उनके बारे में और बाली के बारे में छुटपुट जानकारी लेते रहे।
बच्ची ने अपना नाम नी पुटु एरना (NI PUTU ERNA) है। हमने आदतन उससे उनके नाम का मतलब पूछा। नाम का मतलब पूछने उसने अपने नाम का मतलब बताया। साथ ही बाली में नाम परंपरा के बारे में भी। किसी बच्चे के नाम का पहला शब्द उसके लड़का या लड़की होने की सूचना देता है। बच्चा अगर लड़की है तो उसके नाम का पहला शब्द नी (Ni) होगा। लड़का होने पर नाम के आगे इ (I) जोड़ा जाता है।
बच्चों के नाम का दूसरा शब्द उसके परिवार में क्रम के बारे बताता है:
पहला बच्चा : Wayan या Putu या Gede
दूसरा बच्चा : Made या Kadek
तीसरा बच्चा : Komang या Nyoman
चौथा बच्चा :Ketuk
अगर किसी परिवार में चार से अधिक बच्चे होते हैं तो नाम क्रम का दोहराव होता है। मतलब पांचवां बच्चे के नाम का दूसरा शब्द Wayan या Putu या Gede होगा।
नाम का तीसरा उसका पुकारने का नाम होता है। नी पुटु एरना (NI Putu ERNA) नाम का मतलब हुआ कि जिसका यह नाम है वह लड़की (NI) है, सबसे बड़ी बेटी है और उसका पुकारने का नाम एरना (ERNA ) है।
इस हिसाब से अगर कोई लड़का घर में सबसे बड़ा है और उसका पुकारने का नाम WIJAYA है तो उसका पूरा नाम I PUTU WIJAYA (इ पुतु विजया) होगा। दूसरे नंबर का बच्चा होने पर नाम I Made WIJAYA (इ मेदे विजया)।
एरना ने एक कागज में बाली नाम परम्परा के सूत्र मुझे समझाए। एक कागज में लिखकर भी दिए।
होटल में काम करने वाले लगभग सभी लोग युवा हैं। एरना वहाँ दो साल से काम कर रही है। दूसरे लोग भी लगभग इसी अवधि से काम कर रहे हैं। सबसे अनुभवी सर्विस प्रोवाइडर चार साल से काम कर रही है।
एरना और उसके साथ काम करने वाली बालिकाएं जो टी शर्ट पहने थीं उसपर ग्याहरवीं वर्षगांठ (11th Anniversary) लिखा था। उसने बताया कि उसके होटल की शुरुआत हुए ग्यारह साल होने के मौके पर सभी को यह टी शर्ट उपहार के रूप में दी गई है। इसी मौके पर होटल शहर में अपना एक भारतीय खाने का रेस्टोरेंट भी शुरू करने वाला है। जिसके लिए एक भारतीय रेस्टोरेंट चेन से करार हुआ है। उस भारतीय चेन का मालिक भी वहीं बैठा था। बात करने पर उसने बताया कि वह गुजरात से है। हमने सोचा क्या बात है -" यहाँ भी गुजराती लोग अपना जलवा जमाये हुए हैं।"
नाश्ता करने के बाद हमने एरना से अपने बारे में बताने को कहा। बिना तैयारी के, बिना अटके पूरे विश्वास से जो उसने जो बताया उसको सुनकर लगा इतना प्रभावी तो लोग तैयारी करके भी नहीं बोल पाते हैं। एरना जैसे लोगों को तो होटल वालों को अपना 'ब्रांड एंबेस्डर' बनाना चाहिए। एरना का इंस्टाग्राम में उसके फ़ोटो और वीडियो देखकर हम जैसे मिडिल क्लास की सोच वाले को ऐसा लगा भी कि यह तो किसी रोल माडल का अकाउंट है।

एरना का परिचय उसकी आवाज में यहाँ सुन सकते हैं।

बाली यात्रा से जुड़ी अन्य पोस्ट्स यहाँ पढ़ सकते हैं ।