Saturday, May 07, 2022

प्यार करते हैं हम तुम्हें इतना



पहले का किस्सा इधर पढ़ें :
बात ईद के मेले की हो रही थी। जब तक हम ईदगाह पहुंचे, ईद की नमाज पढ़ी जा चुकी थी। ईदगाह के बाहर गेट के पास एक मोटरसाइकिल दरबान की तरह टेढ़ी खड़ी थी। हम बगलिया के आगे गए। अंदर का मंजर देखा। जगह-जगह पानी के डब्बे रखे थे, शायद नमाज पढ़ने वालों के लिए। थोड़ी देर पहले जहां हज्जारों लोग रहे होंगे, करोड़ों- अरबों आक्सीजन के अणुओं की खपत हो रही होगी , उतनी ही कार्बन डाई आक्सीजन निकल रही होगी वह इलाका खाली था।
ईदगाह के सामने मैदान में तमाम लोग आते-जाते दिखे। पता चला कब्रिस्तान है। लगभग हर कब्र पर कुछ फूल , अधिकतर गुलाब के चढ़े दिखे। कुछ कब्रों के पास खड़े लोग दुआ मुद्रा में थे। वहां मौजूद लोगो ने बताया कि अपने घर-परिवार के गुजर गए लोगों की कब्रों के पास आकर लोग उनकी याद करते हैं। फातिहा पढ़ते हैं। दुआएं भी मांगते हैं। इसी बिछुड़ गए लोगों से जुड़ी यादें ताजा करते हैं। कहते हैं :
“तुम पर सलाम ऐ कब्रोंवालों ! तुम हमसे पहले चले गए और हम तुम्हारे पीछे आने वाले हैं और अगर अल्लाह तआला ने चाहा तो हम जरूर तुम्हारे साथ मिलने वाले हैं।“
एक जगह फातिहा पढ़ने आए लोगों ने बताया कि उनके पिता 30 साल पहले नहीं रहे थे। बाद में परिवार के और लोग भी नहीं रहे। सबकी कब्रें आस-पास हैं। जगह की कमी के चलते कच्ची कब्रें बनवाई जाती हैं। कुछ कब्रें पक्की भी दिखीं। हमने पूछा तो उन्होंने कहा –‘क्या कहें इस बारे में।‘
फूल चढ़ाते, अगरबत्ती सुलगाते लोगों से बातचीत के दौरान उन्होंने हमको पहचान लिया। बताया –‘आप अयूब भाई को अस्पताल में देखने आए थे।‘ अपने बारे में बताया, काम-धाम के बारे में। अपना कार्ड भी दिया। दुनियावी सिलसिला हर जगह मौजूद रहता है।
इसी दौरान कब्रिस्तान के एक हिस्से में आग और गहरा धूँआ दिखा। किसी अगरबत्ती की चिंगारी से आग लग गई होगी। घास सूखी थी, आग अफवाह की तरह फैल गई। एक झाड़ी से आग दूसरी झाड़ी तक पसरती गई जैसे अफ़वाही संदेशे एक मोबाइल से दूसरे मोबाइल में गुजरते हुए पलक झपकते सब तरफ फैल जाते हैं। गनीमत रही कि हवा तेज नहीं थी और झाड़ियाँ दूर-दूर थीं इसलिए आग अपने-आप कुछ देर में बुझ गई। धूँआ अलबत्ता काफी देर तक पसरा रहा। अफवाहों के साथ भी ऐसा ही होता है। उनके खत्म हो जाने के बाद भी उनकी स्याह तस्वीर देर तक समाज के जेहन में बनी रहती है। जाते-जाते ही जाती है।
कब्रिस्तान से बाहर आकार फिर मेले की तरफ आए। जगह-जगह दुकाने गुलजार थीं। मेले लोगों के मिलन-जुलन, रोजगार-कमाई का जरिया होते हैं। स्थानीय सुपर मार्केट, मॉल। हर तरह के सामान और हुनर की मौजूदगी रहती है मेलों में। आजकल के शापिंग मॉल मेल संस्कृति की फूहड़ लेकिन चमकदार नकल हैं।
मॉल में केवल चमकदार चीजों और नजारों के बिकने और दाखिलों की गुंजाइश होती है, जबके मेला-मदार सबके लिए खुले होते हैं। चमकदार, चटकीले, रंग-बिरंगे नजारों की अहमियत के साथ धूसर और कम चमकीले रंगों को खिलने की भी बराबर अनुमति होती है। शापिंग मॉल में जगर-मगर, चमक-दमक की तानाशाही होती है तो मेलों में हर तरह के नजारे को खिलने की आजादी। मॉल किसी समर्थ के घर खिला बगीचा जैसे होता है जिसमें केवल चुनिंदा फूल खिलते हैं। जबकि मेले एक बड़ा जंगल जिसमें हर तरह के , हर रंग के , हर तरह की खुशबू के फूल खिलने के बारबार मौके होते हैं। मेले समाज में बराबरी की मुनादी करते हैं, जबकि मॉल गैर बराबरी का भोंपू बजाते रहते हैं।
आगे एक मैदान में तरह-तरह के झूले दिखे। कुछ में लोग झूल रहे थे। बाकी झूले शायद शाम को गुलजार हों। एक जगह बच्चे कूदने वाले झूले पर कूद रहे थे। गोल घेरे में कसे कपड़े पर बच्चे उछल रहे थे। बच्चों की सुरक्षा के लिए कपड़े के घेरे पर जाली लगी थी, उसी में बने खिड़की नुमा जगह से बच्चे अंदर जाकर उछल रहे थे।
झूलों का इंतजाम देखने वाले शख्स फैक्ट्री से ही रिटायर हुए हैं। देखते ही मिले। बताया पहले भुसावल में थे। बताया रामलीला में उनके ही झूले लगते हैं। दो साल हुई नहीं रामलीला। कोरोना लीला देखते हुए निकल गए दो साल। इस बार आशा और इंतजार है कि रामलीला होगी, मेला लगेगा, झूले भी।
झूले का इंतजाम भी बड़ा टेढ़ा है। सारी जिम्मेदारी मेला लगवाने वाले की। कोई दुर्घटना घट जाए तो बवाल। जितने दिन मेला चलता रहता है,मेला लगवाने वाले के धुकुर-पुकुर होती रहती है, कोई अनहोनी न हो जाए।
लोग दुनिया को भी बड़ा मेला बताते हैं। चल रहा है न जाने कब से ,अबाध गति से। दुनिया का मेले का इंतजाम देखने वाले को कितनी धुकुर-पुकुर होती होगी, इसका अंदाज ही लगाया जा सकता है। आजकल तो दुनिया के हर इलाके में हल्ला-गुल्ला मचा है। दुनिया के मेले का इंतजाम देखने वाले कारसाज का बीपी उचकता-कूदता होगा। क्या पता कोई बढिया दवा खाते हों बीपी कंट्रोल के लिए।
एक जगह बड़े मोमिया के घेरे में पानी भरकर छोटी-छोटी पैडल वोट चलाने का इंतजाम भी था। सुबह पानी कम था। नाव लगभग जमीन पर। शाम को शायद थोड़ा पानी और भरकर उसको मिनी तालाब का रूप दे दिया जाए। तालाब से अनुपम मिश्र जी की किताब याद आई -'आज भी खरे हैं तालाब।'
वहीं तमाम दुकानों के बीच जय माँ दुर्गे की कई दुकानें भी दिखीं। एक जगह लिखा था -'पुरानी -असली'। नए जमाने में भी पुराने का ही बोलबाला है।
एक जगह दुकान दिखी -'भारत ऑटोमैटिक भूत बंगला'। कुछ अटपटा नाम। भारत शायद दुकान वाले का नाम होगा। लेकिन नाम से यह अर्थ भी निकलता है -भारत अपने आप बहुत बंगला। कैसे-कैसे नाम। वहाँ बाइस्कोप की तर्ज पर लोग शायद वीडियो देख रहे थे।
मेले से वापस लौटते हुए कई लोग मिले। एक साथी अपने बच्चों के साथ जा रहे थे। प्यारे बच्चे। नमस्ते किया तो उतरकर मिले। प्यारे बच्चे। बिटिया का नाम वान्या। वान्या, तान्या जैसे नाम रूसी होते हैं। लेकिन हमारे मुंह से निकला -अमेरिकन नाम। बिटिया ने मुझे टोंका -'अमेरिकन नहीं रूसी।' हमको एहसास हुआ कि दिमाग और मुंह का तालमेल गड़बड़ाया हुआ है। बाद में देखा तो पता चला कि वान्या तो हिंदी नाम भी होता है। वान्या मतलब वन की देवी।
वापस आते हुए मन किया कि जाकिर हुसैन से मिल लिया जाए। बहुत दिन हुए मुलाकात के। पिछले शाहजहांपुर प्रवास के दौरान बहुत दिन हमारे दफ्तर में साथ रहे। शेरो-शायरी का भी शौक। नफीस उर्दू जबान। चिन्ता तो हमेशा करते लेकिन अब कुछ ज्यादा ही बढ़ गयी है।
जाकिर हुसैन के घर जाते हुए तमाम लोग जगह-जगह ईद मिलते दिखे। कुछ बच्चे मुलाकात के सेल्फी लेते हुए भी दिखे।
एक जगह दो छोटे बच्चे मंझे का चौवा करते हुए नजर आए। चौवा करने के बाद वे मंझे को आपस में लड़ाते दिखे। मुझे लगा कि पतंग बाजी की जगह बच्चे हाथ से मंझा लड़ा रहे हैं। छतें रहीं नहीं, मैदान -पार्क सिकुड़ गये, बच्चे और क्या करें? हाथ से ही मंझा लड़ा रहे हैं।
जाकिर हुसैन से मुलाकात हुई। फैक्टरी की यादें। बोले-'13000 आदमी काम करते थे। फैक्ट्री छूटती थी तो आधे घण्टे सड़क जाम हो जाती थी। लगता था न जाने कहाँ-कहाँ से आदमी उड़ेल दिया गया है सड़क पर। अब वहाँ तो जैसे कौवे बोलते हैं।'
ईद पर जबरियन मिठाई और नमकीन खिलाया यह कहते हुए थोड़ा-थोड़ा तो सब कुछ लेना पड़ेगा। लेना पड़ता है। मुलाकात पर शेर भी सुनाया:
'जेब-ओ-जीनत का क्या तस्किरा,
सादगी है मताये खुलश-ओ-वफ़ा,
आप आएं तो आंखे बिछा दूंगा मैं,
आइएगा कभी घूमते-घूमते।'
(खूबसूरती का जिक्र क्या करें, हमारी सादगी और वफादारी ही हमारी दौलत है। आप आएंगे तो आपके सम्मान में आंखे बिछा देंगे, आप कभी आइये तो सही घूमते-घूमते)
जाकिर हुसैन जी के यहां से निकले तो बगल में रहने वाले इकबाल अपने घर ले गए जबरियन। उनके यहां से निकले तो उनके बगल वाले बोले -हमारे यहां भी चलिए। मुश्किल से उनसे फिर आने की बात कहकर निकले। अगला पड़ाव अख्तर साहब के यहां।
अख्तर साहब मतलब अख्तर शाहजहाँपुरी। उर्दू के नफीस शायर। सादा जबान में, ऊंची बात। कई किताबें। जब तक रहे फैक्ट्री के मुशायरे उनके ही जिम्में रहे। मिलने पर अपनी कई किताबें दिखाईं। उनके बारे में उर्दू अदब के नामदार अदीबों ने उनकी शायरी के बारे में जो लिखा है वो पढ़कर सुनाया। उनको सुनते हुए एक बार फिर अब तक उर्दू न सीखने का अफसोस हुआ। साथ ही यह मन भी बनाया कि फौरन सीखना शुरू करना है। लेकिन हमेशा की तरह शुरुआत अभी हुई नहीं।
अख्तर साहब की पोती मेरी फैन है , ऐसा अख्तर साहब ने बताया। उसने अपनी छोटी बहन के इंस्टाग्राम पर बनाये कई वीडियो दिखाए। देखकर लगा कि कितने हुनरमंद और काबिल बच्चे हैं।
अख़्तर साहब के यहाँ वापस लौटते हुए तमाम लोगों से मिले, फोनपर बात की। कुछ के घर भी गए। हाजी अनीस, परवेज बद्र, शाहिद रजा, अबुल हसन, नसीब सबके यहां पांव फिराए। न ,न करते हुए भी जमकर सेवईं, मिठाई, नमकीन खाई। जितनी मिठाई पिछले तीन महीने में नहीं खाई होगी उससे ज्यादा एक अकेले ईद के दिन खा गए।
मिलने वालों में पंकज भी शामिल रहे। बढिया चाय पिलाई। जबरदस्ती करने के बावजूद पैसे नहीं लिए। गाना भी सुनाया- "प्यार करते हैं हम तुम्हें इतना।"
पंकज ने मसाला छोड़ देने का वादा भी किया। दुकान पर खड़े हुये ही सामने के मकान में फैक्ट्री से रिटायर्ड शुक्ला जी दिखे जो खुद सिगरेट नहीं पीते थे लेकिन लोगों को पिलाते थे। उन्होंने इशारे से बताया कि नहाने जा रहे हैं।
कुल मिलाकर बहुत खुशनुमा दिन गुजरा। ऐसे ही दिन सबके गुजरें।

https://www.facebook.com/share/p/7jhUewCAZ8ihh9oL/

Tuesday, May 03, 2022

ईद के बहाने इधर-उधर की



आज ईद है। ईद की बात चलते ही मुंशी प्रेमचंद की कहानी ईदगाह की शुरुआत याद आती है –“रमजान के पूरे तीस रोजों के बाद ईद आयी है।“ पिछले दो साल कोरोना की चपेट में रहे। त्योहार मास्क लगाकर और सामाजिक दूरी रखते हुए मनाए गए। ईदगाह कहानी वाले अंदाज में कहें तो –‘कोरोना के चपेट में पूरे दो साल रहने के बाद ईद आई है।‘
ईद की छुट्टी थी। सुबह तक अलसाये पड़े रहे। कौन हमको नमाज पढ़ने जाना था। लेकिन फिर अचानक मन किया कि चला जाए , देखा जाए ईदगाह, मेला और चहल-पहल। न जाने फिर कब ऐसा खुलापन मिले। क्या पता कोरोना की तरह कोई और बवाल आगे हल्ला बोल दे।
मन में ख्याल आते ही अपन ने उस पर अमल भी कर लिया। दो मिनट में निकल लिए। सबसे पहले इस्टेट की मस्जिद की तरफ गए। ज्यादातर लोग नमाज पढ़कर वापस जा चुके थे। कुछ लोग जिनके घर आस-पास ही थे मिल गए। उनसे गले मिलकर और ईद मुबारक कहकर ईदगाह की तरफ गए।
रास्ते में तमाम लोग आते-जाते-बतियाते-गपियाते-खाते-पीते-चुहलबाजी और हर उस मुद्रा में दिखे जिसे खुशनुमा कहा जा सकता है। कहीं लोग शर्बत पीते-पिलाते, कहीं कुछ और खाते-खिलाते दिखे। चलते-फिरते ठहरकर गले मिलते, दुआओं का आदान-प्रदान करते हुए भी। छोटे-छोटे बच्चे भागते-दौड़ते , रास्तों को गुलजार करते मिले। कुछ बुजुर्ग खरामा-खरामा टहलते , कुछ अपने घर के बाहर चबूतरों पर आरामफर्मा दिखे। जगह-जगह ठेलों पर तरह-तरह के पकवान भी बनते-बिकते दिखे।
ईदगाह की तरफ जाती सड़क पर सफेद चूने की लाइनें बनी हुई थीं। हर तरफ से लोग आ-जा रहे थे। ईदगाह के कुछ पहले गाड़ी आगे जाने की मनाही हो गई। हम उतरकर स्वतंत्र और ज्यादा बेतकुल्लुफ़ हो गए। गाड़ी में चलते हुए कोई नजारा जब तक देखो तब तक वह ओझल हो जाता है। पैदल चलने से फायदा यह कि हर नजारा तसल्ली से, ठहरकर,बार-बार देख सकते हैं - बिना पैसे।
मुफ़्त का नजारा देखते हुए हम आगे बढ़े। सड़क किनारे फुटकर दुकाने सजी हुईं थीं। कुछ में मिट्टी के खिलौने , कुछ जगह चाट-बतासे, हलवा-पूरी। ज्यादातर खाने-पीने की और ऐसे सामानों की दुकानें जिनको लोग आते-जाते खरीद सकें। सड़क किनारे मांगने वाले भी बैठे हुए थे। आते-जाते कुछ लोग इनको भी कुछ देते जा रहे थे।
वहीं टहलते हुए तमाम लोगों से मुलाकात हुई। कुछ को हम जानते थे, कुछ को मुलाकात और गले मिलने के दरम्यान बातचीत में पहचान गए। बाकी से भी विदा होने से पहले इत्ती जान पहचान तो हो ही गई कि फिर मिलने पर याद कर सकते थे –‘ईदगाह के मेले में मिले थे।‘
वहीं घूमते हुए विकास भारती Vikas Bharti से मुलाकात हुई। पिछले दिनों उनके कई फ़ेसबुक पर उनकी ऊर्जावान और मिलनसार पोस्ट देखी थी। रंगमंच से भी जुड़े हैं। उनका हाल में पोस्ट किया डांस भी याद था इसलिए फौरन पहचान में आ गए। मिलने पर उन्होंने मेरे पोस्टों का जिक्र किया कि वे नियमित पढ़ते हैं। हमारी पोस्टों का भी मामला मजेदार है। तमाम लोग मिलने पर मुझे बताते हैं कि वे मेरे पोस्ट्स नियमित पढ़ते हैं। जबकि मुझे लगता है कि बमुश्किल सौ लोग मेरी पोस्टस पढ़ते हैं। फिर ये देखने पढ़ने वाले लोग पोस्ट्स पर कैसे नहीं दिखते। हो सकता है फ़ेसबुक की कोई गड़बड़ी हो या फिर लोग मेरा मन रखने के लिए ऐसा कह देता हों। तमाम दोस्त जो हमको शायद कभी नहीं पढ़ते, मिलने पर पूछते हैं –‘और आपका कविता लेखन कैसा चल रहा है?’ इन मित्रों की नजर में लिखने का मतलब कविता लिखना ही होता है।
विकास के साथ हमारे नामराशि अनूप कुमार जर्नलिस्ट Anoop Kumar Journalist से मुलाकात हुई। वकील, पत्रकार अनूप कुमार ने मुलाकात की फ़ोटो साझा करते हुए, शायद नामराशि होने की फायदा देते हुए, हमको सरल स्वभाव का धनी,खुशमिजाज, साहित्य प्रेमी, लोकप्रिय अधिकारी और परम आदरणीय बताया। हमको अच्छे से जानने वाले शायद इसको पढ़कर पूछें –‘ये कौन अनूप शुक्ल हैं?’
खाने पीने की तमाम दुकानों में ज्यादातर चाट-पकौड़ी की दिखीं। एक जगह मथुरा वृंदावन की स्पेशल ठण्डी लस्सी मिली। दुकान का नाम देखकर बिना लस्सी पिए ही तसल्ली मिल गयी। लोग आराम से लस्सी पीते हुए गर्मी से मुकाबला कर रहे थे।
ईदगाह में ‘संत कृपा जूस कार्नर ‘ भी दिखा। सन्तकृपा जूस कार्नर देखकर लगा हरिकृपा भी हो गयी क्योंकि कहते हैं न -'बिनु हरिकृपा मिलहिं नहिं संता।' सारे पाप नष्ट हो गए :
एक घड़ी , आधी घड़ी, आधी में पुनि आधि,
तुलसी संगत साधु की हरै कोटि अपराध।
वो तो कहो कोई खोजी पत्रकार नहीं मिला वहां वरना खबर का शीर्षक बनाता -'ईदगाह में संत/हरि कृपा।'
वहीं एक जगह 'हलवा पराठा' बनते देखा। मुट्ठी भर मैदा को गोल-गोल फैलाते हुए पूरे तवे में फैलाकर फिर तेल में तलकर एक दम कुरकुरा पराठा बनते देखा। देखकर लगा कि कितना हुनर और अभ्यास का काम है। मैदा जब फैल जाता था तवे पर तब नाखून से उसमें निशान बनाते देखा। शायद हवा न भरे पाए बीच में इसलिए ऐसा कर रहा हो।
मैदा पराठा जरा सी जगह से शुरू होकर पूरे तवे तक फैलते देखकर मुझे 'मुगलों ने सल्तनत बक्श दी' कहानी/ नाटक का किस्सा याद आया। इसमें बताया गया था कि अंग्रेजों ने मुगलों से तंबू भर की जगह मांगी थी। बाद में वह तंबू कलकत्ते से होता हुआ पूरे देश में फैल गया। मुगल बेचारे कुछ नहीं कर पाए क्योंकि उन्होंने तंबू भर की जगह अंग्रेजों को देने का वचन दिया था। इस तरह अंग्रेजी हुकूमत पूरे देश में फैल गयी। पराठे बनने का वीडियो साथ में है।
पराठा बनने के बाद हलवे के साथ बिक रहा था। लोग खड़े-खड़े खा रहे थे। कुछ लोग बंधवाकर ले भी जा रहे थे।
बाजार में लैया-खील बताशे की दुकानें भी थीं। एक जगह एक बच्चा एक बुजुर्ग महिला के साथ खील बेंच रहा था। बच्चे और बुजुर्ग महिला को देखकर ऐसा लगा मानो हामिद अपनी दादी अमीना के साथ ईदगाह में आकर दुकान पर बैठ गया हो।
ईदगाह में नमाज पढ़कर लोग जा चुके थे। बाहर से देखा करीने से पीने के पानी का इंतजाम था। सुबह तमाम लोगों की भीड़ रही होगी। अब तो सब लोग घरों में और मोहल्ले में ईद मना रहे होंगे।
-आगे का किस्सा अगर पढ़ने का मन हो तो इधर पढ़िए:

https://www.facebook.com/share/p/Txqak8czihC8tqvB/

Saturday, April 30, 2022

पैसे ठिकाने लगाने की गारंटी



जब कभी किसी मॉल जाना होता है, उसकी जगर-मगर देखते हैं। खासकर शाम के बाद तो लगता है कि कहीं स्वर्ग है तो यहीं हैं।
स्वर्ग अगर कहीं होगा भी तो उसकी व्यवस्था कैसे होती होगी? स्वर्ग में रहने वाले लोगों की व्यवस्था कौन देखता होगा? उनके लिए खाने-पीने का इंतजाम कैसे होता होगा? साफ-सफाई कैसे होती होगी? क्या स्वर्ग में भी गैरबराबरी होती होगी-जिसके खाते में ज्यादा पुण्य उसका रुतबा ऊंचा, जिसके खाते में कम पुण्य वह रुतबे लाइन में नीचे। क्या पता वहां भी चुनाव होते हों। लेकिन अगर चुनाव होते होंगे तो फिर स्वर्ग और अपनी धरती में क्या अंतर।
बात मॉल की हो रही थी। कल एक मॉल जाना हुआ। लोग मस्त-प्रसन्न-उत्फुल्ल-प्रफुल्लति मुद्रा में चहलकदमी करते दिखे। खूबसूरत लोग। खूबसूरती के मामले में देखा जाए तो मॉल में शहर खूबसूरती का सबसे बड़ा जमावड़ा होता है। सब खूबसूरत लोग लगता अपनी खूबसूरती चेहरों और अदाओं में लादकर मॉल में आते हैं, दिखा-देखकर चले जाते हैं।
किसी भी शहर के मॉल आपके पैसे को ठिकाने लगाने की गारंटी हैं। पैसा लेकर आइये, खाली जेब वापस जाइये।
मॉल में एक्सकेटर पर लोग एक मंजिल से दूसरी पर जा रहे थे। कोई-कोई तो आने-जाने का वीडियो भी बनाते दिखा। कोई सेल्फिया रहा था। कोई नेट सर्फिंग करते उतरते-चढ़ते दिखा। जोड़े से भी लोग लगे थे सेल्फ़ियाने में। घर में जो बचा रह गया होगा प्रेम वह एक-दूसरे पर उड़ेकते हुए यहां फोटोबाजी कर रहे थे-ताकि सनद रहे।
एक एक्सेलेटर के पास तीन महिलाएं बड़ी देर तक खड़ी रहीं। लोगों को चढ़ते उतरते देखती महिलाएं शायद सीढ़ियों पर चढ़ने में हिचक रहीं थीं। बहुत देर तक उनको खड़े देखकर मैने उनका हौसला बढ़ाने की कोशिश की। लेकिन वे मेरे झांसे में नहीं आईं। उनके हाव-भाव से लगा कि वे एक्सेलेटर पर चढ़ने को बहुत कठिन, अपने बस के बाहर मान चुकी थीं। हमने उनके इस भाव को हिलाने की कोशिश की लेकिन वे हमसे बिना सहमत हुए कुछ देर खड़ी देखती रहीं सीढ़ियों को और फिर बाहर की तरफ चल दीं।
हमने सोचा कि जिस देश में महिलाएं जेट चला रहीं हैं वहीं कुछ महिलाएं सीढ़ियों पर चढ़ने में हिचक नहीं। लेकिन यह बात महिलाओं तक ही नहीं सीमित, तमाम पुरुष भी ऐसे ही होंगे। इससे अलग बात यह भी कि ये लोग कम से कम मॉल तक आ गए। शहर की बड़ी आबादी ऐसी भी होगी जो यहां माल तक भी नहीं आ पाती होगी। इसी का विस्तार किया जाए तो देश-दुनिया की तमाम आबादी शहर देखने को तरस जाती होगी। गैर बराबरी की यह विविधता अनूठी है। किसी भी आबादी के तबके से वंचित दूसरा तबका सहज रूप से उपलब्ध हो जाएगा।
एक दुकान में कपड़े देखने आए थे। दो साल पहले बिना नाप/ट्रायल लिए गए थे। फिट नहीं आये। बदलना बाकी था। ट्रायल में हर बार कुछ न कुछ लफड़ा हो जाता। कभी पेट अटक गया, कभी हाथ। अपने शरीर के बेडौलपने पर मुझे अक्सर रश्क भी होता है। मॉल में कपड़े फिट नहीं आते। पैसे बच जाते हैं।
पता चला कि दुकान का किराया साढ़े तीन लाख महीना है। मतलब करीब 35-40 मजदूरों की महीने की तन्ख्वाह।
सामान ज्यादा हो गया तो एक बच्चा साथ भेज दिया नीचे तक पहुँचने। फ्रेंचकट दाढ़ी वाला बच्चा पता चला बीकॉम पढ़े है। देहरादून से पढ़ाई की। अब यहां साफ-सफाई का काम करता है। पिता बिल्डिंग कांट्रेक्टर हैं, नेपाल में काम है। लेकिन कोरोना काल में काम बंद हो गया तो फिलहाल कानपुर में बहन मासकॉम की पढ़ाई करके दिल्ली में काम करती है।
मां के बारे में पूछा तो बताया -'2013 में नहीं रहीं।' उदास हो गया बच्चा मां की याद करके।
हर सवाल के तुरंत और यांत्रिक जबाब। जिंदगी बड़ी जालिम और रूखी टाइप है बालक की। बताया -'काम मिलते ही कहीं और जाएगा। फिलहाल यहीं ठीक है। भीषण गर्मी में माल में नौकरीं सुकून है।
सड़क आ गयी। बच्चा वापस चला गया। सड़क पर ट्रैफिक रेंग रहा है। मेट्रो के लिए खुदाई हो रही है। तेज चलने की तैयारी के लिए शहर ठहरकर इंतजार कर रहा है।

https://www.facebook.com/share/p/oRfEomJr2U7SRAcU/

Friday, April 22, 2022

अभी पूरा आसमान बाकी है

 



रामनाथ अवस्थी जी के प्रसिद्द गीत का मुखड़ा है:
सो न सका कल याद तुम्हारी आई सारी रात,
और पास ही बजी कहीं शहनाई सारी रात।
इसी गीत का एक और अंश है:
"रात लगी कहने सो जाओ,
देखो कोई सपना,
जग ने देखा है बहुतों का
रोना और तड़पना।"
यह पंक्तियां उनपर लागू होती हैं जिनको नींद की समस्या होती है। अपन को तो जब लेट जाएं, नींद आ जाती है। पहले देर में सोते थे। आजकल जल्ली सोना, जल्दी जगना। जगने का मतलब उठ जाना नहीं होता। जग-जग के सोना भी होता है। जगे दो पेज किताब पढ़ी, करवट बदलकर या किताब रखकर 'नींद ब्रेक' ले लिए। फिर जग गए। किताब पढ़ने लगे , सोचते हुए कि अब उठते हैं।
कृष्ण बलदेव जी की डायरी पढ़ते हुए कई रोचक जुमले दिखे। एक जगह अचानक लिख दिया:
"सफलता का अश्लीलतम नमूना, अमिताभ बच्चन।"
इसके अलावा अपने बारे में और उन लेखकों के बारे में जिक्र भी किया है जिनको उन्होंने पढ़ा है। अनाइस नीन का जिक्र करते हुए लिखा:
"नीन से पहले किसी औरत ने अंग्रेजी में इतना खुलकर और इतनी तफसील के साथ नहीं अपनी जज्बाती, नाफ़ियाती, जिनसी जिंदगी के बारे में नहीं लिखा और अपने दोस्तों, आशिकों, पति, पिता को इतनी बारीकी से नहीं कुरेदा या टटोला। मर्दों में भी मिल्लर के अलावा किसी लेखक ने इस तरह की खूबसूरत दिलेरी नहीं दिखाई।"
आगे नीन और मिल्लर का जिक्र करते हुए लिखा :
" अनाइस नीन मर्दबाज औरत थी, उसी तरह जिस तरह हेनरी मिल्लर औरतबाज मर्द। दोनों आजाद इंसान थे। दोनों शादी के घेरे में बन्द होकर नहीं रह सकते थे। इस लिहाज से वे एक-दूसरे के आदर्श थे।"
अपन पहली बार नाम सुन रहे थे इन लेखकों का। नेट पर खोजा तो पता चला कि नीन जी 1903 में पैदा होकर 1977 में रुखसत भी हो गईं। उनके गुजर जाने के 26 साल बाद वैद जी उनके बारे में लिख रहे हैं जिसको हम 19 साल बाद पढ़ रहे हैं। इंसान के अलग हटकर किये काम और कारगुजारियां लंबे समय चर्चा में रहते हैं। यह भी पता चला कि नीन ने 7 डायरियां लिखीं। एक डायरी की कीमत पेपरबैक में कीमत 17 डॉलर मतलब 1300 रुपये। 7 डायरी मतलब 9100 रुपये। टल गई खरीद।
डायरी पढ़ना स्थगित करके घूमने निकले। सड़क गुलजार थी। स्कूल जाते बच्चे उसे और खूबसूरत बना रहे थे। एक बच्ची ऑटो में कॉपी खोले पढ़ती जा रही थी। शायद उसका टेस्ट हो।
पार्क में लोग घूम रहे थे, खेल रहे थे, वर्जिश कर रहे थे। एक पहलवान टाइप आदमी झूले की सीढ़ियों में पैर फँसाये उल्टा लेटा ईंटो पर हथेली रखे वर्जिश कर रहा था। पूरा पार्क चहक रहा था।
रामलीला पार्क में भी लोग खेल, टहल रहे थे। पार्क के एक हिस्से में पानी भरा था। शायद पाइप लीक है। न जाने कब से ऐसा है। देखकर लगा कि कितना पानी बह गया होगा लापरवाही में।
रामलीला मंच के सामने एक बच्चा ईंटों का विकेट लगाए बैटिंग कर रहा था। गेंद फेकने वाली लड़की थी। लड़का बल्ला घुमाता, गेंद कभी बल्ले पर आ जाती, कभी निकल जाती। जब आ जाती तो लड़की भागकर गेंद लाती। फिर फेंकती।
एक दूसरी लड़की भी फील्ड पर है। किसी को ठीक से खेलना नहीं आता। न बच्चियों को गेंद पकड़ना, न बच्चे को देखकर गेंद मारना। लेकिन उत्साह है खेलने का। खेल रहे हैं।
पता चला बच्चे की कल की बैटिंग बकाया थी। आज मिली है। सो बल्ला घुमा रहा है। लड़कियां गेंद फेंक रही हैं। एक बार में छह-छह गेंदे मिलती हैं खेलने को। खेल रहे हैं, तीन लोगों की पूरी टीम।
पता चला बच्चा 9 वीं में पढ़ता है, बच्चियां बीए में। जीएफ कालेज में। कालेज में नई टीम बनी है लड़कियों की क्रिकेट की। बच्चियां भी हैं टीम में। कुछ भी नहीं आता खेलना। लेकिन हौसला है, सीख रही हैं। दो दिन हुये सीखते।
बातचीत में बच्चियां उत्साह और आत्मविश्वास से लबरेज दिखीं। कहा-'हम गांव के हैं। मेहनत करते हैं। बाकी लड़कियां शहर की। मेहनत नहीं करती। हम अभी खेल नहीं पाती लेकिन सीख जाएंगे।'
बच्चियों के हौसले और उत्साह से मन खुश हो गया। एक बार फिर याद आई पंक्तियां -"कुछ कर गुजरने के लिए मौसम नहीं नहीं मन चाहिए।"
हमारी फैक्ट्री के लोग सिखा देंगे।
बच्चियों में एक के पिता खेती करते हैं, दूसरी के प्राइवेट बैंक में। रंजना राजपूत और अंजली सक्सेना को क्रिकेट खिलाड़ियों के बारे में भी कुछ नहीं पता। क्रिकेट खिलाड़ियों के नाम पूछने पर बताया -सिंधु। नाम न पता हो लेकिन उत्साह तो जबर है।
हमने भी उनको दो-तीन ओवर खिलाये। बच्चों ने लप्पेबाजी करते खेला। कभी गेंद पीछे निकल गयी, कभी बल्ले से लगकर मैदान में।
आगे एक बच्ची को उसका कोच टाइक्वाडो सिखाते मिले। तमाम बच्चे बैट-बाल खेलते।
सड़क पर लोग टहल रहे। कुछ लोगों की चर्बी देखकर लगा कोई जुगत होती कि चर्बी वालों की चर्बी हड्डी वालों को ट्रांसफर हो जाती। दुनिया का बहुत भला हो जाता। लेकिन ऐसा होता कहां है।
स्कूल की दीवार पर लिखा दिखा:
खोल दे पंख मेरे कहता है परिंदा,
अभी और उड़ान बाकी है
जमीन नहीं है, मंजिल मेरी
अभी पूरा आसमान बाकी है।
खरामा-खरामा टहलते हुए घर आ गए। धूप सब जगह खिल गयी थी। अमलतास के पेड़ अपने फूलों के साथ खूबसूरत दिख रहे थे। मौसम खुशनुमा । सुबह हो गयी थी।

https://www.facebook.com/share/p/oWX7vcYcWydDHkRG/

हम इंसान हैं जो धरती को अपनी बपौती समझ गदर काटते रहते हैं

 यह तो हम इंसान हैं जो धरती को अपनी बपौती समझ गदर काटते रहते हैं। अपने को सबसे बुद्धिमान प्रजाति समझते हुए दुनिया की सबसे बड़ी बेवकूफियां करता रहता है। जिस धरती पर रहता है उसी को बर्बाद करने की हरकतें करता रहता है। उसके बाद नाटक करता है और धरती के नष्ट होने का स्यापा करता है।

सच कहा जाए तो इंसान की धरती विरोधी हरकतों के चलते धरती नहीं नष्ट होगी। गर्मी बढ़ने पर समुद्र का स्तर बढ़ेगा तो शहर डूबेंगे, आदमी तबाह होगा। धरती तो ऐसे ही अपनी धुरी पर घूमती रहेगी।
हो सकता है आज से सैकड़ों, हजारों साल बाद कोई और उन्नत प्रजाति के लोग धरती के बारे में अपनी राय बनाते हुए लिखें कि पहले धरती पर डायनासोर रहते थे जो किसी उल्कापिंड के चलते खत्म हुए। उसके बाद इंसान बुद्धिमान प्राणी थे। उन्होंने अपनी बुदगुमानी और लालच के चलते ही धरती का वातावरण इतना बर्बाद कर लिया कि निपट गए।

Thursday, April 21, 2022

चींटियों के बहाने



आज सोते में करवट लेते हुए जरा सा आंख खुली तो देखा तीन बजे थे। पलट के सो गए। सोचते हुए कि चार बजे उठेंगे। नींद खुली तो सवा पांच बजे गए थे। तय समय से सवा घण्टा लेट। सवा घण्टे का नुकसान का जिम्मेदार कौन ? इस बात पर पौन घण्टे मगजमारी करते रहे। सोचते रहे। इस बीच घड़ी छह बजे के आउटर पर जाकर खड़ी हो गयी। सोचने के चक्कर में सब घण्टे हवा हो गए। अब और नहीं सोचना, सोचते हुए जग गए।
बाहर निकलकर आये। हवा मज़ेदार। सुहानी। फर्स्टक्लास वाली। अहसास दिलाती हुई कि पहले आ जाते तो कितना मजा और ले पाते। लेकिन कहा गया है न -'समय चूकि पुनि का पछताने।'
चारो तरफ पक्षी हल्ला मचा रहे थे। कोई कुहू-कुहू कर रहा था, कोई केहू-केहू। कांव-कांव , आहो-आहो टाइप भी सुनाई दिया। लेकिन पक्षियों में आपस में मारपीट जैसा कुछ नहीं हुआ। न कोई दंगा-फसाद। न कोई पुलिस आई , न किसी का कोई घोसला गिरा। उनके यहां चुनाव नहीं होने का फायदा मिला उनको।
पक्षी की बात से मुझे नवम्बर महीने में जयपुर में देखी गयी चींटियों की याद आई। जमीन पर बने एक बिल से निकलती हुई, उसी में घुसती हुई चीटियाँ बड़ी तेजी से आती-जाती दिखाई दीं थी। बिल बिल्कुल ब्लैक होल सा लगा मुझे, जिसमें घुसती चीटियाँ कहाँ गयीं, मुझे पता ही नहीं चला। उस समय चींटियों के बारे में न जाने क्या-क्या सोचा था, पांच महीने में अब सब भूल गया। इस बीच नई-नई बातें सोच लीं। अब जब उस वीडियो को देखा तो वे नई बातें भी गुम हो गयीं। एक दम नई बातों की सरकार बन गयी। बातों का 'नया मन्त्रिमण्डल' गठित हो गया है।
इस बीच चींटियों के बारे में सरसरी तौर पर पढ़ा। रानी चींटी सर्वेसर्वा होती है। अपने जीवन में लाखों अंडे देती है। 20-25-30 लाख। मतलब दुनिया के तमाम देशों की आबादी के बराबर। रानी चींटी 20 साल लगभग जीती है, जबकि बाकी चींटियां 40-50 दिन। कितना अंतर होता है रानी चींटी और अन्य चींटियों में। यह भी पता चला कि चींटियां लगभग 9 करोड़ साल पहले से पायी जाती थीं। मतलब आदमी से भी सीनियर हैं चींटियां। 12000 तरह की चींटियां पाई जाती हैं। मतलब आदमी से कई गुना अधिक। अगर आदमी और चींटियों का साझा संसार बन जाये तो चींटियां बहुमत में होंगी। उनकी सरकार बन जाएगी। चींटियां बहुमत में होंगी। आदमी अल्पमत में।
चींटियों के संसार में शासन कैसे चलता है पता नहीं। यह भी पता नहीं कि उनके यहां नेट, टीवी, व्हाट्सअप वगैरह हैं कि नहीं, दंगे होते हैं कि नहीं उनके यहां, जातिवाद, परिवारवाद के क्या हाल हैं वहां, छेडछाड और लिंगभेद का भी अंदाज नहीं। बहुत कम जानते हैं अपन उनके बारे में।
जानने को हम इंसान के ही बारे में कितना हैं, जैसा समझते हैं वैसी ही धारणा बना लेते हैं अगले के बारे में।
है कि नहीं ?

Wednesday, April 20, 2022

गुडमार्निंग-सुप्रभात



सबेरे-सबेरे मोबाइल खोलते ही कई गुडमार्निंग संदेशे दिखते हैं। कई बार तो भड़भड़ाकर एक के बाद एक के ऊपर एक ऐसे गिरते हैं जैसे मुम्बई की लोकल से यात्री उतरते होंगे। वो तो कहो अलग-अलग खाते से आते हैं, वरना क्या पता एक के ऊपर गिरने से हाथ-पैर टूट जाये संदेशों के। अंग-भंग हो जाएं। सन्देश दिव्यांग हो जाएं।
कई तो ऐसे दोस्तों के सन्देश अगल-बगल , ऊपर-नीचे दिखते हैं जिनका आपस में अबोला है। अनबन है। कोई वजह नहीं लड़ाई की लेकिन आदतन लड़ाका हैं लिहाजा एक-दूसरे को फूटी क्या पूरी तरह ठीक आंखों से भी नहीं देखना चाहते। उनको पता चल जाए कि हमारे मोबाइल में उनके गुडमार्निंग मेसेज सटे-सटे रहते हैं तो वे 'मेसेज मिसाइल'से हमारा मोबाइल उड़ा दें। इस मामले में पूरे अमेरिका मूड के हैं वे- 'जो हमारे दुश्मन का दोस्त वो हमारा दुश्मन है।' एक दुश्मन के साथ एक दुश्मन फ्री। बाजारवाद पर आधारित है यह राष्ट्रवाद।
बात गुडमार्निंग की कर रहे थे।पहले सुबहें ऐसे ही हो जातीं थी। बिना गुडमार्निंग मेसेज के। पिछले कुछ सालों से सुबह बिना गुडमार्निंग मेसेज के होना बंद हो गया है। सुबह के जरूरी कामों में शुमार हो गया है , गुडमार्निंग मेसेज भेजना।
किसी से पूछो सुबह क्या हो रहा है? जबाब मिलेगा -'कुछ नहीं गुडमार्निंग मेसेज भेज रहे हैं।' मतलब सुबह के संदेश नहीं भेजेंगे तो बहुत कुछ छूट जाएगा।
अगर मोबाइल और नेट से गुडमार्निंग मेसेज की सुविधा खत्म हो जाये तो अनगिनत लोग दुखी हो जाएं। उनको समझ ही नहीं आएगा कि वे करें क्या?
एक रिपोर्ट में बताया गया है कि शुभकामना संदेश के चलते इंटरनेट ट्रैफिक जाम हो जाता है। अरबों बाइट इधर-उधर होते हैं शुभकामना संदेशों के। नए-नए मोबाइल हासिल करने वाले तो पूरी श्रद्धा से इस 'शुभकामना यज्ञ' में आहुति देते हैं।
मोबाइल और नेट ने दुनिया के बड़ी आबादी वाले देशों को निठल्ला बना दिया है। जिसे देखो वही 'मेसेज कुली' बना हुआ है। शुभकामनाएं इधर-उधर कर रहा है। व्हाट्सअप मेसेज से दिमाग खराब कर रहा है। मुझे तो लगता है मोबाइल और नेट बड़ी आबादी वाले , विकासशील देशों के खिलाफ साजिश है विकसित देशों की। यहाँ हम लोग मोबाइल में डूबे रहते हैं, वहां वे फुर्ती से आगे बढ़ जाते हैं।
हमको लगता है कि अगर आज के आज मोबाइल अपने देश में बंद हो जाये तो दफ्तरों और काम वाली जगहों में कम से कम 25% ज्यादा काम होने लगे। लड़ाई-झगड़े में कुछ कमी आ जाये। मोबाइल और नेट अफवाह के सबसे तेज कूरियर एजेंट हैं। पलक झपकते एक की घृणा हजार लोगों तक डिलीवर कर देते हैं बिना किसी खर्चे के।
बात सुबह के संदेशे की हो रही थी। हम भी कहां पहुंच गए। सुबह के सन्देश के बहाने ऐसे-ऐसे खूबसूरत संदेशे आते हैं कि मन खुश हो जाता है। इतना उत्साह कि लगता है कि बस दुनिया उलट-पलट कर दें अपने काम-काज से। लेकिन जब तक शुरू करें , तब तक अगला मेसेज पढ़ने लगते हैं, दुनिया जस की तस रह जाती है।
सुबह-सुबह हम भी कहां की कहानी सुनाने लगे। आपको उलझा लिया। आपको तमाम गुडमार्निंग भेजने होंगे। जो आये होंगे, उनके जबाब देने होंगे। कर लीजिए लेन-देन। हम तो कर चुके जो करना था। कुछ और था नहीं करने को यहां आ गए। चलें अभी-अभी एक और गुडमार्निंग मेसेज आया है, उसका जबाब लिखना है।

https://www.facebook.com/share/p/8XcGLpc72FAJ8DsM/

Saturday, April 16, 2022

किताबों के बहाने



आजकल अपने पास मौजूद किताबों की लिस्ट बना रहे हैं। कल तक 274 किताबें हो गईं। अभी तक जिनकी लिस्ट बनी उनमें कुल पेज हैं 68345 कीमत 54184 रुपये। मतलब एक पेज की कीमत लगभग 79 पैसे। इन किताबों में से 74 किताबें भेंट में मिली हैं। मतलब कुल किताबों का 27% मुफ्त में मिला है। भेंट में मिली किताबो की कीमत है 14099 रुपये और उनमें कुल 14626 पेज हैं यानि कि भेंट में मिली किताबों का प्रति पेज दाम है लगभग 96 पैसे प्रति पेज। इससे सहज अनुमान लगाया जा सकता है कि भेंट में मिली किताबों की कीमत कुल किताबों की कीमत से 22% अधिक है।
भेंट में मिली किताबों के औसत दाम अधिक होने का कारण यह कि अधिकतर भेंट वाली किताबें पिछले पांच-सात साल की हैं। जबकि हमारे पास जो किताबें हैं वे काफी पुरानी हैं जब पेपरबैक किताबें दस रुपये तक में भी मिल जाती हैं।
भेंट में मिली किताब मतलब मुफ्त में मिली किताब। मुफ्त किताब की बात याद आते ही मुझे सरिता/मुक्ता में छपे विज्ञापन याद आते हैं -'क्या आप मांग कर खाते हैं, क्या आप मांगकर पहनते हैं? तो फिर आप मांगकर पढ़ते क्यों हैं?'
अपन किताबें आमतौर पर खरीदकर ही पढ़ते हैं। किताबें खरीदने का शौक एकमात्र शौक है अपना। इसके बावजूद 27% किताबें भेंट वाली हैं। कारण इसका यही कि मित्र लोग भेज देते हैं। ज्यादातर लेखकों ने खुद भेजी। यह सोचते हुए कि उनके बारे में लिखेंगे। लेकिन अफसोस यह कि उनमें से अधिकतर अनपढी या अधपढी ही हैं।
सबसे अधिक किताबें हमको हमारी दीदी Nirupma Ashok से भेंट में मिली। 1988 में 'ययाति' से शुरू हुआ यह सिलसिला बदस्तूर जारी है। हर साल कोई न कोई किताब मिल जाती है।
किताबों की लिस्ट बनाते हुए उनमें पढ़ी/अधपढी/अनपढी की कैटेगरी भी बनाई। अधिकतर किताबें अधपढी की लिस्ट में हैं। हुआ ऐसा कि किताब पढ़ना शुरू किया फिर रुक गया। लगकर किताब पढ़कर पूरी करने का अभ्यास कम हो गया है। जबकि कभी पढ़ाई की गति अच्छी होती थी। सुरेंद्र वर्मा की 'मुझे चांद चाहिए' तथा गिरिराज किशोर जी की 'पहला गिरमिटिया' लगातार पढ़कर 3-4 में पूरी की थी। श्रीलाल शुक्ल जी की 'रागदरबारी' तो कालेज के दिनों में लगातार पढ़कर ही पूरी हुई थी।
अब पढ़ने की स्पीड कम हो गई है। किताबें कहती होंगी -'तुम बदल गए हो, अब मन लगाकर पढ़ते नहीं।' हम उनसे क्या कहें ? यह तो कह नहीं सकते -'मुझसे पहले सी मोहब्बत मेरे महबूब न मांग'। सच्चाई तो यह है कि किताबों से मोहब्बत बढ़ी है। लेकिन जताने का समय लगातार कम होता गया है।
मित्रों की किताबें पढ़कर उनके बारे में लिखने का मन है। तमाम लोगों से वादे भी किये हैं। मित्र लोगों से भेंट में किताबें लेने में इसीलिए संकोच भी होता है। लगता है उनका उधार बाकी है मेरे ऊपर जो तभी चुकेगा जब उस किताब को पढ़कर उसपर लिख लिया जाएगा।
दुनिया की तमाम बेहतरीन किताबें अभी पढ़ी जानी बाकी हैं। फिलहाल तो उतनी ही पढ़ लें जितनी अपने पास हैं। तमाम किताबें किसी की संस्तुति पर ली गईं लेकिन पढ़ नहीं पाए। 'कैच -22' की तारीफ ज्ञान चतुर्वेदी जी ने कई बार की। मंगा ली। शुरू की। लेकिन आधी ही पढ़ पाए। परसाई जी ने 'डान क्विकजोड' उपन्यास का जिक्र किया था किसी लेख में। कल वह उपन्यास भी मिला अधपढी किताबों के खाते में। 'Aunt Juliya and the scriptwriter' खरीदी Prabhat Ranjan की जोशी जी से बातचीत पढ़कर। वह भी आधी पर अटक गई। आज फिर निकाली है। जोशी जी की तो कई किताबें हैं, दुबारा पढ़ने को। जोशी जी मतलब मनोहर श्याम जोशी जी को पढ़ना तो अपने आप हो जाता है। बस किताब सामने दिख जाए।
मुझे लगता है कि किताबों को पढ़ने का सबस अच्छा समय बचपन और उसके बाद का समय होता है। जिसने पढ़ ली वह तर गया। बाद में पढ़ना मुश्किल भले न हो, पिछड़ बहुत जाता है। है कि नहीं।
लेकिन अब भी देर नहीं हुई। किताबें पढ़ने का कोई समय नहीं होता । जब मन आये शुरू हो जाएं। किताबें दुनिया के ख़ूबसूरत होने का एहसास दिलाती हैं। तमाम अलाय बलाय से बचाती हैं किताबें।

https://www.facebook.com/share/p/qvdJrXPkoAzcdrTA/

Friday, April 15, 2022

बातन-बातन बतझड़ हुइगै



चौराहे के बाद अगल-बगल देखते हुए आगे बढ़े। एक जगह सड़क किनारे दो बच्चे साथ-साथ आते दिखे। बच्चे मतलब बच्ची-बच्चा। बच्ची बच्चे से कुछ बड़ी रही होगी। दोनों बहुत प्यार से बतियाते हुए आ रहे थे। बच्चा कुछ खा रहा था। मुझे लगा आइसक्रीम है। बच्चे जिस अंदाज में जा रहे थे वो बचपन की पक्की मोहब्बत वाली दोस्ती वाले दौर में लग रहे थे। बच्चा बेफिक्री से कुछ खाता हुआ, बच्ची तसल्ली से उसको देखते हुए, साथ जाती हुई।
उन बच्चों की फोटो लेने का मन हुआ। उनसे बतियाना शुरू किया। पूछा -'जगह कौन सी है? कहां जा रहे हो?' कहां जा रहे हो पूछते ही बच्चे थोड़ा असहज हो गए। लेकिन बच्ची ने मोर्चा संभाला। अनजाने बवाल का सामना करने के मामले में लड़कियां लड़कों से ज्यादा बहादुर होती हैं। बच्ची बोली-'स्कूल जा रहे हैं।' हमने पूछा -'इतवार है आज तो। आज कौन स्कूल खुला है?' बच्ची बोली-'खुला है स्कूल। अलिफ, बे पढ़ने जाते हैं।' हमने उनसे और बात करने और फोटो लेने की कोशिश की लेकिन वे भागकर एक बड़े अहाते में घुस गए। उनको लगा होगा ,-'ये बन्दा सही नहीं है।'
बच्चे के भागने से पहले पास से देखा तो पता चला नींबू चाट रहा था। जिसको हम आइसक्रीम समझे थे वह नींबू निकला। वो तो कहो पास से देख लिया वरना हम उसे आइसक्रीम ही समझते रहते।
समझने और देखने का यह फर्क होता है। अक्सर हम घटनाओं, लोगों, समाज के बारे में अपनी समझ से धारणाएं बनाते रहते हैं। जबकि असलियत हमारी समझ से अलग , बहुत अलग होती है।
आगे रोजा पावर प्लांट और उसकी कालोनी दिखी। थोड़ा और आगे जाकर फिर लौट लिए। शहर से करीब 13 किमी आ गये थे उस समय तक।
लौटते हुए एक चाय की दुकान पर चाय पी। राजू नाम है दुकान वाले का। ट्रक ड्राइवर थे। छह-सात साल पहले एक एक्सीडेंट में एक पैर कट गया था। तबसे चाय की गुमटी डाल ली। रिलायंस में सामान लाने वाले ट्रक ड्राइवर चाय पीते हैं। उनमें से ही एक ने ट्रक के एयरफिल्टर राजू को दे दिए जो दुकान पर लोगों के बैठने के लिए इस्तेमाल रखे हैं। राजू का नकली पैर वहीं बगल में रखा था। उन्होंने अपना कटा पैर , तहमद हटाकर दिखाया। कटे हुए पैर के निचले हिस्से को प्यार से सहलाया। फिर ढंक लिया।
अपनी दुकान के बारे में बताते हुए राजू ने कहा -'पैर कट जाने के बाद हमने सोचा यही अच्छा काम है। हमको कहीं बैठकर भीख मांगना अच्छा नहीं लगता। घटिया काम है वह। यहां तसल्ली से हैं।'
राजू की बेटी पढ़ाई करती है। हाईस्कूल में है।
राजू के साथ दुकान में बैठे अनिल ने तमाम किस्से सुनाए। पता चला उनके परिवार में खानदानी दुश्मनी के चक्कर में कई कत्ल और जेल के किस्से हुए। पड़ोस में बच्चों के कारण आपस में विवाद इतना बढ़ा कि पड़ोसी ने अनिल के घर के लोगों का कत्ल कर दिया। कुछ दिन बाद अनिल के चाचा ने बदले में पड़ोसियों के कत्ल किये। जेल रहे। उम्र कैद हुई। कुछ दिन पहले छूट के आये। 65 साल की उम्र में।
लड़ाई का कारण क्या था, जमीन-जायदाद या कोई और कारण। बताया कोई कारण नहीं। सिर्फ बच्चों की आपस की लड़ाई में बड़े भिड़ गए। कत्ल हो गये। फिर दुश्मनी खानदानी हो गयी। हमको आल्हा की लाइने याद आ गईं:
"बातन-बातन बतझड हुई गए
औ बातन में बाढ़ि गई रार। "
जरा-जरा सी बात पर खानदान तबाह हो जाते हैं। महाभारत हो जाता है।
दो चाय और एक बिस्कुट के पैसे हुए 25 रुपये। हमारे पास फुटकर सिर्फ 20 रुपये थे। बाकी 500 का नोट। राजू के पास फुटकर नहीं थे। लिहाजा 5 रुपये उधार करके आ गए।
लौटते में धूप तेज हो गयी थी। साइकिल चलाना भी मेहनती काम लगने लगा।
आसपास लोग अपने-अपने हिसाब से व्यस्त दिखे। एक मंदिर में लोग पूजा कर रहे थे। आरती हो रही थी। घण्टे-घड़ियाल बज रहे थे। कुछ महिलाएं , बच्चों के साथ थाली में पूजा , भोजन सामग्री लिए मंदिर की तरफ जाती दिखी।
वहीं पास ही एक गोबर के ढेर के पास दो महिलाएं कंडे पाथते दिखीं। आसपास से निर्लिप्त कंडे पाथती। आगे एक खूबसूरत लोहे के साइनबोर्ड के पिछवाड़े गोबर के कंडे सूखते दिखे। कंडे सूख रहे थे, साइनबोर्ड पता नहीं कैसा महसूस कर रहा हो।
जगह-जगह अरोरा जी से यौन रोगों से फौरन मुक्ति के विज्ञापन दीवारों की खूबसूरती बढ़ा रहे थे।
शहर पहुंचकर एक जगह चार-पाँच मजदूर एक मोटे प्लास्टिक के पाइप को सर पर लादे चले जा रहे थे -राम नाम सत्य है वाले अंदाज में। गोल घेरे वाले पाइप ने गली में घुसने से मना कर दिया। मजदूर लोग उसे नीचे रखकर खोलने लगे। अब सीधे होकर जाएगा पाइप।
वहीं बगल में कबाड़ी की दुकान पर एक मजदूर लोहे के एक ड्रम को पीट-पीटकर पिचका रहा था। बार-बार ड्रम पर चोट करते हुए उसे गोल से चपटा बना रहा था। हर चोट पर ड्रम पर लगी जंग ड्रम का साथ छोड़ती जा रही थी, जैसे चुनाव के समय कमजोर होती पार्टी से मतलबी नेता निकलकर दूसरी पार्टियों में चले जाते हैं। कठिन समय में साथ देने वाला ही सच्चा हितैषी होता है। जंग, पेंट और गन्दगी ड्रम के अस्थाई साथी थे। ड्रम पर पड़ी हर चोट के साथ विदा होते गए। ड्रम अपने लोहे के साथ पिचकता रहा।
मजदूर के हाथ में गड्ढे पड़ गए थे। बताया 300 रुपये रोज के मिलते हैं। न्यूनतम मजदूरी की बात क्या की जाए।
लौटते हुए कुछ बच्चे क्रिकेट खेलने जाते दिखे। जाते हुए, बतियाते, सेल्फ़ियाते, मस्तियाते।
बच्चों से बात की। बताया इतवार को खेलने जाते हैं। जीएफ कालेज में पढ़ते हैं।
हमने बच्चों की फोटो खींचने को कहा। खुशी-ख़ुशी तैयार हो गए। फोटो लेकर हम भी खुश हो गए। बच्चे देखकर खुश।
आप भी खुश हो जाइए। खुशी एक भाव है। मुफ्त है। कुछ लगता नहीं। महसूस करिये।
इस तरह इतवार की सैर पूरी हुई। साइकिलिंग हुई कुल जमा 26 किलोमीटर।

https://www.facebook.com/share/p/RPkWj1gaCbQBEvKs/