Sunday, December 04, 2016

देशभक्ति का मौसम


मौसम तीन तरह के होते हैं- जाड़ा, गर्मी, बरसात। जाड़े में सर्दी पड़ती है। गर्मी में गरम हवा चलती है। बरसात में पानी बरसता है। लेकिन यह तो शुद्ध मौसम की बात है। आजकल मिलावट का जमाना है। हर तरफ़ मिलावट हो रही है। ईमानदारी में बेईमानी, राजनीति में धूर्तता , देशभक्ति में गद्दारी, सफ़ेदधन में कालेधन की इतनी महीन मिलावट होने लगी है कि पहचानना मुश्किल होता है। इसी तरह मौसम में भी मिलावट होने लगी है। कब जाड़े में पानी बरसने लगे कहना मुश्किल। जाड़े में कब पंखे चलने लगें यह भविष्यफ़ल बताने वाले भी नहीं बता पाते।

प्रकृति के बनाये मौसमों के अलावा इंसान ने भी कई मौसम अपने हिसाब से बनाये हैं। इनमें देशभक्ति का मौसम सबसे प्रमुख होता है। हर देश में यह अलग-अलग तरह से मनाया जाता है। जैसे जापान में मजदूर लोग नाराज होते हैं तब उत्पादन बढा देते हैं। लेकिन अपने यहां नाराजगी का इजहार काम बन्द करके और कहीं-कहीं बना हुआ सामान जलाकर करते हैं।

अपने देश में देशभक्ति का मौसम कई तरह से मनाया जाता है। अलग-अलग तबके के लोगों के अपने-अपने अंदाज हैं।
टाप क्लास की देशभक्ति ऊपर के 1% तबके की होती है। इनके कब्जे में देश के 90%  संसाधन होते हैं। वे लोग जो कुछ भी करते हैं वही देशभक्ति होती है। उनकी हर लीला देशभक्ति है। उनके द्वारा की गई हर लूटपाट, गड़बड़ी, गद्दारी को देशभक्ति के खाते में जोड़ा जाता है। इनकी देशभक्ति के हाथ कानून के हाथ से भी लम्बे होते हैं।  देशभक्ति के काम में सहयोग के लिये वे सरकारों को काम पर रख लेते हैं। सरकारें  उनकी देशभक्ति में  सहायता करती हैं। जो सरकार उनकी देशभक्ति में अड़चन डालती है उसको वे  बदलवा देते है। इनकी देशभक्ति का डंका हर तरफ़ बजता रहता है। इनके लिये हर मौसम ’देशभक्ति का मौसम’ होता है। इसकी ’देशभक्ति का मौसम’ रंगीन, खुशनुमा, जायकेदार और आनन्ददायक होता है।

दूसरी तरह की देशभक्ति वह तबका मनाता है जो आबादी में 30-35% होगा। देशभक्ति का सबसे ज्यादा हल्ला यही तबका मचाता है। देशभक्ति के काम में आसानी के लिये सरकार को देश समझ लेता है। हल्ले में इजाफ़े के लिहाज से यह तबका खुद को दो भागों में बांट लेता है। एक सरकार समर्थक हो जाता है। दूसरा सरकार विरोधी। दोनों मिलकर देशभक्ति का हल्ला इत्ती जोर से मचाते हैं कि देश सुने तो बहरा हो जाये।  समर्थक तबका सरकार के हर कदम का समर्थन करता है। सरकार उनकी गर्दन काटने के लिये अध्यादेश लाये तो वे भारत माता की जय कहते हुये उनका समर्थन करते हैं। नोटबन्दी का मसला हो या सर्जिकल स्ट्राइक का किसी भी सवाल उठाने वाले को  देशद्रोही मानता है।


समर्थक लोग दिल लगाकर समर्थन करते हैं। नोटबंदी का समर्थन करने वाला दलाल कमीशन पर पुराने नोट बदलते हुये भारतमाता की जय का नारा लगाता है। ड्राइंगरूम में वन्देमातरम चिल्लाता है तो बीबी समझ जाती है 500 रुपये की गड्डी बदली। इंकलाब जिन्दाबाद सुनती है तो कहती है- ’आज 1000 के नोट बदलने वाले बहुत आ रहे हैं।’

बीच के तबके के लिये ’देशभक्ति का मौसम’ सरकार की हरकत निर्भर करता है। सरकार कोई कल्याणकारी काम करती है तो सरकार विरोधी तबका उसकी खिलाफ़त करते हुये ’देशभक्ति मनाने’ लगता है। सैनिकों के भले के लिये कोई स्कीम आती है तो जी भरकर सरकार की लानत-मनालत करता है। सीमा पर गोली खाने वाले सैनिक की तरफ़ खड़ा होकर सरकार के खिलाफ़ बयान देता है और नींद की गोली खाकर सो जाता है।

यह बीच का वर्ग  ’देशभक्ति का मौसम’ इतने बहुरंगी तरीके से मनाता है कि सच्ची में लगता है कि भारत विभिन्नता में एकता का देश है। एक ही मुद्दे पर अलग-अलग विचार वाले लोग अलग तरह से राय रखते हैं। कोई बहस करता है। कोई तर्क-कुतर्क का सहारा लेता है। आमने-सामने होने पर जिन्दाबाद-मुर्दाबाद भी होता है। उत्साह में आने पर मारपीट भी हो जाती है। गाली-गलौज का मुजाहिरा करते हुये अपनी सांस्कृतिक विरासत से भी जुड़े रहते हैं लोग। गाली-गलौज में मां-बहन करते हुये बताते रहते हैं कि देश नारियों के सम्मान के लिये कितना हलकान रहता है।

इन दोनों तबको के अलावा तीसरा तबका है। आबादी में सबसे बड़ा। औकात के लिहाज से सबसे गरीब। ऊपर के दोनों के तबके इस तबके की भलाई के नाम पर इसकी ऐसी-तैसी करते रहते हैं। सरकारें इसकी भलाई के लिये काम इस तरह काम करती रहती हैं, इसको पता ही नहीं चलता। देश इसके भले के लिये बहस करता रहता है, इसको सुनाई ही नहीं देता। देश इसको मुख्यधारा में लाने का हल्ला मचाता रहता है। हर हल्ले के साथ यह तबका देश की मुख्यधारा से और दूर धकिया दिया जाता है। इस तबके के लिये  ’देशभक्ति के मौसम’  का कोई मतलब नहीं होता। इसके लिये हर मौसम बदरंग और  बेईमान है। हर मौसम में भकुआया रहता है यह तबका। जब कभी वह लोगों को देशभक्ति की बात करता सुनता है तो इसका मतलब समझ नहीं पाता। ’देशभक्ति का मौसम’ कैसा होता है उसको पता ही नहीं है। 

जिसके लिये जिन्दा रहना ही चुनौती हो उसके लिये ’देशभक्ति का मौसम’ कोई मायने नहीं रखता।

जाड़े के मौसम में बिस्तर पर कम्बल ओढकर  यह लिखते हुये देख रहे हैं कि विद्याबालन अपनी पिक्चर का प्रमोशन कर रही हैं। प्रधानमंत्री जी देश के लिये लाइन में लगे रहने वालों की तारीफ़ कर रहे हैं। घरैतिन थोड़ा ना नुकर के बाद एक बार से चाय पिलाने की बात पर सैद्धान्तिक रूप से सहमत हो गयी हैं।  कुल मिलाकर इधर मौसम में जाड़े, सौन्दर्य, देश और घर की  ’कातिलाना मिलावट’ है।  ’कातिलाना मिलावट’ बोले तो ’डेडली कम्बीनेशन’।

आपके उधर मौसम कैसा है?



  

Wednesday, November 30, 2016

हिन्दी साहित्य में रहना है तो लंगोट को मजबूत रखें


1. हिन्दी साहित्य में लंगोट का पक्का होने तथा लंगोट रक्षा की पुरानी परम्परा है। एक पवित्र परम्परा के तहत जोर इस बात पर है कि रचना चाहे कमजोर हो, पर लंगोट की पक्की हो।
2. रचना में अश्लीलता न आने पाये , इस पर हिन्दी साहित्य के वयोवृद्ध किस्म के बुजुर्गों तथा जवानों की नजर है। इस चक्कर में रचना का कचरा होता हो, तो हो!
3. हिन्दी कहानी, कविता या लेखों में अश्लीलता कहीं से प्रवेश न कर जाये, इसके लिये हिन्दी के पुरोधा किस्म के साहित्यकार रात-रात भर ड्यूटी पर जागते हैं, किसी कुंवारी, जवान बेटी के बाप की तरह।
4. कच्ची लंगोट के साथ हिन्दी साहित्य के अखाड़े में उतर रहे हो? इधर ब्रह्मचारी चाहिये।
5. हिन्दी में लंगोटी-युग , हिन्दी साहित्य के इतिहास के प्रारम्भ से जमा हुआ है।
6. हिन्दी में अश्लील रचनायें नहीं चलेंगी। इसके लिये हिन्दी के पाठ्कों को अंग्रेजी साहित्य देखना होगा। हम स्वयं भी वही देखते हैं।
7. बदमाशी और भारतीय संस्कृति साथ-साथ चलतीं रहें। हिन्दी कहानी पारिवारिक बनी रहे तथा अपनी मां-बहनों को पढ़वाने लायक रहे( दूसरों की मां-बहनों को पढ़वाने लायक साहित्य अंग्रेजी से लेकर हम स्वयं उन्हें देकर आयेंगे)
8. हिन्दी कहानी की नायिका नितान्त चरित्रवान रही है। कोई उस पर उंगली नहीं उठा सकता। वह नायक को भी हाथ नहीं धरने देती।
9. क्रांतिकारी प्रेम नहीं करता और हिन्दी में कई वर्षों से घनघोर क्रांति चल रही है।
10. हिन्दी कहानी की नायिका चिरकुंआरी है। वह चरित्रवती है। हिन्दी कहानी का नायक चरित्रवान है। जहां तक लेखक का सम्बन्ध है, वह तो बीसों बार लड़कियों से पिटने के बावजूद चरित्रवान है ही। हिन्दी साहित्य का हेडआफ़िस चरित्रवान एंड चरित्रवान लिमिटेड जैसा हो गया है।
11. हिन्दी साहित्य में रहना है तो लंगोट को मजबूत रखें। कसकर बांधे। बांधकर रखें।
12. कलम की लंगोट ढीली हुई, कि हमने हिन्दी से बाहर किया।
ज्ञान चतुर्वेदी के लेख ’हिन्दी साहित्य में लंगोट रक्षा’
यह लेख ज्ञानजी के व्यंग्य संकलन ’खामोश ! नंगे हमाम में हैं’ में संकलित है। यह संकलन पहली बार राजकमल प्रकाशन से 2002 में आया। 2015 में पेपरबैक संस्करण आया। ’हम न मरब’ में प्रयुक्त गालियों पर लिखे दिलीप तेतरबेे Dilip Tetarbe जी के लेख और बाद में Suresh Kant जी की इस बारे में की आलोचना के जबाब शायद ज्ञान जी ने पहले ही तैयार कर रखे थे।
किताब आन लाइन खरीदने का लिंक ये रहा http://rajkamalprakashan.com/…/khamosh-nange-hamam-mein-hai…

Monday, November 28, 2016

आदमी का प्रवासी हो जाना

पिछले हफ़्ते एक शादी के सिलसिले में दिल्ली जाना हुआ। नोयडा में रुकना! गाजियाबाद स्टेशन से नोयडा जाते हुये देखा दोपहर को एटीएम के बाहर लम्बी लाइन लगी थी। जगह कम होने के चलते गुड़ी-मुड़ी हुई सी लाइन। कानपुर और गाजियाबाद एक सरीखे से ही लगे।

नोयडा से दिल्ली की 50 किमी का सफ़र तय करने में ढाई घंटे लगे। सड़क भले चकाचक बन जाये लेकिन ट्रैफ़िक फ़ुल जाम मय। नया हाईवे भले लखनऊ से दिल्ली साढे तीन घंटे में पहुंचाने का दावा करे लेकिन लगता है नोयडा से दिल्ली की दूरी समय के हिसाब से ऐसी ही रहेगी।

जहां रुके थे सुबह वहां टहलने निकले। कालोनी के बाहर सब्जी की दुकान धरे राजकुमार गुप्ता मिले। गोपालगंज, बिहार से आये थे1998 में नोयडा। जंगल था तब सब यहां। अब जगह मिलना मुश्किल। 18 साल में देखते-देखते नोयडा एकदम्मे बदल गया। पहले खुद आये, फ़िर परिवार लाये। थोड़ी जमीन लेकर मकान बना लिये हैं पास के ही सेक्टर में। खुद आठवीं पास है। बेटा बीए में पढ़ता है। बिटिया भी स्कूल जाती है। उन दोनों को सिर्फ़ पढाने में लगाये हैं। काम-धाम से नहीं जोड़े।

हर तरह की सब्जी धरे हैं दुकान पर। गाजियाबाद से लाते हैं सब्जी। घरों में भी डिलीवरी देते हैं। आसपास के लोग फ़ोन करके आर्डर देते हैं। वे घर पहुंचा देते हैं। साथ में लड़के को रखे हैं। 5000 रुपया महीना देते हैं उसको। नोटबंदी के चलते थोड़ा बिक्री में फ़र्क पड़ा लेकिन अब पेटीएम ले लिये हैं।

जब आदमी प्रवासी हो जाता है तो उन बदलावों को भी सहजता से स्वीकार कर लेता है जिसको अपने घर में रहते हुये शायद उतनी जल्दी न स्वीकारता। बिहार का आदमी जब नोयडा पहुंचता है तो हर तरह के बदलाव को फ़ौरन स्वीकार कर लेता है। यही अगर बिहार मतलब घर में रहते होते गुप्ता जी तो अभी तक भुगतान के लिये वैकल्पिक तरीका अपनाने में समय लगाते।

नोयडा/दिल्ली में सेवा प्रदाता ज्यादातर बिहार, पूर्वी उत्तर प्रदेश के हैं। एक दिन की हड़ताल कर दें तो बैठ जाये दिल्ली/नोयडा ! लेकिन प्रवासी आदमी हड़ताल के लिये थोड़ी आता है। काम के लिये आता है।
बिहार जाते रहते हैं गुप्ताजी। इस बार छ्ठ पर जा नहीं पाये रिजर्वेशन के चलते। यहीं नोयडा में एक तालाब किनारे मनी छठ।
पास में ही रजाई भरने की दुकान पर सोनू मिले। मुरादाबाद के रहने वाले । गर्मी में कूलर का धन्धा करते हैं। जाड़े में रजाई भरने का। मतलब साल भर मौसम की मार से बचाने का काम करते हैं।।दिल्ली में सीखे एक दुकान पर कूलर का काम। रजाई का काम अपने बहनोई से सीखे। आठ-दस साल पहले आये थे दिल्ली। पास के ही सेक्टर में किराये पर रहते हैं।
रजाई अगर रुई, कपड़ा खुद का हो तो डेढ सौ रुपये में बना देते हैं। दुकान से लेने पर छह औ से सात सौ रुपये की पड़ती है रजाई। तीन से साढे तीन किलो तक रुई लगती है एक रजाई में। रुई भी अलग-अलग तरह की। डेढ सौ से सौ रुपये किलो तक की। जैसी मन आये भरवा लो। बात करते, काम करते रहे सोनू। हम तो ठेलुहा सो बतियाते रहे।
लेकिन आज तो हमको जाना है भाई दफ़्तर। हम चलें। आप मजे करो। शुभ दिन !

https://www.facebook.com/anup.shukla.14/posts/10209781542948754

Sunday, November 27, 2016

नये नोट-पुराने नोट



पिछले दिनों पुराने नोट बन्द हुये। नये चालू हुये। कश्मीर से कन्याकुमारी तक देश एक हो गया। मिजोरम से महाराष्ट्र तक पूरा राष्ट्र एटीएम की लाइनों में खड़ा हो गया। सबका उद्धेश्य एक ही, पैसा निकालना। सबकी मंशा एक ही, बस किसी तरह एटीएम पैसा उगल दे। कष्ट सबको था लेकिन लोगों की मंशा में बदलाव नहीं आया। कर्म और विचार से पूरा राष्ट्र एक दिखा। जिस तरह लोग दरभंगा में खड़े थे उसी तरह दिल्ली में, जैसे जबलपुर में सीधे पैरों लाइन में लगे थे वैसे ही जामनगर में अपने पैरों पर खड़े मिले लोग। धर्म, क्षेत्र, भाषा, जातिभेद भूलकर लोग लाइनों में लग गये। नोटबंदी ने लोगों को एकात्म कर दिया। लोगों के शरीर भले अलग दिखे लेकिन ध्येय एक ही - “किसी तरह नोट निकल आयें एटीएम से।“
अद्भुत राष्ट्रीय एकता का मुजाहिरा हुआ नोटबंदी के बाद। सरकार और विपक्ष दोनों जनता की भलाई की चिन्ता में जुट गये। पूरा विपक्ष सरकार के विरोध में फ़ेवीकोल लगाकर साथ खड़ा हो गया। पूरी सरकार विपक्ष के मुकाबले एकजुट हो गयी। जनता अपना भला चाहने वालों से निर्लिप्त एटीएम की लाइन में खड़ी हो गयी। पूरा देश नोटबंदी पर बयान जारी करने लगा। नोटबंदी की परेशानियों के तेज में बाकी समस्याओं की आंखें चौंधियां गयीं। वे सब इकट्ठा शर्मिंदा सी होकर नेपथ्य में चली गयीं। सारे चैनल, अखबार, समाचार नोटबंटी पर बात-बहस करने लगे। पूरा देश नोटबंदी के बहस महासागर में छप्प-छैयां करने लगा। सम्पूर्ण राष्ट्र एटीएम से नोट पाने के एकमात्र ध्येय को पूरा करने में जुट गया। ऐसी दुर्लभ राष्ट्रीय एकता की भावना पर दुनिया के सारे सुख न्यौछावर। ऐसी एकता देखकर हमारे प्रचार से परहेज करने वाले मित्र ने नाम न बताने की शर्त पर सुझाव दिया -“जब भी देश में कभी राष्ट्रीय एकता पर कोई आंच आये, फ़ौरन नोटबंदी लागू कर देनी चाहिये।“
जो बड़े नोट कभी बाजार के बादशाह थे उनके हाल कौड़ी के तीन भी न रहे। जिनको तिजोरियों, तहखानों में छिपाकर रखते थे उनको लोग अवैध बच्चों की तरह कूड़ेदान में फ़ेंककर चलते बने। जिनके बिना बाजार का पत्ता तक न हिलता था वे खुद ही चलने-फ़िरने के मोहताज हो गये। बड़े नोटों के हाल दफ़्तरों के उन बड़े अधिकारियों की तरह हो गये जिनको उनकी बर्खास्तगी के बाद उसी दफ़्तर में घुसने की जगह न मिले जिसमें घुसने के लिये पहले उनकी अनुमति चाहिये होती थी।
नये नोटों के आने में देरी के चलते थोड़ी परेशानी हुई। जानकार लोगों के हिसाब से नोटों के बाजार में आने में देरी का कारण पहले तो यह हुआ कि ’सोनम गुप्ता’ ने नये नोट पर आटोग्राफ़ देने में देरी की। दूसरा और बड़ा कारण यह रहा कि जिनको नोट छापने थे वे बेचारे खुद नोट निकालने की लाइन में लगे थे। गोपनीयता के चलते उनको पता ही नहीं चला कि उनको ही नोट छापने थे। नोटों में छपने में हुई एकाध गड़बड़ी का कारण भी लोग यही बताते हैं नोट का डिजाइन फ़ाइनल करने वाले भी नोट निकालने की लाइनें में लगे थे। धक्कामुक्की में देख ही नहीं पाये और डिजाइन फ़ाइनल कर दिया। जब गलती पता चली तब तक नोट छपकर बाजार में टहलने लगे थे। और बाजार में तो पहुंचकर चाहे आदमी हो या नोट खर्च होना ही उसकी नियति होती है।
नोटबंदी का फ़ैसला देश में कालेधन पर अंकुश लगाने की मंशा हुआ। कालेधन को जैसे ही यह पता चला वह फ़ौरन खूब सारा सफ़ेद रंग खरीदकर ले आया और अपने को पूरी शिद्धत से सफ़ेद करने में जुट गया। जाकर जन-धन खातों के सफ़ेद तालाब में छुप गया, पेट्रोल पम्पों के टैंक में डूब गया, बैंक मैनेजरों को अपना कुछ अंश देकर सफ़ेद वर्दी पहन ली, सर्राफ़ा बाजार में जाकर सलवार-कुर्ता पहनकर फ़ूट लिया, भूखे-नंगों के खातों में जमा हो गया।
युद्धस्तर पर सफ़ेद होने लगा कालाधन। सफ़ेदपोशों के साथ खड़ा होकर ’काले धन’ के खिलाफ़ नारे लगाने लगा। नारेबाजी के बीच जैसे ही मौका मिलता वह सामने खड़े कालेधन को अपने में घसीटकर उसको सफ़ेद कर लेता और उससे भी कालेधन के खिलाफ़ नारे लगवाने लगता। कालाधन सफ़ेद होते ही कालेधन की बुराई में उसी तरह से जुट जाता जिस तरह जनप्रतिनिधि दलबदल करने के बाद पहले वाले दल की बुराई में जुट जाते हैं।
नये नोट के हाल घर में आई संयुक्त परिवार की उस बहू सरीखे हैं जिसकी चुटिया-कंधी की उमर बीतते ही ऐसे घर में शादी कर दी गयी हो जहां आते ही उसकी सास खतम हो गयी हों। हरेक की फ़र्माइश पूरी करते-करते बेचारे के हाल खराब हैं। कुल नोटों की जरूरत का 14% नोट बाजार में मौजूद हैं। बाजार के हाल ऐसे टापर बच्चे जैसे हैं जिसका एन इम्तहान के पहले पूरा सिलेबस और विषय बदल दिया गया हो फ़िर भी आशा की जाये कि वह इम्तहान में टाप ही करे। बेचारे के दिन की नींद और रात के चैन हराम हैं।
इसी बीच खबर आई कि उधर जन्नत में शाहजहां ने धूप में मूंगफ़ली टूंगते हुये औरंगजेब से शिकायती लहजे में कहा - “ तूने मुझे इमारतें बनवाने में फ़िजूलखर्ची के चलते मुझे कैदकर लिया था। अब देख कि मेरा बनवाया हुआ लालकिला अपने देश के लोगों के कितना काम आ रहा है। 500 रुपये के नोट पर कितना फ़ब रहा है लालकिला। कितना अच्छा लग रहा है यह देखकर कि पूरा हिन्दोस्तां मेरी बनवाई इमारत वाली रकम से खरीदकर रहा है। लग रहा है अभी हमारी हुकूमत काबिज है समूचे हिन्दोस्तां में। “
औरंगजेब का मन तो किया अपने अब्बाजान को किसी एटीएम में तब तक खड़ा रखे जबतक 500 रुपये का नोट न निकल आये। लेकिन फ़िर बाप समझकर छोड़ दिया उसने। उसको खर्च के लिये पैसे भी निकालने थे इसलिये चुपचाप एटीएम की लाइन में लग गया।
पुराने नोट नये नोट पर फ़िलहाल इतना ही। बाकी फ़िर कभी नये नोट निकलने के बाद !

https://www.facebook.com/anup.shukla.14/posts/10209774755539073

Saturday, November 26, 2016

अरविन्द तिवारी के उपन्यास ’शेष अगले अंक में’ के कुछ और पंच



1. भ्रष्टाचार एक ऐसा जन्तु है जिसकी घ्राण शक्ति पृथ्वी पर पाये जाने वाले सभी जन्तुओं से अधिक पावरफुल होती है।
2. पिछले दस वर्षो से दोनों अखबारों के बाजार भाव स्तंभ में कोई संषोधन नहीं हुआ था। प्रैस लाइन की तरह ये भाव अपरिवर्तनीय थे।
3. लोकल कवि, लोकल बस, लोकल नेता, लोकल सब्जीमंडी, लोकल साँड़ों के बाद इन दोनों अखबारों को प्रमाणिक रूप में लोकल वस्तु माना जाता था।
4. इस बात की मैं गारंटी देता हूँ कि ये पत्रकार आपके पीछे नहा धोकर नहीं पड़े हैं, सर! सच बात तो यह है इन पत्रकारों में से अधिकांष नहाते ही नहीं। दो तीन पत्रकारों को खुजली हो गई है।
5. अतिरिक्त गोभी आने पर जैसे सब्जी मण्डी का विस्तार हो जाता है, उसी तरह चुनाव घोषित होते ही राष्ट्रीय और राजस्तरीय समाचार पत्रों ने अपने पेज बढ़ा दिये।
6. अपनी जिन्दादली और शराबनोशी के कारण वे पतझड़ से वसंत ऐसे खींच लाते थे, जैसे अकाल के बावजूद जिले में अच्छी फसल होने का प्रैस नोट जारी करते थे।
7. पी आर ओ साहब सच-सच बताना नागौर में जिला स्तर के अधिकारियों की हालत कीचड़ में फंसी कुतिया जैसी नहीं है!
8. वे समझ गए थूकने का पत्रकारिता से कोई गहरा सम्बन्ध है। पहले कन्हैयालाल स्नातक ने अधीक्षण अभियंता की हथेली पर थूक कर विज्ञापन हासिल किए और अब इस हौजरी के व्यापारी ने उनके पाजामे पर थूक दिया।
9. वैसे वे जेबकट थे, पर 1942 में कांग्रेस में शामिल हो गए थे।
10. जब से के0के0 गोस्वामी नगरपालिका अध्यक्ष बने हैं, पत्रकारों का हाजमा खराब चल रहा है।
11. विज्ञापन का अर्थ है सरकारी विज्ञापन। और सरकारी विज्ञापन मिलते नहीं झपटने होते हैं।
12. मिस आरती के बारे में कहा जाता है कि पत्रकारों ने उनके खिलाफ इतना अंट षंट छापा कि मजबूर होकर उन्हें पत्रकारिता में उतरना पड़ा।
13. कालूजी की चीकट बनियान से कुछ स्वेद बिन्दु बेसन के घोल में गिर रहे थे। संभवतः घोल में नमक कम था, जिसकी पूर्ति के लिए स्वेद बिन्दु सायास गिराये जा रहे थे।
14. औसत देखें तो जब से ‘प्रदेश समाचार’ निकलना शुरू हुआ तब से उसमें प्रतिमाह एक सेक्स स्कैण्डल जरूर छपता रहा है।
15. धुंआधार वीर रस से कवि थे और उनकी कविता को सहन करने की अपेक्षा उनकी पत्रकारिता को सहन करना हमेषा आसान लगा।
16. साहित्यिक आयोजनों का नाम सुनते ही पी आर ओ दफ्तर की जीप बीमार हो जाती, जबकि किसी मंत्री या अन्य वी आईपी के दौरों पर यह जीप तेजी से दौड़ती।
17. नागौर के अनेक सप्ताहिक समाचार पत्रों की तरह यह निजी बस रुक-रुक कर चल रही थी।
18. सड़क के गड्डे कहीं कोई देख न ले, इसलिए नगरपालिका ने इस सड़क से अपनी ट्यूब लाइटों को हटवा लिया।
19. दोनों कुत्तों की हालत गधे ने ऐसी कर दी, जैसे मंहगाई आम आदमी के थोबड़े की करती है।
20. अपने सीने पर हाथ रखकर कह दो, सेठ लखनचंद की बीवी को एक तरह से अपनी बीवी नहीं बना लिया आपने। इससे ज्यादा चटपटी खबर राम अकेला का बाप भी नहीं छाप सकता।
21. ‘नई दिशा’ के नागौर संवाददाता मनीष ने बी0एस0सी0 करने के बाद अम्बाला शहर स्थिति एक अखिल विश्व स्तरीय संस्था से पत्राचार के जरिये पत्रकारिता का डिप्लोमा किया।
22. राम अकेला भड़वा है। अपने अखबार में रंडियों के इण्टरव्यू ऐसे छाप रहा है जैसे पूरी उम्र भड़वागिरी करता रहा हो।
23. शाम के समय चैक में गाय, वकील सांड, पत्रकार, गधे, अध्यापक, सट्टेवाले, सुअर, चोर आदि एक साथ खड़े हुए पाये जाते थे।
24. जिस तरह किसी कुतिया के सद्य जन्में बच्चे क्षेत्र विशेेष में धमा-चैकड़ी मचाये रहते हैं, वैसे ही भ्रष्टाचार पानी की टंकी के परिसर में मचाए रहता।
25. उनकी हालत उस मुख्यमंत्री की तरह हो रही थी, जिसे हटाने के लिए विपक्षी दलों के साथ अपने दल के नेता भी जुटे थे, लेकिन मुख्यमंत्री दोनों के बीच बैलेंस बनाकर सत्ता पर काबिज थे।
26. अस्पताल दो मंजिला था और ऊपर की मंजिल पर जाने के लिए बिल्डिंग के दोनों सिरों पर दो जीने थे, जिनके ऊपर ‘ऊपर जाने का रास्ता’ नामक आध्यात्मिक वाक्य से अंकित बोर्ड टंगे थे।
27. पत्रकारों के अनुसार शैलेन्द्र सुमन ने समुद्र का अवगाह्न कर इस समाचार रूपी रत्न को प्राप्त किया है, जबकि उन्हें तैरना भी नहीं आता!
28. आपने तो पत्राचार से डिप्लोमा किया था, आपके गुरू कहाँ से आ गए।

https://www.facebook.com/anup.shukla.14/posts/10209768760709206
’

Friday, November 25, 2016

रामराज्य में विमुद्रीकरण

जब रामचन्द्र जी लंका विजय के बाद अयोध्या लौटकर आये तो उन्होंने राजकाज संभालते ही कुछ बढ़िया काम करने की सोची। लेकिन भरत जी ने 14 साल में इतनी अच्छी तरह से शासन संभाला था कि उसमें कुछ करने की गुंजाइश ही नहीं बची थी।
लंका जीतकर रामजी को अपना अयोध्या का राजा बनना ऐसा लगा जैसे किसी प्रधानमंत्री को किसी राज्य का राज्यपाल बना दिया जाए।
लेकिन रामजी को तो इस स्थिति से कोई फर्क नहीं पड़ा। वे तसल्ली से रह थे। वर्षों बाद बिना हल्ले-गुल्ले का जीवन बिताते हुए उनको जो आनन्द मिल उसकी उन्होंने पहले कभी कल्पना तक नहीं की थी।
लेकिन रामजी के 'जे बिनु काज दाहिने बाएं' उनको रोज कुछ न कुछ ऐसा क्रांतिकारी करने के लिए उकसाते रहते जिससे राम जी का अलग से भौकाल बने।रामजी चतुराई पूर्वक मुस्कराते हुए इस झमेले से खुद को बचाये रखते। उनके भक्त लोग उनकी इस रुख से दुखी रहते। लेकिन राम जी का कुछ बिगाड़ पाने में असमर्थ होने के चलते वे बेचारे चुप रहते और उनको कोई क्रांतिकारी कदम उठाने के लिए उकसाने की नित नई तरकीब सोचते रहते।
एक दिन राम जी कुछ मौज के मूड में थे तो उन्होंने 'दिव्य बुद्धि दल' के प्रमुख से पूछ ही लिया -'क्या क्रांतिकारी करने का सुझाव देते हैं आप मुझे?'
यह पूछते ही सुझावों की झड़ी लग गईं। कुछ आप भी देखिये:
1. आपको लंका पर चढ़ाई करके फिर से उस पर विजय करनी चाहिए। लंका न सही तो किसी पडोसी राज्य पर ही विजय प्राप्त करनी चाहिए।
2. आपको राज्य से त्यागपत्र देकर फिर से राजगद्दी संभालनी चाहिए।
3. आपको राज्य में हरेक नागरिक के यहां छापा डलवाना चाहिये। जो इसका विरोध करे उसे राजद्रोही साबित कर देना चाहिए।
4. आपको सरयू नदी का पानी इस्तेमाल करने पर शुल्क लगा देना चाहिये। इससे राज्यकोष बढ़ेगा।
5. ध्वनि पदूषण रोकने के लिए आपको पूरी अयोध्या नगरी में बोलने पर पाबन्दी लगा देनी चाहिए।
रामजी इतने क्रांतिकारी सुझाव सुनकर दहल उठे। उन्होंने 'दिव्य बुद्धि बल' प्रमुख की तर्क शक्ति परखने के लिए पूछा - 'जब लंका और सारे पडोसी देश हमारे मित्र हैं तो उन पर हमला करने और उन पर विजय का क्या मतलब ?'
इस पर उत्साहपूर्ण आवाज में प्रमुख ने बताया -'राजा की कीर्ति विजय से ही बढ़ती है। राजकाज अच्छा करने मात्र से राजाओं को कोई याद नहीं करता। इसलिए आपको हर वर्ष किसी न किसी राज्य पर विजय प्राप्त करते रहना चाहिए।'
'लेकिन जब कोई पड़ोसी देश मित्र हो और युद्ध के लिए कोई कारण न हो तो कैसे उस पर हमला कर दें?' - राम जी को मजा आने लगा था बातचीत में।
'पडोसी राज्य से इस बात का आग्रह किया जाए कि वह हमारे राज्य से युद्ध करे। जो राज्य इस आग्रह को मानने से इंकार करे उस पर इसी बहाने से हमला कर सकते हैं कि उसने आपकी युद्ध करने की बात नहीं मानी।' -दिव्यदल प्रमुख का चेहरा चमचमा च तमतमा उठा।
रामजी इस तरह के सुझाव सुनकर चिंतित हो उठे। उन्होंने प्रमुख की सेवा पञ्जिका मंगवाकर देखी। पता चला कि वह अयोध्या आने के पूर्व लंका राज्य का प्रमुख सलाहकार था। राम जी ने उसको फ़ौरन 'दिव्य बुद्धि बल' विभाग से हटाकर ' दिव्यांगबुद्धि बल' दल में भेजा और भाई भरत को बुलाकर मंत्रणा की कोई ऐसा काम बाकी रखा हो भरत जी ने जिसे करके राम जी अपने भक्तों की ' कोई क्रांतिकारी काम' करने की इच्छा को पूरी कर सकें।
भरत ने राम जी की परेशानी पर विचार किया और कहा-'भैया, 14 साल तक मैंने आपके आज्ञाकारी सेवक की तरह काम किया। निस्वार्थ भाव से किया तो अब स्वर्ग के देवता लोग भी जब कभी घूमने आते हैं अयोध्या तो कहते हैं काश स्वर्ग में भी अयोध्या जैसी सुविधाएँ होतीं। मैंने सब योजनाओं का नामकरण भी आपके और माता जानकी के नाम ही किया था इसलिए फिलहाल तो नाम बदलने का क्रांतिकारी काम भी नहीँ किया जा सकता।'
राम जी यह सुनकर किंचित उदास हो गए। बोले- 'भैया भरत, कुछ तो छोड़ा होता मेरे करने के लिए। इन भक्त लोगों ने तो मेरा जीना दूभर कर रखा है। अब तुम ही कुछ उपाय सोचो ताकि हम कुछ क्रांतिकारी करने की अपने भक्तों की मांग पूरी कर सकें। जानकी भी दुखी रहती हैं इन मांगों से।'
राम जी के मुंह से जानकी का नाम सुनकर भरत को याद आया। उन्होंने राम से कहा -'भैया , एक काम करिये। मैंने जो मुद्राएं चलाई थीं उनमें आपकी पादुकाओं के चित्र थे। अब उनका कोई मतलब नहीं है। आप मुद्राओं के स्थान पर अपनी और सीता भाभी के चित्र वाली नई मुद्रायें जारी करें। इससे सीता भाभी को भी अयोध्या से जुड़ाव प्रतीत होगा। अभी तक वे यहाँ आने के बाद से कष्ट ही पाती आई हैं।"
राम जी ने शुरुआत में तो ना-नुकुर की लेकिन फिर भरत जी के समझाने पर इस शर्त के साथ मान गए कि नई मुद्रा बस चला देंगे लेकिन पुरानी को फौरन बंद न करेंगे। वैसे भी रामराज्य में कोई काला धन, आतंकवाद , नकली मुद्रा जैसा चलन था नहीं जिसके बहाने पुरानी मुद्रा को फौरन बन्द किया जाए।
नई मुद्रा पर राम-सीता की फोटो थी। चलने लगी वह भी। लोगों ने इसी बहाने राम-सीता के दर्शन किये। लेकिन जैसे भ्रष्टाचार की आदत हो जाने पर लोग साफ़ तरीके से काम करना नहीँ चाहते वैसे ही लोग नई मुद्रा के शुरू हो जाने पर भी पुरानी मुद्रा से ही काम चलाते रहे। लोगों में नए नोट के प्रति ज्यादा रुझान नहीं था।
एक बार जब खुद की फोटो वाली मुद्रा चल गईं तो रामजी को और उनसे ज्यादा उनके भक्तों को लगने लगा कि जो लोग नई मुद्रा व्यवहार में नहीं ला रहे वे जानबूझकर गड़बड़ कर रहे हैं।रामजी के भक्तों ने लोगों के बीच जाकर नई मुद्रा व्यवहार में लाने को कहा। जिन लोगों ने मान लिया उनका तो ठीक। जिन कुछ लोगों ने इसमें ढील दिखाई उनका बहिष्कार करने का आह्वान किया यह कहते हुए:
जाके प्रिय न राम-वैदेही
तजिए ताहि कोटि बैरी सम, जद्यपि परम सनेही।
मतलब जिन लोगों को राम-सीता के चित्र वाली मुद्राएं पसन्द नहीं हैं उनको दुश्मन की तरह त्याग दिया जाए भले ही वे कितने ही प्रिय न हों।
इसके बाद तो भभ्भड़ मच गया। सब लोगों ने अपनी मुद्राएं बदली। नई राम सीता के चित्र वाली मुद्रा लागू हुई।
इसी में एक क्षेपक कथा भी है। जब सभी लोग नई मुद्रा व्यवहार में लाने लगे तो किसी हनुमान जी से जलने वाले व्यक्ति ने उलाहना दिया कि हनुमान जी तो कोई मुद्रा नहीं रखते। क्या राम-सीता उनको प्रिय नहीं है। कुछ दिन तो गुपचुप बातें हुईं फिर सभी यह सवाल करने लगे।
बात जब हनुमान जी तक पहुंची तब भी उन्होंने कुछ कहा नहीं। लेकिन एक दिन राम दरबार में सरे आम किसी ने टोंक दिया। राम जी ने उसको डपटने के लिए मुंह खोला तब तक हनुमान जी ने भरे दरबार में अपना सीना किसी मंदिर के कपाट की तरह खोलकर दिखा दिया। उनके हृदयस्थल पर राम-सीता की वही मूर्ति बनी हुई थी जो नई मुद्रा में छपी थी।
सभी लोग हनुमान जी की जय बोलने लगे। जिसने उनपर पर आरोप लगाया था उसकी आवाज सबसे ऊँची थी। राम जी ने लपककर हनुमान जी को गले लगाया। अपने राज्य के सारे अधिकार उनको सौंप दिए। तब से लोग कहने लगे:
राम दुआरे तुम रखवारे
होत न आज्ञा बिनु पैसारे।
मतलब राम के दरबार की आप रक्षा करते हैं। बिना आपकी आज्ञा के कोई राम दरबार में प्रवेश नहीं कर सकता।
कलयुग तक आते -आते इस चौपाई का मतलब बदला और बिगड़कर जो हुआ उससे लोग अच्छी तरह वाकिफ हैं और मानने लगे हैं कि बिना मुद्रा के दरबार में कोई काम नहीं होता।
कभी-कभी बजरंगबली को यह सब देखकर गुस्सा आता है । मन करता है कि ऐसा करने-कहने वालों पर गदाप्रहार कर दें। किन्तु कर नहीं पाते। आखिर भगवान अपने भक्तों से ही हारते हैं।
बोल बजरंगबली की जय। सियावर रामचन्द्र की जय। सब संतों की जय। दुष्टों का नाश हो। भक्तों का कल्याण हो।

https://www.facebook.com/anup.shukla.14/posts/10209757110337954

Wednesday, November 23, 2016

शेष अगले अंक में


किसी किताब को पढ़कर उस पर जैसा महसूस कर रहे हों वैसा ही लिखना मुश्किल काम है। यह मुश्किल तब और बढ़ा जाती है जब लेखक से परिचय हो।सोचा जाता है कि इत्मिनान से लिखेंगे। कोई पहलू छूट न जाए। इसी इत्मिनान और तसल्ली के चक्कर में मित्रों की पढी हुई कई किताबों पर लिखना नहीं हो पाया। लगता है तसल्ली का बहुत इन्तजार करना भी ठीक नहीं होता।
अरविंद तिवारी जी का उपन्यास 'हेडऑफिस के गिरगिट' इसी साल पढ़ा। उसके बारे में जब लिखा ( https://www.facebook.com/anup.shukla.14/posts/10208904124333837 )तो अरविन्द जी ने अपने दूसरे उपन्यास 'शेष अगले अंक में' के बारे में बताया। यह भी कि यह उनका सबसे बढ़िया व्यंग्य उपन्यास है।
मुझे थोड़ा ताज्जुब हुआ कि व्यंग्य लेखन की दुनिया इतनी छोटी होते हुए भी अपने समय के ही लेखकों और उनकी रचनाओं से कितना कम परिचय है अपना। यह तब है जब अपन व्यंग्य की दुनिया के तमाम लोगों से जुड़े हुए हैं। फिर आम जनता इनके बारे में क्या जानती होगी। वह तो भला हो सोशल मीडिया का जिसके चलते कई लेखकों से परिचय हो सका। अरविन्द तिवारी जी भी ऐसे लोगों में ख़ास हैं।
'शेष अगले अंक में' के बारे में पता चलते ही आर्डर किया। समय पर आ भी गया। जबसे आया यह उपन्यास तबसे लगातार साथ रहा मेरे। घर में आते ही दो-चार पन्ने पढ़ते, फिर धर देते। रोचकता इतनी कि लगता अगर एक बार में नहीं पढ़ा तो मजा कम हो जाएगा। जो किताबें अच्छी लगती हैं उनको पढ़ते हुए जितना अच्छा लगता है डर भी कम नहीं लगता कि एकबार जब पूरी पढ़ ली तो इसके बाद क्या पढ़ेंगे। खुदा झूठ न बुलवाये इसी मासूम डर के चलते कई बेहतरीन किताबें अब तक अधपढी, अनपढी रह गयी हैं।
'शेष अगले अंक में' की संगत शुरू हुई पिछले महीने की आठ तारीख से। कलकत्ता गए तो साथ ले गए। जमीन से दस हजार मीटर की ऊंचाई पर पढ़ना शुरू किया। हवाई जहाज की खिड़की से सटाकर फोटो लिया। उतरते समय कलकत्ता शहर की रौशनी से सटाकर फोटो खींचा। मतलब खूब मन लगाकर पढ़ा। दफतर आते-जाते भी साथ आता-जाता रहा यह उपन्यास।
शुरुआत में तो रोचकता की गिरफ्त में आकर जल्दी-जल्दी पढ़ते चले गए। फिर जब आखिर तक पहुंचने लगे तो लगा कि इसके 'पंचवाक्य' पर निशान लगाने चाहिए ताकि उनको पोस्ट किया जा सके। अब दुबारा पढ़ते हुए वह काम कर रहे हैं। तब तक आइये आपको जरा हड़बड़ी वाले अंदाज में ही बता दिया जाए उपन्यास के बारे में।
'शेष अगले अंक में' एक छोटे कस्बे नागौर अखबारी दुनिया के किस्से के बहाने अपने समाज की पड़ताल करने वाला उपन्यास है। छोटे कस्बाई अख़बारों में कैसी खबरें छपती हैं, कैसे पत्रकार होते हैं, कैसे ब्लैकमेलिंग करते हैं अख़बार वाले और कैसे अख़बारों में प्रतिद्वन्दिता होती है इसका बड़ा रोचक अंदाज में चित्रण किया है अरविन्द जी ने। आलोक पुराणिक ने जब इस उपन्यास की समीक्षा लिखी थी तब इसको मीडिया के छात्रों के पढ़ने के लिए जरुरी उपन्यास बताया था।
जनसम्पर्क अधिकारी प्रशांत कुमार शर्मा जिनको गैस की बीमारी है और जिनको अपने को कवि कहलाने की हसरत है के नागौर आने और नागौर छोड़ने के बीच के समय का आख्यान है इस उपन्यास में।
कन्हैयालाल स्नातक का अख़बार 'प्रदेश समाचार' और राम अकेला का 'तलवार' इस उपन्यास के दो प्रमुख स्तम्भ हैं। किस्से-कथानक नागौर, जयपुर आदि घूमते-फिरते हुए इन स्तंभों के आसपास आते रहते हैं। दोनों अख़बारों के संपादक समान रूप से न सही किन्तु नशे को बहुत महत्व देते थे। विरोधी अख़बार होने के चलते दोनों के नशे भी अलग थे। कन्हैयालाल स्नातक शराब के आदी थे जबकि राम अकेला को भांग खाने का शौक था।
अरविन्द जी ने यह उपन्यास अपने अनुभवों की जमीन पर कल्पना के बीज छिड़ककर लिखा है। शुरुआत में अपने कवि सम्मलेनों से जुड़े अनुभव बड़े रोचक अंदाज में लिखे हैं अरविन्द जी ने। इनको पढ़ते हुए 'खोया पानी' के मुशायरे के किस्से याद आये। इन कवियों के लिए इंतजाम का अंदाज इस बात से लगाया जा सकता है कि -"कवि सम्मेलन में किसी तरह का कोई व्यवधान न हो , इसलिए कवियों को सिर्फ एक बार पानी पिलाने की अनुमति दी गई।"
कवि कैसे थे इसका मुजाहिरा इस बात से लगाया जा सकता है :
" वीर रस के कवियों में एक अखिल भारतीय स्तर के स्थानीय कवि थे धुंआधार। इन दिनों वे पैरोल पर छूटे थे। एम.एल.ए. बनने के सब्जबाग दिखाकर उनके समधी ने उन्हें मूर्तिचोरी के षड्यंत्र में शामिल करके जेल पहुंचाने का राष्ट्रभक्ति पूर्ण कार्य किया था, ताकि जेल में रहकर वे किसी महाकाव्य की रचना कर सकें।"
अनेक मजेदार किस्से हैं जिनके छटाएं उपन्यास में बिखरी हैं। के के गोस्वामी की बवासीर का बियर की खाली बोतल से शौच जाने का इलाज रोचक तरीके से चित्रित किया गया है।
मनीष, पुष्पकुमार और पीआरओ प्रशांतकुमार की जगजाहिर दोस्ती के किस्से हों या फिर रामअकेला के संपादकीय लिखने का कौशल, पुष्पकुमार द्वारा कुंवारे रहने, नौकरी छोड़ने की जिद से होते हुए चुनाव के समय में किसी प्रत्याशी के पक्ष में हवा बहाने के चलाने के चलते पिटने और उसके बाद उनको सुरक्षा गार्ड मिलने का किस्सा हो ये सब बड़े रोचक अंदाज में बयान किये गए हैं।
वीरांगना पत्रकार मिस आरती अकेली महिला पात्र हैं इस उपन्यास में। अब यह अरविन्द जी ने अपने को शरीफ जताने के लिये किया या रागदरबारी( जिसमें बेला एकमात्र महिला पात्र हैं) से प्रभावित होने के चलते किया यह पूछना बाकी है उनसे।
चुनाव के समय पत्रकार कैसे रिपोर्टिंग करते हैं यह के के गोस्वामी के चुनाव और फिर उनके राज्यमंत्री बनने के किस्से में है। एक ही बिल्डिंग के कई उद्घाटन, पानी की टँकी का गिरना जैसे किस्से लोकतंत्र में किस तरह आम हैं यह बखूबी दिखाया है तिवारी जी ने। और तो और उपन्यास आगे बढ़ा तो पुष्पकुमार का विवाह भी करा दिया गया और उनसे दुश्मनी निभाने के लिए उनकी पत्नी का तबादला भी उनके पास ही करा दिया मनीषकुमार और तेजपाल ने।
उपन्यास जैसे-जैसे आगे बढ़ता है वैसे-वैसे सच्ची पत्रकारिता के दर्शन होते जाते हैं।इसी सिलसिले में नागौर के विख्यात और कुख्यात कवि धुंआधार कहते हैं -"उजड्डता से व्यक्ति गुंडा बनता है। गुंडई काले धंधे करवाती है। काले धंधे से धन उपजता है और धन से अख़बार निकलता है। अख़बार निकालने से व्यक्ति को सुख प्राप्त होता है।"
'शेष अगले अंक में' इसी अख़बार निकालने की प्रक्रिया में अपने -अपने सुख तलाशते कई तरह के किस्से हैं। ज्यादातर किस्से सच्ची घटनाओं पर हैं। उपन्यास पढ़ते हुये उन किस्सों की जानकरी भी अरविन्द जी से होते रहने उपन्यास और रोचक लगा। ऐसा ही एक किस्सा पत्रकार दीनदयाल पत्रकार का है जिनकी साईकल रिपेयरिंग की दुकान थी। जब वे एस.पी. से कवि सम्मेलन के लिए चन्दा लेने जाते हैं और डीएम उनसे खफा हो जाते हैं उसका बड़ा मजेदार चित्रण किया है अरविन्द जी ने :
"जी मैं प्रदेश समाचार का संवाददाता हूँ।
इतना कहने पर भी एस पी ने उन्हें बैठने के लिए नहीं कहा।
कोई बात नहीं , आप काम बताइये।
एस पी साहब का यह वाक्य सुनकर दीनदयाल को लगा कि जिसे वे पंक्चर सोचकर जोड़ने की कोशिश कर रहे थे, वह तो लंबा चौड़ा 'बर्स्ट' है। बिना ट्यूब पकाये ठीक नहीं हो सकता। वे बर्स्ट जोड़ने में जुट गए।"
इसी तरह के तमाम रोचक प्रकरण हैं इस उपन्यास में । जिनका लुत्फ़ इसको खुद पूरा पढ़ने पर ही उठाया जा सकता है।
उपन्यास के कुछ रोचक अंश यानि कि पंचवाक्य मल्लब धाँसू संवाद:
1.संवेदना तो उनके हृदय में कूट-कूटकर भरी थी, जैसे उनके फ्रिज में शराब और बीयर की बोतलें भरीं थीँ।
2.हमारे देश की हुकूमत गधे की तर्ज पर काम करती है। जब तक समस्या विकराल रूप न धारण कर ले तब तक उसके समाधान के लिए हमारे देश की सरकार लात नहीं उठाती।
3. कविता लिखने के लिए प्रेरणा की आवश्यकता होती है इसलिए आरती से इश्क करना उसकी मजबूरी थी।
4. चुनाव प्रचार उस ऊंचाई पर जा पहुंचा था जिस ऊंचाई पर पहुंचकर अक्सर प्रेमी-प्रेमिका या तो विवाह कर लेते हैं या फिर साथ-साथ आत्महत्या।
5. इस देश में आजादी के बाद जितने भी नेता गरीबों के मसीहा सिद्ध हुए , वे अपने पेशे में असफल होने के कारण ही हुए हैं।
6. नगर पालिका में घोटाला नहीं तो नगरपालिका कैसी।
7. भारतीय लोकतंत्र की विशेषता है कि किंगमेकर को भी किंग जैसा सम्मान मिल जाता है।
8. बिना उद्घाटन के राजनीति अधूरी है और बिना राजनीति के उद्घाटन दुर्लभ घटना है।
9. इस देश की राजभाषा जो है , वह पुलिस के डंडे से निकलती है। डंडे की भाषा उत्तर में भी समझी जाती , दक्षिण में भी। पूरब में भी और पश्चिम में भी। इसदेश में पुलिस न होती तो हम कैसे साबित करते , कि देश कश्मीर से कन्याकुमारी तक एक है।
10. जो पत्रकार पत्रकारिता में धुरन्धर हो जाता है, वह अपने से कनिष्ठ पत्रकारों को घास नहीं डालता।
11. राज्य सभा को संसद का पिछवाड़ा कहते हैं।
कुल मिलाकर एक रोचक, पठनीय और चर्चनीय उपन्यास है -शेष अगले अंक में। इसका पढ़ा जाना खासकर व्यंग्य के नए लेखकों के लिए जरुरी है ताकि अपने हलके से जुड़े व्यंग्य उपन्यास लिखने का मन बना सकें। दूसरी बात इसलिए भी इसका पढ़ना इसलिए भी जरुरी है ताकि उनको अंदाज हो सके जिस व्यंग्य में उपन्यास न लिखे जाने का स्यापा किया जाता है वहीँ कैसे एक बेहतरीन उपन्यास चर्चा में नहीं आता। ऐसा साजिशन होता है या अनजाने में यह अलग से चर्चा का विषय है।
'शेष अगले अंक में' पढ़ने के बाद अपनी कही बात दोहराने का मन है । इसको पढ़ने के बाद एक अच्छे उपन्यास को पढ़ने का आनन्द तो मिला ही साथ ही यह भी अंदाज हुआ कि व्यंग्य में जिन लोगों , किताबों का हल्ला है उससे भी इतर बहुत कुछ लिखा गया है जो उनसे कमतर नहीं जिसका हल्ला है। उसको भी पढना चाहिये। यह एहसास बनाने के लिये अरविन्द जी के उपन्यास की फिर से शानदार भूमिका रही।
अरविन्द तिवारी जी को उनके इस बेहतरीन उपन्यास के लिए बधाई। अब उनके कवि सम्मेलनों पर केंद्रित अगले उपन्यास -'लिफ़ाफ़े में कविता' (नामकारण बजरिये -आलोक पुराणिक) का इंतजार है।
उपन्यास का नाम : शेष अगले अंक
लेखक : अरविन्द तिवारी
पृष्ठ : 227
प्रकाशक : किताबघर प्रकाशन
कीमत: हार्डबाऊंड की आनलाइन 150 रूपये
ऑनलाइन खरीद का लिंक :
http://www.printsasia.in/…/%E0%A4%B6%E0%A5%87%E0%A4%B7-%E0%…
इस उपन्यास के बारे में फिलहाल इतना ही। शेष अगली किसी पोस्ट में।
पसंद करेंऔर प्रतिक्रियाएँ दिखाएँ
टिप्पणी करें