Sunday, June 19, 2022

'लिफ़ाफ़े में कविता' के पंच



पिछले साल Arvind Tiwari अरविन्द तिवारी जी का चौथा व्यंग्य उपन्यास आया – ‘लिफ़ाफ़े में कविता।‘ इसके पहले अरविन्द जी के तीन उपन्यास आ चुके हैं –दिया तले अंधेरा, हेड ऑफिस के गिरगिट और शेष अगले अंक में। ‘लिफ़ाफ़े में कविता’ का इंतजार काफी दिनों से थे। 'लिफ़ाफ़े में कविता' के बाद अब अरविन्द तिवारी जी के अगले उपन्यास का इंतजार है जो उन्होंने होटलों पर केंद्रित करके लिखना शुरू किया है !
हिन्दी के मंचीय कवि सम्मेलनों पर केंद्रित उपन्यास 'लिफ़ाफ़े में कविता ' की तमाम समीक्षाएं आ चुकी हैं। हमने भी एक ड्राफ्ट लिखा है। जब तक उसको फाइनल करें तब तक आप इस उपन्यास के पंच वाक्य पढ़ें । उपन्यास के बारे में भी जल्दी ही लिखने की कोशिश की जाएगी!
1. आज मंच पर कवि नहीं होते हैं। सरल भाषा का प्रयोग करूँ तो नौटंकीबाज कवि ज्यादा रुपए कमाते हैं।
2. आजकल गीतकार या वीर रस का कवि तभी मंच पर जमता है ,जब वह चुटकुलों से शुरुआत करता है।
3. सड़कें बहुउद्देशीय थीं, बरसात में नाले की भूमिका में आ जाती थीं।
4. सूअर और बंदरों का इलाज था ,मगर ये कवि लाइलाज बीमारी की तरह पूरे कस्बे में फैलते जा रहे थे।
5. जगतपुर के अधिकांश कवि ’हूट’ होने में अपनी सार्थकता समझते थे।
6. कवि सम्मेलन में कविता से बड़ी दारू है।
7. कवि सम्मेलन में कवि आदमी नहीं रहता, वह दारू में तब्दील हो जाता है।
8. कवि-सम्मेलनों की दुनिया की लिमिट बस सम्मान और अपमान के बीच रहती आई है। ये कवि-सम्मेलन की दुनिया के ओर-छोर हैं। इन्ही दोनों सीमाओं के भीतर उठा-पटक ,राजनीति, साहित्य वगैरह समाए हुए हैं।
9. मंचीय कवि की सीमा ‘अर्थ’ तक सीमित है। दोहा बड़ा न चौपाई,सबसे बड़ी कमाई।
10. मंच पर नए प्रयोग या नई लिखी कविता ,रक्षा विभाग के मिसाइल परीक्षण की तरह होती है।
11. भारत देश की यह विशेषता है कि यहाँ काम कोई भी हो, बिना सियासी ‘अप्रोच’ के संभव ही नहीं होता।
12. कविता की तरह रेलवे के टाइम-टेबल को रटना मंचीय कवियों के लिए जरूरी होता है।
13. कोई कवि जब चार मंचीय गीत लिख लेता है तो सबसे पहले रेलवे टाइम-टेबल खरीदता है।
14. मंदबुद्धि व्यक्ति नौकरी में तो चल जाता है, कवि सम्मेलन में चालक और शातिर होना पड़ता है।
15. दुनिया का हर कारोबार झूठ की बुनियाद पर खड़ा है। हर धंधे में मार्केटिंग करनी पड़ती है। कवि सम्मेलन भी इससे अछूते नहीं हैं।
16. मंच के कवि को अपमान की परवाह नहीं होनी चाहिए। यदि आप स्वाभिमान के चक्कर में पड़े तो कार्यक्रमों से हाथ धो बैठेंगे।
17. मंचीय कवि के लिए सबसे बड़ा पैसा होता है। वह पैसे के अलावा किसी के आगे नहीं झुकता। पैसे के आगे वह अपना परिवार, मित्र, गाँव-जवार, सिद्धांत आदि को छोड़ देता है।
18. इतिहास गवाह है, जब किसी मंचीय कवि ने पैसे के अलावा किसी से दोस्ती की है तो वह बरबाद होकर ही रहा।
19. बड़ा गुंडा बनने के लिए मरणासन्न पिटाई अपरिहार्य है ,जबकि बड़ा कवि बनने के लिए साधारण पिटाई से काम चल जाता है।
20. अगर आपको कोई पुरस्कार मिला है, तो अखबार में कहबर छपने के बावजूद मित्र आपकी उपलब्धि से अनजान रहेंगे।
21. अच्छी खबर मित्रों को फोन करके बतानी होती है ,जबकि बुरी खबरों को मित्र अपने आप सूंघ लेते हैं।
22. बुरी खबारे सूंघने के बरक्स ही कवियों को प्रतिभाशाली कहा जाता है।
23. साहित्यिक कवि के लिए जहां भावुक होना सद्गुण माना जाता है, वहीं मंचीय कवि के लिए दुर्गुण। विचार-विमर्श और गोष्ठी के चक्कर में पड़ा मंचीय कवि, अंतत: बरबाद हो जाता है।
24. साहित्यिक कवि पुन: आदमी बन सकता है, मगर मंचीय कवि के लिए आदमी बनने की संभावनाएं समाप्त हो जाती हैं।
25. मंचीय कवि तभी तक कवि है ,जब तक वह मंच पर बुलाया जा रहा है। बुलाया जाना बंद होते ही मंच का कवि मर जाता है।
26. मंच की सियासत दिल्ली की सियासत से कहीं ज्यादा जटिल है।
27. बुढ़ापा जवानी के कुकृत्यों को ढक देता है।
28. घर में जब पैसा आता है तो विचारधाराएं बदल जाती हैं।
29. एक ही तरह के भ्रष्टाचार से भ्रष्टाचारी ऊब जाता है , तो वह भ्रष्टाचार के अभिनव तरीके ईजाद कर लेता है।
30. साहित्य अकादमी का अध्यक्ष जिस विधा का साहित्यकार होता है ,वही विधा अकादमी पर हावी हो जाती है।
31. सरकारी पैसे को अधिकारियों से प्राप्त करना बेहद मुश्किल और जोखिम भरा काम होता है।
32. हर बड़े कवि-सम्मलेन में लोकल कवि को उसी तरह पहले पढ़वाया जाता है ,जैसे नक्सली क्षेत्र में महत्वपूर्ण ट्रेन के आगे ‘पायलट इंजन’ चलाया जाता है।
33. जब कोई कवयित्री श्रंगार के साथ ओज और हास्य भी पढ़ने लगती है, तो वह बड़ी बन जाती है।
34. मंचीय कवि जैसे-जैसे बड़ा होता जाता है ,उसकी इंद्रियाँ बेलगाम होने लगती हैं।
35. कवि-सम्मलेन के कवि के पास अगर उपनाम नहीं है तो समझ लो वह सरकार के उस मंत्री के समान है ,जिसके पास कोई विभाग नहीं होता।
36. जिस दफ्तर का अधिकारी कवि होता है ,उसका चपरासी तक समीक्षक हो जाता है। उस दफ़तर के छोटे बाबू अपने को गुलाबराय और बड़े बाबू रामचन्द्र शुक्ल मानने लगते हैं।
37. अधिकारी कवि हो तो कर्मचारी को सिरदर्द के अलावा कोई दर्द नहीं होता।
38. वीरों का रक्त देश की सीमाओं पर बहता है ,जबकि वीर रस के कवियों का दारू के ठेके पर।
39. प्रकाशक कवि की कविता को नहीं, हैसियत को देखता है।
पुस्तक का नाम : लिफाफे में कविता (व्यंग्य उपन्यास) ;
लेखक : अरविंद तिवारी
विधा – उपन्यास ; संस्करण – 2021 ;
पृष्ठ संख्या – 192 ; मूल्य – 400/- रुपए
प्रकाशक – प्रतिभा प्रतिष्ठान, 694- बी, चावड़ी बाजार, नई दिल्ली 110006

https://www.facebook.com/share/p/Rh6j9wvjnNh1njhd/

Wednesday, June 15, 2022

किताबें पढ़ते हुए अक्सर हम बहुत कुछ सीखते हैं

 किताबें पढ़ते हुए अक्सर हम बहुत कुछ सीखते हैं। ‘कई चाँद थे सरे –आसमां’ इस मामले में अनूठी किताब है। जबरदस्त किस्सागोई वाली इस किताब में उर्दू के कुछ शब्द हैं जिनके मतलब पता न होने के चलते थोड़ा अटक भले हुयी लेकिन इसी बहाने तमाम नए शब्दों के बारे में पता चला। ऐसा ही एक शब्द पता चला – नस्साब।

नस्साब के बारे में जानने के लिए उपन्यास का यह मौजू होगा:
“मैं पेशे से आंखों का डाक्टर हूं। शेरो-शायरी का कुछ शौक मैं भी रखता हूं, लेकिन अगर मैं पुराने जमाने में होता तो मुझे नस्साब कहा जाता, इस मानी में कि मुझे खानदानों के हालात मालूम करने, उनके शिजरे बनाने और दूर-दूर के घरानों की कड़िया से कड़ियां मिलाने का शौक है और अब हालांकि मेरी उम्र बहुत ज्यादा नहीं है, मैंने डाक्टरी का पेक्षा छोड़ दिया है , मेरा ज्यादातर वक्त शिजरे बनाने और बनाए हुए शिजरों को और भी व्यापक और पेचीदा बनाने में गुजारता है।“
रोचक शब्द पता चला - नस्साब।
यह इस मामले में भी रोचक है कि आज देश में ऐसे लोगों की संख्या बढ़ रही है जो अपना मूल पेशा छोड़कर नस्साब का काम अंजाम दे रहे हैं। खानदानों के मनचाहे शिजरे बना रहे हैं और उनको व्यापक और पेचीदा बना रहे हैं। खानदानों के शिजरे बनाने के साथ लोग तमाम इमारतों के नस्साब भी बन रहे हैं।
एक और शब्द पहली बार पढ़ा –म्यूज। म्यूज के बारे में बताते हुए लिखते हैं फारुकी साहब :
“अच्छे मकान यहाँ आम रास्तों पर लबे-सड़क होते हैं। ऐसे मकानों के पीछे एक तंग गली होती है ,जिनमें इन मकानों के गैराज (पहले समय में कैरिज हाउस) बने होते हैं। इन्हें म्यूज कहा जाता है। बाद में कुछ लोगों ने गाड़ीखाने को शागिर्दपेशा बना लिया तो जिन घरों में शागिर्दपेशा का इंतजाम घर के अंदर ही था, उन्होंने अपने म्यूज को गैराज बना लिया और कुछ ने उन्हें अपेक्षाकृत सस्ते किराये पर नौजवानों के लिए एक कमरे का फ्लैट बना दिया। सेंट्रल लंदन के इलाके में ये म्यूज को बेहद लोकप्रिय और रिहाइश का दर्जा रखते थे।“
लंदन में न्यूज की तर्ज पर दिल्ली में घरों की छत पर बने छोटे कमरों में तमाम लोग किराये पर रहते हैं। इनको ‘बरसाती’ के नाम से जाना जाता है। तमाम लोग इन बरसातियों में जिंदगी का बड़ा हिस्सा गुजारते हैं।
इसके अलावा दाईपिलाई( बच्चे को दूध पिलाने वाली) , दाईखिलाई( बच्चे को खान खिलाने वाली) भी पढ़ने को मिले।
किताबों को पढ़ते हुए जब हम शब्दों के बारे में जो जानकारी होती है वह शब्दकोश में शब्दों के बारे में मिली जानकारी से अलग तरह की होती है।
ऐसे ही याद हावर्ड फ्रास्ट के मशहूर उपन्यास के अमृत राय द्वारा किए हिन्दी अनुवाद आदि विद्रोही को पढ़ते हुए ग्लेडीएटर शब्द से परिचय हुआ। रोमन साम्राज्य में गुलामों की प्रथा थी। ग्लेडीएटर उन गुलामों को कहते थे जिनको रोमन लोग अपने मनोरंजन के लिए अखाड़े में तब तक लड़ाते थे जबतक उनमें से एक की मौत नहीं हो जाती थी। ग्लेडीएटर को मरते-तड़पते देखकर रोमन अपना मनोरंजन करते थे।
ग्लेडीएटर शब्द की शुरुआत भले ही रोमन समय में हुई लेकिन लगता है समय के साथ इसका पूरी दुनिया में विस्तार ही हुआ है। सम्पन्न, समृद्ध, ताकतवर लोग जिनके हाथ में सत्ता है बाकी जनता को ग्लेडीएटर की तरह अपने बनाए अखाड़े में तब तक लड़ाते रहते हैं जब तक उनमें से एक की मौत नहीं हो जाती है। लोग भी सब कुछ जानते समझते हुए आपस में मारकाट में लगे हुए हैं।
आदि विद्रोही अपने आप में अनूठा उपन्यास है। इसको फिर से पढ़कर इसके बारे में विस्तार से लिखेंगे।

https://www.facebook.com/share/p/2pgJhxYckeNyt2FL/

Tuesday, June 07, 2022

जनप्रतिनिधि भी समझदार हो गए हैं

 सुबह की साइकिल सैर से लौटते हुए विचार बना चाय पी जाए। मोहित जी ने साइकिल रोकी खिरनी बाग के पास स्थित चाय की दुकान पर। बताया पूरी कचहरी में चाय यहाँ से जाती है। दुकान का नाम पप्पी टी स्टॉल।

कचहरी की बाउंडरी से करीब आधा किलॉमीटर दूर तो होगी ही दुकान।
पता चला 1984 से चल रही है दुकान। पिताजी फ़ैक्ट्री से रिटायर हुए उसके बाद खोल ली दुकान। तब से चल रही है।
मतलब 38 साल हो गए दुकान खुले।
मुँह में मसाला बराबर करते, बग़ल ने अदरक कूटते और खौलती चाय को चम्मच से दुलराते हुए अपनी दुकान और चाय के किससे मुस्कुराते हुए सुनते रहे पप्पी।
शाहजहाँपुर की दो चीज़ फ़ेमस हैं। यहाँ की क़ालीन और दूसरी पप्पी की चाय। बाद में बताने वाले ने प्रसिद्ध नेता , बाबा साहब के नाम से प्रसिद्ध, स्वर्गीय जितेंद्र प्रसाद जी का नाम जोड़ दिया।
हमने क्रांतिकारी शहीदों बिस्मिल, अशफ़ाक और रोशन सिंह जी की याद दिलाई तो वे बोले - वे तो सबसे पहले हैं।
बात घूमते हुए राजनीति पर आ गयी। तमाम उठापटक के बाद तय हुआ -“आज का वोटर बहुत चालाक हो गया है। अपना वोट ख़राब नहीं करना चाहता। उसी को वोट देता है जिसकी सरकार बनने की गुंजाइश हो या जो जीतने वाला हो । “
इसी बात से यह भी निष्कर्ष निकला -“जनप्रतिनिधि भी समझदार हो गए हैं। वे विचारधारा और जनता से जुड़ाव जेब में रखकर उसी पार्टी से जुड़ते हैं जहां से उनको टिकट मिल सके और वे कोई मंत्री पद पा सकें।”
एक चाय पर इतना ज्ञान मिलना बहुत है ।

https://www.facebook.com/share/p/EvZM945gc2FFnVzr/

Saturday, June 04, 2022

साइकिल दिवस के बहाने



कल साइकिल दिवस था। अंतर्राष्ट्रीय साइकिल दिवस। चार साल पहले से (२०१८) शुरु हुआ साइकिल दिवस । यूनाइटेड नेशन की जनरल असेम्बली में तय हुआ कि ३ जून को मनाया जाएगा साइकिल दिवस तो मनाया जाने लगा।
साल की हर तारीख़ पर किसी न किसी ’दिवस’ का क़ब्ज़ा होता जा रहा है। जल्द ही ऐसा होगा कि साल की हर तारीख़ पर कोई न कोई दिन मनाया जाएगा। जो दिन ख़ाली होगा उसको ‘नो दिवस डे’ मनाया जाएगा।
सुबह शाहजहाँपुर साइकिल क्लब की तरफ़ से साइकिल दिवस मनाया गया। कैंट गेट पर इकट्ठा हुए। फूल, गुलदस्ता, फोटोबाज़ी की भरमार। एक बच्ची ने मुझे गुलदस्ता दिया। हम उसका नाम भी न पूछ पाए। मार्निंग क्लब के साथी डाक्टर अनिल त्रेहन जी और इंद्रजीत सचदेव जी ने भी गुलदस्ता दिया। फ़ोटो हुए। सड़क पर साइकिल वालों का ही क़ब्ज़ा जैसा हो गया। कारें बेचारी सहमी सी , बगलिया के निकल रहीं थीं। एक एम्बुलेंस भी देर में निकल पाई।
इंसान जब बहुमत में होता है तो अपने हर कदम को जायज़ मानता है, भले ही वह दूसरे के लिए नागवार हो या ग़ैर क़ानूनी।
फ़ोटो के बाद साइकिल दिवस के बारे में कुछ बोलने के लिए कहा गया। अचानक मोबाइल मुँह के सामने। हम साइकिल के बारे में सब भूल गये। २०१८ याद नहीं रहा। यूनाइटेड नेशन दिमाग़ से दफ़ा हो गया। फिर क्या कि विदेशी चीजें मौक़े पर साथ नहीं देतीं।
वो तो कहो सेहत, पर्यावरण , बचत सब इफ़रात में याद था तो भी बोल दिया अटकते हुए। सब टेप होकर इधर-उधर टहल रहा। आपको भी सुनना हो तो यहां दिए लिंक में है। देखिए। सुनिए।
बड़े-बड़े लोग जो इतिहास को भूगोल में और विज्ञान को अंधविश्वास में मिला देते हैं वो इसीलिए कि अचानक पूछने पर उनके दिमाग़ का फ़्यूज़ उड़ जाता होगा। रटा हुआ याद नहीं आता होगा। पुराना श्लोक है न
पुस्तक स्था तु या विद्या पर हस्तगतम धनम,
कार्यकाले समुत्पन्ने न सा विद्या न तद्धनम।
पुस्तक में स्थित विद्या और दूसरे के हाथ हुआ धन मौक़ा पड़ने पर काम नहीं आता।
आजकल पुस्तक की जगह गूगल लिखना उचित होगा।
बहरहाल विस्तृत फ़ोटो ग्राफ़ी के बाद साइकिल चलाने के लिए निकले। क़रीब आठ किलोमीटर साइकिल चलाई। लौट के आए तो साइकिलों का जमावड़ा लगा था। अपर पुलिस निरीक्षक टी सरवन जी ने भी साइकिल चलाने से जुड़ी अच्छी बातें बताईं।यहाँ तक तो ठीक। लेकिन फिर पता चला कि उनकी टीम ने कुछ मोटर साइकिल वालों के चालान कर दिए। किसी की नम्बर प्लेट ग़ायब थी कोई एक में पाँच। हेलमेट न लगाना तो आम चलन है शहर में।
लौटते हुए वहीं एक आदमी दिखा। पटरे वाले जाँघिये के अलावा क़तई दिगम्बर। दीन-हीन कमजोर आवाज़। हमको देखते हुए चुप था। पहली बार दिखा वह वहाँ। कुछ बात करने की कोशिस की लेकिन समझ नहीं आया।
इस बीच किसी ने कहा -पचास रुपया कमा लिए अब तक।
हम कुछ समझ न पाए कि क्या कहें। साइकिल चलाते हुए घर आ गए।

https://www.facebook.com/share/p/AQFfK9U3RokHVpjV/

Sunday, May 29, 2022

एवरेस्ट दिवस पर एवरेस्ट बेस कैंप



आज का दिन हमारे छोटे साहबजादे Anany और उनके दोस्तों के लिए खास रहा। आज वे घुमक्कड़ी की मंजिलें तय करते हुए 'एवरेस्ट बेस कैंप' पहुंचे। कठिन रहा सफर। आज का दिन बहुत मेहनत भरा रहा। खासकर अनन्य और उसके दोस्त मोहित के लिए। आज उनको दो दिन के बराबर चढ़ाई करनी पड़ी। थकान इतनी जितनी, बकौल अनन्य, जिंदगी में कभी हुई नहीं।
हुआ यह कि कल इनकी टीम की एक साथी को आक्सीजन की कमी महसूस हुई। बाकी साथी आगे बढ़ गए थे। साथी का आक्सीजन लेवल 44 बता रहा था। ये लोग वहीं रूके। अपनी समझ से साथी की देखभाल की। फोन पर यहां डॉक्टर से सलाह ली। आखिर में साथी को नीचे भेजा। वहां वह अब ठीक है। अनन्य और मोहित वहीं रुक गए। एक दिन साथियों से पिछड़ गए।
आज ही एवरेस्ट बेस कैम्प पहुंचने का सभी का प्रोग्राम था। अनन्य और मोहित एक दिन पिछड़ गए थे। लेकिन अंततः आज ही चढ़ाई पूरी करके एवरेस्ट बेस कैंप पहुंच गए।
संयोग से आज एवरेस्ट दिवस भी था। आज के ही दिन 69 साल पहले 1953 को शेरपा तेनसिंह और सर एडमंड हिलेरी ने पहली बार एवरेस्ट पर कदम रखे थे। जिस शिखर पर आज के दिन ये दो महान पर्वतारोही पहुंचे, उसकी तलहटी पर आज के ही दिन पहुंचना अपने में खास, खुशनुमा एहसास रहा होगा।
अनन्य , काजल और उनकी टीम को बधाई। फिरगुन ट्रेवेल्स की शानदार शुरुआत के लिए बधाई। सभी बच्चों को प्यार।
अनन्य और उनकी टीम की घुमक्कड़ी से जुड़े फोटो और वीडियो देखने के लिए ananyshukla के इंस्टाग्राम खाते पर पहुंचे।
हमारे बच्चे हमको भी घुमक्कड़ी के लिए उकसा रहे हैं।

https://www.facebook.com/share/p/GVzD7T9Fd9hiaggR/

Wednesday, May 18, 2022

जो मेरे घर कभी नहीं आयेंगे



जो मेरे घर कभी नहीं आएँगे
मैं उनसे मिलने
उनके पास चला जाऊँगा।
एक उफनती नदी कभी नहीं आएगी मेरे घर
नदी जैसे लोगों से मिलने
नदी किनारे जाऊँगा
कुछ तैरूँगा और डूब जाऊँगा ।
पहाड़, टीले, चट्टानें, तालाब
असंख्य पेड़ खेत
कभी नहीं आएँगे मेरे घर
खेत-खलिहानों जैसे लोगों से मिलने
गाँव-गाँव, जंगल-गलियाँ जाऊँगा।
जो लगातार काम में लगे हैं
मैं फ़ुरसत से नहीं
उनसे एक ज़रूरी काम की तरह
मिलता रहूँगा—
इसे मैं अकेली आख़िरी इच्छा की तरह।
-विनोद कुमार शुक्ल
सौजन्य से Pankaj Chaturvedi जी जिनकी फ़ेसबुक पोस्ट पर पहुँचकर बहुत प्यारा संस्मरण पढ़ सकते हैं।

https://www.facebook.com/share/p/QMqTWE9Vy8SQtrFs/

Monday, May 16, 2022

विलक्षण साइकिल यात्री -भाऊसाहब भंवर



पिछले हफ्ते दो साइकिल यात्रियों से मिलना हुआ। पहले 10 साल के आरव भारद्वाज जो अपने पिता डॉ अतुल भारद्वाज के साथ मणिपुर से दिल्ली की साइकिल यात्रा पर निकले हैं। अब वे दिल्ली पहुंच भी गए। उनकी यात्रा पूरी हुई। आरव की यात्रा के बारे में हमको पता था। फोन आदि से सम्पर्क में थे। मिलने के पहले उनके बारे में जानकारी थी।
दूसरे साइकिल यात्री से मिलना संयोग से हुआ। शनिवार को घर में थे। पता चला कोई साइकिल यात्री कश्मीर से कन्याकुमारी यात्रा के दौरान शाहजहांपुर आये हैं। मिलना चाहते हैं।
मुलाकात हुई तो पता चला कि ये साइकिल यात्री विलक्षण हैं। 1993 से साइकिल से भारत भ्रमण कर रहे हैं। 5 बार सम्पूर्ण भारत भ्रमण कर चुके हैं। अब छठी बार निकले हैं।कुल 3.5 लाख किलोमीटर साइकिल चला चुके हैं अब तक। यात्रा के दौरान अनेक बड़ी हस्तियों से मिल चुके हैं। जिनमें महामहिम राष्ट्रपति महोदय, अनेक गणमान्य राज्यपाल महोदय और अनेक नामचीन हस्तियां शामिल हैं। उनके साथ के फोटो, प्रशस्ति पत्र आदि साथ में लेकर चलते हैं-भाऊसाहब भंवर।
महाराष्ट्र के जालना जिले के कस्बे के रहने वाले भाऊसाहब ने 1993 में साइकिल यात्रा शुरू की। यात्रा शुरू करने के पीछे इनकी बहन की दहेज के कारण शादी टूटना था। दहेज और कन्या भ्रूण हत्या के खिलाफ जागरूकता फैलाना इनकी यात्रा का मुख्य उद्देश्य है। लालच से दूर रहना, संतोषप्रद जीवन, सहअस्तित्व के बारे में बात करते चलते हैं भाऊसाहब।
पचास साल के लगभग उम्र के भाऊसाहब ने खुद विवाह नहीं किया अब तक। हमने कहा -'बिना दहेज के विवाह करके आदर्श स्थापित करना चाहिए आपको।' इस पर उन्होंने कहा -'अब साइकिल यात्रा के अलावा उनके जीवन का कोई उद्देश्य नहीं।'
आज के संचार युग में भाऊसाहब बिना मोबाइल चलते हैं। कोई सम्पर्क नहीं। कोई पता नहीं। बस जो हैं वही हैं। खाने -पीने के लिए लोग सहयोग कर देते हैं। कोई पैसे से कोई खाना खिलाकर। इतनी लंबी यात्रा के निवेश को देखकर लोग सहयोग कर ही देते हैं। एक संस्था ने 10 हजार रुपये दिए, उसका फोटो साथ है उनके।
शाहजहांपुर में आर्मी कैंट गए। वहां किसी ने उनको मेरे बारे में बताया। मिलने आये। तमाम यादें साझा कीं।
यादों के साझा करने के क्रम में ज्यादातर अच्छे अनुभव ही बताए। बताया लोग बहुत अच्छे हैं। एक जगह आतंकवादियों ने अपहरण भी किया। फिर छोड़ दिया।
भाऊसाहब के अनुभव के अनुसार -'सबसे अच्छे लोग बिहार के हैं। बहुत सम्मान किया। बहुत प्यार दिया।' मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र के लोग भी अच्छे हैं। उत्तर प्रदेश के अनुभव उतने उत्साहित करने वाले नहीं रहे। केरल के लोग बहुत पढ़े लिखे हैं लेकिन उतने उदार हृदय नहीं।
तमाम तरह के अनुभव साझा किए भाऊसाहब ने। मुलाकात के बाद बरेली के लिए निकल गए।
भाऊसाहब के बारे में तमाम जानकारी गूगल में मौजूद है। देखिए उनके बारे में जानकारी और मन करे तो निकल लीजिए यात्रा पर। यात्राओं से हम बहुत कुछ सीखते हैं।
भाऊसाहब भंवर के बारे में तमाम जानकारी के लिए गूगल में खोजिए
Bhausaheb cyclist

https://www.facebook.com/share/p/6CkhTPghE9hPvKCs/

Thursday, May 12, 2022

सैर कर दुनिया की गाफिल

 


परसों आरव भारद्वाज , उनके पिता डॉ अतुल भारद्वाज , दादा आर. एस. भारद्वाज से मिलना हुआ। आरव अपने पिता, बाबा और उनके पारिवारिक मित्र जसपेर बलसारा के साथ मणिपुर के मोहरांग से दिल्ली की साइकिल यात्रा पर निकले हैं।
14 अप्रैल को मोहरांग से चलकर आठ प्रदेशों से होते हुए 10 मई को शाहजहांपुर पहुंचे साईकिल यात्री। मोहरांग से दिल्ली यात्रा का उद्देश्य नेताजी सुभाष चन्द्र बोस की 125 जयंती के मौके पर उनके देश के लिए किए गए कार्यों को याद करते हुये उनके प्रति श्रद्धासुमन अर्पित करना है।
10 साल के आरव कक्षा 6 में पढ़ते हैं। पिता डॉ अतुल भारद्वाज दिल्ली में आर्थोपेडिशियन हैं। मम्मी डॉक्टर स्वाति भारद्वाज भी दिल्ली में डॉक्टर हैं। दादा आर.एस. भारद्वाज पेशे से वकील हैं। साथ में डॉ भारदाज के चाचा भी हैं। इसके अलावा पारिवारिक मित्र जसपेर भारद्वाज टूर एंड ट्रेवल (J.B.Tours and Travels) का काम करते हैं।
यात्रा का कार्यक्रम दादा और पिता की चाहत की जुगबन्दी से बना। बेटा आरव उत्साहित होकर इस यात्रा का हीरो बना। आरव अपने पिता डॉ अतुल भारद्वाज के साथ साइकिलिंग करते हैं। दादा और अन्य दो लोग कार में सपोर्ट सिस्टम के साथ रहते हैं। साथ में एक साइकिल और भी है वैकल्पिक उपयोग के लिए। रास्ते में अभी तक केवल एक बार ही साइकिल पंक्चर हुई। एक दिन औसतन 70-80 किलोमीटर साइकिल चला लेते हैं। 8 बार अभी तक एक दिन में सौ से ऊपर किलोमीटर साइकिल चलाई।
परसों शाम को मुलाकात हुई आरव और उनके घर वालों से। यात्रा के अनुभव की जानकारी ली। अधिकतर सुबह यात्रा कर लेते हैं। शाम को आराम। ठहरने की जगह पहले आमतौर तय कर लेते हैं। स्थानीय लोग , संस्थाएं सहयोग करती हैं। शाहजहांपुर में सेवानिवृत्त विंग कमांडर पी के गुप्ता जी ने सक्रिय सहयोग किया।
10 साल की उम्र में लंबी साइकिल यात्रा करके हीरो बन गया है आरव। हिम्मत ,जज्बा और उत्साह और घर वालों के सहयोग से 2500 किमी की यात्रा लगभग पूरी ही होने वाली है। अभी तक लगभग 2 लाख रुपये खर्च हो चुके हैं इस यात्रा।
नेताजी सुभाष चन्द्र बोस के नाम से जुड़ी यात्रा के कारण जगह-जगह लोग स्वागत करते हैं। बच्चे के वजन से ज्यादा मालाएं हो जाती हैं, कभी-कभी। पूरा चेहरा मालाओं से ढंक जाता है। यात्रा के उद्देश्य और नेता जी जुड़ी घटनाओं के बारे में बताते हैं आरव। पिता साथ में सहयोग के लिए।
कल सुबह शाहजहांपुर से बरेली के लिए आरव और उनके परिवार के लोग। मार्निंग वॉकर ग्रुप के तमाम साथी इकट्ठा हुई। फूलमालाएं पहना कर विदा किया गया। हरदोई से शाहजहांपुर आये थे आरव। बरेली जाना था। चलते समय आरव को बोलना था -'आज हम शाहजहांपुर से बरेली जा रहे हैं।' बरेली की जगह दो बार हरदोई बोलने के बाद बरेली आया। जगहों के नाम आसानी से ज़बान पर चढ़ते कहाँ हैं।
कुछ लोग कुछ दूर तक भेजने गए आरव को। अपन बरेली मोड़ तक गए। वहां भूतपूर्व सैनिक संगठन के लोग एकत्र हुए थे भेजने के लिए। विदा करके हम लौट आये।
आज बरेली से मुरादाबाद के लिए निकलेंगे आरव और उनके परिवार के लोग। मुरादाबाद में आरव को उनकी मम्मी मिलेंगी। वे आगे फिर दिल्ली जाएंगे। 15 मई को यात्रा पूरी होंगीं।
आरव और उनके परिवार की साइकिल यात्रा के बहाने लगभग 39 साल पहले की साइकिल से भारत यात्रा की यात्रा आई। उस समय न तो संचार इतना सुगम था न ही अन्य सुविधाएं लेकिन फिर भी यात्रा हुई।
हम तो फिर भी सड़क और अन्य माध्यमों से घूमें। हमारे जो बुजुर्गवार दुर्गम रास्तों में घूमें, अनजान जगहों पर रहे उनके अनुभव तो और भी अनूठे रहे होंगे। तभी तो वे कहते हैं:
सैर कर दुनिया की ग़ाफ़िल,
जिंदगानी फिर कहाँ?
जिंदगानी गर रही तो
नौजवानी फिर कहाँ।
तो कब निकल रहे हैं सैर पर? निकल लीजिए, जो होगा देखा जाएगा।
इस साइकिल यात्रा से जुड़ी फोटो और वीडियो आप इस पेज पर देख सकते हैं। देखिए अच्छा लगेगा।

https://www.facebook.com/share/p/iwmhhvditKVTigq3/

Monday, May 09, 2022

मैं जिंदगी पर बहुत एतबार करता था



कल इतवार था। इतवार को सुबह भी लगता है तसल्ली से सोकर उठती है। सुबह कई बार उठने का मन बनाते-बनाते भी हर इतवार की तरह देर से ही उठते। कोई भी काम टाल देने पर मुझे हमेशा कृष्ण बिहारी 'नूर' साहब के शेर याद आते है:
मैं रोज मील के पत्थर शुमार (गिनती)करता था,
मगर सफर न कभी एख्तियार (शुरू)करता था।
तमाम काम अधूरे पड़े रहे मेरे
मैं जिंदगी पर बहुत एतबार (भरोसा)करता था।
बहरहाल एक बार फिर देरी हो जाने के बाद उठे। टहलने निकले। लान में धूप पेड़ , पत्तियों से गपिया रही थी। फूल हवा के झूले झूल रहे थे।
सड़क के किनारे गुलमोहर और अमलतास के पेड़ आपस में बतिया रहे थे। एक तरफ गुलमोहर, दूसरी तरफ अमलतास!
हवा के झोंके से उनके फूल हिलडुल जाते थे, कोई-कोई फूल कभी नीचे भी टपक जाता। जिस डाली, फुनगी से फूल गिरता वह सिहर जाती। कुछ देर में फिर पहले की तरह सहज होकर झूमने, हिलने लगती। पूरी कायनात ऐसे ही चलती है।
अम्बेडकर पार्क के पास चार बच्चे कुछ खोजते दिखे। पूछने पर बताया कि उनके तीन सौ रुपये खो गए थे। तीन सौ रुपये कहां से आये पूछने पर बताया -'आम के बगीचे से आम बीनकर बेचे थे। उसी के पैसे थे।'
तफसील से पूछने पर बताया बच्चों। पास के गांव में रहते हैं। सुबह चार बजे उठकर पेड़ों से गिरे आम बीनने निकले थे। कुछ रास्ते में बीने। बाकी बगीचे में। बगीचे में मालिक ने आम बिनवाये। बड़े खुद रख लिए। छोटे आम मेहनताने के तौर पर बच्चों को दे दिए। बच्चों ने सारे आम बेंच लिए। 300/- मिले। घर जाने के पहले झूला झूलने के लिए पार्क में आये। वहीं कहीं गिर गए।
झूला झूलने के लिए एक लड़के ने मना किया था। लेकिन बहुमत झूलने वालों का था। वहीं गिर गए पैसे।
आम क्या भाव बेचे पूछने पर बताया बच्चों ने -'तौल के थोड़ी बेचे। ऐसे ही ढेरी में बेंच दिए।'
छठवीं, सातवीं में पढ़ने वाले बच्चों के पिता कोई मिस्त्री का काम करते हैं, कोई खेती। 300/- खोने का दुख उनकी बातचीत में बार-बार आ रहा था। एक कह रहा था -'घर में मार पड़ेगी।'
बच्चों से बातचीत करते हुए बचपन में बिजली की दुकानों के बाहर पड़े तांबे के टुकड़े बीनकर कबाड़ वालों को बेचकर चवन्नी-अठन्नी कमाने के दिन याद आये।
आगे एक जगह दो महिलाएं गोद में बच्चे लिए खड़ी दिखीं। धूप में। पता चला उनमें से एक बच्ची की एक चप्पल कहीं गिर गयी थी। उनको यहां उतारकर मोटरसाइकल वाला चप्पल खोजने गया है।
महिलाएं देवरानी, जेठानी हैं। जेठानी पांच साल सीनियर है। मोटरसाइकिल वाला अपनी पत्नी, भाभी और दो बच्चों को साथ लेकर शहर जा रहा है। खरीदारी के लिए।
बातचीत करते हुए देवरानी बताती है -'हमाये ससुर नौकरीं करते थे। अब पेंशन मिलती है।'
कहाँ नौकरीं करते थे नहीं बता पाई। बाद में उसके पति ने बताया -'सिंचाई विभाग में काम करते थे।'
देवरानी-जेठानी में लड़ाई होती है कि नहीं ? पूछने पर दोनों हंसने लगीं। देवरानी ने उल्टा मुझसे पूछा -'देवरानी-जेठानी क्या लड़ने के लिए ही होती हैं?'
हमारे पास इसका कोई जबाब नहीं था। किसी के पास नहीं होगा।
कुछ देर में मोटरसाइकिल वाला वापस आ गया। चप्पल कहीं मिली नहीं। एक जो मिली वह दूसरी तरह की थी।
मोटरसाईकल पर देवरानी-जेठानी अपने बच्चों समेत बैठ गईं। कुल मिलाकर पांच लोग बैठे थे। बिना हेलमेट के सवार को पहले टोंकने का मन हुआ। लेकिन फिर मन को बरज दिया।
खुशी-खुशी जाते किसी को टोकने से क्या फायदा। कुछ ऊंच-नीच हो गयी तो मन अलग से खराब हो और सोचें -'टोंकना नहीं चाहिए था।'
जिंदगी पर एतबार बड़ी चीज है।
है कि नहीं ?

https://www.facebook.com/share/p/S6D2zyrrukD6CaeT/

फिरगुन ट्रेवेल्स – घुमक्कड़ी की दुनिया



मेरे छोटे बेटे अनन्य Anany ने एक साल पहले अपनी नौकरी छोड़कर घुमक्कड़ी शुरू की। कुछ दिन अकेले घूमने के बाद उसने ‘ट्रिप लीडिग’ शुरू की। लगभग साल भर घूमने-घुमाने के बाद,कुछ दिन पहले ही उसने अपनी घुमक्कड़ दोस्त काजल के साथ firguntravels.com नाम से कंपनी शुरू की।
(फ़िरगुन इज़राइली संस्कृति में एक हिब्रू शब्द और अवधारणा है।
फिरगुन - जो किसी की प्रशंसा करता है या दूसरे व्यक्ति की उपलब्धि में वास्तविक, निःस्वार्थ खुशी या गर्व का वर्णन करता है।)
अपनी नौकरी छोड़ने का साल पूरा होने पर अनन्य ने अपने उद्गार कुछ इस तरह व्यक्त किए। यहाँ इस एक साल के सफर के कुछ फ़ोटो नीचे वीडियो में हैं:
“मैंने ठीक एक साल पहले अपनी कॉर्पोरेट नौकरी छोड़ दी थी। मुझे नहीं पता था कि अगला एक साल मेरे जीवन का सबसे महत्वपूर्ण साल होगा।
मैंने एक अकेले यात्री के रूप में शुरुआत की जो स्थानों और लोगों का पता लगाना चाहता था।
फिर, मैंने अपनी तरह के लोगों के लिए चीजें (लिखना, फोटोग्राफी आदि) बनाना शुरू किया। दोस्त/साथी , जिन्हें उपचार, प्रेम और कुछ वास्तविकता की आवश्यकता थी।
इसे एक पायदान ऊपर ले जाने की कोशिश में, मैंने ट्रिप लीडिंग शुरू की । इसने मुझे पूरी तरह से बदल दिया।
लोग कहते हैं कि जब मैं किसी अजनबी से मिलता हूं , तो उन्हें हमेशा उस स्थिति से बेहतर स्थिति में छोड़ता हूं , जिसमें मैंने उन्हें पहली बार देखा था।
वह मेरा लक्ष्य बन गया, मेरी फिरगुन।
इन सब में मुझे बहुत कुछ त्यागना पड़ा- इसमें रातों की नींद त्यागना , कड़ी मेहनत करना , खुद को स्थगित कर देना और इसके अलावा भी बहुत कुछ शामिल था।
सच कहूं तो मैंने अपने भीतर जो कुछ भी था उसे एक ऐसी जगह बनाने के लिए दिया जहां लोगों को लगता है कि जीवन का अर्थ उससे कहीं अधिक है जितना वे वर्तमान में सोचते हैं।
इस प्रक्रिया में मेरा कुछ लोगों से संपर्क टूट गया, अपने कुछ कुछ मित्रों को निराश भी किया। वास्तव में , मैं सभी की अपेक्षाओं पर खरा नहीं उतर सका। मैं चाहता हूं कि आप सभी को पता चले कि मैंने कोशिश की।
अंदर से , मुझे पता था कि जो प्रभाव पैदा हो जा रहा था, उसे शायद मेरे तरफ से और समर्पण चाहिए।
हर एक चीज इसके लायक रही है। मुझे जितना प्यार मिला है, जिस तरह के लोगों को मैंने हासिल किया है, जो अनुभव मैंने हासिल किए हैं, उनसे लगता है वे मुझे सफलता का एहसास कराते हैं। मैंने इसके पहले इससे ज्यादा जीवंत महसूस नहीं किया है। मैंने पिछले एक साल के भीतर 5 साल के बराबर जिंदगी जी है।
आज, जब मैंने काजल के साथ अपनी खुद की ट्रैवल कंपनी (firguntravels.com) शुरू की है, मैं इस पूरी यात्रा पर पीछे मुड़कर देखना चाहता हूं और आप सभी को बताना चाहता हूं कि यहां मैंने , इस लड़के ने, एक दिन अपनी जिंदगी बदलने का फैसला किया, कुछ कड़े फैसले लिए और पूरे समर्पण से अपना सब कुछ दिया। अगर वह कर सकता है तो आप भी कर सकते हैं।
जाओ , सपने देखो और फिर उन सपनों का पीछा करो।
आखिर में यह सब बेशकीमती होगा।“
-अनन्य शुक्ला