Friday, February 14, 2025

वेलेंटाइन डे के मौके पर

 

श्रीलंका के हिल स्टेशन में वेलेंटाइन डे के मौके पर अपने-अपने वेलेंटाइन के साथ Suman Shukla- अनूप शुक्ल। फोटो खींचा बेटे Anany Shukla ने ।

आप सभी को वैलेंटाइन दिवस की बधाई । मुबारक बाद।
यहाँ तक पहुँचने के किस्से पढ़ने के लिए इधर आइए :

https://www.facebook.com/share/p/1EWUXVrDk2/

Thursday, February 13, 2025

नेशनल उद्यान की तरफ


 आज सुबह लांग बीच होटल से निकले। हमारा अगला पड़ाव याला नेशनल पार्क था। करीब डेढ़ सौ किलोमीटर दूर। बस से करीब ढाई घंटे का समय लगना था।

सड़क के बायीं तरफ़ होटल , दुकानें और मार्केट दिख रहे थे। दायीं तरफ़ समुद्र। दूर-दूर तक पसरा समुद्र और उसके किनारे लगी नावें। जगह-जगह भगवान बुद्ध की छोटी-बड़ी मूर्तियां भी दिखीं।
सड़क पर कार, बस , मोटरसाइकिल और कुछ-कुछ लोग साइकिल से भी आते-जाते दिखे। दुपहिया वाहन की दोनों सवारी हेलमेट लगाए दिखीं। एक मोटरसाइकिल पर तीन सवारियां थीं, तीनों हेलमेट लगाए थीं।अपने यहाँ कुछ जगहों को छोड़कर ऐसा कहीं नहीं दिखा।
सड़क ज़्यादा चौड़ी नहीं थीं लेकिन बीच में सफेद पट्टी का अनुशासन पालन करते दिखे लोग। यह नहीं दिखा कि दायीं तरफ़ के लोग लहराते हुए बायीं तरफ़ चलने चलें।
सफाईं और सड़क अनुशासन श्रीलंका में अभी तक हर जगह दिखा। हालांकि विश्व स्वास्थ्य संगठन की 2019 की रिपोर्ट के अनुसार प्रति एक लाख आबादी में सड़क दुर्घटना में भारत में मरने वालों की संख्या (15.6) श्रीलंका में सड़क दुर्घटना में मरने वालों की संख्या (19.7) से कम है। हो सकता है आज का आंकड़ा कुछ अलग हो।
सड़क पर तमाम् दुपहिया वाहनों में लड़के-लड़कियां फर्राटे से जाते दिखे। शायद वेलेन्टाइन डे की आमद इसका कारण हो।
इस तरह तमाम जोड़ीदारों को जाते देखकर गाने का मन हुआ-'हम भी अगर बच्चे होते, नाम हमारा होता बबलू-डबलू।' लेकिन आज के बच्चों के बहुत कठिन जीवन, कड़क पढ़ाई, रोजगार के अभाव, परीक्षा की चर्चा , नाले की गैस से पकौड़े तलने जैसे सुझावों के डर और तमाम दीगर बवालों के चलते हमने यह गाना गाने का इरादा छोड़ दिया।
बहुत बवाल है आजकल बच्चा बनने में, बने रहने में। यह नेताओं के ही बस की बात है कि बुढ़ापे में बचपने की हरकतें करते हुए हल्ला मचाते रहें कि उन्होंने बहुत तीर मारे हैं।
बस एक जगह डीजल भरवाने के लिए रुकी। पेट्रोल के दाम 309 रुपया श्री लंका प्रति लीटर है। भारत के लगभग 90 रुपये के बराबर। डीजल के दाम अलबत्ता ज्यादा हैं।
इस बीच टूर का गाइड भी रास्ते से जुड़ा। कल रात तक़ वह दूसरी पार्टी के साथ था। रात में फ्री हुआ तो हम लोगों से जुड़ गया। चानक नाम है गाइड का। इसके पहले हसन यह काम देख रहे थे। वह भी जुड़े हुए हैं।
बस में चढ़ते ही चानन ने अनन्य की तारीफ की यह बताते हुए कि वो खुद अपनी ट्रिप लीड करते हैं। सबका ख्याल रखते हैं। दूसरे ट्रिप लीडर ऐसा नहीं करते। एक दिन पहले हसन ने भी अपनी श्रीलंकन हिंदी में कुछ ऐसी ही बात कही थी -'इतना अच्छा ट्रिप मैंने कभी नहीं देखा।'
बस में समय बिताने के करना है कुछ काम कहते हुए अंत्याक्षरी शुरु हो गयी। अपन सड़क के नजारे देखते हुए, कभी कोई गाना सुझाते हुए मजे करते रहे। वीडियो बनाते रहै, फोटो खींचते रहे।
आगे एक हाइवे मिला। फोर लेन हाईवे। टोल बूथ पर नकद पैसे लिए जा रहे थे। फास्टैग ने अभी दस्तक नहीं दी है शायद यहां।
करीब पौने तीन घण्टे की बस यात्रा करके हम लोग याला नेशनल पार्क पहुंचे। सफारी सफर ढाई बजे से शुरू होने वाला था। तब तक बचे हुए समय का उपयोग लोगों ने तरोताजा होने में किया।
ढाई बजे हम लोग नेशनल उद्यान की तरफ चल दिये।


https://www.facebook.com/share/v/1D6FN11XNi/

रेलवे स्टेशन पर किताबें

 


श्रीलंका के ELLA रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर एक पर किताबें। अधिकतर किताबें स्थानीय भाषाओं में हैं। कुछ अंग्रेजी और फ्रेंच में भी। अपने यहाँ किसी रेलवे स्टेशन पर इस तरह उपलब्ध हैं क्या किताबें ?

https://www.facebook.com/share/p/1UCiMJKkT9/

Wednesday, February 12, 2025

श्रीलंका में डेंचर टूटा


 श्रीलंका हम लोग आए थे आठ फ़रवरी को। दिन शनिवार। एयरपोर्ट से होटल पहुँचकर थोड़ी देर आराम किया। ढाई बजे तय हुआ बाहर निकलने का। निकलते-निकलते समय तीन के क़रीब हो गया।

तय हुआ सबसे पहले खाना खाया जाए। पहले पेट पूजा, बाद काम दूजा। शाकाहारी भोजनालय की तरफ़ बढ़े। रास्ते में सड़क लगभग ख़ाली ही थी। कोलम्बो श्रीलंका की आर्थिक राजधानी है, सबसे बड़ा शहर भी। श्रीलंका का मुंबई समझिए। आबादी क़रीब 56 लाख। फिर भी सड़कें बिना भीड़ की। अधिकतर दुकाने भी बंद। पता चला कि शनिवार और इतवार बाज़ार बंद रहता है।
दुकानों से याद आया कि शहर में जो दुकाने खुली दिखीं वे उनमें से अधिकतर साफ़ सुथरी। रास्ते में एक सब्ज़ी की दुकान दिखी। सभी सब्ज़ियों में दाम प्लेकार्ड की तरह लगे थे।सड़क पर ऐसी कोई सब्ज़ी की दुकान हमने अपने यहाँ नहीं देखी।
भोजनालय में भी बहुत भीड़ नहीं थी। खाने के लिए बैठे। स्टील की खाने की थाली पर केले के पत्ते । थाली के ही आकार के। अनन्य ने अपने आसमानी कैमरे से सबके फ़ोटो लिए। स्टिक कैमरे की तरफ़ सबको देखने को कहा। सबने ऊपर देखा।फ़ोटो क्लिक हुआ। सब फ़ोटो देखने के बाद खाने का इंतज़ार करने लगे।
थोड़ी देर में खाना भी आ गया। थोड़ी देर स्वाद लेकर खाया गया। इसके बाद मुँह से कड़ाक की आवाज़ आयी। लगा मुँह में कोई खाने की चीज़ दांत के नीचे आकर टूटी है। लेकिन अगले ही पल पता चला कोई चीज़ नहीं, दांत ही टूटा है। दांत मतलब डेंचर। बत्तीसी के ऊपर का हिस्सा दो भागों का हिंदुस्तान-पाकिस्तान हो चुका है।
डेंचर के दो टुकड़े हो जाने के बाद कहाँ का खाना और कहाँ का स्वाद। बत्तीसी के ऊपरी हिस्से को सहेज के जेब में रखा और तरल पदार्थ ग्रहण करके लंच खतम। बाक़ी लोग खाते रहे। अपन बाहर आ गए।
बाहर आकर पता करने लगे कि कोई जनरल स्टोर खुला मिले जहां से क्विकफ़िक्स जैसी कोई चीज़ मिल जाए जिससे दांत जुड़ जाएँ। पहले भी टूट चुका था डेंचर लेकिन इसी तरह क्विक फ़िक्स से जुड़ गया। टनाटन काम चल रहा था। हालाँकि दूसरे डेंचर बनवा भी चुके थे और साथ में लाए भी थे लेकिन इस वाले की आदत पड़ी थी सो इसी का उपयोग कर रहे थे। नए डेंचर अभी एडजस्ट नहीं हुए थे। उनको लगाने पर मसूढ़े में दर्द होता था। बस सहायक हसन को अपन क्विक फ़िक्स समझा नहीं पाए। भाषा की ऊँची दीवार हम दोनों जब लांघ पाए तब यह पता चला कि दुकाने तो सोमवार को खुलेंगी।
तय किया कि होटल जाकर नए वाले डेंचर ले आए जाएँ। बस से जाने की बजाय तय सोचा टैक्सी से चले जाएँ। उबर से टैक्सी बुक की, किराया बताया पाँच सौ कुछ रुपए। दो-तीन किलोमीटर के इतने रुपए ठीक नहीं लगे। कैंसल कर दी टैक्सी। फिर सब लोग बस से गए होटल। कमरे में रखा नया डेंचर लगाया। निकल पड़े शहर घूमने।

https://www.facebook.com/share/p/17FFJ2ZDSo/

ऊनाबतूना के समुद्र तट लांग बीच पर

 


श्रीलंका में आज चौथा दिन है। आज हम श्रीलंका में ऊनाबतूना के समुद्र तट लांग बीच पर Suman Shukla-अनूप शुक्ल। फ़ोटो खींची Anany Shukla ने। निर्देशन भी अनन्य का ही रहा। सुबह जब हम समुद्र किनारे जा रहे थे तो पीछे से दूसरी मंजिल की बालकनी से अनन्य के निर्देश पर साथ-साथ चलते हुए आगे बढ़े।

फ़ोटो कैप्शन क्या हो सकता है। हम सोच रहे हैं- ये कहाँ आ गए हम यूँ ही साथ चलते-चलते।

https://www.facebook.com/share/p/1GfmPuUWvL/

Tuesday, February 11, 2025

सामूहिकता का सौंदर्य

 


शादी के पहले वाले ड्रोन फ़ोटो शूट (पोस्ट का लिंक टिप्पणी में )के आगे मछलियों का संसार था। समुद्र किनारे तमाम मछुआरे समुद्र से पकड़ी मछलियों को छाँट-बीन कर अलग कर रहे थे। छोटी मछली अलग, बड़ी अलग। मछलियों को छाँट कर अलग-अलग बक्सों में भरते जा रहे थे। छोटी मछलियों की साँसे रुक गयीं थी। वे चुपचाप निस्पंद पड़ीं थी। कुछ बड़ी मछलियाँ अभी भी तड़प रहीं थीं। पानी से अलग होने पर उनका जीवन ख़त्म होने वाले था। कुछ मछलियाँ शायद अभी भी सोच रहीं होंगी कि कुछ देर में उनको फिर पानी मिल जाएगा। कुछ को शायद एहसास हो गया होगा कि अब बचना सम्भव नहीं। जीवन की कुछ ही साँसे बची हैं। ये शायद ज्ञानी मछलियाँ रहीं होंगी। लेकिन मरना सभी को है।

मौत ज्ञानी और अज्ञानी में भेद भाव नहीं करती।
मछलियाँ शायद अपने प्रियजनों को इष्ट-मित्रों को याद कर रहीं हों। कुछ अफ़सोस भी कर रहीं होगी कि यह छूट गया , वह रह गया। कुछ शायद अपने ब्वाय फ़्रेंड, गर्ल फ़्रेंड को याद कर रहीं हों। वेलंटाइन वीक में जाना हो रहा है उनका। अपने साथी के साथ उनके कई प्लान रहें होंगे। लेकिन क्या पता मछलियों के यहाँ वेलेंटाइन वीक न होता हो। बाज़ार का दख़ल अभी उनके संसार में उतना न हुआ हो।
कुछ मछुआरे अपने जाल सुलझाते हुए समुद्र में जाने की तैयारी कर रहे हैं। जाल बहुत भारी है। सैकड़ों फ़ीट लम्बा। लम्बे जाल को अपने-अपने कंधे पर लादे वे आगे नाव की तरफ़ बढ़ रहे हैं। एक के पीछे एक करते हुए बहुत लम्बे जाल को सब लोग कुछ-कुछ दूरी पर अपने कंधे पर लादे हुए आगे बढ़ रहे हैं।
एक नवा समुद्र में उतरी है अभी। तट की तरफ़ आती लहरों ने नाव को उछालते हुए उसका स्वागत किया। जैसे क्रीज़ पर आए नए बल्लेबाज़ का स्वागत तेज गेंदबाज़ बाउंसर से करता है। नाव कई फ़िट पानी में उछल गयी। चप्पू थोड़ा थम गए। ज़रा ही देर में लहर नाव के आगे तट की तरफ़ चली गयी। चप्पू फिर चलने लगे। नाव आगे बढ़ने लगी। समुद्र नाव का इंतज़ार कर रहा था। नाव छोटी होती गयी और थोड़ी देर में समुद्र के राज्य में प्रवेश कर गयी। अब नाव पर समुद्र का क़ानून लागू होगा।
लौटते हुए देखा कुछ मछुआरे समुद्र से नाव निकालकर तट की तरफ़ ला रहे हैं। बालू में नाव को ज़ोर लगाकर बाहर की तरफ़ घसीट रहे हैं। नाव भारी है। रेत ने उसका आग बढ़ना कठिन बना दिया है। मछुआरे थोड़ा-थोड़ा रुककर ज़ोर लगाते हुए नाव को बाहर घसीट रहे हैं। सब मिलकर अपनी भाषा में कोई नारा सा लगाते जा रहे हैं। शायद सिंहली में।
यह सामूहिकता का सौंदर्य है।
शायद मछुआरे अपनी भाषा में कह रहे हों, ज़ोर लगा के हईस्सा, थोड़ा रह गया हईस्सा, और लगाओ हईस्सा। क्या पता शुरू में जय बजरंगबली से शुरू हुए हों या फिर या अली से। जिसको जहां से ताक़त मिलती है, वहाँ से लेता हैं।
हर बड़े और मेहनत के काम इसी तरह ठहर-ठहर के सामूहिक भाव से ही होते हैं। सदियों से होते आए हैं।
नाव निकल आने के बाद वे अपने जाल को समुद्र से निकाल रहे हैं। सैंकड़ों मीटर लम्बी रस्सी समुद्र में है। घंटों लगेंगे जाल निकालने में। धीमे-धीमे रस्सी निकलते हुए सब लोग हैइस्सा जैसा कुछ बोलते जा रहे हैं।
थोड़ा हाथ हमने भी लगाया रस्से ने। रस्सा कड़ा और भारी था। दूसरे सिरे पर जाल है। कितनी मछलियाँ हैं जाल में यह किसी को पता नहीं। आशा है कि खूब मछलियाँ होंगी।
लौटते हुए देखा प्री वेडिंग वीडियो सूट जारी था। सूरज गर्म हो रहा था। वापस लौटते हुए अपन ने वीडियो सूट करते हुए अपनी आवाज में कमेंट्री टाइप की। ख़राब आवाज में। देखिए , सुनिए और बताइए कैसा लगा।
होटल लौटकर हम अगली मंजिल की तरफ़ बढ़ गए।
https://www.facebook.com/share/v/189fFGKVd2/

Monday, February 10, 2025

श्रीलंका की सुबह


सबेरा हुआ। सोते समय सोचा था सुबह जल्दी उठेंगे। उगता हुआ सूरज देखेंगे। लेकिन सुबह हुई तो अलसाये पड़े रहे देर तक। कमरे बाहर समन्दर की लहरें हल्ला मचाते हुए बाहर बुलाती रहीं। उठना पड़ा।
उठकर पहले चाय बनाई।पी। बाहर आ गए। होटल के बाहर लान में कुछ लोग योगा कर रहे थे। कुछ पक्षी मार्निंग वाक कर रहे थे।
रास्ते में कुछ खूबसूरत फूल पड़े देखे। फ़ोटो लेने के बाद उनको उठाने की कोशिश की तो बिखर गया फूल। दूसरा फूल शायद बिखरे हुए फूल को देखता हुआ हमको कोस रहा होगा। क्या पता वह फूल के वियोग में पहले कवि की तरह पहली कविता लिख रहा हो।
लौटते समय श्रीमती जी ने उन्ही फ़ूलों को सहेज कर उठाया और साथ लेकर आई ।सुमन Suman को ही सुमन (फूल )को सहेजने का सलीका आता है ।
होटल में लोगों ने फूल का नाम बताया - मुदिल्ला (mudilla ) इस बारे में अलग से ।
समुद्र की लहरें किनारे तक आतीं। किनारे की रेत को सहेजकर वापस लौट जातीं। लहरों और किनारे का प्यार अनवरत चलता रहता है।
एक आदमी कुत्ते के साथ समुद्र की लहरों को चुपचाप देख रहा है। दोनों शांत भाव से लहरों को आते-जाते , उठते-गिरते देख रहे हैं।
आगे अगल-बगल के होटलों से आए तमाम सैलानी रेत पर बैठे समुद्र दर्शन कर रहे हैं। किनारे एक युवा जोड़ा टहलते दिखा। तरह-तरह के पोज बनाते। लगता है फ़ोटो शूट कर रहे हों। लेकिन कोई कैमरा नहीं दिखा। फिर देखा कि वहाँ एक ड्रोन उड़ रहा है। मतलब फोटोग्राफी ड्रोन से हो रही थी।
पास की कुछ फोटोग्राफर भी दिखे। वो उस युवा जोड़े का फ़ोटो शूट कर रहे थे। पूछा तो पता लग प्री वेडिंग फ़ोटो शूट हो रहा है। शादी पाँच मार्च को है।
फोटोग्राफर जोड़े को तरह-तरह के पोज बता रहे हैं जोड़ा कर रहा है। कभी आलिंगन करते हुए , कभी चूमते हुए। कभी कंधा चूमते हुए कभी होंठ। कभी उचकते हुए , कभी हँसते हुए। लड़की उत्साह से और लड़का गंभीरता से फ़ोटो शूट करवा रहा है। शायद शूट का पैसा लड़के को देना पड़ा होगा। वैसे जरूरी नहीं कि ऐसा ही हो लेकिन सहज सोच यही बनी।
लड़की के कंधे को चूमते हुए लड़के को देखकर मुझे गाना याद आ गया- ‘तेरे कांधे का जो तिल है, तेरा बिजली का जो बिल है वो हमारा हो गया।’
फ़ोटोशूट करने वालों में से एक फोटोग्राफर से बात हुई तो उसने बताया कि इस तरह के फ़ोटोशूट होटल के पैकेज में शामिल होते हैं। बालक ख़ुद साफ्टवेयर इंजीनियर है। साफ्टवेयर का काम करता है। फोटोग्राफी उसकी हावी है। यह काम शौक के लिए करता है।
हमने उससे पूछा कि ख़ुद अपना वेडिंग सूट कर चुका है वो ? इस पर हँसते हुए उसने बताया कि उसकी सहेली अभी पढ़ाई कर रही है। घूमना-फिरना , फ़ोटोबाजी चलता रहता है। शादी चार साल बाद करेगा। लगभग तीस की उमर में। नाम बताया बालक ने -कुशान ।
बालक से पूछकर हमने उसकी फ़ोटोशूट की शूटिंग की और आगे बढ़ गए। समुद्र किनारे और तमाम नजारे हमारा इंतज़ार कर रहे थे।

#श्रीलंका, #shrilanka , 4 


https://www.facebook.com/share/v/1Cgg4WNQvz/