Monday, February 10, 2025

श्रीलंका की सुबह


सबेरा हुआ। सोते समय सोचा था सुबह जल्दी उठेंगे। उगता हुआ सूरज देखेंगे। लेकिन सुबह हुई तो अलसाये पड़े रहे देर तक। कमरे बाहर समन्दर की लहरें हल्ला मचाते हुए बाहर बुलाती रहीं। उठना पड़ा।
उठकर पहले चाय बनाई।पी। बाहर आ गए। होटल के बाहर लान में कुछ लोग योगा कर रहे थे। कुछ पक्षी मार्निंग वाक कर रहे थे।
रास्ते में कुछ खूबसूरत फूल पड़े देखे। फ़ोटो लेने के बाद उनको उठाने की कोशिश की तो बिखर गया फूल। दूसरा फूल शायद बिखरे हुए फूल को देखता हुआ हमको कोस रहा होगा। क्या पता वह फूल के वियोग में पहले कवि की तरह पहली कविता लिख रहा हो।
लौटते समय श्रीमती जी ने उन्ही फ़ूलों को सहेज कर उठाया और साथ लेकर आई ।सुमन Suman को ही सुमन (फूल )को सहेजने का सलीका आता है ।
होटल में लोगों ने फूल का नाम बताया - मुदिल्ला (mudilla ) इस बारे में अलग से ।
समुद्र की लहरें किनारे तक आतीं। किनारे की रेत को सहेजकर वापस लौट जातीं। लहरों और किनारे का प्यार अनवरत चलता रहता है।
एक आदमी कुत्ते के साथ समुद्र की लहरों को चुपचाप देख रहा है। दोनों शांत भाव से लहरों को आते-जाते , उठते-गिरते देख रहे हैं।
आगे अगल-बगल के होटलों से आए तमाम सैलानी रेत पर बैठे समुद्र दर्शन कर रहे हैं। किनारे एक युवा जोड़ा टहलते दिखा। तरह-तरह के पोज बनाते। लगता है फ़ोटो शूट कर रहे हों। लेकिन कोई कैमरा नहीं दिखा। फिर देखा कि वहाँ एक ड्रोन उड़ रहा है। मतलब फोटोग्राफी ड्रोन से हो रही थी।
पास की कुछ फोटोग्राफर भी दिखे। वो उस युवा जोड़े का फ़ोटो शूट कर रहे थे। पूछा तो पता लग प्री वेडिंग फ़ोटो शूट हो रहा है। शादी पाँच मार्च को है।
फोटोग्राफर जोड़े को तरह-तरह के पोज बता रहे हैं जोड़ा कर रहा है। कभी आलिंगन करते हुए , कभी चूमते हुए। कभी कंधा चूमते हुए कभी होंठ। कभी उचकते हुए , कभी हँसते हुए। लड़की उत्साह से और लड़का गंभीरता से फ़ोटो शूट करवा रहा है। शायद शूट का पैसा लड़के को देना पड़ा होगा। वैसे जरूरी नहीं कि ऐसा ही हो लेकिन सहज सोच यही बनी।
लड़की के कंधे को चूमते हुए लड़के को देखकर मुझे गाना याद आ गया- ‘तेरे कांधे का जो तिल है, तेरा बिजली का जो बिल है वो हमारा हो गया।’
फ़ोटोशूट करने वालों में से एक फोटोग्राफर से बात हुई तो उसने बताया कि इस तरह के फ़ोटोशूट होटल के पैकेज में शामिल होते हैं। बालक ख़ुद साफ्टवेयर इंजीनियर है। साफ्टवेयर का काम करता है। फोटोग्राफी उसकी हावी है। यह काम शौक के लिए करता है।
हमने उससे पूछा कि ख़ुद अपना वेडिंग सूट कर चुका है वो ? इस पर हँसते हुए उसने बताया कि उसकी सहेली अभी पढ़ाई कर रही है। घूमना-फिरना , फ़ोटोबाजी चलता रहता है। शादी चार साल बाद करेगा। लगभग तीस की उमर में। नाम बताया बालक ने -कुशान ।
बालक से पूछकर हमने उसकी फ़ोटोशूट की शूटिंग की और आगे बढ़ गए। समुद्र किनारे और तमाम नजारे हमारा इंतज़ार कर रहे थे।

#श्रीलंका, #shrilanka , 4 


https://www.facebook.com/share/v/1Cgg4WNQvz/

No comments:

Post a Comment