Thursday, February 13, 2025

नेशनल उद्यान की तरफ


 आज सुबह लांग बीच होटल से निकले। हमारा अगला पड़ाव याला नेशनल पार्क था। करीब डेढ़ सौ किलोमीटर दूर। बस से करीब ढाई घंटे का समय लगना था।

सड़क के बायीं तरफ़ होटल , दुकानें और मार्केट दिख रहे थे। दायीं तरफ़ समुद्र। दूर-दूर तक पसरा समुद्र और उसके किनारे लगी नावें। जगह-जगह भगवान बुद्ध की छोटी-बड़ी मूर्तियां भी दिखीं।
सड़क पर कार, बस , मोटरसाइकिल और कुछ-कुछ लोग साइकिल से भी आते-जाते दिखे। दुपहिया वाहन की दोनों सवारी हेलमेट लगाए दिखीं। एक मोटरसाइकिल पर तीन सवारियां थीं, तीनों हेलमेट लगाए थीं।अपने यहाँ कुछ जगहों को छोड़कर ऐसा कहीं नहीं दिखा।
सड़क ज़्यादा चौड़ी नहीं थीं लेकिन बीच में सफेद पट्टी का अनुशासन पालन करते दिखे लोग। यह नहीं दिखा कि दायीं तरफ़ के लोग लहराते हुए बायीं तरफ़ चलने चलें।
सफाईं और सड़क अनुशासन श्रीलंका में अभी तक हर जगह दिखा। हालांकि विश्व स्वास्थ्य संगठन की 2019 की रिपोर्ट के अनुसार प्रति एक लाख आबादी में सड़क दुर्घटना में भारत में मरने वालों की संख्या (15.6) श्रीलंका में सड़क दुर्घटना में मरने वालों की संख्या (19.7) से कम है। हो सकता है आज का आंकड़ा कुछ अलग हो।
सड़क पर तमाम् दुपहिया वाहनों में लड़के-लड़कियां फर्राटे से जाते दिखे। शायद वेलेन्टाइन डे की आमद इसका कारण हो।
इस तरह तमाम जोड़ीदारों को जाते देखकर गाने का मन हुआ-'हम भी अगर बच्चे होते, नाम हमारा होता बबलू-डबलू।' लेकिन आज के बच्चों के बहुत कठिन जीवन, कड़क पढ़ाई, रोजगार के अभाव, परीक्षा की चर्चा , नाले की गैस से पकौड़े तलने जैसे सुझावों के डर और तमाम दीगर बवालों के चलते हमने यह गाना गाने का इरादा छोड़ दिया।
बहुत बवाल है आजकल बच्चा बनने में, बने रहने में। यह नेताओं के ही बस की बात है कि बुढ़ापे में बचपने की हरकतें करते हुए हल्ला मचाते रहें कि उन्होंने बहुत तीर मारे हैं।
बस एक जगह डीजल भरवाने के लिए रुकी। पेट्रोल के दाम 309 रुपया श्री लंका प्रति लीटर है। भारत के लगभग 90 रुपये के बराबर। डीजल के दाम अलबत्ता ज्यादा हैं।
इस बीच टूर का गाइड भी रास्ते से जुड़ा। कल रात तक़ वह दूसरी पार्टी के साथ था। रात में फ्री हुआ तो हम लोगों से जुड़ गया। चानक नाम है गाइड का। इसके पहले हसन यह काम देख रहे थे। वह भी जुड़े हुए हैं।
बस में चढ़ते ही चानन ने अनन्य की तारीफ की यह बताते हुए कि वो खुद अपनी ट्रिप लीड करते हैं। सबका ख्याल रखते हैं। दूसरे ट्रिप लीडर ऐसा नहीं करते। एक दिन पहले हसन ने भी अपनी श्रीलंकन हिंदी में कुछ ऐसी ही बात कही थी -'इतना अच्छा ट्रिप मैंने कभी नहीं देखा।'
बस में समय बिताने के करना है कुछ काम कहते हुए अंत्याक्षरी शुरु हो गयी। अपन सड़क के नजारे देखते हुए, कभी कोई गाना सुझाते हुए मजे करते रहे। वीडियो बनाते रहै, फोटो खींचते रहे।
आगे एक हाइवे मिला। फोर लेन हाईवे। टोल बूथ पर नकद पैसे लिए जा रहे थे। फास्टैग ने अभी दस्तक नहीं दी है शायद यहां।
करीब पौने तीन घण्टे की बस यात्रा करके हम लोग याला नेशनल पार्क पहुंचे। सफारी सफर ढाई बजे से शुरू होने वाला था। तब तक बचे हुए समय का उपयोग लोगों ने तरोताजा होने में किया।
ढाई बजे हम लोग नेशनल उद्यान की तरफ चल दिये।


https://www.facebook.com/share/v/1D6FN11XNi/

No comments:

Post a Comment