Saturday, February 22, 2025

बुंदेलखंड मेले में मानदान और कटप्पा की चाय


 कल सबेरे होटल में नाश्ता करने के बाद होटल बदल गया। Alok Puranik और Neeraj Badhwar नज़दीकी के चलते होटल ट्विन्स से होटल लेमन ट्री में आ गए। बड़े लोगों की संगत का फ़ायदा होता है।

होटल में सामान धर के अपन आलोक पुराणिक जी के साथ कार्यक्रम स्थल पर पहुँचे। नीरज बधवार को कुछ काम करना था सो वे होटल में रुक गए, बाद में आने के लिए।
कार्यक्रम स्थल पर अक्षत-रोली का टीका हुआ। आत्मीय स्वागत हुआ। स्वागत के बाद हमारे लिए एक बिल्ला दिया गया जिस पर 'मानदान' लिखा था। मानदान मतलब मान्य। बुंदेलखंड में मान्य उन रिश्तेदारों को कहते हैं जिनके यहाँ घर की कन्यायों के विवाह होते है। फूफा, जीजा, दीदी, बुआ आदि रिश्ते मान्य में गिने जाते हैं। उनका बुंदेलखंड में बहुत सम्मान होता है। आयोजन के काम में लगे लोग 'घराती' का बैज लगाए हुए। घराती मतलब घर के लोग जिनको अपने आमंत्रित आगंतुकों का ख़्याल रखना है। इतने आत्मीय स्वागत से मन खुश हो गया।
कार्यक्रम का झाँसी के क़िले के नीचे जनरल विपिन रावत शहीद उद्यान में हो रहा है। खूबसूरत, विस्तृत पार्क में भव्य आयोजन। वहाँ किताबों की दुकानें, खेल-खिलौने वाली गाड़ियाँ और मनोरंजन के ठिकाने भी।
लोग बाग वहाँ मेले में घूमते हुए मज़े ले रहे थे। एक बालिका ने अपनी माता जी को कहा -'अम्मा तुम लोग मेला घूम आओ तब तक हम यहाँ वीडियो बना रहे।'
किताबों की दुकान से हम लोगों ने कुछ किताबें भी लीं। इनमें एक किताब हमारे वैज्ञानिक चेतना सम्पन्न DrArvind Mishra (जो आजकल भक्त समुदाय में शामिल होकर जीवन का आनंद ले रहे हैं) की थी। 'कुम्भ मेले में मंगलवासी' शीर्षक इस किताब में विज्ञान गल्प कथाएँ हैं। 2012 में नेशनल बुक ट्रस्ट से छपी इस किताब के पहले उनकी विज्ञान गल्प की एक और किताब 'एक और क्रौंच वध' छपी थी। बारह विज्ञान गल्प वाली उस किताब के बारे में लिखी पोस्ट और उस पर साथियों की टिप्पणियों को अभी फिर से पढ़ते हुए उस समय के आपसी सम्बन्ध की याद आ गयी। अरविंद मिश्र जी को विज्ञान गल्प लिखते रहना चाहिए।
दूसरी किताब आलोक पुराणिक Alok Puranik जी की सलाह पर ली - विश्वास पाटिल की लिखी किताब पानीपत। इसे बहुत ज़रूरी किताब बताया है आलोक पुराणिक जी ने।
कार्यक्रम के उद्घाटन के बाद विभिन्न सत्र हुए। लंच की शानदार व्यवस्था वहीं उद्यान में थी। लंच करके हम लोग पास ही स्थित झाँसी म्यूज़ियम देखने चले गए। झाँसी और बुंदेलखंड से जुड़ी तमाम धरोहरों को देखा। झाँसी की रानी से जुड़ी कई स्मृतियाँ वहाँ मौजूद हैं। हेलिकाप्टर की वर्चुअल राइड में आसपास की इमारतों का हवाई सर्वे भी कर लिया। विभिन्न समय के सिक्के देखे। इसके अलावा झाँसी के प्रसिद्ध साहित्यकार वृंदावन लाल वर्मा जी से जुड़ी तमाम यादें देखें। उनके हस्तलेख में लिखे उनके उपन्यासों के पेज वहाँ मौजूद थे।
म्यूजियम से निकलकर हम लोगों ने कटप्पा मामा की चाय की दुकान पर चाय पी। दुकान पर सामने की तरफ़ लिखा था -'मेरे करन अर्जुन चाय पीने आएँगे!' इस आशा जनक बयान के बाद चाय की ठेलिया पर ग्राहक की तरफ़ से लिखा था -
'जब तक तुम चाय बनाते रहोगे,
मैं चाय पीने आता रहूँगा मामा!'
चाय पीकर लौटते में कुशवाहा जी चाय स्टाल भी मिला। वहाँ चाय नहीं पी, बस फ़ोटो खैंच ली।
कार्यक्रम स्थल पर लौटकर वहाँ चल रहे विभिन्न सत्रों की बातचीत सुनी। इनमें आदिवासी चिंतन: अस्तित्व का संकट, वर्तमान परिवेश में उच्च शिक्षा, कुछ राग कुछ रंग और आख़ीर में नीरज बधवार का जुमला जंक्शन पर बातचीत थी। आदिवासी चिंतन वाले सत्र के बाद में लेखक संदीप मुरारका की किताबों के विमोचन में हम लोग भी मंच पर बुला लिए गए। उसकी फ़ोटो भी आज अमर उजाला में छपी। वर्तमान परिवेश में उच्च शिक्षा सत्र में डा रचना विमल दुबे ने उच्च शिक्षा के विविध पहलुओं पर अच्छी बातचीत की।
पश्चिम बंगाल के पूर्व डीजीपी कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि थे। उन्होंने अपनी बातचीत के दौरान अपने लेखन और प्रशासकीय अनुभव साझा किए। अपने सेवा काल के दौरान तनाव से बचने के उपायों में से एक उन्होंने बताया कि वे बेगम अख़्तर और मेहंदी हसन की ग़ज़लें सुना करते थे।
जुमला जंक्शन में आज की मीडिया, जुमलेबाज़ी, सामाजिक मीडिया पर बहुत अच्छी बातचीत की। उनके साथ अनुज खरे को भी आना था लेकिन वे आ नहीं पाए। नीरज बधवार से बातचीत की वरिष्ठ पत्रकार अरिंदम घोष ने। वहाँ मौजूद बच्चों ने कई सवाल भी पूछे। बहुत अच्छा सत्र रहा।
सत्र के बाद हम लोगों ने वहीं रात का खाना खाया। खाना खाकर होटल आ गए।
बुंदेलखंड लिटरेचर फ़ेस्टीवल में आयोजकों का सुंदर, आत्मीय व्यवहार और हर चीज़ को यथा सम्भव अच्छा करने की कोशिश लगातार दिखी। मुख्य आयोजक चंद्रप्रताप नेपथ्य से कार्यक्रम का संचालन करते दिखे। सबसे सुखद अनुभव आयोजन से जुड़ी युवा लोगों की टीम को देखकर हुआ। सब युवा बच्चे अपने-अपने कामकाज छोड़कर कार्यक्रम को सफल बनाने के प्रयास में जुटे रहे। इधर-उधर दौड़ते-भागते इंतज़ाम में जुटे हैं। कई लोग कार्यक्रम के आयोजन के लिए बाहर से भी आए हैं, कोई गुड़गाँव से, कोई दिल्ली से, कोई कहीं और से। दफ़्तर से छुट्टी लेकर, इम्तहान की तैयारी स्थगित, कोई कालेज छोड़कर कार्यक्रम को सफल बनाने में लगे हैं। प्रशाशनिक लफड़ों के चलते कार्यक्रम स्थल अटल पार्क से बदलकर जनरन विपिन रावत पार्क होने के कारण भी बहुत मेहनत करनी पड़ी पूरी टीम को। सबको कार्यक्रम की सफलता के लिए जुटा देखकर बहुत अच्छा लगा। इस सुखद अनुभूति के लिए चंद्रप्रताप जी और उनकी पूरी टीम को बहुत बधाई , शुभकामनाएं।

https://www.facebook.com/share/p/1Bbap8oqnp/

Friday, February 21, 2025

मुफ्त की डाक्टरी


 रात झाँसी आए। बुंदेलखंड लिट्रेचर फेस्टिवल में शिरकत करने। चौथा फेस्टिवल है। किसी लिट्रेचर फेस्टिवल में शिरकत करने का पहला मौक़ा है। तीन दिन के इस कार्यक्रम में हमारे अलावा साहित्य जगत के बड़े ख़लीफ़ा आलोक पुराणिक Alok Puranik, नीरज बधवार Neeraj Badhwar , अनुज खरे Anuj Khare और बाबुशा कोहली Baabusha Kohli ( हमारी जबलपुरिया मोगैम्बो) भी पधार रहे हैं। आना ज्ञान चतुर्वेदी जी को भी था। उनके कार्यक्रम के संचालन के लिए हमको 23 तारीख को रोका गया था। इसी हिसाब से टिकट बनवाया गया। लेकिन कल पता चला कि ज्ञान जी नहीं आ रहे हैं। अब पहले निकलने का हिसाब देखेंगे या घूम लेंगे एक दिन झाँसी और।

झाँसी पहली बार आए थे 1983 में। साइकिल से भारत यात्रा करते हुए लौटते में। तीन दिन ठहरे थे। उसके बाद तो कई बार आना हुआ झाँसी। पिछली बार एक शादी में आए थे। ओरछा भी गए थे। ओरछा में कुछ जगहें और बेतवा नदी में नहाना रह गया था। क्या पता इसीलिए आख़िरी दिन रुकना हो रहा हो।
सबेरे टहलने निकले। सड़क पर कूड़ा जमा करने वाली गाड़ी में होटल वाला कूड़ा जमा कर रहा था। ड्राइवर सीट पर बैठा बहादुर मोबाइल देख रहा था। शायद स्टेटस अपडेट कर रहा होगा -‘कूड़ा बटोर रहे हैं।’
सड़क पर एक नौजवान पिट्ठू बैग पीठ पर लादे मोटरसाइकिल स्टार्ट करने की कोशिश कर रहा था। किक पर किक मारे जा रहा था लेकिन मोटरसाइकिल स्टार्ट नहीं हो रही थी। हम उसको देखते हुए आगे बढ़ गए। कुछ कर भी तो नहीं सकते थे। कोई बालिका होती तो शायद कहते कि लाओ हम लगा के देखें किक शायद स्टार्ट हो जाये। जेंडर की बड़ी भूमिका होती है सहायता करने में।
आगे ओवरब्रिज के नीचे बुंदेलखंड के कई महापुरुषों के चित्र खंभे में बने थे। उनके नीचे लिखा था -‘बुंदेलखंड के गौरव।’
उनको देखकर लगा कि बेचारे सर्दी, गर्मी, बरसात में हमारे ये आदरणीय, पूजनीय खम्भे में टिके गौरव बढ़ते रहते हैं, इनके नाम पर गौरवान्वित लोग मजे से मलाई खाते रहते हैं।
चौराहे पर चाय की दुकान पर चाय पीने के लिए रुके। बेंच पर बैठकर चाय पीने की मंशा से अंदर घुसते ही ऊपर का डाला सर पर लगा। सर सहलाते हुए दुकान वाले से शिकायत की तो बोला -‘उल्टा लग गया है।’
अंदर बैठकर फिर शिकायत की तो उसने मुआवजे के रूप ने चाय का ग्लास पकड़ाकर मेरा मुँह बंद कर दिया। फिर बयान जारी किया -‘इसे ठीक करवाना है।’
हमको लगा कुंभ और दिल्ली में ट्रेन दुर्घटना के फौरन बाद मुवावजे की घोषणा और व्यवस्था बनाने की घोषणा सरकारों ने इस चाय वाले से सीखी होगी।इस तरह की हरकतों का कोई कापी राइट भी तो नहीं होता।
चाय पीते हुए एक महिला की एक ऑटो वाले से बहस और गाली गलौज भी सुनी। एक भिखारिन महिला जमकर आटोवाले को किसी बात पर गरिया रही थी। आटोवाला हंसते हुए उसका जवाब दे रहा था। चाय वाला मुस्कराते हुए चाय छानते हुए गाली-जुगलबंदी सुन रहा था। कुछ देर बाद आटोवाला चला गया। महिला भी शांत होकर इधर हो गई।
चाय में बुंदेली अंदाज़ में चीनी पड़ी थी। कई दिन से कम चीनी का कोटा पूरा हो गया।
लौटते हुए देखा एक नई के पानी में लगे रबड़ की पाइप से दो महिलायें पानी पालीथीन के बोरे दो रहीं थीं। थोड़ी दूर पर खड़े दो आदमी उनको यह करता देख रहे थे। हम उन लोगों को सड़क की दूसरी तरफ़ से देख रहे थे। क्या पता कुछ और लोग भी इस देखा-देखी में लगे हों। मेहनत करने वाले दो, देखने वाले बीस।
वहीं पर कर्मयोगी ध्यानचंद की प्रतिमा लगी देखी। पीछे बुंदेलखंड लिट्रेचर फेस्टिवल का बड़ा बोर्ड खम्भे पर लगा था। अपना कमरे में लौट के आए। हमारे पीछे चाय भी आ गई।
चाय पीते हुए कार्यक्रम का विवरण देखा। हमारे नाम के आगे डा लिखा था। डा अनूप शुक्ल। हमने यह डाक्टरी वापस करने की कोशिश की। आयोजकों को बताया कि हम डाक्टर न हैं। उन्होंने कहा , अब तो पोस्टर छप गए हैं। अब कुछ नहीं हो सकता। कार्यक्रम के दौरान तो डाक्टरी बरदाश्त करनी पड़ेगी। हमने भी सोचा कोई बात नहीं पड़ी रहेगी डिग्री मानद उपाधि की तरह। कभी विरोध करना होगा तो वापस करने के काम आएगी।
आलोक पुराणिक Alok Puranik हर बात को आर्थिक नज़रिए से देखते हैं। उन्होंने सलाह दी -'कोई पूछे तो बता देना शर्तिया इलाज वाले डाक्टर हैं। बहुत स्कोप है इस धंधे में। ख़ूब कमाई होगी।'

https://www.facebook.com/share/p/1DBzGLuHer/

Thursday, February 20, 2025

कोलम्बो का लोटस टावर


 श्रीलंका के स्वतंत्रता स्मारक (पोस्ट लिंक टिप्पणी में) के बाद हम लोग कोलम्बो का लोटस देखने गए। श्रीलंका के इस सबसे ऊँचे टावर की गिनती दुनिया के सबसे ऊँचे टावरों में होती है। कमल के आकार की इस इमारत से पूरे शहर का नजारा दिखता है। इमारत में मनोरंजन और खाने-पीने की भी तमाम सुविधाएँ हैं। शुरुआत में इसके निर्माण में क़रीब 113 मिलियन डालर लगने का अनुमान था। (लगभग दस अरब रुपए)।निर्माण पूरा होने पर इसमें कुछ घपले की भी खबरें चलीं जो कि बाद में सही साबित नहीं हुईं। हर घपले की जाँच की लगभग यही नियति होती है।

टावर की बनावट और बिजली व्यवस्था इस तरह है ऐसा लगता है कि टावर के ऊपर कमल का फूल रखा हुआ है। दूर से ही कमल का चमकता दिख रहा था। जिस दिन हम उसे देखने गए थे उसी दिन दिल्ली चुनाव के नतीजे आए थे। भाजपा की जीत हुई थी। टावर के ऊपर कमल का फूल भाजपा की जीत की तरह चमक रहा था।
जब हम वहाँ गए थे तब तक हमको पता नहीं था कि इसे ऊपर से भी जाकर देखने की व्यवस्था है। वहाँ पहुँचने पर पर देखा कि लोग टिकट लेकर टावर के ऊपर जा रहे हैं। हमने तय किया कि हम भी जाएँगे।
टावर को देखने की फ़ीस 20 डालर थी। 20 डालर मतलब लगभग 1738 रुपए। श्रीलंका के हिसाब से 6000 रुपए। टावर देखने की फ़ीस और रात के कारण ग्रुप के लगभग सभी सदस्य होटल जाने के लिए मचल गए। केवल हमारे साथ के कुमावत दम्पति और मैंने टावर देखने का तय किया यह सोचकर कि न जाने कब फिर आना हो।
29 मंज़िला टावर को देखने की क़ीमत 20 डालर भुगतान करने पर याद आया कि हमने न्यूयार्क की 102 मंज़िला एंपायर स्टेट बिल्डिंग देखने के 65 डालर (4500 रुपए) भुगतान किए थे
टावर के बारे में विवरण देखने पर पता चला कि इसकी आधारशिला 20 जनवरी,2012 को रखी गयी। 15 सितम्बर,2019 में निर्माण कार्य पूरा हुआ। इमारत को 16 सितम्बर, 2022 को लोगों के लिए खोला गया। इमारत के बनने में हुए घपले का भी उल्लेख मिलता है जो कि साबित नहीं किया जा सका। आमतौर हर घपले की यही नियति यही होती है।
कोलम्बो की बेइरा झील के किनारे बने इस टावर के ऊपर जाने के लिए लगी लिफ़्ट के लाइन लगी थी। जितने लोग ऊपर से वापस आते लगभग उतने ही लोगों को ऊपर भेजा जाता। इस दौरान वहाँ टावर से सम्बंधित कई जानकारियाँ फ़्लैश हो रही थीं जैसे यह लिफ़्ट एशिया की सबसे तेज लिफ़्ट है जो 243 मीटर की ऊँचाई 48 सेकेंड में तय करती है, इमारत के बाहरी कमल के फूल वाले हिस्से को चमकाने के लिए 21,280 पिक्सल एलिमेंट लगे हैं।
टावर पर जाने के लिए लिफ़्ट का इंतज़ार करते हुए मोबाइल की बैटरी पर निगाह थी। ख़तरे के स्तर तक पहुँच चुकी बैटरी देखकर लग रहा था कि कहीं मोबाइल स्विच आफ न हो जाए। ऐसा हो जाता तो होटल के लिए सवारी करना मुश्किल हो जाता। मोबाइल की बैटरी भी हमारे काम के लिए साँसो की तरह ज़रूरी हो गयी है। हमने मोबाइल बंद कर दिया। सोचा कि लौटते समय ही देखेंगे।
अपना नम्बर आने पर हम लोग लिफ़्ट से ऊपर गए। टावर के ऊपर के गलियारे से पूरी शहर का नजारा दिख रहा था। अंधेरे में सभी ऊँची इमारतें चमक रहीं थी। नीचे बेइरा झील का काला पानी दिख रहा था। उसमें भी एलईडी लगा देते तो वह भी चमकती।
टावर के ऊपर पहुँचे लोग टावर के साथ फ़ोटो खींच रहे थे। तरह-तरह के पोज में। हमने अपने मोबाइल को बंद ही रखा। कुमावत जी के मोबाइल से फ़ोटो खींचे। फ़ोटो खींचते समय आदतन न्यूयार्क के एंपायर स्टेट बिल्डिंग से करते रहे। वहाँ की इमारतें ज़्यादा चमकदार, ज़्यादा ऊँची थीं।
नीचे सड़क पर जाती गाड़ियाँ चमकती चींटियों सरीखी दिख रहीं थीं जो फुर्ती से अपनी सवारियों को लादे इधर से उधर जा रहीं थीं।
हमने भी कुछ फ़ोटो लिए, कुछ सेल्फ़ी भी। ऊपर तेज हवा चल रही थी। सेल्फ़ी वीडियो बनाते हुए हमारे बाल उड़ रहे थे। हमारे बग़ल में सेल्फ़ी बनाती एक लड़की की ज़ुल्फ़ें भी उड़ते हुए हमारी तरफ़ आती लग रही थीं। हमें लगा कि कहीं गाना बचता,' उड़े जब-जब ज़ुल्फ़ें तेरी'। लेकिन ऐसा कुछ न हुआ। हमने अपनी और मोबाइल दोनों की बैटरी का ख़्याल रखते हुए वाह कहकर वीडियो बनाना छोड़ दिया।
कुछ देर तक टावर से शहर को देखने, निहारने, फ़ोटो खींचने, वीडियो बनाने के बाद हम नीचे उतर आए। वापस लौटने का रास्ता शापिंग कामप्लेक्स और फ़ूड प्लाज़ा से होते हुए था। तमाम लोग वहाँ बचे हुए पैसे खर्चा कर रहे थे। हम सीधे बाहर आ गए।
बाहर आकर बची हुई बैटरी वाले मोबाइल का उपयोग करके हमने आटो किया। उबर का किराया क़रीब 500 रुपए बता रहा था। वहाँ खड़े आटो वाले ने कहा 1000 रुपए लेंगे, छोड़ देंगे। हमने उबर से आटो ख़रीदा। थोड़ी देर में वह आ भी गया। हम उसमें बैठकर वापस होटल आ गए।
यह श्रीलंका का हमारा पहला दिन था। अच्छा बीता।
https://www.facebook.com/share/v/1CbqjT3oPK/



Wednesday, February 19, 2025

श्रीलंका का आज़ादी का स्मारक


 गंगा रामया मंदिर (पोस्ट का लिंक टिप्पणी में) के बाद हम लोग थोड़ी ही दूर स्थित श्रीलंका का आज़ादी का स्मारक देखने गए।

श्रीलंका पर पुर्तगाली, डच और अंग्रेजों का अधिकार रहा। सबसे आख़िरी क़ब्ज़ा अंग्रेजों का रहा। भारत की आज़ादी के छह महीने से भी कम समय में अंग्रेज श्रीलंका को भी छोड़कर चल दिए। भारत से भरी बरसात में गए तो श्रीलंका से जाड़े मौसम में।
श्रीलंका 4 फ़रवरी, 1948 को आज़ाद हुआ। हम लोग आठ फ़रवरी को श्रीलंका में थे। मतलब हमारे श्रीलंका दौरे की शुरुआत के चार दिन पहले ही श्रीलंका की आज़ादी की सालगिरह मनाई गयी थी।
श्रीलंका की आज़ादी में भारत में हुई घटनाओं और गतिविधियों का ज़रूर प्रभाव रहा होगा। श्रीलंका की आज़ादी के पहले भी कई विद्रोह हुए थे लेकिन वे दबा दिए गए। 1915 में श्रीलंका हुए बौद्ध - मुस्लिम दंगे में तमाम लोग मारे गए। इसके बाद श्रीलंका में मध्यम वर्ग का राजनीति में बड़े पैमाने पर प्रवेश हुआ। अंतत: 4 फ़रवरी, 1948 को श्रीलंका में अंग्रेज लोग सत्ता श्रीलंका के लोगों को छोड़ कर निकल लिए।
स्वतंत्रता स्मारक के बनने की शुरुआत देश की आज़ादी के एक साल बाद 4 फ़रवरी, 1949 को हुई। 1953 को निर्माण पूरा हुआ। यह स्मारक श्रीलंका के लोगों ने आज़ाद होने के बाद बनवाया। इसका निर्माण श्रीलंका के सबसे प्रसिद्ध कैंडी साम्राज्य के दरबार हाल की तर्ज़ पर किया गया।
खंभों पर टिकी खुली इमारत के सामने श्रीलंका के पहले प्रधानमंत्री Don Stephen Senanayake की मूर्ति बनी हुई है। श्रीलंका की आज़ादी में सरनायक का अहम योगदान रहा। आज़ादी के बाद वे देश के पहले प्रधानमंत्री बने।
डी एस सरनायक जी के बारे में पढ़ने पर पता चला कि वे पढ़ने लिखने में सामान्य ही थे। क्रिकेट अच्छा खेलते थे। शुरू में क्लर्क का काम किया। बाद में ससुराल से मिली ग्रेफ़ाइट की खान देखते हुए आराम का मिडिल क्लास जीवन जीते रहे।
1915 में श्रीलंका में बड़ा बौद्ध -मुस्लिम दंगा हुआ। भारत की तर्ज़ पर वहाँ भी दंगों की शुरुआत अंग्रेजों के आने के बाद ही हुई होगी। दंगे के बाद बड़ी संख्या में लोग गिरफ़्तार किए गया। इनमें सरनायक जी के दो भाई भी थे। जिनको बिना सबूत के 46 दिन तक जेल में रखा गया। इस घटना के बाद सरनायक जी सार्वजनिक जीवन और राजनीति में आए। विभिन्न कमेटियों में रहे। अनुभव लिए। अंतत: श्रीलंका की आज़ादी के बाद वहाँ के पहले प्रधानमंत्री बने। जीवन पर्यंत प्रधानमंत्री बने रहे।
आज़ादी का स्मारक एक बड़े खुले मैदान में बना है। कोई दीवार नहीं, कोई दरवाज़ा नहीं। सब तरफ़ से खुला स्मारक। 4 फ़रवरी, 1948 को देश की आज़ादी का महोत्सव इसी जगह पर मनाया गया। नई पार्लियामेंट बनने तक देश की लोकसभा, राज्यसभा के रूप में इसी जगह का उपयोग होता रहा। आजकल इस इमारत का उपयोग धार्मिक और राष्ट्रीय पर्वों के मनाने के लिए होता है।
इमारत एक ऊँचे चबूतरे पर बनी है। चारों तरफ़ से ऊपर जाने की सीढ़ियाँ बनी हैं। 10000 वर्ग फुट एरिया में बनी इमारत के खंभों के साथ फ़ोटो खिंचाने के कई लोग वहाँ मौजूद थे। खूबसूरत खंभों के साथ, खूबसूरत लोग, अपनी खूबसूरत यादों को संजो रहे थे। हमारे साथ के लोगों ने ख़ूब फ़ोटोबाज़ी की। खंभों के साथ सटकर, उनके पास बैठकर, खड़े होकर, आड़े-तिरछे पोज में फ़ोटो खिंचवाए।
मैं सामने से फ़ोटो खींचने के लिए इमारत के नीचे उतर आया। दो लड़कियाँ इमारत के खंभे के पास बैठी बतिया रही थीं। बतियाती चली जा रहीं थी। दूर होने के कारण उनकी बातें सुनाई नहीं पड़ रहीं थीं। लेकिन कायनात ज़रूर कान लगाए उनकी बातें सुन रही होगी। इमारत के याद-स्टोर में अनगिनत लोगों की सुनी हुई बातचीतों का संग्रह होगा। यह अलग बात कि लोगों की निजता के संरक्षण का ख़्याल रखते हुए किसी को बताती नहीं।
नीचे मैदान पर एक बुजुर्ग महिला योगा मैट बिछाए कसरत कर रही थी। टांग उठाते-नीचे करते हुए टांग-व्यायाम कर रही थी। ऊपर उठाते हुए उसकी टांग टेढ़ी हो रही थी। वह फिर से उसको सीधा करने की कोशिश कर रही थी लेकिन टांग उसकी बात मान नहीं रही थी। अपनी टांग की हुकुम अदूली सहती हुई वह महिला व्यायाम करती रही।
वहीं मैदान में एक परिवार अपने बच्चों के साथ घूमने आया था। बच्चे पूरी मैदान में उछलते-कूदते खेल रहे थे। महिला बच्चों को टोकते-समझाते हुए उनको अपनी मर्ज़ी के हिसाब से खेलने दे रही थी। पुरुष इधर-उधर देखता हुआ कुछ-कुछ बोलता जा रहा था। मैदान में और कोई नहीं था।
स्मारक के सामने आने पर जब मैंने बड़ी मूर्ति लगी देखी तो उसका फ़ोटो लिया। मूर्ति का परिचय श्रीलंका की स्थानीय भाषाओं में लिखा था। मैं उस समय जान नहीं सका कि वह मूर्ति किस महापुरुष की है। बाद में इमारत के बारे में पढ़ा तो पता चला कि वे श्रीलंका के पहले प्रधानमंत्री थे। वहाँ के राष्ट्रपिता जैसे थे। अपने आस-पड़ोस के बारे हम कितना काम जानते हैं। बड़ी बात नहीं कि श्रीलंका के तमाम लोग गांधी जी के बारे में न जानते हों।
श्रीलंका के पहले प्रधानमंत्री के बारे में पढ़ने पर पता चला कि उनकी मौत घुड़सवारी के दौरान घोड़े से गिरने पर हुई। घोड़े से गिरकर वे काफ़ी देर तक कोमा में रहे। इंग्लैंड के प्रधानमंत्री विंस्टन ने उनके लिए डाक्टर भेजने की व्यवस्था की। भारत से डाक्टर भेजे गए। लेकिन वे बच नहीं सके।
श्रीलंका के पहले प्रधानमंत्री के कार्यकलाप के बारे में पढ़ने पर पता चला कि उनके समय में क़रीब सात लाख तमिलों को श्रीलंका का निवासी नहीं माना गया था। इसका वहाँ के तमिल नेताओं ने विरोध किया था। श्रीलंका की राजनीति में इस घटना का भी लम्बा इतिहास रहा है।
स्मारक के चारों तरफ़ की सड़क पर गाड़ियाँ आ-जा रहीं थी। किसी देश के आज़ादी के स्मारक में खड़े होकर लोगों को आते-जाते देखने का यह अनूठा अनुभव था। हमने वहाँ का वीडियो भी बनाया। आज़ादी का म्यूज़ियम भी था वहाँ लेकिन हमारे पहूंचने तक बंद हो चुका था लिहाज़ा हम उसे देख नहीं पाए।
श्रीलंका के आज़ादी का स्मारक देखते हुए शाम हो गयी थी। अपन सामने खड़ी अपनी बस की तरफ़ बढ़े । थोड़ी दूर ही गए थे कि देखा बस स्टार्ट होकर चल दी। दूर थे तो चिल्लाकर तो बोल नहीं सकते थे। बेटे को फ़ोन किया कि हम तो यहीं छूट गए। परदेश के आज़ादी के स्मारक में बस हमसे आज़ाद हो गयी। ख़ैर बस थोड़ी देर में घूमकर हमको लेने आयी। हम आगे बढ़े। इस घटना के बाद से बस चलने के पहले लोगों की गिनती का नियम लागू हो गया। जब तक सोलह खोपड़ियाँ जिन नहीं जाती तब तक बस ड्राइवर को चलने के नहीं कहा जाता।
गड़बड़ी सुधार की जननी होती है।हर समाज में सुधारों की इमारत गड़बड़ियों की नींव पर खड़ी होती है।

https://www.facebook.com/share/v/14YtJSoPUXb/