Friday, August 01, 2025

डुओलिंगों


 "अनूप, मुझसे रुका नहीं जा रहा है।

आपको मालूम है कि क्या समय हो रहा है?"
आज शाम को टहलते हुए यह संदेश मेल में देखा। पढ़कर ठिठककर खड़े हो गए। सोचा ऐसा 'प्रेम घराने' का संदेश कहाँ से आया जो मानों उलाहना दे रहा हो कि समय देकर भूल गए।
संदेश पढ़ा तो पता लगा कि संदेश डुओलिंगों (Duolingo) एप्प का था। स्पेनिश सीखने का आज का पाठ पूरा करने के लिए बुला रहा था। हमने कोई जवाब नहीं दिया। लेकिन मन में तय किया कि घर लौटकर आज का पाठ पूरा करेंगे।
पिछले कुछ दिनों से डुओलिंगों एप्प से स्पेनिश सीख रहे हैं। स्पेनिश सीखने का मन मारखेज का उपन्यास 'हंड्रेड ईयर्स इन सॉलिट्यूड' पढ़ने के बाद हुआ। दो साल पहले सीखना शुरू किया था। स्पेनिश और अंग्रेजी की लिपि एक जैसी है। शब्द भी एक जैसे सरीखे हैं। अंग्रेजी का हेलो स्पेनिश में Hola है, चाय स्पेनिश में te है, काफ़ी cafe है। इसी तरह की और भी समानताएं हैं। लगा सीखना आसान है। कुछ दिन सीखा, कुछ शब्द याद हुए । लेकिन फिर अभ्यास छूट गया और सब भूल गए।
इस बीच डुओलिंगों रोज़ उलाहने, शिकायत और मनुहार वाले अंदाज़ में सीखने के लिए उकसाता रहा। उसके कुछ संदेश देखिए :
-3 मिनट हैं? आज से ही दोबारा स्पैनिश सीखना शूरू करें!
- No body ignores me ...for long.
- अनूप, are you over learning spanish ?
- अनूप शुक्ल, क्या आपका स्पैनिश सीखने से मन भर गया है?
-अनूप, आपने duo को दुखी कर दिया।
इस तरह के संदेशों को पढ़ने के बाद दुबारा सीखना शुरू किया स्पैनिश। इस बार पक्के तरीके से लिख-लिखकर शब्द याद करते हुए सीखना शूर किया। बीस-पचीस शब्द याद भी हो गए हैं।
लिखकर सीखने से याद करना आसान होता है। उर्दू का क़ायदा भी पिछले दिनों लिखकर अभ्यास किया था। बहुत धीमे-धीमे पढ़ने भी लगे थे, मिला-मिला कर, अटक-अटक कर। पिछले दो हफ़्ते से अभ्यास छूट गया। अटकन बढ़ गई। अब फिर से नियमित अभ्यास करना शूर करना है।
उर्दू का अभ्यास तो कल से करेंगे। फ़िलहाल स्पैनिश का अभ्यास कर लें। डुओलिंगों बुला रहा है। उससे रुका नहीं जा रहा है। हमारे भी हाल वैसे ही हो रखे हैं। आग बराबर लगी है दोनों तरफ़।
चलते हैं कागज कलम उठाकर, मोबाइल आन करके स्पैनिश सीखने। आप भी कोई मन चाही भाषा सीखिये डुओलिंगों एप से। मुफ्त में सिखाएगा। प्यार से।

https://www.facebook.com/share/p/16xnHmR8iq/

No comments:

Post a Comment