Monday, June 27, 2022

नहर किनारे तक साइकिलिंग



कल इतवार को लम्बी साइकिलिंग का प्लान था। Sumit Prasad सुमित कई बार से नहर तक चलने को कह रहे थे। टलता गया मामला। इस बार निकल लिए।
आर्मी गेट से निकलते ही सुमित मिले। इंतजार करते हुए। बाकी लोग आगे निकल गए थे। हम दो ही आगे बढ़े। सड़क पर पसीना बहाते लोग दिखे।
मऊ गांव के पहले घास, झाड़ियों से घिरे मैदान में क्रिकेट खेलते दिखे बच्चे। पिच पर घास, अगल-बगल घास। उनको देखते पेड़। सबके साथ खेल हो रहा था। सहअस्तित्व का भाव मूर्तिमान था। 'लगान' पिक्चर की याद आईं।
बस्ती से निकलते हुए आगे बढ़े। लोग घरों के बाहर बैठे बतिया रहे थे। कुछ लोग बीड़ी पीते हुए गपशप रत थे। लोग हमको आते देखकर, देखना शुरू करते, नजरों के ओझल होने तक देखते। गरदन का व्यायम हो जाता। पूरा 180 डिग्री घूम जाती गर्दन। इसी बहाने समय बिताने का बहाना।
खन्नौत नदी के पुल के पास, पीछे से फटफटिया पर इफरा के पापा अपने बेटे के साथ धड़धड़ाते हुए आये। बोले-'हम लोग इंतजार कर रहे थे आपका। आपके बंगले के बाहर से कई बार गुजरे। इफरा कह रही थी अंकल जी से मिलना है। आज अभी सो रही है। घर आइएगा लौटते में। हम इंतजार करेंगे।'
वापसी में आने का वायदा करके हम आगे बढ़े। नदी के पुल के पास के बगीचे में कुछ बच्चे पेड़ से गिरे आम बीन रहे थे। कुछ पेड़ में ढेले मारकर आम तोड़ रहे थे।
आगे साइकिल पर एक बुज़ुर्गवार अपने से भी बुजुर्ग साइकल पर जाते दिखे। कपड़े के नाम पर पटरे का जांघिया। कमर पर बंधा धागा। आहिस्ते-आहिस्ते साइकिल चलाते , पूरे इलाके को मौका मुआयना वाली निगाह से देखते। अंदाज ऐसा कि पूरा इलाका उनका ही हो।
कुछ देर बाद ही मुख्य सड़क पर आ गए। मोहम्मदी की तरफ जाती हुई। भावलखेड़ा अगला कस्बा था। भावलखेड़ा पहुंचकर मोड़ पर ही चाय की दुकान दिखी। रुक गयी साइकिल। चाय पीना भी जरूरी।
चाय की दुकान के सामने एक बुजुर्ग दिखे। एकदम यायावर टाइप। बगल में रखी गठरी। हम अनायास उनसे बतियाने पहुंच गए।
पता चला बुजुर्गवार इलाहाबाद के पास के सनौरी से चले आये हैं। ऐसे ही रेंगते-चलते। जहां मन किया रुक गए। जहां रात हुई ठहर गए। बताया कि पास में कुछ दाल-चावल, रुपये भी थे। कुत्ते सब खा गए।
घर परिवार में बच्चे हैं। पिता हैं। सब हैं। फिर क्यों ऐसे घूम रहे। बोले-'ऐसे ही निकल आये। वापस चले जायेंगे चलते-फिरते।'रास्ते का पता पता नहीं। थोड़ा बहुत पढ़ लिख लेते हैं। नाम-वाम पढ़ने भर का।'
नाम बताया चौहान। चौहान जी को चाय पिलाई गयी। कल से कुछ खाया नहीं था। तमाम असंबद्ध बातें। कानपुर के पंकज बाजपेई याद आ गए। चौहान जी को ग्लूकोस के बिस्कुट दिलाये गए। बिस्कुट लेकर सड़क पार करके अपने ठीहे की तरफ जाते हुए चौहान जी को देखकर केदारनाथ जी की कविता याद आयी:
मुझे आदमी का सड़क पर करना
हमेशा अच्छा लगता है
क्योंकि इस तरह
एक उम्मीद सी होती है
कि दुनिया जो इस तरफ है
शायद उससे कुछ बेहतर हो
सड़क के उस तरफ।
इसके पहले सड़क किनारे एक झोपड़ी में एक बुजुर्ग चाय छानते दिखे। स्टील के कप में अपने लिए चाय लेकर पास की गुमटी में आकर बैठकर चाय पीने लगे। पास में बुजुर्ग महिला चुपचाप दाल बीन रही थी। हमने पूछा- ' उनको चाय नहीं दी।'
'बना के रख दी है।'- बुजुर्ग ने इशारे से कहा। बुजुर्ग महिला चुपचाप अनाज बीनती रही।
उनको देखकर लगा -'एक उम्र के बाद दम्पत्तियों में संवाद की भाषा मौन हो जाती है।'
दम्पत्ति ही क्यों। किसी भी रिश्ते में एक समय बाद संवाद शब्दों का मोहताज नहीं रहता।
लौटते हुए फिर वही बुजुर्ग दिखे। दुकान पर बैठे। कुछ छोटे-मोटे सामान बेचते।
हमने पूछा -'यहां कौन सामान खरीदता होगा तुम्हारा? कैसे घर चलता है?''
'चल जाता है ऐसे ही।'- कहते हुए चुप हो गए। उनकी आवाज में निराला की कविता -'वह मार खा रोई नहीं' और 'दुख ही जीवन की कथा रही' वाले भाव थे।
बाद में बगल में साइकिल के पंचर बनाने वाले ने बताया -'इनका जवान बेटा नहीं रहा था। उसके इलाज में घर-बार सब बिक गया। बेटा शादी -शुदा था। अब उसके बच्चे बड़े हो गए। पास के ही गांव में रहते हैं वो। दिल्ली में काम करते हैं। ये बुजुर्ग सालों से ऐसे ही रहते हैं।'
भावल खेड़ा से आगे नहर दर्शन की लालसा में आगे बढ़ते गए। जिससे पूछो , कहता -'बस थोड़ी देर है।'
एक जगह एक बुजुर्ग आम चूसते दिखे। उनसे बतियाये। बताया कि मोहम्मदी के रहने वाले हैं। अब यहां रह रहे। घोड़ा गाड़ी है। उससे भट्टे के ईंटे ढुलाई करते हैं। घर में बेटे-बहु, नाती-पोते हैं। सब मजे में हैं । टहलते हुए आम चूसते हुए वे इधर-उधर हो गए।
रास्ते में तमाम नजारे दिखे। कोई बस का इंतजार करता, कोई सड़क पार करता। कहीं महिलाएं सड़क किनारे फसक्का मारे बैठी, बतियाती। शीघ्रपतन और नामर्दी के इलाज वाले इश्तहार जगह-जगह दिखे। इलेक्ट्रॉनिक धरमकांटे भी कई जगह दिखे।
चलते-चलते शारदा नहर तक पहुंचे। नहर में पानी पूरे प्रवाह से बह रहा था। इतना कि अगर नहर में उतरे तो बह जाएं। बड़े इलाके को सींचती है नहर। कितना मेहनत से बनाई गई होगी नहर। नहर के पास कुछ देर की फोटोबाजी के बाद वापस लौट लिए।
लौटते हुए हवा अनुकूल थी। तेज चाल आये। रास्ते में चौहान जी आते दिखे। सर पर गठरी रखे। घर लौट रहे थे। पता नहीं कब लौटेंगे। लेकिन उनका घर से निकलना और वापस का कारण समझ नहीं आया। यही लगा :
घर से बाहर जाता आदमी
घर वापस लौटने के बारे में सोचता है।
वापस लौटते हुए एक जगह दुकान पर एक बच्चे के बाल कटते देखे। बच्चा सर झुकाए हुए चुपचाप बाल कटवा रहा था। स्टाइल पता नहीं कौन सा था। लेकिन यही चल रहा है आजकल।
इस बीच इफरा के पापा के कई फोन आये। वे हमारा इंतजार कर रहे थे। उनके घर गये। पता चला कि पुरानी फोटो और वीडियो जो हमने लगाए थे वो सबने देखे थे। इफरा की खाला ने देखे तो इनको बताया। फिर सबने देखे। इफरा की मम्मी 'बेबी गुलिशतां' ने अपने बेटे के एडनिशन की चिंता जाहिर की। दोनों मियां-बीबी की चाहत है कि बच्चे अच्छे से पढ़ जाएं। ईश्वर उनकी तमन्ना पूरी करे।
इफरा के घर से चलकर वापस अपने घर आ गए। इतवार को कुल साइकिल चली 33.68 किलोमीटर।

https://www.facebook.com/share/p/j6CL4bvKXcqfsGab/

Friday, June 24, 2022

सबसे खूबसूरत शहर



अखबार अक्सर रह जाता है पढ़ने से। देर से आता है। आज कुछ जल्दी आ गया। हाथ में लेते ही पीछे का पन्ना खोला। सामने के पन्ने पर आजकल विज्ञापनों का कब्जा रहता है। विज्ञापनों में अक्सर ऐसी शक्लों और खबरों की वाहवाही दिखती है कि पहला पन्ना अखबार का सबसे वाहियात पेज लगता है। जिनको आप देखना न चाहें उनकी मुस्कराती शक्ल देखना वह भी सबसे पहले, अहमकपन वाली बात है।
इसीलिए शुरुआत पीछे से करते हैं , अखबार पढ़ने की।
यह कुछ ऐसे जैसे घर के मुख्यद्वार पर माफिया कब्जा कर ले तो घर का मालिक , अदालत में केस करके, पिछवाड़े से आने-जाने लगे।
पीछे के पन्ने पर पहली खबर दुनिया के बेहतरीन शहरों के बारे में थी। वियना को सबसे बेहतरीन शहर बताया गया है। कनाडा के तीन शहर हैं लिस्ट में। हिंदुस्तान के शहरों का पहले 100 में नम्बर नहीं। दिल्ली को मिला 112 वां और मुम्बई को 117 वां।
सीरिया की राजधानी दमिश्क सबसे निचले पायदान पर है। वैसे भी युद्ध और तबाही से बर्बाद हो गया शहर रहने लायक कैसे हो सकता है। फिर भी तमाम लोग अभी भी वहां रहते होंगे और खाने को मिलता रहे तो इसे छोड़ना नहीं चाहते होंगे।
Samiksha Telang का 'पुणे तेथे, काय उणे' ( दुनिया में जो भी खास है, वो पुणे में न हो यह हो नहीं सकता) वाले पुणे का जिक्र भी नहीं। अपना 'झाड़े रहो कलट्टरगंज' वाला कानपुर भी गायब है। सर्वे में पक्का धांधली हुई है। जांच बिठाई जाए। जांच की रिपोर्ट आने तक शहरों की रेटिंग स्थगित की जाए।
दुनिया के तमाम लोग अपने-अपने हिसाब से अपने शहरों को पसंद करते हैं। बनारस वाले तो बहुत पहले ही कह चुके हैं -'जो मजा बनारस में, वो न पेरिस में , न फारस में।' मतलब इसके बाद भी बनारस का नाम न आये लिस्ट में तो गड़बड़ तक है ही।
लिस्ट में हमारे शहर का नाम न होना उसी तरह है जैसे त्रिलोचन जी एक कविता में लिखते हैं :
"सुना है प्रगतिशील कवियों की एक लिस्ट निकली है,
उसमें त्रिलोचन का नाम नहीं है।"
यह लिस्ट हमारे शहरों के नाम के बिना है। इसको खारिज ही करना चाहिए।
यह सर्वे शायद शहरों के अच्छे इलाकों को देखकर हुआ हो। अगर कोई लिस्ट ऐसी बने जिसमें दुनिया भर के सबसे खराब इलाके शामिल हों तो इन देशों की क्या हालत हो, पता नहीं।
हमारे यहां जो खराब इलाके हैं उनमें अनगिनत लोग अमानवीय स्थिति में रहते हैं। सबसे खराब इलाके और सबसे अच्छे इलाके की सुविधा में अंतर देखा जाए तो अनुपात एक और लाख का होगा। शायद और भी ज्यादा हो। दिन पंर दिन यह अंतर बढ़ता जा रहा है। आगे भी यह बढ़ते ही जाना है, ऐसा लगता है।
कारण और निवारण हमारे बस की बात नहीं। हम तो फिलहाल यही कह रहे कि लिस्ट फर्जी है। हम जहां रह रहे , वह जगह दुनिया की सबसे खूबसूरत जगह है। दुनिया में अगर कहीं स्वर्ग है तो यहीं हैं। वैसे भी कहते हैं न, खूबसूरती देखने वाले की आंख में होती है।
आप क्या कहते हैं इस मसले में?

https://www.facebook.com/share/p/5g1oJ6EoQmNuBX2D/

Thursday, June 23, 2022

किताबों का साथ

 सुबह का समय बड़ा कीमती होता है , बड़ा बवालिया भी। दो-तीन घंटे में तमाम काम कर लेने का मन होता है। इस चक्कर में कोई पूरा नहीं होता ।

पहला तो काम होता है हड़बड़ाते हुए टहलने का। वो तो कर लेते हैं, अक्सर। इसके बाद मन करता है कि साइकिलिंग के लिए निकला जाए। जब तक टहलाई पूरी होती है , तब तक लगता है - 'आज देर हो गई , अब कल निकलेंगे ,पक्का !'
इसके बाद आता है नंबर पढ़ाई का। मन करता है कि कोई किताब पूरी पढ़ ली जाए। लेकिन अक्सर मामला आधा-अधूरा ही छूट जाता है।
‘कई चाँद थे सरे –आसमां’ पढ़ने के बाद सोचा था कि कोई और किताब पूरी पढ़ेंगे। इस चक्कर में दो किताबें तय की थीं -एक हावर्ड फ्रास्ट की लिखी और अमृत राय द्वारा अनूदित 'आदि विद्रोही' और दूसरी Jack Kerouac की लिखी On the Road । आदि विद्रोही तो कई बार पढ़ चुके हैं लेकिन लगता है इस बार पढ़ेंगे तो कायदे से। कायदे से मतलब चुनिंदा अंशों पर निशान लगाते हुए। यह किताब अब छपाई में उपलब्ध नहीं है तो यह भी सोचा कि इसको टाइप करके नेट पर भी डाल दें। लेकिन इत्ते पेज टाइप करने का समय मिलना मुश्किल।
On the Road एक बार शुरू की थी लेकिन कुछ पन्ने पढ़ने के बाद रुक गए। अब दुबारा फिर पढ़ेंगे। यह किताब Priyanka Dubey ने सुझाई थी एक बातचीत में। सुझाने की बात चली तो बताएं कि ‘कई चाँद थे सरे –आसमां’ खरीद तो मैंने दो साल पहले ही ली थी लेकिन इसको पढ़ने का मन बना S Nath Bhardwaj शम्भूनाथ जी की एक बातचीत को सुनकर।
समगोत्रीय ,कनपुरिया , युवा और सक्रिय बुजुर्ग का इतना असर तो होता ही है। यह अलग बात कि उनकी सुझाई एक और किताब खान अब्दुल गफ्फार खां की आत्मकथा ' मेरा जीवन मेरा संघर्ष' आधी पढ़ी हुई रुक गई। दूसरी किताबों ने इसको पढ़ना स्थगित करा दिया।
Mario Vagas Liosa लिखित Aunt Juliya and the Scriptwritre भी मनोहर श्याम जोशी की सुझाई Prabhat Ranjan जरिए पता लगी किताब भी एक तिहाई पढ़ने के बाद ठहर गई। जूलिया आंटी के किस्से भी पूरी पढ़ने हैं।
होता अक्सर यह है कि जब कोई किताब पढ़ने बैठो तो तमाम दूसरी किताबें ललचाती हैं। ऐसी में अनगिनत किटाबे अधपढ़ी छूट जाती हैं। कल ही शाम को श्रीलाल शुक्ल जी की 'मकान' देखने लगे तो शुरुआत हुई :
'इस नगर की सड़के जितनी गंदी हैं , नगर-निगम का दफ़तर उतना ही शानदार है।'
इसको पढ़ते हुए युसूफ़ी साहब का लंदन के बारे में पढ़ा हुआ जुमला याद आ गया - 'लंदन में और कोई खराबी नहीं सिवाय इसके कि यह गलत जगह बसा हुआ है। '
इसके बाद इसके सम्मोहन में आ गए। बीस-पच्चीस पेज पढ़ गए। पहले भी पढ़ चुके हैं लेकिन लगता है पहली बार पढ़ रहे हैं। कुछ देर बार ठहर गए। लगता है फिर पढ़ेंगे -तसल्ली से।
अच्छी किताबें पढ़ते हुए ऐसा लगता है कि यह किताब खत्म हो गई तो फिर क्या करेंगे ! यह बेवकूफी वाला भाव भी कई बार अवरोध पैदा करता है पढ़ाई में ।
इसी चक्कर में तमाम दोस्तों की किताबें भी अधपढ़ी रह जाती हैं।
आपके साथ भी ऐसा होता है क्या ?

https://www.facebook.com/share/p/ouYDaH9QXCRGKfhT/

Tuesday, June 21, 2022

योग दिवस पर साइकिल योग



आज अंतरराष्ट्रीय योग दिवस है। योग के कार्यक्रम होंगे दिन में। शुरुआत 'साइकिल योग' से हुई।
साइकिल से निकले। स्कूल में रात की ड्यूटी का दरबान कपड़े बदलकर घर जाने की तैयारी कर था। हमको देखकर नमस्ते करने के चक्कर में देर हो गयी।
औपचारिकताओं के अलग बवाल हैं। हर औपचारिकता समय की कुर्बानी मांगती है।
मंदिर तिराहे पर 100 डायल कर में बैठा ड्राइवर कार का दरवाजा पखने की तरह खोले मोबाइल पढ़ रहा था।
एक बुजुर्ग छड़ी के सहारे अपनी पोती के साथ टहल रहे थे। स्कूल की पुलिया पर बैठी दो महिलाएं आपस में अगल-बगल देखते हुए बतिया रहीं थीं।
मेन रोड पर आकर सीधे चले चले गए। इस रास्ते पहले नहीं आये थे। चौड़ी सड़क। चलते गए। आगे बस्ती शुरू हुई। कुछ जगह मोहल्ला गोदियाना लिखा दिया। गोदियाना नाम क्यों पड़ा पता नहीं।
एक तालाब किनारे एक आदमी तालाब के पानी को देखता कम घूरता ज्यादा बैठा था। पानी उसके देखने और घूरने से डरकर हिलडुल रहा था। कीचड़ और जलकुंभी के मोटापे के कारण तालाब भी थुलथुल हो गया था। तेजी से हिल नहीं पा रहा था। आदमी तालाब की बेबसी को समझता हुआ चुपचाप उसे देखता रहा।
एक दुकान पर नाम लिखा था -'अनूप मोबाईल शाप'। हमारे नाम से कब खुली दुकान हमको पता ही नहीं। हम तो आम इंसान लेकिन तमाम महान लोगों के नाम ऐसे ही तमाम योजनाएं चलती रहती हैं। उनके नाम घपले-घोटाले होते रहते हैं। उनको पता ही नहीं चलता।
एक नौजवान कंधे पर दो झाड़ू लिए और हाथ में फावड़ा पकड़े तेजी से आता दिखा। साथ के आदमी से उसने कुछ मजाक किया। आगे जाकर दुकानों की सफाई में जुट गया। हमने बात करना शुरू किया तो कुछ बोलने से पहले उसने सफाई दी -'वो हमारा दोस्त है। हम ऐसे ही मजाक कर रहे थे।'
हंसी-मजाक पर भी आजकल सफाई देनी पड़ रही है। उस नौजवान की बात सुनकर लगा कहीं ऐसा न हो कि आने वाले समय में समाज मे मजाक के लिए अनुमति लेने का कानून बन जाये। बिना अनुमति मजाक करना दण्डनीय अपराध और सजा या जुर्माने का कारण बन जाये।
फिर तो न जाने कितने लफड़े होंगे। करोड़ो लोग मजाक करने के बावजूद पकड़े नहीं जाएंगे। 'मजाक अपराध' में दिनो दिन बढोत्तरी होगी। न जाने क्या-क्या बवाल हो सकते हैं। अभी इस बारे में सोचा ही न जाये तो बेहतर।
एक दुकान के चबूतरे पर दो कुत्ते बैठे थे। ऊंचे चबूतरे पर बैठा कुत्ता इतना चौकन्ना और घबराया सा इधर उधर देख रहा था कि मानो उसको डर है कोई दूसरा कुत्ता न उस चबूतरे पर कब्जा कर ले। पास में टहलती मक्खी पर उसने बड़ी तेजी से अपनी पूंछ से हमला सा किया। मक्खी शायद उड़ गई होगी। वह खिसियाया सा दूसरी तरफ देखने लगा।
दूसरा कुत्ता शायद रखवाली के काम में लगा था , सो रहा था। यह भी हो सकता है कि उसकी ड्यूटी रात की शिफ्ट में रही हो। ड्यूटी पूरी करके सो रहा हो। किसी के बारे में बिना जाने कोई धारणा बनाना ठीक नहीं।
एक बुजुर्ग अपनी नातिन को टहलाते हुए दिखे। बिटिया का नाम बताया -माहम। पता चला फैक्ट्री से 2014 में रिटायर हुए। उनके समय के महाप्रबन्धकों के नाम पूछे तो बोले-'न जाने कितने जीएम आये। नाम याद नहीं।'
जो लोग तख्ते-कुर्सी के लिए मारामारी में लगे रहते हैं उनको समझना चाहिए कि आम आदमी उनके नाम भी नहीं गिनता।
बिटिया को खिलाते हुए बुजुर्गवार टहलते चले गए।
एक जगह चबूतरे पर दो बुजुर्ग बैठे दिखे। एक बीड़ी पीते, दूसरे हवा पीते और सड़क को देखते तसल्ली से बैठे। बात करने के बहाने हमने रास्ता पूछा। रास्ता बताकर फिर बीड़ी पीने लगे बुजुर्गवार। लगता है वो बतियाने के मूड में नहीं थे। हम आगे निकल लिए।
आगे फल सब्जी की मंडी दिखी। सड़क पर भीड़ में फल सब्जी बिक रहे थे। आम की 25 किलो की पेटी 750 रुपये में बिक रही थी। मतलब आम 30 रुपये किलो थोक में। फुटकर में और महंगा होगा। कुछ साल पहले हमको याद है हमने आठ रुपये किलो आम खाये थे। मंहगाई बढ़ गयी है।
गुप्ता समोसा कार्नर दिखा। आलू ही आलू हर तरफ। एक तरफ देग में आलू उबल रहे थे। देग के ढक्कन के नीचे बोरे से ढंके थे आलू। कोई देख ले उबलते हुये तो समोसा न खाए। अंदर आलू छिलके समेत कसे जा रहे थे। मिलाए जा रहे थे। अंधेरे में आलू घुट घुटकर समोसे में बदल रहे थे। पूछने पर हाथ के इशारे से बताया 40 साल पुरानी दुकान है। बरेली तक जाते हैं समोसे।
गुप्ता समोसा कार्नर के साथ लगी नाली में एक आदमी नाली के पानी में हाथ डाले कुछ खोज सा रहा था। हमें लगा अंदर कुछ गहरे सफाई कर रहा है। कुछ देर में उसने नाली से निकला सिक्का हाथ में रखकर दिखाया। किसी ने फेंका होगा। उसको आशा होगी तभी खोज रहा था। आशा ही जीवन है।
वहीं बगल में ही फुटपाथ पर एक आदमी अपने बच्चों के साथ बैठा चाय पी रहा था। दिल्ली से आया है। प्राइवेट बस से। रात भर के सफर से थका हुआ है। आगे अपने गांव जाना है। 18-20 किलोमीटर दूर गांव है। कोई ऑटो वाला तैयार नहीं हो रहा है। जो तैयार हो रहा है वह आने-जाने का किराया मांग रहा है। मोलभाव चल रहा है।
एक बैटरी रिक्शा वाला बोला -'बैटरी ख़त्म हो जाएगी। जा पाएंगे तो आ नहीं पाएंगे। बैटरी होती तो हम चले चलते।' बताया -'एक बार की बैटरी चार्ज होने पार 60 किमी चले जाते हैं। 50 रुपये लगते हैं एक बार की चार्जिंग के। सुबह से बीस-पच्चीस किलोमीटर चल चुकी है गाड़ी। इसीलिए बोले -नहीं जा पाएंगे।'
उस परिवार को वहीं छोड़कर हम आगे बढ़ गए। श्रीरामलीला मैदान में योग दिवस के मौके पर योग शिविर चल रहा था। भारी भीड़ थी। सड़क पर लोग आ जा रहे थे। मार्निंग वाकर क्लब के लोगों ने दनादन सेल्फी और फोटो ली। वहीं कई तरह के फ्लेवर की ग्रीन टी भी वितरित हो रही थी। हमको भी जबरियन पिलाई गई। चाय पीकर हम घर आ गए।
घर के बाहर लान में एक पक्षी घास पर टहलते हुए कुछ चुन रहा था। खा भी रहा था। हमको पास आते देखकर उड़कर छत पर बैठ गया। उसको अपनी निजता का उल्लंघन करना अच्छा नहीं लगा।
हमको फोटो लेते देखने की कोशिश करते और असफल होते सूरज भाई देख रहे थे। पेड़ के पीछे छिपे हुए। हमने उनकी ही फोटो लेकर कोटा पूरा किया।
सुबह की सैर पूरी हुई।

https://www.facebook.com/share/p/uKboyofKsj5qcMmY/

Monday, June 20, 2022

स्कूल जाते बच्चे समाज की ख़ुशहाली का पैमाना



सुबह आज भी निकल ही लिए। साइकिल पर। हवा बढ़िया। मौसम सुहाना।
मार्निंग वाकर क्लब के लोग जमे हुए थे। कोई एक्सरसाइज में। कोई बतकही में। जो भी आता उसका स्वागत करते हुए। थोड़ी देर रुक गए तो फोटो भी हो जाती।
लोग टहलते हुए , बतियाते हुए मजे में घूम रहे थे। दोनों मैदान लोगों से गुलजार थे। एक बेंच एक मियां बीबी बैठे थे। उनके बीच की दूरी देखकर लग रहा था कि शायद पास-पास बैठने के संकोच से उबरने में अभी समय है।
आगे चार-पांच लोग बीच सड़क पर सड़क का लगभग 70 फीसदी हिस्सा अपने कब्जे में लेकर तसल्ली से टहल रहे थे।उनमें से एक अपनी मुट्ठी में सेव पकड़े था। अधखाया सेव देखकर लगा एप्पल कम्प्यूटर और घड़ी का विज्ञापन हो रहा हो। लगने को लग तो यह भी रहा था कि सेव को हाथ मे रखने के पीछे मकसद अपनी सुरक्षा का भाव है। कोई बोलेगा तो फेंक के मारेंगें। सेव को हाथ में रखने से कोई टोकेगा भी नहीं। सेव कोई पत्थर थोड़ी है।
एक जगह जूस की गुमटी दिखी। लिखा था -बरेली जूस कार्नर। साइकिल मोड़कर वापस पहुंचे। पूछा -'शाहजहांपुर में बरेली जूस कार्नर का क्या मायने हैं।' बताने के पहले मुस्कराए जूस वाले। बोले-' एक मुल्ला जी से खरीदी थी यह गुमटी। उन्होंने लिखवाया था यह। हमने नाम वही रहने दिया।'
जूस वाले भाई की बात से एक आम आदमी और संस्था/सरकार में अंतर का एहसास हुआ। कोई संस्था/सरकार होती तो सबसे पहले नाम बदलती। बाकी भले कुछ और न होता। नाम जरूर बदल जाता।
गोविंद गंज क्रासिंग के पहले बने मंदिर के सामने खड़ा एक भक्त सड़क पार से प्रणाम निवेदित कर रहा था। वाई-फाई प्रणाम। पहुंच गया होगा देवी-देवताओं तक। वे भी खुश होकर खुशहाली का टोकन जारी कर देते होंगे।
क्रासिंग के पार दो घोड़े आते दिखे। देश के आम आदमी की तरह कमजोर, दुर्बल। खुद के एक्सरे की तरह सड़क पर टहलते हुए। एक घोड़े की पीठ पर घाव के निशान थे। सुबह का समय होने के कारण शायद मक्खियां ड्यूटी पर न आई हों वर्ना पीठ घोड़ों की पीठ पर बिना किराए की सवारी कर रहीं होती, खून अलग से पी रही होंतीं।
कोतवाली के पास बंदरो का झुंड भगाता हुआ आ गया। पूरी सड़क सहम कर थम गई। उनमें से कुछ मादा बन्दर भी थीं जो अपने बच्चों को पेट से भाग रहीं थीं। बन्दर किसी बात और खौरीयाये हुए थे। शायद उनकी आपस में कोई कहासुनी हो गयी हो। अब बंदर कोई माफिया तो हैं नहीं जो उनके बीच गैंगवार हो रहा हो। न ही यह कह सकते हैं कि उनके यहां उनकी भलाई के लिए कोई योजना की घोषणा हुई हो जिससे नाराज होकर वे सड़क पर उतर आए हों। बंदरो की भाषा जानते नहीं थे वरना रोककर पूछते।
मंदिर के सामने मांगने वाले अपना ठीहा सजा रहे थे। एक भिखारी अपनी ट्राई साइकल से सामान समेटते हुए पहले से जमे भिखारियों से बतिया रहा था। सामने मोटरसाइकिल पर झुके पुलिस के सिपाही आपस में बतियाते हुई सुरक्षा व्यवस्था पर कड़ी नजर रखे हुए थे।
तिराहे पर शाहजहांपुर के तीन वीर रस के कवियों की मूर्ति पर के गले पर पड़ी सूखी गेंदे की माला उनके हाल बयान कर रही थी। कभी अपनी आवाज से पूरे मंच को हिला देने वाले कवियों की मूर्तियां चुपचाप सहमी सी , सावधान मुद्रा में खड़ी थीं।
पुल से उतरकर डॉमिनोज की दुकान दिखी। बन्द थी। दुकान के सामने ही कई मोटरसाइकिलें डॉमिनोज का बक्सा लादे चुपचाप खड़ीं थीं। बिन आर्डर सब सून। दुकान खुलने पर ये गुलजार होंगी। बकिया दुनिया में आज जो अर्श पर है कल वो फर्श पर होते हुए हड़प्पा काल में पहुंचेगा। इसमें कोई शक नहीं है।
फल की दुकानें अभी खुलीं नहीं थीं। एक केले के ठेले पर अलबत्ता केले बिक रहे थे। एक लड़के ने केले खाकर छिलका दूर फेंक दिया। छिलका केले से बिछुड़कर जमीन पर छिपकली की तरह औंधे मुंह पड़ा चुपचाप केले को लड़के के मुंह में जाते देख रहा होगा। उसको लग रहा होगा कि किसी नई जगह, नए देश चला गया उसका साथी केला। उसको क्या पता केला अब लुगदी बनकर पचने की मुद्रा में आ गया होगा।
एक बच्चा उचकते हुए साईकिल चलाते जा रहा था। हम बगल में लग लिए। पता चला कि केवी-1 में पढ़ता है फोर्थ-सी में। बच्चे क्लास पूछने पर सेक्सन जरूर बताते हैं। कनैजिया अस्पताल के पास से आता है। 630 से 930 तक स्कूल। स्कूल में मजा आता है।
खेल कौन से खेलते हो पूछने पर बताया -'छुपन-छुपाई, पकड़म-पकड़ाई।'
जिन लोगों ने बचपन में यह खेल खेले हैं उनको यह मालूम हो कि आज भी ये खेल बदस्तूर खेले जा रहे हैं।
पिता के बारे में पूछने पर बताया -'फार्मर हैं।'
किसान कोई नहीं बताता अपने पिता के पेशे को। सारे किसान फार्मर हो गए हैं।
इस बीच एक लड़का शायद अपने पिता के साथ मोपेड पर गुजरा बगल से। बच्चे ने उसका नाम पुकारा। बच्चा शायद सुन नहीं पाया।
लड़के ने मोपेड पर जाते बच्चे के बारे में बताया-'इसकी हाइट नहीं बढ़ रही।'
अनायास बिना पूछे लड़के ने अपने दोस्त के बारे में बताते हुए जो बताया वह उसकी कद के कम होने के बारे में बताया। यह शायद आजकल का चलन हो रहा है। पीठ पीछे किसी के बारे में बताते हुए हम यह ख्याल रखते हैं कि अगले की कमियां बिन बताई न रह जाएं।
लड़के ने मुझसे पूछा -'आप किधर जाओगे, केवी-1 या केवी-2 ? हमने कहा -हम न केवी-1 जाएंगे न केवी-2 हम अब घर जाएंगे।
घर जाते हुए रास्ते में कुछ बच्चे स्कूल जाते दिखे। स्कूल जाते बच्चे देखकर लगता है दुनिया में कुछ अच्छा हो रहा है। स्कूल जाते बच्चे किसी भी समाज की खुशहाली का पैमाना है।किसी समाज में जितने अधिक बच्चे नियमित स्कूल जा रहे हैं, वह समाज उतना ही खुशहाल है।

https://www.facebook.com/share/p/WHA4D3DiB1PFH2qY/

Sunday, June 19, 2022

टेंशन में बाल उड़ गए



आज साइकिलिंग के लिए कुल जमा चार लोग थे।आर्मी गेट पहुंचे तो मार्निंग वाकर फोटोबाजी में लगे हुए थे। हमको देखा तो हमको भी लपेट लिया, आइए फ़ोटो खिंचाए। हमने बताया –‘आप लोगों से साइकिल क्लब वाले परेशान हैं। उनकी शिकायत है कि उनके कार्यक्रम आप लोग हाइजैक कर लेते हैं।‘
‘ऐसा कुछ नहीं। हम लोग तो सबके साथ फोटो खिंचाते हैं। ये लोग तो हमारे लिए बच्चे सरीखे हैं’ –डाक्टर त्रेहन जी ने सबको शामिल करके फ़ोटो लेते हुए कहा।
संक्षिप्त फोटोग्राफी के बाद हम लोग साइकिलिंग के लिए निकले। साथ में चलते हुए डाक्टर विकास खुराना शाहजहांपुर से जुड़ी कुछ ऐतिहासिक जानकारी देते रहे।
बस्ती से गुजरते हुए लोग अपने दरवाजे पर बैठे हम लोगों को गुजरते हुए देखते रहे। एकाध जगह लोग बीड़ी फूंकते हुए तसल्ली से गपियाते दिखे। बीड़ी की बुराइयों को छोड़ दिया तो जाए तो यह मिलन-जुलन के लिए अच्छा और सस्ता उपाय है। बीड़ी से बीड़ी जलती है। लेकिन ऐसे देखा जाए हर नशा लोगों को जोड़ता है। यही सब बहाने बताकर लोग नशे से जुड़े रहते हैं। बीड़ी , तंबाकू ऐसे ही सस्ते नशे हैं जिनके बारे में कहावतें प्रचलित हैं। तंबाकू के बारे में पुरानी बात याद आई:
कृष्ण चले बैकुंठ को , राधा पकड़ी बांह ,
हियाँ तंबाकू खाय लेव, हुवाँ तंबाकू नाय।
लोगों के बगल से गुजरते हुए लोग हमको देखते। उनकी निगाहें गोया पूछ रही होती हैं –‘ये सब सुबह-सुबह कहाँ निकल लिए साइकिल पर। इनको और कोई काम नहीं है क्या ?’
बस्ती के बाहर एक आदमी अपनी बिटिया को कंधे पर बिठाए जा रहा था। साथ में बच्चा साइकिल पर। साइकिल रोक कर उससे बतियाने लगे। वे अपनी बच्चे को कंधे पर बिठाकर पुल तक ले जाते हैं। जाते समय पुल तक साइकिल बच्चा चलाता है। लौटते में बच्ची चलाती है। बच्ची केन्द्रीय विद्यालय में पढ़ती है। बच्ची की माँ ने दौड़-धूपकर फार्म भरवा कर एडमिशन करवाया है। इसके पहले बच्ची महिला कल्याण समिति के स्कूल में पढ़ती थी। पिछले साल कोरोना काल में स्कूल न खुलने के बावजूद पूरी साल भर की फीस मांगी गई तो एडमिशन केवी में करा दिया।
खुद आटो चलाते हैं कमर। शहर भर में चलते हैं। चार भाई हैं। पिता राज मिस्त्री का काम करते थे। कोरोना काल में मां नहीं रहीं। बीमार हुयी तो किसी डाक्टर ने देखा नहीं कोरोना के चलते। लखनऊ ले गए त तक शांत हो गयीं। उनके जाने के बाद पिता उनके गम में बीमार हो गए। लड़कों ने काम छुड़ा दिया। घर में रहो। हालांकि ठेकेदार कहता है काम पर आने के लिए लेकिन बच्चे जाने नहीं देते।
बात करते हुए कंधे पर सवार बच्ची अपने पिता के बाल पर प्यार से हाथ फिरा रही थी। इस बात का जिक्र करने पर कमर बोले –‘ सर के बाल सब टेंशन में उड़ गए। ‘
‘ किस बात का टेंशन ?’ हमारे पूछने पर बोले कमर –‘ बच्चों को अच्छी तालीम दिला सकें, उनको अच्छे से प पोस सकें इसी बात का टेंशन रहता है।‘
हमारी बातचीत से बेपरवाह बच्ची अपने पिता के सर के बालों में उँगलियाँ फिराती रही। आज पिता दिवस है। इस मौके की अनूठी तस्वीर बन गई। हालांकि वह तो रोज ही ऐसा करती होगी। उसका तो रोज ही ‘फादर्स डे’ मनता होगा।
बेटी का नाम बताया इफरा। हमने मतलब पूछा तो बताया –‘नाम का मतलब तो पता नहीं। मौलवी साहब ने रखा है। गुगलबाबा ने नाम का मतलब बताया – माहिर, होशियार। कमर ने कहा –‘होशियार तो है यह। सब काम फौरन समझकर कर लेती है।‘
इफरा के भाई का नाम भी पूछा गया-‘उजैर’। उजैर मतलब कीमती। बातचीत के क्रम में पता चला –दोनों बच्चे जुड़वां हैं।‘
चलते हुए हम लोग खन्नौत नदी के पुल पर आ गए। नीचे पुराने पुल की रेलिंग पर एक भाई जी तसल्ली से बीड़ी पी रहे थे। कमर भाई भी अपने बच्चों के साथ वहाँ पहुँच गए थे। हमने नीचे बैठे भाई जी से पूछा –‘क्या हो रहा है उधर?’
भाई जी ने जवाब दिया –‘मछली पकड़ रहे हैं।‘
मछली पकड़ने के नाम पर कोई औजार , जाल न देखकर हमको अचरज हुआ और पूछा –‘कैसे पकड़ रहे हैं मछली?’
‘अभी दिखाते हैं’ कहते हुए भाई जी ने बीड़ी बगलिया कर अपने पास की एक छुटकी सी बोतल में कुछ लगाकर डोरी के सहारे नदी के पानी में उतार दी। बताया यही औजार है। मछली पकड़ जाएगी तो पता चल जाएगा।
‘हमने पूछा कितनी देर में फँसेगी मछली?’ बोले –‘पता नहीं?’
‘नहीं फँसेगी तो क्या करेंगे ?’- हमने पूछा।
बोले –‘फँसेगी तो ठीक , नहीं फंसी तो भी कोई बात नहीं। घंटे-दो घंटे इंतजार करेंगें। फिर घर चले जाएंगें।‘
‘काम क्या करते हैं ?’ के जबाब में भाई जी ने बताया –‘कुछ नहीं।‘
हम कुछ और पूछें तब तक कमर ने बताया –‘ग्राम प्रधान थे इसके पहले। 15 साल लगातार प्रधान रहे। हमेशा जीतते रहे। इस बार खेल हो गया , हार गए।‘
‘क्या खेल हो गया?’ के जबाब में बताया कमर ने –‘इस बार जो प्रधान बना उसने तमाम सारे वायदे कर दिए। ये कराएंगे, वो कराएंगे। लोगों ने उसको वोट दे दिया। अब सब पछता रहे हैं। साल भर में ही परेशान हो गए। कह रहे हैं –‘बेकार चुना इसको’। पहले वाले प्रधान अच्छे थे।‘
मछली पकड़ते प्रधान जी की तारीफ करते हुए बोले कमर –‘कोई और होता इनकी जगह तो करोड़ों कमाता पंद्रह साल में। कोठी में रहता। इन्होंने ऐसा कुछ नहीं किया। अगली बार यही जीतेंगे।‘
आजकल हर जगह यही हो रहा है। चुनाव वायदे करके जीते जाते हैं। चुनाव के बाद वायदे बिसरा दिए जाते हैं।
नदी के दूसरी तरफ भी कुछ बच्चे मछली पकड़ रहे थे। उनके पास मछली पकड़ने का जुगाड़ अलग तरह का था। एक थपली टाइप औजार में नीचे थोड़ा छेद करके उसमें आटा लगाकर नदी में उतार दिया जाता है। आटे के लालच में मछली छेद में फंस जाती है।
कई बच्चे मछली पकड़ रहे थे। एक बच्ची देखते-देखते हुए पानी में उतर गई। अपना मछली पकड़ने के औजार पानी से उठाया और उसको हिलाते हुए पानी निकालते हुए जमीन में गिराने लगी। पानी के साथ मछलियाँ भी बाहर गिरती दिखीं।
नदी का पानी मछली , उनको पकड़ने वालों और हम से भी बेपवाह बहता रहा।
हम लोग आगे बढ़ गए।
आगे चलते हुए हम मुख्य सड़क पर आ गए। इसके बाद हथौड़ा बुजुर्ग चौराहे की तरफ से होते हुए लौटने लगे।
रास्ते में एक जगह तालाब जैसी जगह मिट्टी से पटते दिखी। आधा तालाब पट गया था। आधा तेजी से भर रहा था। कुछ दिन बाद तालाब सड़क की तरह बराबर हो जाएगा और वहाँ नए मकान बन जाएंगे। इसके बाद कभी-कभी शहर में तालाबों के खतम होने का स्यापा होता रहेगा।
एक जगह नदी किनारे योग कार्यक्रम हो रहा था। योग करने वाले लोगों के पीछे धोबी नदी में कपड़े धो रहे थे। कपड़े साफ हो रहे थे , नदी मैली हो रही थी।
शहर पहुँचने पर सब लोग अलग –अलग हो गए। हम भी वापस हो लिए। लौटते हुए पंकज की चाय की दुकान देखने गया । बंद थी दुकान। आगे नाले की मुंडेर पर बैठे उनके पिता एक दोस्त के साथ गपिया रहे थे। बताया –‘पंकज सो रहा है अभी। आठ बजे उठेगा , तब खोलेगा दुकान।‘
चाय की दुकाने भी अब दफ़तरों की तरह खुलने लगी।
आगे एक जगह एक महिला बैठी सूप बिनने के लिए तैयारी कर रही थी। सूप बीनते हुए देखकर लगा कि यह भी एक अनूठी कला है। कुछ देर उसको सूप बीनते देखते रहे। इस बीच एक और बुजुर्ग महिला एक छोटे बच्चे के साथ आई और वह भी सूप बीनने लगी। बच्चे को कई टाफियाँ दिलाकर लाई थी वह बुजुर्ग महिला। बच्चा टाफी खोलकर जमीन में रखकर उसको खाने का तैयारी कर रहा था। बुजुर्ग महिला ने बच्चे को टाफी जमीन से उठाकर ऊपर रखने का इशारा किया और काम में जुट गई।
लौटते में एक साइकिल की दुकान पर एक बुजुर्ग पंचर बनवाते दिखे। पंचर बनाने के बाद हवा भरते हुए फ़ोटो लेने की कोशिश की लेकिन पता चला मोबाइल की बैटरी खतम हो गई थी। हम मन मारकर आगे बढ़ गए और पैडलियाते हुए घर वापस आ गए। बिना मोबाइल कैसी घुमाई।
लौटते हुए भी तमाम नजारे देखे। देखना कोई मोबाइल का मोहताज थोड़ी है !

https://www.facebook.com/share/p/ZRZ1xPh43VW9XC7Y/