Tuesday, February 18, 2025

कोलम्बो का गंगा रामया मन्दिर , भगवान बुद्ध के पवित्र बाल


आठ फ़रवरी को दोपहर के लंच के बाद (पोस्ट की कड़ी टिप्पणी में) हम लोग घूमने निकले। शनिवार होने के कारण दफ़्तर और दुकानें ज़्यादातर बंद थे। सड़कों पर भीड़ नहीं थी। हम लोग कोलम्बो दर्शन के लिए निकले।
हमारी सबसे पहली मंज़िल थी कोलम्बो का प्रसिद्द बौद्ध मंदिर गंगा रामया मंदिर । इस बौद्ध विहार में भगवान बुद्ध के बाल के अवशेष रखे हैं।
भगवान बुद्ध के बाल के बारे में कहा जाता है कि भगवान बुद्ध के ज्ञान प्राप्ति के बाद दो व्यापारी भाई तपासु और भल्लिका उनसे मिलने आए। वे भगवान बुद्ध के पहले भक्त बने। भगवान बुद्ध से विदा लेते समय उन भक्त व्यापारी भाइयों ने भगवान बुद्ध से कुछ निशानी के तौर पर देने का आग्रह किया। भगवान बुद्ध जी ने अपने सिर के कुछ बाल उनको प्रदान किए। व्यापारी बंधुओं ने वे बाल विभिन्न बौद्ध विहारों में रखने के लिए प्रदान किए। उनमें से एक बांग्लादेश के चिटगाँव स्थित बौद्ध विहार भी था।
मार्च, 2007 में श्रीलंका के तत्कालीन राष्ट्रपति महेंद्र राजपक्षे की पहल पर चिटगाँव, बांगलादेश के बौद्ध विहार में रखे बालों में से कुछ बाल लाकर गंगा रामया विहार में रखे गए। कहते हैं कि उस समय यहाँ आसपास के इलाक़े में सूखा पड़ा था। भगवान बुद्ध के पवित्र बाल मंदिर में आते ही भारी वर्षा हुई और महीनों से पड़ा सूखा ख़त्म हो गया।
बौद्ध मंदिर पहुँचकर हम लोगों ने देखा कि मंदिर के बाहर सड़क की दूसरी तरफ़ पूजा के वस्त्र पहने भक्तों की भीड़ सड़क पर लाइन लगाए खड़ी थी। भक्तों की पंक्ति में सबसे आगे और सबसे आखिरी में एक हाथी भी खड़ा था। मंदिर के सामने प्रांगण में पूजा की अलग तरह की पोशाक पहने भक्त गण खड़े थे। पोशाक जालीदार जिरह बख्तर नुमा थी। पुरुष लोग ही शामिल थे भक्तों में।
थोड़ी देर में विभिन्न वाद्य यंत्र बजने लगे और मंदिर के प्रांगण में उपस्थित भक्तगण अपनी जगह पर नृत्य करने लगे। वाद्य यंत्रों की आवाज़ तेज़ी होती गयी और उसी क्रम में भक्तों का नृत्य तेज होता गया। कुछ देर बाद भक्त गण मंदिर से बाहर की तरफ जाने लगे। उनके पीछे एक पुजारी थाल में सोने का मुकुट लेकर जा रहा था। जुलूस के साथ पुलिस भी थी।
पता करने पर लोगों ने बताया कि साल में एक बार एक हफ़्ते प्रति दिन इस तरह के भक्ति जुलूस निकाला जाता है। यह मंदिर के आसपास के इलाक़े को रक्षा के लिए किया जाता है।
मंदिर की इस जुलूस और पूजा प्रक्रिया को देखने के लिए तमाम देशी और अधिकतर विदेशी लोग वहाँ मौजूद थे। थोड़ी देर के नृत्य के बाद भक्त लोग परिक्रमा के लिए मंदिर से बाहर चले गए। हम लोग मंदिर के अंदर प्रवेश कर गए।
सामने ही सोने का भगवान बुद्ध का मंदिर था। उसके अंदर ही भगवान बुद्ध के सर के बाल रखे थे । शायद किसी बक्से में सुरक्षित। भव्य भगवान की सोने की मूर्ति शीशे के कवर के अंदर रखी थी। लेकिन वहाँ पास तक जाने की किसी को कोई मनाही नही थी। फ़ोटो लेने में भी कोई रोक नहीं थी।
मंदिर के पीछे भगवान बुद्ध की अनेक प्रतिमाएँ एक के बाद एक सिलसिलेवार लगीं थीं। बुद्ध प्रतिमाओं के अलावा अन्य प्रतिमाएँ भी थीं। एक संग्रहालय में बौद्ध धर्म से जुड़ी अनेक चीजें रखीं थीं कुर्सी,मेज़, तस्तरियाँ, मूर्तियाँ और बौद्ध धर्म से जुड़ी किताबें। लोग उनके दर्शन करने आ रहे थे। वहीं पर पर पीपल का पेड़ भी था।
मंदिर के माध्यम से अनेक कल्याण कारी कार्यक्रम होते हैं। मंदिर के बाहर एक बड़ा सा कलश रखा था जिसके बाहर लिखा था -your generous support will bring happiness to children with special needs and uplift their lives (आपका उदारता पूर्वक किया सहयोग विशेष ज़रूरतों वाले बच्चों की सहायता और उनके भविष्य के उन्नयन में काम आएगा) हमने झांक के देखा तो कलश के नीचे पेंदे में कई रुपए पड़े थे। हमने भी कुछ योगदान दिया।
कुछ देर और मंदिर के प्रांगण में रहने के बाद हम लोगों ने वहाँ सामूहिक फ़ोटो खिंचवाया और बाहर आ गए।
गंगा रमैया मंदिर से कुछ दूरी पर ही स्थित सीमा मलाका मंदिर गए। गंगा रमैया मंदिर के प्रांगण में ही स्थित इस मंदिर में लोग ध्यान आदि करते हैं। यह मंदिर बीरा नहर के किनारे बना है। यह मंदिर 19 सदी में बनवाया गया था। मंदिर का मूल ढाँचा 1970 में पानी में डूब गया था। 1976 में इस मंदिर का पुनर्निर्माण श्रीलंका के आर्किटेक्ट Geoffrey Bawa ने लिया। मंदिर निर्माण के लिए आर्थिक सहयोग श्रीलंका के मुस्लिम व्यापारी S. H. Moosajee और उनकी पत्नी ने अपने पुत्र Ameer S. Moosajee की याद में किया था।
सीमा मलाका मंदिर के प्रांगण में कुछ देर बिताने के बाद हम लोग अंदर भी गए। अंदर कुछ लोग पूजा-ध्यान कर रहे थे। श्लोक जैसा कुछ बज रहा था। हम लोग कुछ देर वहाँ रहने के बाद बाहर आ गए। बाहर प्रांगण में मंदिर के किनारे कई बौद्ध मूर्तियों लगीं हुईं थीं।
कुछ देर मंदिर में रहने के बाद हम लोग बाहर आ गए। सूरज डूब रहा था। हम लोगों को सड़क पार करते देखकर आटो, टैक्सी रुक गए। तभी चले जब हम लोग सड़क पार कर गए। यह हमारे लिए विलक्षण अनुभव था। बाद में ऐसा होते कई बार देखा हमने।
सड़क किनारे एक इमारत में कई आफिसों के बोर्ड लगे थे। उनमें से एक पर cargills Food Hall भी लिखा था। हम काफ़ी देर तक सोचते रहे कि अपने यहाँ के कारगिल युद्ध से इस इमारत का क्या लेना-देना? बात में पता चला शहर में कई जगह cargills लिखा देखा तब पता चला कि यह भोजनालयों की एक शृंखला है।
गंगा रमैया मंदिर प्रांगण के बाद हम लोगों की अगली मंज़िल श्रीलंका स्वतंत्रता स्मारक थी। हम लोग बस में बैठकर उधर की तरफ़ चल दिए।

#श्रीलंका,#shrilanka-14

https://www.facebook.com/share/v/1E5WSbVeAo/ 


Monday, February 17, 2025

माउंट लावीनिया बीच -प्रेम की दो सौ साल पुरानी दास्तान


 कोलम्बो के माउंट लावीनिया बीच के नामकरण की कहानी रोचक है। सीलोन के दूसरे गवर्नर Sir Thomas Maitland ने "Galkissa" (Mount Lavinia) में कुछ ज़मीन ख़रीदी और 1806 में अपना खुद का आवास बनवाया। Maitland यहाँ के स्थानीय मेस्टिको ( पुर्तगाल और श्रीलंका मूल की) नर्तकी Lovina Aponsuwa से प्रेम करने लगा। उनका प्रेम का क़िस्सा उनको वापस इंग्लैंड बुलाए जाने (1811 ) तक चला। गर्वनर निवास जिसे Maitland ने Mount Lavinia House का नाम दिया था, अब माउंट लावीनिया होटल में बदल गया है और उस घर के आसपास का इलाक़ा लावीनिया के नाम से प्रसिद्ध हुआ।

2023 में Maitland और लावीनिया के प्रेम कहानी पर आधारित गीत "Loveena" लिखा गया। इस गीत को श्रीलंका के रक्षा सचिव कमल गुनारत्ने ने लिखा है (Kamal Gunaratne)।
मैटलैंड और लावीनिया के प्रेम का वर्णन करते गीत का लिंक टिप्पणी में दिया है। यूट्यूब में लोगों की टिप्पणियों के हिंदी अनुवाद देखकर उनके बीच के प्रेम की सघनता का अन्दाज़ लगाया जा सकता है।
पाँच साल चला प्रेम प्रसंग आगे के दो सौ सालों के बाद तक क़िस्सों, कहानियों , गीतों के रूप में चल रहा है। आज के दिनों में ये जो किस्से वायरल होने की बात कहती है उसकी बहुत परम्परा है।किस्से-कहानियाँ इसी तरह , बिना टिकट सफ़र करते रहते हैं। उनके माध्यम बदलते रहते हैं।
बीच पर एक पिता अपनी दो बच्चियों को घुमाने लाए थे। बच्चियाँ आपस में कूदने वाला कोई खेल खेल रहीं थीं। उनके पिता अपने बच्चों को खेलता देख रहे थे। कूद देर बाद बच्चियाँ रेत में पक़ड़म-पकड़ाई जैसा कोई खेल खेलने लगीं। इस बीच एक ट्रेन फिर निकली वहाँ से।
ट्रेन के गुजरने वाली जगह पर कोई रेलवे क्रासिंग नहीं थी। ट्रेन आने पर लोग अपने-आप रुक जा रहे थे। ट्रेन के निकल जाने पर आवागमन फिर चालू हो जा रहा था।
समुद्र किनारे के बुजुर्ग अपने साथ आई महिलाओं के फ़ोटो ले रहे थे। फ़ोटो सेट करने के लिए वे पहले लगातार पीछे आते गए। फिर उनको लगा कि दूरी ज़्यादा हो गयी तो फिर आगे बढ़े। काफ़ी देर बाद एक जगह खड़े होकर फ़ोटो खींचे उन्होंने।
वहीं बीच की रेत पर एक कौवा टहलता हुआ लोगों को समुद्र में नहाते देख रहा था। थोड़ी देर बाद कांव-कांव भी करने लगा। शायद मुझे लोगों के वीडियो बनाते देख उसने भी बिना कहे यह फ़रमाइश की क़ि उसका भी वीडियो बनाया ज़ाया। समुद्र पर जिस तरह टहलते हुए कौवा कांव-कांव कर रहा था उससे मुझे समीक्षा तैलंग Samiksha Telangकी किताब का शीर्षक याद आया -कबूतर का कैट वाक। यहाँ कौवा कैट वाक रहा था। उसकी कांव-कांव सुनकर मुझे लगा कि शायद वह अपनी वाली लावीनिया को पुकार रहा हो। किसी को अपनी लावीनिया को पुकारने के लिए कहीं का गर्वनर होना ज़रूरी थोड़ी है।
थोड़ी देर और बैठकर हम लोग वापस चल दिए। रेल की पटरी के पास एक चाय की दुकान पर चाय पीने का तय किया। दुकान की तरफ़ जाते हुए देखा कि एक बच्ची वहाँ की रेत पर झाड़ू लगाते हुए रेत की अल्पना जैसी बना रही थी। हमने उसका वीडियो बनाना शुरू किया तब तक उसने झाड़ू रख दी और दुकान के अंदर चली चली गयी।
चाय की दुकान पर एक बुजुर्ग महिला प्याज़ काट रही थी। हमने चाय माँगी तो उसने बताया -'बिना दूध की मिलेगी चाय। चीनी पड़ी हुई।' हमारे मित्र Sunil Chaturvedi वैसे तो डायबिटिक होने के बावजूद मिठाई-सिठाई खाते रहते हैं लेकिन चाय बिना चीनी के ही पीते हैं। उन्होंने कहा कि उनके लिए बिना चीनी की चाय बना दे। महिला ने माना कर दिया यह कहते हुए कि पानी नहीं है।
इस बीच हम झोपड़ी (दुकान) के अंदर पहुँच गए। एक बोतल में रखे पानी की तरफ़ इशारा करके यह है तो पानी। महिला ने टूटी-फूटी अंग्रेज़ी में बताया -'पानी ठीक नहीं है।' ठीक नहीं मतलब पीने का पानी नहीं है बोतल में।कारण और कोई भी सकता है लेकिन हम उसकी ईमानदारी के क़ायल हुए कि उसने ख़राब पानी की चाय नहीं बनाई।
महिला से दो-चार वाक्य का ही संवाद हुआ। वह पढ़ी-लिखी नहीं लगती थी। किसी पुराने उपन्यासों की ज़िम्मेदार माँ सरीखी वह महिला काम भर की अंग्रेज़ी और इशारों से अपनी बात कहती हुए अपनी दुकान चला रही थी। बाज़ार हर भाषा का सबसे तेज दुभाषिया होता है। लोग अपनी बात कहना और समझना सीख जाते हैं।
चाय पीकर हम लोग पैसे देकर वापस चल दिए। दो चाय के श्रीलंका की करेंसी में सौ रुपए हुए। हिंदुस्तानी रुपए में क़रीब तीस रुपए। मतलब एक चाय पंद्रह रुपए में।
दो सौ साल से भी पुराने दो प्रेमियों के नाम पर बसे समुद्र बीच पर चाय की इतनी क़ीमत बाजिब ही है।
रेल की पटरी पार करके हम लोगों ने आटो किया और होटल वापस चले आए।
पिछली पोस्ट में जो छाया वाली फ़ोटो का ज़िक्र किया था वह लगाने से रह गया था। वह इस फ़ोटो में लगा रहे हैं। पिछली पोस्ट का लिंक टिप्पणी में।

https://www.facebook.com/share/v/1cB3thdkrd/

Sunday, February 16, 2025

कोलम्बो के माउंट लाविनिया बीच की सुबह




 आज सुबह कोलंबो के माउंट लाविनिया बीच देखने आए। साथ में सुनील चतुर्वेदी Sunil Chaturvedi और उनके जीजा घनश्याम चतुर्वेदी जी । चार किलोमीटर की दूरी ऑटो से श्रीलंका के तीन सौ रुपये में तय हुई। बिल तो 309 रुपए का आया था। हमने पाँच सौ रुपए का नोट दिया तो आटो वाले रवि ने दो सौ रुपए वापस कर लिए। हमने भी हुज्जत नहीं की यह सोचकर कि 9 रुपए का डिस्काउंट मिला कोलम्बो में।

बीच के पहले रेलवे लाइन। उसके पार एक बच्ची दुकान कम घर ज़्यादा के सामने झाड़ू लगा रही थी। गंदगी नहीं थी फिर भी बार-बार रेत को सहेज रही थी। इससे बच्ची का सफ़ाई के प्रति लगाव साफ़ दिख रहा था। झाड़ू उस झाड़ू से अलग थी जो अभी तक दिल्ली में चल रही थी और अब जिसकी सींके बिखर गयीं हैं ।
हम पटरी पार कर रहे थे तब तक ट्रेन की सीटी सुनाई दी। हम बीच में थे लिहाज़ा जल्दी से लपककर पटरी पार कर गए। चतुर्वेदी द्वय जी दुर्घटना से देर भली पर अमल करते हुए ट्रेन के गुजरने का इंतजार करने के बाद पार आए।
बीच किनारे श्रीलंकन कोस्ट गार्ड का पोस्ट दिखा। लोगों को डूबने से बचाने के लिए। पोस्ट पर कोई दिखा नहीं, शायद इसीलिए कोई डूब भी नहीं रहा था।
वहाँ कुछ मछुवारे अपना जाल सुलझा रहे थे। पुलिस वाला उनके बगल में खड़ा था। शायद वह श्रीलंका कोस्ट गार्ड का सिपाही था।
लोग समुद्र किनारे टहलते, डुबकी लगाते, नहाते दिखे। कुछ लोग अपने साथियों की फोटो खींच रहे थे। फोटो खिंचवाने वालों में महिलाएं ज़्यादा थी, पुरुष उनकी फ़ोटो खींच रहे थे।
अपन लोग बीच किनारे ही एक पेड़ के तने पर बैठ गए। हमने अपने चतुर्वेदी जी ने हमारे फ़ोटो खींचे। हमारा समुद्र किनारे टहलते हुए वीडियो भी बनाया।
हमको एक दूसरे के फ़ोटो खींचते देखकर वहाँ साइकिल से टहलने आए एक कच्छाधारी भले मानस ने अपनी हमारे फ़ोटो खींचने के प्रस्ताव किया। हमने कैमरा उनको थमा दिया। उन्होंने हमारा फ़ोटो खींचा। हमने फ़ोटो खिंचते हुए उनका फ़ोटो खींच लिया। साईकिल के बगले में जाँघिया पहने झुके हुए फ़ोटो खींचते हुए फ़ोटोग्राफ़र पोज में बड़ा मज़ेदार फ़ोटो आया है।
कैमरा वापस करते हुए फ़ोटो खींचने वाले भाई जी ने बताया कि वे मूलतः केरल के रहने वाले हैं। मतलब उनके पिता केरल से हैं, माँ श्रीलंका की। यह परिचय उन्होंने अपने आप दिया। हमने सुनकर प्रसन्नता ज़ाहिर की। और कुछ बात करते तब तक वो समुद्र की तरफ़ बढ़ गए। कुछ देर बाद उनकी साइकिल भी नहीं दिखी। शायद वे चले गए थे।
हम जहां बैठे थे, सूरज हमारे पीछे था। हमारी छायाएँ बालू में लम्बी दिख रहीं थीं। हमको लगा अक्सर इमेज के साथ ऐसा ही होता है। दूसरे का सहारा लेकर लोग वास्तविकता से बड़ी छवियाँ बनाने, बनवाने का काम करते हैं। चूहे जैसे दिल वाले लोग अपने को बहादुर बताते हैं, पिद्दी सा हौसला रखने वाले अपनी छाती छप्पन इंच की बताते हैं, दुनिया भर की भ्रष्ट तरकीबें अपनाने वाले भारत माता की जय बोलकर अपने ईमानदार और देशप्रेमी बताते हैं। दुनिया भर में ऐसा हो रहा है। हमारी तस्वीर के साथ भी सही। हम सूरज को कुछ कह भी नहीं सकते। आप कुछ पूछ भी नहीं सकते क्योंकि ये हमारे और हमारी इमेज़ बनाने वाले सूरज भाई का व्यक्तिगत मामला है।
जो बड़ी इमेज हम लोगों की दिख रही थी उसके बीच में तमाम चप्पल जूतों के निशान भी दिख रहे थे। यह कुछ उसी तरह हैं कि जिस व्यक्ति की इमेज पीआर एजेंसी अच्छी बनाती है उस को तमाम लोग जुतियाने की मंशा भी रखते हैं। मन में ऐसा करते भी होंगे लेकिन मीडिया उसको सामने नहीं लाता।
इस बीच फ़ेसबुक पर Pradeep Sharma जी का एक कमेंट चमका तो हमने फ़ौरन उनको फ़ोन मिलाया और उनको कोलंबो के माउंट लाविनिया बीच के दर्शन मुफ़्त में कराए। साथ में इंदौर के घनश्याम चतुर्वेदी जी से बात भी कराई। दोनों इंदौरी बुजुर्ग इंदौर की बातों, गलियों, कूचे में घूमने लगे। मिलना-मिलाना भी तय हो गया। तब तक हम लोग बाक़ी समुद्र बीच के बाक़ी नज़ारे देखते रहे।

https://www.facebook.com/share/v/18HRyNSuJt/

Saturday, February 15, 2025

एला से नानू ओया

 


एला से नानू ओया के लिए ट्रेन चली थी क़रीब डेढ़ बजे। दोनों स्टेशन के बीच दूरी है 64 किलोमीटर। 14 स्टेशन पड़ते हैं बीच में। हर जगह रुकते हुए गाड़ी आगे बढ़ी। कुछ स्टेशन पर लोग बहुत कम दिखे, कुछ पर बिल्कुल नहीं। कहीं भीड़ भी दिखी।

किसी स्टेशन पर चाय/काफ़ी बेचने वाले नहीं दिखे। न ट्रेन में आए। अलबत्ता नानू ओया पहुँचने के क़रीब एक पकौड़े बेचने वाला आया। पकौड़े ठंडे थे और उसके तेल में अच्छी ख़ुशबू नहीं आ रही थी इसलिए लोगों ने लिए नहीं।
एक आदमी आँख का आपरेशन करवा वापस लौटा था। जिस आँख का आपरेशन हुआ था उसके ऊपर प्लास्टिक की कटोरी टाइप का लेंस उसमें माथे और गाल में लगे टेप से चिपका दिया गया था। लेंस में हवा आने के लिए रोशनदान जैसे सूराख भी बने थे। हम लोग जो खा-पी रहे थे उसकी खेप उस तक भी पहुँची तो उसने विनम्रता पूर्वक उसको ग्रहण करके धन्यवाद मुद्रा में आभार भी जताया।
फ़्रांसीसी परिवार पहले ही उतर चुका था। बालक जो नेपोलियन के बारे में किताब पढ़ रहा था, अपने दल का नायक टाइप था। सबको निर्देश दे रहा था। माँ अंग्रेज़ी नहीं जानती थी शायद। बच्चियों से फ़्रांसीसी में बतिया रही होगी, बच्चियाँ उसको उसी भाषा में जवाब दे रहीं थी। बच्चियाँ अलबत्ता हम लोगों से अंग्रेज़ी में बात कर रही थी। दोनों तरफ़ की अंग्रेज़ी हालाँकि कई बार लड़खड़ा, खड़खड़ा रही थी लेकिन मतलब सम्प्रेषित हो रहा था। याद आयी पाठक जी की कविता :
भाषा तो पुल है मन के दूरस्थ किनारों पर
पुल को दीवार समझ लेना बेमानी है।
क़रीब पौने छह बजे हम लोग नानू ओया पहुँचे। मतलब चार-सवा चार घंटे लगे 14 स्टेशन के बीच की 64 किलोमीटर की दूरी तय करने में। हमारा सामान बस से आया था। बस स्टेशन पर हमारा इंतज़ार कर रही थी।
नानू ओया स्टेशन के बाहर एक बस भोजनालय दिखा। बस के अंदर बैठने -खाने -पीने का इंतज़ाम था। बोनट पर लिखा था - We लव फ़ूड। बाहर बस बाडी पर भी खाने-पीने से सम्बंधित विवरण लिखे थे -the HUNGRY Traveller (भूखा यात्री) , गेट पर लिखा था -Come in we are open (अंदर आ जाओ, दुकान खुली है) I hear en empty stomach calling (हम भूखे पेटों की आवाज़ सुनते हैं)। इसी तरह के संदेशों से बस भोजनालय को आकर्षक बनाया गया था। एकाध लोग अंदर बैठे कुछ खाते भी दिखे। हम लोगों के लिए बस बग़ल में खड़ी इंतज़ार कर रही थे। हम लपक के अपनी बस में बैठे और होटल के लिए चल दिए।
होटल पहुँचने के पहले एक जगह एक झील भी देखनी थी। झील के पास बस रुकी लेकिन हम झील की तरह बढ़ने की बजाय उसके सामने बने भारतीय रेस्तराँ की तरफ़ बढ़े। सबके पेट कुड़बुड़ा रहे थे, सब चयासे थे। तय हुआ पहले पेट की माँग पूरी कर ली जाए तब झील दर्शन करेंगे।
पेट की आग ने सौंदर्य बोध की हत्या कर दी। हमेशा की तरह ।
होटल में चाय,पकौड़े, समोसे का आर्डर हुआ। समोसे बहुत स्वादिष्ट थे। चाय भी। सबने शाम का नाश्ता, चाय पानी करते हुए सामने की झील देखी। समोसे भारतीय रुपयों में पचास रुपए का एक था। चाय भी इसी के अल्ले-पल्ले। तसल्ली से नाश्ता करते हुए जब बस में बैठे तब तक काम भर की शाम हो चुकी थी। हम झील को दूर से ही देखकर होटल की तरफ़ चल दिए।
रास्ते में एक जगह हमारे गाइड चानक ने एक बिल्डिंग के तरफ़ इशारा करते हल्ला मचाते हुए बताया -'पोस्ट आफिस, पोस्ट आफ़िस।' हमने फ़ौरन चलती बस से अपने कैमरे से पोस्ट आफिस को अपने कैमरा का शिकार बनाया और मोबाइल में डाल लिया।
होटल पहुँचने पर अपने-अपने कमरे की तरफ़ बढ़े। हमको जो कमरा मिला था उसको खोलने पर देखा तो बिस्तर पर तौलिया दो हंसो के जोड़ों की तरह रखी हुई थीं। दूसरे कमरों में भी इसी तरह अलग-अलग आकृतियों में तौलिया लगी हुई थीं।
होटल में कुल जमा चार लोगों का स्टाफ़ दिखा । एक अकेला लड़का सबके कमरों तक सामान पहुँचा रहा था। एक अकेली महिला कमरा अलाट करने और खाना सर्व करने का काम कर रही थी। अंदर खाना बनाने का काम दो लोग करते दिखे। खाना बनाने की रसोई थोड़ा ऊँचाई पर थी। उसके खिड़की से डोंगे नीचे सप्लाई हो रहे थे। ऐसे जैसे ऊपर से खाना थ्रो किया जा रहा हो, नीचे कैच किया जा रहा हो।
खाना खाने का बाद सबका मन चाय पीने का हुआ। हमारे दल के एक बुजुर्ग ने वहाँ बुकिंग और सर्विंग करने वाली महिला को आदेशात्मक अनुरोध देते हुए कहा -'हमको चाय पीनी है, आप ही बना के लाइए।'
महिला ने मुस्कराते हुए आदेश स्वीकार किया और थोड़ी देर में चाय बना के ले आई। सबने चाय पीते हुए उस महिला की तारीफ़ की। कई बार तारीफ़ की। महिला को चाय का आदेश जैसा भी लगा हो लेकिन तारीफ़ सुनकर वह बहुत खुश हो गयी। उस महिला का कोई महिला मीडिया होता तो उसका बढ़-चढ़ कर डंका बजता -'भारत से आए लोगों ने शानदार तारीफ़ की। वे होटल की व्यवस्था देखकर दंग रह गए।'
यह बात अलग कि इस ख़बर की आड़ में यह छिप जाता कि होटल की सीढ़ियों से एक बुजुर्ग मुँह के बल गिरते-गिरते बचे। नेट कनेक्शन की ऐसी व्यवस्था रखी गयी थी कि मजाल कोई डाटा इधर से उधर हो जाए।
बहरहाल सुबह जब उठे तो वैलेण्टाइन डे था। सबने आपस में सबको हैप्पी वैलेण्टाइन डे कहा। नाश्ता करने के बाद होटल के बाहर की धूप में जमकर फोटोबाज़ी की। धूप अभी श्रीलंका में भी मुफ़्त है।
चलते हुए होटल स्टाफ़ के साथ भी फ़ोटो हुए। महिला मैनेजर ने अनुरोध किया कि होटल के बारे में अच्छी रेटिंग दें हम लोग। हम लोग 'हौ।' कहते हुए बस में बैठकर आगे की लिए चल दिये ।
https://www.facebook.com/share/p/1SDUSCGM3z/

Friday, February 14, 2025

श्रीलंका में रेल यात्रा


 श्रीलंका में घूमते हुए तमाम ऐसे अनुभव हैं जिनको मैं तुरंत लिख देना चाहता हूँ लेकिन घूमने से फुर्सत हो तब न। नेट भी लुकाछिपी करता रहता है। कल सुबह की अपलोड की हुई एक पोस्ट दोपहर तक घूमती रही। उसके बाद फेसबुक पर दिखी।

ग्रुप में ट्रिप लीडर अनन्य को छोड़कर बाकी सभी 45+ वाले लोग हैं। सबसे बुजुर्ग साथी 76 साल के हैं। तरह-तरह के अनुभव हुए होटलों में रहने के। Arvind Tiwari जी साथ आते तो यात्रा के अनुभवों से उनका होटलों पर लिखा जाने वाला उपन्यास शायद पूरा हो जाता। अरविंद तिवारी जी को हफ़्ते-हफ़्ते भर के दो- तीन टूर कर लेने चाहिए। कृपा वहीं अटकी हुई है।
कल ELLA एला से नानू ओया Nanu Oya आए। दोनों ही हिल स्टेशन जैसे शहर। छुटके शहर। अभी नानू ओया में ही रुके हैं।
एला से नानू ओया की यात्रा ट्रेन से हुई। पैसेंजर ट्रेन से। सारी ट्रेन अनरिजर्व्ड, तीसरी श्रेणी की। कुल चार-पाँच डब्बे थे ट्रेन में।
लेकिन ट्रेन से पहले स्टेशन की बात।
एला स्टेशन साफ़ सुथरा था। जगह-जगह साफ़-सफ़ाई के संदेश। एला स्टेशन को ग्रीन स्टेशन का दर्जा हासिल है। तरह-तरह के कूड़े को इकट्ठा करने के अलग-अलग डस्टबिन। प्लास्टिक और एल्यूमिनियम की बोतल को जमा करने के अलग-अलग केज। शौचालय भी साफ़-सुथरे। किसी मॉल के ट्वायलेट जैसे। वहाँ भी संदेश लगे थे , यहाँ साफ़-सफ़ाई रखें। पानी से पैर न धोयें।
छोटा स्टेशन , कम ट्रेनें और कम यात्री के कारण ऐसा करना आसान होता होगा। लेकिन अपने यहाँ छोटे स्टेशन पर भी शौचालय अस्त-व्यस्त और उपयोग लायक नहीं रहते।
प्लेटफार्म पर स्टेशन मास्टर के आफिस के बाहर एक पेड़ के आकार की खुली आलमारी में किताबें रखीं थीं।अधिकतर किताबें स्थानीय भाषाओं में हैं। कुछ अंग्रेजी और फ्रेंच में भी। अपने यहाँ किसी रेलवे स्टेशन पर इस तरह उपलब्ध हैं क्या किताबें ?
यह बात मैंने जब कल लिखी तो कई साथियों ने कहा कि अपने यहाँ ऐसा होगा तो लोग किताबें उठा ले जायेंगे। रैक ले जायेंगे। शायद ऐसा ही हो लेकिन ऐसा भी हो सकता है कि ऐसा न हो। किताबें कुछ तो पढ़ी जाएँगी। मैंने कई बार सोचा कि अपने यहाँ के हेयर कटिंग सैलून में अपनी किताबें रखूँ। अभी तक नहीं रखी थी अब शायद रख दूँ।
ट्रेन आई तो हम लपके सीट पर कब्ज़ा करने के लिए। हिंदुस्तानी अंदाज़ में खुली खिड़की से ही सीट पर बैग, जैकेट वगैरह रखकर सीट हथिया ली और अंदर पहुंचकर मासूम बनकर बैठ गए। हर जगह लाइन लगाकर चलने की आदत वाले कई विदेशी जब अंदर आये सीटें सब भरी थीं।
ट्रेन चलने पर हमने पास खड़ी एक विदेशी , बुजुर्ग सी महिला को अपनी सीट पर बैठने का आग्रह किया , उठ भी गए उसको सीट देने के लिए लेकिन उसने मुस्कुराकर और धन्यवाद देकर सीट पर बैठने से मना कर दिया। बह खड़े-खड़े और हम बैठे ट्रेन के बाहर के नजारे देखते हुए यात्रा करते रहे। बीच-बीच में अपन उस महिला और उसके साथ की लड़कियों को, जो आपस में बतियाने में मशगूल थीं, भी देख लेते थे।
साथ में एक श्रीलंकन बालिका शायद अपने दोस्त के साथ कहीं जा रही थी। हमारे साथ के लोग इंदौरी, राजस्थानी कड़क अंग्रेजी और हिन्दी में बालिका से बतियाते रहे।यह याद आने पर कि बालिका हिंदी तो जानती नहीं तो हिंदी में बोले हिस्से का अंग्रेजी अनुवाद भी बालिका को मुहैया कराते रहे। बालिका भी अटक-अटक कर जवाब देती रही। उसके साथ का बच्चा अलबत्ता चुप ही रहा। बालिका ने बताया कि वह अभी इंटर में पढ़ रही है। बालक कहीं मैकेनिक का काम करता है।
थोड़ी देर में सीट बदलकर दूसरी जगह आए। वहाँ एक विदेशी परिवार यात्रा कर रहा था। बातचीत का सिलसिला शुरू हुआ तो पता चले वे लोग फ़्रांस से आए हैं। माँ और चार भाई बहन। फ़्रांस के अलग-अलग शहरों में रहते हैं परिवार के लोग। माँ नर्स हैं, एक बहन टीचर, भाई शेफ़ , बाकी दोनों बहने भी अलग-अलग काम करती हैं। दो हफ़्ते के लिए आए हैं घूमने श्रीलंका। बहन ने बात करते हुए बताया कि भारत में ऋषिकेश जा चुकी है वो। बाकी घूमना बाकी है।
उसने पूछा- आप फ़्रानस आए हैं कभी?
हमने कहा -आए तो नहीं लेकिन आना है। जल्दी ही।
लड़का खड़े -खड़े किताब पढ़ रहा था । देखा तो नेपोलीयन के बारे में थी किताब।
परदेश में जाकर देश के नायक ज़्यादा याद आते हैं। अपने देश के लोग भी विदेश में ज़्यादा देश भक्त हो जाते हैं। दूर होने पर लोग और घर ज़्यादा प्यारे लगने लगते हैं।
हम लोगों के खाने-पीने के डब्बे खुले तो फ़्रांसीसी परिवार को भी आफर किया गया। उन्होंने खाने के बाद रेवड़ी की खूब तारीफ़ की। दुबारा खाई। फिर तारीफ़ की। मुफ्त के रेवड़ी सबको अच्छी लगती है।
ट्रेन खटर-खटर खट खट करते आगे बढ़ती रही। सुरंग से गुजरती तो लोग हल्ला मचाते। अंधेरे में हल्ला मचाते लोग भारत जैसे ही लगे। पटरियों पर गुजरती ट्रेन की आवाज ऐसी लग रही थी मानो कोई लोहे की छड़ें पटकी जा रही हों।
बाहर हरियाली , घाटी , पेड़ दिख रहे थे। खूबसूरत नजारा।
जगह-जगह मिट्टी की बर्फी सरीखे खेत। खेत के पौधों को फ़व्वारों से सींचते लोग।
ट्रेन के मुड़ते समय इंजन दिखता। डब्बे दिखते। सीटी बजाती , धुआँ उड़ाती रेल देखते हुए आलोक धन्वा जी की कविता याद आई:
हर भले आदमी की एक रेल होती है
जो उसकी माँ के घर की ओर जाती है
सीटी बजाती हुई
धुंआ उड़ाती हुई ।
हम लोग नानू ओया की तरफ़ बढ़ रहे थे जहाँ माता सीता का निवास रहा अशोक वाटिका में कई साल।
https://www.facebook.com/share/v/1DopHBS6zS/