Wednesday, October 16, 2024

गाड़ी पर पोज मुद्रा में कुत्ता



 गाड़ी पर पोज मुद्रा में कुत्ता। यह फ़ोटो गुमटी बाजार का है। यह फ़ोटो लेने के पहले दो कुत्ते इसी कार पर चढ़े पूरी ताक़त से भौंक रहे थे। ऐसा लग रहा था कि पूरे समाज को धिक्कार रहे हों -‘क्या गत बना रखी है अपनी। हमसे कुछ सीखो।’

यह भी लगा कि दो जनप्रतिनिधि किसी खुले मंच से एक दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप कर रहे हों। किसी हालिया बवाल के पीछे दूसरी पार्टी का हाथ बता रहे हों। हो सकता है आँकड़े गिनाते हुए साबित कर रहे हों कि उनकी पार्टी को आरोपों से इंकार नहीं लेकिन दूसरी पार्टी के लोग ज़्यादा बदमाश, भ्रष्ट और नीच हैं। मतलब दो पार्टियों की नीचता में मुक़ाबला चल रहा हो।
दोनों कुत्तों के भौंकते हुए फ़ोटो लेने और वीडियो बनाने के लिए हम जब पास पहुँचे तब एक कुत्ता ‘कार-मंच’ से उतरकर चल दिया। शायद उसको किसी दूसरे मंच पर अपनी बात कहनी हो। यह भी हो सकता है दूसरे कुत्ते को शर्मिंदगी महसूस हुई अपने लोगों के कुकृत्यों के बारे में सोचकर और वह मंच से उतरकर चल दिया हो।
कुत्ते और इंसान में फ़र्क़ तो होता ही है।

https://www.facebook.com/share/p/1GMuz9bELB/

No comments:

Post a Comment