Saturday, March 08, 2025

कोलंबो का अंजनेयार मंदिर


कोलम्बो का नेशनल म्यूज़ियम देखने के बाद हम लोग वहाँ का प्रसिद्ध हनुमान मंदिर देखने गए। हनुमान जी की राम-रावण युद्ध में प्रमुख भूमिका रही है।सीता जी का पता लगाने के लिए वे सबसे पहले लंका गए। बाद में लक्ष्मण जी के मूर्छित होने पर संजीवनी बूटी लाए। बाद में राम दरबार में सबसे प्रमुख स्थान मिला। राम जी की रक्षा की ज़िम्मेदारी हनुमान जी की है। हनुमान चालीसा में लिखा है :
राम दुआरे तुम रखवारे,
होत न आज्ञा बिनु पैसारे।
हनुमान जी की आज्ञा के बिना राम दरबार का पत्ता भी नहीं हिलता था। राम कहानी के बारे में उत्तर भारत के लोग आमतौर पर केवल रामचरित मानस को जानते हैं। दुनिया में राम को लेकर सैकड़ों रामायण हैं जिनमें राम कथा से जुड़े विविध प्रकरण अलग-अलग तरह से बताए गए हैं।
तमिल में कम्बन रामायण में हनुमान जी के लंका से वापस आने का प्रकरण लिखते हुए कम्बन जी राम जी की सीता के समाचार जानने के लिए व्यग्र हैं। हनुमान जी उनकी इस व्यग्रता को समझते हैं। उनको सीता जी के बारे में समाचार पाने के लिए आतुर हैं। हनुमान जी उनकी व्यग्रता को समझते हैं। ऐसे में अगर हनुमान जी राम जी विस्तार से बताते कि कैसे मैंने समुद्र पार किया, कैसे सुरसा मिली, कैसे विभीषण मिले, कैसे अशोक वाटिका पहुँचा, कैसे सीता दर्शन हुए तो इतनी देर में राम जी के बेहाल हो जाते। इसलिए हनुमान जी राम जी को देखते ही कहते हैं :
"देखा मैंने सीता को।"
हनुमान जी के मुँह से 'देखा' सुनते ही राम जी को निश्चिंत हो जाते हैं। यह मानव मन की उस प्रवृति को दर्शाता है जिसमें उसको परेशानी के समय दुनिया भर की कहानी सुनने का धैर्य नहीं होता। वह अपनी परेशानी का निदान मिलने वाली खबर सुनने के लिए अधीर होता है। लफ़्फ़ाज़ी सुनने का उसका मन नहीं होता।
लेकिन आज की त्रासदी यही है आज के समय में दुनिया भर के तमाम लीडरान लफ़्फ़ाज़ी की दुकान खोले बैठे हैं। जनता त्रस्त हैं लेकिन वे लफ़्फ़ाज़ी हांकने में लगे हैं।
कम्बन रामायण से जुड़ा यह प्रकरण मुझे जबलपुर में हमारे महाप्रबंधक रहे टी.टी.एस. कृपावेंकटेशन जी ने बताया था।
कोलम्बो का हनुमान मंदिर अंजनेयार मंदिर के नाम से जाना जाता है। अंजनी पुत्र का मंदिर मतलब हनुमान मंदिर। पंचमुखी हनुमान की मूर्ति है। पाँच मुख मतलब पाँच तरफ मुँह वाली मूर्ति। हनुमान मंदिर रथ की आकृति का है। 30 जून, 1996 को स्थापित यह मंदिर श्रीलंका का प्रसिद्ध हिंदू तीर्थस्थल है।
हनुमान जी के पाँच मुख उनके विभिन्न दिशाओं में विविध रूपों को दर्शाते हैं। इनमें पूर्वमुखी हनुमान जी बुद्धि की शुद्धता और सफलता , दक्षिणमुखी नरसिंह जी विजय और अभय , उत्तरमुखी वर्ष समृद्धि , पश्चिम मुखी गरूण सौभाग्य और ऊर्ध्व मुखी हयग्रीव ज्ञान और संतति प्रदान करने वाले हैं।
यह दुनिया का एकमात्र मंदिर भी कहा जाता है जिसमें अंजनेयर के लिए एक रथ है। पवनपुत्र हनुमान जी के लिए रथ की व्यवस्था की गयी है।
अंजनेयार मंदिर एक गली में है। बहुत चौड़ी नहीं है गली। फिर भी हमारे ड्राइवर मंजु ने अपनी बस को मंदिर के सामने से ले जाकर आगे एक मैदान में खड़ी कर दी। मैदान के आगे रास्ता नहीं था। बस को लौटते समय इंच-दर-इंच घुमाते हुए जिस तरह से चलाया उससे उसके धैर्य का अंदाज़ा लगा।
मंदिर के बाहर लोगों की लाइन लगी थी। पता लगा कि वे लोग दोपहर को मिलने वाले प्रसाद को पाने के लिए खड़े हैं। स्त्री-पुरुष-बच्चे सभी थे लाइन में। ज़्यादातर महिलाएँ थीं।
मंदिर के बाहर जूते-चप्पल उतारकर हम मंदिर के अंदर गए। आरती का समय हो रहा था। आरती हो रही थी। ज़्यादा भीड़ नहीं थी। लोग मंदिर के पास जाकर हनुमान जी की मूर्ति देख रहे थे। दूर से प्रणाम कर रहे थे। बग़ल में नवग्रह बने हुए थे। लोग उनकी पूजा करते हुए कुछ-कुछ चढ़ावा भी चढ़ाते जा रहे थे।
मंदिर के अंदर फ़ोटो लेने पर वहाँ पुजारी ने टोका। वीडियो बनाने को मना किया। हम मान भी गए क्योंकि तब तक हम काम भर की फ़ोटो ले चुके थे।
अंजनेयार मंदिर के सामने भी मंदिर देखने गए। वहाँ कम भीड़ थी। वहाँ भी लिखा था -यहाँ फ़ोटो लेकर और फ़ोन करके मंदिर की पवित्रता भंग न करें। लेकिन यह चेतावनी देखने के पहले ही हम एक फ़ोटो वहाँ की ले चुके थे।
मंदिर से बाहर आकर हमने देखा हमारी पादुकाएँ वहाँ नहीं थीं जहाँ हमने उतारी थीं। इधर-उधर खोजने पर एक आदमी ने बताया कि उसने उनको सुरक्षित आगे जमा किया है। सारे जूते-चप्पल उसके क़ब्ज़े में थे। हमने उसको अपने जूते-चप्पल की सुरक्षा के लिए कहा नहीं था लेकिन उसने खुद उनकी सुरक्षा की ज़िम्मेदारी ले ली। अब सुरक्षा के बदले हमें उसको कुछ देना था।
हर जगह यही होता है। कुछ पाने के लिए कुछ देना पड़ता है। कुछ भी मुफ़्त नहीं होता। यूक्रेन की सुरक्षा का ज़िम्मा अमेरिका ने अपने आप ले लिए फिर बाद में बोला -अपने खनिज हमको दो। पूरी दुनिया में यही हो रहा है। हर तरफ़ सुरक्षा का आश्वासन देकर सत्ता पर क़ब्ज़ा जमाए लोग और ज़्यादा असुरक्षा का माहौल बनाए हुए हैं। गुंडो से रक्षा करने वाले लोग ज़्यादा गुंडई कर रहे हैं।
बहरहाल, जूते-चप्पलों की सुरक्षा का मेहनताना देकर हमने उनको वापस पाया। पहना।
बस की तरफ़ जाते हुए देखा कि मंदिर में दान देने के प्रकारों की सूची लगी हुई थी। 2000 से लेकर 120000 श्रीलंका रुपए के दान की सूची थी। मतलब लगभग 600 से 35000 भारतीय रुपए। अपने हिस्से का चढ़ावा हमारे साथ के लोग पहले ही चढ़ा चुके थे इसलिए हम दान सूची को बस निहारते हुए चलकर बस में बैठ गए।
वापस लौटते हुए देखा कि प्रसाद पाने वालों की लाइन लम्बी हो गयी थी। प्रसाद बाँटना शुरू हो गया था। हम मंदिर के सामने से होते हुए मुख्य सड़क पर आ गए।

#श्रीलंका,#shrilanka-20 

https://www.facebook.com/share/p/188scVr2UZ/

Friday, March 07, 2025

श्रीलंका का नेशनल म्यूज़ियम


 कोई भी म्यूज़ियम देखते हुए मुझे कन्हैया लाल नंदन' जी की कविता 'समय और हम' का यह अंश याद आता है:

"शताब्दियाँ
होकर रह जाती हैं
इतिहास की तहरीर
और इतिहास
खंडहरो में बदल जाते हैं
सोते रहते हैं दस्तावेज
शताब्दियों के सीने पर पसरे हुए
और उसी सीने से
सभ्यताओं के
जनाजे निकल जाते हैं।"
किसी भी बड़े म्यूज़ियम में जाइए तो बड़े-बड़े राजे-महाराजे, कभी जिनके साम्राज्य ईरान से तूरान तक पसरे रहते होंगे, जिनके राज्य में सूरज कभी तथाकथित रूप डूबता नहीं होगा, छोटे-छोटे कमरों के कोनों में पड़े मिलते हैं। जिनके दर्शन करने के लिए आम लोग कभी तरस जाते होंगे उनकी मूर्तियाँ बीस-तीस रुपए के टिकट पर सार्वजनिक दिखाई के लिए मौजूद रहती हैं। जो राजा कभी आपस में ज़िंदगी भर लड़ते रहे उनकी तस्वीरें शांति से एक-दूसरे के आसपास रखी रहती हैं।
म्यूज़ियम वह जगह होती है जहां कई शताब्दियाँ एक छोटी सी इमारत में समाई रहती हैं। दशकों के किस्से एक-दूसरे में गड्ड-मड्ड पड़े रहते है।
कोलम्बो म्यूज़ियम के मुख्य हिस्से को देखते हुए भी यही अहसास हुआ। म्यूज़ियम के इस हिस्से में कोलम्बो के इतिहास से जुड़ी अनेक घटनायें और स्मृतियां संजोई गयी हैं। म्यूज़ियम में भगवान बुद्ध की विविध समय की मूर्तियाँ, हथियार, सिक्के, कलाकृतियाँ, गहने, बरतन, कपड़े, हथकरघे, तिजोरी जैसी तमाम चीजों के माध्यम से श्रीलंका का इतिहास संजोया गया है। श्रीलंका में मानव जीवन के विकासक्रम का भी चित्रण म्यूज़ियम में है।
म्यूज़ियम को देखने की फ़ीस श्रीलंका के 1500 रुपए प्रति व्यक्ति थी। हिंदुस्तानी 500 रुपए से कुछ कम।
म्यूज़ियम की स्थापना 1 जनवरी, 1877 को सीलोन के अंग्रेज गवर्नर सर विलियम हेनरी ग्रेगरी ने की थी। 1942 में इसे श्रीलंका का नेशनल म्यूज़ियम बनाया गया।
म्यूज़ियम में प्रवेश करते ही श्रीलंका की उन धरोहरों का विस्तार से ज़िक्र है जिनको विदेशी लोग अपने शासन के दौरान श्रीलंका से लूट कर ले गए थे और अपने यहाँ सजाकर रख लिया है। श्रीलंका सरकार ने अपनी धरोहरों को उन देशों की सरकारों से वापस पाने के लिए कोशिशें की हैं जिनको उन देशों के लोग लूटकर ले गए थे। कुछ धरोहरें वापस हो गयीं हैं कुछ वापस आनी हैं।
ऐसी ही धरोहरों में प्रमुख है श्रीलंका के कैंडी साम्राज्य की तोप। हीरे-जवाहरात से जुड़ी इस तोप को डच लोगों ने 1765 में लूट लिया था और उसे नीदरलैंड ले गए थे। 1875 में इसे अमस्टर्डम, नीदरलैंड के म्यूज़ियम में रखा गया। श्रीलंका सरकार ने 1964 के बाद से इस गन को वापस पाने के लिए प्रयास शुरू किए। एक प्रोजेक्ट बनाकर तोप की बनावट और उस पर सिंहली भाषा में लिखावट के आधार पर सिद्ध किया यह तोप श्रीलंका से लूटकर लाई गयी है। तोप वापसी की बातचीत चल रही है। फ़िलहाल उसकी प्रतिकृति श्रीलंका के नेशनल म्यूज़ियम में उसके इतिहास के साथ रखी है।
इस तोप के अलावा कम से कम एक सोने की चाकू और दो बंदूके भी डच लोगों की लूट में शामिल थीं। उनकी भी वापसी के प्रयास हो रहे हैं। ये तो वे चीजें थीं जिनका पता चल गया इसके अलावा और तमाम चीजें होंगीं जो लूट ली गयीं और जिनका पता नहीं चला।
कैंडी की तोप की लूट का कारण खोजने पर पता चला कि जब डच लोगों ने श्रीलंका पर क़ब्ज़ा किया तो स्थानीय लोगों ने उनके उत्पीड़न और बंधुआ मज़दूरी के ख़िलाफ़ लगातार विरोध और विद्रोह किया। कैंडी के राजा कीर्ति श्री सिंहा ने 1761 में शुरू हुए विद्रोही गुरिल्ला युद्द का खुला समर्थन किया। इस पर डच लोगों ने कैंडी पर हमला किया और लूटपाट की। 1765 में कुछ समय कैंडी पर डच लोगों का क़ब्ज़ा रहा। बाद में कैंडी साम्राज्य के प्रतिरोध के कारण डच लोग पीछे हट गए। लेकिन 1765 में लूट हुआ सामान डच लोग नीदरलैंड ले गए।
बाद में फ़्रांसीसी क्रांतिकारियों ने डच म्यूज़ियम की अधिकांश चीजों को क़ब्ज़े में ले जाकर फ़्रांस के म्यूज़ियम में रख लिया। लेकिन कैंडी की तोप और दूसरी चीजें नीदरलैंड में ही रह गयीं।
म्यूज़ियम के अंदर के श्रीलंका के राजा का सिंहासन, पावदान, तलवार और मुकुट भी भी मौजूद है। यह सिंहासन सन 1693 में सीलोन (श्रीलंका) के तटीय भाग में राज्य करने वाले डच गर्वनर Thomas Venree ने कैंडी राज्य के राजा Wimaladharmasuriya II को उपहार में दी थी। बाद में छह राजा इस सिंहासन में बैठे। सन 1815 में अंग्रेजों ने राजा को पकड़ा और सिंहासन और दूसरी चीजें इंग्लैड भेज दीं गयीं। बाद में अंग्रेजों ने 1934 में सिंहासन और 1936 में तलवार सीलोन को लौटा दी। इस मामले देखा जाए तो अंग्रेज डच लोगों के मुक़ाबले ज़्यादा ईमानदार हैं जिन्होंने लूटी हुई चीजें जल्दी लौटा दी।
सिंहासन ऐतिहासिक रूप से अमूल्य है लेकिन सिंहासन और पावदान का कवर मैला सा लगता है। सोचा कि काश यह साफ़-सुथरा होता। लेकिन किसी देश का इतिहास किसी की सोच से थोड़ी चलता है।
श्रीलंका की ऐतिहासिक धरोहरों को विदेशियों द्वारा लूटे जाने के किस्से देखकर एक बार फिर लगा कि मनुष्य का इतिहास ताकतवर द्वारा कमजोर का लूट का इतिहास रहा है। आजकल भी यही हो रहा है। जिसके पास ताक़त है उसने अपनी शर्तों पर कमज़ोरों पर क़ब्ज़ा किया।
श्रीलंका ने जिस तरह अपनी धरोहरों को वापस लाने की मुहिम चलाई, कुछ में सफल भी हुए वे लोग उसी तरह काश हमारे देश की भी वे सभी चीजें वापस आ पातीं जो लोग यहाँ से लूटकर ले गए थे।
सिंहासन के बग़ल में तिजोरी भी थी। जिसमें क़ीमती सामान रखे जाते होंगे। कुछ ताम्बे के बक्से भी मौजद थे वहाँ जिनमें गहने रखे जाते होंगे। वहाँ दीवारों पर कई पेंटिंग्स भी लगी थीं जो अपने समय का इतिहास बता रहीं थीं।
म्यूज़ियम के एक हिस्से में पत्थर की कुछ मूर्तियाँ, बरतन और दीगर सामान थे। एक जगह खरल-मूसल और सिलबट्टे भी रखे थे। सिलबट्टा देखकर मुझे याद आई अनूप सेठी जी की कविता :
पति-पत्नी
आपस में घिसकर
सिलबट्टा हो जाते हैं।
साथ ही याद आया फ़ेसबुक का साढ़े तीन साल पुराना #सिलबट्टा प्रकरण भी याद आया। इसमें स्त्री अस्मिता को लेकर तमाम पोस्ट लिखीं गयीं थीं। बाक़ायदा परिचर्चाएँ आयोजित हुईं थीं। काफ़ी दिन हलचल रही सिलबट्टा हल्ले की।
म्यूज़ियम के शताब्दियों में पसरे इतिहास को मिनटों में देखकर हम बाहर निकल आये। जितना देखा उससे ज़्यादा अनदेखा छोड़ आए।
म्यूनियम से बाहर आकर हमने वहीं की कैंटीन में चाय-नाश्ता किया। फ़ोटो बाज़ी की और आगे बढ़ गए। हमारी अगली मंज़िल कोलम्बो का हनुमान मंदिर थी।

https://www.facebook.com/share/p/18LSHaS8Mw/

Thursday, March 06, 2025

हंसने का मतलब यह नहीं कि आप जीवन की गम्भीरता को नहीं समझते


 हंसने का मतलब यह नहीं कि आप जीवन की गम्भीरता को नहीं समझते। इसका मतलब यह है कि आप जीवन की व्यर्थता को समझ चुके हैं- Neeraj Badhwar ('बातें कम SCAM ज़्यादा ' पेज नम्बर 10)

नीरज बधवार हमारे समय के सबसे लोकप्रिय और बेस्टसेलर घराने के व्यंग्य लेखकों में हैं। उनकी किताबें 'हम सब Fake हैं' और 'बातें कम Scam ज़्यादा' बहुचर्चित, बहुबिक्रित और बहु पठित रही हैं। दोनों किताबें मेरे पास हैं यह साबित करने के लिए ही दूसरी किताब का उद्धरण लिखा।
विसंगतियों को पकड़ने और उनको फ़ौरन जुमलों में व्यक्त करने में नीरज को कमाल का अभ्यास है। राजनीति, क्रिकेट और सामाजिक पक्षों, जिन पर अक्सर राजनीति की छाया रहती है, पर उनकी जुमलेबाज़ी 'काबिल-ए-चोरी' मानी जाती है। बड़े-बड़े सूरमा उनके 'ख़ज़ाना-ए-जुमला' पर हाथ साफ़ करते हुए उन पर उनके ही जुमले को चोरी किया हुआ बताते हैं।
आज के शरीफ़ इंसानों की तर्ज़ पर नीरज खुद अपनी तारीफ़ करने में संकोच करते हैं लेकिन जो लोग उनके बारे में जानते हैं वे बताते हैं:
"राजस्थान के श्रीगंगानगर में पले-बढे नीरज बधवार ने कॉलेज खत्म होने तक जिन्दगी में सिर्फ़ तीन काम किये- टी.वी. देखना, क्रिकेट देखना और देर तक सोना। इनमें किसी में कोई कैरियर नहीं बना सो जर्निलिज्म का को१र्स करने के बाद 2023 तक टाइम्स ऑफ़ इंडिया (डिजिटल) में क्रिएटिव एडिटर के तौर पर काम करने के बाद से पूर्णतः स्वतंत्र लेखन, सीधे शब्दों में कहें तो आजकल बेरोज़गार हैं। खुद को मूलतः व्यंग्यकार और भूलत: पत्रकार मानने वाले हिन्दी के सबसे बीहड़ वनलाइनर नीरज व्यंग्य के हल्के में कई काम कर चुके हैं। हास्य-व्यंग्य न्यूज पोर्टल से शुरु करते हुये फ़ेकिंग न्यूज और क्रिकेट मैच की व्यंग्यात्मक रनिंग कमेंट्री तक उनके खाते में हैं।"
नीरज बधवार के बेरोज़गार होने के कारण की पड़ताल करने पर पता चला कि नीरज जी के ज़्यादातर जुमले विपक्ष के लोगों पर होते हैं। उनकी इस प्रवृत्ति के कारण ही सरकार ने उनको बेरोज़गार रखा है यह मानते हुए कि एक बेरोज़गार इंसान के पास रोज़गार वाले इंसान के मुक़ाबले रोज़गार का एक मौक़ा ज़्यादा होता है।
नीरज बधवार से पिछले दिनों झाँसी में बुंदेलखंड लिट्रेचर फ़ेस्टीवल में मुलाकात हुई। नीरज जी का सत्र जुमलेबाज़ी पर था। उन्होंने आजकल की मीडिया की प्रकृति पर बहुत अच्छी बातचीत की।
आजकल नीरज जी छोटे-छोटे वीडियो बनाकर विविध मुद्दों पर अपनी राय रखते हैं। दो दिन पहले विराट कोहली की पारी ने आस्ट्रेलिया के ख़िलाफ़ भारत की जीत की नीव रखी। नीरज ने अपने वीडियो में बहुत अच्छे तरीक़े से समझाया है कि विराट की इस पारी के पीछे उनकी मेहनत, लगन और समर्पण है। वीडियो का लिंक टिप्पणी में।
विराट कोहली से तो हम व्यक्तिगत तौर पर परिचित नहीं हैं लेकिन ख़ुशी की बात है हम नीरज बधवार को व्यक्तिगत रूप से जानते हैं। नीरज जिस मेहनत और लगन से अपना काम करते हैं उसमें भी बहुत कुछ है सीखने को। झाँसी में जब हम लोग मेला घूमने (मैं आलोक पुराणिक) निकल रहे थे तब नीरज अपनी रिपोर्ट/लेख अख़बार में भेजने के लिए होटल में रुके थे। इस चक्कर में लंच भी छूट गया उनका और शाम को भूखे पेट ही जुमलेबाज़ी करनी पड़ी उनको।
नीरज बधवार की तारीफ़ का कारण यह है कि आने वाले समय में जल्द ही नीरज जब विराट कोहली से सीख लेकर अपनी मेहनत, लगन और समर्पण के चलते और बड़े आदमी बन जाएँगे तब हम लोगों को बताएँगे - हम भी नीरज जी को जानते हैं। उनसे हमारे इतने दोस्ताना सम्बंध हैं कि वे हमारी खुलेआम तारीफ़ का भी बुरा नहीं मानते।

https://www.facebook.com/share/p/18B6r4Rt3o/

Wednesday, March 05, 2025

आदमी एक बार सेल्समैनी का धंधा पकड़ ले तो ज़िंदगी भर सेल्समैन ही रहता है

 


कल मरियमपुर अस्पताल के पास एक ठेले पर खाने का सामान बिकते देखा। उसमें दुकानदार के नाम के आगे प्रो. लिखा था। काफ़ी पहले दुकानों के नाम के आगे प्रो. लिखा हुआ तो देखते सोचते ये प्रोफ़ेसर लोग दुकान क्यों खोले हैं? तब हमको पता नहीं था कि दुकानों के आगे जो प्रो. लिखा होता है उसका मतलब प्रोप्राइटर मतलब दुकान का मालिक होता है।

बाद में मुस्ताक अहमद युसुफ़ी साहब के हवाले से पता चला - "आदमी एक बार प्रोफ़ेसर हो जाये तो जिन्दगी भर प्रोफ़ेसर ही रहता है , चाहे बाद में वह समझदारी की बातें ही क्यों न करने लगे।"
ऐसे ही सेल्समैन का मतलब हम वह इंसान से समझते थे जो गली-गली घूमकर दरवाज़े-दरवाज़े सामान बेचता है। बाद में पता चला कि दुनिया के बड़े-बड़े देशों के प्रधानमंत्री, राष्ट्रपति तक सेल्समैन का काम करते हैं। देश-देश घूमकर या अपने यहाँ लोगों को बुलाकर, घेर-घार कर, कहते हैं हमारा ये हथियार ले लो, हमारे आदमी की बिजली ख़रीद लो, हमारे मालिक की कम्पनी अपने यहाँ लगवा लो।
क्या पता आगे यह भी कहते हों -'हमारा सामान ख़रीद लो, भगवान आपके बच्चों का भला करें। वे ख़ूब फलें-फूलें।' क्या पता विदा होते समय ताली भी बजाते हों।
युसुफ़ी साहब की तर्ज़ पर कहें तो -'आदमी एक बार सेल्समैनी का धंधा पकड़ ले तो ज़िंदगी भर सेल्समैन ही रहता है भले ही उसका मालिक उसको कहीं का राष्ट्रपति/प्रधानमंत्री ही बनवा दे।'
अमेरिका के राष्ट्रपति बनने के प्रक्रिया के बारे में एक अमेरिकी राष्ट्रपति ने ही कहा था -" अमेरिका में कारपोरेट सड़क चलते किसी आदमी को उठाकर अमेरिका वालों से कहता है -‘ये तुम्हारा नया राष्ट्रपति है।'"
सेल्समैन वाली बात तब ध्यान में आयी जब कल हमने मरियमपुर चौराहे के पास होली की पिचकारी बेचते हुए कुछ बच्चों महिलाओं को देखा। सब लोग अपनी आँखों में रंगीन चश्मा लगाए हुए थे।
रंगीन चश्मा लगाए सड़क पर पिचकारी बेचते लोगों को देखकर यूरोप, अमेरिका के वे राष्टाध्यक्ष याद आए जो बढ़िया लकदक ड्रेस पहने अपना-अपना सामान बेचने-ख़रीदने का मोलभाव करने में लगे हैं। उनको लाखों-लोगों की ज़िंदगी की कोई चिंता नहीं। वे मरे चाहे जिएं, हमारा नुक़सान नहीं होना चाहिए।
आपका क्या कहना है इस बारे में?

https://www.facebook.com/share/p/178yvNdNDR/


Tuesday, March 04, 2025

पुतिन जेल में, ट्रम्प-टैरिफ, लार टपकाते मस्क

आज पूरी दुनिया में अमेरिका, यूक्रेन, रूस की खबरें छाई हुई हैं। इन देशों के मुखिया ट्रम्प, जेलेंसकी, पुतिन के किस्से चल रहे हैं। कल एक यूट्यूबर ने केजीबी के भूतपूर्व प्रमुख के हवाले से बताया कि ट्रम्प असल में सोवियत रूस की जासूसी एजेंसी केजीबी के एजेंट हैं। इसीलिए वो पुतिन को तानाशाह नहीं मानते, रूस के पक्ष में बैटिंग कर रहे हैं।
दुनिया में आजकल जो खबरें छायी हुई हैं उनको जर्मनी में हो रहे कार्निवल की झांकियों में दिखाया गया है।
जर्मनी में आजकल कार्निवल उत्सव मनाया जा रहा है। जर्मनी में एक बहुत पुरानी परंपरा है, जिसे मूल रूप से सर्दियों की आत्माओं को डराने के लिए मनाया जाता है । कई महीनों की ठंड के बाद पुराने जर्मन सर्दियों से थक चुके होते हैं । सर्दियों की आत्माओं को डराने के लिए, लोगों ने डरावने मुखौटे पहनकर , वसंत का स्वागत करने के लिए सड़कों पर गाना और नृत्य करते हैं।
कार्निवल उत्सव के दौरान जर्मनी के कोलोन में रोसेनमोंटाग परेड होती है जिसमें विशाल झांकियां और वेशभूषा में मार्चिंग बैंड होते हैं। वेशभूषा में लोग झांकियों से लॉलीपॉप और अन्य मिठाइयां फेंकते हैं । मिठाई प्राप्त करने के लिए, मिठाई के लिए विशेष कार्निवल शब्द चिल्लाना महत्वपूर्ण है: "कामेले!"।
इस बार की रोसेनमोंटाग परेड में ट्रम्प, पुतिन, मस्क से जुड़े मज़ेदार मुखौटे परेड में शामिल थे। मुखौटे देखकर पता चलता है कि कलाकारों की पक्षधरता किसकी तरफ़ है।
इन तस्वीरों में आग की लपटों में घिरे अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रम्प, लार टपकाते मस्क, जेल में पुतिन और अन्य झांकियाँ दिखाई गयी हैं। ये झाँकिया (रायटर/AP/PTI) न्यूज़ एजेंसियों के हवाले से द टेलिग्राफ अख़बार के आनलाइन संस्करण से ली गई हैं। खबर का लिंक टिप्पणी में। आप खुद वहाँ पहुँचकर बाक़ी की तस्वीरें देख सकते हैं।

 

https://www.facebook.com/share/p/1GU5ATjg3H/

Monday, March 03, 2025

आज़ादी पसंद टैक्सी ड्राइवर


 श्रीलंका से वापस आने के पहले एक दिन हम लोग कोलंबो के स्थानीय बाज़ार घूमने गए। उबर से गाड़ी बुलाई। युवा , आकर्षक व्यक्तित्व वाले ड्राइवर के हाथ में तमाम टैटू बने थे। उनमें एक व्यक्ति का फ़ोटो भी था। हमने सहज भाव से पूछा -'यह किसका टैटू है?'

'मेरे गुरू का।'- ड्राइवर ने बताया।
हमें लगा गुरू कोई साधु-सन्यासी टाइप गुरुजी महाराज होंगे। हम अपने आसपास जैसा देखते हैं वैसी ही धारणा तो दूसरे के लिए बनाते हैं। हमारे अनुभव, शब्द सम्पदा हमारी बातचीत, व्यवहार को निर्धारित करती है।
उस युवा ड्राइवर , जिसकी टैक्सी में हम सवार थे, का नाम था गिहान था । 'गिहान' का मतलब होता है -'अच्छा उदार, इंसान।'
सवाल पूछने के पैसे श्रीलंका में नहीं पड़ते हैं। न अभी कोई रोक है वहाँ इसलिए हमने एक के बाद एक सवाल पूछ डाले गिहान से -'तुम्हारे गुरू जी कौन हैं? क्या करते हैं? कहाँ रहते हैं? '
'हमारे गुरू बार टेंडर हैं। प्रोफेशनल बार टेंडर। दुबई में मुलाकात हुई थी उनसे।'- गिहान ने बताया।
बार टेंडर वह व्यक्ति होता है जो बार के पीछे अल्कोहल या सॉफ्ट ड्रिंक पेय तैयार करता है और परोसता है, आमतौर पर लाइसेंस प्राप्त प्रतिष्ठान के साथ-साथ रेस्तरां और नाइट क्लबों में, लेकिन कभी-कभी निजी पार्टियों में भी।
किसी बार टेंडर को कोई युवा अपना गुरू माने और उसका फ़ोटो अपने पास रखे यह मेरे लिए रोचक और थोड़ी ताज्जुब की बात थी। हम लोगों के रोल माडल तो आमतौर पर हमको मीडिया बताता है, कोई फ़िल्मी हीरो, हीरोईन, गायक, खिलाड़ी या इसी तरह का कोई मीडिया।
गिहान ने बताया कि अपने गुरू से उनकी मुलाक़ात दुबई में हुई थी। पाँच साल साथ रहे और अपने गुरू से काफ़ी कुछ सीखा भी। आजकल गुरू जी इटली में हैं।
अपने बारे में गिहान ने बताया-' A लेवल स्टडी (हाईस्कूल स्तर) की है। माँ-बाप के इकलौते बेटे हैं। पढ़ाई के बाद श्रीलंका में एक भारतीय रेस्तराँ से काम की शुरुआत की । इसके बाद पाँच साल दुबई के एक होटल में काम किया। फिर चार साल इटली के एक क्रू शिप (जहाज़) में चार साल काम किया। अब श्रीलंका लौटकर फ़िलहाल टैक्सी चलाते हैं।
टैक्सी चलाने में पैसा कम है लेकिन काम करने की आज़ादी है। इसलिए यही काम करते हैं। अंतिम लक्ष्य प्रोफेशनल बार टेंडर बनना है।
अलग-अलग देशों के रहने के अपने अनुभव साझा करते हुए गिहान ने बताया -' दुबई ज़्यादा पसंद है। साफ़-सुथरा है। इटली का अनुभव अच्छा नहीं है।
31 वर्षीय गिहान फ़िलहाल अकेले हैं। कई गर्ल फ़्रेंड रहीं लेकिन सभी से रिश्ते टूट गए। रिश्ते टूटने का मुख्य कारण खुद की आज़ादी को पसंद करना है।
गिहान का कहना था -'सिंगल लाइफ़ इज गुड। अकेले रहना ख़ुशनुमा है। बंदिशें पसंद नहीं। प्रेमिकाएँ कहती हैं -'ये मत करो, वो मत करो, ऐसे रहो, वैसे मत रहो, इससे मत बात करो।' बंदिश में रहना पसंद नहीं। आज़ादी प्यारी है मुझे इसलिए ब्रेकअप हो गए।'
'जहां औरतें हैं वहाँ समस्या है इसीलिए मुझे अकेले रहना पसंद है'- हंसते हुए कहा गिहान ने ।
कुल मिलाकर ग्यारह गर्ल फ़्रेंड रहीं गिहान की। तीन दुबई में, आठ श्रीलंका में। ब्रेक अप होने के बाद अधिकतर प्रेमिकाओं के शादी हो गयी।
अपनी प्रेमिकाओं के बारे में अपनी राय व्यक्त करते हुए गिहान ने कहा -'वे अच्छी इंसान हैं। मुझसे बेहतर इंसान। लेकिन मुझे आज़ादी पसंद है इसलिए सम्बंध जारी नहीं रह सके।'
गिहान से बातचीत करके मुझे एक बार फिर से उन लोगों की सोच का अंदाज़ा हुआ जो अपनी मर्ज़ी से अकेले रहना तय करते हैं।
भारत में गोवा कई बार आना हुआ है गिहान का। 'गोवा के मुक़ाबले श्रीलंका साफ़-सुथरा है। गोआ में लोग जगह-जगह भीख माँगते घूमते हैं।' -गिहान ने अपनी राय बताई।
दक्षिण भारतीय फ़िल्में देखने के शौक़ीन गिहान को पुष्पा फ़िल्म पसंद है। रजनीकांत और तलपत्ती विजय पसंदीदा हीरो हैं।
'राजनीतिज्ञ लोग अच्छे नहीं होते'(Politisions are bad ) की धारणा रखने वाले गिहान ने श्रीलंका के बारे में बताया -'नयी सरकार फ़िलहाल अच्छा काम कर रही है।'
नई सरकार के बारे में आमतौर पर श्रीलंका के लोगों ने यही राय बताई।
बातचीत करते हुए कब हमारी मंज़िल आ गयी पता ही नहीं चला। हमने गिहान को भुगतान किया। उसका फिर फ़ोटो खींचा। उसको दिखाया। फ़ोटो भेजने और बाद में बात करने का वादा किया और बाज़ार घूमने चल दिए।
https://www.facebook.com/share/p/181eYNQs8F/