सुबह अखबार के पहले पेज पर खबर दिखी:
"युद्ध खत्म, करार जल्द होगा : ट्रंप ।"
ट्रम्प का कोई बयान पहले पेज पर छपता है तो उसके लगभग उलट ख़बर आख़िरी पेज पर पर होना लाजिमी होता है ।
दो दिन हुए पहले पेज पर छपा था :
"ईरान पर समझौते में एक-दो दिन का वक्त: ट्रंप।"
हमने पीछे का पन्ना देखा। खबर दिखी :
"ईरान ने अमेरिकी हैलोकॉप्टर मार गिराया, जबाब देंगे -ट्रंप।"
पहले पेज की उलट खबर देखकर लगा -"हमारे विश्वास की रक्षा हुई।"
आज आख़िरी पेज पर ख़बर थी :
"बात तो बनी पर समझौते की शर्तों पर संशय।"
एकदम उलट तो नहीं लेकिन पहले पेज की खबर जैसी भी नहीं।
कभी-कभो लगता है ट्रंप जी किसी स्कूल में पढ़ने वाले बच्चे हैं। उनकी टीचर में उनको विपरीत अर्थ वाले डायलॉग बोलने का काम दे रखा है। वे सुबह एक बयान देते हैं। शाम को उससे उलट दूसरा बयान। जैसे कोई बच्चा स्लेट पर लिखे -'समझौता।' फिर टीचर की बात याद आने पर डस्टर से स्लेट पोंछ कर लिखे -'हमला।'
अख़बार के आख़िरी पेज पर कई चिल्लर ख़बरों के बीच ख़बर दिखी :
"दक्षिण कोरिया के पूर्व राष्ट्रपति को 30 वर्ष की सजा"
पूर्व राष्ट्रपति युन सुक यओल पर आरोप है कि उन्होंने मार्शल लॉ लागू करने की अपनी कोशिश से पहले संकट पैदा करने के लिए उत्तर कोरिया में ड्रोन भेजे थे।
पहले पेज पर विस्तार से छपने लायक़ आख़िरी पेज पर छपी देखकर ताज्जुब नहीं हुआ। आज दुनिया के तमाम शासक सत्ता पर बने रहने के लिए कृत्तिम संकट का हौवा दिखाते हैं। कोई अपने देश को महान बनाने के बहाने देश को बर्बाद करता है, कोई किसी बहुसंख्यक क़ौम को ख़तरे में बताते हुए सत्ता पर कब्जा बनाए रखता है। इजरायल के प्रधानमंत्री पर तमाम आरोप हैं। उनको दायें-बायें करने के लिए वे ईरान में लड़ाई लंबी खींचना चाहते हैं। लड़ाई होती रहे, वे बचे रहें, प्रधानमंत्री बने रहें ।
आज स्वीमिंग करने गए। बारिश के कारण हुई नहीं । पानी से ज़्यादा ख़तरा कड़कती बिजली का था। पिच गीली होने के कारण मैच में देरी की तर्ज पर तैराकी लेट होती गई। एक बार बारिश धीमी होने पर पूल पर जाने के लिए बोला गया। हमारे पानी में उतरते ही बारिश तेज हो गई। हमें वापस बुला लिया गया।
एक उम्रदराज महिला ने अपना तैराकी का अनुभव साझा करते हुए बताया -'आर्थराइटिस है। डॉक्टर ने तैराकी बताया है। तैरना तो नहीं सीखे लेकिन मजा आ रहा है। हमने उनको खड़े-खड़े डायना नायड़ का किस्सा सुना दिया। उनको ताज्जुब हुआ। अच्छा भी लगा।
साथ में पूल पर बच्चा उतरा था। उसका नाम त्रिजल है। पापा साथ में आते हैं । बताया -'ये स्वीमिंग सिखाने के पैसे माँगता है। इसलिए हम नहीं तैरते।'
आज शाम को जाएँगे तैरने ।

No comments:
Post a Comment