Sunday, February 09, 2025

श्रीलंका में स्वागत है


 पुस्तक मेले से लौटते हुए रात हो गयी। श्रीलंका के लिए फ़्लाइट सबेरे पाँच बजे थी। खा-पीकर साढ़े दस क़रीब सो गए। बारह बजे का अलार्म लगाकर। जागते हुए सोते रहे। अलार्म बजने के पहले बारह बजते देखा। अलार्म बजने पर उठकर तैयार हुए। निकल लिए दिल्ली एयरपोर्ट के लिए। टर्मिनल तीन से फ़्लाइट थी।

एयरपोर्ट पहुँचकर बाक़ी साथियों का इंतज़ार किया। कुल मिलाकर ग्यारह लोग साथ थे श्रीलंका के लिए दिल्ली से। बाक़ी अलग-अलग जगहों से आने थे।
इमिग्रेशन, सुरक्षा जाँच आदि से निकलकर अंदर पहुँचे तब तक चार बज गए थे। टिकट पर जो गेट लिखा था वहाँ पहुँचने पर पता चला कि गेट बदल गया है। दूसरे गेट पर पहुँचे। कुछ लोगों ने एयरपोर्ट की गाड़ी सूविधा का उपयोग किया। अपन पैदल गए और गाड़ी से जाने वाले लोगों के फ़ोटो खींचे ताकि याद रहे।
सही गेट पर पहुँचकर समय का उपयोग आपसी परिचय और फोटोबाज़ी में हुआ। ठीक पाँच बजे जहाज़ के दरवज्जे बंद हो गए। पाँच बजकर दस मिनट पर फ़्लाइट उड़ गयी श्रीलंका के लिए।
जहाज़ के उड़ाते ही सो गए। क़रीब साढ़े तीन घंटे की उड़ान थी। क़रीब घंटे भर बाद नाश्ता आया। सुबह छह बजे वह सब कुछ जो अमूमन हम लोग खाने में खाते हैं। सुबह चाय सबसे पहले पीते हैं लेकिन यहाँ खाने-पीने के बाद हुई। चलता है।
खिड़की से सुबह के समय का उगता हुआ एकदम लाल-लाल सूरज पूरे आसमान को लाल बना रहा था। दूसरी तरफ़ थोड़ा कम उजाला था।
सबेरे क़रीब साढ़े आठ बजे जहाज़ के पहिए एयरपोर्ट के रन वे पर पड़े। उतरकर बाहर आए। बस से टर्मिनल पहुँचकर इम्मिग्रेशन पर पासपोर्ट पर ठप्पा लगवाया। यह हमारी कुल मिलाकार चौथी विदेश यात्रा है। पहले दो बार अमेरिका और एक बार नेपाल जा चुके थे। इस बार श्रीलंका।
एयरपोर्ट पर दूसरी फ़्लाइट से आने वाली एक और साथी का इंतज़ार किया। इस बीच एयरटेल का श्रीलंका का पैकेज चालू कराने में भी मेहनत की। वहाँ मौजूद एयरटेल वाले ने कहा -'ये समस्या एयरटेल इंडिया वाले ही सुलजाएँगे।' हमको फिर पता चला कि समस्या जहां की होती है, वहीं के लोग निपटा सकते हैं। ख़ैर, कुछ देर में इधर-उधर करने पर फ़ोन चालू हो गया। इस बीच हवाई अड्डे की मुफ़्त वाई-फ़ाई सेवा का उपयोग करते हुए कुशल समाचार का आदान-प्रदान कर चुके थे।
बोर्ड पर अंग्रेज़ी में 'श्रीलंका में आपका स्वागत है' लिखी पट्टी चमकती रही। जिनका इंतज़ार कर रहे थे उनके आने के बाद बाहर निकले। सामान और खुद को बस में रखा और होटल के लिए निकल लिए।
श्रीलंका को पहले सीलोन के नाम से जाना जाता था। फिर इसका नाम लंका हुआ। इसके बाद नाम में इज्जत के हिसाब से श्री जोड़ दिया गया। हो गया श्रीलंका। 4 फ़रवरी, 1948 को आज़ाद हुआ श्रीलंका। कुल मिलाकर क़रीब ढाई करोड़ की आबादी वाले एक द्वीपीय देश में नौ प्रांत और पच्चीस ज़िले वाले देश श्रीलंका की राजधानी कोलम्बो है। यह इस देश का सबसे बड़ा शहर भी है।
सड़क पर भीड़ बिल्कुल नहीं। शांत शहर। गाड़ियाँ आराम-आराम से चलती हुयी। कोई हड़बड़ी नहीं। सड़क एकदम साफ़। कहीं कोई कूड़ा-कचरा नहीं।
एयरपोर्ट से निकलकर एक रेस्तराँ में चाय पी गयी। नुक्कड़ पर बना यह रेस्तराँ भी साफ़-सुथरा।
चाय पीकर क़रीब घंटे भर की दूरी वाले अपने होटल पहुँचे। सब लोग अपने-अपने कमरों पर क़ब्ज़ा करने और सामान जमाने में लग गए। हम अपना चश्मा खोजने लगे। लगा जहां चाय पी थी वहीं छोड़ आए होंगे। वहाँ फ़ोन किया तो उसने बताया नहीं है। फिर गए बस देखने। नहीं मिला। इसके बाद फिर बस सहायक हसन के साथ गए। उसने खोजा। पहले तो नहीं मिला लेकिन कुछ देर बाद उसने चश्मा उस सीट की पाकेट से बरामद करके दिया जिस सीट पर हम बैठे थे।
एक बार फिर लगा क़ि चीजें खोती नहीं हैं, बल्कि हम भूल जाते हैं हमने उनको रखा कहाँ हैं।
होटल के कमरे में आकर आरामफ़रमा हुए। घंटे भर बाद हमको शहर देखने के लिए निकलना था।

https://www.facebook.com/share/v/17pdCXLfnX/

कोलंबो की पहली सुबह

 


कोलंबो की पहली सुबह । सुबह जागते ही शादी की सालगिरह की बधाई के संदेश और फ़ोन का सिलसिला शुरू हुआ। जारी है। विवाह के 36 साल हुए आज। पहली वैवाहिक वर्षगांठ विदेश ने मन रही है।

नाश्ते पर निकलने का संदेश आ गया। निकल लिए नाश्ते के लिए। ग्राउंड फ्लोर पर नाश्ताख़ान है। लोग नाश्ता करते हुए बतिया, गपिया और हम लोगों को कांग्रचुलेसिनिया रहे हैं। अपन भी थैंकुया रहे हैं।
बाहर खिड़की पर ऑटो, कार , मोटरसाइकिल आती-जाती दिख रही हैं।ट्रक, रिक्शा , खड़खड़ा कहीं नहीं दिखा। तसल्ली से आता जाता ट्रैफ़िक।
लोग तैयार होकर निकल लिए हैं। आज म्यूज़ियम, अंजनी मंदिर , पार्लियामेंट और मैंटोटा बीच जाएँगे।
बस में चढ़ते समय बगल के होटल का बोर्ड दिखता है। हाई टी दो लोगों की एक साथ 3800 रुपये में। मतलब ग्यारह -बारह सौ रुपये के लगभग भारत के।
बस में बैठ गए सब लोग। हनुमान चालीसा पढ़ते हुए बस चल रही है। ट्रिप लीडर अनन्य लोगों का स्वागत कर रहे हैं। Firgun का मोटो ही है कि यह जगहों के बारे में नहीं बल्कि लोगों के लिए है। जिन लोगों के साथ आप यात्रा करते हैं उनकी यादें आपके साथ लंबे समय तक रहती हैं ।
कोलंबो से पहली पोस्ट का लिंक टिप्पणी में

https://www.facebook.com/share/v/18nNjq4G5q/

Saturday, February 08, 2025

पुस्तक मेला

 कल पुस्तक मेला जाना हुआ। दोपहर बाद निकले। नोयडा सिटी सेंटर से मेट्रो पकड़ी। मेट्रो में भीड़ नहीं थी लेकिन सीटें खाली नहीं थीं। खड़े-खड़े यात्रा शुरू हुई।

बगल में एक महिला किसी से वीडियो कॉल करते हुए बतिया रही थी। उसका बच्चा बगल में खड़ा पेप्सी की छुटकी बोतल का बंद ठक्कन मुंह से खोलने की कर रहा था। सामने एक लड़का-लड़की अपने-अपने कप से कुछ शिप करते हुए इतने धीरे-धीरे बतिया रहे थे कि शायद उनको भी सुनाई न दे रहा हो। वो बतियाने में मशगूल थे, लोग उनको बतियाते देखते हुए खिड़की के बाहर का नजारा देखते हुए स्टेशन गुजरते देख रहे थे।
सुप्रीम कोर्ट मेट्रो स्ट्रेशन से उतरकर प्रगति मैदान पुस्तक मेला की तरफ गए। काफी आगे जाकर लिफ्ट से उतरकर सड़क पार करके प्रगति मैदान का रास्ता है। सड़क से गुजरती गाड़ियां इतना तेज भन्नाती हुई जा रही थीं मानो पुस्तक मेला जाने में नाराजगी का इजहार कर रही हों।
पुस्तक मेले की शुरुआत समांतर पुस्तक मेले से हुई। सड़क किनारे, फुटपाथ पर और जहां जगह मिली वहां कई किताबों की दुकानें लगी थीं। दुनिया भर के तमाम बेस्टसेलर लेखकों की किताबें पर बिकने को बेताब थीं। सभी दुकानों पर लगभग एक जैसी किताबें।
लोग फुटपाथ पर बिछी किताबो को उड़ती या टहलती नजर से देखते हुए आगे बढ़ रहे थे। कुछ लोग किसी खास किताब के बारे में पूछते और अक्सर उत्तर नकार में मिलता। पूछने वाले को पैसे बचने और अपनी पसन्द की किताब के खास होने का सुख एक साथ मिलता।
किताबों की दुकानों के आगे खोमचों , ठेलियों पर चाट, छोला भटूरा और दीगर खाने के सामान धडल्ले से बिक रहे थे। कुछ सुरक्षा गार्ड किताबों की दुकानों वालों से अनमने ढंग से दुकानें हटाने को कह रहे थे। दुकान वाले भी सुरक्षा गार्ड को देखकर किताबें इधर से उधर कर देते। सुरक्षा गार्ड दूसरी दुकानों को हटाने के लिए आगे बढ़ जाते। साथ-साथ वे खोमचे वालों को हटाते जा रहे थे जो कि हटते-हटते वहीं जमे थे।
एक किताब वाले ने अपने सामने के खोमचे वाले को हटाने के लिए जोर से कहा -'हटो सामने से, छह दिन से बिक्री चौपट कर रखी है। खोमचा वाला थोड़ा हटकर दुकान के और ज्यादा आगे खड़ा हो गया। थोड़ी देर बाद फिर सब लोग एक दूसरे को हटने के लिये कहते हुए वहीं जमे रहे।
मेले के टिकट आनलाइन मिल रहे थे। मेट्रो एप डाउन लोड करना था उसके लिए। मतलब मेला केवल स्मार्ट फ़ोन धारियों के लिए है। यह बताने का यह मतलब कत्तई नहीं है कि अपन अपन को स्मार्ट कहलाना चाहते हैं। वैसे अगर आप मान भी लें तो अपन को एतराज नहीं होगा।
20 रुपए का टिकट ख़रीद कर आगे बढ़े। एक प्रकाशन की बस यात्रियों को पुस्तक मेला तक ले जाने के लिए लगी थी। लेकिन उसके लिए लंबी लाइन लगी थी।इसलिए अपन पैदल ही चल दिए ।
आगे अलग-अलग हाल में अलग-अलग प्रदर्शनी लगी दिखीं ।हाल 14 में नक्षत्रलोक सजा था। पुस्तक मेला हाल दो से पांच तक पुस्तक मेला सजा था।
बाहर लान में तमाम लोग मस्तियाते हुए मेले के मजे ले रहे थे। एक जगह कुछ लोग बैठकर शेरबाज़ी कर रहे थे। एक ने कोई शेर सुनाया तो बाक़ी लोग वाह , वाह क्या बात है , बहुत खूब करने लगे। एक लड़का और लड़की एक सेव हाथ में लिए एक दूसरे से खाने की मनुहार कर रहे थे। इस चक्कर में सेव बेचारा बोर हो रहा था। बाद में दोनों ने थोड़ा-थोड़ा सेव खाकर बातों के रथ हांकते रहे।
एक स्कूल की टीम के गुरु जी सबके साथ फ़ोटो लेते हुए कहा , फ़ोटो अच्छा आना चाहिए। कालेज की वेबसाइट पर लगायेंगे।
पुस्तक मेले की ओर बढ़ते हुए मन सहज डर हावी हो गया कि कहीं कोई ऐसा मित्र न मिल जाये जिसकी किताब पुस्तक मेले में मौजूद हो। मुरव्वत में किताब ख़रीदनी पड़ेगी , भले ही पढ़ना न हो सके।

https://www.facebook.com/share/v/18hgCaFNpD/

पुस्तक मेले में

 


मेले में घुसते ही वही हुआ जिसका डर था। अभी अपन न्यूवर्ल्ड पब्लिकेशंस के स्टाल पर पहुँचे ही थे, चंद्रा जी और आरिफा से बातचीत , शिकवे-शिकायत शुरू ही किए थे कि बगल के स्टाल से सैफ का फ़ोन आ गया। सैफ से बात पहले ही हो चुकी थी। सैफ ने मेरी किताब बेवक़ूफ़ी का सफ़र’ का कवर पेज बनाया था।

बात डर की ही रही थी। सैफ ने फ़ोन पर बताया कि बग़ल के शेवतवर्णा प्रकाशन पर वो हमारा इंतज़ार कर रहे थे। वहाँ पहुँचने पर देखा कि ज्ञानेन्द्र मोहन ‘ज्ञान’ और सरोज मिश्र जी अपनी कविता की किताब के विमोचन के लिए तैयार थे। दोनों हमारे शाहजहांपुर के साथी रहे हैं। दोनों की कविता की किताबों को सीने से सटाकर विमोचन टाइप हुआ। दोनों साथियों की कविताओं की तारीफ़ में बोला। हिंदी व्यंग्य के धुरंधर विमोचकों के वीडियो देखकर अभ्यास हो गया था इसलिए बोलने में हिचक नहीं हुई।इसके बाद दोनों मित्रों ने कविता पाठ भी किया।
चलते समय विमोचित किताबों की खरीद की। प्रकाशक ने स्व मधुकर त्रिपाठी जी का कविता संकलन भी दिया मुफ्त में। लेकिन काउंटर पर भुगतान करते समय वह कविता संकलन वापस धरा लिया गया। एक बार फिर साबित हुआ कि दुनिया में कुछ भी मुफ्त नहीं होता।
बस 490 रुपये की चपत से पुस्तक मेले की बोहनी करके वापस न्यूवर्ल्ड पब्लिकेशन पर पहुँचे। किताबों में सबसे पहले पुष्पा तिवारी जी की कहानियों की किताब दिखी। उसको काउंटर पर रखा। उन्होंने अपनी दो किताबें जबलपुर के पते पर भेजी थीं। हमने किताबों की क़ीमत देने की पेशकश की तो इतना हड़काया उन्होंने फ़ोन पर कि सिट्टी और पिट्टी दोनों गुम हो गईं। अब जल्दी ही उनकी सब किताबें पढ़कर उनके बारे में लिखूँगा। कानपुर की है पुष्पा जी। इतना तो बनता है। देरी पहले ही हो चुकी पढ़ने में , अब और ठीक नहीं।
शरद काकोश जी की दोनों नई किताबें ‘एक पुरातत्व वेत्ता की डायरी’ और ‘बैतूल से भंडारा तक’ के अलावा कुछ और किताबें भी ख़रीदी।
वहीं इंजीनियर राजेश कुमार जी से मिलना हुआ। राजेश कुमार जी ने शाहजहांपुर में रहते हुए कई कहानियों और कविताओं का नाट्य रूपांतर किया है जिसको शाहजहांपुर के अभिव्यक्ति नाट्य मंच ने मंचित भी किया है। इनमें एकल नाटक ‘ वैष्णव की फिसलन’ , ‘मुग़लों ने सल्तनत बख्श दी’ एकल नाटक के बहुत शानदार मंचन कृष्णकुमार और शमीम आजाद ने किए हैं। निराला की प्रसिद्ध कविता ‘राम की शक्ति पूजा’ के नाट्य रूपांतर का एकल मंचन भी देखा था। सैफ के कारण राजेश कुमार जी से पहली बार मुलाकात हुई। उनकी किताब भी ख़रीदी।
सैफ ने अपना बनाया हुआ कवर पेज भी हमको भेंट किया। सैफ ने सुशील मानव जी की किताब का भी कवर पेज बनाया है । हमने वह किताब भी ख़रीदी ।
इस बीच फ़ोन पर अरविंद तिवारी जी बात हुई। वे सेतु प्रकाशन के स्टाल पर थे । उनको साथ लेकर मेले में फिर घूमे। न्यूवर्ल्ड पब्लिकेशन पर फिर आए। वहाँ सुरेश नीरव जी , रजनीकांत शुक्ल जी शीला पांडे जी से मुलाक़ात हुई। महेश आलोक जी अरविंद तिवारी जी के साथ पहले से ही थे। शीला पांडे जी ने अपनी किताब अरविंद तिवारी जी को भेंट की।
इसके बाद अरविंद तिवारी जी की व्यंग्य संग्रह ‘सदन में हमाम के मजे ‘ का विमोचन हुआ। न्यूवर्ल्ड पब्लिकेशन पर तमाम व्यंग्यकारों की किताबें एक कोने में रखी अपनी हालत का बयान कर रहीं थीं। चंद्रा जी से अरविंद तिवारी जी की किताबों की रायल्टी देने के लिए कहा तो उन्होंने कहा मार्च के बाद सबका हिसाब करेंगे। इस बारे में हुई बाकी बातचीत निजता के दायरे में आती है जिसका खुलासा ठीक नहीं क्योंकि वो सबको पता है।
बोधि प्रकाशन में प्रकाशन के तीस वर्ष होने के उपलक्ष्य में कुछ किताबें पाँच-पाँच रुपये की मिल रहीं थीं। अपन ने निवेदिता भावसार, ध्रुव गुप्त, और प्रियदर्शन जी आदि की किताबे ली। सुनील जैन राही का नया कविता संग्रह भी लिया।
अलंकार रस्तोगी ने अद्विक प्रकाशन से अपनी किताब ख़रीदने की बात कही थी। चाय मिलेगी यह भी कहा था। दुकान गए तो पूछा गया कौन अलंकार ? फिर नाम बताने पर किताब मिल गई । लेकिन चाय की कोई बात नहीं हुई। असल में लेखक लोग बहुत मुग़ालते में रहते हैं। यह छोड़ देना चाहिए। अलंकार ने अपना परिचय भी इसी अंदाज़ में लिखा है। अब अंदर का हाल बाद में पता चलेगा।
भावना प्रकाशन से तीन किताबें ख़रीदीं। अर्चना चतुर्वेदी का व्यंग्य संग्रह डर के मारे , डा असीमित का उनकी उनकी बीहड़ नेटवर्किंग के चलते और उर्मिलिया जी का उपन्यास इसलिए भी कि इसमें शुक्ल जी एक पात्र हैं।
भावना प्रकाशन में ही नीरज जी ने बताया कि सुभाष चंदर जी भी आए है मेले में और लेखक की दौड़ लेखक मंच तक के हिसाब से हाल नंबर दो के लेखक मंच पर मौजूद हैं। सुभाष जी साथ ही वहाँ गिरीश पंकज जी और फ़ारूख़ अफ़रीदी जी भी मिले। कृष्ण कल्पित जी से नमस्ते किया और उनकी किसी किताब की तारीफ़ भी की। कृष्ण कल्पित से पैटिस खाते हुए बगल की दुकान में चले गए। अपन लोग सुभाष जी को साथ लेकर चाय पीने बाहर आ गए।
इसके पहले अरविंद तिवारी जी के साथ भी चाय पान हो चुका था। साथ में महेश आलोक जी थे। महेश जी जेएनयू से पढ़े हैं । अपने गुरु केदारनाथ सिंह जी पढ़ाने के कई किस्से बयान किए।
शोभना श्याम जी से भी मुलाकात हुई वहीं। शोभना जी ने अरविंद तिवारी जी से कहा -आप तो अपने लेखन से सबको उखाड़ देते हैं।’ अरविंद तिवारी जी ने एक और महिला पाठिका के इसी तरह के वक्तव्य के बारे में बताया। इससे पता चलता है पुरुष लेखक महिला पाठिकाओं की तारीफ़ को कितनी गंभीरता से लेते हैं।
दिविक मिश्रा से भी मुलाक़ात हुई। काफ़ी दिन पहले वे हमारे जबलपुर वाले कमरे में मिलने आए थे। यहाँ काफ़ी देर साथ रहे हम लोग ।
चलते समय हम लोग लालित्य ललित जी से मिलने गए। उन्होंने चाय पिलाने का वादा किया था और उसे निभाया भी। थीम पवेलियन के इंतजाम का जिम्मा संभाले हुए लालित्य जी ने बताया कि वीआईपी और बड़े लोगों के मेले में आने पर उनका इंतजाम करने की जिम्मेदारी उनकी है। एक दिन पहले किसी देश के राष्ट्राध्यक्ष के आने की जानकारी दी उन्होंने। यह भी बताया कि अगर कार से आयें और बता दें तो उसके आने की व्यवस्था वो कर देते। हमने बताया कि ठीक बात लेकिन हम थोड़ी बड़ी गाड़ी , मेट्रो, से आए हैं इसलिए अंदर आना मुश्किल था।
लौटते हुए हिन्द युग्म प्रकाशन होते हुए आए। हिंद युग्म प्रकाशन की दीवार पर दिल के आकार की तमाम चिप्पियाँ लगी थीं। चिप्पियों पर लोगों ने अपने दिल की बातें लिखीं थीं। कुछ अश्लील बातें भी। दिल की बात में कुछ अश्लील कहाँ होता है । शैलेश की सलाह पर हमने कुछ किताबें ख़रीदीं उनमें से एक विनोद कुमार शुक्ल जी की पुरानी अप्रकाशित कविताएँ थीं। कविताएँ विनोद जी की हस्तलिपि में भी हैं । सुंदर प्रकाशन।
हिंदयुग्म प्रकाशन पर ही ज्योति त्रिपाठी से भी मिलना हुआ। इसके बाद अपन साथ-साथ लौटे लेकिन बाहर आते-आते अलग-अलग हो गए।
मेले में जाने से पहले तमाम किताबें ख़रीदने की लिस्ट बनाई थी। मेले में पहुंचकर किसी किताब का नाम भूल गया , किसी का प्रकाशन। घर पहुंचकर अरुण अर्णव खरे जी का मेसेज देखा कि हमको इंक पब्लिकेशंस जाना था और उनकी किताब मुफ्त में लेनी थी। लेकिन मुफ्त की चीजें लगता है अपने भाग्य में नहीं। खैर, फिर सही।
मेले से लौटकर सब किताबों को उलटपुलटकर देखा। बाद में पढ़ने के लिए रख दिया। देर रात श्रीलंका के लिए फ्लाइट पकड़ने के लिए निकलना था।
अब श्रीलंका पहुँचकर यह पोस्ट लिख रहे हैं। पुस्तक मेले के बारे में फ़िलहाल इतना ही। बाक़ी किस्से फिर कभी।

https://www.facebook.com/share/p/1E7DGkFsc5/

Thursday, February 06, 2025

शर्मनाक

 जिस तरीके से (हथकड़ी, बेड़ी लगाकर) अमेरिकी सरकार दूसरे देशों के प्रवासियों (भले ही वो अवैध हैं) भेज रही है वह अमानवीय है। अपने देश की सरकार द्वारा इसके प्रति विरोध न व्यक्त करना दुःखद और शर्मनाक है।निंदनीय है।

तमाम लोग प्रवासियों को अमानवीय तरीके से वापस भेजने के तरीके को अनुचित न मानते हुए अमेरिकन कानून का हवाला देते हुए कह रहे हैं कि यह उनके क़ानून के हिसाब से है। मुझे डर है कि ऐसे लोग आने वाले दिनों देश की आज़ादी में क़ुर्बानी देने वालों के बलिदान यह कहकर ख़ारिज न कर दें कि अंग्रेजों ने उनको अपने क़ानून के हिसाब से सजा दी।

https://www.facebook.com/share/p/18YrJcjhft/

Wednesday, February 05, 2025

बहुत प्यार करते थे अम्मा-बप्पा


पिछले हफ़्ते रावतपुर नर्सरी जाना हुआ। घर के बगीचे में लगाने के लिए कुछ पौधे ख़रीदने थे।
पहले भी कई बार जा चुके हैं इस नर्सरी में। नर्सरी के बग़ल में मौजूद एक रेस्तराँ हैं। नाम है बगीचा कैफ़े (The Cafe Baggicha)। क़रीब साल भर पहले यहाँ आए थे तो चाय भी पी थी। कैफ़े चलाने वाले माँ-बेटे मिले थे। उन्होंने बताया था कि कैसे उन्होंने मुश्किल से इस कैफ़े को शुरू किया था। कैसे चलाते हैं।
कैफ़े की ख़ासियत वहाँ मौजूद किताबें थीं। कुछ किताबें एक छुटकी सेल्फ़ में रखी थीं। लोग पढ़ते तो नहीं दिखे लेकिन किताबों की मौजूदगी अपने आप में ख़ुशनुमा एहसास है।
इस बार गए तो बगीचा कैफ़े बंद था। पहले भी एक बार आए तब भी बंद दिखा था। नर्सरी वाले से पूछा तो उसने बताया-"कभी समय से नहीं खुलता। दोपहर बाद कभी-कभी खुलता है। ऐसे थोड़ी चलता है कैफ़े।"
हम क्या कहते कैसे चलता है कैफ़े लेकिन कभी-कभी मन करता है कहीं कोई कैफ़े हो जहाँ ख़ूब सारी किताबें हों जिनको पढ़ते हुए लोग चाय-काफ़ी पिएँ। लेकिन किसी के मन करने भर से कुछ थोड़ी हो जाता है। कुछ चाय की दुकानों अख़बार तो दिखते हैं सुबह लेकिन किताबों तक मामला नहीं पहुँचता।
पौधे ख़रीदने के बाद उनको कार की डिक्की में रखवाने के लिए हाथ ट्राली में लेकर एक महिला आईं। डिक्की में रखवाते हुए उनसे नाम पूछा तो बताया -'दुलारी।'
हमने कहा -'घर वालों की ख़ूब दुलारी रही होगी तभी नाम रखा दुलारी।'
इस पर वो हंसने लगीं। बोली -'हाँ , काहे नहीं। बहुत प्यार करते थे अम्मा-बप्पा।'
आगे बात करते हुए बताया दुलारी ने -"शादी के चार साल बाद पति नहीं रहे। एक बच्चा है। उसकी परवरिश के लिए मेहनत-मज़दूरी करते हुए ज़िंदगी जी। ससुराल में किसी ने सहयोग नहीं किया। बच्चे को पढ़ा-लिखा कर बड़ा किया। आज बेटा पुलिस में नौकरी करता है। बेटे को सीआरपीएफ, बीएसएफ और कई जगह से नौकरी की चिट्ठी आई थी। बेटे ने पुलिस की नौकरी की।"
बेटे को कई जगह से नौकरी का आफ़र आया बताते हुए दुलारी के चेहरे पर गर्व की भाव था। बेटे के लिए दुलहिन की खोज में लगी हैं अब दुलारी। माँ-पिता रहे नहीं अब। भाई-बहन हैं।
दुलारी ने बताया कि वे इस नर्सरी में पिछले 13-14 से हैं। घर मंधना में हैं। वहीं से रोज आती-जाती है। बस से। नर्सरी से रोज तीन सौ रुपए रोज मिलते हैं । 200 रुपए दिहाड़ी, सौ रुपया किराया के। बाक़ी जो कुछ किसी फूल-पौधे ले जाने वाले से मिल जाए। वो भी बहुत कम लोग ही देते हैं।
सरकार के द्वारा तय अकुशल मज़दूर की न्यूनतम मज़दूरी पाँच सौ रुपए के लगभग है। लेकिन दुलारी को 200 रुपए मिलते हैं। इसका कोई हिसाब नहीं है। कहीं रजिस्टर में उनका नाम भी नहीं होगा। उनके लिए शायद यही बहुत है कि रोज की दिहाड़ी मिल रही है।
न्यूनतम मज़दूरी का चक्रव्यूह बड़ा जटिल है। सरकारी संस्थानों में भी, जहाँ भुगतान न्यूनतम मज़दूरी के हिसाब से ही होता है, कर्मचारी को उनकी मज़दूरी का बड़ा हिस्सा कटकर ही मिलता है। भुगतान मज़दूर के खाते में पूरा होता है। लेकिन मज़दूर को मिलता ठेकेदार द्वारा अपना हिस्सा काट लेने के बाद ही। ठेकेदार द्वारा अपना हिस्सा काटकर भुगतान करने की तरह-तरह की तरकीबें हैं। सबको पता रहता है इस बारे में लेकिन कोई कुछ कर नहीं पाता। सरकार न्यूनतम मज़दूरी भले बढ़ाती रहे लेकिन मज़दूरों को भुगतान वही होता है जितना ठेकेदार चाहता है।
अभी टेलीविजन पर दिल्ली चुनाव में वोटिंग की खबरें आ रही हैं। हर पार्टी अपनी जीत का दावा कर रही है। अभी तक प्रधानमंत्री जी की संगम में डुबकी लगाती हुई खबरें शूरु नहीं हुईं हैं। शायद कुछ देर में दिखें।

ख़ैर, जो होगा देखा जाएगा। फ़िलहाल तो मस्त रहा जाए। 

https://www.facebook.com/share/p/18CRFWvqJC/

Tuesday, February 04, 2025

सब मिले हुए हैं


 आज सबेरे-सबेरे दौड़ा दिए गए। चौराहे तक। बिना किसी काम के। ऐसा अक्सर होता है। कोई नई बात नहीं।

लौटते हुए सवारियों का इंतज़ार करते दो रिक्शे वाले दिखे। पास से गुजरे तो एक ने नमस्ते जैसा किया। हो सकता है उसने चेहरे से मक्खी उड़ाई हो जिसे मैंने नमस्ते समझा। मध्यमवर्गीय समाज में इस तरह की गलतफहमियाँ बड़ी सुकूनदेह होती हैं। बहरहाल, रुक गए। बतियाने लगे उनसे ।
"सवारियाँ मिल जाती हैं यहाँ से?" -बातचीत की शुरुआत करते हुए हमने पूछा।
"हाँ, मिल जाती हैं। बैंक, आवास विकास और इधर-उधर की तरफ़ की मिल जाती हैं।"- एक ने बताया।
रिक्शा काफ़ी पुराना देखकर मैंने कहा -"पिछले पहिए में मडगार्ड नहीं लगा इसमें।"
"अब रिक्शे ऐसे ही आते हैं। सन 2012 में लिया था इसे। पहले वाले रिक्शे में पीतल के मडगार्ड लगे आते थे। डायनामो लगे होते थे। पंखे लगे होते थे।"- रिक्शेवाले ने बताया।
पंखे और डायनामो की तो याद नहीं लेकिन रिक्शों के पहियों पर मडगार्ड लगे होते थे। तमाम नौजवान रिक्शेवाले अपने रिक्शों को चमकाते दिखते थे। मडगार्ड सड़क के कीचड़ से सवारियों को बचाते थे। अब शायद समय का चलन हो गया है कि किसी को कीचड़ से बचाने की बजाय कीचड़ अधिक से अधिक फैलाया जाए। इसीलिए कीचड़ फैसले से रोकने वाले हर जुगाड़ हटा लिए जाएँ।
रिक्शे के पहिए रिक्शेवालों के मुँह की तरह पिचके हुए थे। दोनों में हवा की कमी है शायद। लेकिन ऐसे ही चलता है इसलिए चल रहा है।
हमारे कहाँ रहते हो पूछने पर एक ने बताया -" यहीं मसवानपुर में रहते हैं। अपना खुद का मकान है।"
उमर पूछने पर उसने 75 साल बताई। देश की आज़ादी की उमर के बराबर। देश अमृतकाल मना रहा है। कुम्भ में अमृतस्नान हो रहा है। देश और समाज से होड़ लेता हुआ एक कनपुरिया बुजुर्ग अपनी अमृतउम्र में रिक्शा चला रहा है। पेट भरने के लिए किसी का मोहताज तो नहीं है।
आगे एक चबूतरे पर बैठे बतियाते लोगों में एक को कहते सुना -"बाबा लोगों को कुछ करना थोड़ी पड़ता है। बैठे-बैठे रोटी तोड़ते हैं।"
हमने रुककर उसकी बात सुनी और बाबा लोगों के बारे में उसकी धारणा को विस्तार से जानना चाहा। उसने कई लोगों के उदाहरण देते हुए बताया कि वे कुछ करते-धरते नहीं है। गंडा-ताबीज़ बाँटते हैं , झाड़-फूंक करके लोगों को 'जनता' बनाते हैं। हरामखोरी से पैसा कमाते हैं। निठल्लागीरी की कमाई करते हैं।
बाबा लोगों के बारे में उसकी धारणा से मुझे कष्ट हुआ। उसको पता नहीं आजकल बाबा लोग कितनी मेहनत कर रहे हैं। सरकारें बनवाने, बचवाने के लिए बयानबाज़ी करते हैं। अच्छा हुआ उसकी बात को किसी बाबा जी ने सुना नहीं वरना बाबा जी उनके ख़िलाफ़ कोई बयान जारी कर देते (श्राप देने लायक़ तपस्या शायद होती नहीं बाबा जी लोगों के पास)।
बाबाजी लोगों के निंदा स्थल के पास दो कुत्ते धूप में लेते हुए निद्रा तपस्या में लीन थे। उनके चेहरे पर संतुष्टि के भाव थे। एक दूसरे के अस्तित्व से उदासीन दोनों कुत्ते पूरी तसल्ली से धूप स्नान कर रहे थे। कुत्ते लोग सहअस्तित्व के सुंदर उदाहरण होते हैं। शांत रहते हैं तो सब एक साथ। भौंकते हैं तो सब एक साथ , एक सुर में। ये नहीं कि एक भौंके तो दूसरे चुप रहें। किसी मजमे में किसी नेता या हीरो का बार-बार नाम लेते हुए उसको लोकप्रिय बताने का हुनर प्रसंशको ने कुत्तों से सीखा या प्रसंशको से कुत्तों से इस बारे में कुछ कहना मुश्किल हैं मेरे लिए। समाजशास्त्री भले कुछ कहें।
आगे चौराहे पर भी कुछ कुत्ते आराम करते दिखे। बग़ल से गुजरते हुए उनमें से एक ने हमें जिस अन्दाज़ में देखा उससे लगा अगर वो बोल सकते तो हमें सुनाई देता -"कौन है बे जो सुबह-सुबह माबदौलत की नींद में खलल डालने की हिमाक़त कर रहा है।"
हमारे बग़ल से गुजर जाने के बाद कुत्ते फिर सुबह की नींद सो गए। आगे कुछ चैतन्य कुत्ते भी दिखे। वर्जिश जैसी करते हुए वे एक स्कूटर के पीछे कुछ दूर भागे फिर वापस लौटकर दूसरी सवारी का इंतज़ार करने लगे जिसके पीछे वे भाग सकें।
सड़क किनारे खड़े अमलताश के पेड़ अपने फूल खिलाने की तैयारी में जुटे दिखे। आगे एक जगह दो हरे पेड़ों के बीच एक पीला पड़ता बुजुर्ग पेड़ दिखा। ऐसा लगा कि दो जवान हरे पेड़ एक बुजुर्ग पेड़ को अपने कंधे का सहारा देते हुए किसी अस्पताल ले जा रहे हैं। शायद पेड़ों में अपने बुजुर्गों की देखभाल की आदत बची हुयी है।
आगे सड़क पर एक दूसरी के विपरीत दिशा में मोटरसाइकिल का मुँह किए दो लोग मुँह में मुँह जोड़कर बतियाते दिखे। उनको देखकर लगा कि आज की दुनिया में पक्ष-विपक्ष, झूठे-गुंडे, ये और वो सब मिले हुए हैं।
आपको क्या लगता है?

https://www.facebook.com/share/p/1DpHhc6zb7/

Monday, February 03, 2025

श्री जयप्रकाश जायसवाल विचार गोष्ठी और कविता पाठ


 कल जनवादी लेखक संघ, कानपुर द्वारा श्री जयप्रकाश जायसवाल विचार गोष्ठी और कविता पाठ का आयोजन किया गया। श्री जयप्रकाश जायसवाल जी कानपुर जनवादी लेखक संघ के संरक्षक थे। स्वयं होजरी उद्योग से जुड़े होने के बावजूद पढ़ने-पढ़ाने में और लिखने-पढ़ने की हर गतिविधि में यथा संभव सहयोग करते थे। 'अकार' पत्रिका की शुरुआत कराने में उनका अहम योगदान था। कार्यक्रम के दौरान उनकी बेटी ने उनकी पढ़ने-पढ़ाने की रुचि का ज़िक्र करते हुए बताया कि उनके पिताजी को इस बात का सुकून था कि उनके बेटी-बेटों के साथ-साथ बहुओं की भी पठन-पाठन में रुचि है।

आयोजन पत्रकारपुरम स्थित 'रोमी का अड्डा' में हुई। रोमी अरोड़ा जी पत्रकारिता से जुड़ी थी। उनके निधन पर उनके बारे में लिखी गयी पोस्ट्स से उनके बारे में जानकारी हुई थी।
'रोमी का अड्डा' मतलब, रोमी जी के घर की ऊपरी मंज़िल पर, गोष्ठी का आयोजन था। एक दीवार पर कई फ़िल्मों, प्रसिद्ध लेखकों और कलाकारों की फ़ोटो के बीच मुस्कराती हुई रोमी जी की फ़ोटो लगी हुई थी।
जीने में दीवार पर चार्ली चैप्लिन की फ़ोटो के साथ के पोस्टर में लिखा था -"Life is a tragedy when seen in close up , but a comedy in long shot" ( जीवन पास से देखने एक त्रासदी है, दूर से देखने पर एक प्रहसन)। जनवादी लेखक संघ, कानपुर की सचिव Anita Misra ने इस पोस्टर की तरफ़ ध्यान दिलाया। यह भी कि उसके चयन में उनके भी भूमिका थी।
हमको लगा कि शायद चार्ली चैप्लिन की बात मानकर ही अपने देश के कर्णधार देश को आज की सच्चाई से ठेल-ठालकर दूर स्वर्णिम अतीत या चकाचौंध करने वाले सुनहरे भविष्य की ओर ले जाने के प्रयास में हुए हैं। वे देश को दूर से ही देखना चाहते हैं ताकि देश की वर्तमान त्रासदी न दिखें, प्रहसन चलता रहे।
इसी सिलसिले में ज़िंदगी पर राहत इंदौरी का भी एक शेर याद आ गया :
ज़िन्दगी क्या चीज़ है ख़ुद ही समझ जाओगे
बारिशों में पतंगे उड़ाया करो ।
कार्यक्रम शुरू होने के पहले दैनिक जागरण अख़बार के आइनेस्ट से जुड़ी मौली सेठ जी ने बहुत प्यार, आत्मीयता और गर्मजोशी से रोमी अरोड़ा को याद करते हुए गोष्ठी में आए लोगों का स्वागत किया।
कार्यक्रम की शुरुआत करते हुए जनवादी लेखक संघ,कानपुर की सचिव, अनीता मिश्रा ने, संचालन का काम शालिनी सिंह जी को सौंप दिया और बाक़ी के इंतज़ाम देखने लगीं। विचार गोष्ठी में राजेश अरोड़ा के कविता संग्रह 'चिट्ठियाँ' और सीमा सिंह के कविता संग्रह 'कितनी कम जगहें हैं' पर बातचीत और उसके बाद कविता पाठ होना था।
शालिनी सिंह जी ने कार्यक्रम की शुरुआत करते हुए केदारनाथ अग्रवाल की 'कानपुर' कविता पढ़ी :
"चोटों पर चोटें जो घन की
खाकर कभी नहीं तड़की है,
उस हड्डी पर—उस पसली पर
श्रमजीवी की उस छाती पर,
कानपुर का शहर सजीला,
कई मील के लंबे-चौड़े
मिलों कारख़ानों को घेरे
घंटाघर ले बसा हुआ है।
कंकड़, पत्थर, कोलतार की
काली-काली चौड़ी सड़कें—
दुकानों का बोझा लादे
गहरी निद्रा में लेटी हैं।
कई टनों के पर्वत जैसे
सड़क कूटने वाले इंजन,
मनों बोझ के टायर पहने
चलने वाले लाखों मोटर,
लोहे की पटरी की सड़कें,
भारी-भरकम रेलगाड़ियाँ,
उस हड्डी पर—उस पसली पर
चलने-फिरने में तन्मय हैं।
घाट, धर्मशालाएँ, अदालतें,
विद्यालय, वेश्यालय सारे,
होटल, दफ़्तर, बूचड़ख़ाने,
मंदिर, मस्जिद, हाट, सिनेमा,
श्रमजीवी की उस हड्डी से
टिके हुए हैं—जिस हड्डी को
सभ्य आदमी के समाज ने
टेढ़ी कर के मोड़ दिया है!!
कानपुर की सारी सत्ता—
श्रमजीवी की ही सत्ता है!
कानपुर की सारी माया
श्रमजीवी की ही माया है!!
इसके बाद उन्होंने सीमा सिंह के कविता संकलन 'कितनी कम जगहें हैं' पर चर्चा करने के लिए वीएसएसडी कालेज कानपुर के प्रोफ़ेसर आनंद शुक्ल जी को आमंत्रित किया। युवा कवियत्री सीमा सिंह नेशनल पी जी कालेज, लखनऊ में प्राध्यापिका हैं। जनवादी लेखक संघ , लखनऊ से संबद्ध हैं। 'कितनी कम जगहें हैं' उनका पहला कविता संकलन है जो कि सेतु प्रकाशन से प्रकाशित हुआ है।
प्रोफ़ेसर आनंद शुक्ल ने सीमा सिंह के कविता संकलन पर बातचीत करने के पहले हिंदी साहित्य, कविता , कवि और आज के समय पर अपनी बात कही। पचास-पचपन करोड़ की हिंदी भाषी आबादी में हज़ार-पाँच सौ की संख्या में किताबें छपना, कम पढ़ा जाना यह किसी भी समाज के लिए चिंताजनक है। कविता पाठ मजबूरी में किए जाते हैं। दिन पर दिन स्थितियाँ ऐसी होती जा रही हैं कि लोग साहित्य और कविता से दूर होते जा रहे हैं। जनकवि नागार्जन जी के हवाले से उन्होंने कहा," कोर्स में लग जाने वाली कविता सुहागिन कविता होती है।"
सामान्य पाठक तक कविता पहुँचने की प्रक्रिया बहुत जटिल हो गयी है। कविता पढ़ने में दिलचस्पी बनी रहे यह आसान बात नहीं है। "कितनी कम जगहें हैं " की कविताएँ पढ़ते हुए कविता में दिलचस्पी बनी रही। यह कविता संकलन की सफलता है।
पिछले दो-तीन दशकों की कविता विचारों की सघनता की कविता सहज नहीं रह पाती।
अपने गुरु मैनेजर पांडेय के हवाले से प्रोफ़ेसर आनंद शुक्ल ने बताया कि कवि तीन तरह के होते हैं :
-पहली तरह के कवि वे होते हैं जिनके लिए कविता लिखना शतरंज खेलने जैसा बौद्धिक काम होता है।
-दूसरी तरह के कवि कविता को मदारी के बंदरिया की तरह इस्तेमाल करते हैं।
-तीसरी तरह के कवि वे होते हैं जो आत्मा की पुकार पर कविता लिखते हैं।
" कितनी कम जगहें हैं" के बहाने आज के समय पर चर्चा करते प्रोफ़ेसर आनंद शुक्ल ने कहा कि आज तमाम उन बातों की जगहें (space) कम जो जीवन के लिए ज़रूरी हैं। प्रेम और संवेदना के लिए जगह कम हो रही है। आज का मीडिया युद्द को मनोरंजक बनाकर पेश करता है। इसकी शुरुआत पिछली सदी के नब्बे के दशक में हुई थी इराक पर अमेरिकन स्टड मिसाइलें गिर रहीं थी और लोग बीयर, चाय, काफ़ी उनको देखते हुए अपना मनोरंजन कर रहे थे। आज वही हाल गाजा में इज़रायली मिसायलें कर रही हैं। लोग उनको निर्लिप्त भाव से देख रहे हैं क्योंकि उनकी ज़िंदगी दांव पर नहीं लगी है।
दुनिया भर में विभाजन की राजनीति हो रही है। हर जगह मामला अल्पसंख्यक बनाम बहुसंख्यक के रूप में बदलता जा रहा है। यह अल्पसंख्यक बनाम बहुसंख्यक समुदायों तक ही सीमित नहीं रह गया है। जिस किसी भी विचार और सोच के लोग कम हैं, भले ही वे कितनी भी अच्छी सोच के क्यों न हों, उन पर वे लोग हावी हो रहे हैं जिनके मानने वाले संख्या में ज़्यादा हैं। हर जगह यही काम हो रहा है। संस्थानों में, समाज में। कुम्भ में भी यही हो रहा है।
अपनी बातचीत में प्रोफ़ेसर आनंद शुक्ल ने सीमा सिंह की कुछ कविताओं का ज़िक्र भी किया। उन्होंने कहा कि सीमा सिंह की कविताएँ पढ़ने में दिलचस्पी जगाती हैं। इस तरह की कविताओं का स्वागत किया जाना चाहिए।
सीमा सिंह के कविता संकलन के बाद राजेश अरोड़ा जी के कविता संकलन 'चिट्ठियाँ ' पर नलिनी रंजन सिंह जी ने चर्चा की। कवि,आलोचक और सम्पादक नलिन रंजन सिंह इलाहाबाद विश्वविद्यालय में पढ़े हैं। वे जयनारायण पीजी कालेज, लखनऊ के हिंदी विभाग के प्रोफ़ेसर और विभागाध्यक्ष हैं।
राजेश अरोड़ा ने स्वयं अपनी कविताओं के बारे में बताते हुए लिखा है :
"मेरी किताब पढ़ते हुए आपको लगेगा जैसे आप खुद को पढ़ रहें है, बिल्कुल साधारण सी जिंदगी जीते हुए। जो महसूस हुआ, संवेदना, प्यार , गुस्सा और अपने समय का दबाव। न कोई दम्भ , न कुछ बड़ा बनाने या अलग दिखने की चाह है। बहुत आम सी कविताएँ है यह।इसमें मेरे जिये 40 वर्षो की यात्रा है। उस समय से लगातार बदलते हुए सामाजिक,राजनीतिज्ञ दबाव और उसमें मेरे स्वर भी दिखेगें। बाकी आप के हाथ में है पुस्तक पढ़ते पढ़ते रुक कर फिर पढ़ने का मन करे तो सफल है।"
नलिन रंजन सिंह जी ने राजेश अरोड़ा जी की कविताओं पर बात की शुरुआत करते हुए राजस्थान के एक मंत्री का क़िस्सा सुनाया :
"मंत्री जी ने बच्ची से पूछा," किस क्लास में पढ़ती हो?"
"टेन्थ में" , बच्ची ने जवाब दिया।
"टेंथ में पढ़ती हो? हमको तो बताया गया था दसवीं में पढ़ती हो" ,मंत्री जी ने कहा।"
सम्भव है मामला हिंदी-अंग्रेज़ी का रहा हो लेकिन जिस देश के कर्णधार समाज के चलन में सहज भाषा से इतने अनभिज्ञ हैं उनकी अपनी ज़िम्मेदारी निभाने की सोच का अंदाज़ा लगाया जा सकता है।
नलिन रंजन सिंह जी ने कहा कि आज के समय में सोशल मीडिया के चलन के चलते आज सम्पादक की हैसियत कम हुई। आम लोगों के अभिव्यक्ति अवसर मिले हैं। आम तौर पर कविता स्तर कम हुआ है। लेकिन अच्छी कविता भी लिखी जा रही है, भले ही कम मात्रा में हो।
'चिट्ठियाँ' कविता संग्रह पर बात करते हुए नलिन रंजन सिंह जी ने कहा कि चिट्ठी स्मृति की परिचायक है, आज स्मृति पर हमला हो रहा है, चिट्ठियाँ दिल से निकलती हैं, चिट्ठियाँ हैं तो संवेदना बची हुई है, प्रेम बचा हुआ है,स्नेह बचा हुआ है।
पुराने समय में लेखकों द्वारा एक-दूसरे को लिखे पत्रों से उनके बारे में बहुत जानकारी मिलती है। उनके व्यक्तित्व का पता चलता है। चिट्ठियों के माध्यम से लेखक अपने समय के हालात बयान करता है। उन्होंने दुष्यंत कुमार की ग़ज़ल के शेर के हवाले से कहा :
मुझमें रहते हैं करोड़ों लोग चुप कैसे रहूंं
हर ग़ज़ल अब सल्तनत के नाम एक बयान है।
राजेश अरोड़ा जी की कविताओं पर चर्चा करते हुए उन्होंने कहा :
"अपनी इत्तफ़ाक़न बनी पत्नी के नाम" जिस तरह की कविताएँ राजेश जी ने लिखी हैं वैसी कविताएँ हिंदी में कम लिखी गयी हैं।" केदारनाथ अग्रवाल और कुछ और लोगों ने ज़रूर अपनी जीवन संगिनी के लिए कविताएँ लिखी हैं। "राजेश जी अपनी शब्दों को लेकर बहुत सजग हैं।"
राजेश जी की कुछ कविताओं का ज़िक्र करते हुए नलिनी रंजन सिंह ने उनकी ख़ूबसूरती की चर्चा की।
जब नलिन रंजन सिंह हिंदी साहित्य में चिट्ठियों का ज़िक्र कर रहे थे तो मैं सोच रहा था कि शायद वे प्रसिद्ध कथाकार और तद्भव के सम्पादक अखिलेश जी की प्रसिद्ध कहानी 'चिट्ठी' का ज़िक्र भी करेंगे। लेकिन उन्होंने अपने ही गुरुकुल ( इलाहाबाद यूनिवर्सिटी) में पढ़े अखिलेश जी की इस कहानी का ज़िक्र नहीं किया। नहीं याद रहा होगा उस समय या शायद उतना ज़रूरी न लगा हो उसका ज़िक्र करना। लेकिन मुझे अखिलेश जी की कहानी चिट्ठी बहुत पसंद है। इतनी पसंद कि इस लंबी कहानी को खुद से टाइप करके मैंने इसे अपने ब्लाग में पोस्ट किया था ( आप भी पढ़ सकते हैं।लिंक टिप्पणी में दिया है)
कविता संकलन पर विचार विमर्श के बात इंटरवल हो गया और आपस में चाय पर चर्चा शुरू हो गयी।
इंटरवल के दौरान खान अहमद फ़ारुख साहब से बातचीत हुई। अकार पत्रिका (अकार -68) के 'संस्मरण अंक' में फ़ारुख साहब का शम्सुर्रहमान फ़ारूखी जी पर लिखे बहुत आत्मीय, बहुत प्यारे संस्मरण की तारीफ़ की। यह तारीफ़ बहुत दिनों से उधार थी। अकार पत्रिका का यह अंक संग्रहणीय है। प्रिंट में उपलब्ध नहीं है। नाटनल साइट पर पढ़ सकते हैं।
इस इंटरवल के दौरान ही राजेश अरोड़ा जी ने अनीता मिश्रा को इस कार्यक्रम के आयोजन के लिए अलग से धन्यवाद देते हुए बताया कि तीन दिन बाद पाँच फ़रवरी को उनकी वैवाहिक वर्षगाँठ है। उनका और रोमी का विवाह 5 फ़रवरी, 1989 को हुआ था।
कार्यक्रम की शुरुआत में, अनीता मिश्रा, संध्या त्रिपाठी जी और मौली सेठ जी जो कि बसंत पंचमी के अनुरूप बसंती वस्त्र धारण करके आईं थी, मेरे बहाने पुरुष बिरादरी से मज़े लेते हुए कहा, ' आमतौर पर पुरुषों को कपड़े पहनने का सलीका नहीं होता। अवसर के अनुकूल कपड़े पहनने के प्रति सजग नहीं रहते ।' इस सचाई पर कल तो कुछ नहीं कह पाए लेकिन आज यह पोस्ट लिखते समय श्रीमती जी को यह बात बताई तो उन्होंने कहा,' बसंत पंचमी आज ही है।' संयोग से आज जो ड्रेस हमको पहनने के लिए इशू हुई है उसमें पीली टी शर्ट भी शामिल है।
इंटरवल ख़त्म होने के बाद कविता पाठ हुआ। इसमें ख़ुशी गुप्ता, एसपीसिंह, नूर आलम, सीमा सिंह, रमाशंकर सिंह, राजेश अरोड़ा, शालिनी सिंह,डा संजीव सिकरोरिया, पंकज चतुर्वेदी और नलिन रंजन सिंह ने कविता पाठ किया।
लगभग सभी लोगों ने मोबाइल से देखते हुए कविता पाठ किया। आजकल कविता पाठ मोबाइल पाठ में बदल में गया है। लोग याद करके कविताएँ नहीं पढ़ते। आधा क्या पौना ध्यान मोबाइल खा जा जाता है। कविता के प्रभाव पर असर पड़ता है। मेरी समझ में कवियों को अपनी पसंदीदा कविताएँ याद कर लेनी चाहिए ताकि उसे बिना मोबाइल या काग़ज़ के प्रभावी अन्दाज़ में सुना सकें।
कार्यक्रम स्थल पर जनवादी लेखक संघ , उत्तरप्रदेश के कवियों की कविताओं का साझा संकलन ‘जनरव’ भी उपलब्ध था। 48 कवियों की कविताओं का सेतु प्रकाशन से प्रकाशित 299 रुपए का कविता संकलन दो सौ रुपए में मिल गया। सीमा सिंह और राजेश अरोड़ा के कविता संकलन भी होते तो और अच्छा रहता।
कार्यक्रम के सुंदर, सफल संचालन के लिए शालिनी सिंह जी को बधाई। कार्यक्रम में बुलौवे और इंतज़ाम के अनीता मिश्रा जी को धन्यवाद। कार्यक्रम में चाय-पानी-नाश्ते के इंतज़ाम के लिए राजेश अरोड़ा जी का आभार।
जैसा ख़ुशनुमा इतवार कल बीता वैसा हर इतवार बीते। सबका बीते ।

https://www.facebook.com/share/p/17BcZEu62P/