Sunday, March 02, 2025

तुमको सब इसी तरह के लोग मिलते हैं


कल 'सैंट्रो सुंदरी' से शहर से वापस आते समय पीछे से खड़खड़ाट सुनाई दी। उतरकर देखा तो कार का पिछला पहिये का मुँह अमेरिकी राष्ट्रपति की तरह फूला हुआ था। कुछ तार भी निकले हुए थे। पहिए के एक हिस्से की ऊपरी परत ने पहिए से समर्थन वापस लेकर अपना दल बना लिया था। यही हिस्सा चलते समय कार के मडगार्ड में लगकर आवाज़ कर रहा था।
पहले सोचा धीरे-धीरे चलते हुए घर तक आ जाएँ। लेकिन फिर आवाज़ ज़्यादा हुई तो ख़राब टायर बदलने का तय किया। कार की डिक्की से पाना निकाला और पहिए के नट खोलने चालू किए। बहुत दिन से न खुले होने के कारण नट कसे थे। खुल नहीं रहे थे।
हम और ज़ोर लगाएँ तब तक उधर से एक आदमी आकर बोला -'हम बदल दें टायर।' हमने कहा -'कित्ते पैसे लोगे?' वो बोला-'जो मन में आए दे देना।' हमने कहा -'खोलो।बदलो'
उसने कोशिश की। ज़ोर लगाते ही वो लुढ़क गया। हमने सोचा पिए होगा। वह लड़खड़ा कर उठा। खोल नहीं पाया नट तो हमने ज़ोर लगाया। नट ढीले हो गए। उसने नट खोले। इसके बाद उसने जैक लगाकर टायर निकालने का उपक्रम किया। वह भी ठीक से नहीं कर पा रहा था। फिर हमने लगाया। टायर निकाला। स्टेपनी वाला लगाया।
उस आदमी के हमारे साथ मेहनत करते हुए आसपास के दो लड़के उसकी पोलपट्टी खोलते हुए कुछ बोलते जा रहे थे। उनकी बातों से लग रहा था कि वह ऐसे ही घूमता रहता है। कुछ करता, जानता नहीं है। वह उन लड़कों को चुप कराने की कोशिश करते हुए जुटा था।
बहरहाल,टायर बदलने के बाद उससे बातचीत हुई। हमने पूछा -'क्या करते हो?'
बोला -'जो मिल जाता है। सब काम कर लेते हैं।'
बाद में बताया -'हम जाति के नाई हैं लेकिन दाढ़ी बनाना नहीं आता।'
नाम बताया श्यामलाल। उसकी खुद की दाढ़ी बेतरतीब थी। आज के समय में यह कोई ख़ास बात नहीं कि ख़ानदानी पेशा अपनाए ही।
उसके अन्दाज़-ए-बयां रोचक लगा तो और बातचीत की। उसने बताया कि उसके पिता एचएएल कैंटीन में वेंडर थे। चाय पिलाते थे लोगों को। उसने कुछ दिन चाय पी, पिलाई।
घर परिवार की बात चलने पर बताया उसने -'दो बीबियाँ हैं। दोनों छोड़ के चली गयीं हैं। एक फ़र्रुख़ाबाद , दूसरी ग़ाज़ियाबाद। दोनों से आठ-आठ बच्चे हैं। कुल मिलाकर सोलह। आठ लड़के, आठ लड़कियाँ।
हमने ताज्जुब किया दो बीबियों वाली बात पर तो बोला -'हमारे बाप के तो चार बीबियाँ थीं। हमारे तो दो ही हैं।
हमने पूछा -'जब तुम्हारे हाल इतने बेहाल हैं तो दूसरी बीबी कैसे कर ली?'
बोला -' दिल आ गया तो कर ली।'
फिर विस्तार से बताया -'दूसरी वाली हमारे पड़ोसी की बीबी थी। मुस्लिम है। उसके मियाँ नहीं रहे तो हमारे घर आ गई। पड़ोस के नाते हमारी बहू लगती थी। हमने मना किया तो बोली हम तुम्हारे साथ ही रहेंगे। फिर हमने कर ली शादी उससे। '
अपनी बीबियों के बारे में बताते हुए बोला -'बड़ी वाली सीधी है। छोटी वाली लड़ाका है।'
एक आदमी जिसका आमदनी का ठिकाना नहीं, दो बीबियाँ कर ले, एक हिंदू एक मुसलमान। सोलह बच्चे। ताज्जुब की बात लगी मुझे। लोग यहाँ एक नहीं निभा पाते। छोड़ के चल देते हैं।
बच्चों के बारे में बताया -' बड़ा लड़का कहता है शादी कर दो। हम कहते हैं पहले कमाई का हिसाब बनाओ तब शादी करेंगे।'
यह भी बताया -'हम अपनी बेटियों को बेटों से ज़्यादा प्यार करते हैं।'
चलते समय हमने उससे पूछा कित्ते पैसे दें? बोला -'चाय-पानी भर के दे दीजिए।' हमने दिए उसने सलाम मुद्रा में ग्रहण किए। हमने कुछ और दिए।'
बेतरतीब दांत देखकर हमने पूछा -'मसाला खाते हो क्या?'
'नहीं मसाला नहीं खाते। चुनही तम्बाकू खाते हैं। कभी-कभी दारू पी लेते हैं जब मिल जाती है।' - श्यामलाल ने बताया।
चलते समय बोला -' हमको मोदी जी से मिलना है।'
हमको ताज्जुब लगा कि इसको मोदी जी से क्यों मिलना है? यह पूछ पाएँ तब तक वह लड़खड़ाते हुए चलना शुरू करके आगे चला गया। शायद चाय पीने।
बाद में पास में खड़े नारियल बेचते लड़के से कंफ़र्म किया तो उसने बताया यहीं पास में ही रहता है वो। दो बीबियाँ हैं। बच्चे भी उतने ही जितने बताए। ऐसे ही माँगता-घूमता रहता है। कहीं बारात-वारात में काम मिलता है तो कर लेता है।
आगे वह फिर मिला। उसके पास से गुजरते हुए गाड़ी धीमी की तो बोला -'आपकी पुलिस में कोई जान पहचान हो तो एक काम है।'
हमने काम पूछा तो उसने बताया -'हमारे बग़ल में रहने वाली औरत ने पड़ोस का लोहे का गेट चुराकर बेंच लिया है। उसकी शिकायत करनी है। बहुत बदमाश है वह। रोज लड़ती है।'
हमारी कोई जान पहचान नहीं है कहकर चल दिए। क्या पता शायद वह इसीलिए मोदी जी से मिलने की बात कर रहा हो। Dhirendra जी का मानना है कि श्यामलाल सबका साथ सबका विकास का पोस्टर बॉय हो सकता है। शायद इसीलिए उनसे मिलने की बात कर रहा है।
हमने घर में आकर श्यामलाल से मुलाकात का क़िस्सा बताया तो हमको सुनाया गया -'तुमको सब इसी तरह के लोग मिलते हैं।'

हम क्या कहें ? आप ही बताओ।

 

Saturday, March 01, 2025

श्रीलंका में वीडियोबाज़ी


श्रीलंका पहुँचने के दूसरे दिन सुबह होटल के लाउंज में नाश्ता करने के लिए जिस जगह बैठे थे वहाँ से सड़क का नजारा भी दिख रहा था। सड़क पर आते-जाते लोग और वाहन दिख रहे थे। वाहनों में आटो ही ज़्यादा थे। बाद में पता चला कि आटो को यहाँ टुकटुक कहते हैं। शायद अपने यहाँ भी कहते हों किसी इलाक़े में।
कानपुर में पहले जिस तरह जो टेम्पो चलते थे उनको उनके दिखावट के कारण लोग गणेश जी और सुअर कहते थे। कहने को तो कोई कुछ भी कह सकता लेकिन लेकिन नाम चलन में तभी आता है जब आम जनता उसको अमल में लाती है। किसी भी नाम के चलन के लिए आम जनता सक्षम अधिकारी होती है।
अपने यहाँ कई शहरों और जगहों के नाम बदले लेकिन उनमें से कई को लोग पुराने नाम से ही जानते हैं। इलाहाबाद के मुक़ाबले हमें आज भी प्रयागराज पराया नाम लगता है। ऐसे जैसे अपने घर के लोगों का घर का पुकारने का नाम ही ज़बान पर ज़्यादा आता है। स्कूल में लिखा नाम याद करना पड़ता है।
बहरहाल, होटल में नाश्ता करते हुए ख़्याल आया कि यात्राओं और वृत्तांतों का वीडियो बनाया जाए। ख़्याल पर फ़ौरन अमल किया गया। वीडियो बनाया गया जिसमें सड़क और होटल के सीन शामिल थे। वीडियो में आवाज़ धीमी थी। सोचा कि आडियो माइक का प्रयोग किया जाए। आडियो माइक लाएँगे तब वीडियो भी बनाएँगे। पोस्ट में लगाया है वीडियो। सुनकर अपनी राय बताइए। अगर ठीक लगा तो आगे भी बनाएँगे और वीडियोबाजी की शुरुआत का श्रेय श्रीलंका यात्रा को जाएगा।
होटल से निकलकर हम लोग म्यूज़ियम देखने निकले। इतवार की छुट्टी होने के कारण सड़क पर ज़्यादा भीड़ नहीं थी। थोड़ी ही देर में म्यूज़ियम पहुँच गए।
म्यूज़ियम के बाहर ही एक बड़ा पेड़ था। सबने बारी-बारी से पेड़ के साथ फ़ोटो खिंचवाया। पेड़ बेचारा सबके साथ खड़ा चुपचाप फ़ोटो खिंचवाता रहा। लोग अलग-अलग पोज में फ़ोटो खिंचाते रहे लेकिन पेड़ एक ही पोज में रहा। उसको जैसे किसी ने सटेच्यु बोल दिया हो।
म्यूज़ियम के टिकट लेकर हम अंदर गए। एक लम्बे गलियारे को पार करके फिर म्यूज़ियम है। म्यूज़ियम में प्रकृति-पर्यावरण, जीव-जंतुओं और पेड़-पौधों के बारे में तमाम जानकारियाँ दी हुईं थी। चित्रों के माध्यम से समझाया गया था प्रकृति और जीव जंतु में क्या सम्बंध हैं।
एक हाथी के चित्र के माध्यम से बताया गया था कि हाथी जब मरता है तो उसका जीवाश्म कैसे रूप बदलता है। मोर, मधुमक्खी, तितली, हिरन, मछली आदि से जुड़ी अनेक जानकारियाँ जिनको देखने और समझने में पूरे दिन का समय भी कम होता हम लोग आधे घंटे से भी कम समय में सरपट देखकर बाहर निकल आए।
हमें लगा कि म्यूज़ियम में श्रीलंका के इतिहास की जानकारी तो कुछ है ही नहीं। लेकिन पता चला कि इतिहास से जुड़ी जानकारी वाला म्यूज़ियम अलग है। हम लोग म्यूज़ियम का वह हिस्सा भी देखने गए।
म्यूज़ियम के बाहर साफ़-सफ़ाई चाक-चौबंद थी। एक महिला पेड़ से गिरी पत्तियाँ झाड़ू से किनारे करती हुई दिखी। मुझे व्यक्तिगत तौर पर सड़क पर पेड़ों की पत्तियाँ अच्छी लगती हैं। रास्तों पर पत्तियाँ देखकर ऐसे लगता है मानों रास्तों की ड्रेस पर पत्तियों की पेंटिंग कर दी हो प्रकृति ने। लेकिन साफ़-सफ़ाई पसंद लोगों को सब कुछ साफ़ ही अच्छा लगता है।
एक जाल में प्लास्टिक की बोतलें इकट्ठा की हुई थीं। श्रीलंका में साफ़-सफ़ाई का यह स्तर देखकर अच्छा लगा। काश अपने यहाँ भी सार्वजनिक स्थलों पर ऐसी साफ़-सफ़ाई की व्यवस्था की जाती।
सोचने की कोई फ़ीस श्रीलंका में भी नहीं लगती इसलिए ऐसा सोचते हुए हम मुख्य म्यूज़ियम की तरफ़ बढ़ गए।

#श्रीलंका,#shrilanka-17

https://www.facebook.com/share/v/18PwTYU84J/

 

Thursday, February 27, 2025

विजय नगर चौराहा

 


कल विजयनगर चौराहे से गुजरते हुए देखा कि मेट्रो के खम्भे के आसपास लगा टीन-टप्पर खुल गया है। खंभा साफ़ दिखने लगा है।

विजय नगर चौराहा पहले पहले गंदा नाला चौराहा के नाम से जाना जाता था। आटो वाले एक सवारी गंदा नाला, गंदा नाला कहते सुनाई देते थे। आजकल विजय नगर चौराहा ज़्यादा सुनाई देता। हालाँकि नाला वहीं है, चौराहा भी वही है।
जिस चौराहे पर आज मेट्रो का खंभा दिखा वहाँ पहले वीर रस के कवि भूषण की मूर्ति थी। भूषण जी कानपुर ज़िले की घाटमपुर तहसील के टिकवापुर गाँव में पैदा हुए थे। वे मोरंग, कुमायूँ, श्रीनगर, जयपुर, जोधपुर, रीवाँ, छत्रपती शिवाजी महाराज और छत्रसाल आदि के आश्रय में रहे, परन्तु इनके पसंदीदा नरेश छत्रपति शिवाजी महाराज और महाराजा छत्रसाल थे। वे कहते हैं :
और राव राजा एक मन में न ल्याऊं अब।
साहू को सराहों कै सराहौं छत्रसाल को॥
(और किसी राजा के बारे में नहीं सोचता। या तो शिवाजी की सराहना करूँ या छत्रसाल की)
भूषण जी यह उक्ति इसी तरह की है जैसे कोई नौकरी पेशा व्यक्ति कहे इतनी जगह नौकरी की लेकिन मज़ा दो जगह आया।
विजयनगर चौराहे पर कवि भूषण जी की मूर्ति की स्थापना में स्व बद्री प्रसाद तिवारी जी का बड़ा योगदान था। उन्होंने शहर में कई जगह शहर से जुड़े महापुरुषों की मूर्तियाँ लगवाईं थी। अब वे नहीं हैं। भूषण जी की मूर्ति अब कहीं लगेगी या नहीं कहना मुश्किल। सम्भव है जब विजयनगर मेट्रो बने तो भूषण जी की प्रतिमा वहाँ लग जाए। कानपुर इतिहास समिति शायद इस बारे में आवाज़ उठाए।
गुमटी में एक दुकान के बाहर एक स्त्री मैनीक्वीन के हिस्से सड़क पर पड़े थे। टाँगे अलग धड़ अलग। सर नदारद। शायद दो मैनीक्वीन के ख़राब टुकड़े बाहर फेंक दिए गए थे। ऐसा जैसे खबरों में लिखा होता है -'महिला के शव के टुकड़े पाए गए। टाँगे और धड़ अलग-अलग शरीर के। सर लापता।' वैसे भी महिलाओं के सर वाले हिस्से से दुनिया असहज रहती है। इसी लिए सर ग़ायब कर दिया।
कहानी लिखने का हुनर और धीरज होता तो इसी पर एक कहानी खैंच देते।
मैनीक्वीन से याद आया कि हमारे कपड़ों की जब कोई तारीफ़ करता है तो हम कहते हैं जो कि सच भी है -"हम तो मैनीक्वीन हैं। जो कपड़े पहना दिए जाते हैं पहन लेते हैं। हमारी अपनी कोई पसंद नहीं।"
लौटते में एक दुकान पर गन्ने का रस पीने के लिए रूके। बीस रुपए का एक ग्लास। रस पीते हुए कुलदीप नैयर जी का लिखा एक क़िस्सा याद आया जिसमें उन्होंने बताया था कि एक बार वो शास्त्री जी के साथ कहीं जा रहे थे। क्रासिंग बंद थी तो शास्त्री जी ने कहा -'जब तक क्रासिंग खुलती है तब तक आइए गन्ने का रस पी लेते हैं।' उन लोगों ने रस लिया और क्रासिंग खुलने पर आगे बढ़े।
गन्ने की दुकान पर बैठी महिला ने बताया कि उसका मायका ग़ाज़ीपुर में है। बचपन से ही पिता यहाँ आ गए तो यहीं पली-बढ़ी यहीं शादी हुई । यहीं रहना हो रहा है।
हमने पूछा कि गर्मी में गन्ने का रस बेचती हो। बाक़ी समय में क्या काम चलता है। उसने बताया -'साल भर यही काम चलता है।'
हमने बर्फ़ डालने से मना किया था तो मेरे रस पीते हुए पूछा -'ज़्यादा ठंडा तो नहीं?'
हमने रस पीकर काग़ज़ का ग्लास डस्ट बिन में डालते हुए देखा कि उसमें कोई और पहले से नहीं पड़ा था तो पूछा -'सबेरे से पहली ग्लास बिका क्या?' इस पर उसने कहा,' नहीं , और बिके हैं।' फिर उसने उचककर डस्टबिन देखी और कोई और ग्लास न पाकर कहा, 'कूड़ा वाला ले गया शायद।'
चलते समय फ़ोटो खींची। उसको दिखाई। फ़ोटो देखकर हंसते हुए सर पल्ला कर लिया। हमने नाम पूछा तो बोली -'अरे, नाम का क्या करना?'
उसकी बात सुनकर बहुत पहले शुक्लागंज की तरफ़ जाते हुए लइया-चने की दुकान पर मिली महिला की बात याद आ गयी। नाम पूछने पर बोली थी -'नाम कुछ नाईं है हमार। नाम हेरा गा है।' (हमारा नाम कुछ नहीं है। नाम खो गया है।)
(पोस्ट का लिंक टिप्पणी में)
दोपहर हो गयी थी। घर से बुलावा आ गया था। घर की बात से अपनी ही कविता की याद आ गयी :
"घर से बाहर जाता आदमी
घर वापस लौटने के बारे में सोचता है।"
हम घर लौट आए। सोचा आपको भी बता दें।

https://www.facebook.com/share/p/1BZWQHJvpU/

Wednesday, February 26, 2025

शादी नहीं तो नौकरी नहीं

 चीन की खबर कल अखबार में पढ़ी। शादी नहीं तो नौकरी नहीं। जिनके हाथ में व्यवस्था की ताक़त होती है वे अपनी बात मनवाने के लिए कोई भी शर्त लगा सकते हैं। क़ानून बना सकते हैं। कई बार विरोध होने पर क़ानून बदल दिया जाता है। कभी लागू रहता है।

आपातकाल में नसबंदी क़ानून कितनी बुरी तरह लागू हुआ। बाद में उसकी प्रतिक्रिया इतनी तीखी रही कि आजतक किसी सरकार में हिम्मत नहीं हुई कि जनसंख्या नियंत्रण पर ठोस उपाय करे।
चीन की तर्ज पर कुछ कानून जो कोई कंपनी/सरकार लागू कर सकती है।
1. कुंभ स्नान नहीं तो क्या अगली किस्त नहीं । यह किस्त कुछ भी हो सकती है डीए एरियर, यात्रा भत्ता या कुछ और।
2. सस्ती भाषा नहीं तो एक दिन का वेतन काट लिया जाएगा। सस्ती भाषा बोलते हुए वीडियो कंपनी की साइट पर अपलोड करें।
3. सनातन की जय नहीं तो परिणाम भुगतने होंगे। सनातन विरोधी ताकत इसके कह सकतीं हैं -सनातन की तारीफ़ की तो खैर नहीं।
4. बेरोजगारों द्वारा नौकरी की माँग करने पर छिनेंगी डिग्रियाँ।
5. दिल्ली में महिलाओं द्वारा खाते में चुनाव वादे के रुपये की माँग करने पर लगाया जाएगा सरकार को अस्थिर करने का मुक़दमा। लगेगा हज़ार रुपए जुर्माना।
6. देश/प्रदेश की सरकार के किसी भी निर्णय, काम पर सवाल उठाने पर चेतावनी और विरोध करने पर सख्त कार्यवाही पर विचार।
7. प्रदेश सरकार के किसी भी कदम का विरोध करने पर उनके घर पर बुलडोजर चलाया जाएगा। घर विहीन लोगों के घर न होने पर सरकार की तरफ़ से उनको घर एलाट किया जाएगा ताकि उनके ख़िलाफ़ बुलडोजर कार्यवाही की जा सके।
बाक़ी संभावित क़ानून आप अपने हिसाब से बनायें। हरेक को अपनी समझ और ताक़त के दुरुपयोग का पूरा हक है।

https://www.facebook.com/share/p/18bCfbFZ5D/

भविष्य की लोकतांत्रिक पार्टी का चुनावी एजेंडा

 आजकल पूरी दुनिया में सरकारें अपनी जनता की भलाई करने के लिए बवाल काटे हैं। लोकतंत्र की बहाली के लिए दुनिया भर की सरकारों के मुखिया मनमानी करते हुए तानाशाह हुए जा रहे हैं। लोकतंत्र के लिए कुछ भी करने को हलकान हुए जा रहे हैं। लोकतंत्र की बहाली और जनता के भले के लिए अपनी पार्टी की सरकार होना ज़रूरी है। लोकतंत्र का यह आवश्यक नाटक है। लोकतंत्र में सरकार बनाने के लिए चुनाव होते हैं। चुनाव में पार्टियाँ अपना एजेंडा बनाती हैं , पालन भले न करें।

आज जिस तरीक़े से लोकतांत्रिक देशों में चुनाव हो रहे हैं उनको देखते हुए आने वाले किसी समय में किसी देश में होने वाले किसी चुनाव के दौरान किसी लोकतांत्रिक पार्टी का सम्भावित एजेंडा यहाँ पेश है।
1. सरकार के किसी भी कदम का विरोध करने पर उसका घर बुलडोजर से गिरा दिया जाएगा।
2. बेघर विरोधियों के घर गिराने के लिए उनको ‘ बुलडोजर गृह योजना’ के अंतर्गत घर एलाट किए जायेंगे ताकि सरकार विरोधी कदम पर उनके घर गिराये जा सकें।
3. घर गिराने का खर्च सरकार विरोधियों से वसूल किया जाएगा। निर्धन सरकार विरोधियों को ‘गृह विध्वंस योजना’ से विशेष अनुदान दिया जाएगा ताकि वे अपने घर गिराये जाने का खर्च जमा कर सकें।
4. 'बुलडोज़र विध्वंस योजना' को आकर्षक एवं सुगंध मय बनाने के लिए इसका नाम 'पुष्पहार अर्पण' योजना रखा जाएगा।
5. सरकार का विरोध करने वालों को अपने विरोध की सार्वजनिक घोषणा करनी होगी। विरोधी लागों के वोट की गिनती नहीं की जायेगी। वे स्वतः निरस्त माने जायेंगे।
6. जिन लोगों ने सरकार के विरोध की सार्वजनिक घोषणा किए बिना सरकार के ख़िलाफ़ मतदान किया होगा उनके ख़िलाफ़ पारदर्शिता कानून के उल्लंघन का मुकदमा चलाया जाएगा जिसमें निष्कर्ष कुछ भी निकले सजा ज़रूर दी जाएगी और उनको सरकार समर्थक पार्टी में जबरियन शामिल कर लिया जाएगा।
7. बुद्धि , तर्क की बात करने वालों को चिन्हित किया जाएगा। उनकी किसी भी गतिविधि को सरकार विरोधी मानने के लिए सरकार सर्वथा स्वतंत्र होगी।
8. सरकार का समर्थन करने की किसी को भी खुली छूट होगी। सरकार के समर्थन में जो जितना जोर से जयकारा लगाएगा उसको उतना बड़ा देशप्रेमी समझा जाएगा। सरकार समर्थक जयकारा लगाने पर गला फटने की स्थिति में कोई मुआवज़ा नहीं दिया जाएगा।
9. सरकार की बेवक़ूफ़ी की बातों का समर्थन करने पर हर तरह की आजादी होगी। सरकार के किसी भी क़दम को सार्वजनिक रूप से बेवक़ूफ़ी भरा बताना व्यवस्था विरोध माना जाएगा।
10. सरकार से कोई बात ज़्यादा ही बेवकूफ़ी की हो जाए तो उसे सरकार के मुखिया से व्यक्तिगत मुलाक़ात करके 'अलग तरह की समझदारी' कहते हुए तारीफ़ करके सूचित कर सकते हैं।
11. लोकतंत्र की रक्षा करते हुए देश के गौरव को ऊँचा उठाते हुए अगर जाने-अनजाने जनता की भलाई का कोई सरकार से हो जाए तो उसके लिए सरकार ज़िम्मेदार नहीं होगी।
उपरोक्त योजना फ़िलहाल तो पूर्णतया काल्पनिक है। लेकिन यह अगर कहीं असलियत में साकार होती है तो उसके लिए हमारी कोई ज़िम्मेदारी नहीं होगी। इसका पूरा दोष इसको अमल करने वाले पर होगा।

https://www.facebook.com/share/p/1Zwnucdhxy/

Sunday, February 23, 2025

हारन होय तभी तो बजायें


 झांसी से कानपुर की बस निर्धारित समय से एक घंटे की देरी के बाद स्टार्ट हुई । सड़क पर खड़ी बसों के कारण आगे नहीं बढ़ पाई। कंडक्टर ने कहा , ‘ आगे बढ़ाओ यार, हिनई खड़े-खड़े हिलाय रहे बस।’

‘अरे आगे की बसें बढ़ें आगे तभई तो बढ़ायें आगे बस’- ड्राइवर जवाब दिया।
‘अरे तो हारन तो बजाव ‘- कंडक्टर ने कहा।
‘अरे हारन होय तब तौ बजायें’- ड्राइवर उवाच।
अब बस चल दी है। सड़क पर आ गई। हॉर्न भले न बज रहा हो , पूरी बस बज रही है।
‘अरे , ड्राइवर साहब आपका एक्सेलेटर ग़ायब हो गया क्या ?’- एक सवारी बोली।
‘कुछ देर बाद उसी सवारी ने पूछा’- भईया आज़ पहुँच जायेगी ।
किसी ने कोई जवाब नहीं दिया।
बस सबसे निरपेक्ष चुपचाप सड़क पर सिंहनी की तरह चली जा रही है। हम बस में सवार हैं।
कंडक्टर ने टिकट काट दिया है। 400 रुपये लिए। टिकट काट के दे दिया। 24 रुपये उधार कर दिए। उतरने के पहले लेने हैं। आप ध्यान दिलाते रहना।

https://www.facebook.com/share/p/18b4oVthEx/

हाजमें का हाजमा , जायके का जायका


 बस साढ़े सात बजे उरई पहुँची। झाँसी से करीब सौ किलोमीटर दूर। दो घण्टे में सौ किलोमीटर ठीक ही है।

उरई बस स्टैंड पर बस रुकी। पाँच मिनट के। सबारियाँ हल्के होने के लिए लपकीं। अपन ने भू छोटी शंका का समाधान करके बस में चढ़कर बैग फिर से देखा। उतरकर सामने की चाय की दुकान की तरफ़ लपके।
चाय पीने के पीछे मूल कारण पैसे फुटकर कराना था। फुटकर पैसे होंगे तो 24 रुपये वापस लेने ने आसानी होगी। सोचा कि तीस रुपये देकर पचास रुपये वापस ले लेंगे। कम से कम बीस रुपये तो वापस मिल जाएँगे।
चाय बस स्टैंड वाली ही थी। हमने कुछ कहा नहीं , चुपचाप पैसे वापस लेकर चले आये। चाय वालों का कुछ भरोसा नहीं , क्या कह दें , क्या कर दें।
बस के पास खड़े होकर कंडक्टर साहब पैसे वापस कर रहे थे। हमारे भी कर दिए।। पूरे चौबीस रुपये। बहुत अच्छा लगा। एक रुपये के चार सिक्के बहुत दिन बाद देखे। बहुत प्यार उमड़ा उनको देखकर।
पैसे मिलने की ख़ुशी को सेलिब्रेट करने फिर चाय की दुकान की तरफ़ लपके। बगल में दादी की दुकान थी। दादी की दुकान पर दादी नहीं थी। चाय भी रखी हुई थी। बिना। चाय पिए लौट आए ।
फिर से बैग चेक किया। रखा था। फिर उतरकर टहले। फिर सीट पर बैठ गए।
एक आदमी झोला लेकर चढ़ा। हींग की गोली बेचने लगा। हाजमे का हाजमा , जायके का जायका। दस रुपये में एक डब्बी। निरपेक्ष भाव से प्रचार कर रहा था वह अपनी हींग की गोली का।
कुछ लोगों ने हींग की गोली ली। हाजमे के लिए या जायके के लिए या सिर्फ़ लेने के लिए यह कहना मुश्किल। थोड़ी ही देर में पूरी बस में टहलकर पाँच-सात गोली बेंच कर उतर गया वह।
बस फिर चल दी। कंडक्टर ने पूछा -‘कोई रह तो नहीं गया?’ कोई जबाब नहीं आया। कंडकटर ने फिर लोगों से पूछकर पैसे। वापस करने शुरू कर दिए। हमसे भी पूछा , हमने कहा -हमको मिल गए।
उरई से चढ़ी सवारी ने सीट पर रखे हमारे बैग को देखकर कहा -“भाई साहब थोड़ा बैठायेंगे?” हमने कहा -“काहे नहीं बैठायेंगे ? पूरा बैठायेंगे।”
बैग को बगल में रखकर भाई साहब को बैठा लिया। थोड़ी देर बाद भाई साहब ने कहा -“थोड़ा और एडजस्ट कर लीजिए।” हमने कर लिया। बैग को और किनारे चिपका के एकाध इंच जगह और निकाल दी। भाई साहब एडजस्ट हो गए। अब हमसे कुछ कह तो नहीं रहे हैं लेकिन हर दो मिनट में थोड़ा उचककर बार-बार एडजस्ट हो रहे हैं। हमने उनकी उचकन देखकर बैग को गोद में रख लिए। भाई साहब लपककर और एडजस्ट हो गए।
इस बीच एक महिला सवारी बस में चढ़ी। हमने सोचा उसको अपनी सीट दे देंगे। लेकिन फिर याद आया कि अपन भी तो वरिष्ठ नागरिक हो गए। महिला युवा है। कहीं बुज़ुर्गियत का लिहाज करके मना न कर दे। हम दुविधा में पड़ गये ।
लेकिन हम कुछ कहें तब तक हमारे आगे की एक सवारी ने उस महिला को सीट आफर कर दी। उसके चेहरे पर त्याग का सुख चमचमा रहा था। महिला लपककर सीट पर बैठ गई। हमको लगा कि अच्छा किया हड़बड़ी नहीं की सीट आफर करने में । दूसरे को त्याग का मौक़ा देने का सुकून महसूस करके ही ख़ुश हो गए।
लेकिन वह महिला थोड़ी देर बाद ही उतर गई। पहले पता होता तो लपककर उसको सीट आफर करते।
बस पुखरायाँ पहुँच गई है। दो तिहाई सागर पूरा हो गया। एक तिहाई बचा है। बस आगे बढ़ रही है। सफर पूरा करके ही मानेगी ।

https://www.facebook.com/share/v/1Akug5NSYF/

झाँसी का क़िला दर्शन


 दूसरे दिन हम लोग झाँसी का क़िला देखने गए। सबेरे दस बजे खुलता है क़िला दर्शन के लिए। हम लोग मतलब अपन और प्रोफ़ेसर Alok Puranik होटल में नाश्ता करके दस बजे क़िले पहुँच गए। बारह बजे से सत्र शुरू होना था। सोचा था सत्र शुरू के पहले क़िला दर्शन कर लिया जाए।

सौ रुपए किराया पड़ा आटो का होटल से । चार किलोमीटर के सौ रुपए यह कहकर चार्ज किए आटो वाले ने कि क़िले से वापसी की सवारी नहीं मिलती।
झाँसी का क़िला बुन्देल राजा बीरसिंह जुदेव ने 1613 में बनवाया था। क़िले पर मुग़लों, मराठों और अंग्रेजों का अधिकार रहा। मराठा शासक नारुशंकर ने 1729-30 में इस क़िले का पुनर्निर्माण कराया और क़िला शंकरगढ़ के नाम से जाना गया। 1857 की आज़ादी की लड़ाई में झाँसी की रानी वीरांगना लक्ष्मीबाई ने इस क़िले से लड़ाई की। अंग्रेजों द्वारा घेर लिए जाने पर क़िले से अपने घोड़े पर बैठकर निकल गयीं। आगे वे ग्वालियर के पास शहीद हुईं। उनको याद करते हुए सुभद्रा कुमारी चौहान की कविता की पंक्तियाँ क़िले में जगह-जगह उत्कीर्ण हैं :
बुंदेलो हरबोलों के मुँह हमने सुनी कहानी थी,
ख़ूब लड़ी मर्दानी वह टो झाँसी वाली रानी थी।
क़िले का टिकट 25 रुपए है। डिजिटल पेमेंट करने पर बीस रुपए। पाँच रुपए प्रति टिकट के दस रुपए की बचत की अर्थशास्त्री प्रोफ़ेसर आलोक पुराणिक जी ने।
इतवार होने के कारण छुट्टी का दिन था। तमाम लोग क़िला देखने आए थे। लोग जगह-जगह फ़ोटो खिंचा रहे थे। एक लड़का अपने दोस्त के मोबाइल कैमरे के सामने स्टाइल में फ़ोटो खिंचा रहे थे। हमने उससे पूछा -'शाहरुख़ खान की इस्टाइल है क्या यह?' उसने मेरी इस्टाइल समझ पर तरस खाते हुये बताया-'नहीं ये अमिताभ बच्चन की इस्टाइल है।' इसके बाद उसने हाथ फैलाकर बताया -'ये है शाहरुख़ खान की इस्टाइल।'
मंदिर के प्रवेश द्वार के पास ही कड़क बिजली तोप देखने के बाद टहलते हुए पूरा क़िला घूम। गणेश मंदिर, शिव मंदिर, रानी का पंच महल, रानी झाँसी के तोपचियों की समाधियाँ और वह जगह जहां से कूदकर रानी झाँसी क़िले से निकली थी। कूदान स्थल के पास भी खड़े होकर हमने फ़ोटो खिंचवाए।
कूदान स्थल से बुंदेलखंड लिट्रेचर मेला का मैदान दिख रहा था। ऊँचाई से घोड़े से कूदकर रानी कैसे निकली होंगी क़िले से यह सोचकर ताज्जुब करते रहे।
क़िला क़रीब घंटे भर में घूम लिया हम लोगों। इसके बाद क़िले के फाटक के पास एक चबूतरे पर बैठकर आराम करते हुए क़िले के पर्यटकों को आते-जाते देखते रहे। किसी स्कूल के बच्चों को उसके मास्टर साहब क़िला घुमाने लाए थे। एक युवा गाइड उन बच्चों को झाँसी के क़िले का इतिहास बता रहा था:
" 1842 में विवाह के समय रानी लक्ष्मीबाई की उमर 13 वर्ष और उनके पति गंगाधर राव की उमर 45 वर्ष थी। दोनों के उमर में 32 वर्ष का अंतर था। राजा गंगाधर राव का निधन 1853 में हुआ। मतलब रानी का वैवाहिक जीवन लगभग 11 वर्ष रहा।"
बच्चों को उनके मास्टरों के हवाले छोड़कर हम लोग टहलते हुए क़िले से बाहर आ गए। जनरल विपिन रावत शहीद पार्क पर BLF हमारा इंतज़ार कर रहा था।

https://www.facebook.com/share/p/1ChKPKG1Qj/